Breaking

Tuesday, March 17, 2026

March 17, 2026

पानीपत में स्थापित की जा रही देश की पहली मेगा ग्रीन हाइड्रोजन परियोजना

हरियाणा की ग्रीन हाइड्रोजन पॉलिसी जल्द

पानीपत में स्थापित की जा रही देश की पहली मेगा ग्रीन हाइड्रोजन परियोजना

मुख्य सचिव ने की परियोजना की समीक्षा
चंडीगढ़- हरियाणा सरकार प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जल्द ही ग्रीन हाइड्रोजन पॉलिसी लाने जा रही है। इसके अलावा, आईओसी द्वारा पानीपत में पीपीपी मॉडल पर 10,000 टन प्रति वर्ष क्षमता की देश की पहली मेगा ग्रीन हाइड्रोजन परियोजना स्थापित की जा रही है।

मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में इस सम्बन्ध में आज यहां एक उच्च स्तरीय बैठक हुई।

बैठक में बताया गया कि इस परियोजना के माध्यम से भारतीय तेल निगम लिमिटेड की पानीपत रिफाइनरी को ग्रीन हाइड्रोजन की आपूर्ति की जाएगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को दिसंबर 2026 तक चालू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह देश के स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के पंचामृत संकल्पों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

बैठक में परियोजना को बिजली देने सम्बन्धी विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक मंे ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अनुराग अग्रवाल, हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के प्रबंध निदेशक श्री जे. गणेशन, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के महानिदेशक श्री यश गर्ग और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग की निदेशक डॉ. संगीत तेतरवाल भी मौजूद रहे।

उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि राज्य की नई उद्योग नीति बनाई जा रही है, जिसमें ग्रीन हाइड्रोजन को थर्स्ट सेक्टर में रखा गया है।

पानीपत में स्थापित की जा रही इस परियोजना से हरियाणा के औद्योगिक परिदृश्य में व्यापक बदलाव आएगा। खास तौर पर रिफाइनिंग और इस्पात जैसे उच्च उत्सर्जन वाले क्षेत्रों के डीकार्बाेनाइजेशन में सहायता मिलेगी। इससे हरियाणा को लो-कार्बन रिफाइनिंग और ग्रीन स्टील उत्पादन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में भी मदद मिलेगी।

नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की साइट योजना के अंतर्गत उपलब्ध प्रोत्साहनों के कारण इस परियोजना से बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित होने की संभावना है। साथ ही, पानीपत और आसपास स्थित उर्वरक तथा अमोनिया इकाइयों को भी ग्रीन अमोनिया अपनाने से लाभ मिलेगा, जिससे जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम होगी।

इस परियोजना से व्यापक स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। राष्ट्रीय ग्रीन हाइड्रोजन मिशन के अंतर्गत अनुमान है कि हरियाणा में 250 केटीपीए ग्रीन हाइड्रोजन क्षमता प्राप्त होने पर विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स और सेवा क्षेत्रों में लगभग 40,000 प्रत्यक्ष और 1.2 लाख अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने का अनुमान है।

इसके साथ ही, इस पहल से राज्य के सकल घरेलू उत्पाद में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मजबूत ग्रीन हाइड्रोजन अर्थव्यवस्था के निर्माण के विजन को बल मिलेगा।
March 17, 2026

फ़िरोजपुर झिरका विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, तावडू में एक नशा मुक्ति केन्द्र स्थापित किया जाएगा : आरती सिंह राव

फ़िरोजपुर झिरका विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, तावडू में एक नशा मुक्ति केन्द्र स्थापित किया जाएगा : आरती सिंह राव 
चंडीगढ़ - हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि फ़िरोजपुर झिरका विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, तावडू में एक नशा मुक्ति केन्द्र स्थापित किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रही थी।

उन्होंने बताया कि जिला नूंह में दो सरकारी नशा मुक्ति केन्द्र कार्यरत हैं, जिनमें शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज , नल्हड़ में 10 तथा जिला नागरिक अस्पताल मांडीखेड़ा में 17 बेड नशा मुक्ति हेतु मरीजों के लिए आरक्षित हैं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 से अब तक जिला नूंह में नशे के कारण किसी भी व्यक्ति की मृत्यु की सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेश में नशा मुक्ति के लिए उठाए गए क़दमों की जानकारी देते हुए बताया कि "मानस" मादक पदार्थ निषेध सूचना सहायता (राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933) एक जन-रिपोर्टिंग मंच के रूप में कार्य करता है, जिसके माध्यम से नागरिक नशीले पदार्थों से संबंधित गतिविधियों की सूचना दे सकते हैं। प्राप्त सूचनाओं की समीक्षा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा की जाती है। इस मंच को वर्ष 2025 में राज्य भर से 564 कॉल प्राप्त हुई तथा वर्ष 2026 में अब तक 163 कॉल प्राप्त हो चुकी हैं, जिनमें जिला नूंह से वर्ष 2025 में 23 कॉल और वर्ष 2026 में अब तक 8 कॉल प्राप्त हुई हैं।
आरती सिंह राव ने बताया कि गत 24 अप्रैल 2025 को हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा "मुख्यमंत्री जागृत ग्राम पुरस्कार योजना" का शुभारम्भ किया गया। इस योजना का उद्देश्य आदर्श गांवों को बढ़ावा देना तथा ग्राम पंचायतों की भूमिका को सुदृढ़ करना है। इस योजना के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, कृषि, डिजिटल कनेक्टिविटी और सतत अवसंरचना के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पंचायतों को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही, नशा रोकथाम, पराली जलाने पर रोक, स्वच्छता और जल संरक्षण को बढ़ावा देने वाले गांवों को विशेष मान्यता दी जाएगी। जनसंख्या श्रेणियों के आधार पर प्रथम पुरस्कार 51 लाख, द्वितीय पुरस्कार 31 लाख तथा तृतीय पुरस्कार  21 लाख रुपए रखा गया है। यह राशि गांवों के विकास कार्यों पर व्यय की जाएगी।
उन्होंने आगे बताया कि गत 5 अप्रैल 2025 को  मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार से "ड्रग-फ्री हरियाणा साइक्लोथॉन 2.0" का शुभारम्भ किया गया। यह राज्यव्यापी नशा विरोधी जागरूकता अभियान था, जिसमें लगभग 4.5 लाख नागरिकों ने भाग लिया और यह अभियान हरियाणा के सभी जिलों से होकर गुजरा। इसके बाद 9 अप्रैल 2025 को यह रैली नूंह पहुंची, जहां लगभग 2,000 नागरिकों ने भाग लिया। आगे 11 अप्रैल 2025 को मुख्यमंत्री ने फरीदाबाद के सेक्टर-12 खेल परिसर से इसके अगले चरण को रवाना किया, जो शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से होते हुए उसी दिन गुरुग्राम में सम्पन्न हुआ और नशा मुक्त राज्य का संदेश दिया गया।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि हरियाणा में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) द्वारा केमिस्ट दुकानों तथा औषधि वितरण प्रणाली की निगरानी को सुदृढ़ किया जा रहा है।खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत जनस्वास्थ्य के हित में 5 सितम्बर 2025 से एक वर्ष की अवधि के लिए फ्लेवर्ड तंबाकू उत्पादों (गुटखा, पान मसाला, खैरा आदि) के निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि राज्य भर में 20,788 निरीक्षण किए गए, जिनके परिणामस्वरूप 81 लाइसेंस पूर्ण रद्द, 18 आंशिक रद्द तथा 1,989 लाइसेंस निलंबित किए गए। इसके अतिरिक्त 438 छापे मारे गए, जिनसे 297 दवा जब्ती की गई। साथ ही नियामक उपायों के तहत 37,083 केमिस्ट दुकानों में से 35,754 दुकानों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे 96.4% सीसीटीवी कवरेज दिसंबर 2025 तक सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि जिला नूंह में 674 में से 644 केमिस्ट दुकानों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं। वर्ष 2025 के दौरान नियामक कार्रवाई के तहत 3 छापे, 25 निरीक्षण तथा 24 लाइसेंस निलंबन किए गए।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने सदन के सभी सदस्यों से राज्य को नशा मुक्त करने में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सदन में प्रश्नकर्ता सदस्य द्वारा जिन गांवों में नशा बिक्री की बात कही है उन गाँवों में विशेष जांच करवाई जाएगी।
March 17, 2026

रेवाड़ी में बनेगा बड़ा प्लान! 2 गांव मिलाकर बनेगा ‘महाग्राम’, मिलेगा सीवरेज और वेस्ट मैनेजमेंट का समाधान : कृष्ण लाल पंवार

रेवाड़ी में बनेगा बड़ा प्लान! 2 गांव मिलाकर बनेगा ‘महाग्राम’, मिलेगा सीवरेज और वेस्ट मैनेजमेंट का समाधान  : कृष्ण लाल पंवार 
चंडीगढ़ – हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया  कि रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत अकेड़ा और घातल महनियावास में लिक्विड वेस्ट वाटर मैनेजमेंट प्लांट के निर्माण के मुद्दे पर विचार करने और समाधान तलाशने के लिए एक अंतर-विभागीय समिति का गठन किया गया है। इस समिति की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त-सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद रेवाड़ी कर रहे हैं।
हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने यह जानकारी आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान एक सदस्य द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में दी।

उन्होंने बताया कि गांव अकेड़ा की जनसंख्या 5,814 तथा गांव घातल महनियावास की जनसंख्या 4,629 है। दोनों गांव आपस में सटे हुए हैं और विकास कार्यों के लिए आसपास पर्याप्त ग्राम पंचायत भूमि उपलब्ध नहीं है। नियमों के अनुसार यदि किसी ग्राम पंचायत की जनसंख्या 10,000 से अधिक हो जाती है, तो उसे ‘महाग्राम’ घोषित किया जा सकता है, जिससे वहां सीवरेज प्रणाली स्थापित करने की पात्रता मिलती है। इसी के मद्देनजर दोनों गांवों को मिलाकर महाग्राम श्रेणी में शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया है, ताकि सीवरेज सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने आगे बताया कि अतिरिक्त उपायुक्त-सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद रेवाड़ी की अध्यक्षता में गठित समिति को 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। समिति की बैठक सोमवार को आयोजित की गई, जिसमें उपायुक्त (डीसी) को भी समिति में शामिल करने की सिफारिश की गई।

पाइपलाइन से संबंधित मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि समिति की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
March 17, 2026

कांग्रेस उम्मीदवार की जीत निश्चित देखकर इनेलो सतीश नांदल से पीछे हटी : ऋषिपाल हैबतपुर


कर्मबीर बौद्ध की जीत पर कांग्रेसियों ने बांटे लड्डू
दगा करने वाले विधायको पर सख्त कार्रवाई मांगी

कांग्रेस उम्मीदवार की जीत निश्चित देखकर इनेलो सतीश नांदल से पीछे हटी : ऋषिपाल हैबतपुर
जींद : हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों में से एक पर कांग्रेस उम्मीदवार कर्मबीर सिंह बौद्ध की जीत को लोकतंत्र की जीत करार देकर कांग्रेसियों ने मंगलवार को लड्डू बांटकर खुशी मनाई। इस दौरान कांग्रेसियों ने जहां खुशी जताई वहीं पार्टी से दगा कर क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायको पर सख्त कार्रवाई की मांग बुलंद की। कांग्रेस के जिला प्रधान ऋषिपाल हैबतपुर ने पार्टी उम्मीदवार कर्मबीर बौद्ध की जीत को लोकतंत्र की जीत बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने इस चुनाव को हैक करने का भरपूर प्रयास किया। किंतु जनता को जवाबदेही देने से बचने के लिए भाजपा को बैकफुट पर आना पड़ा। भाजपा सरकार यह समझ चुकी थी कि धक्काशाही करने पर हरियाणा से लेकर दिल्ली की सडक़ो पर विरोध की लहरे उठने लगेगी। जिला प्रधान ने कहा कि पार्टी आला के नेतृत्व में जनता हितो के लिए आवाज बुलंद होती रहेगी। कांग्रेस के जिला प्रधान ऋषिपाल हैबतपुर ने कहा कि जिन विधायको ने दगा की है उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। क्योंकि उन विधायको ने ना केवल पार्टी अपितु साथ में वोट देने वाली जनता की भावनाओं पर भी कुठाराघात किया है। जिला प्रधान ने कहा कि इनेलो, भाजपा की बी टीम है। इनेलो ने भाजपा समर्थित निर्दलीय विधायक सतीश नांदल को पहले ही समर्थन दे दिया था। सतीश नांदल को समर्थन देने की बात इनेलो के प्रदेश प्रवक्ता विजेंद्र रेढू ने भी सार्वजनिक मंच पर कही थी। मगर इनेलो नेता इस बात को पहले समझ चुके थे की कांग्रेस उम्मीदवार की जीत निश्चित है। इसलिए जनता की नजरों में घिरने से बचने के लिए इनेलो के दो विधायको ने वोट नहीं किया। वोट ना करने के पीछे इनेलो नेता जो ड्रामेबाजी कर रहे है उसको जनता खुब भांपती है। कांग्रेस के संगठन जिला महासचिव पवन दुहन के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने इक_े होकर पार्टी आला कमान खासकर हरियाणा के प्रभारी बीके हरिप्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री एंव नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के कुशल मार्गदर्शन की जमकर सराहना की। इस मौके पर ईशाक खान, जेपी रूहिल, दलबीर फोजी, रामकेश, जशवंत गील, नारायण दत जांगड़ा, विनय मोर, प्रतीक कालीरमन आदि कांग्रेस मौजूद थे। जिला महासचिव पवन दुहन, वरिष्ठ नेता विजय मोर लुदाना ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा सरकार ने लोकतंत्र का गला घोटने के पूरे प्रबंध किये हुए थे। किंतु कहते है कि सांच को आंच नहीं आती और इसके चलते पार्टी के उम्मीदवार कर्मबीर सिंह बौद्ध राज्यसभा में पहुंच गये। भाजपा ने लोभन, प्रलोभन और दबाव की नीति पर चलते हुए राज्यसभा की दूसरी सीट को जीतने के लिए एडी-चोटी का जोर लगा दिया था। इसी कारण उन्होंने जय चंद किस्म के चंद विधायको को वोट क्रॉस के लिए तैयार भी कर लिया। किंतु जनता के वोटो से विधायक बनकर पार्टी के प्रति समर्पित रहने वाले कर्मबीर सिंह बौद्ध के साथ खड़े रहे। इसी के चलते पार्टी उम्मीदवार अब राज्यसभा में पहुंचकर हरियाणा की जनता के हितो के लिए भाजपा सरकार को आईना दिखायेंगे।


March 17, 2026

जुलाना नगर पालिका भ्रष्टाचार मामले में एफआईआर दर्ज, जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई— मुख्यमंत्री

जुलाना नगर पालिका भ्रष्टाचार मामले में एफआईआर दर्ज, जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई— मुख्यमंत्री
चंडीगढ़ — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नगर पालिका, जुलाना के प्रधान एवं संबंधित कॉन्ट्रैक्टर के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर एफआईआर दर्ज है और मामले की जांच प्रगति पर है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री मंगलवार को हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान प्रश्नकाल में विधायक श्रीमती विनेश फौगाट द्वारा पूछे गए प्रश्न का उत्तर दे रहे थे।

इसके अलावा, विधायक श्री घनश्याम दास द्वारा यमुनानगर में शहर से बाहर ट्रांसपोर्ट नगर विकसित करने बारे पूछे गए प्रश्न का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुनानगर में ट्रांसपोर्ट नगर सेक्टर क्षेत्र के भीतर आ गया है, जहां आबादी का घनत्व काफी अधिक है। इस स्थिति को देखते हुए सरकार इस पर गंभीरता से विचार कर रही है कि ट्रांसपोर्ट नगर को ऐसी उपयुक्त जगह पर विकसित किया जाए, जहां सड़क संपर्क सहित सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं व्यापारियों को सुगमता से उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में स्थानीय विधायक का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है और जहां भी सर्वसम्मति एवं उपयुक्त स्थान मिलेगा, वहां नए ट्रांसपोर्ट नगर को विकसित किया जाएगा।
March 17, 2026

साइबर क्राइम पर सख्ती, मामलों में आई कमी — मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

साइबर क्राइम पर सख्ती, मामलों में आई कमी — मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

वर्ष 2024 में 6054 मामले थे, वर्ष 2025 में घटकर 5000 रह गए, लगभग 17 प्रतिशत की गिरावट, ठगी के 9804 मामले भी घटकर हुए 6324

वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्तावों में साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए तीन नए साइबर पुलिस स्टेशन खोलने की घोषणा

साइबर क्राइम व डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों पर अंकुश लगाने के लिए ड्यूल ओटीपी के प्रावधान पर विचार
चंडीगढ़ -- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य में साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस प्रशासन पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ कार्य कर रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में साइबर क्राइम के मामलों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। वर्ष 2024 में जहां 6054 मामले सामने आए थे, वहीं वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर 5000 रह गई, जो लगभग 17 प्रतिशत की गिरावट दर्शाती है। इसी प्रकार ठगी के मामलों में भी बड़ी कमी दर्ज की गई है। वर्ष 2024 में 9804 मामलों की तुलना में वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर 6324 रह गई, जो करीब 36 प्रतिशत की कमी है।

मुख्यमंत्री मंगलवार को हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान प्रश्नकाल में विधायक श्री आफताब अहमद द्वारा साइबर क्राइम से संबंधित पूछे गए प्रश्न का उत्तर दे रहे थे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने साइबर अपराध की बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए अलग से साइबर क्राइम विभाग का गठन किया है, जबकि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय ऐसा कोई समर्पित विभाग नहीं था। मुख्यमंत्री ने बताया कि साइबर अपराध में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2024 में 5156 गिरफ्तारियां की गई थीं, जबकि वर्ष 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर 8093 हो गया, जो लगभग 57 प्रतिशत की वृद्धि है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर अपराध के तौर-तरीकों में लगातार बदलाव आ रहा है और अपराधी नई-नई तकनीकों का उपयोग कर रहे हैं, जिनमें डिजिटल अरेस्ट जैसे मामले भी सामने आ रहे हैं। ऐसे मामलों में ठगी गई राशि को कई खातों में ट्रांसफर कर दिया जाता है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस, बैंकों के सहयोग से संबंधित राशि को तुरंत होल्ड कर देती है। वर्ष 2024 में होल्ड की गई राशि का प्रतिशत 27 था, जो वर्ष 2025 में बढ़कर 40 प्रतिशत हो गया है, अर्थात इसमें 13 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि सरकार ने जीरो एफआईआर की व्यवस्था भी लागू की है, जिसके तहत साइबर अपराध के मामलों में पीड़ित व्यक्ति 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। यह एफआईआर स्वतः संबंधित थाने को स्थानांतरित कर दी जाती है, जिससे त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होती है।

वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्तावों में साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए तीन नए साइबर पुलिस स्टेशन खोलने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि साइबर क्राइम कंट्रोल रूम में विभिन्न बैंकों के 16 नोडल अधिकारी तैनात हैं, जो पुलिस के साथ समन्वय कर ठगी गई राशि को होल्ड कराने में अहम भूमिका निभाते हैं। जांच पूरी होने तक इस राशि को निकाला नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्तावों में साइबर अपराध पर और प्रभावी नियंत्रण के लिए गोहाना, बहादुरगढ़ और सोनीपत में तीन नए साइबर पुलिस स्टेशन खोलने की घोषणा की गई है, जिससे इस दिशा में कार्यों को और गति मिलेगी।

साइबर क्राइम व डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों पर अंकुश लगाने के लिए ड्यूल ओटीपी के प्रावधान पर विचार

मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट के मामलों में 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग अधिक प्रभावित हो रहे हैं। इसे ध्यान में रखते हुए हमने निर्णय किया है कि ड्यूल ओटीपी का प्रावधान किया जाएगा। क्योंकि जब कोई डिजिटल अरेस्ट होता है और ठगी के लिए बैंक से जुड़े खाते के लिए ओटीपी मांगा जाता है तो उसका ओटीपी बुजुर्ग के साथ—साथ उसके बच्चे को भी जाएगा। जब दोनों ओटीपी दिए जाएंगे तब जाकर वह ट्रांजैक्शन पूरी होगी। इस ड्यूल ओटीपी के प्रावधान से साइबर क्राइम व डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों में बहुत बड़ा अंकुश लगेगा।
March 17, 2026

हरियाणा राज्यसभा चुनाव में चौंकाने वाला उलटफेर, मामूली अंतर से तय हुई बाजी

हरियाणा राज्यसभा चुनाव में चौंकाने वाला उलटफेर, मामूली अंतर से तय हुई बाजी
चंडीगढ़ : हरियाणा में हुए राज्यसभा चुनाव इस बार बेहद दिलचस्प और हाई-वोल्टेज ड्रामे से भरपूर रहे। आंकड़ों का खेल, क्रॉस वोटिंग, रद्द हुए वोट और निर्दलीय उम्मीदवार की रणनीति के फेल होने ने इस चुनाव को खास बना दिया। नतीजों ने साफ कर दिया कि राजनीति में एक-एक वोट कितना अहम होता है और छोटी सी चूक भी पूरा खेल पलट सकती है।
इस चुनाव में कुल 90 विधायकों को मतदान करना था, लेकिन मतदान के दिन इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के दो विधायकों ने वोट नहीं डाला। इससे कुल मतदान 88 वोटों तक सीमित रह गया। जब मतगणना हुई तो 5 वोट रद्द पाए गए, जिनमें कांग्रेस के 4 और भाजपा का 1 वोट शामिल था। इसके बाद कुल 83 वोट ही वैध माने गए।
राज्यसभा चुनाव में जीत का फार्मूला सामान्य चुनावों से अलग होता है। इसमें कुल वैध वोटों को सीटों की संख्या में एक जोड़कर भाग दिया जाता है और फिर उसमें एक जोड़ा जाता है। इस बार 83 वैध वोट और 2 सीटें थीं। ऐसे में जीत का कोटा लगभग 27.66 वोट बन गया।
भाजपा के पास कुल 48 विधायक थे, लेकिन एक वोट रद्द होने के कारण उनके 47 वोट ही वैध रहे। पहली प्राथमिकता के आधार पर भाजपा उम्मीदवार संजय भाटिया को 39 वोट मिले, जिससे उन्होंने जीत का कोटा पार कर लिया। वहीं भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल को 8 वोट मिले। दूसरी तरफ कांग्रेस के पास 37 विधायक थे, लेकिन 4 वोट रद्द हो गए और 5 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग कर दी। इसके बावजूद कांग्रेस के पास 28 वैध वोट बचे, जो जीत के कोटा 27.66 से थोड़ा अधिक थे। इसी आधार पर कांग्रेस उम्मीदवार कर्मवीर बौद्ध ने जीत दर्ज कर ली।
निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल को कुल 16 पहली प्राथमिकता के वोट मिले थे। इनमें भाजपा के 8, कांग्रेस के 5 और 3 निर्दलीय विधायकों के वोट शामिल थे। हालांकि भाजपा उम्मीदवार संजय भाटिया ने पहले ही जीत का कोटा पार कर लिया था। उनके अतिरिक्त बचे वोटों का एक हिस्सा दूसरी प्राथमिकता के आधार पर ट्रांसफर होकर नांदल को मिला। इसके बाद नांदल का कुल वोट वैल्यू 27.34 तक पहुंच गया। लेकिन कांग्रेस उम्मीदवार कर्मवीर बौद्ध के पास 28 वोट थे, जो नांदल से 0.66 वोट ज्यादा थे। यह अंतर बेहद छोटा था, लेकिन इसी मामूली अंतर ने नतीजा तय कर दिया।
इस चुनाव में INLD के दो विधायकों का मतदान से दूर रहना भी बड़ा फैक्टर रहा। अगर दोनों विधायक वोट डालते और वे नांदल के पक्ष में जाते, तो चुनाव का परिणाम पूरी तरह बदल सकता था। भाजपा का एक वोट रद्द होना भी अहम साबित हुआ। अगर यह वोट वैध होता, तो सतीश नांदल के पक्ष में वोट वैल्यू बढ़ सकती थी और परिणाम अलग हो सकता था। कांग्रेस को चार वोट रद्द होने और पांच विधायकों की क्रॉस वोटिंग के बावजूद जीत मिली। यह इस बात का उदाहरण है कि चुनावी गणित और परिस्थितियां कई बार अप्रत्याशित परिणाम भी दे देती हैं।
कांग्रेस विधायक भरत सिंह बेनीवाल के वोट को लेकर भी विवाद हुआ था। शिकायत के बाद जांच की गई, लेकिन उनका वोट वैध पाया गया। यदि यह वोट रद्द हो जाता तो कांग्रेस के लिए स्थिति मुश्किल हो सकती थी।

Monday, March 16, 2026

March 16, 2026

हरियाणा में अनुबंध कर्मचारियों के पंजीकरण, सत्यापन की समय-सीमा बढ़ी

हरियाणा में अनुबंध कर्मचारियों के पंजीकरण, सत्यापन की समय-सीमा बढ़ी

एक महीने के लिए बड़ी समय-सीमा
चंडीगढ़-हरियाणा सरकार ने हरियाणा अनुबंध कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2024 तथा नियम, 2025 के तहत www.securedemployees.haryana.gov.in पोर्टल पर अनुबंध कर्मचारियों के पंजीकरण और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए समय-सीमा एक माह के लिए बढ़ा दी है।
मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी द्वारा इस संबंध में जारी पत्र के अनुसार, जिन अनुबंध कर्मचारियों ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे 15 अप्रैल, 2026 तक पोर्टल पर पंजीकरण कर सभी संबंधित दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे।
संबंधित आहरण एवं वितरण अधिकारी (डीडीओ) 25 अप्रैल, 2026 तक, कर्मचारियों द्वारा पोर्टल पर अपलोड किए गए विवरण को सत्यापित करेंगे और विभागीय सेवा रिकॉर्ड की जांच करेंगे।

सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वित्त विभाग द्वारा पात्र अनुबंध कर्मचारियों के लिए सुपरन्यूमैरेरी पद सृजित किए जाएंगे। यह प्रक्रिया 15 मई, 2026 तक पूरी की जाएगी।

इसके बाद संबंधित विभागाध्यक्ष अंतिम स्वीकृति प्रदान करते हुए पात्र अनुबंध कर्मचारियों को 15 जून, 2026 तक सेवा सुरक्षा के लिए ऑफर लेटर जारी करेंगे।

March 16, 2026

करनाल में आयोजित राज्य स्तरीय अग्रवाल वैवाहिक परिचय सम्मेलन में देश-विदेश से पहुंचे प्रत्याशी

करनाल में आयोजित राज्य स्तरीय अग्रवाल वैवाहिक परिचय सम्मेलन में देश-विदेश से पहुंचे प्रत्याशी
अग्रवाल समाज के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार गोयल ने की मुख्य तौर पर शिरकत
जींद : अग्रवाल समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए करनाल के सेक्टर-8 स्थित अग्रसेन भवन में राज्य स्तरीय अग्रवाल वैवाहिक परिचय सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में हरियाणा सहित पंजाब, दिल्ली, राजस्थान और अन्य राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी विवाह योग्य प्रत्याशियो ने भाग लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवक-युवतियों और उनके अभिभावकों ने एक-दूसरे से परिचय स्थापित कर अपने बच्चों के लिए योग्य जीवनसाथी की तलाश की।
इस राज्य स्तरीय सम्मेलन में अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल ने भी मुख्य तौर पर शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने मंच से विवाह योग्य प्रत्याशियों का परिचय करवाया। परिचय के दौरान विवाह योग्य प्रत्याशियों की जरूरी जानकारी दी गई। इस अवसर पर करनाल की मेयर रेणु बाला, कार्यक्रम के आयोजक रमेश जिंदल के साथ साथ जीन्द से रामधन जैन, सावर गर्ग, पवन बंसल, सोनू जैन, रजत सिंगला, मनीष गर्ग, राजेश गोयल इत्यादि पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
राजकुमार गोयल ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज के युवाओं को एक सशक्त और विश्वसनीय मंच उपलब्ध करवाना रहा ताकि विवाह योग्य प्रत्याशियों के परिवार आपस में मिलकर रिश्तों के लिए संवाद स्थापित कर सकें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मेलन समाज में आपसी संपर्क बढ़ाने के साथ-साथ पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों को भी मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि अग्रवाल युवा संगठन करनाल द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया और कई परिवारों ने आपसी सहमति से रिश्तों की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।
उन्होने कहा कि ऐसे आयोजनों से परिवारों को एक ही स्थान पर कई योग्य रिश्तों से मिलने का अवसर मिलता है जिससे समय और संसाधनों की भी बचत होती है। गोयल ने कहा कि अग्रवाल वैवाहिक परिचय सम्मेलन की परंपरा पिछले कई वर्षों से समाज को एक मजबूत मंच प्रदान कर रही है। इन सम्मेलनों के माध्यम से अब तक सैकड़ों परिवारों के रिश्ते तय होकर सफल वैवाहिक जीवन की शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि गत सितम्बर माह में जीन्द में ऐतिहासिक उतर भारत स्तरीय परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया था। अब करनाल में यह सम्मेलन आयोजित किया गया। भविष्य में भी इसी प्रकार समाज के हित में इस प्रकार के आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे।
March 16, 2026

जींद निवासी सतीश गर्ग बने चीफ इंजीनियर, हरियाणा सरकार ने स्थानीय निकाय विभाग में दी पदोन्नति

जींद निवासी सतीश गर्ग बने चीफ इंजीनियर, हरियाणा सरकार ने स्थानीय निकाय विभाग में दी पदोन्नति
जींद :  हरियाणा सरकार ने स्थानीय निकाय विभाग में कार्यरत जींद निवासी सतीश गर्ग को चीफ इंजीनियर के पद पर पदोन्नत किया है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार गोयल ने खुशी जताते हुए कहा कि सतीश गर्ग एक कुशल, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान हरियाणा की जिन-जिन नगर पालिकाओं, नगर परिषदों और नगर निगमों में सेवाएं दी हैं वहां वहां विकास कार्यों को नई गति मिली है।

डॉ. गोयल ने कहा कि सतीश गर्ग की कार्यशैली और मृदुभाषी स्वभाव के कारण वे लोगों के बीच हमेशा लोकप्रिय रहे हैं। उनकी पदोन्नति से न केवल जींद बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन हुआ है। उन्होंने सतीश गर्ग को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी है।
March 16, 2026

जींद के चर्चित श्याम सुंदर हत्याकांड मामले में 11 दोषियों को आजीवन कठोर कारावास व प्रत्येक पर 75/75 हजार रुपये जुर्माना कि सजा सुनाई ।*

जींद के चर्चित श्याम सुंदर हत्याकांड मामले में  11 दोषियों को आजीवन कठोर कारावास व प्रत्येक पर 75/75 हजार रुपये जुर्माना कि सजा सुनाई ।*
 
*जुर्माना अदा न करने पर अतिरिक्त कारावास कि सजा सुनाई ।* 
जींद : जींद पुलिस कि प्रभावी पैरवी व ठोस साक्ष्यों के आधार पर अतिरिक्त सत्र न्यालय जींद जयबीर सिंह कि अदालत ने वर्ष 2021 के बहुचर्चित श्याम सुंदर हत्याकांड में कड़ा फैसला सुनाते हुए सभी 11 आरोपियों को दोषी करार देते हुए आजीवन कठोर कारावास व प्रत्येक पर 75/75 हजार रुपये जुर्माना कि की सजा सुनाई है । 
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि   शिकायतकर्ता हन्नी बंसल के बयान के अनुसार, जब वह अपने ताऊ श्याम सुंदर और भाई अंकुश के साथ अपने कार्यालय के बाहर खड़े थे, तब तीन नकाबपोश हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं । इस हमले में श्याम सुंदर की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी, जबकि हन्नी बंसल के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए थे । जिसकी शिकायत के आधार पर थाना शहर जींद में मु. न. 592 दिनांक 23नंवबर  2021 धारा 302,307.120बी 34 भा.द.स. तथा 25 शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था ।  
जींद पुलिस कि प्रभावी पैरवी व ठोस साक्ष्यो के आधार पर व डी.डी.ए( उप जिला न्याय वादी) श्री सुरेन्द्र खटखड कि ठोस पैरवी के आधार पर अतिरिक्त सैशन न्यायालय जींद श्री जयवीर सिंह कि अदालत ने 11 आरोपियों नरेश, धर्मेंद्र, बलजीत, रोशन, जगदीश वासियान जींद, प्रदीप उर्फ गाठा, मंजीत उर्फ बंट्टू, पवन, सचिन उर्फ गांधी वासियान हिसार, राजेश उर्फ लिला वासी सिसाय, कुलदीप वासी खंदराई(सोनीपत) को दोषी ठहराते हुए -
302 IPC  के तहत आजीवन कारावास व जुर्माना  ₹25,000
120B IPC के तहत  आजीवन कारावास व जुर्माना ₹25,000
307 IPC  के तहत  10 वर्ष का कठोर कारावास व जुर्माना ₹15,000
Arms Act (हथियार अधिनियम) के तहत 7 वर्ष का कठोर कारावास व 10 हजार रुपये जुर्माना कि सजा सुनाई जुर्माना  अदा न करने पर अतिरिक्त 2 वर्ष के कारावास कि सजा सुनाई ।
March 16, 2026

रसोई गैस किल्लत,बीपीएल कार्ड, पेंशन कटौती व पहचान पत्र की गड़बडिय़ों से जनता परेशान : ऋषिपाल हैबतपुर


कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उचाना में किया प्रदर्शन, महंगाई व जनसमस्याओं को लेकर भाजपा सरकार को घेरा
-रसोई गैस किल्लत,बीपीएल कार्ड, पेंशन कटौती व पहचान पत्र की गड़बडिय़ों से जनता परेशान : ऋषिपाल हैबतपुर
उचाना/जींद : उचाना कलां स्थित पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हलका स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस के जिला प्रधान ऋषिपाल हैबतपुर ने की। बैठक में संगठन को मजबूत करने तथा कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई। जिसमें जिला उपाध्यक्ष वजीर पान्नू, जिला महासचिव जितेंद्र लाठर, सचिव सरदार निरवैल सिंह तथा सुखविंदर कौर को उचाना विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की किल्लत को लेकर सरकार के खिलाफ उपमंडल कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए रोष जताया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में कांग्रेस जिला प्रधान ऋषिपाल हैबतपुर ने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार पूरी तरह से जनविरोधी नीतियों पर चल रही है, जिसके कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और रसोई गैस की किल्लत ने आम परिवारों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों के लिए घर का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है। प्रदेश में गरीबों के बीपीएल राशन कार्ड काटे जा रहे हैं, पात्र लोगों की पेंशन बंद की जा रही है और परिवार पहचान पत्र तथा प्रॉपर्टी आईडी में भारी गड़बडय़िां हैं। इन समस्याओं को ठीक करवाने के लिए लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आम आदमी लगातार परेशान हो रहा है। ऋषिपाल हैबतपुर ने कहा कि हरियाणा प्रदेश की जनता आज पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में रहे कांग्रेस शासन को याद कर रही है। उस समय समाज का हर वर्ग खुशहाल था और हरियाणा विकास के कई क्षेत्रों में देश में अग्रणी स्थान पर था। किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों और व्यापारियों सहित हर वर्ग को राहत और सुविधाएं मिल रही थीं। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ऋषिपाल हैबतपुर ने आरोप लगाया कि मौजूदा भाजपा सरकार की नीतियों ने प्रदेश के हर वर्ग को खून के आंसू रोने पर मजबूर कर दिया है। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कर्तव्य है कि वे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें और उन्हें पार्टी के माध्यम से उठाएं।
ऋषिपाल हैबतपुर कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव और वार्ड स्तर पर अभियान चलाकर कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाएं तथा लोगों की समस्याओं को पार्टी मंच के माध्यम से मजबूती से उठाएं। पार्टी संगठन की मजबूती के लिए जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका बेहद जरूरी है। इस मौके पर कांग्रेस पूर्व जिला प्रधान बलराम कटवाल, जिला महासचिव(संगठन) पवन दुहन, जगबीर डिगाना पूर्व प्रदेश प्रवक्ता,



जिला उपाध्यक्ष राजबीर कंडेला,जिला कोषाध्यक्ष ईशाक खान भट्टी , पूर्व युकां जिलाध्यक्ष दिनेश डाहोला, जिला महासचिव सुरेश शर्मा,दलबीर भैरव खेड़ा, सोशल मिडिया इंचार्ज जेपी रूहील, विकास खटकड़, शुभम दलाल, संदीप वर्मा, भूपेंद्र वर्मा, दलबीर खरकबूरा, राममेहर श्योकंद, दलबीर श्योकंद,मास्टर दलबीर, बंसीलाल गोइयां,बजरंग शर्मा, राजेंद्र श्योकंद, सुनील रेढू, दलबीर खरक भूरा,  रमेश जोगी, सुमेर नायक, विनोद सुरबुरा, साहिल खान, मंजीत सरपंच धर्मबीर सुदकन आदि मौजूद थे।

March 16, 2026

स्वीडन प्रतिनिधिमंडल ने जानी आयुर्वेद उपचार पद्धति

स्वीडन प्रतिनिधिमंडल ने जानी आयुर्वेद उपचार पद्धति

राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान का किया दौरा, एनआईए में किए जा रहे उपचार की सराहना
पंचकूला : भारतीय चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद की वैश्विक स्तर पर स्वीकार्यता लगातार बढ़ रही है। इसी कड़ी में स्वीडन के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, पंचकूला का दौरा किया और आयुर्वेद उपचार पद्धतियों को जाना। एनआईए में पहुंचने पर उप चिकित्सा अधीक्षक (डीएमएस) डॉ. गौरव गर्ग ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया और उन्हें आयुर्वेद चिकित्सा पद्धतियों से अवगत कराया। वहीं, डीन इंचार्ज प्रोफेसर सतीश गंधर्व ने प्रतिनिधिमंडल को संस्थान की कार्यप्रणाली और शैक्षणिक गतिविधियों बारे जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान में आयुर्वेद उपचार पद्धतियों की सराहना की।
डॉ. गौरव गर्ग ने प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया गया कि आयुष मंत्रालय भारत सरकार के तत्वाधान में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) संजीव शर्मा और डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी के मार्गदर्शन में आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के जरिये रोगियों का उपचार किया जा रहा है। संस्थान की 12 ओपीडी में हर रोज 400 से 500 मरीज परामर्श और इलाज के लिए पहुंच रहे हैं, जिनका विशेषज्ञ चिकित्सकों के जरिये इलाज किया जाता है।
 मेडिकल ऑफिसर डॉ. शिन्षा ने प्रतिनिधिमंडल को संस्थान का दौरा कराया और उन्हें ओपीडी और आईपीडी के बारे में विस्तार से बताया। प्रतिनिधिमंडल ने ओपीडी और आईपीडी सेक्शन के साथ पंचकर्म, केंद्रीय लेबोरेट्री, फिजियोथैरेपी, फार्मेसी, पंजीकरण शाखा और आपरेशन थियेटर का दौरा किया।
प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रही गबिजा गाडलियाउस्काइट और रीता जिलेनाइते ने पारंपरिक भारतीय चिकित्सा पद्धति की सराहना करते हुए कहा कि यूरोपीय देशों में आयुर्वेद उपचार की डिमांड बढ़ रही है और आयुर्वेद के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत हो रहा है। कई यूरोपीयन देशों में मरीज भारतीय चिकित्सा पद्धति का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने आयुष मंत्रालय के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की सराहना की, जोकि आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति में अलग पहचान बना रहा है। इंडो बाल्टिक सोसायटी फॉर कान्शियसनेस लिथुआनिया के को-आर्डिनेटर स्वामी आदित्य नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल भारत भ्रमण पर पहुंचा है, जोकि अलग-अलग प्रदेशों में पर्यटन स्थलों के साथ शैक्षणिक और आयुर्वेद से जुड़े संस्थानों का भ्रमण कर रहा है। इस अवसर पर डॉ. राजेंद्र, डॉ. विवेक गुप्ता रायपुर रानी और रिचा भार्गव प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।
March 16, 2026

घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर पुलिस व फूड एंड सप्लाई विभाग की संयुक्त कार्रवाई, अवैध गैस भराई का भंडाफोड़

घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर पुलिस व फूड एंड सप्लाई विभाग की संयुक्त कार्रवाई, अवैध गैस भराई का भंडाफोड़*
जींद : पुलिस अधीक्षक जींद श्री कुलदीप सिंह, आईपीएस के कुशल  दिशा-निर्देश में जिला जींद में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी व अवैध गैस भराई पर रोक लगाने के उद्देश्य से थाना सदर जींद व पुलिस चौकी सी.एस.आर.यू की टीम द्वारा फूड एंड सप्लाई विभाग के साथ मिलकर एक संयुक्त कार्रवाई की गई।
थाना सदर जींद के प्रभारी पीएसआई मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि  पुलिस चौकी सी.एस.आर.यू की टीम महिला उप निरीक्षक राजेश कुमारी के नेतृत्व में फूड एंड सप्लाई विभाग के साथ मिलकर एक संयुक्त टीम दौराने गश्त पड़ताल थी इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई थी कि सुरेन्द्र उर्फ बॉडर वासी गांव बिशनपुरा अपने मकान के पास खाली प्लॉट में बने कमरे के पीछे अलग-अलग कंपनियों के गैस सिलेंडरों को अवैध रूप से एकत्रित कर उनमें गैस भरकर सप्लाई करने का कार्य कर रहा है।
सूचना को विश्वशनीय मानते हुए पुलिस टीम व फूड एंड सप्लाई विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम सुरेन्द्र उर्फ बोडर वासी गांव बिशनपुरा बताया। मौके की तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से कुल 5 गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें सभी सिलेंडर भरे हुए पाए गए। इसके अलावा मौके से एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा (लगभग 100 किलोग्राम क्षमता), गैस निकालने के लिए पाइप जिसमें दो नोजल लगे हुए थे तथा एक मशीन भी बरामद की गई, जिसके माध्यम से भरे हुए सिलेंडरों से गैस निकालकर दूसरे खाली सिलेंडरों में भरी जा रही थी।
पुलिस द्वारा मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से बरामद सामान को नियमानुसार कब्ज़ा पुलिस में लिया गया। आरोपी द्वारा गैस सिलेंडरों को अवैध रूप से अपने पास रखना व गैस की अवैध भराई करना आवश्यक वस्तु अधिनियम (EC Act) की धारा 7 के तहत  मामला दर्ज करके आगामी कार्यवाही नियमानुसार अमल में लाई जा रही है ।
जिला पुलिस द्वारा आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कहीं भी घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या अवैध गैस भराई जैसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते ऐसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
जिला पुलिस जींद द्वारा अवैध गतिविधियों पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे संयुक्त अभियान जारी रहेंगे।
March 16, 2026

*घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर पुलिस व फूड एंड सप्लाई विभाग की संयुक्त कार्रवाई*

*घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर पुलिस व फूड एंड सप्लाई विभाग की संयुक्त कार्रवाई*
जींद : पुलिस अधीक्षक जींद श्री कुलदीप सिंह, आईपीएस के दिशा-निर्देश में ज़िला जींद में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए थाना शहर नरवाना पुलिस द्वारा फूड एंड सप्लाई विभाग के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान चलाया गया।
थाना शहर नरवाना के प्रभारी उप निरीक्षक आत्माराम ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना शहर नरवाना की टीम ने फूड एंड सप्लाई विभाग के साथ मिलकर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की सूचना के आधार पर जोगिंदर वासी पंजाबी चौक नरवाना के मकान व दुकान पर छापेमारी की। मौके पर जोगिंदर अपने मकान के बाहर फल व सब्जियों की दुकान पर मौजूद मिला।
तलाशी के दौरान जोगिंदर के मकान से कुल 8 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए। इनमें से 1 सिलेंडर भरा हुआ चूल्हे पर उपयोग में लगा हुआ था, जबकि 7 सिलेंडर खाली अवस्था में घर के अंदर रखे हुए पाए गए। पूछताछ के दौरान जोगिंदर द्वारा भगवती गैस एजेंसी की दो कॉपियां पेश की गईं, जिनके अनुसार वह केवल 4 सिलेंडर रखने का अधिकृत उपभोक्ता है।
फूड एंड सप्लाई विभाग के निरीक्षक रोहित तथा उप निरीक्षक विकास की उपस्थिति में अतिरिक्त पाए गए 4 गैस सिलेंडरों को भगवती गैस एजेंसी में जमा करवा दिया गया तथा मामले की नियमानुसार जांच की जा रही है।
पुलिस व संबंधित विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण तथा दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कहीं भी गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री या कालाबाजारी की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
जिला पुलिस द्वारा इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।