गर्भवती की मौत पर हंगामा, ससुराल-मायके पक्ष हुए आमने-सामने
रोहतक : सोमवार को नागरिक अस्पताल में उपचार के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत पर जमकर हंगामा हुआ। महिला एकता कालोनी की रहने वाली थी। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर उपचार कराने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए सिविल अस्पताल में हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि बाद में मायके पक्ष ने पुलिस कार्रवाई करने से इंकार कर दिया।
हांसी की रहने वाली रीना ने करीब नौ माह पहले एकता कालोनी निवासी जीत के साथ प्रेम विवाह किया था। जीत कपड़ों की दुकान पर काम करता है। रीना फिलहाल गर्भवती थी, जिसमें 20 दिन बाद डिलीवरी होनी थी। शाम के समय ससुराल पक्ष के लोग उसे लेकर सिविल अस्पताल में पहुंचे। जहां पर उसे ब्लड चढ़ाया गया था। उपचार के दौरान रीना की मौत हो गई।
पता चलने पर मायके पक्ष के लोग भी हांसी से सीधे अस्पताल में पहुंच गए। रीना की मां सुनीता ने आरोप लगाया कि उसकी मौत के लिए ससुराल पक्ष के लोग जिम्मेदार है। उन्होंने समय पर उसका उपचार नहीं कराया। उपचार में काफी लापरवाही बरती, जिस कारण उसकी मौत हो गई। महिला की मौत को लेकर काफी हंगामा हुआ। दोनों पक्षों के लोग भी आमने-सामने आ गए।
तनाव की स्थिति को देखते हुए आर्य नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत किया। मामला शिवाजी कालोनी थाने का होने के कारण वहां की पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस के समझाने के बाद मायके पक्ष ने कार्रवाई से इंकार कर दिया। देर रात तक दोनों पक्षों में समझौते की बात चल रही थी।
वर्जन मामला जानकारी में आया है। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। इस मामले को लेकर फिलहाल मायके पक्ष ने कोई शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। - गाेरखपाल राणा, डीएसपी हेडक्वार्टर
No comments:
Post a Comment