Breaking

Friday, May 29, 2026

May 29, 2026

योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हरियाणा सरकार प्रतिबद्ध- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हरियाणा सरकार प्रतिबद्ध- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

इस वर्ष योग दिवस का थीम ,"स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग"
चंडीगढ़ – हरियाणा के मुख्यमंत्री  श्री नायब सिंह सैनी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस वर्ष भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को पूरे प्रदेश में व्यापक जनभागीदारी के साथ भव्य स्तर पर आयोजित किया जाए। इस वर्ष योग दिवस का थीम" स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" होगा। सभी जिला उपायुक्त ऑन लाइन माध्यम से जुड़े।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम इस बार पंचकूला में आयोजित किया जाएगा, जबकि जिला, उपमंडल और ग्राम पंचायत स्तर तक विशेष योग कार्यक्रमों का आयोजन कर योग को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार द्वारा इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग निर्धारित की गई है। इसी थीम के अनुरूप प्रदेशभर में योग शिविर, जागरूकता अभियान और विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों को योग के प्रति प्रेरित किया जा सके और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिले।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री  श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अभूतपूर्व पहचान और सम्मान मिला है। आज पूरी दुनिया भारत की इस प्राचीन संस्कृति और जीवन पद्धति को अपना रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार युवाओं को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हुए स्वस्थ भारत और स्वस्थ हरियाणा के निर्माण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योग दिवस कार्यक्रम केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रहें, बल्कि इसे एक जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ा जाए।

अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ सुमिता मिश्रा ने बैठक में बताया कि योग दिवस के सफल आयोजन के लिए व्यापक स्तर पर प्रबंध किए जा रहे हैं उन्होंने विस्तार से योग दिवस मनाने की रूपरेखा रखी।

हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष जयदीप आर्य ने बताया कि योग दिवस के सफल आयोजन के लिए सभी की भागीदारी होना आवश्यक है। योग से स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, पंचायत, नगर पालिका, नगर परिषद, सामाजिक धार्मिक संस्थाओं को जोड़ा गया है योग पर जागरूकता के लिए रैलियां निकाली जाएगी। 19 जून को योग दिवस के लिए फाइनल रिहर्सल का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि 8 जून से 10 जून तक योग जागरण यात्राएं  निकाली जाएंगी। इसके अलावा 15 जून को योग मैराथन का आयोजन होगा। 16 जून से 18 जून तक प्रशिक्षण रिसीवर लगाए जाएंगे, जहां योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

बैठक में कैबिनेट मंत्री  आरती सिंह राव,  मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
May 29, 2026

जींद के रोहतक रोड मिनी बाईपास पर बने अंडरपास की छत का टूटा शेड जो बन सकता है बड़े हादसे का कारण : समाजसेवी राजकुमार गोयल

जींद के रोहतक रोड मिनी बाईपास पर बने अंडरपास की छत का टूटा शेड जो बन सकता है बड़े हादसे का कारण, समाजसेवी राजकुमार गोयल ने इस शेड को जल्द ठीक कराने की कि मांग
जींद : जींद के रोहतक रोड मिनी बाईपास पर बने अंडरपास की छत का शेड टूट कर लटक गया है जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। प्रमुख समाजसेवी राजकुमार गोयल ने इस शेड को जल्द से जल्द ठीक करवाने की मांग की है।
गोयल का कहना है कि कल जो तेज आंधी आई थी उस आंधी में इस अंडरपास छत की शेड का एक हिस्सा तो हवा में उड़ गया जबकि एक अन्य हिस्सा टूट कर हवा में लटक रहा है। यह लोहे की भारी चद्दर का बना हुआ है जो किसी व्यक्ति के ऊपर गिरकर उसे नुकसान पहुंचा सकता है। यह शेड कल टूटा था लेकिन आज दोपहर बाद तक भी इसे ठीक नहीं किया गया। गोयल ने प्रशासन से मांग की है कि इस शेड को जल्द से जल्द ठीक किया जाए।
May 29, 2026

मंत्री के भाषण के बीच बिजली गुल, CMO ने मोबाइल टॉर्च की रोशनी में पढ़ा भाषण

मंत्री के भाषण के बीच बिजली गुल, CMO ने मोबाइल टॉर्च की रोशनी में पढ़ा भाषण
चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला से वर्चुअली जुड़कर प्रदेश को 100 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य परियोजनाओं (health projects) की सौगात दी। राज्य के सभी जिलों में इस कार्यक्रम के लिए बड़े स्तर पर मंत्रियों और अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। लेकिन हिसार के सिविल अस्पताल (Civil Hospital Hisar) में आयोजित कार्यक्रम में एक अजीबोगरीब वाकया हो गया, जिसने स्वास्थ्य विभाग और बिजली निगम की तैयारियों की पोल खोल दी।

*मंत्री जी के बोलते ही अंधेरा*

हिसार के नागरिक अस्पताल में जब कार्यक्रम चल रहा था, तो मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. सपना गहलावत मंच से वेलकम स्पीच दे रही थीं। तभी अचानक बिजली गुल हो गया। करीब ढाई मिनट तक लाइट गायब रही। इस दौरान वहां मौजूद विधायक रणधीर पनिहार, पूर्व मंत्री अनूप धानक और अन्य आला अधिकारी एक-दूसरे का मुंह ताकने लगे।

आखिरकार, सीएमओ ने अपने मोबाइल की फ्लैश लाइट (mobile flash light) जलाई और उसी की रोशनी में पूरा भाषण पढ़ा। हद तो तब हो गई जब इसके बाद मुख्य अतिथि और मंत्री रणबीर गंगवा (Minister Ranbir Gangwa) मंच पर भाषण देने खड़े हुए, तब दोबारा लाइट चली गई। हालांकि, कुछ ही सेकेंड में बत्ती वापस आ गई, लेकिन इस कार्यक्रम में मौजूद नेताओं और अफसरों की भारी किरकरी हो गई।

*हॉटलाइन होने के बाद भी कट*

हिसार का यह सिविल अस्पताल पूरी तरह से बिजली की ‘हॉटलाइन’ (hotline service) से जुड़ा हुआ है, जहां 24 घंटे बिना कट के बिजली मिलनी चाहिए। इस लापरवाही पर जब बवाल बढ़ा, तो बिजली निगम के एसई (SE) एफआर नकवी ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग की तरफ से कोई कमी नहीं थी, बल्कि अस्पताल के अंदरूनी सिस्टम में ही कोई तकनीकी फॉल्ट (internal technical fault) आ गया था, जिसे कर्मचारियों ने तुरंत ठीक कर दिया।

*स्वस्थ नारी क्लीनिक की शुरुआत*

इस कार्यक्रम में मंत्री रणबीर गंगवा ने महिलाओं की बीमारियों की जांच और काउंसलिंग के लिए ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार क्लीनिक’ का उद्घाटन किया। इसके साथ ही असरावां, मोडाखेड़ा और जाखोद खेड़ा में तीन नए हेल्थ सब सेंटर (Health Sub Centers) की शुरुआत की गई।

अस्पताल परिसर में अमृत फार्मेसी स्टोर और मिल्क पार्लर का भी शिलान्यास हुआ। यह अमृत फार्मेसी 24 घंटे और सातों दिन (24×7 generic medicine store) खुली रहेगी, जहां मरीजों को बेहद कम और रियायती दरों पर ब्रांडेड व जेनेरिक दवाइयां मिल सकेंगी। मुख्यमंत्री ने बजट में इसका विशेष प्रावधान किया था, जो अब धरातल पर आ चुका है।
May 29, 2026

भाजपा कार्यकर्ता आशुतोष शर्मा ने किया हरियाणा भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता का स्वागत

भाजपा कार्यकर्ता आशुतोष शर्मा ने किया हरियाणा भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता का स्वागत
जींद: हरियाणा भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता जी का भाजपा कार्यकर्ता जींद निवासी आशुतोष शर्मा द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई।

आशुतोष शर्मा ने कहा कि हरियाणा सरकार एवं भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक महिला को प्रदेश अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय एवं ऐतिहासिक कदम है। इससे प्रदेश की मातृशक्ति को और अधिक सम्मान एवं प्रेरणा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी के नेतृत्व में महिलाओं को लगातार आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। महिला नेतृत्व को मजबूत करने की यह पहल समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करेगी।

इस दौरान आशुतोष शर्मा ने कहा कि भाजपा संगठन सदैव राष्ट्र निर्माण, महिला सम्मान और समाज सेवा के मूल्यों के साथ कार्य करता रहा है तथा आने वाले समय में पार्टी और अधिक मजबूती के साथ जनता की सेवा करेगी।

अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने मिलकर अर्चना गुप्ता जी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
May 29, 2026

