Breaking

Wednesday, January 29, 2025

January 29, 2025

ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज के डीटीपी को सख्त निर्देश, ड्रोन सर्वे कराकर अवैध एक भी अवैध कालोनी मिले तो सख्त कार्रवाई

ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज के डीटीपी को सख्त निर्देश, ड्रोन सर्वे कराकर अवैध एक भी अवैध कालोनी मिले तो सख्त कार्रवाई

इंडी एलायंस पर कैबिनेट मंत्री अनिल विज का तंज, कहा “इंडी एलायंस कभी हुआ ही नहीं, इंडी शब्द में भी गैप (अंतर) है”

चंडीगढ़/अम्बालाहरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने अवैध कालोनियों को लेकर जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) को सख्त निर्देश जारी किए हैं तथा ड्रोन सर्वे कराकर सख्त कार्रवाई के दिशा-निर्देश दिए हैं।

श्री विज ने आज डीटीपी अम्बाला रोहित चौहान को अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने डीटीपी को फोन करते हुए कहा कि अवैध कालोनियों की पहचान करने के लिए वह अम्बाला छावनी में लगातार ड्रोन सर्वे करवाए। सर्वे के दौरान यदि विभाग को एक भी अवैध कालोनी मिलती है तो संबंधित कॉलोनाइजर के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।इंडी एलायंस पर कैबिनेट मंत्री अनिल विज का तंज, कहा “इंडी एलायंस कभी हुआ ही नहीं, इंडी शब्द में भी गैप (अंतर) है”

वहीं, पत्रकारों से बातचीत के दौरान कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने इंडी एलायंस में टूट फूट पर तंज कसा और कहा की इंडी एलाइंस कभी हुआ ही नहीं। हमने भी एनडीए की सरकार म्युचुअल अंडरस्टैंडिंग से चलाई है, लेकिन इनकी कभी भी म्युचुअल अंडरस्टैंडिंग नहीं हुई। पंजाब में आप पार्टी अकेले चुनाव लड़ती है और कांग्रेस को गलत बताते हुए कांग्रेस पर देश को बर्बाद करने के आरोप लगाती है, लेकिन दूसरे प्रदेश में कांग्रेस के साथ मिल कर यह चुनाव लड़ते हैं। मंत्री अनिल विज ने हिमाचल प्रदेश का उदहारण देते हुए कहा की कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में चुनाव लड़ा और कहा की आप गंदी पार्टी है। मंत्री विज ने कहा वैसे भी इंडी शब्द आपस में जुड़ा हुआ नहीं है, इसमें भी गैप (अंतर) है।
उधर, दिल्ली में चुनाव है और आम आदमी पार्टी के प्रचार के लिए नेता अभिनेता शत्रुघन सिन्हा और अखिलेश यादव प्रचार कर रहे है जिसपर श्री विज ने कहा की आम आदमी पार्टी का जहाज अब डूब चुका है, कोई भी प्रचार कर ले इसका फायदा होने वाला नहीं है।

Tuesday, January 28, 2025

January 28, 2025

कवि पृथ्वी सिंह बैनीवाल के पर्यावरणीय दोहा संग्रह 'विनाश की आहट' का विमोचन दिल्ली के प्रगति मैदान में

कवि पृथ्वी सिंह बैनीवाल के पर्यावरणीय दोहा संग्रह 'विनाश की आहट' का विमोचन दिल्ली के प्रगति मैदान में 
हिसार : 01 फरवरी से 09 फरवरी तक आयोजित होने वाले विश्व पुस्तक मेले में इंक पब्लिकेशन, प्रयागराज के स्टॉल पर किया जाएगा।
प्रकाशक दिनेश कुशवाहा ने पुस्तक बारे जानकारी देते हुए कहा, 'विनाश की आहट' दोहा संग्रह में पर्यावरण से जुड़े सैकड़ों दोहे शामिल हैं, जो मानव द्वारा किए जा रहे पर्यावरणीय क्षरण को बेहद संवेदनशीलता और गहराई से प्रस्तुत करते हैं। यह संग्रह न केवल पर्यावरण की चुनौतियों को उजागर करता है, बल्कि उसकी रक्षा के लिए प्रेरणा भी देता है।" उन्होंने कहा कि कवि पृथ्वी सिंह बैनीवाल हिंदी साहित्य में एक प्रतिष्ठित नाम हैं। उनकी कृतियां सदैव पाठकों को गहराई से प्रभावित करती हैं।
गौरतलब है कि कवि पृथ्वी सिंह बैनीवाल पिछले 40 वर्षों से हिंदी साहित्य की सेवा में सक्रिय हैं। उनकी 15 से अधिक पुस्तकें लिखित और संपादित हो चुकी हैं, जबकि 20 से अधिक साझा संकलन प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अलावा, उनकी 2000 से अधिक कविताएं, कहानियां और 200 से अधिक आलेख विभिन्न शोध पुस्तकों, समाचार पत्रों और पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए हैं।  
कवि बैनीवाल को उनके साहित्यिक और सामाजिक कार्यों के चलते भारत गौरव अवार्ड, लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड, हरियाणा गरिमा अवार्ड, कलम वीर सम्मान, और सर्वश्रेष्ठ सृजन सम्मान जैसे कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
January 28, 2025

ड्रग तस्करों की गुप्त सूचनाएं 9050891508 अथवा MANAS पोर्टल अथवा 1933 पर देकर आदर्श नागरिक का कर्तव्य निभाएं- डॉ अशोक


