Breaking

Friday, July 9, 2021

अशोक तंवर बोले- इन दो लोगों ने सांसद बृजेंद्र को नहीं बनने दिया केंद्र में मंत्री

अशोक तंवर बोले- इन दो लोगों ने सांसद बृजेंद्र को नहीं बनने दिया केंद्र में मंत्री

चंडीगढ़ : अपना भारत मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व सांसद डॉ अशोक तंवर ने कहा है कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भाजपा के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इसी के चलते भाजपा के निर्देश पर हुड्डा बहुत जल्द नई पार्टी का गठन करेंगे और यही वजह हैं कि कांग्रेसी विधायक कुमारी सैलजा का लगातार विरोध कर रहे हैं ताकि हुड्डा को नई पार्टी बनाने का बहाना मिल सके।
अशोक तंवर गुरुवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में रहते हुए चौधरी बीरेंद्र सिंह को कभी केंद्र में मंत्री नहीं बनने देने वाले भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अब मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ मिलकर सांसद ब्रिजेन्द्र सिंह को केंद्र में मंत्री नहीं बनने दिया।
उन्होंने कहा कि केंद्र ने मंत्रिमंडल विस्तार के समय हरियाणा में हिस्सा बढ़ोतरी की बजाए एक मात्र दलित केंद्रीय मंत्री रतन लाल कटारिया को हटाकर कटौती कर हरियाणा का अपमान किया है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के साथ साथ कल केंद्रीय मंत्री मंडल में हरियाणा से एक भी प्रतिनिधि और सांसद को शामिल न करके ये साबित कर दिया कि भाजपा के मंत्री और सांसद निक्कमे और नकारा है।
अशोक तंवर ने हुड्डा का नाम लिए बगैर कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने रोहतक लैंड डील को पूर्व सीएम के संबंध में सराहनीय फैसला किया है लेकिन इस पूरे मामले में भाजपा कटघरे में खड़ी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों ने वर्ष 2014 में भाजपा को उस समय के भ्रष्ट सिस्टम के खिलाफ वोट दी थी लेकिन सात साल बाद भी भाजपा ने दस साल राज करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की। इसी बात से पता चलता है कि इनकी भाजपा से सांठगांठ है और ऐसे लोग आज भी खुलेआम घूम रहे हैं।

हरियाणा कांग्रेस में मचे घमासान पर बोलते हुए अशोक तंवर ने कहा कि कुछ लोग अनुशासनहीनता को अपना जन्मसिद्ध अधिकार मानते हैं और यही गुटबाजी की बड़ी वजह है। यह सब भाजपा के इशारे पर हो रहा है।
उन्होंने कहा कि जब वह कांग्रेस अध्यक्ष थे तो कुमारी सैलजा ने कभी उनका साथ नहीं दिया इसके बावजूद उनका मानना है कि सैलजा फ़िलहाल पूरी तरह से सुरक्षित हैं और उन्हें नहीं बदला जाएगा।
उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि संकट और संघर्ष के समय में उनकी भावनाएं उनके साथ है। इस अवसर पर मोर्चे के वरिष्ठ नेता पवन वालिया, नरेश मग्गू, संजीव चौधरी, जेडी सिंह समेत कई नेता मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment