Breaking

Sunday, May 29, 2022

ओढ़ा की प्रगति रैली में मुख्यमंत्री ने सिरसा जिले को दी 575 करोड़ रुपये की सौगात

 ओढ़ा की प्रगति रैली में मुख्यमंत्री ने सिरसा जिले को दी 575 करोड़ रुपये की सौगात

In the progress rally of Odha, the Chief Minister gave a gift of Rs 575 crore to Sirsa district

मुख्यमंत्री ने कहा हमारा विधायक हो या विपक्ष का , हमने पूरे प्रदेश का किया समान विकास
नशे की गिरफ्त से निकालने के लिए सिरसा जिले के गांवों में 5 से 10 लाख की लागत से खोले जाएंगे जिम


 
 चंडीगढ़, 29 मई – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने ओढ़ा में आयोजित प्रगति रैली के दौरान सिरसा जिला को 575 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने ओढ़ा रैली में संबोधित करते हुए कहा कि विधायक चाहे उनकी पार्टी का हो या विपक्ष का, लेकिन उन्होंने पूरे प्रदेश में समान विकास करवाया है। हरियाणा की पूरी जनता को अपना परिवार मानते हुए, हरियाणा एक-हरियाणवी एक की भावना को लेकर कार्य किया है। 
मुख्यमंत्री ने नगर पालिका रानियां, ऐलनाबाद और नगर परिषद डबवाली जहां आगामी नगर निकाय चुनाव आयोजित होने वाले हैं, उन्हें छोड़कर सिरसा जिले के लिए घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने के लिए उन्हें खेलों की तरफ आगे बढ़ाएं। इसके लिए सिरसा जिले के 50 गांवों में 5 से 10 लाख रुपये की लागत से जिम या अन्य खेलों के खेलने की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री ने ओटू झील के किनारे लगते गांवों के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए एक महीने तक इस झील की मिट्टी उठाने की अनुमति प्रदान करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि किसान 6 टन या 10 टन की ट्रॉली को यहां से भरवाकर अपने खेत में डाल सकते हैं। ट्रॉली भरने की व्यवस्था सरकार द्वारा की जाएगी। किसान को इसके लिए 100 रुपये प्रति टन देना होगा। एक महीने तक इसके लिए कोई परमिशन या लाइसेंस की जरुरत नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शेरावाली डिस्ट्रीब्यूटरी पर काम शुरू हो गया है। 5 जून से टेल तक पानी पहुंचेगा। इससे आसपास के 20 से 25 गांवों को फायदा होगा। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने सिरसा जिले के लिए स्वास्थ्य विभाग की साढ़े 13 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की घोषणा की। इसके साथ-साथ उन्होंने कहा कि मार्केटिंग बोर्ड द्वारा सिरसा में 88 करोड़ रुपये की लागत से 77 सड़कों को बनाया जाएगा। उन्होंने स्कूलों की 12 से 13 मागों को पूरा करने का भी ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने सिरसा के वाटर ड्रेनेज सिस्टम के लिए 34 करोड़ रुपये, ममनखेड़ा में खेल स्टेडियम के लिए 2 करोड़, ग्रामीण क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए 226 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने सिरसा जिले की दो फाटक पर आरओबी या आरयूबी बनाने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि विकास के सभी काम पूरे होंगे, जो भी मांग आएगी, उसे पूरा किया जाएगा। पैसे की कोई कमी नहीं है।
नशे पर रोक लगाना प्राथमिकता
मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि सिरसा जिले में नशे की बहुत बड़ी समस्या है। 2022 में अभी तक सिरसा में 24 व फतेहाबाद में 16 मौतें नशे से हो चुकी हैं । नशे पर रोक लगाना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए सिरसा जिले में ज्यादा से ज्यादा नशामुक्ति केंद्र खोले जाएंगे। पुलिस व नारकोटिक्स ब्यूरो द्वारा भी जागरूकता फैलाई जाएगी। गांवों में कमेटियां व टीम बनाकर इसको लेकर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। वहीं नशा बेचने वालों पर भी सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भ्रष्टाचार का काल मनोहर लाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार का काल मनोहर लाल है। उनकी सरकार ने भ्रष्टाचार पर तीखा प्रहार किया है। भ्रष्टाचार सदियों से चला आ रहा था। इसे पकड़ने की हिम्मत किसी ने नहीं दिखाई थी। हम आगे आए और भ्रष्टाचारियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई शुरू की। आज नौकरियों में भ्रष्टाचार करने वालों पर लगातार कार्रवाई हो रही है। 800 लोग फिलहाल जेल में पड़े हैं और 300 की तलाश जारी है। जो युवा पढ़कर आएंगे, उन्हें योग्यता के आधार पर नौकरी मिलेगी। अब खर्ची और पर्ची नहीं चलने दी जाएगी। आज कोई भी भ्रष्टाचार की जानकारी देता है तो उस सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाती है। इसके चलते विजिलेंस को भी 7 हिस्सों में बांटा गया है।
ग्राम दर्शन और नगर दर्शन से घर बैठे होंगे काम
मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि अब ग्राम दर्शन पोर्टल और नगर दर्शन पोर्टल के माध्यम से कोई भी अपने इलाके से जुड़ी समस्या को पोर्टल पर घर बैठे डाल सकते हैं। विभाग द्वारा समस्या पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमने पूरे प्रदेश में बड़ी-बड़ी परियोजनाएं स्थापित की हैं। प्रदेश में 17 नए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए गए हैं। इनमें से 6 का काम पूरा हो चुका है। प्रदेशभर में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। शहरों में सभी फाटक पर रेलवे अंडर ब्रिज या रेलवे ओवरब्रिज को बनाया जा रहा है।
 