ड्रग्स के विरुद्ध आंदोलन में करें भागीदारी- सुखी और स्वस्थ रहें भारत के नर नारी    

ड्रग तस्करों की गुप्त सूचनाएं 9050891508 अथवा MANAS पोर्टल अथवा 1933 पर देकर आदर्श नागरिक का कर्तव्य निभाएं- डॉ अशोक
जींद : हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक श्री ओपी सिंह, भापुसे साहब के दिशानिर्देशों एवं मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक श्री मोहित हांडा, भापुसे और श्रीमती पंखुडी कुमार जी के नेतृत्व में हरियाणा में ड्रग्स के विरुद्ध एक निर्णायक युद्ध चला हुआ है। नशा तस्करों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई इस बात का साक्ष्य है कि 2023 में 3823 अभियोग अंकित कर 5870 से अधिक अपराधियों को कारागार तक पहुँचाया गया है तो वर्ष 2024 में 3331 अभियोग अंकित कर 5094 नशा तस्करों को कारागार का मार्ग दिखाया है। इसके साथ कोई नया व्यक्ति इस नशे की दलदल में न फंसे इसके लिए भी अलग से व्यवस्था की गयी है और वह है नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम। ब्यूरो द्वारा विभिन्न कार्यक्रम चलकर नशामुक्त अभियान को गति प्रदान की जा रही है। ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/ उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा उच्चाधिकारियों के आदेश से गांव गांव तक साइकिल के साधन का प्रयोग करते हुए पहुँच रहें हैं। आज वे माता चन्ननदेवी आर्य कन्या गुरुकुल में पहुंचे और प्राचार्या ज्योति आर्य की अध्यक्षता में नशे के विरुद्ध एक दिवसीय 30 वां जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में 250 छात्राओं, 12 शिक्षिकाओं और 15 चालकों एवं अन्य कर्मियों ने भाग लिया। ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/ उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति चाहता है कि उसका परिवार सुखी और नशा मुक्त रहे लेकिन केवल चाहने से ऐसा नहीं हो सकता जब तक प्रत्येक अभिभावक अथवा माता-पिता अपनी संतान के प्रति सजग नहीं होगी। सबसे प्रथम आज बच्चों को समय देने की आवश्यकता है। उनके साथ मित्रवत व्यवहार करने की आवश्यकता है। उनके मित्रों के बारे में पूर्ण जानकारी रखना आवश्यक है। समय समय पर बच्चों के रहने के स्थान का निरीक्षण करने की भी आवश्यकता है। उन्होंने एक उदाहरण देकर भी बताया की किस प्रकार यह समस्या आज विकराल रूप ले रही है और इससे बचने का केवल एक उपाय है और वह है सावधानी। उन्होंने कहा ड्रग्स के विरुद्ध आंदोलन में सभी को भागीदारी करने की आवश्यकता है ताकि भारत का प्रत्येक व्यक्ति सुखी और स्वस्थ रहे। उन्होंने आगे कहा कि अब आपको भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। ड्रग तस्करों की गुप्त सूचनाएं ब्यूरो के नंबर 9050891508 अथवा भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत  मादक पदार्थ निषेध आसूचना केंद्र की वेबसाइट (www.ncbmanas.gov.in) MANAS पोर्टल अथवा 1933 पर दी जा सकती है। कार्यक्रम के अंत में शपथ ग्रहण करवाई गयी। प्राचार्या ज्योति आर्य ने ब्यूरो का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे इस अभियान से कंधे से कन्धा मिलकर सहयोग करेंगे। 
January 28, 2025

जींद का सड़क नेटवर्क होगा मजबूत, रोहतक रोड को डीएलपी से निकाल कर बनाया जाएगा नए सिरे से


जींद का सड़क नेटवर्क होगा मजबूत
रोहतक रोड को डीएलपी से निकाल कर बनाया जाएगा नए सिरे से
सफीदों गेट से बाईपास व रोहतक रोड फोरलेनिंग कार्य को जल्द करवाने के आदेश
जींद से जुलानी तक सड़क के निर्माण पर जल्द हो कार्रवाई
डिप्टी स्पीकर ने पीडब्ल्यूडी और रोड और बिल्डिंग अधिकारियों को दिए निर्देशजींद : जींद शहर के सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए जींद के भाजपा विधायक एवं हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने पीडब्ल्यूडी विभाग के दो इंजीनियर इन चीफ, रोड और बिल्डिंग के चीफ इंजीनियर के साथ बैठक की। बैठक में जींद से एक्सईएन राजकुमार नैन मौजूद रहे। बैठक में डिप्टी स्पीकर ने दोनों विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द रोहतक रोड सड़क को डिफेक्ट लाइबिल्टि पीरियड (डीएलपी) से निकाल कर इस सड़क का निर्माण करवाया जाए। इसके अलावा सफीदों गेट से बाईपास तक फोरलेन सड़क तथा रोहतक रोड फोरलेनिंग निर्माण कार्य को जल्द से जल्द शुरू करवाया जाए। वहीं जींद में अधिकारियों के 56 आवास बनाए जाने को लेकर भी शीघ्र कार्रवर्प शुरू की जाए। डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने निर्देयश दिए कि इन चारों परियोजनाओं को जल्द से जल्द धरती पर उतारा जाए ताकि जींद के लोगों को सड़क के नेटवर्क के लिए किसी तरह की कोई परेशानी न हो। अधिकारियों ने डिप्टी स्पीकर को आश्वासन दिया कि जो आश्वासन उन्हें दिया गया है उस पर वो जल्द से जल्द कार्रवाई करेंगे।डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि जींद के सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए रोहतक रोड सड़क का पुर्ननिर्माण करवाया जाएगा। इसके अलावा सफीदों गेट से बाईपास तक तथा रोहतक रोड की सड़क को फोरलेनिंग करवाया जाएगा। इसके साथ ही तथा जींद से जुलानी तक की सड़क का निर्माण करवाया जाएगा। इन सड़कों के निर्माण तथा चौड़ीकरण से लोगों को जहां यातायात में सुगमता मिलेगी वहीं वाहन चालकों को भी फायदा होगा।डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि नायब सैनी सरकार द्वारा जींद के विकास के लिए कोई कोर कसर नही छोड़ रही है। जींद जिला विकास के मामले में हमेशा अग्रणीय रहा है। जींद की जनता ने जो अपनी आवाज बना कर उन्हें विधानसभा भेजा था, उस पर उन्होंने हमेशा खरा उतरने का काम किया है। देश व प्रदेश में अंत्योदय के स्वप्न को साकार करने के लिए भाजपा सरकार अपना दायित्व प्रभावी रूप से निभा रही है। सरकार विकास की गारंटी के साथ आमजन तक पहुंची और लोगों को लाभांवित करने का काम किया जा रहा। उनका भी हमेशा यही प्रयास रहा कि जींद विकास के मामले में सबसे आगे हो। जींद विकास को लेकर जो भी घोषणाएं की गई, उनको जल्द से जल्द पूरा करवाया जा रहा है। 

