Breaking

Saturday, November 1, 2025

November 01, 2025

हरियाणा की पारदर्शी भर्ती व्यवस्था बनी मिसाल, अब तक 3 लाख युवाओं को मिला रोजगार - मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

हरियाणा की पारदर्शी भर्ती व्यवस्था बनी मिसाल, अब तक 3 लाख युवाओं को मिला रोजगार - मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री ने 5,22,162 महिलाओं के खातों में 109 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की, पूरे प्रदेश में पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली की भी आज से हुई शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार से विकास को मिली नई ऊर्जा, 1 साल में में 48 वादे पूरे, 158 पर कार्य प्रगति पर

ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस के सुदृढ़ इकोसिस्टम से औद्योगिक विकास को मिली गति
चंडीगढ़ - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्तमान सरकार ने युवाओं के रोजगार सृजन में अभूतपूर्व प्रगति हासिल करते हुए बीते 11 वर्षों के कार्यकाल में 3 लाख युवाओं को पूरी पारदर्शिता के आधार पर सरकारी सेवाओं में नियुक्ति का अवसर प्रदान किया है। इनमें से 1,80,000 युवाओं को नियमित सरकारी पदों पर नियुक्त किया गया है, जबकि 1,20,000 युवाओं को हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कौशल रोजगार निगम से जुड़े कर्मचारियों को न केवल रोजगार उपलब्ध हुआ है, बल्कि उनके भविष्य की सुरक्षा भी सुनिश्चित की गई है। पारदर्शिता के आधार पर यह प्रक्रिया निरंतर जारी है।
मुख्यमंत्री आज यहां हरियाणा दिवस के अवसर पर आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने दीनदयाल लाड़ो लक्ष्मी योजना की पहली किस्त के तहत 5,22,162 पात्र महिलाओं के खातों में 109 करोड़ 65 लाख 40 हजार 200 रुपये की राशि भी स्थानांतरित की। साथ ही मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश में पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली की भी शुरुआत की। उन्होंने कहा कि इस नई व्यवस्था से रजिस्ट्री करवाने की पुरानी जटिल प्रक्रियाओं से नागरिकों को राहत मिलेगी, अनावश्यक देरी समाप्त होगी तथा भ्रष्टाचार की संभावनाओं पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार हरियाणा को इनोवेशन, इंफ्रास्ट्रक्चर और समावेशी विकास के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि डबल इंजन सरकार के चलते प्रदेश में विकास की गति दोगुनी हुई है। इसी का परिणाम है कि वर्तमान राज्य सरकार ने अपने संकल्प पत्र के 217 में से 48 वादों को केवल एक वर्ष में पूरा कर दिखाया है, जबकि 158 वादों पर कार्य प्रगति पर है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष हरियाणा दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव आयोजित किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष द्वारा आज पंचकूला में किया गया। उन्होंने कहा कि आगामी हरियाणा दिवस से साप्ताहिक पुस्तक मेले का आयोजन भी किया जाएगा।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने हाल ही में जनसेवा के 11 वर्ष पूरे किए हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को साकार करने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा का सम्मान करते हुए ग्रुप-सी और ग्रुप-डी की भर्तियों में इंटरव्यू की प्रक्रिया समाप्त की गई है। हरियाणा का यह  भर्ती पारदर्शिता मॉडल आज पूरे देश में मिसाल बन चुका है, जिसकी सराहना स्वयं प्रधानमंत्री जी भी कई बार कर चुके हैं।
ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस के सुदृढ़ इकोसिस्टम से औद्योगिक विकास को मिली गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षा के साथ-साथ उनके कौशल विकास पर भी बल दे रही है। औद्योगिक विकास को गति देने के लिए ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस का सुदृढ़ इकोसिस्टम तैयार किया गया है। पिछले 11 वर्षों में राज्य में 12,20,872 सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों का पंजीकरण हुआ है, जिसके परिणामस्वरूप 28,377 करोड़ 59 लाख रुपये का निवेश संभव हुआ है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य में 9,500 से अधिक स्टार्टअप्स कार्यरत हैं तथा 19 यूनिकॉर्न कंपनियां भी हरियाणा में हैं। इससे स्पष्ट है कि हरियाणा समृद्धि की नई परिभाषा लिख रहा है और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
किसान कल्याण सरकार की प्राथमिकता, हरियाणा में सभी 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर, 48 घंटे में भुगतान सुनिश्चित

किसानों के हित में राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं  का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान कल्याण सरकार की नीतियों का केंद्र है। राज्य में सभी 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर की जा रही है तथा फसल बेचने के 48 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल खराबे  पर किसानों को अब तक 15,627 करोड़ का मुआवजा दिया जा चुका है।
वंचित वर्गों को मुख्यधारा में लाना सरकार की प्रतिबद्धता

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने अब तक वंचित अनुसूचित जातियों को उनका अधिकार दिलाने का कार्य किया है, जिससे उन्हें सरकारी नौकरियों, पंचायतों और स्थानीय निकायों के चुनावों में भागीदारी सुनिश्चित हुई है। उन्होंने बताया कि पिछड़ा वर्ग और गरीब वर्ग के कल्याण के लिए भी अनेक योजनाएं लागू की गई हैं।
महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में की जा रही कई पहल

महिलाओं के सशक्तिकरण के संबंध में अनेक योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ‘हर घर हर गृहिणी’ योजना के तहत गरीब परिवारों की 14 लाख 50 हजार महिलाओं को प्रतिमाह 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा, ‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना के तहत 100 महिलाओं को ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण देकर मुफ्त ड्रोन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इस वर्ष 100 और महिलाओं को मुफ्त ड्रोन प्रशिक्षण दिया जा रहा है।  अब तक प्रदेश में 2,13,000 महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाया जा चुका है।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्यमंत्री के  प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, राजस्व विभाग की वित्तायुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ सुमिता मिश्रा, सेवा विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव जी अनुपमा, सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग मुख्यमंत्री के मीडिया सेक्रेटरी प्रवीन आत्रेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
November 01, 2025

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना में पात्र हर महिला लाभार्थियों को जारी की 2100 रुपये की राशि

मोदी की गारंटी और नायब के संकल्पों से साकार हो रहा महिला सशक्तिकरण का सपना
हरियाणा दिवस पर प्रदेश की महिलाओं को मिली बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना में पात्र हर महिला लाभार्थियों को जारी की 2100 रुपये की राशि

5,22,162 महिलाओं को मिला 109 करोड़ 65 लाख 40 हजार 200 रुपए का लाभ

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार चुनावों के दौरान किए गए संकल्पों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध
चंडीगढ़ - हरियाणा दिवस के विशेष अवसर पर आज प्रदेश की महिलाओं को आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक और बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत पात्र 5,22,162 महिला लाभार्थियों को 2100- 2100 रुपये की राशि जारी की। इन महिलाओं को 109 करोड़ 65 लाख 40 हजार 200 रुपए का लाभ मिला। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की 'गारंटी’ और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के संकल्प' प्रदेश में परिवर्तन की नई गाथा लिख रहे हैं। इसी कड़ी में महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह पहल सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि डबल इंजन सरकार की स्पष्ट नीति और साफ नीयत की एक अनुपम झलक है।
मुख्यमंत्री आज यहां हरियाणा दिवस के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव भी उपस्थित रहे। इस मौके पर मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 21 महिला लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से चेक वितरित किए।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी के 109 वें जन्मदिवस के अवसर पर 25 सितंबर को ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी’ ऐप का शुभारंभ किया गया था। इस ऐप पर 31 अक्तूबर, 2025 की मध्यरात्रि तक कुल 6,97,697 महिलाओं ने सफलतापूर्वक आवेदन किया, जिनमें से 6,51,529 विवाहित तथा 46, 168 अविवाहित हैं। 30 अक्तूबर की मध्यरात्रि से 31 अक्तूबर की मध्यरात्रि तक की 24 घंटे की अवधि में ही लगभग 37,735 नए आवेदन प्राप्त हुए थे, जो इस योजना की लगातार बढ़ती लोकप्रियता और जन-स्वीकृति का स्पष्ट प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ 23 वर्ष या इससे अधिक आयु की वे सभी महिलाएं ले सकती हैं, जिनके परिवार की वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम है। इस योजना का विशेष पहलू यह है कि परिवार की सभी पात्र महिलाएं इस योजना का लाभ ले सकती हैं। इस योजना का लाभ पाने के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और ऑनलाइन है। आवेदन ‘लाडो लक्ष्मी मोबाइल ऐप’ के माध्यम से किसी भी स्थान से किसी भी समय सरलता से किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि आवेदन पूरा होते ही 24 से 48 घंटे के समय में सारी सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर ली जाती हैं और पात्र पाई गई महिलाओं को एसएमएस द्वारा सूचित कर दिया जाता है। इस एसएमएस में उनसे निवेदन किया जाता है कि आप आवेदन के अंतिम चरण में इसी ऐप पर दोबारा जाकर अपना लाइव फोटो खींचकर अपलोड करें। इससे अगले ही क्षण आधार डेटाबेस के माध्यम से इ- केवाईसी हो जाती है और ऐसा होते ही सेवा विभाग इस योजना की आईडी जारी कर देता है।
 उन्होंने कहा कि गत रात्रि 12 बजे तक सफलतापूर्वक आवेदन करने वाली महिलाओं की जो संख्या 6,97,697 में से 5,22,162 महिलाएं तब तक जांच उपरांत पात्र पाई गई थीं और उन्हें बधाई एसएमएस भेज दिया गया था। उनमें से उस समय तक 3,96,983 पात्र महिलाओं ने आधार केवाईसी का अंतिम चरण भी पूरा कर लिया था और शेष 1,75,179 महिलाओं के आवेदनों में यह उस समय तक लंबित था। इस प्रकार, आज इस योजना के तहत 5,22,162 पात्र बहन-बेटियों को 2100-2100 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे ही उनके बैंक खातों में जारी की।
मुख्यमंत्री ने अपील करते हुए कहा कि जिन महिलाओं का आधार केवाईसी का अंतिम चरण अभी भी बकाया है, वे शीघ्रातिशीघ्र पूरा कर लें। इस चरण के पूरा होते ही उनके खाते में धनराशि तुरंत पहुंच जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव तथा वित्तायुक्त डॉ सुमिता मिश्रा, सामाजिक न्याय, अधिकारिता अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अंत्योदय (सेवा) विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती जी अनुपमा, सूचना जनसंपर्क भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक श्री के मकरंद पांडुरंग, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव और राजस्व एवं आपदा विभाग के विशेष सचिव श्री यश पाल, सेवा विभाग के निदेशक श्री प्रशांत पंवार, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव श्री प्रवीण आत्रेय सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
November 01, 2025

हरियाणा राजभवन में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया राज्य का 60 वां स्थापना दिवस

हरियाणा राजभवन में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया राज्य का 60 वां स्थापना दिवस
चण्डीगढ - हरियाणा राजभवन में आज राज्य का 60 वां स्थापना दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह पूर्वक मनाया गया। समारोह का शुभारम्भ हरियाणा के राज्यपाल प्रो0 असीम कुमार घोष उनकी पत्नी श्रीमती मित्रा घोष और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने विधिवत् दीप प्रज्वलित करके किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल भी उपस्थित रहे। राज्यपाल ने समारोह में भाग लेने वाले कलाकारों को 6 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

