Breaking

Friday, February 6, 2026

February 06, 2026

एचएसएससी स्टेनो भर्ती के लिए आवेदन पोर्टल खुला, परीक्षाओं में किरपान व मंगलसूत्र की अनुमति

एचएसएससी स्टेनो भर्ती के लिए आवेदन पोर्टल खुला, परीक्षाओं में किरपान व मंगलसूत्र की अनुमति 
फोटो -AI से चित्रित 

चंडीगढ़ – हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन श्री हिम्मत सिंह ने बताया कि विज्ञापन संख्या 3/2026 में विभिन्न समूहों के पदों पर सीधी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी https://adv032026.hryssc.com लिंक के माध्यम से 6 फरवरी 2026 से 20 फरवरी 2026 रात्रि 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद वेबसाइट लिंक स्वतः निष्क्रिय हो जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागों की वरीयता केवल उन्हीं अभ्यर्थियों से ली जाएगी जो स्टेनोग्राफी स्किल टेस्ट में उत्तीर्ण होंगे।
श्री हिम्मत सिंह ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार आयोग द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं में सिख अभ्यर्थियों को निर्धारित मानकों के अनुसार किरपान पहनने और साथ रखने की अनुमति दी जाएगी। किरपान की कुल लंबाई 9 इंच (22.86 सेंटीमीटर) से अधिक तथा ब्लेड की लंबाई 6 इंच (15.24 सेंटीमीटर) से अधिक नहीं होनी चाहिए। ऐसे सिख अभ्यर्थियों को परीक्षा के निर्धारित समय से कम से कम एक घंटा पहले परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा।
इसके अतिरिक्त, विवाहित महिला अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में मंगलसूत्र पहनने की अनुमति होगी और उन्हें निर्धारित समय से कम से कम 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा।
श्री हिम्मत सिंह ने कहा कि आयोग ने राज्य सरकार की अधिसूचना के अनुरूप सभी परीक्षा केंद्रों, पर्यवेक्षकों और सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं, ताकि इन प्रावधानों का पालन सुचारु रूप से सुनिश्चित किया जा सके।
February 06, 2026

यूआईईटी में सात दिवसीय कौशल विकास कार्यशाला शुरू

यूआईईटी में सात दिवसीय कौशल विकास कार्यशाला शुरू
रोहतक :  महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) में सात दिवसीय कौशल विकास कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। यह कार्यशाला इलेक्ट्रिकल एवं सिविल ब्लॉक स्थित सेमिनार हॉल में करियर काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल तथा पं. दीन दयाल उपाध्याय कौशल एवं व्यावसायिक शिक्षा केंद्र के सहयोग से महिन्द्रा प्राइड क्लासरूम के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों की रोजगारपरक क्षमताओं को सुदृढ़ करना तथा उन्हें वर्तमान एवं भविष्य की औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है। उद्घाटन सत्र में पं. दीन दयाल उपाध्याय कौशल एवं व्यावसायिक शिक्षा केंद्र के निदेशक प्रो युद्धवीर सिंह ने मुख्य वक्तव्य देते हुए कौशल आधारित शिक्षा के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में अकादमिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल, अनुकूलन क्षमता और सतत अधिगम विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य हो गए हैं।
कार्यक्रम में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के प्राध्यापक डॉ. हरकेश सहरावत ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं शिक्षा और उद्योग की अपेक्षाओं के बीच सेतु का कार्य करती हैं तथा विद्यार्थियों को वास्तविक कार्यक्षेत्र के लिए तैयार करती हैं।
करियर काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल की निदेशक प्रो दिव्या मल्हान ने कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम उद्योग की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में सॉफ्ट स्किल्स, संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास एवं करियर तत्परता से संबंधित क्षमताओं का विकास किया जाएगा।
महिन्द्रा प्राइड क्लासरूम के प्रशिक्षक जयदीप मल्होत्रा ने विद्यार्थियों को कार्यशाला में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास और सकारात्मक दृष्टिकोण से ही प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ प्राप्त किया जा सकता है।
बता दें कि यह सात दिवसीय कार्यशाला इंटरएक्टिव सत्रों, व्यावहारिक गतिविधियों और करियर उन्मुख प्रशिक्षण मॉड्यूल्स पर आधारित है, जिससे विद्यार्थियों का आत्मविश्वास, रोजगार योग्यता तथा समग्र व्यावसायिक विकास सुनिश्चित किया जा सके। उद्घाटन सत्र में यूआईईटी के शिक्षक गण, विभिन्न शाखाओं के विद्यार्थी तथा करियर काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल के अधिकारी उपस्थित रहे।
February 06, 2026

परीक्षा ड्यूटी हेतु 11 फरवरी तक अपडेट करें स्टाफ स्टेटमैंट विद्यालय

परीक्षा ड्यूटी हेतु 11 फरवरी तक अपडेट करें स्टाफ स्टेटमैंट विद्यालय
भिवानी : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के सचिव श्री मुनीश शर्मा, भा.प्र.से. ने आज यहां जारी एक प्रेस वक्तव्य में बताया कि सैकेण्डरी एवं सीनियर सैकेण्डरी(नियमित/मुक्त विद्यालय) की वार्षिक परीक्षाएं 25 फरवरी से आयोजित करवाई जा रही हैं। इन परीक्षाओं के संचालन हेतु सभी राजकीय व अराजकीय विद्यालयों के अध्यापक, प्राध्यापक व प्रधानाचार्य की परीक्षाओं में ड्यूटियां लगाई जानी है।
उन्होंने बताया कि सभी राजकीय व अराजकीय विद्यालयों के मुखिया उन द्वारा पूर्व में भेजी गई स्टाफ स्टेटमैंट में 09 से 11 फरवरी, 2026 तक अपडेट करना सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षाओं के दौरान परीक्षा केन्द्र पर लगाई जाने वाली परीक्षा ड्यूटी में होने वाली परेशानी/समस्या से बचा जा सके। स्टाफ स्टेटमैंट अपडेट करने हेतु बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर लिंक 09 फरवरी, 2026 से उपलब्ध होगा। सभी विद्यालय समय रहते स्टाफ स्टेटमैंट का डाटा संशोधित/अपडेट करना सुनिश्चत करें।
उन्होंने आगे बताया कि पूर्व में राजकीय व अराजकीय विद्यालयों द्वारा जो स्टाफ स्टेटमैंट भरी गई थी, यदि विद्यालय में कार्यरत किसी अध्यापक, प्राध्यापक व प्रधानाचार्य के विवरणों में जैसे- किसी प्रकार के अवकाश (CCL, Medical, Privilege, Earned leave & Any other leave) या सेवानिवृत अथवा स्थानान्तरण (निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्राध्यापक व अध्यापक विद्यालय छोड़ चुके हो), मोबाइल नम्बर में कोई संशोधन है या अन्य कोई कारण है तो उसे भी बोर्ड की वेबसाइट पर दिए गए लिंक पर समय रहते अपडेट करना सुनिश्चित करें।
February 06, 2026

₹25,000 तत्काल (Urgent) शुल्क लेने के बावजूद एनआरआई महिला का GPA पंजीकृत नहीं हुआ


₹25,000 तत्काल (Urgent) शुल्क लेने के बावजूद एनआरआई महिला का GPA पंजीकृत नहीं हुआ

अन्ना टीम जींद का बड़ा सवाल – जब हड़ताल तय थीतो नागरिकों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं?

