खोखरी गांव में 6 महीने से टूटा हांसी ब्रांच नहर का पुल, खेतों तक पहुंचने के लिए किसान तय करते हैं लंबी दूरी
जींद : (संजय कुमार) जिले के खोखरी गांव में हांसी ब्रांच नहर पर बना पुल पिछले छह महीने से अधिक समय से टूटा हुआ है। पुल के क्षतिग्रस्त होने के कारण आसपास के किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। इससे किसानों को रोजाना परेशानी के साथ-साथ अतिरिक्त समय और ईंधन भी खर्च करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, यह पुल खेतों की ओर जाने वाले किसानों के लिए महत्वपूर्ण रास्ता है। पुल टूटने के बाद आवागमन प्रभावित हो गया है और किसानों को दूसरे रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है। ट्रैक्टर, कृषि उपकरण और अन्य वाहन लेकर खेतों तक पहुंचना भी मुश्किल हो रहा है।
किसानों का आरोप है कि पुल को टूटे हुए छह महीने से ज्यादा समय हो चुका है, लेकिन अभी तक प्रशासन की ओर से इसकी मरम्मत को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार समस्या की ओर ध्यान दिलाने के बावजूद पुल की सुध नहीं ली जा रही।
किसानों ने जींद प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर पुल की जल्द से जल्द मरम्मत करवाई जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके और खेतों तक आवागमन सुचारू हो सके।
No comments:
Post a Comment