Monday, January 27, 2025

January 27, 2025

हरियाणा महिला आयोग चेयरपर्सन के कार्यकाल विस्तार के एक सप्ताह बाद भी कानून में संशोधन नहीं

हरियाणा महिला आयोग चेयरपर्सन के कार्यकाल विस्तार के एक सप्ताह बाद भी  कानून में संशोधन नहीं 

19 जनवरी 2025 से  रेणु भाटिया के महिला आयोग की चेयरपर्सन के तौर पर बने रहने पर कानूनी सवाल

18 जनवरी 2025 को  तीन वर्ष का कार्यकाल हुआ पूरा, इससे आगे  कार्यकाल बढ़ाने के लिए  महिला आयोग कानून, 2012 की धारा 4(1) में संशोधन आवश्यक -- एडवोकेट हेमंत

मई, 2016  में हाईकोर्ट द्वारा दिए एक निर्णय में भी अधिकतम तीन वर्ष कार्यकाल का किया गया था उल्लेख 
चंडीगढ़ – गत  19 जनवरी 2025  से रेणु भाटिया के हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन के तौर पर बने रहने पर गंभीर कानूनी सवाल कायम  है. 18 जनवरी 2025 को  रेणु, जिन्हें तीन वर्ष पूर्व 17 जनवरी 2022 को प्रदेश की  तत्कालीन मनोहर लाल खट्टर   सरकार द्वारा इस पद पर नामित (नियुक्त) किया गया था, जिसका कार्यभार  उन्होंने  19 जनवरी 2022 को संभाला था, का तीन वर्ष कार्यकाल पूरा हो गया. 

हालांकि गत वर्ष 26 नवम्बर 2024 को हरियाणा सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग  द्वारा जारी एक पत्र  अनुसार   रेणु भाटिया का  आयोग की चेयरपर्सन के तौर पर  कार्यकाल  18 जनवरी 2025 के बाद आगामी  आदेशो तक बढ़ाने का उल्लेख किया गया था परन्तु इसमें  एक कानूनी पेंच है. 
इस विषय पर विस्तार से जानकारी देते हुए  पंजाब  एवं हरियाणा हाईकोर्ट  में  एडवोकेट हेमंत कुमार ने  बताया कि हरियाणा राज्य  महिला आयोग कानून, 2012 की मौजूदा  धारा 4 (1) में स्पष्ट उल्लेख है कि आयोग की चेयरपर्सन, वाईस-चेयरपर्सन और मेंबर (सदस्य) का कार्यकाल तीन वर्ष से अधिक नहीं हो सकता. हालांकि तत्कालीन  चौटाला सरकार में शीला भ्याण 5 वर्ष  और भूपेन्द्र हुड्डा शासनकाल में  सुशीला शर्मा 6 वर्ष तक हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रही थी परन्तु ध्यान देने योग्य है कि उन दोनों के  समय प्रदेश महिला आयोग हेतू  प्रदेश विधानसभा से  उपरोक्त कानून नहीं बना था.
अब चूँकि हरियाणा महिला आयोग की मौजूदा  चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने 18 जनवरी 2025 को अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे कर लिए, इसलिए उससे अधिक उन्हे उस पद पर बनाये रखने  के लिए   महिला एवं बाल विकास विभाग से सीधे जारी  सरकारी पत्र मार्फत आदेश पर्याप्त नहीं हैं बल्कि इसके लिए सर्वप्रथम प्रदेश  सरकार को उपरोक्त कानूनी धारा में विधानसभा द्वारा   उपयुक्त  संशोधन करना होगा जोकि तत्काल  तौर पर  राज्यपाल से  इस सम्बन्ध में एक अध्यादेश प्रख्यापित (जारी) करवाकर ही संभव है क्योंकि फिलहाल अगले माह  फरवरी, 2025 से पूर्व हरियाणा विधानसभा का आगामी सत्र बुलाये जाने की कोई संभावना नहीं है.  सनद रहे कि  इससे पूर्व दिसम्बर, 2017 से दिसम्बर, 2020 तक रेणु भाटिया हरियाणा महिला आयोग में बतौर मेंबर भी रह चुकी थी.  
इस आशय में हेमंत ने मई,2016 में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के एक डिवीजन बेंच द्वारा दिए  एक  निर्णय का भी  हवाला देते हुए बताया कि उसमें अदालत द्वारा हरियाणा  महिला आयोग अधिनियम, 2012 की मौजूदा  धारा 4 (1) की व्याख्या करते हुए उल्लेख किया गया था की इस कानूनी प्रावधान अनुसार प्रदेश सरकार अधिकतम तीन वर्ष की अवधि  के लिए ही आयोग की चेयरपर्सन और वाईस-चेयरपर्सन को  नियुक्त कर सकती है, उससे अधिक नहीं. यह निर्णय प्रदेश की तत्कालीन भूपेंद्र हुड्डा सरकार द्वारा मई, 2014  में  आयोग की चेयरपर्सन के तौर पर नियुक्त कमलेश पांचाल और   वाईस-चेयरपर्सन तौर पर सुमन दहिया द्वारा दायर  याचिकाओं के सम्बन्ध में दिया गया था जब वर्ष 2015  में मनोहर लाल के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार द्वारा उक्त दोनों को उनके तीन वर्ष के  कार्यकाल की अवधि से पहले ही हटाने  का आदेश जारी किया गया था.