जींद विश्वविद्यालय में पीएचडी स्कॉलर ने लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप, आरोपी क्लर्क सस्पेंड

जींद विश्वविद्यालय में पीएचडी स्कॉलर ने लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप, आरोपी क्लर्क सस्पेंड
जींद : हरियाणा के जींद स्थित चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (CRSU) में एक पीएचडी स्कॉलर द्वारा यौन उत्पीड़न, अश्लील हरकत और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति ने आरोपी क्लर्क को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
विश्वविद्यालय के डीपीआरओ विजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 मई को एक पीएचडी स्कॉलर ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कौशल रोजगार योजना के तहत विश्वविद्यालय में कार्यरत क्लर्क जोगिंदर बिसला ने उसके साथ अश्लील हरकत की, ब्लैकमेल किया और मारपीट भी की।
डीपीआरओ के अनुसार शिकायत मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया गया है, जो सभी तथ्यों की जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल एफआईआर दर्ज होने की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। हालांकि यदि जांच में आरोपी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई करते हुए नौकरी से बर्खास्त किया जाएगा।
इस घटना के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। छात्र संगठनों और अभिभावकों में भी इस मामले को लेकर चिंता देखी जा रही है। अब सभी की नजर जांच कमेटी की रिपोर्ट और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है।
May 29, 2026

जींद से गुजरने वाली सुपरफास्ट समेत चार ट्रेनों का संचालन पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की बजाय शकूरबस्ती स्टेशन तक

जींद से गुजरने वाली सुपरफास्ट समेत चार ट्रेनों का संचालन पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की बजाय शकूरबस्ती स्टेशन तक 

पुरानी दिल्ली स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को कम करने की कवायद
जींद : रेलवे ने पुरानी दिल्ली स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को कम करने के लिए एक नया निर्णय लिया है। अब जींद से गुजरने वाली सुपरफास्ट समेत चार ट्रेनों का संचालन पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की बजाय शकूरबस्ती स्टेशन तक किया जाएगा। ऐसे में यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए मेट्रो और अन्य परिवहन का सहारा लेना पड़ेगा। पुरानी दिल्ली स्टेशन पर प्रतिदिन काफी संख्या में ट्रेनों का आवागमन होता है। प्लेटफार्मों पर लगातार बढ़ रही भीड़ और ट्रेनों की आवामन के कारण परिचालन प्रभावित हो रहा है। कई बार ट्रेन को आउटर पर रोकना पड़ता है। जिससे यात्रियों को परेशानी होती है। इसी को देखते हुए रेलवे ने चार ट्रेनों को शकूरबस्ती तक सीमित करने का फैसला लिया है। इन ट्रेनों का होगा ठहराव नई व्यवस्था लागू होने के बाद 12481-82 श्रीगंगानगर इंटरसिटी सुपरफास्ट, 54035-36 दिल्ली-जाखल पैसेंजर, 54033-34 नरवाना-दिल्ली पैसेंजर, 14023-24 दिल्ली-कुरुक्षेत्र डीएमयू का अंतिम ठहराव शकूरबस्ती स्टेशन होगा। ऐसे में पुरानी दिल्ली स्टेशन पर भीड़ कम होगी और ट्रेनों का संचालन बेहतर होगा लेकिन अतिरिक्त सफर और खर्च भी बढ़ेगा। शकूरबस्ती से पुरानी दिल्ली तक पहुंचने में समय और किराया अधिक लगेगा। कश्मीरी गेट की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लग सकता है। वहीं शकूरबस्ती स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। 
नई दिल्ली सीपीआरओ अजय ने बताया कि पुरानी दिल्ली स्टेशन पर बढ़ रहे दबाव को कम करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। जींद से दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों का संचालन पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की बजाय शकूरबस्ती स्टेशन तक किया जाएगा।
May 29, 2026

हरियाणा कांग्रेस के निलंबित पांचों विधायक बने बीजेपी के स्पेशल गेस्ट, राज्यसभा चुनाव में की थी क्रॉस वोटिंग

हरियाणा कांग्रेस के निलंबित पांचों विधायक बने बीजेपी के स्पेशल गेस्ट, राज्यसभा चुनाव में की थी क्रॉस वोटिंग
चंडीगढ़ : हरियाणा में शुक्रवार को आरंभ होने वाली स्वास्थ्य विभाग की नौ परियोजनाओं के कार्यक्रमों को लेकर भाजपा सरकार ने बड़ा दांव खेला है। भाजपा सरकार ने जिला स्तरीय कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए केंद्रीय मंत्रियों, राज्य सरकार के मंत्रियों और भाजपा सांसदों व विधायकों की जो सूची तैयार की है, उसमें कांग्रेस के वह पांच बागी विधायक भी शामिल हैं, जिन्हें राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग का आरोपित मानते हुए पार्टी से निलंबित कर दिया गया था।

इन पांचों कांग्रेस विधायकों में से अधिकतर ने विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र के दौरान भी न केवल भाजपा सरकार के कामकाज की तारीफ की थी, बल्कि कांग्रेस द्वारा विधानसभा परिसर में संचालित समानांतर सत्र का विरोध किया था।

*इलेक्शन में की थी क्रॉस वोटिंग*

राज्यसभा चुनाव में क्रास वोटिंग के आरोप विधायकों में नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी, रतिया के विधायक जरनैल सिंह, सढ़ोरा की विधायक रेणुबाला, पुन्हाना के विधायक मोहम्मद इलियास और हथीन के विधायक मोहम्मद इसराइल शामिल हैं।

हरियाणा सरकार ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रमों में इन पांचों कांग्रेस विधायकों को विशेष अतिथि बनाया है। मुख्य कार्यक्रम शुक्रवार को पंचकूला में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव शामिल होंगे। इस कार्यक्रम से जुड़ते हुए जिला स्तरीय आयोजन किए गए हैं, ताकि संबंधित जिलों के लिए शुरू होने वाली परियोजनाओं का लोकार्पण अथवा शिलान्यास देखा जा सके।

हरियाणा सरकार के आदेश के मुताबिक, प्रदेश के अलग-अलग जिलों में होने वाले कार्यक्रमों में एक मुख्य अतिथि और विधानसभा क्षेत्रों के विधायक अथवा भाजपा नेता विशेष अतिथि होंगे।

*इन नेताओं को भी गया निमंत्रण*

अंबाला जिले में होने वाले कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हरियाणा के परिवहन व बिजली मंत्री अनिल विज होंगे, जबकि उनके कार्यक्रम में नारायणगढ़ की कांग्रेस विधायक शैली चौधरी को भी बुलाया गया है। फतेहाबाद में समाज कल्याण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी की अध्यक्षता में होने वाले कार्यक्रम में रतिया के कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह को शामिल होने का निमंत्रण भेजा गया है।

नूंह जिले में होने वाले कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के राज्यसभा सदस्य संजय भाटिया करेंगे, जबकि इस कार्यक्रम में पुन्हाना के कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलियास को भी विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

यमुनानगर में होने वाले कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा होंगे, जबकि इस कार्यक्रम में सढ़ोरा की कांग्रेस विधायक रेणुबाला को भी बुलाया गया है। पलवल जिला मुख्यालय पर होने वाले कार्यक्रम की अध्यक्षता खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम करेंगे, जबकि इस कार्यक्रम में हथीन के विधायक मोहम्मद इसराइल को भी आमंत्रित किया गया है।

*भाजपा से प्रगाढ़ हो चुके कांग्रेसियों के संबंध*

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सहमति के बाद उनके ओएसडी भारत भूषण भारती की ओर से यह सूची जारी की गई है। राजनीतिक गलियारों में सरकार के इस कदम को एक बड़े संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। आमतौर पर सरकारी कार्यक्रमों के उद्घाटन और शिलान्यास में सत्तापक्ष या सहयोगी दलों के नेताओं को ही तवज्जो दी जाती है।

लेकिन कांग्रेस के इन पांच विधायकों को सीधे तौर पर सरकारी जिम्मेदारी सौंपकर सरकार ने यह साफ कर दिया है कि इन निलंबित विधायकों के साथ सत्तापक्ष के संबंध बेहद मजबूत हो चुके हैं।

*कांग्रेस से हो चुका इन विधायकों का मोहभंग*

चर्चा यह भी है कि विधानसभा चुनाव या भविष्य की राजनीतिक रणनीति को ध्यान में रखते हुए इन विधायकों को उनके ही गढ़ में सरकारी मंच देकर सरकार ने एक तीर से कई निशाने साधने का काम किया है। इससे एक तरफ जहां विपक्ष (कांग्रेस) के खेमे में खलबली मचना तय है, वहीं दूसरी तरफ इन विधायकों का अपनी ही पार्टी से मोहभंग होना और सत्तापक्ष के करीब आना अब पूरी तरह से साफ हो गया है।
May 29, 2026

सीआरएसयू में पीएचडी स्कॉलर से अश्लील हरकत कर किया ब्लैकमेल, डिपार्टमेंट के क्लर्क पर लगे आरोप, पुलिस ने आरोपित पर दर्ज किया मामला

सीआरएसयू में पीएचडी स्कॉलर से अश्लील हरकत कर किया ब्लैकमेल
डिपार्टमेंट के क्लर्क पर लगे आरोप, पुलिस ने आरोपित पर दर्ज किया मामला
अश्लील हरकत के अलावा, एक लाख रुपये ऐंठने, मारपीट करने का आरोप
जींद : सीआरएसयू में क्लर्क द्वारा पीएचडी स्कॉलर के साथ अश्लील हरकत करने ब्लैकमेल कर एक लाख रुपये ऐंठने तथा मारपीट करने का मामला सामने आया है। सदर थाना पुलिस ने स्कॉलर की शिकायत पर आरोपित क्लर्क के खिलाफ  अश्लील हरकत करने, ब्लैकमेल करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। 
पीएचडी स्कॉलर छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सीआरएसयू के एक डिपार्टमेंट में एक विषय अध्यन कर रही है। तीन सितंबर 2024 को  उसी डिपार्टमेंट के क्लर्क जोगेंद्र बिसला ने उसके साथ अश्लील हरकत की। जिसके बाद आरोपित ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। जब उसने विरोध किया तो आरोपित ने कैरियर खत्म करने की धमकी दी। आरोपित की हरकतों का सिलसिला जारी रहा। बदनामी के भय से वह भी चुप रही। गत छह जनवरी को आरोपित ने उसे अपने कमरे में बुलाया और ब्लैकमेल करते हुए एक लाख रुपये ऐंठ लिए। जब उसने आरोपित की हरकत का विरोध किया तो आरोपित ने उसके साथ मारपीट की। जिसकी शिकायत विश्वद्यालय प्रबंधन से की गई। आरोपित क्लर्क का डिपार्टमेंट बदल की मैथ में डिपार्टमेंट में कर दिया गया। बावजूद इसके आरोपित ने उसे परेशान करना जारी रखा। सदर थाना पुलिस ने पीएचडी स्कॉलर की शिकायत पर आरोपित क्लर्क जोगेंद्र बिसला के खिलाफ अश्लील हरकत करने, ब्लैकमेल करने, मारपीट करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर थाना की जांच अधिकारी राजेश ने बताया कि छात्रा ने क्लर्क पर आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

Thursday, May 28, 2026

May 28, 2026

प्रदेश की इलेक्ट्रिक बसों में विद्यार्थियों को उपलब्ध होगी बस-पास सेवा– मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी

प्रदेश की इलेक्ट्रिक बसों में विद्यार्थियों को उपलब्ध होगी बस-पास सेवा– मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी

पानीपत से हरियाणा में ग्रीन ट्रांसपोर्ट क्रांति की शुरुआत

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पानीपत इलेक्ट्रिक बस अड्डे का किया उद्घाटन,80 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी
चंडीगढ़-हरियाणा में ग्रीन पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को नई दिशा देते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को पानीपत में इलेक्ट्रिक बस डिपो का उद्घाटन किया तथा 80 इलेक्ट्रिक सिटी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पानीपत की ऐतिहासिक और पावन धरती से आज हरियाणा में स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था के नए युग की शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरवार को रवाना की गई 80 इलेक्ट्रिक बसों में पानीपत के लिए 40, यमुनानगर के लिए 15, कुरुक्षेत्र और सोनीपत के लिए 10-10 तथा पंचकूला के लिए 5 बसें शामिल हैं। यह केवल बसें नहीं हैं, बल्कि हरियाणा के स्वच्छ, सुगम और आधुनिक भविष्य की नई शुरुआत हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पानीपत में लगभग 7 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो तैयार किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के 8 अन्य जिलों में भी इलेक्ट्रिक बस डिपो निर्माणाधीन हैं, जहां बसों की चार्जिंग की आधुनिक व्यवस्था उपलब्ध करवाई जाएगी। सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश को ‘ग्रीन इंडिया’, ‘नेट जीरो’ और ‘सस्टेनेबल डेवलपमेंट’ का विजन दिया है। पूरी दुनिया आज पर्यावरण संरक्षण और ग्रीन एनर्जी की दिशा में आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री ने पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने तथा इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने का आह्वान किया है और हरियाणा सरकार उसी सोच को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बस सेवा से पेट्रोल और डीजल पर निर्भरता कम होगी, प्रदूषण में कमी आएगी तथा लोगों को सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक यात्रा सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सिटी बस सर्विस लिमिटेड शहरी जीवन को अधिक सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। हाल ही में हरियाणा विजन-2047 के अंतर्गत परिवहन सेवाओं के अगले पांच वर्षों के रोडमैप की समीक्षा की गई है। तेजी से बढ़ते शहरी क्षेत्रों को देखते हुए शहरों में लोकल बसों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार बसों को रेलवे की तर्ज पर ट्रैकिंग सिस्टम से जोड़ने पर भी कार्य कर रही है, जिससे यात्री मोबाइल ऐप के माध्यम से बसों की लोकेशन और आगमन समय की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही एक वर्ष के भीतर 10 नए इलेक्ट्रिक बस स्टैंड बनाए जाएंगे तथा भविष्य में अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर जिले और शहर में अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी तथा प्रदेश में पीपीपी मोड पर ट्रैफिक स्टेशन भी स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पानीपत, यमुनानगर, करनाल, पंचकूला और रोहतक सहित 10 बड़े शहरों में सिटी बस सेवा उपलब्ध है। पहले से चल रही 75 ई-बसों में आज 80 नई बसें शामिल होने के बाद कुल संख्या 155 हो गई है।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे महानगरों के लिए 650 स्टैंडर्ड फ्लोर एसी बसें शुरू की जा रही हैं। इसके अलावा चंडीगढ़-दिल्ली एयरपोर्ट-गुरुग्राम तथा चंडीगढ़ से कटरा, सालासर, खाटूश्याम, हरिद्वार और अमृतसर जैसे धार्मिक स्थलों के लिए 50 नई इलेक्ट्रिक एक्सप्रेस बसें खरीदी जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का भारत तेजी से बदल रहा है और हरियाणा भी आधुनिक तकनीक तथा स्मार्ट मोबिलिटी की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में रोजगार और निवेश की अपार संभावनाएं हैं। ई-वाहन निर्माण, बैटरी तकनीक, चार्जिंग स्टेशन और ग्रीन टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में आने वाले वर्षों में हजारों नए रोजगार पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि हरियाणा राज्य परिवहन अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए वृद्धजनों, स्वतंत्रता सेनानियों, दिव्यांगों, कैंसर पीड़ितों और विद्यार्थियों सहित 39 श्रेणियों के लोगों को मुफ्त अथवा रियायती यात्रा सुविधा उपलब्ध करा रहा है। हैप्पी योजना के तहत गरीब परिवारों को हरियाणा रोडवेज बसों में सालाना 1000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा का लाभ दिया जा रहा है।

हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि लगभग 7 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से तैयार यह आधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो सरकार की दूरदर्शी सोच और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार परिवहन सुविधाओं को मजबूत करने का कार्य कर रही है और इसका लाभ आम जनता को मिल रहा है।

 शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों का संचालन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल है। इन बसों के संचालन से लाखों किलो कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और प्रदूषण नियंत्रण को मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद संजय भाटिया,पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज , समालखा विधायक श्री मनमोहन भड़ाना, बीजेपी की प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
May 28, 2026

नगर निगम चुनाव में कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास से मिली ऐतिहासिक जीत :मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी

नगर निगम चुनाव में कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास से मिली ऐतिहासिक जीत :मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी 

दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल में भव्य समारोह में हुआ

नगर निगम सोनीपत के नव-निर्वाचित महापौर राजीव जैन एवं पार्षदों का शपथ ग्रहण

महिलाओं के सशक्तिकरण एवं कार्यकर्ता आधारित परंपरा ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत सोनीपत के विकास को तीन गुना गति से बढ़ाएंगे - मुख्यमंत्री
चंडीगढ़ - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नगर निगम चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, समर्पण और जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है। भीषण गर्मी में भी कार्यकर्ताओं ने दिन-रात जनसंपर्क किया, जिसका नतीजा बड़े अंतर से भाजपा समर्थित महापौर और पार्षदों की जीत के रूप में सामने आया। 

