Breaking

Saturday, May 27, 2023

*नारनौल में गलियां-सड़कें तालाब बनीं:तेज हवाएं चलीं, झमाझम बरसे बादल; आज बारिश होते रहने का अलर्ट, लोगों को आवाजाही में परेशानी*

*नारनौल में गलियां-सड़कें तालाब बनीं:तेज हवाएं चलीं, झमाझम बरसे बादल; आज बारिश होते रहने का अलर्ट, लोगों को आवाजाही में परेशानी*
हरियाणा के नारनौल शहर में शनिवार सुबह 5 बजे से तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी है। इससे जेठ के तपते माह में भी लोगों को सर्दी का अहसास हो रहा है। बारिश 8 बजे तक जारी रहीं। वहीं आज सारा दिन बादल बरसते रहने या मौसम खराब रहने का अलर्ट है।

रात में मौसम साफ, सुबह तक खराब
पिछले 3-4 दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण लगातार बारिश हो रही है। पिछले 3 दिनों से तेज हवाएं चल रही थीं। कभी-कभी बूंदाबांदी हो रही थी। शुक्रवार को दिन में मौसम साफ रहा, लेकिन शनिवार सुबह होते-होते मौसम ने करवट बदल ली।

पूरा दिन बारिश होने का अलर्ट जारी
सुबह करीब 5 बजे काले बादल छा गए। आंधी तूफान आया, बिजली चमकने लगी। गरज के साथ बारिश हुई। इससे जहां सड़कें और गलियां पानी से लबालब हो गईं, वहीं लोगों को सुबह के अपने रोजमर्रा के काम करने में भी परेशानी हुई। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो बारिश पूरा दिन जारी रहेगी।

स्कूली बच्चों को ज्यादा परेशानी हुई
सुबह 5 बजे शुरू हुई बारिश करीब 8 बजे तक भी चलती रही। इसके कारण स्कूल जाने वाले बच्चों को ज्यादा परेशानी हुई। रास्तों में पानी भर जाने के कारण लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी हुई। कई लोग अपने घरों से बाहर ही नहीं निकले, वहीं कुछ लोग बारिश में काम करते दिखे।

जेठ के महीने में भी सर्दी का अहसास
जेठ का महीना चल रहा है। जेठ के महीने में तेज लू चलती है और गर्मी पड़ती है, लेकिन इस बार जेठ के महीने में भी लगातार हो रही बारिश के चलते मौसम खुशगवार है। तापमान में काफी गिरावट दर्ज की जा रही है। लोगों को हवाएं चलने की वजह से सर्दी का अहसास भी हो रहा है।

No comments:

Post a Comment