हेमंत ने बताया कि हरियाणा राज्य महिला आयोग कानून, 2012 की धारा 3(2) के अनुसार आयोग में चेयरपर्सन के अतिरिक्त  एक वाईस-चेयरपर्सन और अधिकतम पांच सदस्य हो सकते हैं  जिन्हें प्रदेश सरकार द्वारा नॉमिनेट किया जाता है  जिनमें से कम से कम  एक सदस्य  अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग से होना चाहिए. उपरोक्त पदाधिकारियों के अतिरिक्त वर्ष 2012 कानून अनुसार  आयोग में एक  वरिष्ठ महिला एचसीएस अथवा आईएएस महिला अधिकारी आयोग की सदस्य सचिव होंगी. इसके अतिरिक्त महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रशासनिक सचिव आयोग में विशेष आमंत्रित सदस्य होंगी. इसी प्रकार   महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशक और प्रदेश के डीजीपी (पुलिस महानिदेशक) आयोग  के पदेन (उनके पद के कारण ) सदस्य होंगे.    
 
हेमंत ने यह बताया कि यह अत्यंत आश्चर्यजनक है कि हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया के  तीन वर्ष के कार्यकाल दौरान प्रदेश सरकार द्वारा   आयोग में कानूनन प्रस्तावित अधिकतम पांच सदस्यों तो दूर बल्कि  एक भी सदस्य नहीं बनाया गया.  हालांकि गत वर्ष 15 मार्च 2024 को सोनीपत जिले की खरखौदा क्षेत्र निवासी सोनिया अग्रवाल को हरियाणा   महिला  आयोग की वाईस-चेयरपर्सन नामित किया गया था. उसी माह उन्होंने अपना कार्यभार भी संभाल लिया था.   हालांकि सोनिया के महिला आयोग की वाईस- चेयरपर्सन पद पर नियुक्ति के  सम्बन्ध में आधिकारिक नोटिफिकेशन 7 मई  2024 के  हरियाणा सरकार के गजट में प्रकाशित की गई थी जिसमें सोनिया का  कार्यकाल एक वर्ष ही  दर्शाया गया था. गत माह दिसम्बर, 2024 में सोनिया  को एंटी करप्शन ब्यूरो‌, हरियाणा द्वारा भ्रष्टाचार के एक कथित मामले‌ में गिरफ्तार भी किया गया था, जिस कारण इसी माह 9  जनवरी 2025 से सोनिया को उनके तय एक वर्ष के कार्यकाल से  समय-पूर्व ही  वाईस-चेयरपर्सन  पद से हटा दिया गया.

बहरहाल,‌  साढ़े  7 वर्ष पूर्व   18 जुलाई, 2017 को  जब प्रतिभा सुमन को हरियाणा राज्य  महिला आयोग की  तत्कालीन चेयरपर्सन नियुक्त किया गया था, तो उसके कुछ माह बाद ही 12 दिसम्बर, 2017 को  गुरुग्राम से प्रीति भारद्वाज को आयोग की वाईस-चेयरपर्सन, चरखी दादरी से इंदु यादव, अम्बाला  से  नम्रता गौड़, फरीदाबाद से रेणु भाटिया, सोनीपत से सोनिया अग्रवाल और जींद से सुमन बेदी को आयोग में सदस्य बनाया  गया था।
January 27, 2025

“जब देश एक है तो कानून भी सभी के लिए एक ही होना चाहिए” - हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन व श्रम मंत्री अनिल विज

उत्तराखंड में यूसीसी लागू होने पर हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन व श्रम मंत्री अनिल विज ने जताई खुशी

“जब देश एक है तो कानून भी सभी के लिए एक ही होना चाहिए” - हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन व श्रम मंत्री अनिल विज
 
समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने की सराहना, “यह बहुत बड़ा कदम है”

डोमेस्टिक एयरपोर्ट से विमान सेवा जल्द प्रारंभ होगी : विज
चंडीगढ़/अम्बाला, 27 जनवरी –हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने उत्तराखंड सरकार द्वारा समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने पर खुशी जताते हुए कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बहुत बड़ा माइलस्टोन स्थापित करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि “जब देश एक है तो कानून भी सभी के लिए एक ही होना चाहिए, जबकि यह बहुत पहले ही हो जाना चाहिए था।
इस संबंध में श्री विज ने एक्स पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री उत्तराखंड के इस कार्य की सराहना भी की है।

उधर, आज पत्रकारों से बातचीत के दौरान श्री विज ने कहा कि समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करना बहुत बड़ा कदम है और वे उसकी पूरी तरह से सराहना करते है। उन्होंने कहा कि “जब देश एक है तो कानून भी सभी के लिए एक ही होना चाहिए, यह बहुत पहले ही हो जाना चाहिए था। मगर, पूर्व की सरकारें तुष्टीकरण की नीति पर चलती रही जिस कारण से यह नहीं हुआ, एक देश एक कानून होना चाहिए”।
डोमेस्टिक एयरपोर्ट से विमान सेवा जल्द प्रारंभ होगी : विज

ऊर्जा व परिवहन मंत्री अनिल विज ने डोमेस्टिक एयरपोर्ट अम्बाला छावनी से विमान सेवा प्रारंभ करने को लेकर गत दिवस हुई बैठक पर कहा कि डोमेस्टिक एयरपोर्ट जल्द प्रारंभ होगा और इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई है।

वहीं, दिल्ली में आम आदमी पार्टी द्वारा वोटरों को पैसे देने के मामले में कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि यह तो आम आदमी पार्टी का कलचर है और यही कुछ वह करते आए हैं।
January 27, 2025

नायब सरकार के 100 दिन पूरे होते ही मुख्यमंत्री ने प्रदेश के किसानों को दिया बड़ा तोहफा

नायब सरकार के 100 दिन पूरे होते ही मुख्यमंत्री ने प्रदेश के किसानों को दिया बड़ा तोहफा

किसानों के बैंक खातों में 368 करोड़ रुपये की बोनस राशि की जारी

कांग्रेस किसानों के नाम पर करती है राजनीति
चंडीगढ़, 27 जनवरी - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने किसानों के हित में कदम उठाते हुए एक क्लिक से किसानों के बैंक खातों में 368 करोड़ रुपये की बोनस राशि जारी की है। सरकार का यह कदम न केवल सरकार की किसान-हितैषी नीतियों को प्रतिबिंबित करता है, बल्कि हरियाणा के किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