मुख्यमंत्री आज दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी), मुरथल में नगर निगम सोनीपत के नव-निर्वाचित महापौर राजीव जैन एवं पार्षदों के भव्य शपथ ग्रहण समारोह में संबोधित कर रहे थे।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए कहा कि नव-निर्वाचित महापौर श्री राजीव जैन एवं सभी पार्षदों को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है। यहां हर कार्यकर्ता को समय-समय पर अवसर मिलता है। यही लोकतांत्रिक परंपरा भाजपा को अन्य दलों से अलग करती है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप पार्टी महिलाओं को नेतृत्व प्रदान कर रही है। डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को आगे लाना भाजपा की प्राथमिकता है।

श्री नायब सिंह सैनी ने विश्वास दिलाया कि प्रदेश सरकार और नगर निगम की नई टीम मिलकर सोनीपत के विकास को तीन गुना गति प्रदान करेगी। शहर में बेहतर सड़कें, स्वच्छता, पेयजल, सीवरेज, बिजली और आधुनिक शहरी सुविधाओं के विस्तार पर तेजी से काम किया जाएगा।

उन्होंने महापौर राजीव जैन एवं उनकी टीम से आह्वान किया कि जनता के विश्वास को बनाए रखते हुए पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य करें। जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। मंडल आयुक्त श्री राजीव रतन ने सभी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर पंचायत एवं विकास मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, राई से विधायक श्रीमती कृष्णा गहलावत, सोनीपत से विधायक श्री निखिल मदान, खरखोदा से विधायक श्री पवन कुमार खरखौदा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
May 28, 2026

किसानों की आय बढ़ाने के लिए वर्ष 2030 तक बागवानी क्षेत्र को दोगुना व उत्पादन को तीन गुणा करने का लक्ष्य: नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री ने बागवानी क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए खोला घोषणाओं का पिटारा

बागवानी विश्वविद्यालय में पोस्ट हार्वेस्ट प्रबंधन, पौध कीट नियंत्रण और रोगों के नए विषयों पर भी मास्टर डिग्री और पी.एच.डी. की होगी शुरुआत: नायब सिंह सैनी

किसानों की आय बढ़ाने के लिए वर्ष 2030 तक बागवानी क्षेत्र को दोगुना व उत्पादन को तीन गुणा करने का लक्ष्य: नायब सिंह सैनी

4 दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का किया उद्घाटन

बागवानी विज्ञानिकों व प्रगतिशील किसानों को किया सम्मानित
चंडीगढ़ -हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बागवानी क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए घोषणाओं का पिटारा खोलते हुए कहा कि पोस्ट हार्वेस्ट प्रबंधन, पौध कीट नियंत्रण और रोगों के नए विषयों पर भी मास्टर डिग्री और पी.एच.डी. की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने 14 हॉर्टिकल्चर साइंस सेंटर महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय को समर्पित किए और कहा कि ये केंद्र किसानों तक नवीनतम तकनीकों व गुणवत्तायुक्त पौध सामग्री पहुंचाने और वैज्ञानिक परामर्श देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री आज महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय करनाल व लेफ्टिनेंट अमित मेमोरियल फाउंडेशन की ओर से आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। यह राष्ट्रीय सम्मेलन अमृतकाल में बागवानी फसलों के लिए गुणवत्ता युक्त बीज एवं रोपण सामग्री का रणनितिक प्रतिमान विषय पर आधारित है।

 मुख्यमंत्री ने इस समारोह में बागवानी वैज्ञानिक व प्रगतिशील किसानों को शील्ड, शाल व प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह में बागवानी विश्वविद्यालय के उप कुलपति डा. सुरेश कुमार मल्होत्रा ने मुख्यमंत्री, विधायकगण व अन्य अतिथियों को महाराणा प्रताप की मूर्ति भेट कर सम्मानित किया।
उन्होंने इस अवसर पर अपने सम्बोधन कहा कि भारत विश्व में फलों व सब्जियों का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक देश है। देश में प्रतिवर्ष लगभग 360 मिलियन टन से अधिक बागवानी उत्पादन होता है। आज भारत आम, केला, अमरूद, अनार जैसे फलों और आलू, प्याज सहित कई अन्य सब्जियों के उत्पादन में विश्व के अग्रणी देशों में शामिल है। लेकिन, यह भी सच है कि उत्पादन के बावजूद गुणवत्ता, ग्रेडिंग, रोगमुक्त पौध सामग्री और पोस्ट-हार्वेस्ट प्रबंधन की कमी के कारण हमें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
 
उन्होंने बताया कि महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर का शिलान्यास स्वयं देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 9 दिसंबर, 2024 को किया गया था। इतने कम समय में इस विश्वविद्यालय ने जो मुकाम हासिल किया है वह असाधारण है। शिक्षा हो, अनुसंधान हो या किसान सेवा हर क्षेत्र में इस संस्थान ने अपनी अलग पहचान बनाई है। यहाँ विकसित तकनीकें, यहाँ के प्रशिक्षण कार्यक्रम और किसानों के साथ निरंतर संवाद यह सब मिलकर हरियाणा की बागवानी क्रांति को एक नई ऊर्जा, एक नई रफ्तार दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समस्त राष्ट्र के समक्ष विकसित भारत 2047 का एक महान संकल्प रखा है और यह संकल्प केवल आर्थिक विकास का नहीं है - यह आत्मनिर्भर कृषि का संकल्प है, पोषण सुरक्षा का संकल्प है, वैज्ञानिक नवाचार का संकल्प है और करोड़ों किसानों की समृद्धि का संकल्प है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया इस बात को स्वीकार कर रही है कि गुणवत्तायुक्त बीज और पौध से कृषि उत्पादकता में 15 से 25 प्रतिशत तक वृद्धि संभव है। इसलिए गुणवत्तायुक्त पौध सामग्री, वैज्ञानिक प्रबंधन और आधुनिक सप्लाई चेन पर ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और वैज्ञानिकों के अनुसंधान ने देश को खाद्यान्न में आत्मनिर्भर बनाया है। लेकिन, आज समय की मांग बदल रही है। छोटी भूमि जोतों, घटते जल स्तर, जलवायु परिवर्तन और बढ़ती लागतों के बीच केवल पारंपरिक खेती से किसानों की आय में वृद्धि संभव नहीं है। इसलिए फसल विविधीकरण और बागवानी आधारित कृषि मॉडल, भविष्य में किसानों की खुशहाली का रास्ता बनकर उभर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बागवानी क्षेत्र में किसानों के हित के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। किसानों की आय बढ़ाने के लिए वर्ष 2030 तक बागवानी क्षेत्र को दोगुणा व उत्पादन को तीन गुणा करने का लक्ष्य रखा है। बागवानी के लिए प्रदेश में 13 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए हैं। उन्होंने बताया कि सब्जियों व फलों के लिए भावांतर भरपाई योजना में 21 बागवानी फसलों के संरक्षित मूल्य निर्धारित किए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वित्त वर्ष के बजट में सभी जिलों में स्मार्ट बागवानी तकनीकों जैसे संरक्षित खेती एरोपोनिक्स, हाइड्रोपोनिक्स, ग्रीन हाउस, वर्टिकल फार्मिंग व ई-पेस्ट के अंतर्गत कुल 1,000 एकड़ क्षेत्र को लाने का भी प्रावधान किया है। प्रदेश में ग्रामीण हाट मंडियां स्थापित की जाएगी, जिन्हें किसान उत्पादक संगठनों के पैक हाउसेस से लिंक किया जाएगा। पहली ग्रामीण हाट मंडी का उद्घाटन किसान दिवस के मौके पर 23 दिसंबर, 2026 को किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026-27 में बागवानी फसलों के पंजीकरण के लिए मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल को पूरे वर्ष संचालित किया जाएगा। एक कोल्ड चेन नीति लागू कर भंडारण, मूल्य स्थिरता तथा निर्यात बढ़ोतरी लाने का भी प्रस्ताव किया गया है।

उन्होंने कहा कि टिश्यू कल्चर के माध्यम से पैदा किए गए आलू बीज की श्रृंखला का प्रमाणीकरण करने के लिए एक हरियाणा आलू बीज अधिनियम लाया जाएगा। इस अधिनियम के माध्यम से प्रतिवर्ष लगभग 7.5 लाख क्विंटल उच्च गुणवत्ता युक्त बीज आलू का उत्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला सोनीपत, पानीपत, अंबाला, करनाल व कुरूक्षेत्र मशरूम उत्पादन में अग्रणी है।

इन जिलों में मशरूम उत्पादन व मूल्य संवर्धन को व्यापक स्तर पर और बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बागवानी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय से संबंद्ध रीजनल रिसर्च सेंटर की स्थापना अंबाला के चाणसौली में की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने वैज्ञानिकों से आह्वान किया कि उनको ऐसे बीज और पौध सामग्री विकसित करनी होगी जो कम पानी में अधिक उत्पादन दें, रोग प्रतिरोधक हों, अधिक पोषक हो और बदलती जलवायु के अनुरूप हो। उन्होंने कहा कि कृषि वैज्ञानिक इस दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर भी रहे हैं। टिश्यू कल्चर, माइक्रो-प्रोपेगेशन, जर्मप्लाज्म संरक्षण, वायरस-फ्री प्लांटिंग मैटेरियल, हाई-यील्डिंग वैरायटी और जैविक पौध संरक्षण तकनीकों पर लगातार शोध हो रहा है। आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फारमेशी सेंसर टेक्नोलॉजी और बायोटेक्नोलॉजी बागवानी क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन लाने वाले हैं। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि इन तकनीकों का लाभ केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित न रहे, बल्कि अंतिम पंक्ति में खड़े अंतिम किसान तक पहुंचे। किसान तभी समृद्ध होगा जब उसे गुणवत्तापूर्ण बीज व पौध सामग्री समय पर और उचित कीमत पर उपलब्ध होंगे।

उन्होंने कहा कि यदि भारत को वैश्विक बागवानी निर्यात शक्ति बनना है तो हमें उत्पादन के साथ साथ गुणवत्ता पर भी ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास हैै कि इस राष्ट्रीय सम्मेलन में होने वाला विचार-मंथन देश की बागवानी नीति को नई दिशा देगा, अनुसंधान को नई ऊँचाई देगा और करोड़ों किसानों के हित में नए द्वार खोलेगा। यहाँ से जो संकल्प निकलेगा- वह संकल्प केवल इस सभागार तक सीमित नहीं रहेगा, वह देश के खेत-खलिहानों तक पहुंचेगा, किसान के जीवन में बदलाव लाएगा।

इस अवसर पर महाराणा प्रताप हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी करनाल के कुलपति प्रो. सुरेश मल्होत्रा ने मुख्य अतिथि श्री नायब सिंह सैनी का स्वागत किया। इस अवसर पर एएसआरबी के चेयरमैन डॉ. संजय कुमार , भारतीय उद्यानिकी संघ परिसंघ (चाय) डॉ एच.पी. सिंह, डॉ. पाठक ने भी विचार रखे।

 समारोह के दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी द्वारा वीएनएमकेवी परभणी एमएच के कुलपति प्रो. इंद्र मणि मिश्रा को लाइफ टाइम रिकग्निशन अवार्ड-2026, कावेरी विश्वविद्यालय तेलगांना के कुलपति प्रो.वी प्रवीन राव को अमित कृषि ऋषि पुरस्कार-2026, एएसआरबी के चेयरमैन डॉ. संजय कुमार को अमित प्रबुद्ध मनीषी पुरस्कार-2026 देकर सम्मानित किया गया।

 इसके साथ ही मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने उद्यान रत्न पुरस्कार-2026 से नितिन ललित, इनोवेटिव सजावटी बागवानी उद्यमी, करनाल,नवीन कुमार, प्रगतिशील सब्जी उत्पादक, दलवा, झज्जर, वीरेंद्र बाजवान, इनोवेटिव मशरूम उत्पादक, बाजवान, बडियाल, पंचकुला, कुलदीप आर्य, प्रगतिशील फल एवं सब्जी उत्पादक, नारनौद, हांसी को सम्मानित किया
इस अवसर पर इंद्री के विधायक एवं चीफ व्हिप श्री रामकुमार कश्यप, नीलोखेड़ी के विधायक श्री भगवानदास कबीरपंथी, करनाल के विधायक श्री जगमोहन आनंद के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
May 28, 2026

अब दिल्ली-कटरा हाई स्पीड कोरिडोर का मिली मंजूरी, जानिए ...कहां-कहां से गुजरेगा

अब दिल्ली-कटरा हाई स्पीड कोरिडोर का मिली मंजूरी, जानिए ...कहां-कहां से गुजरेगा
नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने एनई-5 एक्सप्रेसवे को अधिसूचित कर दिया है। यह एक हाई-स्पीड दिल्ली-कटरा कॉरिडोर बनेगा। यह दिल्ली को हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर से जोड़ेगा।
यह एक्सप्रेस-वे हरियाणा में खरखौदा, गोहाना, बुटाना, कलायत और बारटा से होकर निकलेगा। पंजाब में यह गुलजापुर, पाट्रान, भवानीगढ़, धूरी, मलेरकोटला, अहमदगढ़, मुल्लांपुर दाखा, नूरमहल, करतारपुर और गुरदासपुर से होकर गुजरेगा। अंत में यह कटरा के पास एनएच-144 में जाकर मिल जाएगा। 
अब जल्द ही इसके लिए भूमि अधिग्रहण, रूट तय करने और अन्य विकास कार्यों की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। यह एक्सप्रेस-वे
जसौर खेरी गांव के पास से KMP एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा। 
इस सड़क मार्ग से दिल्ली से कटरा तक यात्रा तेज और आसान हो जाएगी। इससे माल ढुलाई, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को बहुत ज्यादा आसानी होगी तथा ज्यादा से ज्यादा फायदा होगा। जो लोग माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए सड़क मार्ग से जाने वाले हैं, उनको बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।
May 28, 2026

'स्वस्थ हरियाणा - समृद्ध हरियाणा अभियान' पकड़ेगा तेज रफ़्तार : आरती सिंह राव

'स्वस्थ हरियाणा - समृद्ध हरियाणा अभियान' पकड़ेगा तेज रफ़्तार : आरती सिंह राव 

- मुख्यमंत्री कल राज्य के लोगों को देंगे 9 महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौग़ात 

- पंचकूला में होगा विशाल कार्यक्रम 
चंडीगढ़ - हरियाणा सरकार प्रदेश के हर नागरिक को बेहतर, आधुनिक और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बढ़ाते हुए 'स्वस्थ हरियाणा - समृद्ध हरियाणा अभियान' के अंतर्गत राज्य में 9 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ होने जा रहा है। 

हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने जानकारी देते हुए बताया कि इन दूरदर्शी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कल 29 मई को दोपहर 2:00 बजे पी.डब्ल्यू.डी. रेस्ट हाउस, सेक्टर-1, पंचकूला में आयोजित एक भव्य समारोह में किया जाएगा। इस समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी होंगे, जो इन सभी स्वास्थ्य सेवाओं को जनता को समर्पित करेंगे। 

स्वास्थ्य मंत्री ने इस अभियान को प्रदेश की स्वास्थ्य अवसंरचना को आधुनिक और सशक्त बनाने की दिशा में एक बहुत बड़ा मील का पत्थर बताया है। उन्होंने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 22.29 करोड़ रुपये की लागत से 30 स्वास्थ्य संस्थानों का उद्घाटन तथा 21.50 करोड़ रुपये की लागत से 16 नए स्वास्थ्य संस्थानों का शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ ही मरीजों के तीमारदारों की सुविधा के लिए जिला नागरिक अस्पताल, सोनीपत में 6.45 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से एक अत्याधुनिक विश्राम गृह का शिलान्यास भी किया जाएगा। 

उन्होंने बताया कि महिलाओं के विशेष और समर्पित उपचार के लिए राज्य के 23 जिला अस्पतालों में प्रतिवर्ष 0.34 करोड़ रुपये की लागत से 'स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार' (SNSP) क्लीनिक की शुरुआत की जा रही है।  आम जनता को महंगी और गंभीर चिकित्सा जांचें मुफ्त या बेहद किफायती दरों पर मिल सकें, इसके लिए पीपीपी मॉडल के तहत महत्वपूर्ण विस्तार किया गया है। इसके अंतर्गत पानीपत और कुरुक्षेत्र के जिला अस्पतालों में 12 करोड़ रुपये की लागत से एमआरआई सेवाएं तथा बहादुरगढ़ के सब-डिवीजनल अस्पताल व दादरी के जिला अस्पताल में 10 करोड़ रुपये की लागत से सीटी स्कैन सेवाओं की शुरुआत की जा रही है।

 आरती सिंह राव ने आगे बताया कि हृदय रोगों की समय पर पहचान और तुरंत उपचार के लिए राज्य के 600 स्वास्थ्य संस्थानों में टेली-ईसीजी सेवाओं की स्थापना की जा रही है, जिस पर सालाना 3 करोड़ रुपये व्यय होंगे। गुर्दा (किडनी) रोगों से पीड़ित मरीजों को राहत देते हुए महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज, कोरियावास (नारनौल) और श्री अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय मेडिकल कॉलेज, छायंसा (फरीदाबाद) में अब निःशुल्क डायलिसिस की सुविधा प्रदान की जाएगी। आमजन को ब्रांडेड दवाइयां बहुत ही सस्ती और रियायती दरों पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश के 23 जिला अस्पतालों में 1.73 करोड़ रुपये की लागत से 'अमृत फार्मेसी' का भी उद्घाटन किया जाएगा।  

स्वास्थ्य मंत्री ने आगे बताया कि निजी क्षेत्र के सहयोग यानी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) साझेदारी के माध्यम से भी राज्य के अस्पतालों को आधुनिक उपकरणों से लैस किया जा रहा है। इसके तहत 3.60 करोड़ रुपये की लागत से एनेस्थीसिया वर्कस्टेशन व डिफिब्रिलेटर, 20.50 करोड़ रुपये की लागत से एक्स-रे और 150 ट्रूनैट मशीनें तथा 1.84 करोड़ रुपये की लागत से 24 आईसीयू बेड शामिल किए गए हैं। 

इसके अतिरिक्त, किसी भी आपातकालीन स्थिति या आपदा प्रबंधन से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग प्रदेश की 4600 आशा कार्यकर्ताओं को 0.91 करोड़ रुपये की लागत से विशेष प्रशिक्षण दे रहा है ताकि ग्रामीण स्तर पर तुरंत राहत पहुंचाई जा सके। 

 आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हमारी सरकार का एकमात्र उद्देश्य हरियाणा के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक भी बेहतर चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना है और यह अभियान राज्य के स्वास्थ्य इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय लिखेगा।
May 28, 2026

एक दिन की बेटी से छिन गया मां का साया: डिलीवरी के बाद बिगड़ी हालत, टूटी सांसें, परिजनों ने डॉक्टरों पर लगाया गंभीर आरोप


एक दिन की बेटी से छिन गया मां का साया: डिलीवरी के बाद बिगड़ी हालत, टूटी सांसें, परिजनों ने डॉक्टरों पर लगाया गंभीर आरोप
यमुनानगर : जिस घर में नवजात बच्ची की किलकारियां गूंजनी थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। यमुनानगर के एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के बाद एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा मच गया, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार एकता नाम की महिला को दो दिन पहले प्रसव के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार खुश था कि घर में नन्ही परी आने वाली है। डिलीवरी के बाद एकता ने एक बच्ची को जन्म दिया, लेकिन इसके कुछ ही समय बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ने लगी।
समय रहते इलाज ना करने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने समय रहते सही इलाज नहीं किया और हालत गंभीर होने के बावजूद लापरवाही बरती गई। जब स्थिति ज्यादा बिगड़ी तो अस्पताल प्रशासन ने एकता को चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया, लेकिन जिंदगी की जंग लड़ रही एकता ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि एकता की शादी करीब एक साल पहले चिराग के साथ हुई थी। शादी के एक साल बाद घर में आई खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। मां की गोद में आने से पहले ही नवजात बच्ची से उसकी मां का साया छिन गया।
गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा
घटना से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और आरोप लगाया कि अस्पताल ने इलाज से ज्यादा पैसों को महत्व दिया। मृतका की मासी प्रतिभा समेत अन्य परिजनों ने कहा कि अगर समय पर सही उपचार मिलता तो शायद एकता आज जिंदा होती।
सूचना मिलते ही सिटी थाना प्रभारी नरेंद्र राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
May 28, 2026

अर्चना गुप्ता बनी हरियाणा भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष, कौन हैं डॉ. अर्चना गुप्ता

अर्चना गुप्ता बनी हरियाणा भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष
कौन हैं डॉ. अर्चना गुप्ता
नई दिल्ली : अर्चना गुप्ता के पति डॉ. अनिल गुप्ता नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं. डॉ. अर्चना के बेटे अविरल ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़ाई की है. वहीं उनकी बेटी आरुषी भी पेशे से डॉक्टर हैं. डॉ. अर्चना का जन्म 20 जनवरी को 1968 में हुआ था. डॉ. अर्चना विश्व हिंदू परिषद में भी सक्रिय रही हैं. वह साल 2010 से 2016 तक (जिला सह संयोजिका के अतिरिक्त हरियाणा में उपाध्यक्ष का भी पद संभाला है. इसके अलावा 4 सितंबर 2016 से 18 अगस्त 2020 तक महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी रही हैं.
अर्चना गुप्ता के पति डॉक्टर, दादा स्वतंत्रता सेनानी

पार्टी हाईकमान के इस फैसले को आगे की संगठनात्मक और राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है. अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद बीजेपी के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है. भाजपा की तरफ से जारी नियुक्ति आदेश के मुताबिक यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है. डॉ. अर्चना गुप्ता का जन्म पानीपत के आट्टा गांव में हुआ. उनके दादा सूरजभान स्वतंत्रता सेनानी रह चुके हैं. जींद के रहने वाले डॉ. अनिल से उनकी शादी हुई. डॉ. अर्चना गुप्ता का पानीपत के सेक्टर 11 में डायग्नोस्टिक सेंटर भी है. वह खुद इस सेंटर पर बैठती हैं.
May 28, 2026

हिसार में लूटपाट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, ई-रिक्शा और मोबाइल बरामद

सुनसान इलाके में की थी मारपीट

थाना सदर से उप नि. दया राम ने बताया कि शिकायतकर्ता सुरेन्द्र कुमार पुत्र महाबीर प्रसाद निवासी राजल देसर, जिला चुरु राजस्थान की शिकायत पर आरोपियों द्वारा दिनांक 24/25.05.2026 की रात को उसे चुरू की ट्रेन न मिलने पर उसने आरोपियों से बोला की उसे बस स्टेण्ड हिसार जाना है जो आरोपी बस स्टेण्ड हिसार की बजाय शिकायत कर्ता को सुनसान ऐरीया फाटक पार लुदास रोड घोड़ा फार्म के पास लेजाकर शिकायतकर्ता के साथ मारपीट कर उसके पर्स से 4700 रुपये तथा मोबाइल फोन छीनने के संबंध में धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच एवं साइबर सैल की सहायता से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा हुआ मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयोग किया गया ई-रिक्शा भी बरामद कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है, ताकि उनसे अन्य वारदातों एवं आपराधिक नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की जा सके। पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन ने कहा कि जिला हिसार में कानून व्यवस्था भंग करने वाले, लूटपाट एवं डकैती जैसी वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। जिला पुलिस हिसार आमजन से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आपराधिक घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Wednesday, May 27, 2026

May 27, 2026

पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित

पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित
जींद : जिला कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माता जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजा सरपंच ने की। श्रद्धांजलि सभा में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, महिला कांग्रेस प्रतिनिधि, युवा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दो मिनट का मौन रखकर की गई। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि पंडित नेहरू ने स्वतंत्र भारत को लोकतांत्रिक मूल्यों, धर्मनिरपेक्षता और वैज्ञानिक सोच के आधार पर आगे बढ़ाने का कार्य किया। उन्होंने देश में आधुनिक शिक्षा, औद्योगिक विकास और वैज्ञानिक संस्थानों की स्थापना कर भारत को नई दिशा देने का काम किया।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पंडित नेहरू ने देश को एकजुट रखने और विकास की राह पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में बड़े बांधों, सार्वजनिक उपक्रमों, आईआईटी, वैज्ञानिक अनुसंधान संस्थानों तथा आधुनिक उद्योगों की नींव रखी गई, जिसका लाभ आज भी देश को मिल रहा है। नेताओं ने कहा कि नेहरू जी केवल एक राजनेता नहीं बल्कि दूरदर्शी विचारक और लोकतंत्र के सच्चे प्रहरी थे।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में पंडित नेहरू के विचारों और सिद्धांतों को अपनाने की आवश्यकता है, ताकि देश में भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक मजबूत किया जा सके।
कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर राष्ट्रहित में कार्य करने तथा कांग्रेस पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
May 27, 2026

आसाराम को राजस्थान हाई कोर्ट ने गैंगरेप और बच्चे के यौन उत्पीड़न के मामले में किया बरी

आसाराम को राजस्थान हाई कोर्ट ने गैंगरेप और बच्चे के यौन उत्पीड़न के मामले में किया बरी
नई दिल्ली : साल 2008 में आसाराम के मुटेरा आश्रम में दो बच्चों की हत्या का मामला सामने आने के बाद लगभग हर राजनीतिक दल के नेताओं ने उनसे दूरी बना ली (फ़ाइल फोटो)
दुष्कर्म मामले में आजीवन कारावास की सज़ा काट रहे आसाराम को बुधवार को राजस्थान हाई कोर्ट से आंशिक राहत मिली है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, कोर्ट ने आईपीसी और पॉस्को क़ानून के तहत गैंगरेप और बच्चे के साथ सामूहिक यौन उत्पीड़न के आरोपों से उन्हें बरी कर दिया.

हालांकि, नाबालिग से रेप के मामले में उनकी सज़ा बरकरार रखी गई, जिसमें उम्रकैद की सज़ा जारी रहेगी.
पीटीआई के मुताबिक़, जस्टिस अरुण मोंगा और जस्टिस योगेंद्र कुमार पुरोहित की डिवीज़न बेंच ने आसाराम को आईपीसी की धारा 376(डी) और पास्को एक्ट की धारा 5(जी)/6 के आरोपों से बरी किया.

