Breaking

Monday, March 16, 2026

March 16, 2026

स्वीडन प्रतिनिधिमंडल ने जानी आयुर्वेद उपचार पद्धति

स्वीडन प्रतिनिधिमंडल ने जानी आयुर्वेद उपचार पद्धति

राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान का किया दौरा, एनआईए में किए जा रहे उपचार की सराहना
पंचकूला : भारतीय चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद की वैश्विक स्तर पर स्वीकार्यता लगातार बढ़ रही है। इसी कड़ी में स्वीडन के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, पंचकूला का दौरा किया और आयुर्वेद उपचार पद्धतियों को जाना। एनआईए में पहुंचने पर उप चिकित्सा अधीक्षक (डीएमएस) डॉ. गौरव गर्ग ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया और उन्हें आयुर्वेद चिकित्सा पद्धतियों से अवगत कराया। वहीं, डीन इंचार्ज प्रोफेसर सतीश गंधर्व ने प्रतिनिधिमंडल को संस्थान की कार्यप्रणाली और शैक्षणिक गतिविधियों बारे जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान में आयुर्वेद उपचार पद्धतियों की सराहना की।
डॉ. गौरव गर्ग ने प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया गया कि आयुष मंत्रालय भारत सरकार के तत्वाधान में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) संजीव शर्मा और डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी के मार्गदर्शन में आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के जरिये रोगियों का उपचार किया जा रहा है। संस्थान की 12 ओपीडी में हर रोज 400 से 500 मरीज परामर्श और इलाज के लिए पहुंच रहे हैं, जिनका विशेषज्ञ चिकित्सकों के जरिये इलाज किया जाता है।
 मेडिकल ऑफिसर डॉ. शिन्षा ने प्रतिनिधिमंडल को संस्थान का दौरा कराया और उन्हें ओपीडी और आईपीडी के बारे में विस्तार से बताया। प्रतिनिधिमंडल ने ओपीडी और आईपीडी सेक्शन के साथ पंचकर्म, केंद्रीय लेबोरेट्री, फिजियोथैरेपी, फार्मेसी, पंजीकरण शाखा और आपरेशन थियेटर का दौरा किया।
प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रही गबिजा गाडलियाउस्काइट और रीता जिलेनाइते ने पारंपरिक भारतीय चिकित्सा पद्धति की सराहना करते हुए कहा कि यूरोपीय देशों में आयुर्वेद उपचार की डिमांड बढ़ रही है और आयुर्वेद के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत हो रहा है। कई यूरोपीयन देशों में मरीज भारतीय चिकित्सा पद्धति का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने आयुष मंत्रालय के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की सराहना की, जोकि आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति में अलग पहचान बना रहा है। इंडो बाल्टिक सोसायटी फॉर कान्शियसनेस लिथुआनिया के को-आर्डिनेटर स्वामी आदित्य नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल भारत भ्रमण पर पहुंचा है, जोकि अलग-अलग प्रदेशों में पर्यटन स्थलों के साथ शैक्षणिक और आयुर्वेद से जुड़े संस्थानों का भ्रमण कर रहा है। इस अवसर पर डॉ. राजेंद्र, डॉ. विवेक गुप्ता रायपुर रानी और रिचा भार्गव प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।
March 16, 2026

घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर पुलिस व फूड एंड सप्लाई विभाग की संयुक्त कार्रवाई, अवैध गैस भराई का भंडाफोड़

घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर पुलिस व फूड एंड सप्लाई विभाग की संयुक्त कार्रवाई, अवैध गैस भराई का भंडाफोड़*
जींद : पुलिस अधीक्षक जींद श्री कुलदीप सिंह, आईपीएस के कुशल  दिशा-निर्देश में जिला जींद में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी व अवैध गैस भराई पर रोक लगाने के उद्देश्य से थाना सदर जींद व पुलिस चौकी सी.एस.आर.यू की टीम द्वारा फूड एंड सप्लाई विभाग के साथ मिलकर एक संयुक्त कार्रवाई की गई।
थाना सदर जींद के प्रभारी पीएसआई मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि  पुलिस चौकी सी.एस.आर.यू की टीम महिला उप निरीक्षक राजेश कुमारी के नेतृत्व में फूड एंड सप्लाई विभाग के साथ मिलकर एक संयुक्त टीम दौराने गश्त पड़ताल थी इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई थी कि सुरेन्द्र उर्फ बॉडर वासी गांव बिशनपुरा अपने मकान के पास खाली प्लॉट में बने कमरे के पीछे अलग-अलग कंपनियों के गैस सिलेंडरों को अवैध रूप से एकत्रित कर उनमें गैस भरकर सप्लाई करने का कार्य कर रहा है।
सूचना को विश्वशनीय मानते हुए पुलिस टीम व फूड एंड सप्लाई विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम सुरेन्द्र उर्फ बोडर वासी गांव बिशनपुरा बताया। मौके की तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से कुल 5 गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें सभी सिलेंडर भरे हुए पाए गए। इसके अलावा मौके से एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा (लगभग 100 किलोग्राम क्षमता), गैस निकालने के लिए पाइप जिसमें दो नोजल लगे हुए थे तथा एक मशीन भी बरामद की गई, जिसके माध्यम से भरे हुए सिलेंडरों से गैस निकालकर दूसरे खाली सिलेंडरों में भरी जा रही थी।
पुलिस द्वारा मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से बरामद सामान को नियमानुसार कब्ज़ा पुलिस में लिया गया। आरोपी द्वारा गैस सिलेंडरों को अवैध रूप से अपने पास रखना व गैस की अवैध भराई करना आवश्यक वस्तु अधिनियम (EC Act) की धारा 7 के तहत  मामला दर्ज करके आगामी कार्यवाही नियमानुसार अमल में लाई जा रही है ।
जिला पुलिस द्वारा आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कहीं भी घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या अवैध गैस भराई जैसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते ऐसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
जिला पुलिस जींद द्वारा अवैध गतिविधियों पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे संयुक्त अभियान जारी रहेंगे।
March 16, 2026

*घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर पुलिस व फूड एंड सप्लाई विभाग की संयुक्त कार्रवाई*

*घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर पुलिस व फूड एंड सप्लाई विभाग की संयुक्त कार्रवाई*
जींद : पुलिस अधीक्षक जींद श्री कुलदीप सिंह, आईपीएस के दिशा-निर्देश में ज़िला जींद में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए थाना शहर नरवाना पुलिस द्वारा फूड एंड सप्लाई विभाग के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान चलाया गया।
थाना शहर नरवाना के प्रभारी उप निरीक्षक आत्माराम ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना शहर नरवाना की टीम ने फूड एंड सप्लाई विभाग के साथ मिलकर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की सूचना के आधार पर जोगिंदर वासी पंजाबी चौक नरवाना के मकान व दुकान पर छापेमारी की। मौके पर जोगिंदर अपने मकान के बाहर फल व सब्जियों की दुकान पर मौजूद मिला।
तलाशी के दौरान जोगिंदर के मकान से कुल 8 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए। इनमें से 1 सिलेंडर भरा हुआ चूल्हे पर उपयोग में लगा हुआ था, जबकि 7 सिलेंडर खाली अवस्था में घर के अंदर रखे हुए पाए गए। पूछताछ के दौरान जोगिंदर द्वारा भगवती गैस एजेंसी की दो कॉपियां पेश की गईं, जिनके अनुसार वह केवल 4 सिलेंडर रखने का अधिकृत उपभोक्ता है।
फूड एंड सप्लाई विभाग के निरीक्षक रोहित तथा उप निरीक्षक विकास की उपस्थिति में अतिरिक्त पाए गए 4 गैस सिलेंडरों को भगवती गैस एजेंसी में जमा करवा दिया गया तथा मामले की नियमानुसार जांच की जा रही है।
पुलिस व संबंधित विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण तथा दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कहीं भी गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री या कालाबाजारी की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
जिला पुलिस द्वारा इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
March 16, 2026

मन्दिर के पुजारी की पत्नी ही प्रेमी संग फरार

मंदिर के पुजारी की पत्नी ही प्रेमी संग फरार
करनाल:स्थानीय सेक्टर-32,33 थाना क्षेत्र के एक मंदिर में रहने वाली महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। महिला के पति मंदिर में पुजारी है, उसने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी पिछले कई महीनों से एक युवक से सोशल मीडिया पर संपर्क में थी। महिला अचानक मंदिर से चली गई और उसके बाद से वह घर वापिस नहीं आई। बताते है कि उसे पति ने महिला को कई बार समझाया लेकिन वह नहीं मानी।
March 16, 2026

'वसंत उत्सव' में हरियाणा राज्य चुनाव आयोग का शिविर आकर्षण का केंद्र बना

'वसंत उत्सव' में हरियाणा राज्य चुनाव आयोग का शिविर आकर्षण का केंद्र बना

- आयोग द्वारा तीन दिवसीय उत्सव में मतदान के प्रति नागरिकों को संवेदनशील किया गया  

- आयोग को भरोसा यह पहल स्थानीय निकायों के चुनावों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी
चंडीगढ़ - हरियाणा राज्य चुनाव आयोग द्वारा पंचकूला स्थित यवनिका पार्क में तीन दिवसीय 'वसंत उत्सव' के दौरान मतदाताओं को जागरूक करने के मकसद से एक पवेलियन (शिविर) तैयार किया गया। इस शिविर का उद्देश्य आम जन को आयोग के कामकाज के बारे में जागरूक करना था।

शुक्रवार को आरंभ हुए इस उत्सव के दौरान तीन दिनों तक शिविर पर नागरिकों को मतदान के अधिकार के बारे में जागरूक और संवेदनशील किया गया और उन्हें हर चुनाव में मतदान करने की शपथ दिलाई गई। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा राज्य चुनाव आयोग को पूरा भरोसा है कि यह पहल स्थानीय निकायों के चुनावों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।

अपने तरह की इस अनोखी पहल के ज़रिए आयोग को विभिन्न आयु वर्ग के नागरिकों की ओर से बहुत ही उत्साहजनक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई है। वसंत उत्सव का उद्घाटन शुक्रवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा किया गया था। मुख्यमंत्री ने इस दौरान हरियाणा राज्य चुनाव आयोग के इस अनोखे शिविर का अवलोकन किया और आयोग की इस पहल की सराहना भी की।

इस अवसर पर आयोग की ओर से शिविर को अधिक ज्ञानवर्धक और आकर्षक बनाने हेतु, स्थानीय निकायों के चुनावों से संबंधित एक प्रश्नोत्तरी (क्विज़) प्रतियोगिता का आयोजन किया और विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए।

नागरिकों को EVM के कामकाज के बारे में जागरूक करने के लिए प्रदर्शन हेतु एक डमी EVM भी शिविर में स्थापित की गई। शुक्रवार को, हरियाणा के माननीय राज्य चुनाव आयुक्त श्री देविंदर सिंह कल्याण ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया और आम जन से संवाद किया।

प्रवक्ता ने बताया कि 'वसंत उत्सव' के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने आयोग के शिविर का अवलोकन किया और हरियाणा राज्य चुनाव आयोग द्वारा स्थानीय निकायों के चुनावों के संचालन के संबंध में उपयोगी जानकारी प्राप्त की। इस शिविर के ज़रिए आयोग ज़मीनी स्तर पर नागरिकों के साथ जुड़ सकने में कायमयाब रहा।

March 16, 2026

*वकालत केवल पेशा नहीं, जनसेवा का सशक्त माध्यम - मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*

*वकालत केवल पेशा नहीं, जनसेवा का सशक्त माध्यम - मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*

*डिजिटल युग में वकील नई तकनीकों को अपनाकर न्याय प्रक्रिया को करें मजबूत – मुख्यमंत्री*