इसके बाद राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित डॉ मोनिका ने देवी आराधना गीत की प्रस्तुति ने वातावरण को आध्यात्मिक तरंगों से परिपूर्ण कर दिया। इस अवसर पर बहुरंगी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये जिनकी शुरुआत हरियाणा राज्य के लोक नृत्य से हुई। हरियाणा के बाद पंजाब राज्य के लोकनृत्य भांगड़ा की प्रस्तुति ने रंग जमाया। इसी के साथ पश्चिम बंगाल के लोक नृत्य नटुआ, हरियाणा के घूमर लोक नृत्य और देश भक्ति गीत ने आयोजन में चार चांद लगा दिए।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविंदर सिंह कल्याण, सहकारिता मंत्री श्री अरविन्द शर्मा, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव, मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ सुमिता मिश्रा, सेवा विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती जी अनुपमा, हरियाणा पुलिस महानिदेशक श्री ओ पी सिंह, नगर एवं ग्राम नियोजन तथा शहरी संपदा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अपूर्व कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण गुप्ता, लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अनुराग अग्रवाल, सहकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विजयेंद्र कुमार, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ साकेत कुमार, सूचना जन संपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक श्री के मकरंद पांडुरंग, राज्यपाल के सचिव श्री दुष्मंता कुमार बेहरा, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव श्री यशपाल सहित वरिष्ठ अधिकारीगण और कर्मचारियों के अलावा काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
November 01, 2025

बाबा खेतानाथ आयुर्वेदिक कॉलेज नारनौल में 100 बीएएमएस सीटों पर पुनः एडमिशन की अनुमति

सरकार आयुर्वेदिक चिकित्सा और शिक्षा को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत  : आरती सिंह राव 

बाबा खेतानाथ आयुर्वेदिक कॉलेज नारनौल में 100 बीएएमएस सीटों पर पुनः एडमिशन की अनुमति
चंडीगढ़ - हरियाणा की  स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों से भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग (एनसीआईएसएम) की ओर से "बाबा खेतानाथ राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल पटीकरा" को  शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए 100 बीएएमएस सीटों पर दाखिले की पुनः अनुमति प्रदान की गई है।

 आरती सिंह राव ने बताया कि पिछले कुछ सत्रों में कॉलेज में शिक्षकों और तकनीकी स्टाफ की कमी के कारण सभी 100 सीटों पर प्रवेश नहीं हो पा रहे थे, जिससे यह संख्या घटकर केवल 63 सीटों तक सीमित रह गई थी। सरकार ने कॉलेज में आवश्यक शिक्षकों की नियुक्ति, अधोसंरचना सुधार और शैक्षणिक मानकों को पूरा करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की।  विभागीय समन्वय से एनसीआईएसएम द्वारा अब पुनः कॉलेज को उसकी पूर्ण सीट क्षमता यानी 100 सीटों की मान्यता प्रदान की गई है।

आयुष मंत्री ने कहा कि यह निर्णय प्रदेश के उन छात्रों के लिए राहत का काम करेगा , जो हरियाणा के एकमात्र राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज से बीएएमएस की पढ़ाई का सपना देखते हैं। राज्य सरकार आयुर्वेदिक चिकित्सा और शिक्षा को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि युवा पीढ़ी को बेहतर अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि सरकार भविष्य में प्रदेश में आयुर्वेदिक संस्थानों के विस्तार और आधुनिक सुविधाओं से लैस नई परियोजनाओं पर भी कार्य कर रही है, ताकि आयुष चिकित्सा प्रणाली को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
November 01, 2025

*किसी भी राष्ट्र के सांस्कृतिक विकास का मापदंड है वहां की कला : श्यामदत्त अत्री* अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मूर्तिकार प्रदीप कुमार को मिला वर्ष 2025 का ‘कौशल श्री सम्मान’

*किसी भी राष्ट्र के सांस्कृतिक विकास का मापदंड है वहां की कला : श्यामदत्त अत्री* 
अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मूर्तिकार प्रदीप कुमार को मिला वर्ष 2025 का ‘कौशल श्री सम्मान’
जींद : कला एवं संस्कृति के विकास, उत्थान और संवर्धन के लिए निरंतर कार्यरत सोल एंड स्पिरिट आर्ट सोसाइटी ने वर्ष 2025 का ‘कौशल श्री सम्मान’ अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मूर्तिकार प्रदीप कुमार को प्रदान किया। यह सम्मान उन्हें  अयोध्या राम मंदिर व राम दरबार निर्माण में अपने उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया।यह सम्मान अत्री चैरिटेबल फाउंडेशन, जींद के स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर श्री गुरुदयाल गौशाला, ढाठरथ में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्यामदत्त अत्री और श्रीमती मेनका अत्री उपस्थित रहे। मुख्य अतिथियों द्वारा प्रदीप कुमार को स्मृतिचिह्न, प्रशंसा पत्र, शॉल तथा ₹5000 की नकद सम्मान राशि प्रदान की गई।समारोह के दौरान श्यामदत्त अत्री ने अपने संबोधन में कहा, “किसी भी राष्ट्र के सांस्कृतिक विकास का सबसे बड़ा मापदंड उसकी कला और कलाकार होते हैं। कलाकार समाज का दर्पण होते हैं, जो सभ्यता और संस्कारों की दिशा तय करते हैं।”
इस अवसर पर सोल एंड स्पिरिट आर्ट सोसाइटी के अध्यक्ष दीपक कौशिक ने बताया कि सोसाइटी समय-समय पर कलाश्री और कौशल श्री जैसे सम्मानों के माध्यम से उत्कृष्ट कलाकारों को प्रोत्साहित करती है। इसके साथ ही कला के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाती है, ताकि वे अपनी सृजनशीलता को आगे बढ़ा सकें।
कार्यक्रम में शरद अत्री, राजेश शास्त्री, सुमन शर्मा, मोहित बब्बर व सोसाइटी के पदाधिकारी सुमित आर्य सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन देश की कला और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के संकल्प के साथ किया गया।
November 01, 2025

भाजपा की गारंटी की कोई वारंटी नहीं - दीपेन्द्र हुड्डा

भाजपा की गारंटी की कोई वारंटी नहीं - दीपेन्द्र हुड्डा

जब ₹2100 देने का वादा हर महिला से किया था, तो अब शर्तें क्यों लगाई जा रही हैं – दीपेन्द्र हुड्डा 

हरियाणा में बड़े स्तर पर फिरौती राज चल रहा है – दीपेन्द्र हुड्डा
जींद :  सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने हरियाणा राज्य के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 59 वर्षों की इस गौरवशाली यात्रा में हरियाणा के सभी नागरिकों का अमूल्य योगदान है। उन्होंने कहा कि हरियाणा दिवस के अवसर पर भाजपा सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना लागू कर एक बार फिर प्रदेश की महिलाओं के साथ बड़ा छल किया है। बीजेपी ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में वादा किया था कि प्रदेश की हर महिला को ₹2100 दिए जाएंगे, लेकिन अब यह योजना सिर्फ 5 से 7 लाख महिलाओं तक सीमित कर दी गई है। जब वादा हर महिला से किया था, तो अब शर्तें क्यों लगाई जा रही हैं? भाजपा की गारंटियाँ सिर्फ चुनाव तक चलती हैं, उसके बाद उनकी कोई वारंटी नहीं रहती। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि बीजेपी सरकार पूरी तरह से असंवेदनशील सरकार है और इसे जनता की तकलीफों से कोई लेना-देना नहीं है। 
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था हो या प्रशासनिक व्यवस्था हो अफसरशाही बेलगाम है। केंद्र की बीजेपी सरकार के कैबिनेट मंत्री के सामने खुद मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि उनके हाथ में चपरासी की बदली करने का भी पावर नहीं है। क्योंकि, सब जानते हैं कि प्रदेश की सत्ता की डोर दिल्ली में किसी और के हाथ में है। 
हरियाणा देश का सबसे असुरक्षित राज्य बन गया है। हरियाणा में बड़े स्तर पर फिरौती राज चल रहा है। केंद्र सरकार की रिपोर्ट और आंकड़े इसकी पुष्टि करते हैं। हरियाणा में संगठित अपराध चरम पर है। यहाँ 60 से अधिक बदमाशों के गैंग सक्रिय हैं, जो हत्या, लूट, डकैती और फिरौती जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हरियाणा को गैंगस्टर मुक्त बनाने का काम किया था। हुड्डा सरकार के समय अच्छी कानून-व्यवस्था के कारण हरियाणा में उस समय सबसे ज्यादा निवेश आया।  बीजेपी ने 11 साल में प्रदेश के विकास को ही नहीं बल्कि प्रदेश की राजनीति को भी पटरी से उतार दिया है। 2014 से पहले हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, निवेश और रोजगार देने में नंबर 1 माना जाता था। प्रदेश के विकास की चमक पूरे देश में दिखती थी। आज उस हरियाणा में किसान से लेकर नौजवान तक हर कोई बीजेपी सरकार से त्रस्त है। महंगाई, बेरोजगारी, नशे की समस्या, चौपट कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार के कारण प्रदेश विकास के हर पैमाने पर पिछड़ गया है। इस दौरान सांसद जय प्रकाश जेपी, सांसद सतपाल ब्रह्मचारी मौजूद रहे।   
November 01, 2025

श्याम महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब। राजन चिल्लाना, राजकुमार गोयल, रजनीश जैन इत्यादि रहे मुख्य अतिथि

श्याम महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब। राजन चिल्लाना, राजकुमार गोयल, रजनीश जैन इत्यादि रहे मुख्य अतिथि
जींद : लाडले श्याम के सेवा समिति जींद द्वारा बनखंड महादेव हांसी रोड स्थित प्रांगण में आज भव्य श्याम महोत्सव एवं संकीर्तन कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा की तरफ से राजन चिल्लाना, अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल, आम आदमी पार्टी महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रजनीश जैन, जिला परिषद चेयरमैन कुलदीप रंधावा इत्यादि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। समारोह में शहर और आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे और “जय श्री श्याम” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी चन्द्र रूप शर्मा द्वारा ज्योति प्रज्वलित कर किया गया। भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक दीपांशु तिवारी कानपुर, साहिल अत्री, नरेश भजनी और अमित ढुल ने अपने सुमधुर भजनों से माहौल को पूरी तरह श्याममय बना दिया। उपस्थित भक्त श्याम तेरी महिमा न्यारी है पर झूमते और नाचते नजर आए। इस मौके पर समिति के प्रधान नरेंद्र बंसल, उपप्रधान विशाल मित्तल, सह-कोषाध्यक्ष मुकेश बंसल, सलाहकार दीपक बंसल, विशाल गर्ग, दीपक शर्मा, सुरेश गर्ग, दीपक कौशिक सहित समिति के अनेक सदस्य मौजूद रहे।
इस अवसर पर राजकुमार गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि श्याम महोत्सव जैसे धार्मिक आयोजन समाज में भक्ति, सेवा और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। ऐसे कार्यक्रम हमें अध्यात्म के साथ सामाजिक समरसता की राह पर अग्रसर करते हैं। महोत्सव का उद्देश्य समाज में भक्ति, सेवा और प्रेम की भावना को सशक्त करना तथा लोगों को बाबा श्याम की भक्ति से जोड़ना बताया गया। कार्यक्रम के अंत में बाबा श्याम का भव्य प्रसाद वितरण किया गया जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
November 01, 2025

बाल विवाह रोकने की कवायद, देवउठनी ग्यारस पर होने वाली शादियों पर रहेगी विशेष नजर

बाल विवाह रोकने की कवायद, 
देवउठनी ग्यारस पर होने वाली शादियों पर रहेगी विशेष नजर
जींद : देवउठनी ग्यारस पर सामाजिक प्रथा बाल विवाह होने का अंदेशा बना रहता है, जो बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के तहत कानूनी अपराध है । हालांकि पिछले तीन-चार वर्षों की बात की जाए तो लगातार बाल विवाह के मामलों में कमी आई है। बावजूद इसके जिला महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी कार्यालय टीम किसी भी स्तर पर कोर-कसर छोडऩा नही चाह रही है। देवउठनी ग्यारस पर जिलाभर में विवाह समारोहों की धूम रहेगी और युवा भी खूब विवाह बंधन में बंधेंगे। ऐसे में देवउठनी ग्यारस पर होने वाले सामूहिक विवाह की आड़ में कुछ बाल विवाह भी हो सकते हैं। जिसके चलते जिला महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी कार्यालय टीम की विशेष नजर रहेगी। इसमें लड़के की आयु 21 वर्ष से कम तथा लड़की की आयु 18 वर्ष की आयु से कम पाई जाती है तो कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके साथ-साथ अब बाल विवाह के केस में पोक्सो एक्ट का केस दर्ज करवाने का प्रावधान भी कर दिया गया है। 
जिला महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी सुनीता के दिशा-निर्देशन में बाल विवाह रोकने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और MDD आफ इंडिया NGO का भी सहयोग लिया जा रहा है। हालांकि जिले में बाल विवाह पिछले वर्षों के मुकाबले घट रहे हैं जोकि लोगों की जागरूकता के कारण ही संभव हुआ है। टीम ने सभी से निवेदन किया है कि वह अपने अपने कार्यों के साथ-साथ विवाह में लड़का-लड़की के जन्म से संबंधित कागजात मंगवा कर देखें ताकि पता लग सके कि दोनों बालिग हैं या नहींं। बाल विवाह से संबंधित सूचना तुरंत महिला हैल्पलाइन नंबर 181, 112 नंबर या 88140-11559 पर दें ।

Friday, October 31, 2025

October 31, 2025

“प्रधानमंत्री पद नहीं, राष्ट्र सर्वाेपरि“, लौहपुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने हंसते-हंसते त्यागा था प्रधानमंत्री का पद - ऊर्जा मंत्री अनिल विज

“प्रधानमंत्री पद नहीं, राष्ट्र सर्वाेपरि“, लौहपुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने हंसते-हंसते त्यागा था प्रधानमंत्री का पद - ऊर्जा मंत्री अनिल विज
अम्बाला/चंडीगढ़- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि लौहपुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल एक त्यागपुरूष थे और उनकी सोच में देश सबसे पहले, फिर पार्टी तथा बाद में स्वयं था। इसी विचारधारा के चलते लौहपुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पद को हंसते-हंसते त्याग दिया था।

उन्होंने बताया कि साल 1946 में कांग्रेस वर्किंग कमेटी के चुनाव हुए उसमें तय था कि जो प्रधान बनेगा वहीं कल देश का प्रधानमंत्री भी बनेगा। उस समय 15 प्रदेश कांग्रेस कमेटियां थी जिन्होंने चुनाव में हिस्सा लिया, 15 में से 12 वोट सरदार वल्लभ भाई पटेल के पक्ष में डाले गए व 3 वोटें अन्य को डाली गई। जवाहरलाल नेहरू को एक वोट तक नहीं मिली, फिर भी महात्मा गांधी जी ने सरदार पटेल से कहा कि वह जवाहरलाल नेहरू को प्रधानमंत्री बनाना चाहते हैं और आप पद पर अपना दावा छोड़ दें, जिस पर सरदार वल्लभ भाई पटेल ने हंसते-हंसते प्रधानमंत्री पद का त्याग कर दिया।  

विज आज सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर अम्बाला छावनी के वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय ‘रन फॉर यूनिटी’ पदयात्रा कार्यक्रम में बतौर मुख्यतिथि अपार जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लौह पुरुष वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर व सैल्यूट कर उन्हें नमन भी किया। इस मौके पर मंत्री अनिल विज का स्मृति चिन्ह कर सम्मानित भी किया गया।

उन्होंने कहा कि आज एकता यात्रा हिस्सा लेने के लिए हम सभी एकत्रित हुए हैं, आज सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की 150वीं जयंती है, उन्हें लौह पुरुष भी कहा जाता है और आज जो हिंदुस्तान हमारे सामने है यह उनकी बदौलत है। हम आजाद हो गए, लेकिन देश अलग-अलग रियासतों में बंटा था और उस समय लगभग 562 रियासतें थी। देश की पहली सरकार में सरदार पटेल जी को उप प्रधानमंत्री व गृह मंत्री बनाया गया। उन्होंने इन रियासतों को भारत में विलय करने का काम किया और कहीं भी बल प्रयोग नहीं करना पड़ा और सभी रियासतों को हिंदुस्तान में शामिल कराया। जम्मू-कश्मीर का विलय करने में भी दिक्कतें आई जिसे जवाहर लाल नेहरू जी ने संभाला हुआ था, लेकिन उसके बाद क्या-क्या कठिनाईयां आई, यह आज हमारे सामने है।


जवाहरलाल नेहरू की जगह सरदार पटेल पहले प्रधानमंत्री होते, तो आज स्थिति कुछ ओर होती, हम नई ऊंचाइयों को छू चुके होते- मंत्री अनिल विज

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि विश्लेषक कहते हैं कि नेहरू की जगह सरदार पटेल हमारे पहले प्रधानमंत्री बने होते तो आज देश की स्थिति कुछ ओर होती व आज देश कई ऊंचाइयों को छू चुका होता। मगर सरदार पटेल तब पार्टी से बंधे थे और पार्टी ने जो दायित्व दिया उन्होंने उसे निभाया। संघीय ढांचें में आईएएस व आईपीएस सेवाओं की सोच भी पटेल जी की थी जिसका उन्होंने निर्माण किया ताकि देश को अच्छे प्रकार से संचालित किया जा सके। वह अच्छे प्रशासक के साथ-साथ देशभक्त भी थे। उनकी आर्थिक नीतियां देश को आगे बढ़ाने के लिए थी। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया मगर कांग्रेस पार्टी ने उन्हें सम्मान नहीं दिया, उनको भारत रतन भी 41 वर्ष बाद दिया गया जबकि उनसे पहले कई प्रधानमंत्रियों ने खुद ही भारत रतन ले लिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के केवडिया में अमेरिका के स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी से भी ऊंचा सरदार पटेल का स्मारक बनाकर दिया क्योंकि हम सम्मान करना जानते है - विज

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि आज दिल्ली में नेताओं की बड़ी-बड़ी समाधियां है मगर सरदार पटेल के लिए इनको एक इंच जमीन नहीं मिली जहां सरदार पटेल की स्मृति बनाई जा सके। मगर भाजपा सरकार ने व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के केवडिया में अमेरिका के स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी से भी ऊंचा सरदार पटेल का स्मारक बनाकर दिया क्योंकि हमारी पार्टी सम्मान करना जानती है। दिल्ली के प्रधानमंत्रियों के लिए बने म्यूजियम में एक ही प्रधानमंत्री की यादगार थी, मगर हमारी सरकार आने के बाद सभी प्रधानमंत्रियों की जानकारी प्रदर्शित की गई। हमारे लिए देश महत्व रखता है। हमने सबको बराबर का सम्मान दिया। सरदार पटेल के दिल्ली के निवास की भी किसी ने सुध नहीं ली, मगर हमारी सरकार ने उसको भी संजोकर रखने के लिए एक यादगार स्थान बनाकर दिया ताकि लोग जाए और उन्हें नमन कर सकें। सरदार पटेल का योगदान देश के लिए बहुत बड़ा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2047 तक विकसित भारत बनाएंगे और इसके लिए सरकारें काम कर रही है - विज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सरदार पटेल के पदचिन्हों पर चलते हुए आज देश को मजबूत करने में लगे हुए हैं। सरदार पटेल का कहना था कि देश में एकता है तो देश में ताकत है और देश ताकतवर है और उसी फार्मूले पर चलते हुए नरेंद्र मोदी देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में अपनी पूरी ताकत लगा रहे हैं। नरेंद्र मोदी ने विश्व में देश का नाम रोशन किया। आज बड़ी-बड़ी ताकतें व देश नरेंद्र मोदी जी की तारीफ करते हैं। सबसे बड़ी ताकत अमेरिका मानी जाती है जिसके राष्ट्रपति ने भी कहा है कि नरेंद्र मोदी महान है। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को कितना आगे बड़ा दिया और वो 2047 में इस देश को विकसित भारत बनाना चाहते हैं। हमारे से बाद में जो देश आजाद हुए वो कब के विकसित राष्ट्र बन गए, मगर हम आज भी विकासशील देश है। विकसित और विकासशील देश में यह अंतर होता है कि विकसित देश अपने नागरिकों को आधारभूत सुविधाएं दे चुका होता है जबकि विकासशील देशों में मूलभूत ढांचा चाहिए होता है।  

विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने संकल्प किया है कि वह देश की आजादी के 100 वर्ष पूरे होने पर 2047 तक नागरिकों की मूलभूत जो-जो जरूरतें है वो पूरी करेंगे। नरेंद्र मोदी ने देश में अनुच्छेद 370 को समाप्त किया, उन्होंने तीन तलाक खत्म किया व राम मंदिर जिसके लिए हजारों साल से संघर्ष हो रहा था वो राम मंदिर उन्होंने बनाकर दिया। इसलिए देश विश्वास करता है कि यदि मोदी ने कहा है कि 2047 तक विकसित भारत बनाऊंगा तो विकसित भारत बनेगा और इसके लिए एनडीए की सरकारें काम कर रही है। हमारे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी भी दिन-रात इसी सपने को पूरा करने में लगे है। वो भी हरियाणा में आधारभूत जरूरतों को पूरा करने में लगे हैं ताकि मोदी जी के विकसित भारत संकल्प को पूरा किया जा सके।  

ऊर्जा मंत्री ने पद यात्रा को झंडी दिखाकर किया रवाना व स्वयं तिरंगा थाम पद यात्रा में हुए शामिल

इस अवसर पर हजारों की संख्या में स्कूली बच्चे, भाजपा कार्यकर्ता व लोगों ने रन फॉर यूनिटी पद यात्रा में हिस्सा लिया। मंत्री विज ने यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं तिरंगा थामकर वह यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने इससे पहले उपस्थितजनों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलवाई। कार्यक्रम के दौरान हैडकांस्टेबल गुरदेव सिंह द्वारा देशभक्ति गीत ‘‘मेरे देश प्रेमियों-आपस में प्रेम करो’’ पर आधारित गीत गाया गया जिसकी मंत्री अनिल विज ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की व जवान की पीठ थपथपाई।

इस मौके पर उपायुक्त अजय सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह सेखावत, एसडीएम अम्बाला छावनी विनेश कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्णजीत कौर, उपाध्यक्ष ललता प्रसाद, कार्यकारी खेल अधिकारी राम स्वरूप, आरटीए सुशील कुमार, जीएम रोडवेज अश्वनी डोगरा, डीएसपी रमेश कुमार, भाजपा पदाधिकारी रवि बुद्धिराजा, हर्ष बिन्द्रा, विकास बहगल, बिजेन्द्र चौहान, राजीव डिम्पल, किरण पाल चौहान, विपिन खन्ना, संजीव सोनी, मदन लाल शर्मा, बी.एस. बिन्द्रा, बलविन्द्र सिंह शाहपुर, बलित नागपाल, प्रवेश शर्मा, इकबाल ढांडा, श्याम सुंदर अरोड़ा, आरती सहगल, नरेन्द्र राणा, प्रेम राणा, डा. नवीन गुलाटी, अरूण कांत शर्मा, डा. पूजा के साथ-साथ अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
October 31, 2025

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिला डेनमार्क का शिष्टमंडल

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिला डेनमार्क का शिष्टमंडल

पशुपालन, कृषि सहित अन्य क्षेत्रों में सहयोग पर हुई सार्थक चर्चा, प्रतिधिनिमंडल ने हरियाणा में निवेश करने को लेकर दिखाई रुचि
चंडीगढ़ - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से आज उनके आवास संत कबीर कुटीर पर डेनमार्क की डेनिस फार्मर एब्रोड एसोसिएशन के 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में 20 विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल रहे। इस मौके पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पशुपालन, कृषि, डेयरी विकास सहित अन्य क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिधिनिमंडल ने इन क्षेत्रों में हरियाणा में निवेश करने को लेकर गहरी रुचि दिखाई।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार डेनमार्क के साथ कई परियोजनाओं पर कार्य कर रही है, जिससे प्रदेश के कृषि और पशुपालन क्षेत्र में तकनीकी उन्नति और उत्पादन क्षमता में वृद्धि विशेष रूप से शामिल है।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा के प्रगतिशील किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा के नेतृत्व में अफ्रीकी देशों के दौरे पर जा चुका है और वहां की तकनीकों, कृषि प्रणालियों एवं पद्धतियों का विस्तार से अध्ययन भी किया है। इसलिए यहां के किसानों के साथ डेनमार्क एवं अन्य अफ्रीकी देशों के निवेशक मिलकर पशुपालन, कृषि, डेयरी विकास जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए निवेशकों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवा रही है। पारदर्शी नीतियों और उद्योग-हितैषी दृष्टिकोण के कारण हरियाणा आज निवेशकों की पहली पसंद बन चुका है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार डेनमार्क सहित अन्य अफ्रीकी देशों के साथ बिजनेस-टू-बिजनेस मॉडल पर साझेदारी को प्रोत्साहित कर रही है, ताकि नवीन तकनीकों, ज्ञान और संसाधनों के आदान-प्रदान से राज्य के औद्योगिक एवं कृषि क्षेत्र को नई दिशा मिल सके। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार गो-ग्लोबल एप्रोच के साथ काम कर रही है और विदेशी निवेशकों को हरियाणा में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को हरियाणा में निवेश की संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया और भरोसा दिलाया कि सरकार हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवग‌त कराया कि इस प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा में अनेक स्‍थानों का दौरा कर कृषि और पशुपालन गतिविधियों का अध्ययन किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री विजय दहिया, विदेश सहयोग विभाग के सलाहकार श्री पवन चौधरी, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के महानिदेशक डॉ प्रेम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
October 31, 2025

सरदार पटेल का ‘एक भारत’ का सपना आज भी हर भारतीय के दिल में धड़कता है: नायब सिंह सैनी

सरदार पटेल का ‘एक भारत’ का सपना आज भी हर भारतीय के दिल में धड़कता है: नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने झंडी दिखाकर की ‘रन फॉर यूनिटी’ की शुरुआत

 30 हज़ार से अधिक लोगों ने दिखाई सहभागिता, मुख्यमंत्री स्वयं भी एकता के संदेश के साथ दौड़े
चंडीगढ़ - लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को फतेहाबाद में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। जिला मुख्यालय पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ का शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंचायत भवन से हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों पर पुष्प वर्षा की और उन्होंने स्वयं भी दौड़ में शामिल होकर एकता का संदेश दिया।

एमएम कॉलेज मैदान तक आयोजित दौड़ में लगभग 30 हजार प्रतिभागी शामिल हुए। युवाओं, महिलाओं, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा शहर एक भारत, श्रेष्ठ भारत के नारों से गूंज उठा। इस  अवसर पर मुख्यमंत्री ने नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलवाई।
*राष्ट्रीय एकता दिवस – देश की अखण्डता का प्रतीक*

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमारे राष्ट्र की आत्मा को सशक्त करने का दिन है। आज हम सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती मना रहे हैं। लौह पुरुष पटेल ने जिस संकल्प, साहस और दूर दृष्टि से भारत को एक सूत्र में पिरोया, वह आज भी प्रेरणा स्रोत है। मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल को याद करते हुए सभी हरियाणा वासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी।
*रन फॉर यूनिटी’ – राष्ट्र को जोड़ने का प्रतीकात्मक यज्ञ*

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज की यह दौड़ केवल शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और अनुशासन का प्रतीक है। हरियाणा के सभी जिलों में लाखों नागरिक इस राष्ट्रीय संकल्प का हिस्सा बन रहे हैं। यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के विजन को साकार करने की दिशा में एक कदम है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण अनुशासित, जिम्मेदार और जागरूक नागरिकों से होता है। यह दौड़ हमें सहनशीलता, अनुशासन और सामूहिकता का संदेश देती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस संकल्प को सरदार पटेल ने आजादी के बाद शुरू किया था, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने उसे आगे बढ़ाते हुए जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35ए को समाप्त कर एक बार फिर देश की एकता और अखण्डता को सुदृढ़ किया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला सरदार पटेल की भावना के अनुरूप था, एक राष्ट्र, एक संविधान, एक तिरंगा। मुख्यमंत्री ने इस कदम को भारत की एकता को और मजबूत करने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया और कहा कि यह उस ‘अखंड भारत’ की भावना का प्रतीक है, जिसका सपना सरदार पटेल ने देखा था।

*फतेहाबाद की जनता में दिखा जोश और देशभक्ति का जज़्बा*

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि फतेहाबाद में कार्यक्रम में उपस्थित हुए लोग इस बात का प्रमाण हैं कि सरदार पटेल का ‘एक भारत’ का सपना आज भी हर नागरिक के हृदय में जीवित है। उन्होंने कहा कि हमारी विविधता ही हमारी असली ताकत है। अलग-अलग भाषाएं, परंपराएं और संस्कृतियां होने के बावजूद हम सब भारतीय हैं। तन अनेक हैं, पर मन एक है। उन्होंने युवाओं को अपने संबोधन में कहा कि नई पीढ़ी को देश की एकता और अखण्डता की मशाल थामनी होगी।

*सरदार पटेल – राष्ट्रीय एकता के शिल्पकार थे*

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल को सच्चे अर्थों में ‘भारत की एकता का निर्माता’ कहा जा सकता है। आज़ादी के बाद गृह मंत्री रहते हुए उन्होंने 562 रियासतों का विलय कर अखण्ड भारत का निर्माण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके प्रयासों से आज का भारत मजबूत और एकजुट है। उनके जीवन से हमें यह प्रेरणा मिलती है कि देश की एकता सर्वोपरि है।

*हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं भी दीं*

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा दिवस (1 नवंबर) की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरियाणा की जनता अपनी मेहनत, समर्पण और एकजुटता के बल पर देशभर में उदाहरण पेश कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की मिट्टी में शौर्य, परिश्रम और एकता की खुशबू है। इसी भावना से आगे बढ़ना ही सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजली है।

इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री दुड़ा राम, आईजी श्री पंकज नैन, उपायुक्त डॉ. विवेक भारती, एसपी श्री सिद्धांत जैन, चेयरमैन श्री भारत भूषण मिढ़ा, श्री सुरेंद्र आर्य, जिला परिषद अध्यक्ष श्री सुमन खीचड़, अतिरिक्त उपायुक्त श्री अनुराग ढालिया, एसडीएम श्री आकाश शर्मा, भाजपा ज़िलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा भी उपस्थित थे।
October 31, 2025

पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए 04 पुलिस कर्मचारी

पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए 04 पुलिस कर्मचारी।
 
संजय कुमार उप पुलिस अधीक्षक उचाना  ने दी सम्मान के साथ विदाई।
जींद : आज पुलिस विभाग जीन्द से 04 पुलिस कर्मचारी सेवानिवृत हुए हैं , जिनको संजय कुमार उप पुलिस अधीक्षक उचाना  ने विदाई समारोह के दौरान फुलमाला, पगडी, स्मृति चिह्न सूटकेस व ओवन भेट कर सम्मान के साथ अपने आगामी जीवन के बारे में शुभकामनाएं दी। इस मौके पर रामविलास लाईन अफसर जींद, पुलिस प्रवक्ता राजेश कुमार, सेवानिवृत जा चुके पुलिस कर्मचारी प्रेम सिंह बांगड के अलावा पुलिस विभाग जीन्द के अन्य कर्मचारी, सेवानिवृत जाने वाले कर्मचारी व उनके परिवार के सदस्य मौजूद रहे ।
 इस अवसर पर संजय कुमार उप पुलिस अधीक्षक उचाना ने सेवानिवृत्त जाने वाले कर्मचारियों को कहां कि अपने जीवन का अमूल्य समय पुलिस विभाग तथा जनता की सेवा में लगाने पर सकुशल सेवानिवृत होने वाले कर्मचारी बधाई के पात्र हैं। उन्होने कहा कि सेवानिवृत होने वाले कर्मचारी खुद को हर जिम्मेदारी से रिटायर न समझ कर समाज सेवा के कार्यों में लिप्त रहे । अपने परिवार को ज्यादा से ज्यादा समय दें। वे अपने आने वाले जीवन में अपने परिवार के साथ अच्छा समय व्यतीत करने का प्रयास करें। समाज में रहकर पुलिस के प्रति लोगों की सोच को बदलने की कोशिश करें। स्वच्छ समाज का हिस्सा बने, रिटायरमेंट के बाद आपको एक नया जीवन जीने को मिलेगा अपने इस जीवन में अपने अनुभव और खुशियां बांटे और अपने आस-पास खुशियों का माहौल बना कर रखें। रिटायरमेंट के बाद भी पुलिस विभाग उनके प्रत्येक सुख-दुख का भागीदार बना रहेगा। जो भी कर्मचारी सेवा से निवृत होने के बाद भी खेल व योग में अपना समय देना चाहता है व आने वाली पीढ़ी को किसी खेल विशेष में तैयार कर सकता है तो पुलिस विभाग की तरफ से वे हर संभव मदद को तैयार हैं।
 पुलिस प्रवक्ता राजेश कुमार ने 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों  - निरीक्षक हरिराम वासी गांव गुलकनी जिला जींद, ऑनरेरी निरीक्षक हरज्ञान निवासी अर्बन एस्टेट, जींद प्रधान सिपाही रघुबीर सिंह गांव बास बादशाहपुर व  सिपाही बलराज सिंह निवासी गांव ईंटल खुर्द है ।
October 31, 2025

39वें सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेला-2026 की तैयारियां शुरू

39वें सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेला-2026 की तैयारियां शुरू

31 जनवरी से 15 फरवरी तक होगा आयोजन, 1 दिसंबर से स्टॉल आवंटन प्रक्रिया प्रारंभ
चंडीगढ़— हरियाणा पर्यटन निगम द्वारा 39वें सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेला-2026 की तैयारियां शुरु कर दी गई हैं। इस सिलसिले में हरियाणा पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक एवं सूरजकुंड मेला प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक डॉ. शालीन की अध्यक्षता में शुक्रवार को पंचकूला में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभाग के आलाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, गतिविधि प्रमुखों और आयोजन समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक में आगामी मेले की रूपरेखा, तैयारियों की प्रगति, बुनियादी ढांचे के सुधार कार्य, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की योजना, कलाकारों एवं शिल्पकारों की भागीदारी से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
डॉ. शालीन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप तैयारी कार्य शीघ्र पूर्ण करें, ताकि मेला-2026 का आयोजन और अधिक आकर्षक, सुव्यवस्थित और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुरूप किया जा सके। उन्होंने कहा कि सूरजकुंड मेला हरियाणा ही नहीं बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक विरासत, लोक कला और हस्तशिल्प परंपरा का प्रतीक है। अतः इसकी तैयारियों में कोई भी कमी नहीं रहनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि इस बार मेले में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ अनेक विदेशी देशों के कलाकार और शिल्पकार भी भाग लेंगे, जिससे यह मेला सांस्कृतिक आदान-प्रदान और वैश्विक मित्रता का मंच बनेगा। साथ ही, पर्यटकों और दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और डिजिटल भुगतान व्यवस्था जैसी सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा।
डॉ. शालीन ने कहा कि 39वां सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेला, फरीदाबाद में 31 जनवरी से 15 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा। मेले में देश-विदेश से आने वाले लाखों पर्यटकों के लिए विविध आकर्षण तैयार किए जाएंगे, जिनमें थीम स्टेट की झलक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, लोकनृत्य, व्यंजन गलियां, हैंडीक्राफ्ट बाजार और लाइव डेमोंस्ट्रेशन शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि मेले में भाग लेने वाले शिल्पकारों के लिए स्टॉल आवंटन प्रक्रिया 1 दिसंबर 2025 से प्रारंभ की जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।