Breaking

Saturday, January 24, 2026

गणतंत्र दिवस को लेकर जींद पुलिस पूरी तरह मुस्तैद, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा, 1150 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

गणतंत्र दिवस को लेकर जींद पुलिस पूरी तरह मुस्तैद, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा, 1150 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
जींद : राष्ट्रीय पर्व 26 जनवरी – गणतंत्र दिवस के शांतिपूर्ण, गरिमामय एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर जींद पुलिस ने जिलेभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है । पुलिस अधीक्षक जींद श्री कुलदीप सिंह के नेतृत्व में जिले को सुरक्षा चक्र में लेते हुए हर स्तर पर कड़े प्रबंध किए गए हैं। 
पुलिस अधीक्षक जींद द्वारा गणतंत्र दिवस की फाइनल रिहर्सल के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर मौके पर तैनात सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों एवं क्राइम यूनिट प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में होटल, सराय, धर्मशालाओं एवं सार्वजनिक स्थलों की सघन जांच करने के आदेश दिए हैं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के पाए जाने पर तत्काल जांच एवं चरित्र सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र पूरे जिले में कुल 27 पुलिस नाके लगाए गए हैं, जिनमें से 15 नाके शहर जींद में स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त शहर में 4 पेट्रोलिंग पार्टियां तथा जिलेभर में 15 पेट्रोलिंग पार्टियां, 24 रिस्पॉन्स वाहन, 25 राइडर बाइक यूनिट, 2 स्वेट टीमें (कमांडो) आधुनिक हथियारों से लैस होकर लगातार गश्त करेंगी।
26 जनवरी के मुख्य कार्यक्रम के दौरान 4 डीएसपी स्तर के अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। इसके साथ ही करीब 1150 से अधिक पुलिस अधिकारी व जवान कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में तैनात रहेंगे। भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादे कपड़ों में पुलिस कर्मचारी भी तैनात किए गए हैं, जो हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखेंगे।
पुलिस अधीक्षक जींद श्री कुलदीप सिंह आईपीएस ने निर्देश दिए हैं कि अगले दो दिनों तक सभी नाकों पर बाहर से आने वाले वाहनों की सघन जांच की जाएगी, ताकि किसी भी असामान्य या अवांछित गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। जींद पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे पुलिस का सहयोग करें, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या डायल 112 पर दें।

No comments:

Post a Comment