Breaking

Sunday, May 15, 2022

महिला थाने के बाहर धरने पर बैठी दुष्कर्म पीड़िता, एएसआई समेत पूरे पुलिस महकमे पर गंभीर आरोप

महिला थाने के बाहर धरने पर बैठी दुष्कर्म पीड़िता, एएसआई समेत पूरे पुलिस महकमे पर गंभीर आरोप

महेंद्रगढ़ : महेंद्रगढ़ क्षेत्र के गांव की एक महिला ने नारनौल सिटी थाने में कार्यरत एक एएसआई पर शुक्रवार को दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। इस मामले को लेकर पीड़ित महिला ने एसपी विक्रांत भूषण से शुक्रवार को मिलकर न्याय की गुहार लगाई थी। एसपी ने भी महिला को निष्पक्ष जांच करने के आदेश दिए थे। शुक्रवार की शाम तक महिला सदर पुलिस थाने में लगभग छह बजे आई और पुलिस ने महिला को करीब नौ बजे तक थाने में बैठाया रखा। इसके बाद जिला बाल कल्याण समिति की पूर्व चेयरपर्सन मंजू कौशिक ने महिला को फोन के माध्यम से वन स्टॉप सेंटर नारनौल का पता बताया और महिला पूरी रात वन स्टॉप सेंटर नारनौल में रही। वहां सेंटर की इंचार्ज वदंना ने महिला को रहने व खाने की व्यवस्था करवाई। हालांकि पुलिस ने देर रात पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया। शनिवार को जब पीड़िता महिला वन स्टॉप सेंटर से महेंद्रगढ़ थाने में करीब दोपहर के एक बजे आई थी, लेकिन महिला थाने में करीब दो बजे तक यूंं ही बैठी रही और पुलिस ने उसका मेडिकल ही नहीं करवाया। इसके बाद पीड़िता थाने के सामने धरने पर बैठ गई। महिला का यह भी आरोप है कि वह करीब एक बजे थाने में मेडिकल करवाने के लिए आई थी, लेकिन एक पुलिसकर्मी ने उससे कहा कि जब जरूरत होगी, तब आपको बुुला लेंगे। उसने पुलिसकर्मी से जब एफआईआर की कॉपी मांगी तो उन्होंने एफआईआर की कॉपी देने से मना कर दिया। महिला का आरोप है कि पुलिस इस केस को दबाने में लगी हुई है। धरने की सूचना पर इस केस को देख रही जांच अधिकारी नीलम मौके पर पहुंची और उसने महिला का मेडिकल करवाया। फिर न्यायालय में बयान दर्ज भी करवाए।
 *यह है मामला*

 महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह एक गांव की रहने वाली है। उसकी शादी नौ नवबंर 2017 को हुई थी। नामजद एएसआई पहले महेंद्रगढ़ सदर थाने में तैनात था। उसके ससुर से एएसआई से अच्छी जान-पहचान थी। एएसआई ने घर पर आकर जबरदस्ती उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया, जबकि उसका अपना पति, सास व ननद एएसआई का ही साथ देते रहे हैं। उन्होंने बताया कि दिसबंर-2021 को उसकी ननद की लड़की की शादी थी। वहां एएसआई आया हुआ था, उसी रात को ननद ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला दिया और उसके बाद एएसआई ने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने बताया कि एएसआई और उसका पति, सास व ननद उसके साथ लगातार पांच-छह दिनों से मारपीट कर रहे है और दबाव बना रहे हैं कि अन्य एक व्यक्ति के ऊपर रेप का झूठा केस बनवा देंगे, जिसकी रिकॉर्डिंग भी उनके पास है। क्या बोले अधिकारी थाने में एक शिकायत आई है। जिस पर मामला दर्ज कर लिया है। उसकी जांच की जा रही है। जांच में जो भी आरोपित पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - गजराम, प्रभारी सदर थाना, महेंद्रगढ़।

No comments:

Post a Comment