मुख्यमंत्री आज यहां हरियाणा सरकार के तीसरे कार्यकाल के 100 दिन पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री अनिल विज, श्री विपुल गोयल, श्री श्याम सिंह राणा, श्री रणबीर गंगवा, श्रीमती श्रुति चौधरी और विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए खरीफ-2024 के दौरान प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण राज्य में उत्पादित की जा रही कृषि एवं बागवानी फसलों पर 2000 रुपये प्रति एकड़ बोनस देने का फैसला किया। अब तक कुल 1345 करोड़ रुपये की राशि किसानों को दी जा चुकी है।

पट्टेदार किसानों और भूमि मालिकों के बीच जमीन के कब्जे तथा मुआवजे के विवाद को किया समाप्त

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि तीसरे कार्यकाल के पहले विधानसभा सत्र में ही किसानों को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने 3 और महत्वपूर्ण कदम उठाये हैं। पट्टेदार किसानों और भूमि मालिकों के बीच विश्वास बहाल किया है। पहले भू-मालिकों और काश्तकारों के बीच में जमीन के कब्जे तथा मुआवजे इत्यादि को लेकर विवाद होते रहते थे। अब सरकार ने कृषि भूमि पट्टा एक्ट लागू करके, इन विवादों को जड़ से खत्म कर दिया है। साथ ही, शामलात भूमि पर 20 वर्षों से काबिज पट्टेदारों को उस भूमि का मालिकाना हक दिया है। इसके अलावा, गांवों में पंचायती भूमि पर बने 500 वर्ग गज तक के मकानों पर काबिज लोगों को उनका मालिकाना हक दिया है।

*कांग्रेस किसानों के नाम पर राजनीति करती है*

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस किसानों के नाम पर राजनीति करती है। कांग्रेस के नेता बताएं कि उन्होंने किसान हित में क्या कदम उठाए। जबकि वर्तमान राज्य सरकार ने किसानों को समृद्ध बनाने के लिए प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य बन गया है, जहां सभी फसलों के दाने-दाने की खरीद एम.एस.पी. पर की जाती है। हमने किसानों को मंडी में अपनी फसल बेचने के लिए ई-खरीद एप्लीकेशन द्वारा घर बैठे ई-गेट पास बनाने की सुविधा दी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 18वीं किस्त के रूप में लगभग 342 करोड़ रुपये की राशि किसानों के बैंक खातों में डाली गई है। अब तक कुल 6,203 करोड़ रुपये की राशि डाली गई है।

उन्होंने कहा कि पराली के उचित प्रबंधन के लिए किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन यंत्रों पर अनुदान के रूप में 10,393 मशीनों के लिए 122 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई। किसानों के खेतों से गुजरने वाली हाई टेंशन बिजली की लाइनों के लिए मुआवजा नीति बनाई गई है। इसके तहत किसान को टावर एरिया की जमीन के लिए मार्केट रेट का 200 प्रतिशत मुआवजा देने का प्रावधान किया गया है। लाइन के नीचे की भूमि के लिए भी किसानों को मार्केट रेट का 30 प्रतिशत मुआवजे का प्रावधान किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 100 दिनों में विकास कार्यों के लिए पंचायतों को 500 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। इसके अलावा, प्रदेश की गौशालाओं के लिए 216 करोड़ 25 लाख रुपये की चारा अनुदान राशि जारी की गई।

इस अवसर पर मुख्य सचिव डॉ विवेक जोशी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरूण कुमार गुप्ता, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित अग्रवाल, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ साकेत कुमार, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक श्री के मकरंद पांडुरंग, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव श्री तरूण भंडारी और मीडिया सचिव श्री प्रवीण आत्रेय सहित अन्य विभागों के प्रशासनिक सचिव उपस्थित थे।
January 27, 2025

38वां अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड शिल्प मेला, 7 से 23 फरवरी तक होगा सूरजकुंड में शिल्पकारों का महाकुंभ - पर्यटन मंत्री डा. अरविन्द शर्मा

38वां अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड शिल्प मेला

7 से 23 फरवरी तक होगा सूरजकुंड में शिल्पकारों का महाकुंभ - पर्यटन मंत्री डा. अरविन्द शर्मा

विरासत एवं पर्यटन मंत्री डा. अरविंद शर्मा ने किया सूरजकुंड मेला परिसर का दौरा, अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
चण्डीगढ़, 27 जनवरी - हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि 38वाँ अंतर्राष्ट्रीय सूरजकुंड शिल्प मेला आगामी 7 से 23 फरवरी तक फरीदाबाद में और अधिक आकर्षक रूप से मनाया जाएगा। इस वर्ष यह मेला महाकुंभ की तर्ज पर शिल्प महाकुंभ के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें विश्व भर के शिल्पकार अपनी रचनात्मक कार्य शैली का प्रदर्शन मेले में करेंगे।

विरासत एवं पर्यटन मंत्री डा. अरविंद शर्मा ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय मेले की तैयारियों को लेकर फरीदाबाद, सूरजकुंड स्थित राजहंस होटल के सभागार में हरियाणा पर्यटन निगम व जिला के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर मेले की तैयारियों की समीक्षा की। इस अवसर पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री श्री राजेश नागर भी मौजूद रहें। उन्होंने सूरजकुंड मेला परिसर का दौरा कर की गई व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

डा. अरविंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा की धरा अपनी सांस्कृतिक व ऐतिहासिक विरासत को सहेजे है। हरियाणवी संस्कृति की पहचान दुनिया में कायम करवाने के साथ साथ शिल्पकारों के लिए एक उचित सम्मानजनक मंच देने की शुरुआत 1987 से सूरजकुंड में शिल्प मेले के रूप में शुरू हुई, जोकि आज विश्व स्तर पर अपनी अटूट मिसाल कायम कर रहा है। उन्होंने गौरवान्वित होते हुए कहा कि सूरजकुंड की धरा पर लगने वाला यह मेला विश्व का सबसे बड़ा शिल्प मेला है। इस बार यह मेला महाकुंभ की तर्ज पर शिल्प महाकुंभ के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय एकता और देश की संस्कृति को और अधिक मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी स्वयं सूरजकुंड मेले की तैयारियों पर नजर रख रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा निरंतर इस मेले को भव्य रूप देने के लिए कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सूरजकुंड मेले को डिजिटल रूप दिया गया है। पहली बार स्टॉल की बुकिंग ऑनलाइन की गई हैं। पूरी पारदर्शिता बनाए रखते हुए सूरजकुंड का यह शिल्प मेला डिजिटल प्लेटफार्म के साथ पर्यटन के क्षेत्र में आमजन के स्वागत के लिए तैयार हो रहा है। मेले से जुड़े हर पहलू की जानकारी सूरजकुंड मेला डॉट कॉम डॉट इन पर उपलब्ध रहेगी। यह हरियाणा प्रदेश के लिए गौरव की बात है कि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर के मेले के आयोजन की जिम्मेवारी प्रभावी रूप से निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस बार 38वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में उड़ीसा व मध्यप्रदेश थीम स्टेट हैं और बिम्सटेक-बांग्लादेश, भूटान, इंडिया, म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका व थाईलैंड राष्ट्र भागीदार हैं और नॉर्थ ईस्ट हैंडलूम एंड हैंडीक्राफ्ट एसोसिएशन मेले का कल्चरल पार्टनर है, साथ ही दिल्ली मेट्रो टिकटिंग पार्टनर रहेगा।

बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि हरियाणा प्रदेश में आयोजित हो रहा यह सूरजकुंड मेला आज पूरे विश्व स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान कायम कर चुका है, ऐसे में हमें पूरी जिम्मेवारी के साथ मेले के सफल आयोजन में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित समयावधि में अपने विभाग से संबंधित सभी व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने मेला परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और मेले तक आने-जाने के लिए परिवहन की पूर्ण व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए।

केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को मेला उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया गया

हरियाणा के पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि विश्व स्तरीय शिल्पकार मेले के शुभारम्भ के लिए भारत सरकार में पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत को आमंत्रित किया गया है, वहीं मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी उद्घाटन समारोह में विशिष्ट तौर पर रहेंगे। समापन समारोह के लिए केंद्रीय विदेश मंत्री एस.जयशंकर को मुख्यातिथि के लिए आमंत्रण भेजा गया है। उन्होंने बताया कि 7 से 23 फरवरी तक चलने वाले मेले में देश के अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्रियों सहित विदेशी मंत्रालय से भी विशिष्ट जनों का आगमन रहेगा और रोजाना लाखों पर्यटक शिल्पकारों की प्रतिभा को देखने के लिए सूरजकुंड पहुंचेंगे।

इस अवसर पर हरियाणा पर्यटन निगम की प्रधान सचिव श्रीमती कला रामचंद्रन, फरीदाबाद के उपायुक्त श्री विक्रम सिंह  सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
January 27, 2025

हरियाणा के अरावली क्षेत्र में 10 हजार एकड़ में स्थापित की जाएगी विश्व की सबसे बड़ी जंगल सफारी - वन व वन्यजीव मंत्री राव नरबीर सिंह

हरियाणा के अरावली क्षेत्र में 10 हजार एकड़ में स्थापित की जाएगी विश्व की सबसे बड़ी जंगल सफारी - वन व वन्यजीव मंत्री राव नरबीर सिंह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है एनसीआर क्षेत्र में जंगल सफारी स्थापित करना

एशियाई सात शावक अब चैतन्य, वीरु, संजू, दीया, नव्या, चंचल व अन्नू से जाने जाएंगे

चिडिय़ा घर में तीन नर व चार मादा शावकों का किया गया नामकरण
चण्डीगढ़, 27 जनवरी - हरियाणा के वन एवं वन्यजीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि आगामी छह माह में हरियाणा में अरावली क्षेत्र में लगभग 10 हजार एकड़ में जंगल सफारी का प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से शिलान्यास करवाया जाएगा। एनसीआर क्षेत्र में जंगल सफारी स्थापित करना प्रधानमंत्री का ड्रिम प्रोजेक्ट है।
वन एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह रोहतक चिडिय़ा घर में सिंह शावक नामकरण समारोह में प्रेस प्रतिनिधियों से संवाद कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने इलेक्ट्रिक कार्ट में सवार होकर चिडिय़ा घर का भ्रमण किया तथा चिडिय़ा घर में रखे गए पशु-पक्षियों का अवलोकन किया। उन्होंने चिडिय़ा घर के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सफेद तोता भी लेकर आए, जो उन्होंने मॉरिसस की घाटी में देखा था।
उन्होंने एशिया शेर के तीन नर तथा चार मादा सहित सात शावकों में से चार शावकों का नामकरण किया। उन्होंने नर शावकों को चैतन्य व वीरु नाम दिया तथा तीसरे नर शावक को संजू नाम दिया गया। उन्होंने दो मादा शावकों को दीया व नव्या नाम दिया। एक मादा शावक को उपायुक्त श्री धीरेंद्र खडग़टा ने चंचल नाम दिया तथा चौथी मादा शावक का अन्नू नाम रखा गया। उन्होंने नन्हें शावक को गोद में उठाकर दुलारा तथा चिडिय़ा घर परिसर में पौधारोपण भी किया।
राव नरबीर सिंह ने कहा कि उन्होंने गत दिनों शारजाह में एक हजार एकड़ में स्थापित की गई विश्व की सबसे बड़ी जंगल सफारी का अवलोकन किया है, जो काफी सुन्दर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में जंगल सफारी स्थापित करने बारे उनके ड्रीम प्रोजेक्ट को सांझा किया था। हरियाणा में अरावली क्षेत्र में 10 हजार एकड़ में विश्व की सबसे बड़ी जंगल सफारी स्थापित की जाएगी। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत काबली कीकर को हटाकर उनके स्थान पर त्रिवेणी या जलवायु अनुकूल पौधे लगाए जाए।
उन्होंने बजट के संदर्भ में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श कर रहे है तथा विचार-विमर्श के बाद आम लोगों की सुविधा के दृष्टिगत बेहतर बजट प्रस्तुत किया जाएगा। सरकार द्वारा निरंतर जनहित में कार्य किए जा रहे है। देश व प्रदेश की जनता ने केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों पर मोहर लगाते हुए जनादेश दिया है। जनता कार्यों के आधार पर ही जनादेश देती है। विपक्ष का कार्य सिर्फ सरकार की आलोचना करना है।
उन्होंने इलेक्ट्रिक कार्ट में सवार होकर चिडिय़ा घर में रखे गए पशु पक्षियों का अवलोकन किया। उन्होंने बारहसिंगा, शतुरमुर्ग, चौसिंगा, काला हिरण, चिंकारा, घारेल, छोटा कस्तुरी मृग, हिमालयी काला भालू, 22 वर्षीय तेंदूआ, रोसेला तोता, मगरमच्छ, घडिय़ाल, कच्छवा, ब्राजील में पाए जाने वाला दुनिया का सबसे छोटा बंदर मार्माेसेट, एशियाई शेर, बाघ इत्यादि का अवलोकन किया तथा उनके बारे में जानकारी हासिल की।
इस अवसर पर वन एवं वन्य प्राणी विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विनित गर्ग, उपायुक्त श्री धीरेंद्र खडग़टा सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी, चिडिय़ा घर के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
January 27, 2025

नायब सरकार ने 100 दिन में लिए जनकल्याणकारी निर्णय

नायब सरकार ने 100 दिन में लिए जनकल्याणकारी निर्णय

संकल्प पत्र के 18 संकल्प किए पूरे, 6 संकल्पों पर काम जारी

आगामी वर्षों में विकास कार्यों का रोडमैप किया सांझा, आईएमटी खरखौदा की तर्ज पर पूरे प्रदेश में बनेंगे 10 अति आधुनिक औद्योगिक शहर

नवीकरणीय ऊर्जा के माध्यम से 25,000 मेगावॉट का होगा उत्पादन, हरियाणा व एनसीआर के उद्योगों को मिलेगी निर्बाध बिजली
चंडीगढ़, 27 जनवरी –हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में वर्तमान राज्य सरकार ने जन सेवा का दायित्व संभालते ही पहले 100 दिनों में तिगुणी गति से कार्य करते हुए 18 संकल्प पूरे कर लिए हैं और 6 संकल्पों पर कार्य तेजी से जारी है। साथ ही, 50 अन्य  संकल्पों को पूरा करने की प्रशासनिक व वित्तीय अनुमोदन की प्रक्रियाएं भी जारी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किए गए ये कार्य प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में हरियाणा के अहम योगदान की सशक्त आधारशिला साबित होंगे।
मुख्यमंत्री आज यहां हरियाणा सरकार के तीसरे कार्यकाल के 100 दिन पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री अनिल विज, श्री विपुल गोयल, श्री श्याम सिंह राणा, श्री रणबीर गंगवा, श्रीमती श्रुति चौधरी और विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा उपस्थित थे।
*वर्ष 2014 से पहले हरियाणा राजनीतिक रूप से परिवारवाद, क्षेत्रवाद और भेदभाव जैसी बीमारियों से था ग्रसित*

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले हरियाणा राजनीतिक रूप से परिवारवाद, क्षेत्रवाद और भेदभाव जैसी बीमारियों से ग्रसित था। युवाओं में अविश्वास था, नौकरियों के लिए नेताओं के चक्कर काटने पड़ते थे। लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पिछले 10 वर्षों में हरियाणा सरकार ने क्षेत्रवाद को समाप्त करने का काम किया और सबका साथ-सबका विकास-सबका प्रयास व सबका विश्वास के मूलमंत्र पर चलते हुए प्रदेश का समान रूप से विकास सुनिश्चित किया।
उन्होंने कहा कि 2014 से 2024 तक हरियाणा सरकार ने जनकल्याणकारी नीतियां बनाकर व लोगों के हित में निर्णय लेकर आमजन के जीवन को सुगम बनाने का काम किया। पढ़ी लिखी पंचायतों की पहल, ऑनलाइन ट्रांसफर नीति, परिवार पहचान पत्र के माध्यम से लोगों को घर बैठे योजनाओं का लाभ देना, बिना किसी परेशानी के ऑनलाइन स्वतः सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ देना, बीपीएल आय सीमा को बढ़ाकर अधिक लोगों को सरकार की योजनाओं के तहत कवर करना, आयुष्मान-चिरायु योजना, पीएम स्वामित्व योजना, हर घर नल से जल तथा गांवों को 24 घंटे बिजली प्रदान करने जैसी अभूतपूर्व कार्य करके राज्य के समावेशी विकास के साथ-साथ लोगों के जीवन स्तर को बदलने का काम किया है।
*आगामी वर्षों में विकास कार्यों का रोडमैप किया सांझा, आईएमटी खरखौदा की तर्ज पर पूरे प्रदेश में बनेंगे 10 अति आधुनिक औद्योगिक शहर*