कोर्ट ने आपराधिक साज़िश से जुड़ी आईपीसी की धारा 120(बी) के तहत भी उन्हें दोषमुक्त कर दिया.

फिलहाल वह अस्थायी जमानत पर बाहर हैं. सोमवार को उनकी अंतरिम जमानत सात दिन के लिए बढ़ाई गई थी.
*कौन हैं आसाराम?*

अप्रैल 1941 में मौजूदा पाकिस्तान के सिंध इलाके के बेरानी गांव में पैदा हुए आसाराम का असली नाम असुमल हरपलानी है.

सिंधी व्यापारी समुदाय से संबंध रखने वाले आसाराम का परिवार 1947 में विभाजन के बाद भारत के अहमदाबाद शहर में आ बसा.

साठ के दशक में उन्होंने लीलाशाह को अपना आध्यात्मिक गुरु बनाया. बाद में लीलाशाह ने ही असुमल का नाम आसाराम रखा.
1972 में आसाराम ने अहमदाबाद से लगभग 10 किलोमीटर दूर मुटेरा कस्बे में साबरमती नदी के किनारे अपनी पहली कुटिया बनाई.

यहाँ से शुरू हुआ आसाराम का आध्यात्मिक प्रोजेक्ट धीरे-धीरे गुजरात के अन्य शहरों से होता हुआ देश के अलग-अलग राज्यों में फैल गया.
May 27, 2026

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को मिली हरी झंडी, इस रूट पर चलेगी सबसे पहले

Hydrogen Train: देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को मिली हरी झंडी, इस रूट पर चलेगी सबसे पहले 

 सोनीपत : रेल मंत्रालय ने देश की पहली हाइड्रोजन से चलने वाली 10 कोच वाली डी.एम.यू. ट्रेन को जींद और सोनीपत के बीच 75 कि.मी. प्रति घंटे की अधिकतम गति से चलाने की मंजूरी दे दी है। यह ट्रेन डीजल या बिजली आधारित कर्षण के बजाय हाइड्रोजन ईंधन सैल का उपयोग करके विद्युत उत्पादन करेगी। इसकी कुल विद्युत क्षमता 1,200 किलोवाट है और यह डिस्ट्रीब्यूटेड पावर रोलिंग स्टॉक' (डी.पी. आर.एस.) तकनीक पर काम करेगी जिसके तहत विद्युत क्षमता किसी एक लोकोमोटिव में केंद्रित होने के बजाय पूरी ट्रेन में वितरित होती है।

मंत्रालय की यह मंजूरी 'रिसर्च डिजाइन्स एंड आँगनाजंशन स्टैंड इंस (आर.डी.एस.ओ.) से तकनीकी स्वीकृति और रेल सुरक्षा आयुक्त (सी.सी.आर.एस.) द्वारा सुरक्षा परीक्षण के बाद दी गई। उत्तरी रेलवे के महाप्रबंधक को संबोधित स्वीकृति पत्र में आर.डी.एस.ओ. द्वारा जारी अंतिम गति प्रमाण पत्र और अन्य रख-रखाव मानदंडों के साथ-साथ सी.सी.आर.एस. द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का अनुपालन करने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि मंत्रालय की मंजूरी का मतलब यह नहीं है कि परिचालन तुरंत शुरू हो जाएगा, क्योंकि कई अनुपालन प्रक्रियाओं और सत्यापन चरणों को अभी पूरा किया जाना बाकी है।

Tuesday, May 26, 2026

May 26, 2026

हरियाणा में ओटी असिस्टेंट की शैक्षणिक योग्यता बढ़ाई

हरियाणा में ओटी असिस्टेंट की शैक्षणिक योग्यता बढ़ाई 
 एसोसिएशन ने स्वास्थ्य मंत्री का जताया आभार
चंडीगढ - हरियाणा सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं में एक बड़ा सुधार करते हुए ऑपरेशन थिएटर (ओटी) असिस्टेंट की शैक्षणिक योग्यता को बढ़ाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट वेलफेयर एसोसिएशन, हरियाणा ने ओटी असिस्टेंट की योग्यता को "दस जमा दो साइंस" कक्षा उत्तीर्ण से बढ़ाकर "बीएससी ओटी टेक्नोलॉजी" किए जाने के फैसले का स्वागत किया है।

एसोसिएशन के प्रधान राहुल जागलान एवं महासचिव राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव से चंडीगढ़ में विशेष मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए मंत्री का आभार व्यक्त किया। 

एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि यह निर्णय केवल एक शैक्षणिक सुधार नहीं है, बल्कि हरियाणा की सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और मजबूत बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा। इससे सरकारी अस्पतालों में सर्जिकल सेवाओं की गुणवत्ता में बड़ा सुधार होगा तथा मरीजों की सुरक्षा पहले से अधिक सुनिश्चित हो सकेगी।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत अस्पतालों पर कैशलेस सर्जिकल लोड लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में आधुनिक और अत्याधुनिक सर्जिकल उपकरणों के प्रभावी संचालन के लिए तकनीकी रूप से दक्ष स्टाफ की आवश्यकता समय की मांग है। इसी को देखते हुए राज्य सरकार ने "बीएससी ओटी टेक्नोलॉजी" योग्यता लागू करने का निर्णय लिया है। 

उन्होंने कहा कि ऑपरेशन थिएटर किसी भी अस्पताल या मेडिकल संस्थान की "बैक बोन" (रीढ़ की हड्डी) होता है। ओटी असिस्टेंट (OTA) ही इस विभाग के सुचारू, सुरक्षित और प्रभावी संचालन के लिए तकनीकी रूप से योग्य और जिम्मेदार कर्मी होते हैं। आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था में सफल सर्जरी का आधार एक कुशल ऑपरेशन थिएटर टीम होती है, और सरकार का यह निर्णय इस व्यवस्था को और अधिक सक्षम बनाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने एसोसिएशन के सदस्यों से पूरी निष्ठा, समर्पण और पेशेवर दक्षता के साथ जनता की सेवा करने का आह्वान किया है।
May 26, 2026

मेदांता अस्पताल के सहयोग से सुदृढ़ होंगी अटेली क्षेत्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं : आरती सिंह राव

मेदांता अस्पताल के सहयोग से सुदृढ़ होंगी अटेली क्षेत्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं : आरती सिंह राव 
- स्वास्थ्य विभाग और मेदांता फाउंडेशन के बीच होगा समझौता-ज्ञापन 
नारनौल -हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने राज्य के ग्रामीण और कम सेवा वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि हरियाणा स्वास्थ्य विभाग, मेदांता फाउंडेशन के माध्यम से मेदांता अस्पताल के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) करने जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल  अटेली  और कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) फर्रुखनगर व मीरपुर में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (MCH) सेवाओं को अपग्रेड करना और उन्हें और अधिक मजबूत बनाना है।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के अनुसार, यह पूरी सहभागिता पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मोड के तहत संचालित की जाएगी। इस सहयोग के अंतर्गत प्रसूति कक्षों (Labour rooms) और सिजेरियन सेक्शन (C-Section) ओटी सुविधाओं को आधुनिक बनाया जाएगा। नवजात शिशुओं की देखभाल (Neonatal care), उन्नत डायग्नोस्टिक सेवाएं और एम्बुलेंस सहायता सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा ,स्वास्थ्य कर्मचारियों की स्किल और कैपेसिटी बिल्डिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि यह समझौता ज्ञापन (MoU) शुरुआत में तीन वर्षों के लिए प्रस्तावित किया गया है। दोनों पक्षों की आपसी सहमति और संतोषजनक प्रदर्शन के आधार पर इस अवधि को आगे भी बढ़ाया जा सकेगा। 

आरती सिंह राव ने उम्मीद जताई है कि इस एमओयू पर हस्ताक्षर होने के तुरंत बाद अटेली  क्षेत्र में और इसके छह महीने के भीतर फर्रुखनगर और मीरपुर के सीएचसी (CHC) में गुणवत्तापूर्ण मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच में बड़ा सुधार होगा। यह कदम राज्य के पिछड़े या कम सेवा वाले क्षेत्रों में माध्यमिक स्वास्थ्य सेवा वितरण (Secondary healthcare delivery) को सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।
May 26, 2026

अवैध हथियार मामले में हथियार सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार।

अवैध हथियार मामले में हथियार सप्लाई करने  वाला मुख्य  आरोपी गिरफ्तार।
जींद: पुलिस अधीक्षक जींद श्री कुलदीप सिंह आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन में जिला जींद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाई जाए विशेष अभियान की तहत सी.आई.ए स्टाफ जींद की टीम ने अवैध हथियार मामले में एक ओर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है ।