*हरियाणा सरकार वकीलों और न्यायपालिका को दे रही हरसंभव सहयोग*

*हरियाणा नए आपराधिक कानूनों को लागू करने में देश का अग्रणी राज्य – मुख्यमंत्री*
चंडीगढ़- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वकालत केवल आजीविका का माध्यम नहीं, बल्कि न्याय, मानवता और जनसेवा का सशक्त दायित्व है। उन्होंने कहा कि वकील लोकतंत्र की न्यायिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, जो न केवल समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों को न्याय दिलाने में अहम भूमिका निभाते हैं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन, नैतिक मूल्यों की स्थापना और राष्ट्र निर्माण में भी अग्रणी योगदान देते हैं।
मुख्यमंत्री रविवार को उनके निवास संत कबीर कुटीर पर चंडीगढ़ व पंजाब से लीगल सेल से जुड़े वकीलों को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून का क्षेत्र केवल विधिक ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में न्याय, समानता और अधिकारों की रक्षा का माध्यम भी है। उन्होंने युवा वकीलों का आह्वान करते हुए कहा कि वे अपनी ऊर्जा, ज्ञान और उत्साह को समाजहित में समर्पित करें तथा अपने पेशे को केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित न रखकर राष्ट्रसेवा का माध्यम बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भी युवा वकीलों को प्रेरित करते हुए आह्वान किया है कि वे अपनी ऊर्जा, ज्ञान और उत्साह को समाज की भलाई के लिए समर्पित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी वे वकीलों के बीच होते हैं, तो स्वयं को मानवता के रक्षकों के बीच पाते हैं। उन्होंने कहा कि यह बड़े ही गर्व की बात है कि भारत के 53वें मुख्य न्यायाधीश, जस्टिस सूर्य कांत हरियाणा के रहने वाले हैं। उन्होंने हरियाणा की धरती से निकलकर न्याय के सर्वोच्च शिखर को स्पर्श किया है। इस काउंसिल ने उच्चतम न्यायालय के कई न्यायाधीश, देश के कानून व रेल मंत्री, पंजाब व हरियाणा के एडवोकेट जनरल, एडिशनल सालिसिटर जनरल, चण्डीगढ़ के सांसद व मेयर आदि प्रदान किए हैं।

उन्होंने कहा कि बार काउंसिल के अंतर्गत हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के वकीलों की संख्या काफी अधिक है और यह संगठन नए आने वाले वकीलों को भी प्रोत्साहित करता है और कानून की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को भी सहायता प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि आज डिजिटल युग में कानून के क्षेत्र में भी तेजी से परिवर्तन हो रहे हैं और नई तकनीकें वकीलों के लिए अवसरों के नए द्वार खोल रही हैं। मुख्यमंत्री ने वकीलों से आह्वान किया कि वे इन तकनीकों को अपनाएं और न्याय प्रक्रिया को अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी बनाने में अपना सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कहा कि वकीलों को अपने नैतिक मूल्यों को सदैव सर्वोपरि रखना चाहिए। उनकी वकालत केवल उनकी योग्यता का प्रमाण न होकर उनके चरित्र, नैतिक प्रतिबद्धता और न्याय के प्रति समर्पण का भी परिचायक होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून का शासन किसी भी लोकतांत्रिक देश की नींव है। हमारी न्यायपालिका समाज में शांति, समानता और न्याय सुनिश्चित करने का काम करती है। वकीलों और न्यायपालिका के बीच तालमेल, पारदर्शिता और नैतिकता का होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार वकीलों और न्यायपालिका के लिए अपने स्तर पर हर संभव योगदान दे रही है। वकीलों के लिए आधुनिक सुविधाएं, तकनीकी संसाधन और प्रशिक्षण कार्यक्रम सुनिश्चित कर रहे हैं, ताकि कार्य को और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सके।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में अंग्रेजों के जमाने से चले आ रहे तीन आपराधिक कानूनों को बदला गया है। हरियाणा देश का अग्रणी राज्य है, जिसने इतने कम समय में तीनों नये कानूनों को सफलतापूर्वक लागू किया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री बी बी भारती, अधिवक्ता रंजन लोहान, प्रतिभा भंडारी, सुनील शर्मा, एन के वर्मा, विवेक सोनी, गोपाल शर्मा, मुकेश गर्ग सहित बड़ी संख्या में पंजाब और चंडीगढ़ के अधिवक्ता उपस्थित थे।
March 16, 2026

क्षेत्रीय कौशल प्रतियोगिता में हरियाणा के युवाओं का शानदार प्रदर्शन, 33 पदक जीतकर बढ़ाया प्रदेश का मान

क्षेत्रीय कौशल प्रतियोगिता में हरियाणा के युवाओं का शानदार प्रदर्शन, 33 पदक जीतकर बढ़ाया प्रदेश का मान

आगरा में आयोजित प्रतियोगिता में 8 स्वर्ण, 13 रजत और 12 कांस्य पदक हासिल

केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री जयंत चौधरी ने हरियाणा के प्रतिभागियों के शानदार प्रदर्शन की करी सराहना
चंडीगढ़– हरियाणा के प्रतिभाशाली युवाओं ने एक बार फिर अपनी दक्षता और कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए आगरा के बीएसएनएल ग्राउंड में गत दिवस आयोजित क्षेत्रीय कौशल प्रतियोगिता में 33 पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें 8 स्वर्ण, 13 रजत और 12 कांस्य पदक शामिल हैं। समापन समारोह के अवसर पर केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री जयंत चौधरी ने हरियाणा के प्रतिभागियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए सभी विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने प्रतिभागियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
युवाओं द्वारा बेहतरीन प्रदर्शन करने पर हरियाणा के युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता मंत्री श्री गौरव गौतम ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा के युवाओं ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र सरकार निरंतर ठोस कदम उठा रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देशभर में कौशल विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को नई तकनीकों से जोड़ने के लिए अनेक पहलें की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार भी युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में प्रदेश में कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना और विभिन्न तकनीकी संस्थानों में युवाओं के लिए आधुनिक व रोजगारपरक तकनीकी पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, ताकि वे बदलते समय की आवश्यकताओं के अनुरूप अपने कौशल को निखारकर बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें।
उन्होंने प्रतिभागियों को आगामी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं भी दीं। इस प्रतियोगिता में राज्य के युवाओं ने कुल 63 कौशलों में से 49 कौशलों में भागीदारी की और 33 कौशलों में पदक जीतकर अपनी तकनीकी दक्षता, समर्पण और मेहनत का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। इस उपलब्धि ने यह साबित किया है कि हरियाणा के युवा आधुनिक और उभरते कौशल क्षेत्रों में भी तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न राज्यों के प्रतिभागियों ने अलग-अलग ट्रेडों और उभरते कौशल क्षेत्रों में अपनी विशेषज्ञता का प्रदर्शन किया। हरियाणा के प्रतिभागियों का यह उत्कृष्ट प्रदर्शन राज्य के मजबूत कौशल विकास तंत्र और युवाओं को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय कौशल प्रतियोगिता के विजेता अब प्रतिष्ठित इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता में भाग लेंगे, जहां देशभर के सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी अपने—अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर आयोजित वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे, जिससे वे वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए प्रोत्साहन राशि भी घोषित की हैं। इसके तहत राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले प्रतिभागियों को 5 लाख रुपये तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले प्रतिभागियों को 10 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इससे कौशल प्रतियोगिताओं में युवाओं की भागीदारी को और बढ़ावा मिलेगा।
March 16, 2026

वर्ष 2025 में हरियाणा की 2,157 पंचायतें टीबी-मुक्त घोषित, 2023 में यह संख्या 574 थी - डॉ. सुमिता मिश्रा

वर्ष 2025 में हरियाणा की 2,157 पंचायतें टीबी-मुक्त घोषित, 2023 में यह संख्या 574 थी - डॉ. सुमिता मिश्रा

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत राज्य की 35 प्रतिशत पंचायतें टीबी-मुक्त

अंबाला 191 पंचायतों के साथ सबसे आगे
चंडीगढ़- स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि हरियाणा ने टीबी उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हासिल की है। वर्ष 2025 में राज्य की 2,157 ग्राम पंचायतों को टीबी-मुक्त घोषित किया गया है, जो राज्य की कुल 6,237 पंचायतों का लगभग 35 प्रतिशत है।  
उन्होंने बताया कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत “टीबी मुक्त पंचायत” पहल की शुरुआत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा विश्व टीबी दिवस (24 मार्च 2023) को वाराणसी से की गई थी। इस पहल का उद्देश्य पंचायती राज संस्थाओं को क्षय रोग से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से समझने, उसके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने और पंचायतों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के साथ-साथ टीबी उन्मूलन में उनके योगदान को प्रोत्साहित करना है।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में टीबी-मुक्त पंचायतों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जो इस कार्यक्रम के जमीनी स्तर पर मजबूत क्रियान्वयन को दर्शाती है। वर्ष 2023 में राज्य की 574 पंचायतों को टीबी मुक्त होने का प्रमाण पत्र मिला था और सभी पंचायतें ब्रॉन्ज श्रेणी में थीं, जो कुल पंचायतों का लगभग 9 प्रतिशत था। वर्ष 2024 में यह संख्या बढ़कर 1,855 पंचायतों तक पहुंच गई, जिनमें 1,542 ब्रॉन्ज तथा 313 सिल्वर श्रेणी की पंचायतें शामिल रही, जो राज्य की लगभग 30 प्रतिशत पंचायतों का प्रतिनिधित्व करती हैं। वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 2,157 पंचायतों तक पहुंच गई है।
उन्होंने बताया कि इस पहल के अंतर्गत पंचायतों को तीन स्तरों पर प्रमाण पत्र प्रदान किया जाता है। किसी पंचायत को एक वर्ष तक टीबी-मुक्त स्थिति बनाए रखने पर ब्रॉन्ज, दो लगातार वर्षों तक बनाए रखने पर सिल्वर, तथा तीन वर्षों तक बनाए रखने पर गोल्ड प्रमाण पत्र दिया जाता है। प्रमाणपत्र प्रत्येक वर्ष विश्व टीबी दिवस के अवसर पर उपायुक्त द्वारा जारी किए जाते हैं और इनकी वैधता एक वर्ष की होती है। दावों को प्रस्तुत करने और सत्यापित करने के लिए छह संकेतकों का उपयोग किया जाता है, जिन्हें जिला विकास और पंचायती राज अधिकारी, सिविल सर्जन और उप सिविल सर्जन द्वारा मान्य किया जाता है, जिसके बाद ही किसी पंचायत को टीबी-मुक्त घोषित किया जा सकता है।
वर्ष 2025 में 2,157 पंचायतों में से 211 पंचायतों को गोल्ड, 646 पंचायतों को सिल्वर तथा 1,300 पंचायतों को ब्रॉन्ज श्रेणी में पाया गया है।

जिला-वार आंकड़ों के अनुसार अंबाला जिला में कुल 400 पंचायतों में से 191 पंचायतें टीबी-मुक्त प्रमाण पत्र के लिए योग्य पाई गई हैं, जिनमें 9 गोल्ड, 79 सिल्वर और 103 ब्रॉन्ज शामिल हैं। भिवानी जिला में 312 पंचायतों में से 165 पंचायतें पात्र पाई गई हैं, जिनमें 34 गोल्ड, 59 सिल्वर और 72 ब्रॉन्ज शामिल हैं। चरखी दादरी जिला में 167 पंचायतों में से 27 पंचायतें पात्र हैं, जिनमें 10 सिल्वर और 17 ब्रॉन्ज शामिल हैं। फरीदाबाद जिला में 100 पंचायतों में से 46 पंचायतें पात्र हैं, जिनमें 8 गोल्ड, 17 सिल्वर और 21 ब्रॉन्ज शामिल हैं।
इसी प्रकार फतेहाबाद जिला में 259 पंचायतों में से 116 पंचायतें, गुरुग्राम जिला में 158 में से 96 पंचायतें, हिसार जिला में 325 में से 99 पंचायतें, तथा झज्जर जिला में 250 में से 67 पंचायतें टीबी-मुक्त प्रमाण पत्र के लिए योग्य पाई गई हैं। इसी प्रकार जींद जिला में 300 पंचायतों में से 65, कैथल जिला में 277 में से 106, करनाल जिला में 385 में से 113, तथा कुरुक्षेत्र जिला में 407 में से 145 पंचायतें पात्र पाई गई हैं। इसके अलावा महेंद्रगढ़ जिला में 343 में से 106 पंचायतें, नूंह (मेवात) जिला में 325 में से 98 पंचायतें, तथा पलवल जिला में 265 में से 110 पंचायतें टीबी-मुक्त प्रमाण पत्र के लिए पात्र मिली हैं।
इसी प्रकार पंचकूला जिला में 133 में से 105 पंचायतें, पानीपत जिला में 178 में से 56 पंचायतें, रेवाड़ी जिला में 365 में से 131 पंचायतें, तथा रोहतक जिला में 142 में से 25 पंचायतें पात्र पाई गई हैं। इसके अतिरिक्त सिरसा जिला में 339 में से 119 पंचायतें, सोनीपत जिला में 317 में से 81 पंचायतें, तथा यमुनानगर जिला में 490 में से 90 पंचायतें टीबी-मुक्त प्रमाण के लिए पात्र पाई गई हैं।
डॉ. मिश्रा ने बताया कि पंचायतों की पात्रता का सत्यापन एक सुव्यवस्थित त्रि-स्तरीय प्रक्रिया के माध्यम से किया जाता है। इसमें जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, सिविल सर्जन तथा दूसरे जिले के डिप्टी सिविल सर्जन (टीबी) द्वारा दावों की जांच और पुष्टि की जाती है। यह प्रक्रिया सुनिश्चित करती है कि केवल वही पंचायतें टीबी-मुक्त घोषित हों जो भारत सरकार द्वारा निर्धारित छह मानकों को पूरा करती हों।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत प्रगति को और तेज करने के लिए प्रतिबद्ध है और पंचायतों की सक्रिय भागीदारी के कारण राज्य टीबी उन्मूलन के लक्ष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
March 16, 2026

एलपीजी व तेल का अंतरराष्ट्रीय स्तर का मामला, मिलजुल करे संकट का सामना, विपक्ष लोगों को ना बरगलाए : मनोहर लाल

एलपीजी व तेल का अंतरराष्ट्रीय स्तर का मामलामिलजुल करे संकट का सामनाविपक्ष लोगों को ना बरगलाए : मनोहर लाल

 

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल करनाल में आम जनता से मिले और उनकी समस्याओं का निराकरण किया 

चंडीगढ़-  केंद्रीय ऊर्जाआवासन एवं शहरी मामलों के मंत्री श्री मनोहर लाल ने अपने करनाल प्रवास के दौरान शनिवार सायं देर तक और रविवार को सुबह आम जनता से मेल मिलाप किया और उनकी समस्याओं का निराकरण किया। श्री मनोहर लाल ने  अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया तथा शेष समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि विपक्षी पार्टी के लोगों को समझना चाहिए कि यह एलपीजी व तेल सम्बन्धी अंतरराष्ट्रीय स्तर का मामला हैफिर भी भारत सरकार ने देश के लोगों को कोई समस्या नहीं आने दी है। ऐसे समय में विपक्षी पार्टियों को इसे राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाना चाहिए। बल्कि मिलजुल कर संकट का सामना करना चाहिए। विपक्ष बिना मुद्दे के गैस की किल्लत बताकर केवल लोगों को बरगला रहा है। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश में गैस एजेंसियों के पास पर्याप्त मात्रा में एलपीजी का स्टॉक है और विदेशों से भी तेल व एलपीजी भरपूर मात्रा में आ रहा है।

 

उन्होंने कहा कि भारत एक शांतिप्रिय देश है और सभी के साथ आपसी प्रेम-प्यार से रहता है। ये ही हमारी देश की संस्कृति भी है। उन्होंने कहा कि आज देश का नेतृत्व प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के हाथों में है। जबसे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश की बागडोर संभाली तब से लेकर देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है और समस्त विश्व में देश का सम्मान बढ़ा है।



March 16, 2026

गरीब की बेटी का घर बसाना सबसे बड़ा पुण्य: कर्मवीर सैनी


गरीब की बेटी का घर बसाना सबसे बड़ा पुण्य: कर्मवीर सैनी

अर्जुन स्टेडियम में मानवता का अनूठा उत्सव; 32 बेटियों को मिला सपनों का नया घर
जींद : शहर के अर्जुन स्टेडियम में रविवार को सामाजिक संस्था युवा मित्र मंडल की ओर से भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 32 कन्याओं का विवाह हिंदू रीति-रिवाज के साथ हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा राज्य सूचना आयुक्त कर्मवीर सैनी पहुंचे और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। अपने संबोधन में कर्मवीर सैनी ने कहा कि यह आयोजन केवल विवाह समारोह नहीं बल्कि मानवता, करुणा और सामाजिक संवेदना का एक प्रेरणादायक उदाहरण है। जिन माता-पिता के मन में वर्षों से बेटियों के विवाह की चिंता थी, आज वह चिंता खुशी और संतोष में बदल गई है। कर्मवीर सैनी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में बेटियों को देवी का रूप माना गया है। बेटी घर की खुशियों की वह रोशनी होती है जो पूरे परिवार को प्रेम और संस्कारों के सूत्र में बांधकर रखती है। लेकिन कई गरीब परिवारों के लिए बेटी का विवाह एक बड़ी चिंता बन जाता है। ऐसे में युवा मित्र मंडल जैसे सामाजिक संगठनों द्वारा सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज सेवा की सर्वोत्तम मिसाल बनकर सामने आते हैं। कर्मवीर सैनी ने समारोह के आयोजक युवा मित्र मंडल,समाजसेवियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से कई परिवारों के जीवन में खुशियों का दीप जला है। मानवता का अनुपम उदाहरण बने इस प्रकार के समारोह समय-समय पर होते रहने चाहिए। बेटियों के बारे बताते हुए उन्होंने कहा कि...
"बेटियां भगवान की सबसे सुंदर सौगात होती हैं,घर की खुशियों की मीठी सी मुस्कान होती हैं।
जिस घर में बेटियों की हंसी गूंजती रहती है,वही घर सच में स्वर्ग के समान होता है।। "
नवविवाहित जोड़ों को संदेश देते हुए राज्य सूचना आयुक्त कर्मवीर सैनी ने कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं बल्कि दो परिवारों का मिलन होता है। इस रिश्ते की सबसे बड़ी शक्ति विश्वास, सम्मान और प्रेम है। यदि ये तीनों जीवन में बने रहें तो हर कठिनाई आसान हो जाती है। उन्होंने बेटियों को अपने संस्कारों और प्रेम से नए घर को खुशियों से भरने का संदेश दिया, वहीं बेटों से कहा कि जीवनसाथी का सम्मान करना ही अच्छे संस्कारों की पहचान है क्योंकि पत्नी केवल जीवनसंगिनी ही नहीं बल्कि सबसे अच्छी मित्र और सच्ची साथी भी होती है। नव विवाहित जोड़ों से आह्वान करनते हुए कर्मवीर सैनी ने कहा कि वे अपने दांपत्य जीवन को ऐसा सुखद और प्रेरणादायक बने,जिससे उनकी आने वाली पीढ़ियां याद रखें। समारोह में हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा के प्रतिनिधि रुद्राक्ष मिड्ढा, नगर परिषद चेयरपर्सन डॉ. अनुराधा सैनी, आम आदमी पार्टी की नेता डॉ. रजनीश जैन कांग्रेसी नेता पवन गर्ग, राजेंद्र सैनी, राजू लखीना, सुभाष सैनी, सेवा सिंह सैनी, सूरजभान समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और नवयुगलों के परिवारजन उपस्थित रहे तथा नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं, संस्था के प्रधान पवन सिंगला एवं उपप्रधान सोनू जैन ने बताया कि सामूहिक विवाह समारोह में युवा मित्र मंडल की ओर से दुल्हनों को दीवान बेड, गद्दा, संदूक, अलमारी, मेज, कुर्सी, सिलाई मशीन, टीवी, पंखा, गैस चूल्हा, बर्तन सेट, दीवार घड़ी, कंबल, चद्दर, तकिये, अटैची, मेकअप किट, लहंगा, दूल्हे का सफारी सूट, पैंट शर्ट, सूट, साड़ी, पांच किलो मिठाई, कन्यादान के लिए 500 रुपये, मंगलसूत्र इत्यादि जरूरत का हर सामान दिया गया है।

Sunday, March 15, 2026

March 15, 2026

विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस पर कुरुक्षेत्र में आयोजित जागरूकता सम्मेलन में सीसीआई हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार भोला सम्मानित

विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस पर कुरुक्षेत्र में आयोजित जागरूकता सम्मेलन में सीसीआई हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार भोला सम्मानित

धोखाधड़ी से बचने के लिए उपभोक्ताओं का जागरूक होना जरूरी : राजकुमार भोला
जींद :विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस के अवसर पर धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में उपभोक्ता जागरूकता को समर्पित एक विशेष सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपभोक्ता अधिकारों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने और सामाजिक कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए कंज्यूमर्स कन्फेडरेशन ऑफ इंडिया (सीसीआई) हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार भोला को सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद राजकुमार भोला ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है और वे भविष्य में भी उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा तथा जागरूकता के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि आज के समय में उपभोक्ताओं का जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी, भ्रामक विज्ञापनों और अनुचित व्यापारिक प्रथाओं से स्वयं को सुरक्षित रख सकें। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि किसी भी समस्या की स्थिति में वे उचित मंच पर अपनी शिकायत दर्ज कर अपने अधिकारों की रक्षा करें। जागरूक उपभोक्ता ही एक मजबूत और पारदर्शी बाजार व्यवस्था की आधारशिला है।
इस अवसर पर कंज्यूमर्स कन्फेडरेशन ऑफ इंडिया (सीसीआई) के राष्ट्रीय चेयरमैन डॉ. अनंत शर्मा, भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के निदेशक एवं वैज्ञानिक रमेश कुमार, नविता यादव, आरती, अंतर्राष्ट्रीय जाट धर्मशाला कुरुक्षेत्र के प्रधान चौधरी कृष्ण श्योकंद, सीसीआई हरियाणा के मुख्य सलाहकार मुकेश शर्मा, तथा आईटी प्रमुख राकेश श्योकन्द सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने राजकुमार भोला को उपभोक्ता जागरूकता के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद, उद्योग जगत से जुड़े लोग तथा अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। 

इस अवसर पर सीसीआई के राष्ट्रीय चेयरमैन डॉ. अनंत शर्मा ने कहा कि जागरूक उपभोक्ता ही मजबूत और स्वस्थ अर्थव्यवस्था की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा और जागरूकता बढ़ाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा।  कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और एक जागरूक एवं सशक्त उपभोक्ता समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
 *उपभोक्ता शिकायत कहाँ दर्ज़ करें* 