मुख्यमंत्री ने आगामी वर्षों में प्रदेश में विकास कार्यों का रोडमैप सांझा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार आईएमटी खरखौदा की तर्ज पर पूरे प्रदेश में 10 अति आधुनिक औद्योगिक शहर बनाएगी। नवीकरणीय ऊर्जा के माध्यम से 25,000 मेगावॉट का उत्पादन करेंगे, जिसका उपयोग हरियाणा और एनसीआर के विभिन्न औद्योगिक केंद्रों को बिजली देने के लिए किया जाएगा। इसके अलावा, पानीपत, फरीदाबाद और गुरुग्राम में रासायनिक व औद्योगिक कचरे की समस्या के समाधान के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया जाएगा। नारनौल, महेंद्रगढ़ में इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स हब के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी। हरियाणा सरकार केंद्र सरकार की पीएम मित्र योजना के साथ सहयोग करते हुए हरियाणा के सबसे बड़े टेक्सटाइल केंद्र अंबाला में एकीकृत कपड़ा पार्क स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा उत्पाद से जुड़े प्रोत्साहन योजना और हरियाणा फार्मास्यूटिकल नीति-2015 के माध्यम से करनाल में फार्मा पार्क की स्थापना में तेजी लाई जाएगी। पीपीपी मोड में महेंद्रगढ़ में डिफेंस और एयरोस्पेस हब स्थातिप किया जाएगा। नए उद्योगों के विकास के लिए ई-भूमि द्वारा 10,000 एकड़ का नया लैंड बैंक बनाएंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी संस्था द्वारा समय पर भुगतान नहीं करने पर 8 प्रतिशत की दर से ब्याज का भुगतान करने की नीति लागू की जाएगी।
*जनसमस्याओं का हो रहा समाधान*

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही उन्होंने नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों का समाधान के लिए समाधान शिविर लगाने के निर्देश दिये थे। आज तक इन शिविरों में 75 हजार से अधिक शिकायतों का समाधान कर लोगों को राहत पहुंचाई जा चुकी है। इतना ही नहीं, सीएम आवास या कार्यालय में या दौरे के दौरान प्रतिदिन सैकड़ों लोगों से प्राप्त प्रतिवेदनों और शिकायतों के समाधान के लिए भी जनसंवाद पोर्टल बनाया हुआ है। इसके माध्यम से 100 दिनों में लगभग 45 हजार शिकायतों का समाधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 18 अक्तूबर, 2024 को पहली कलम से किडनी के रोग से पीड़ितों को मुफ्त डायलिसिस की सेवाएं प्रदान करने की शुरुआत की। पहली मंत्रिमंडल की बैठक में ही सरकार ने अनुसूचित जातियों के आरक्षण का दो वर्गों में वर्गीकरण कर अब तक वंचित रह गई अनुसूचित जातियों को उनका अधिकार देने का काम किया। उन्होंने कहा कि 14 नवम्बर, 2024 को सरकार के तीसरे कार्यकाल के पहले विधानसभा सत्र में ही पिछड़ा वर्ग बी को पंचायती राज संस्थाओं व शहरी स्थानीय निकायों में आरक्षण का कानून बनवाया। सरपंच पद के लिए 5 प्रतिशत तथा अन्य पदों के लिए उनकी जनसंख्या का 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा योजना में रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या धाम की यात्रा शुरू की थी। चुनावों के समय अपने संकल्प पत्र में हमने माता वैष्णो देवी और शिरडी साई मंदिर की दर्शन यात्रा को भी इस योजना में शामिल करने का संकल्प लिया था। इस संकल्प को भी हमने पूरा किया है। अब इस योजना में महाकुम्भ को भी शामिल किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पी.एम. सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश में 1 लाख घरों की छतों पर मुफ्त में 2 किलोवाट के सोलर सिस्टम लगाने का लक्ष्य रखा था। यह सोलर सिस्टम 1 लाख 80 हजार रुपये तक वार्षिक आय बाले परिवारों के घरों की छत पर लगाया जा रहा है। पिछले 100 दिनों में इस योजना में 12,285 सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं।
*दयालु योजना में 6,279 परिवारों को दी गई 233.67 करोड रुपये की आर्थिक सहायता*

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब परिवारों को आर्थिक संकट से बचाने के लिए ऐसे परिवारों की आर्थिक मदद के लिए ही दीन दयाल उपाध्याय अंत्योदय परिवार सुरक्षा योजना (दयालु) चलाई है। इस योजना में 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले 6,279 परिवारों को 233.67 करोड रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है।
इस अवसर पर मुख्य सचिव डॉ विवेक जोशी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरूण कुमार गुप्ता, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित अग्रवाल, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ साकेत कुमार, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक श्री के मकरंद पांडुरंग, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव श्री तरूण भंडारी और मीडिया सचिव श्री प्रवीण आत्रेय सहित अन्य विभागों के प्रशासनिक सचिव उपस्थित थे।
January 27, 2025

चेस मैच से पहले उज्बेक खिलाड़ी ने नहीं मिलाया भारत की आर वैशाली से हाथ, हारने के बाद हुई थू-थू: सफाई में बोला- इस्लाम के कारण किया ऐसा

चेस मैच से पहले उज्बेक खिलाड़ी ने नहीं मिलाया भारत की आर वैशाली से हाथ, हारने के बाद हुई थू-थू: सफाई में बोला- इस्लाम के कारण किया ऐसा
Haryana Bulletin News : टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट में उज्बेकिस्तान के ग्रैंडमास्टर नोदिरबेक याकुबोएव ने मजहबी वजहों से भारत की आर वैशाली से हाथ नहीं मिलाया, जिससे विवाद खड़ा हो गया। नीदरलैंड में खेले जा रहे टूर्नामेंट के दौरान वैशाली ने खेल शुरू होने से पहले हाथ बढ़ाया, लेकिन याकुबोएव ने इसे नजरअंदाज कर दिया। इससे वैशाली असहज हो गईं।
सोशल मीडिया पर बवाल मचने के बाद याकुबोएव ने माफी माँगी और मजहबी कारणों का हवाला दिया। याकुबोएव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि वह वैशाली और उनके भाई आर प्रज्ञानंद का सम्मान करते हैं, लेकिन वह महिलाओं से हाथ नहीं मिलाते। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका इरादा किसी का अपमान करना नहीं था।
इस पूरे घटनाक्रम के बावजूद वैशाली ने खेल पर अपना ध्यान लगाए रखा और याकुबोएव को हरा दिया। इसके बाद वैशाली ने भी याकुबोएव से हाथ नहीं मिलाकर उसी के स्टाइल में बिना कहे जवाब भी दे दिया। वैशाली के चार अंक हैं, जबकि याकुबोएव आठ राउंड के बाद तीन अंकों पर हैं।