सी.आई.ए जींद के प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि डिटेक्टिव स्टाफ जींद ने गांव इक्कस बस अड्डा से विक्रमजीत उर्फ विक्की वासी पंजाब को अवैध हथियार सहित काबू करके थाना सदर जींद में मुकदमा नंबर 54 दिनांक 19.02.2026 धारा 25(1-B)/29-54-59 आर्म्स एक्ट के  मामला दर्ज करके मामला दर्ज करके आगामी कार्यवाही सी.आई.ए  स्टॉफ जींद को सौंपी गई ।आरोपी विक्रमजीत उर्फ विक्की से गहन पूछताछ की गई, जिसमें उसने खुलासा किया कि उक्त अवैध हथियार उसने नवीन उर्फ तोतला वासी मेहंदा से खरीदा है । दिनांक 26.05.2026 को सी.आई.ए स्टॉफ जींद ने  उप निरीक्षक कुलदीप सिंह के नेतृत्व में आरोपी नवीन उर्फ तोतला वासी मेहंदा को नियमानुसार गिरफ्तार किया ।  आरोपी को माननीय अदालत में पेश करके आगामी कार्यवाही नियमानुसार अमल में लाई जा रही है ।

जींद पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, हथियार तस्करी या संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को दे ।
May 26, 2026

हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया 29 मई को जींद दौरे पर

हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया 29 मई को जींद दौरे पर
जींद : हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया 29 मई को जींद दौरे पर रहेगी। प्राप्त दौरा कार्यक्रम के अनुसार चेयरपर्सन करीब 12 बजे नरवाना में बतौर मुख्यातिथि शहीद भगत सिंह चौक के नजदीक गर्ल्स कराटे अकादमी का उद्घाटन करेगी। चेयरपर्सन उसके बाद करीब 2 बजे जींद जेल का दौरा भी करेगी।
May 26, 2026

पेट्रोल-डीज़ल के बाद सीएनजी के दाम भी बढ़े, दिल्ली-एनसीआर में इतनी हुई क़ीमत

पेट्रोल-डीज़ल के बाद सीएनजी के दाम भी बढ़े, दिल्ली-एनसीआर में इतनी हुई क़ीमत
नई दिल्ली : पेट्रोल-डीज़ल के बाद कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) के दाम भी बढ़ गए हैं. मंगलवार यानी 26 मई को सीएनजी की क़ीमतों में 2 रुपये की बढ़ोतरी की गई है.

अब देश की राजधानी दिल्ली में सीएनजी की क़ीमत 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है. यह 15 मई के बाद चौथी बढ़ोतरी है.

इससे पहले मई के महीने में तीन बार सीएनजी के दाम में बढ़ोतरी की गई है, यह चौथी बार है. 15 मई को दो रुपये, 18 मई को एक रुपये और 23 मई को एक रुपये. इस तरह कुल मिलाकर, पिछले 11 दिनों में क़ीमतें छह रुपये बढ़ाई गई हैं.

कांग्रेस ने एक्स हैंडल पर लिखा, "जनता पर महंगाई मैन मोदी का चाबुक फिर चला. सीएनजी 2 रुपए महंगी कर दी गई. नरेंद्र मोदी अपने अमीर दोस्तों के लिए जनता को लूट रहे हैं."

इससे पहले सोमवार को सरकार ने पेट्रोल की क़ीमतों में प्रति लीटर 2 रुपये 61 पैसे और डीज़ल की क़ीमतों में भी 2 रुपये 71 पैसे की बढ़ोतरी की थी.

पिछले दो हफ़्तों में पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतों में ये चौथी बढ़ोतरी थी.

इस बढ़ोतरी के साथ देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की क़ीमत 102.12 रुपये प्रति लीटर हो गई है. वहीं डीज़ल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.

Monday, May 25, 2026

May 25, 2026

पेट्रोल, डीज़ल के दाम फिर बढ़े, जानिए अब कितने रुपए लीटर मिलेगा

पेट्रोल, डीज़ल के दाम फिर बढ़े, जानिए अब कितने रुपए लीटर मिलेगा
नई दिल्ली: मध्य पूर्व के संकट की असल मार अब भारतीयों पर दिखने लगी है. ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने पिछले दो हफ्तों में चौथी बार पेट्रोल, डीज़ल के दाम बढ़ाए हैं.

पेट्रोल, डीज़ल की कीमतों में यह 10 दिन के भीतर चौथी बढ़ोतरी है.

इस बढ़त के साथ ही राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की क़ीमत 100 रुपए प्रति लीटर पार जा चुकी है.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक दिल्ली में पेट्रोल की कीमतों में प्रति लीटर 2 रुपये 61 पैसे की बढ़ोतरी हुई है. यानी दिल्ली में अब पेट्रोल 102 रुपये 12 पैसे के भाव पर मिलेगा.

डीज़ल की कीमतों में भी प्रति लीटर 2 रुपये 71 पैसे की बढ़ोतरी हुई है. अब दिल्ली में डीज़ल का भाव 95 रुपये 20 पैसे प्रति लीटर हो गया है.

दिल्ली के अलावा कोलकाता में पेट्रोल की कीमतें 2.87 रुपये बढ़कर 113.51 रुपये प्रति लीटर हो गई हैं, जबकि मुंबई में 111.21 रुपये प्रति लीटर.

चेन्नई में प्रति लीटर पेट्रोल की कीमतों में 2 रुपये 46 पैसे की बढ़ोतरी हुई है और अब वहां पेट्रोल का भाव 107 रुपये 77 पैसे हो गया है.

इससे पहले भारत में शनिवार यानी 23 मई को भी पेट्रोल और डीज़ल के दामों में बढ़ोतरी हुई थी.

पेट्रोल 87 पैसे और डीज़ल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ था.

गौरतलब है कि इस महीने सबसे पहले 15 मई को पेट्रोल-डीज़ल के दाम तीन रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए थे. इसके बाद 19 मई को भी क़रीब 90 पैसे की दूसरी बढ़ोतरी हुई.

चार राज्यों- पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में हाल में हुए विधानसभा चुनावों के बाद ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने अपने घाटे की भरपाई के लिए तेल कीमतें बढ़ाने का एलान किया.

चुनाव खत्म होने के बाद सबसे पहले 15 मई को पेट्रोल और डीज़ल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए थे. इसके कुछ ही दिन बाद पेट्रोल के दाम दो बार में 90 पैसे और 94 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई और आज यानी 25 मई को चौथी बार 2 रुपये 61 पैसे की बढ़ोतरी की गई है.

कुल मिलाकर चार बार में ऑयल मार्केटिंग कंपनियां पेट्रोल के भाव प्रति लीटर 7 रुपये 41 पैसे बढ़ा चुकी हैं.

कुछ इसी तरह चार बार में तीन रुपये, 90 पैसे, 91 पैसे और 2 रुपये 71 पैसे की बढ़ोतरी कर डीज़ल कीमतों में 7 रुपये 51 पैसे की बढ़ोतरी हो चुकी है।

Sunday, May 24, 2026

May 24, 2026

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के घर पुलिस तैनात

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के घर पुलिस तैनात
नई दिल्ली: एक सोशल मीडिया कैंपेन 'कॉकरोच जनता पार्टी' चलाने की वजह से अभिजीत दीपके चर्चा में हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के घर के बाहर रविवार को महाराष्ट्र पुलिस तैनात कर दी गई है.
बीबीसी मराठी सेवा के मुताबिक़, अभिजीत दीपके के छत्रपति संभाजीनगर स्थित घर के बाहर पुलिस की तैनाती की पुष्टि एक पुलिस अधिकारी ने की.

छत्रपति संभाजीनगर के पुलिस उपायुक्त पंकज अतुलकर ने कहा, "वरिष्ठ अधिकारियों ने अभिजीत दीपके के घर की सुरक्षा के निर्देश दिए थे, जिसके बाद हमने सुरक्षा प्रदान की है."

उन्होंने बताया, "एक पुलिस वैन और एक अधिकारी को भी वहां तैनात किया गया है. हम वहां क़ानून व्यवस्था बनाए रखने पर पूरा ध्यान देंगे."
*अभिजीत दीपके के घर के बाहर तैनात पुलिस*

इमेज कैप्शन,अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि उन्हें और उनके परिवार को धमकियां मिली हैं
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि उन्हें धमकियां मिली हैं. उन्होंने कुछ स्क्रीनशॉट भी साझा किए हैं.
दीपके ने अपने फ़ेसबुक हैंडल पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें एक युवक उनके और उनके परिवार के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करते हुए दिखाई दे रहा है.

अभिजीत दीपके ने एक्स पर जानकारी दी है कि कॉकरोच जनता पार्टी का इंस्टाग्राम हैंडल फिर से रीस्टोर हो गया है.