 प्रदेश के हर जिले में होगा मेडिकल कॉलेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोले जाने की घोषणा की जा चुकी है। सिरसा जिले में भी जमीन तय कर ली गई है। कोई जिला ऐसा नहीं होगा, जहां मेडिकल कॉलेज न हो। उन्होंने कहा कि जब 2014 में हमारी सरकार बनी तो एमबीबीएस की 750 सीटें थी। नए मेडिकल कॉलेज खुलने से अब ये सीटें साढ़े 1600 हो गई हैं और जब प्रदेश के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज खुल जाएंगे तो यह सीटें 2900 हो जाएंगी। इससे प्रदेश में डॉक्टरों की कमी नहीं रहेगी। वहीं सरकार ने प्रत्येक 20 किलोमीटर पर लड़कियों के लिए एक कॉलेज की व्यवस्था भी की है। छात्रा परिवहन सुरक्षा योजना के तहत उनकी सुरक्षा पर भी सरकार बल देगी।
नीति आयोग ने हरियाणा को शिक्षा के सुधार में दिया पहला स्थान
मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार किया जा रहा है। अभी नीति आयोग द्वारा पेश की गई ताजा रिपोर्ट में हरियाणा को शिक्षा के सुधार में पहले स्थान पर रखा है। प्रदेश सरकार ने 650 करोड़ रुपये खर्च कर 10वीं, 11वीं और 12वीं के 5 लाख छात्रों को मुफ्त में टेबलेट वितरित किए हैं। ऐसा करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। सरकार लगातार नए संस्कृति मॉडल स्कूल खोल रही है।
सिरसा के बनवाला की सवा सौ एकड़ जमीन का खेल या इंडस्ट्री के लिए होगा उपयोग
मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि रोजगार व उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक कलस्टर बनाए जाएंगे। सरकार ने इसके लिए पदमा स्कीम को शुरू किया है। 50 से 100 एकड़ के कलस्टर होंगे। सिरसा जिले में भी 6 कलस्टर बनाने की योजना है। वहीं सिरसा जिले के बनवाला गांव की सवा सौ एकड़ जमीन का भी सरकार उपयोग करेगी। इस जमीन को खेल या इंडस्ट्री के लिए उपयोग किया जाएगा। इससे बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलेगा।
अंतिम व्यक्ति की आय बढ़ाना सरकार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति की आय बढ़ाना सरकार का लक्ष्य है। इसी के तहत मुख्यमंत्री परिवार उत्थान योजना शुरू की गई है। इसके अंतर्गत 1 लाख से कम आय वाले परिवारों को लोन व खुद का रोजगार शुरू करने की ट्रेनिंग दी जा रही है। इसके साथ-साथ परिवार पहचान पत्र के माध्यम से 1 लाख 80 हजार आय से नीचे वालों के बीपीएल राशन कार्ड बनाए जा रहे हैं। पीपीपी के माध्यम से सिरसा जिले में 2 महीने के अंदर 42 हजार बीपीएल राशन कार्ड बनाए गए हैं, बाकि जिलों में भी अगले महीने से बनाए जाएंगे। वहीं बुजुर्गों को भी बुढ़ापा पेंशन के लिए चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। पात्र व्यक्ति की आयु होने पर स्वयं पेंशन बन जाएगी।
इस दौरान बिजली मंत्री श्री रणजीत सिंह, शहर स्थानीय निकाय मंत्री श्री कमल गुप्ता, सिरसा की सांसद श्रीमति सुनीता दुग्गल, विधायक श्री दुड़ाराम, विधायक श्री गोपाल कांडा, विधायक श्री सोमवीर सांगवान, हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन श्री सुभाष बराला, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार श्री कृष्ण बेदी, सिरसा के भाजपा जिलाध्यक्ष श्री आदित्य देवीलाल, पंजाब भाजपा नेता श्री सुनील जाखड़ मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment