Breaking

Sunday, August 23, 2026

पानीपत डिपो की चार इलेक्ट्रिक बस अब जींद तक आ रही

जींद से पानीपत रूट पर यात्रियों की सुविधा में इजाफा
पानीपत डिपो की चार इलेक्ट्रिक बस अब जींद तक आ रही
पानीपत जाने के लिए जींद के यात्रियों को मिल रही अतिरिक्त बसें
जींद: जींद से पानीपत रूट पर यात्रियों की सुविधा में इजाफा हुआ है। पानीपत डिपो की चार इलेक्ट्रिक बस अब जींद तक आती हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल रही है। पिछले दिनों जब मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रदेश के अलग-अलग डिपो में चल रही इलेक्ट्रिक बसों का उद्घाटन किया था तो पानीपत डिपो की एक बस केवल सफीदों तक आती थी। अब चार इलेक्ट्रिक बस जींद तक आती हैं। इसमें से एक बस दोपहर बाद तीन बजकर 50 मिनट, दूसरी बस चार बजकर 50 मिनट, तीसरी बस पांच बजकर 20 मिनट और चौथी बस शाम पांच बजकर 50 मिनट पर जींद से पानीपत के लिए रवाना होती है। इलेक्ट्रिक बसों में जींद से पानीपत का किराया लगभग 110 रुपये है, जबकि रोडवेज व परिवहन समिति की बसों में किराया लगभग 80 रुपये है। हालांकि जींद से पानीपत रूट पर दिनभर में जींद, हिसार व सिरसा सहित अन्य डिपो की 12 से अधिक बस चलती हैं। इसके अलावा पानीपत रूट पर परिवहन समिति की 26 बस चलती हैं। जींद डिपो ने भी मुख्यालय के पास पांच इलेक्ट्रिक बसों की डिमांड भेज रखी है, जो अभी तक नहीं मिली है। ऐसे में पानीपत डिपो की इलेक्ट्रिक बस का जींद तक संचालन होने से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। इलेक्ट्रिक बसों में सफर आरामदायक रहता है। बस में ज्यादा शोर भी नहीं होता और यात्री खुली सीट पर आराम से सफर कर सकते हैं।
जींद बस अड्डा के डीआई विजय कुंडू ने कहा कि पानीपत डिपो की चार इलेक्ट्रिक बस जींद आती है। डिपो की ओर से भी मुख्यालय के पास इलेक्ट्रिक बसों की डिमांड भेज रखी है। अभी डिपो को इलेक्ट्रिक बस नहीं मिल पाई है। जैसे ही इलेक्ट्रिक बस आएंगी तो यात्रियों को और भी बेहतर परिवहन सुविधा देने का प्रयास रहेगा। जिस रूट पर यात्रियों की संख्या ज्यादा होती हैए उस हिसाब से रूट पर बसों का संचालन किया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment