4 दिवसीय ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग कार्यक्रम में तकनीकी प्रशिक्षण लेने वाली 100 से ज्यादा छात्राओं को प्रमुख समाजसेवी राजकुमार गोयल ने बांटे प्रमाण पत्र
जींद : समग्र शिक्षा स्कीम अभियान के अंतर्गत छात्राओं को आधुनिक तकनीक, व्यावहारिक ज्ञान एवं कौशल विकास से जोड़ने के उद्देश्य से महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन जींद द्वारा हरियाणा नॉलेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के सहयोग से आयोजित 4 दिवसीय ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस अवसर पर प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय अग्रवाल समाज के अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी डा. राजकुमार गोयल ने शिरकत की।
इस समारोह में डॉ. राजकुमार गोयल ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाली 100 से ज्यादा छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय तकनीक और नवाचार का युग है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक और आधुनिक कौशल का ज्ञान आज प्रत्येक विद्यार्थी के लिए अत्यंत आवश्यक हो गया है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने तथा भविष्य में रोजगार एवं कैरियर के नए अवसरों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। गोयल ने कहा कि बेटियां आज प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। यदि उन्हें सही मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान मिले तो वे निश्चित रूप से समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। उन्होंने महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन द्वारा छात्राओं के कौशल विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल अलेवा की छात्राओं ने इंफॉर्मेशन डिपार्टमेंट ट्रेनर प्रीति राजपूत एवं संस्कृत अध्यापिका सरोज बाला के नेतृत्व में अर्बन एस्टेट जींद स्थित संस्था के कार्यालय में चार दिवसीय प्रशिक्षण लिया। इस प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एआई टूल्स, डेटा स्ट्रक्चर, शिक्षा में एआई की भूमिका तथा आधुनिक डिजिटल तकनीक से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके साथ ही चार्ट एवं पोस्टर मेकिंग जैसी गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं की रचनात्मकता, टीमवर्क और तकनीकी समझ को विकसित करने का प्रयास किया गया। संस्था के अध्यक्ष राजकुमार भोला ने मुख्य अतिथि डा. राजकुमार गोयल का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ साथ आधुनिक तकनीक और रोजगारोन्मुख कौशल से जोड़ना है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप इस प्रकार के ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग कार्यक्रम विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करते हैं।
राजकुमार भोला ने कहा कि बेटियों को एआई एवं डिजिटल तकनीक के क्षेत्र में प्रशिक्षित करना उन्हें भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर संस्था की आईटी प्रमुख अंकिता खटकड़, रिसर्च एवं डेवलपमेंट प्रमुख डॉ. सुरभि रावल, सावर गर्ग सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से मुख्य अतिथि डॉ. राजकुमार गोयल, विद्यालय प्रबंधन एवं प्रशिक्षण में सहयोग करने वाले सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही सभी छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं गईं।
No comments:
Post a Comment