सम्मेलन में उपस्थित भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के निदेशक एवं वैज्ञानिक रमेश कुमार, नविता यादव, आरती, विशेषज्ञों ने उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यदि किसी उपभोक्ता के साथ धोखाधड़ी, घटिया उत्पाद, गलत बिलिंग, भ्रामक विज्ञापन या खराब सेवा जैसी समस्या होती है, तो वह अपनी शिकायत National Consumer Helpline (NCH) पर दर्ज करा सकता है। इसके लिए उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1915 पर कॉल कर सकते हैं या WhatsApp नंबर 8800001915 पर संदेश भेज सकते हैं। इसके अलावा उपभोक्ता अपनी शिकायत www.consumerhelpline.gov.in तथा www.e-jagriti.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन भी दर्ज कर सकते हैं। आवश्यकता होने पर उपभोक्ता जिला उपभोक्ता आयोग (Consumer Commission) में भी शिकायत कर न्याय प्राप्त कर सकते हैं।
March 15, 2026

राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने झोंकी अपनी ताकत

राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने झोंकी अपनी ताकत 
कृष्ण बेदी को बनाया चुनाव एजेंट, गंगवा होंगे काउंटिग एजेंट, विधायकों को दिया प्रशिक्षण 
RajyaSabha Election BJP : हरियाणा के राज्यसभा चुनाव को लेकर बीजेपी में राजनीतिक सरगर्मियां पूरी तेजी से चल रही हैं। पार्टी ने की चुनाव को लेकर नियुक्तियां भी कर दी हैं।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी को चुनाव एजेंट बनाया गया।कैबिनेट मंत्री रणवीर सिंह गंगवा और विधायक योगेंद्र राणा को काउंटिंग एजेंट नियुक्त किया गया है। पार्टी प्रतिनिधि एवं पार्टी एजेंट के तौर पर खेल मंत्री गौरव गौतम और विधायक सुनील सांगवान को जिम्मेदारी दी गई है। बीजेपी ने काउंटिंग एजेंट के तौर पर चेतन मित्तल और घनश्याम को लगाया है।
इस बीच खबर है कि हरियाणा कांग्रेस के बाद अब बीजेपी भी विधायकों को चंडीगढ़ से दूसरी जगह शिफ्ट करने की योजना बना रही है। शनिवार सुबह चंडीगढ़ में बीजेपी विधायकों ने हरियाणा निवास में ब्रेकफास्ट किया। इस दौरान राज्यसभा चुनाव और विधानसभा बजट सत्र को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद बीजेपी विधायक बस में बैठकर रवाना हो गए।
बीजेपी विधायकों से जब इस बारे में बातचीत की गई, तो उन्होंने ये नहीं बताया कि वो कहां जा रहे हैं? इतना जरूर कहा कि वो चंडीगढ़ में ही हैं। उनका प्रशिक्षण शिविर है, जिसमें वो हिस्सा लेने जा रहे हैं। बाद में पता चला कि सभी बीजेपी विधायकों को एक होटल में ले जाया गया है, जहां इनका प्रशिक्षण होगा। इस होटल में सीएम नायब सैनी और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली भी पहुंचे हैं।
प्रदेश के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि हम बस में जा रहे हैं, लेकिन यहीं हैं, कहीं बाहर नहीं जा रहे। 16 को राज्यसभा के लिए मतदान है। सभी विधायकों को इसकी पूरी जानकारी शायद नहीं होगी। कुछ विधायक नए हैं, जिनको ट्रेनिंग देनी जरूरी है। ये रूटीन की और जरूरी प्रक्रिया है। एक मामूली गड़बड़ से भी नुकसान हो सकता है। इसलिए अपने विधायकों को प्रशिक्षण देना कोई गलत बात नहीं।
March 15, 2026

फरीदाबाद को बनाएंगे अंतरराष्ट्रीय स्तर का आधुनिक शहर : विपुल गोयल

फरीदाबाद को बनाएंगे अंतरराष्ट्रीय स्तर का आधुनिक शहर : विपुल गोयल

-फरीदाबाद आएंगे मुख्यमंत्री, 4 अप्रैल को सेक्टर-12 में होगा बड़ा कार्यक्रम
चंडीगढ़- हरियाणा के  राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने शनिवार को फरीदाबाद में फ्लावर फेस्टिवल 2026 का बतौर मुख्यातिथि शुभारंभ किया। उन्होंने  नगर निगम फरीदाबाद के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कई वर्षों पहले टाउन पार्क में आयोजित होने वाला फ्लावर शो पुनः शुरू करना एक सराहनीय पहल है। इस कार्यक्रम को साकार करने में नगर निगम की टीम, जनप्रतिनिधियों तथा समाज के विभिन्न वर्गों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि फरीदाबाद के लोग केवल विकास ही नहीं बल्कि शहर की सुंदरता और हरियाली को लेकर भी सजग हैं। उन्होंने पूर्व में किए गए वृक्षारोपण अभियानों, टाउन पार्क के विकास, इको-वन, नमो-वन, और पार्कों के सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में टाउन पार्क के लिए स्वीकृत विकास कार्यों से और बड़े परिवर्तन देखने को मिलेंगे। उन्होंने बताया कि बच्चों के लिए वाटर कैनाल और बोटिंग जैसी सुविधाएं शुरू करने की भी योजना है। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि कूड़ा संग्रहण, डोर-टू-डोर कलेक्शन, मैकेनाइज्ड और मैनुअल सफाई, तथा नाइट स्वीपिंग जैसी व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है और अगले कुछ महीनों में शहर में बड़ा बदलाव दिखाई देगा।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि आगामी 4 अप्रैल को सेक्टर-12 में सुबह 11 बजे माननीय मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निर्धारित है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बजट में फरीदाबाद को अनेक महत्वपूर्ण सौगातें दी गई हैं और आगे की योजनाओं के लिए उनसे आशीर्वाद लिया जाएगा, साथ ही पहले से करवाये गए विकास कार्यों के लिए उनका धन्यवाद भी किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आग्रह किया, ताकि शहर के विकास से जुड़े मुद्दे मजबूती से रखे जा सकें।
March 15, 2026

खेल मंत्री गौरव गौतम के प्रयासों से पलवल नगर परिषद को मिली बड़ी सौगात

खेल मंत्री गौरव गौतम के प्रयासों से पलवल नगर परिषद को मिली बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री हरियाणा ने पार्किंग स्थल व ऑफिसर-कम-कमर्शियल कॉम्प्लेक्स निर्माण हेतु जमीन ट्रांसफर को दी मंजूरी

चंडीगढ़— हरियाणा के खेल मंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा कैबिनेट की मंजूरी के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शहरी स्थानीय निकाय विभाग के एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है। इस प्रस्ताव के तहत प्रांतीय सरकार की भूमि को नगर परिषद पलवल को पार्किंग स्थल तथा नगर परिषद के ऑफिसर-कम-कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए वर्तमान कलेक्टर रेट की दरों पर ट्रांसफर किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पलवल शहर की लंबे समय से चली आ रही पार्किंग समस्या एवं नगर परिषद के लिए उपयुक्त प्रशासनिक परिसर की आवश्यकता को लगातार सरकार के समक्ष उठाया थाजिसके फलस्वरूप यह प्रस्ताव कैबिनेट से पारित हुआ। खेल मंत्री गौरव गौतम ने इस मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पलवल के समग्र विकास के लिए सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में शहर को और अधिक विकास कार्यों की सौगात दी जाएगी।

 

March 15, 2026

हरियाणा में ‘भू-मित्र’ व्हाट्सऐप चैटबॉट लॉन्च, भूमि व राजस्व सेवाएँ होंगी 24×7 उपलब्ध

हरियाणा में ‘भू-मित्र’ व्हाट्सऐप चैटबॉट लॉन्च, भूमि व राजस्व सेवाएँ होंगी 24×7 उपलब्ध

भूमि व राजस्व सेवाएँ अब हिंदी व अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध
चंडीगढ़ -- हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने ‘भू-मित्र’ नामक व्हाट्सऐप आधारित चैटबॉट लॉन्च किया है, जो भूमि और राजस्व से संबंधित सेवाएँ लेने वाले नागरिकों को 24×7 सहायता प्रदान करेगा। हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध यह चैटबॉट राज्य के हर नागरिक के लिए सरकारी सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की वित्तीय आयुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि भू-मित्र एक स्मार्ट, संवादात्मक (कन्वर्सेशनल) चैटबॉट है, जिसे सीधे व्हाट्सएप के माध्यम से उपयोग किया जा सकता है। यह प्लेटफॉर्म पहले से ही हरियाणा के नागरिकों के बीच व्यापक रूप से इस्तेमाल किया जाता है। अब नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने या जटिल पोर्टलों का उपयोग करने की आवश्यकता नहीं होगी। वे अपने स्मार्टफोन पर कुछ ही क्लिक के माध्यम से घर बैठे दिन के किसी भी समय आवश्यक राजस्व सेवाएँ प्राप्त कर सकेंगे।

डॉ. मिश्रा ने आगे बताया कि भू-मित्र चैटबॉट के माध्यम से नागरिक फिलहाल चार प्रमुख राजस्व सेवाओं का लाभ ले सकते हैं भूमि स्वामित्व और खेती संबंधी रिकॉर्ड के लिए जमाबंदी की प्रति, भूमि स्वामित्व में परिवर्तन से संबंधित इंतकाल (म्यूटेशन) की प्रति, संबंधित मामलों के लिए मुआवजा पंजीकरण तथा दस्तावेज़ पंजीकरण (डीड रजिस्ट्रेशन) से संबंधित सहायता। इसके अतिरिक्त चैटबॉट के माध्यम से डीड टोकन जनरेशन, भूमि सीमांकन के लिए आवेदन, भूमि एवं राजस्व से जुड़ी शिकायत दर्ज करना, तथा शिकायत की स्थिति की रियल-टाइम ट्रैकिंग जैसी सुविधाएँ भी एक सरल संवादात्मक इंटरफेस के जरिए व्हाट्सऐप पर उपलब्ध होंगी।

नागरिक व्हाट्सऐप नंबर 95933 00009 को सेव करके और उस पर मैसेज भेजकर भू-मित्र सेवा का उपयोग कर सकते हैं। यह चैटबॉट साल के 365 दिन, चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगा और हिंदी व अंग्रेजी दोनों भाषाओं में सहज संवाद की सुविधा प्रदान करेगा।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि व्हाट्सएप जैसे परिचित और व्यापक रूप से उपयोग किए जाने वाले प्लेटफॉर्म पर महत्वपूर्ण राजस्व सेवाएँ उपलब्ध कराकर विभाग का उद्देश्य प्रशासनिक देरी को कम करना, कार्यालयों के अनावश्यक दौरे घटाना और नागरिकों को वास्तविक समय में जानकारी उपलब्ध कराकर उन्हें सशक्त बनाना है। द्विभाषी इंटरफेस यह सुनिश्चित करेगा कि यह सेवा समाज के सभी वर्गों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों तक भी आसानी से पहुंचे।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अगले सप्ताह से डीड रजिस्ट्रेशन सेवाओं से संबंधित सभी एसएमएस भी भू-मित्र प्लेटफॉर्म के माध्यम से भेजे जाएंगे, जिससे नागरिकों को समय-समय पर अपडेट और जानकारी सीधे चैटबॉट के जरिए मिल सकेगी।

डॉ. मिश्रा ने बताया कि आने वाले हफ्तों में भू-मित्र प्लेटफॉर्म में और भी सेवाएँ जोड़ी जाएंगी, जिससे डिजिटल शासन को और मजबूती मिलेगी तथा नागरिकों को अधिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। यह पहल हरियाणा में पारदर्शी और तकनीक आधारित प्रशासनिक व्यवस्था को बढ़ावा देने के व्यापक प्रयासों का हिस्सा है।