उपायुक्त से बैठकलेकिन कोई समाधान नहीं- आखिर जिले में समस्या के समाधान के लिए जिम्मेवार कौन ?

अन्ना टीम की मुख्यमंत्री से मांग – तकनीकी युग में एनआरआई के लिए ऑनलाइन मीटिंग व डिजिटल सत्यापन से GPA व अन्य दस्तावेज पंजीकरण की विशेष सुविधा शुरू हो

जींद: अमेरिका में रह रही एनआरआई महिला रीतू ढांडा का जींद में जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी (GPA) आज तक पंजीकृत नहीं हो पायाजबकि उन्होंने सभी दस्तावेज पूरे कर लिए थे और तत्काल (Urgent) विशेष टोकन  लेकर ₹25,000/- (नॉन-रिफंडेबल) शुल्क भी जमा किया था। यह मामला अब केवल एक व्यक्ति की परेशानी नहींबल्कि पूरे जिले और राज्य की प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल बन गया है।रीतू ढांडा 29 जनवरी 2026 को भारत आई थीं और फरवरी 2026 की सुबह उनकी अमेरिका वापसी निर्धारित है। उनका उद्देश्य केवल अपने पारिवारिक एवं पैतृक मामलों के लिए जिंद में GPA पंजीकृत कराना थाताकि भविष्य में बार-बार भारत आने की विवशता न रहे।

यह GPA उनके पिता स्वर्गीय Prem Parkash Singh के निधन के बाद आवश्यक हो गया है।
स्वर्गीय प्रेम प्रकाश सिंह जींद के प्रतिष्ठित Government College Jind में भूगोल (Geography) विषय के जाने-माने प्रोफेसर रहे तथा वहीं से सेवानिवृत्त हुए थे। उनका निधन जून 2011 को हुआ था। शिक्षा जगत में उनके योगदान को आज भी सम्मान के साथ याद किया जाता है।

 बुधवार से शुक्रवार तक – केवल आश्वासनकोई जिम्मेदारी नहीं

पीड़िता के अनुसार—

बुधवार तक उनका सामान्य (General) टोकन स्वीकृत ही नहीं किया गया
गुरुवार को कार्यालय पहुंचने पर बताया गया कि आज एक दिन की हड़ताल है।”  उसी समय अधिकारियों/कर्मचारियों ने यह भरोसा दिलाया कि—  आप शुक्रवार को तत्काल (Urgent) टोकन ले लीजिएशुक्रवार को ही आपका GPA पंजीकृत कर दिया जाएगा।”

इस भरोसे पर रीतू ढांडा ने शुक्रवार को तत्काल विशेष टोकन लिया और ₹25,000/- शुल्क जमा किया।

शुक्रवार को वह पूरे दस्तावेजों के साथ कार्यालय पहुंचींलगातार अधिकारिओ से निवेदन करती रहींलेकिन—

  • किसी अधिकारी ने फाइल लेने या प्रक्रिया आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी नहीं ली,
  • आखिर स्पष्ट किया गया कि आज भी हड़ताल है और अंततः उनका GPA पंजीकृत नहीं किया गया

इसके बाद अगले दो दिन अवकाश (नॉन-वर्किंग डे) होने से अब उनके भारत प्रवास में काम होने की कोई संभावना नहीं बची।

टोकन विवरण

सामान्य (General) टोकन नंबर :
IN_JIN_JIN_999803180108697

तत्काल (Urgent) विशेष टोकन नंबर :
JIN_JIN_JIN_999806102811523

अमेरिका में बना वैध GPA भी जींद में हुआ अस्वीकार

रीतू ढांडा ने बताया कि उन्होंने पहले ही अमेरिका में अपने काउंसलर के माध्यम से विधिवत GPA तैयार कराया था और उसे भारत भेजा था। वह GPA अपनी तिथि के अनुसार वैध थालेकिन जींद प्रशासन ने यह कहकर उसे पंजीकरण/सत्यापन के लिए स्वीकार नहीं किया कि वह भारत में देर से प्रस्तुत किया गया है।
पीड़िता का कहना है कि GPA की वैधता निर्माण/निष्पादन की तिथि से होती हैन कि प्रस्तुत करने की तिथि से—फिर भी कोई वैकल्पिक समाधान नहीं दिया गया।

अन्ना टीम जींद ने कि उपायुक्त से मुलाकात

इस पूरे मामले में सामाजिक संगठन अन्ना टीम जींद खुलकर पीड़िता के समर्थन में सामने आया। टीम के प्रतिनिधियों ने रीतू ढांडा तथा अन्य प्रभावित नागरिकों के साथ उपायुक्त कार्यालय में बैठक कर पूरा घटनाक्रम रखा और पूछा—

  • जब हड़ताल की स्थिति पहले से थीतो नागरिकों से टाटकाल शुल्क लेकर टोकन जारी क्यों किए गए?
  • हड़ताल के दौरान कोई वैकल्पिक व्यवस्था (विशेष काउंटर/अधिकृत अधिकारी/विशेष कैंप) क्यों नहीं बनाई गई?अन्ना टीम जींद के संयोजक हितेश हिन्दुस्तानी ने कहा—

यह केवल एक महिला का मामला नहीं हैयह जींद की व्यवस्था का आईना है। बुधवार से शुक्रवार तक सिर्फ आश्वासन दिए गए। गुरुवार को कहा गया— आज हड़ताल हैकल शुक्रवार को तत्काल टोकन लेकर आ जाइएउसी दिन पंजीकरण हो जाएगा। लेकिन ₹25,000 लेने के बाद भी न कोई अधिकारी जिम्मेदारी लेता हैन लिखित जवाब देता है और न काम करता है।

यह केवल प्रशासनिक नहींबल्कि हरियाणा की राजनीतिक व्यवस्था की भी विफलता है। सरकार को बताना चाहिए कि जब पूरे प्रदेश में राजस्व अधिकारियों की हड़ताल होती हैतब आम नागरिकों के जरूरी कानूनी काम कैसे होंगे।” आखिर कौन बनाएगा वैकल्पिक व्ययवस्था ? लगता है प्रदेश का प्रसाशन प्रदेश सरकार के काबू नहीं आ रहा है पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने माना बुरा हाल है सिस्टम का, सुधारने के नाम पर शरू कि गई अधूरी ऑनलाइन व्यवस्था ?

हिन्दुस्तानी  ने कहा कि—

यह जींद का मामला केवल एक उदाहरण है। पूरे हरियाणा में हजारों नागरिक ऐसे हैंजिनके GPA, रजिस्ट्रीनामांतरण और विरासत जैसे जरूरी काम दो दिन की हड़ताल के कारण रुके पड़े हैं और राज्य व जिला प्रशासन के पास कोई वैकल्पिक समाधान नहीं है।”

 तकनीकी युग में भी एनआरआई के लिए कोई डिजिटल सुविधा नहीं आखिर क्यों ? क्यों कि उसको विदेश से ऑनलाइन वेरीफिकेशन कि जा सकती ?

अन्ना टीम जींद ने इस प्रकरण के माध्यम से एक बड़ा सवाल उठाया है कि—

आज जब भारत डिजिटल इंडिया की बात करता हैतब भी एनआरआई नागरिकों के लिए—

  • GPA जैसे जरूरी दस्तावेजों के पंजीकरण हेतु
  • ऑनलाइन वीडियो मीटिंग के माध्यम से उपस्थिति,
  • डिजिटल पहचान सत्यापन,
  • तथा वरिष्ठ अधिकारी द्वारा ऑनलाइन प्रमाणीकरण

जैसी सुविधाएं क्यों उपलब्ध नहीं हैं?

टीम का कहना है कि यदि अदालतोंबैंकिंग और कई सरकारी सेवाओं में ऑनलाइन सत्यापन संभव हैतो एनआरआई नागरिकों के लिए GPA एवं अन्य दस्तावेजों के पंजीकरण हेतु सुरक्षित तकनीकी व्यवस्था क्यों नहीं बनाई जा सकती?

अन्ना जींद ने मांग की है कि—

  • एनआरआई नागरिकों के लिए एक विशेष ऑनलाइन सुविधा प्रणाली विकसित की जाएजिसमें
    • वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पक्षकार की पहचान,
    • पासपोर्ट व बायोमैट्रिक आधारित डिजिटल सत्यापन,
    • तथा स्थानीय सब-रजिस्ट्रार/वरिष्ठ अधिकारी द्वारा ऑनलाइन प्रमाणीकरण
      की व्यवस्था हो।
  • ऐसे मामलों में आवेदक को कार्यालय आना ही न पड़े या आवश्यकता पड़ने पर पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से पूरी की जा सके और यदि कार्यालय आना हो तो न्यायिक मजिस्ट्रेट कि तरह दिन व रात किसी अधिकारी कि जिम्मेदारी निर्धारित होनी चाहिए ।

अन्ना टीम जींद का कहना है कि इससे न केवल एनआरआई नागरिकों के साथ आम नागरिकों को राहत मिलेगीबल्कि कार्यालयों में भीड़दलाली और अनावश्यक देरी पर भी रोक लगेगी।

न सेवा मिलीन रिफंड — पेनल्टी सहित वापसी की मांग

अन्ना टीम जींद मुख्यमंत्री को ईमेल भेज कर मांग कि है कि —

  • जब विभागीय हड़ताल और प्रशासनिक अव्यवस्था के कारण कार्य नहीं हो पाया और आवेदक की ओर से कोई त्रुटि नहीं थी,

तो ₹25,000/- तत्काल (Urgent) विशेष टोकन शुल्क तत्काल वापस किया जाएऔर मानसिकआर्थिक व समय की क्षति के लिए पेनल्टी/क्षतिपूर्ति सहित रिफंड दिया जाए।

इस पूरे प्रकरण को अन्ना टीम जींद द्वारा औपचारिक रूप से Haryana Chief Minister’s Office ईमेल
को भेज दिया गया है।

साथ ही अन्ना टीम ने राज्य सरकार से मांग की है कि—

  • हड़ताल के दौरान नागरिक सेवाएं बाधित न होंइसके लिए राज्य स्तर पर स्पष्ट नीति बनाई जाए,
  • और एनआरआई नागरिकों के लिए तकनीक आधारित विशेष पंजीकरण व्यवस्था तत्काल लागू की जाए।

अन्ना टीम का कहना है कि यदि रीतू ढांडा जैसे मामलों में उदाहरणात्मक समाधान नहीं किया गयातो यह साफ हो जाएगा कि हरियाणा में आम नागरिक के लिए न तो हड़ताल के समय कोई सुरक्षा तंत्र है और न ही तकनीकी युग में प्रशासन नागरिक-अनुकूल बनने के लिए तैयार है।
यह प्रकरण जींद नहींबल्कि पूरे हरियाणा की व्यवस्था पर गंभीर चेतावनी है।


February 06, 2026

थाना जुलाना पुलिस की बङी कार्यवाही ।* *लाखों रुपये जेवरात चोरी के मामले में चोरी के सामान सहित आरोपी गिरफ्तार ।*

थाना जुलाना पुलिस कि बङी कार्यवाही ।* 

*लाखों रुपये जेवरात चोरी के मामले में चोरी के सामान सहित आरोपी गिरफ्तार ।* 
जींद : पुलिस अधीक्षक जींद श्री कुलदीप सिंह भा.पु.से. के कुशल दिशा-निर्देशन में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलांए जा रहे विशेष तहत  थाना जुलाना पुलिस ने चोरी के मामले  में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कि है । 
पकङे गए आरोपी कि पहचान मोहित वासी सिरसाखेङी  के रुप में हुई है । 
प्रेस वार्ता के दौरान उप पुलिस अधीक्षक जींद श्री संदीप कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना जुलाना में शिकायत कर्ता सुनील वासी नंदगढ़ ने अपनी शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार सहित बाहार गए हुए थे जब वे वापिस आए तो घर का  ताला टूटा हुआ मिला जब उन्होने  के अंदर जाकर देखा तो अज्ञात व्यक्ति  द्वारा घर में रखे कीमती सामान (मोबाइल फोन, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने की चैन, एक जोड़ी चांदी की पाजेब)  को चोरी कर लिया गया । जिसकी शिकायत के आधार पर थाना जुलाना में मुकदमा नंबर 364 दिनांक 29.12.2025 धारा 305/331(3) बीएनएस के तहत7 मामला दर्ज करके आगामी जांच एएसआई विनोद द्वारा अमल में लाई गई । तकनीकि जांच के आधार पर दिनांक 06.02.2026 को आरोपी मोहित वासी सिरसाखेङी को नियमानुसार  गिरफ्तार करके चोरी किया गया सभी  सामान (मोबाइल फोन, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने की चैन, एक जोड़ी चांदी की पाजेब)  नियमानुसार बरामद किये गए तथा आऱोपी को माननीय अदालत में पेश करके  जिला जेल भेज दिया गया है ।  
उप पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को इस घटना के संबंध में कोई सूचना हो तो तुरंत पुलिस को सुचित करे या डायल-112 पर सूचित करें ।
February 06, 2026

स्वामी सदानंद महाराज, महंत ज्वालमाला डेरा जींद बने भारतीय सन्त समिति के संगठन मंत्री मंत्री

स्वामी सदानंद महाराज, महंत ज्वालमाला डेरा जींद बने भारतीय सन्त समिति के संगठन मंत्री मंत्री
जींद : साधु आश्रम गांव ईगराह जिला जीन्द में अखिल भारतीय सन्त समिति हरियाणा की कार्य कारणी की बैठक संपन्न हुई 
अनेक पदों पर नई नियुक्ति हुई जिसमें स्वामी जितेन्द्रानन्द जी -अवधूत दिप्तानन्द आश्रम गांव खरड अलीपुर जिला हिसार को प्रदेश कोषाध्यक्ष व स्वामी सदानंद जी महाराज ज्वालमाला डेरा जींद को संगठन मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई 
मुख्य रूप से उपस्थित पदाधिकारी
1 दंडी स्वामी जितेन्द्रानन्द सरस्वती जी 
  राष्ट्रीय महासचिव 

2 स्वामी देवेंद्रानन्द गिरि जी 
  राष्ट्रीय उपाध्यक्ष 

3 स्वामी ब्रह्मस्वरूप जी 
   प्रदेश अध्यक्ष हरियाणा 

4 संजय ब्रह्मचारी जी 
  कार्यक्रम अध्यक्ष हरियाणा 

5 स्वामी राजेंद्र दास 
  प्रदेश उपाध्यक्ष 

6 स्वामी सुरेशानन्द जी 
  मार्गदर्शन मंडल

7 स्वामी मंगलानन्द जी 
  मार्गदर्शन मंडल 

मंच संचालन प्रदेश महामंत्री स्वामी विज्ञानानंद सरस्वती व धन्यवाद स्वामी सूर्यानन्द सरस्वती जी ने किया।
विशेष रूप से हरिद्वार में स्वामी अरूण दास जी व महामंडलेश्वर स्वामी अनन्तानन्द जी उपस्थित रहे

Thursday, February 5, 2026

February 05, 2026

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जेल वार्डरो के लिए खोला घोषणाओं का पिटारा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जेल वार्डरो के लिए खोला घोषणाओं का पिटारा

मुख्यमंत्री ने की घोषणाएं : अब जेल वार्डर को 18 वर्ष की सेवा अवधि में हेड वार्डर के पद पर मिलेगी पदोन्नति,

सुधारात्मक सेवा पदक प्राप्त करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को एक वर्ष के सेवा-विस्तार का मिलेगा लाभ,

जेल वार्डर व हेड वार्डर को भी पुलिस कांस्टेबल के समान मिलेगा भत्ता,

राशन भत्ते को आगामी वित्त वर्ष से अढ़ाई गुणा बढ़ाकर 1500 रुपये किया,

कन्वेयन्स भत्ता 50 रुपये से  बढ़ाकर 720 रुपये किया,

 वर्दी भत्ते को बढ़ाकर 7500  रुपये किया  
चंडीगढ़-  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जेल वार्डरो के लिए खुले दिल से घोषणाओं का पिटारा खोला और जेल वार्डर  की पदोन्नति, सेवा विस्तार और भत्तों में विसंगतियों को दूर किया।  मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब जेल वार्डर को 18 वर्ष की सेवा अवधि में हेड वार्डर के पद पर पदोन्नति मिलेगी, सुधारात्मक सेवा पदक विजेता  वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को एक वर्ष के सेवा-विस्तार का लाभ मिलेगा, जेल वार्डर व हेड वार्डर को भी पुलिस कांस्टेबल के समान भत्ता मिलेगा, राशन भत्ते में भी आगामी वित्त वर्ष से अढ़ाई गुणा की बढ़ोतरी करते हुए 1500 रुपये किया गया, कन्वेयन्स भत्ता को 50 रुपये से  बढ़ाकर 720 रुपये किया गया तथा वर्दी भत्ते को बढ़ाकर 7500 रुपये किया। इन घोषणाओं से जेल विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का मनोबल और कार्यक्षमता बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वीरवार को जेल प्रशिक्षण अकादमी, करनाल में दीक्षांत परेड समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि आज करनाल की यह पावन धरती देशसेवा, कर्तव्य निष्ठा और राष्ट्रभक्ति के अद्भुत दृश्य  की साक्षी बन रही है। यह क्षण उन माता-पिताओं के लिए भी गर्व का है, जिनकी आंखों में आज अपने बच्चों को वर्दी में देखकर संतोष और आत्मविश्वास झलक रहा है। उन्होंने कहा कि इस नव-निर्मित जेल प्रशिक्षण अकादमी में प्रशिक्षुओं की पहली दीक्षांत परेड का हिस्सा बनकर मुझे खुशी का अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह अवसर अनुशासन, सेवा, समर्पण और कर्तव्य बोध की आपकी उस यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है, जिसे आप सभी नव-प्रशिक्षित कर्मियों ने कठोर परिश्रम, संयम और आत्मनिष्ठा के साथ पूर्ण किया है। यह दिन आपके जीवन का स्मरणीय अध्याय है, जो आपको व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ समाज और राज्य के प्रति एक महान दायित्व से भी जोड़ता है। इस बैच के सभी 116 सहायक अधीक्षक व वार्डरों को हार्दिक बधाई देता हूं। गर्व की बात है कि इस बैच में एक महिला सहायक अधीक्षक व 8 महिला वार्डर भी शामिल हैं। यह महिलाओं की सहभागिता एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय कदम है।

उन्होंने कहा कि दीक्षांत परेड किसी भी वर्दीधारी सेवा में केवल प्रशिक्षण की समाप्ति का प्रतीक नहीं होती, बल्कि यह उस मानसिक, शारीरिक और नैतिक रूपांतरण की घोषणा होती है, जिसके बाद एक प्रशिक्षु पूर्ण रूप से जिम्मेदार अधिकारी के रूप में समाज की सेवा हेतु तैयार होता है। उन्होंने कहा कि कारागार व्यवस्था किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था का अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्तंभ होती है। जेल केवल दंड देने का स्थान नहीं, बल्कि सुधार, पुनर्वास और मानवीय परिवर्तन की प्रयोगशाला होती है। हरियाणा सरकार इस विचारधारा में पूर्ण विश्वास रखती है कि अपराधी को दंड के साथ-साथ सुधार का अवसर देना समाज के दीर्घकालिक हित में है। इसी सोच के साथ हमारी सरकार जेल सुधारों, बंदी कल्याण और आधुनिक कारागार प्रबंधन को निरंतर सशक्त बना रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे यह जानकर प्रसन्नता हुई है कि जेल वार्डर को जेल प्रशिक्षण अकादमी, करनाल द्वारा आधुनिक प्रशिक्षण पद्धतियों, मानवाधिकारों, मनोवैज्ञानिक समझ, कानून की बारीकियों, शारीरिक दक्षता और नैतिक मूल्यों से सुसज्जित किया गया है। यह प्रशिक्षण आपको केवल एक कर्मचारी नहीं, बल्कि एक संवेदनशील, विवेकशील और उत्तरदायी अधिकारी बनने की दिशा में अग्रसर करता है। वर्दी आपके अधिकार का नहीं, बल्कि आपकी जिम्मेदारी का प्रतीक है। आज के समय में कारागार कर्मियों की भूमिका पहले से कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण हो गई है। बदलते सामाजिक परिवेश, तकनीकी विकास और अपराध के नए स्वरूपों के बीच आपको न केवल सजग रहना है, बल्कि मानवीय दृष्टिकोण को भी बनाए रखना है। जेल के भीतर अनुशासन बनाए रखते हुए बंदियों के साथ मानवीय व्यवहार, उनके पुनर्वास और समाज में पुन: सम्मानजनक जीवन की दिशा में मार्गदर्शन देना आपका प्रमुख दायित्व है।

उन्होंने कहा कि आपकी इसी भूमिका को देखते हुए सरकार ने इस जेल में ट्रेनिंग अकादमी की स्थापना की है। मुझे 21 मई, 2025 का वह दिन याद आ रहा है, जब इस अकादमी का उद्घाटन मेरे द्वारा किया गया था। इसमें जेल के कर्मचारियों एवं अधिकारियों को आधुनिक प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं हैं। सरकार ने जेल विभाग में आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, डिजिटलाइजेशन, ई-जेल प्रणाली, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, कौशल विकास कार्यक्रमों और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। हमारा उद्देश्य है कि कारागार व्यवस्था केवल सुरक्षित ही नहीं, बल्कि सुधारोन्मुख, पारदर्शी और मानवीय बने। इस लक्ष्य की प्राप्ति में आप सभी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रदेश की जेलों में बंदियों के प्रवेश से लेकर रिहाई तक तथा उनके रहन-सहन, खान पान, उनकी मुलाकातें. चिकित्सा सुविधाएं, कोर्ट-पेशी व केंटीन व्यवस्था पूरी तरह से कम्प्यूटरीकृत हैं। बंदियों को शिक्षा प्रदान करने हेतु जेलों में स्किल डेवलपमेंट कोर्सेज चलाये जा रहे हैं। यही नहीं, हम यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि कैदी जेल से बाहर आने पर सम्मानजनक रोजगार प्राप्त कर सके और समाज की मुख्यधारा में जुड़ सके। इसी दिशा में, पांच जेलों में आई.टी.आई. के डिप्लोमा कोर्स व पॉलिटेक्निक कोर्सों की शुरुआत की गई है। ये कौशल प्राप्त करने वाले कैदियों को सजा की अवधि समाप्त होने पर हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से रोजगार देने के लिए निगम से एम.ओ.यू. भी किया गया है। कैदियों के रोजगार के लिए सरकार ने प्रदेश की 8 जेलों में पेट्रोल पंप खोले हैं। इसके अलावा अगले महीने तक चार और जेलों में पेट्रोल पंप खोले जाएंगे।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय जेल अंबाला, केंद्रीय जेल 1 हिसार तथा जिला जेल, फरीदाबाद, पानीपत, गुरुग्राम, करनाल, झज्जर, रोहतक, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में जेल रेडियो स्टेशन चलाए जा रहे हैं। राज्य की जेलों में 335 वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम स्थापित किए गए हैं। इनके द्वारा बंदियों की विभिन्न माननीय न्यायालयों में ऑनलाइन पेशी करवाई जाती है। सभी जेलों में लाइब्रेरी स्थापित की गई हैं, जहां पर अच्छी एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकें उपलब्ध हैं। कठोर एवं गंभीर अपराधों में शामिल अपराधियों के लिए रोहतक में एक अत्याधुनिक सुरक्षा व्यवस्था एवं तकनीकों से युक्त उच्च सुरक्षा जेल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।

मुख्यमंत्री ने अपील की कि आप अपने कार्यकाल में सत्यनिष्ठा, अनुशासन और कर्तव्य  को सर्वोपरि रखें। किसी भी परिस्थिति में प्रलोभन, दबाव या भय के आगे न झुकें। कानून का पालन करते हुए संवेदनशीलता और करुणा को अपने व्यवहार का आधार बनाएं। आपकी एक सकारात्मक पहल किसी व्यक्ति के जीवन की दिशा बदल सकती है। यह भी आवश्यक है कि आप निरंतर सीखते रहें। प्रशिक्षण कभी समाप्त नहीं होता। अनुभव, अध्ययन और आत्ममंथन से आप स्वयं को और अधिक सक्षम बना सकते हैं। तकनीक का उपयोग, नियमों की जानकारी और मानवीय मूल्यों की समझ आपको एक उत्कृष्ट कारागार अधिकारी बनाएगी। सरकार आपकी क्षमता संवर्धन के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि इस अवसर पर जेल प्रशिक्षण अकादमी के प्रधानाचार्य, प्रशिक्षकों और समस्त स्टाफ को बधाई दी। जिन्होंने सीमित समय में आपको उच्च स्तर का प्रशिक्षण प्रदान किया। उनकी मेहनत आज आपकी परेड, अनुशासन और आत्मविश्वास में स्पष्ट दिखाई देती है। यह अकादमी हरियाणा की कारागार व्यवस्था की रीढ़ है और इसके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि आप जहां भी तैनात हों, अपने कार्य से विभाग, राज्य और राष्ट्र का नाम रोशन करें। अपने परिवारजनों के विश्वास पर खरे उतरे और समाज में न्याय, सुरक्षा और मानवता की स्थापना में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि यह दीक्षांत समारोह आपके जीवन की नई शुरुआत है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, साहस और संवेदनशीलता के साथ करेंगे तथा हरियाणा को एक सुरक्षित, न्यायपूर्ण और मानवीय राज्य बनाने में अपना अमूल्य योगदान देंगे।

इस अवसर पर हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविन्द कुमार शर्मा ने दीक्षांत परेड समारोह में बोलते हुए प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं दी और मुख्यमंत्री का स्वागत एवं आभार जताया। उन्होंने कहा कि कारागार विभाग के पास मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आशीर्वाद से धन की कोई कमी नही है। जेलों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ा जा रहा है। जेल केवल दंड देने का स्थान नही बल्कि वे सुधार, पुनर्वास और पुन निर्माण का अहम केंद्र है। एक जेल अधिकारी के रूप में आपकी भूमिका केवल प्रहरी की नहीं, बल्कि मार्गदर्शन, अनुशासक और कभी-कभी एक शिक्षक की भी होती है। हम एक ऐसे युग में कार्य कर रहे हैं जहां अपराध के स्वरूप बदल रहे हैं, सामाजिक चुनौतियां जटिल होती जा रही हैं और मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ी है।ऐसे में जेल प्रशासन की भूमिका और भी अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। हमें सख्ती और संवेदनशीलता के बीच संतुलन बनाकर चलना होगा। कानून का पालन करते हुए भी मानवीय दृष्टिकोण बनाए रखना ही एक उत्कृष्ट जेल अधिकारी की पहचान है। हमारा लक्ष्य होना चाहिए कि जब कोई बंदी जेल से बाहर  निकले, तो वह एक बेहतर नागरिक बनकर समाज की मुख्यधारा से जुड़े।

 विभाग के महानिदेशक आलोक मित्तल ने कहा कि आज का यह ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण अवसर हरियाणा कारागार विभाग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। दानवीर कर्ण की भूमि करनाल में नव-निर्मित जेल अकादमी से प्रशिक्षुओं की पहली दीक्षांत परेड न केवल एक प्रशिक्षण सत्र की पूर्णता है बल्कि यह विभाग के आधुनिकीकरण एवं व्यावसायिक दक्षता की दिशा में एक अहम कदम हैं। हरियाणा सरकार द्वारा कारागार प्रणाली को आधुनिक व सुधारात्मक बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे है।  उन्होंने आश्वासन दिया कि हरियाणा की जेल सुधार की दृष्टि से देश में बेस्ट रहेगी। उन्होंने कहा कि जेलों से किसी अपराधिक गतिविधियों का संचालन न हो, यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मोबाईल फोन के दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए 6 जेलों में 10 वी-कवच सिस्टम स्थापित किए जा रहे है तथा सेंट्रल जेल अंबाला में टी-एचसीबीएस सिस्टम कार्यशील है। जेलों की सुरक्षा को सुदृढ़ करने हेतु एनएयजेडी, डीएसएमडी, एचएचएमडी, डीएमएमडी, बैगेज स्कैनर जैसे आधुनिक उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है। सभी जेलों में लगभग 1500 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। जिनके माध्यम से जेलों की 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। विभाग में नवीन न्यायिक संहिता के कारागार संबंधी प्रावधानों को पूर्णत: लागू किया जा रहा है। जेलों में 453 वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम कार्यशील है। वर्तमान में 82 प्रतिशत बंदियों की पेशी वीसी के माध्यम से करवाई जा रही है। जिसे अगले दो माह में 90 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य है। जेलों में मेडिकल जांच की भी सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।

इस अवसर पर जेल प्रशिक्षण अकादमी के प्रधानाचार्य नरेश गोयल  ने दीक्षांत परेड समारोह में प्रशिक्षुओं को शपथ दिलाई।

इस अवसर पर विधायक जगमोहन आनंद, मेयर रेनू बाला गुप्ता सहित अन्य गणमान्य  मौजूद रहे।
February 05, 2026

हरियाणा में एचसीएस अधिकारी दीपक कुमार का तबादला

हरियाणा में एचसीएस अधिकारी दीपक कुमार का तबादला
चंडीगढ़—हरियाणा सरकार ने तत्काल प्रभाव से एक एचसीएस अधिकारी के स्थानांतरण एवं नियुक्ति आदेश जारी किए हैं।

श्री दीपक कुमार, जो वर्तमान में हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण, पंचकूला में संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा हरियाणा एआई डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (एचएआईडीपी), हरियाणा क्लीन एयर प्रोजेक्ट फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट (एचसीएपीएसडी) और अन्य बाहरी सहायता प्राप्त परियोजनाओं के स्पेशल पर्पज व्हीकल (एसपीवी) में संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं, को हरियाणा राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (हारट्रॉन) में संयुक्त प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

वे हरियाणा एआई डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (एचएआईडीपी), हरियाणा क्लीन एयर प्रोजेक्ट फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट (एचसीएपीएसडी) और अन्य बाहरी सहायता प्राप्त परियोजनाओं के स्पेशल पर्पज व्हीकल (एसपीवी) में संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी भी रहेंगे।
February 05, 2026

हरियाणा-कनाडा संबंधों को मिली नई मजबूती, शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट और आर्थिक सहयोग के क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर सहमति

कनाडाई प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से की मुलाकात, निवेश, नवाचार और कौशल विकास पर हुई सार्थक चर्चा

हरियाणा-कनाडा संबंधों को मिली नई मजबूती, शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट और आर्थिक सहयोग के क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर सहमति
चंडीगढ़— हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से बुधवार देर सांय चंडीगढ़ स्थित उनके आवास ‘संत कबीर कुटीर’ पर कनाडा के अल्बर्टा प्रांत की स्वदेशी संबंध मंत्री राजन साहनी के नेतृत्व में आए उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल से भेंट की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच निवेश, नवाचार, शिक्षा, कौशल विकास और आर्थिक सहयोग को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि हरियाणा वैश्विक सहयोगों के लिए हमेशा तैयार है, जिससे प्रदेश में कौशल वृद्धि, नवाचार और आर्थिक विकास को गति मिले। उन्होंने बताया कि हरियाणा के बड़ी संख्या में छात्र कनाडा में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जिससे शैक्षणिक सहयोग दोनों पक्षों के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र बन गया है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि हरियाणा सरकार द्विपक्षीय सहयोग, शैक्षणिक आदान-प्रदान और आर्थिक साझेदारी को बढ़ावा देने वाले सभी विषयों को अपना पूरा समर्थन प्रदान करेगी। हरियाणा का विदेश सहयोग विभाग अंतरराष्ट्रीय संबंधों, नवाचार और विदेशी निवेश जैसे क्षेत्रों पर लगातार कार्य कर रहा है।

बैठक के दौरान उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर विशेष चर्चा हुई। इस दौरान हरियाणा में कनाडा विश्वविद्यालय के परिसर बनाने पर विचार—विमर्श किया गया।

कनाडा के अल्बर्टा प्रांत की स्वदेशी संबंध मंत्री राजन साहनी ने हरियाणा के औद्योगिक विकास, नवाचार और मानव संसाधन विकास से जुड़ी नीतियों की सराहना की।

बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अल्बर्टा के उन्नत कौशल विकास तंत्र और शिक्षा एवं रोजगार के संबंध में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी, जिसमें मुख्य रूप से कौशल प्रशिक्षण, व्यावसायिक शिक्षा और उद्योग आधारित कार्यक्रमों में साझेदारी पर भी मंथन हुआ ताकि हरियाणा के युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके।

इसके साथ—साथ प्रतिनिधिमंडल ने ऊर्जा, फूड प्रोसेसिंग, कृषि, लॉजिस्टिक्स और मुक्त व्यापार जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार सांझा किए। मुख्यमंत्री ने हरियाणा की नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि आधारित उद्योगों और आपूर्ति श्रृंखला अवसंरचना में बढ़ती क्षमताओं के मद्देनजर तकनीकी आदान-प्रदान, निवेश जैसे मुद्दों पर विशेष जोर दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, विदेश सहयोग विभाग की प्रधान सचिव अमनीत पी. कुमार, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग, विदेश सहयोग विभाग के सलाहकार पवन चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
February 05, 2026

कुरुक्षेत्र राज्य स्तरीय पशु मेले के रैंप पर कैटवॉक करेंगे बेशकीमती पशु

कुरुक्षेत्र राज्य स्तरीय पशु मेले के रैंप पर कैटवॉक करेंगे बेशकीमती पशु 
-41वें राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी का आज उद्घाटन करेंगे श्री श्याम सिंह राणा
चंडीगढ़ - हरियाणा के कुरुक्षेत्र में कल 6 से 8 फरवरी आयोजित किये जा रहे राज्य स्तरीय पशु मेले के रैंप पर बेशकीमती अच्छी नस्ल के पशु कैटवॉक करेंगे। इस मेले में प्रतियोगिता में अच्छी नस्ल का पुरस्कार जीतने वाले पशुपालकों को इनाम राशि भी दी जाएगी। इतना ही नहीं 6 से 8 फरवरी तक चलने वाले राज्य स्तरीय पशु मेले में रोजाना पंजीकरण करवाने वाले किसानों को भी बुलेट मोटरसाइकिल जैसे आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। इस पुरस्कार के लिए रोजाना सायं के समय लक्की ड्रा से विजेताओं के नाम निकाले जाएंगे।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा के पशुपालन एवं कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा 6 फरवरी को 41 वें राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे। इसी तरह 7 फरवरी को केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी और पंचायती राज मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचेंगे जबकि समापन समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्यातिथि होंगे और कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस मेले में दो प्रदर्शनियों का भी आयोजन किया जाएगा। इन प्रदर्शनियों में 100 से ज्यादा सरकारी और निजी संस्थाएं पहुंचेंगे। इन प्रदर्शनियों में पशुपालन की नई तकनीक देखने को मिलेगी। इसके अलावा किसानों के लिए रोजाना मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा और सरकार की तरफ से नि शुल्क जलपान की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने कहा कि पशुपालन विभाग की तरफ से आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय पशु मेले में 23 जिलों से लगभग 1 लाख किसान भाग लेंगे। इन सभी जिलों से किसानों को लाने व ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर भी पशुपालन विभाग की तरफ से तमाम पुख्ता इंतजाम किए गए है। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय पशु मेले में 1500 पशु पहुंचेंगे और सभी अच्छी नस्ल के होंगे। इन पशुओं के लिए 53 कैटेगरी निर्धारित की गई है और सभी कैटेगरी में प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
February 05, 2026

खेल खिलाड़ियों की वजह से होते हैं, न की प्रशासकों से...

खेल खिलाड़ियों की वजह से होते हैं, न की प्रशासकों से... 
सुप्रीम कोर्ट ने क्रिकेट समेत अन्य खेल संघों के संचालन को लेकर कड़ी नाराज़गी जताई है। अदालत ने कहा कि खेल संस्थाओं की कमान ऐसे लोगों के हाथ में होनी चाहिए, जिन्हें खेल की समझ हो। खासतौर पर क्रिकेट संघों में उन लोगों को जगह मिलनी चाहिए, जो स्वयं क्रिकेट खेल चुके हों, न कि ऐसे लोग जिन्हें बैट पकड़ने का भी अनुभव न हो।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने बॉम्बे हाईकोर्ट के उस आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया, जिसमें महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के चुनावों पर रोक लगाई गई थी। ये चुनाव 6 जनवरी को प्रस्तावित थे, लेकिन उन पर भाई-भतीजावाद और पक्षपात के गंभीर आरोप सामने आए थे।
February 05, 2026

ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड: चाइनीस मास्टरमाइंड के इशारे पर लाखों की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 6 दिन का पुलिस रिमांड।*

ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड: चाइनीस मास्टरमाइंड के इशारे पर लाखों की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 6 दिन का पुलिस रिमांड।*
भिवानी : पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार के दिशा-निर्देशों में जिला पुलिस द्वारा ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड के मामलों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इन्हीं निर्देशों की अनुपालना में थाना साइबर क्राइम पुलिस भिवानी ने विदेश में बैठे चाइनीस मास्टरमाइंड के कहने पर ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट के नाम पर आम नागरिकों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

इस संबंध में भिवानी निवासी एक शिकायतकर्ता ने थाना साईबर क्राइम भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसमें उसने बताया कि वह एक लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में कार्यरत है। दिनांक 12 जनवरी 2026 को उसके व्हाट्सएप पर पार्ट-टाइम जॉब/इन्वेस्टमेंट का मैसेज आया, जिसके बाद उसे एक टेलीग्राम लिंक भेजा गया। आरोपियों द्वारा उसे अलग-अलग टास्क के नाम पर 13 ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 6,56,517 रुपये इन्वेस्ट करवाए गए और बाद में धोखाधड़ी कर ली गई शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया।

 दिनांक 30 जनवरी 2026 को अभियोग में प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम भिवानी के एएसआई विजय कुमार ने ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया।

*गिरफ्तार आरोपी की पहचान करण पुत्र राजीव, निवासी सेक्टर-14, करनाल के रूप में हुई है।*

*आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर 06 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया।*

*रिमांड अवधि के दौरान आरोपी के कब्जे से 11 एटीएम कार्ड, 5 मोबाइल फोन तथा 8,000 रुपये नकद बरामद किए गए।*

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ऑनलाइन गेम खेलने का आदी था और वर्ष 2025 में गेम के माध्यम से वह कंबोडिया गया, जहां उसका संपर्क चीनी नागरिकों से हुआ। उन्हीं के कहने पर उसने टेलीग्राम पर “UPI SIX” नाम से ग्रुप बनाया और इन्वेस्टमेंट के नाम पर ठगी की रकम को एक खाते से दूसरे खाते में ट्रांसफर करता था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह युवाओं व पढ़ने वाले छात्रों को पैसों का लालच देकर उनकी आईडी, बैंक खाते व मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करता था।

आज आरोपी को पुनः माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय द्वारा आरोपी को न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना साइबर क्राइम भिवानी के प्रभारी उप निरीक्षक विकास कुमार ने आम जनता से अपील की है कि ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट, पार्ट-टाइम जॉब या टास्क के नाम पर आने वाले किसी भी लालच में न आएं, अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी, आईडी या किसी संदिग्ध लिंक को साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

February 05, 2026

ब्लैकमेल कर नाबालिगा का अपहरण कर दुष्कर्म के मामले में आरोपी गिरफ्तार ।

ब्लैकमेल कर नाबालिगा का अपहरण कर दुष्कर्म के मामले में आरोपी गिरफ्तार ।
सिरसा : महिलाओं विरुध अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला की महिला थाना पुलिस ने ब्लैकमेल कर नाबालिगा का अपहरण एवं दुष्कर्म करने के गंभीर मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है । गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान राजकुमार उर्फ रमन पुत्र कालू राम के रूप में हुई है । मामले की जानकारी देते हुए महिला थाना में तैनात महिला उप निरीक्षक कोमल ने बताया कि 3 जनवरी 2026 को पीड़िता नाबालिगा अपने परिजनों के साथ महिला थाना सिरसा में आकर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह आईटीआई सिरसा में पढ़ाई करती है।  बीती 2 जनवरी को राजकुमार उर्फ रमन ने उसे सुरखाब चौक सिरसा पर रोक लिया और मेरे भाई को जान से मारने की धमकी देकर मुझे लगातार ब्लैकमेल करता रहा और बहला-फुसलाकर भगा ले गया । महिला थाना पुलिस ने महिला अधिवक्ता की मौजूदगी में नाबालिगा द्वारा दिए गए बयानों व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता व पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की गई । जांच के दौरान महिला थाना सिरसा पुलिस की एक टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नाबालिगा का अपहरण कर दुष्कर्म करने के आरोप में आरोपी राजकुमार उर्फ रमन को गिरफ्तार कर लिया है । गिरफ्तार किए गए आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा ।
February 05, 2026

जलवायु परिवर्तन को लेकर अस्ट्रेलिया में हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने किया भारत प्रतिनिधित्व


जलवायु परिवर्तन को लेकर अस्ट्रेलिया में हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने किया भारत प्रतिनिधित्व

पीएम नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नायब सैनी व पूर्व मुख्यमंत्री मनोहरलाल के नेतृत्व में जलवायु परिवर्तन, विधेयक निर्माण में एआई की भूमिका,
 जलवायु परिवर्त विषयों पर हुई चर्चा
जींद : हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने ऑस्ट्रेलिया में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। यह दौरा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहरलाल व विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण के नेतृत्व में सात दिवसीय ऑस्ट्रेलिया यात्रा का हिस्सा था। जिसमें उपाध्यक्ष डा. मिड्ढा शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न विधायी और पर्यावरणीय विषयों पर गहन बातचीत हुई। विशेष रूप से जलवायु परिवर्तन, विधेयक निर्माण में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की भूमिका और संबंधित नीतिगत मुद्दों पर फोकस रहा। यहां डा. मिड्ढा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के दूरदर्शी नेतृत्व का हवाला देते हुए भारत की जलवायु कार्रवाई और सतत विकास की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। ऑस्ट्रेलिया में मौजूद विक्टोरिया पार्लियामेंट्री मेलबर्न के मुख्यमंत्री जैकिंटा एलन, अध्यक्ष मैरी एडवर्ड, उपाध्यक्ष मैट फ्रेगॉन मौजूद रहे और उनके साथ अनुसंधान और नवाचार पर चर्चा हुई। जहां जलवायु परिवर्तन से जुड़े अनुसंधान कार्यों की जानकारी सांझा की गई। डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों जैसे जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए भारत और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के बीच सहयोग बढ़ाना आवश्यक है। एआई का उपयोग विधेयक निर्माण और पर्यावरण नीतियों में तेजी ला सकता है। जिससे अधिक प्रभावी और डेटा आधारित निर्णय लिए जा सकें। डा. मिड्ढा ने कहा कि दुनिया के तमाम देशों में जलवायु परिवर्तन का प्रभाव साफ  देखने को मिल रहा है। आज मौसम से संबंधित घटनाएं चिंता का विषय बन गई हैं। कहीं तूफान, कहीं बर्फबारी,  कहीं भारी बारिश और कहीं प्रचंड गर्मी जैसी मौसमी घटनाओं ने पूरी दुनिया को प्रभावित किया है। मौसम में हो रहे बदलावों को लेकर भारत और ऑस्ट्रेलिया मिल कर काम करे। इसके अलावा अन्य देश भी इस गंभीर विषय को समझें। भारत जलवायु परिवर्तन को लेकर अहम कदम लगातार उठा रहा है। डा. मिड्ढा ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया का यह दौरा हरियाणा विधानसभा की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है और जलवायु संरक्षण में भारत की मजबूत भूमिका को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
 

February 05, 2026

ए.वी.टी. स्टॉफ जींद ने सरकारी नौकरी लगवाने का झूठा झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार ।

ए.वी.टी. स्टॉफ जींद ने सरकारी नौकरी लगवाने का झूठा झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार ।
जींद : पुलिस अधीक्षक जींद श्री कुलदीप सिंह भा.पु.से. के कुशल दिशा-निर्देशन में जिला जींद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलांए जा रहे विशेष अभियान के तहत ए.वी.टी. स्टॉफ जींद ने सरकारी नौकरी लगवाने का झूठा झांसा देकर लाखों कि ठगी करने के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कि है । 
ए.वी.टी. स्टॉफ जींद के ईचांर्ज उप निरीक्षक यशवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना जुलाना में शिकायतकर्ता  जयभगवान वासी गांव अकालगढ़(जीन्द) ने बताया कि राजेश वासी ब्राहमणवास, उसकी पत्नी व उसके बेटे ने उसके दो बेटों व रिश्तेदारों को  सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया ।  तथा आरोपी राजेश ने उसे भरोसा दिलाया कि उसका  सरकारी विभागों में उच्च स्तर  के अधिकारियों से संपर्क है  । आरोपी राजेश कि बातों पर  विश्वास करते  हुए उसने अपने 2 पुत्रों व दो रिश्तेदारों को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित ग्राम सचिव परीक्षा में चयन करवाने के लिए आरोपी राजेश को अलग-अलग तिथियों में  कुल 40 लाख 50 हजार रुपये  दिए  । बाद में ग्राम सचिव  परीक्षा रद्द होने पर  उसने आरोपी राजेश से रुपये वापिस मांगे को उसने रुपये देने से इंकार कर दिया तथा जान  से मारने कि धमकि दी । जिसकी शिकायत के आधार पर थाना जुलाना में मुकदमा नंबर 289 दिनांक 17.08.2023 धारा 420, 406, 506 भा०द०स० के तहत मामला दर्ज किया गया तथा आगामी जांच ए.वी.टी स्टॉफ जींद द्वारा अमल में लाई गई । तकनीकि व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर दिनांक 03.02.2026 को आऱोपी राजेश वासी ब्राहमणवास  को  नियमानुसार  गिरफ्तार करके माननीय न्यालय में पेश कर एक दिन का पुलिस  रिमाण्ड हासिल किया गया दौराने पुलिस रिमाण्ड  आरोपी राजेश से 2 हजार रुपये बरामद किए गए  तथा आरोपी को माननीय अदालत  में पेश करके आगामी कार्यवाही नियमानुसार अमल में लाई जा रही है । 

जींद  पुलिस आमजन से अपील करती है कि सरकारी नौकरी या परीक्षा में चयन करवाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को रुपये न दें । इस प्रकार के प्रलोभनों से सावधान रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Wednesday, February 4, 2026

February 04, 2026

केंचुआ खाद बनाने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले एग्रो नेचर फार्मिंग कम्पनी के CMD गिरफ्तार, 2.28 करोड़ की धोखाधड़ी का खुलासा

केंचुआ खाद बनाने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले एग्रो नेचर फार्मिंग कम्पनी के CMD गिरफ्तार, 2.28 करोड़ की धोखाधड़ी का खुलासा 
जींद : पुलिस अधीक्षक जींद श्री कुलदीप सिंह भा.पु.से. के कुशल दिशा-निर्देशन में जिला जीन्द में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चंलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सिविल लाईन जींद पुलिस ने किसानों के साथ संगठित तरीके से की गई बड़ी आर्थिक ठगी का पर्दाफाश करते हुए एग्रो नेचर फार्मिंग कम्पनी के मुख्य आरोपी (CMD) जोगिन्द्र राज वासी बाजीदा जाटान(करनाल) को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कि है । 
थाना सिविल लाईन जींद की प्रभारी पीएसआई पूजा ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना सिविल लाईन जींद में शिकायतकर्ता राममेहर वासी कण्डेला ने अपनी शिकायत में बताया कि जोगिन्द्र राज (CMD) व राकेश शर्मा (MD), फर्म Agro Nature Farmings, रजि. ऑफिस सेक्टर-17, हुडा जगाधरी, जिला यमुनानगर, ने किसानों को केंचुआ खाद (वर्मीकम्पोस्ट) का व्यवसाय स्थापित करने का प्रलोभन दिया।
उन्होने उसे विश्वास दिलाया कि वे उसके खेत में केंचुआ खाद के बैड तैयार करेंगे, जिसकी लागत ₹10,000 प्रति बैड होगी तथा दो वर्ष में निवेश की गई राशि दोगुनी कर दी जाएगी। जिसमें उन्होने उससे कुल ₹10,10,000/- रुपये ले लिए
 कुछ समय पश्चात कार्य बंद कर दिया, बैड निर्धारित अवधि के अनुसार परिवर्तित नहीं किए तथा दो वर्ष का इकरारनामा पूरा करने से पूर्व ही कपंनी कार्यालय बंद कर फरार हो गई । जब शिकायतकर्ता ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी । जिसकी शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाईन जींद में मु. न. 188 दिनांक 08.08.2025 धारा 406,420 भा.द.स. के तहत मामला दर्ज करके आरोपी राकेश को गिरफ्तार किया गया । जांच में यह भी सामने आया कि फर्म का श्रम एवं रोजगार विभाग, यमुनानगर में पंजीकरण सत्यापित नहीं है ।
गहन जांच व तकनीकि साक्ष्यो के आधार दिनांक 03.02.2026 को मुख्य आरोपी जोगिन्द्र राज प्रोडक्शन वारंट पर पेश कर नियमानुसार गिरफ्तार करके आरोपी से ₹10,000/- रुपये बरामद किए गए । आरोपी को माननीय अदालत में पेश करके आगामी कार्यवाही नियमानुसार अमल में लाई जा रही है।
जीन्द पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी निवेश योजना में धन लगाने से पूर्व उसकी वैधानिकता एवं प्रामाणिकता की पूर्ण जांच अवश्य करें। यदि किसी व्यक्ति के साथ इस प्रकार की ठगी हुई हो तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
जींद पुलिस द्वारा आर्थिक अपराधों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। दोषियों को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाई जाएगी