राम रहीम के साथ क्या हुआ?
रोहतक : यौन शोषण और हत्या जैसे मामले में हरियाणा स्थित रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को गुरूवार को पीजीआई लाया गया। बताया जाता है कि राम रहीम की गुरूवार सुबह अचानक से तबियत बिगड़ गई। जिसके बाद करीब 7 बजे जेल प्रशासन राम रहीम को कड़ी सुरक्षा में पीजीआई रोहतक लाया। जहां राम रहीम के स्वास्थ्य की जांच कर उपयुक्त उपचार किया गया। इसके बाद जेल प्रशासन राम रहीम को वापस जेल ले आया।
मिली जानकारी के मुताबिक, गुरमीत राम रहीम ने पेट में तेज दर्द और घबराहट होने की शिकायत की थी। बतादें कि, इसके पहले 12 मई को भी राम रहीम को पीजीआई रोहतक लाया गया था। तब भी राम रहीम की तबियत बिगड़ी हुई थी। वहीं, इसके बाद राम रहीम को पैरोल भी दी गई थी। दरअसल, राम रहीम ने अपनी बीमार मां के पास जाने के लिए पैरोल मांगी थी। राम रहीम तो 21 दिन की पैरोल मांग रहा था लेकिन उसे सिर्फ 48 घंटे की ही पैरोल दी गई थी। हालांकि, पैरोल की समयसीमा से पहले ही राम रहीम को वापस जेल ले आया गया था।
असल में राम रहीम को लेकर जेल प्रशासन कोई चूक नहीं होने देना चाहता है। ज्ञात रहे कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम साल 2017 से ही जेल में बंद है।पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष अदालत ने राम रहीम को पहले साध्वियों से यौन शोषण मामले में दोषी ठहराया था और उसे 20 साल की सजा दी थी। इसके बाद पत्रकार छत्रपति हत्याकांड में भी राम रहीम को दोषी पाया गया और फिर उसे उसे उम्रकैद की सजा हुई।
No comments:
Post a Comment