Breaking

Wednesday, May 3, 2023

*कुरुक्षेत्र में CM की बड़ी घोषणा:BPL कार्ड के लिए बिजली बिल की लिमिट होगी 12 हजार, लोगों को इसी महीने से मिलेगा राशन*

*कुरुक्षेत्र में CM की बड़ी घोषणा:BPL कार्ड के लिए बिजली बिल की लिमिट होगी 12 हजार, लोगों को इसी महीने से मिलेगा राशन*
BPL कार्ड के लिए बिजली बिल की लिमिट होगी 12 हजार, लोगों को इसी महीने से मिलेगा राशन
ग्रामीणों से जनसंवाद करते मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर।
हरियाणा CM मनोहर लाल खट्‌टर ने कुरुक्षेत्र जिले के गांव अभिमन्युपुर में जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान BPL राशन कार्ड को लेकर बड़ी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में BPL राशन कार्ड बनवाने के लिए बिजली के बिल की लिमिट 9 हजार की बजाय 12 हजार रुपए होगी।
यानि वार्षिक बिजली बिल 12 हजार से कम आए तो लोग BPL कार्ड बनवा सकेंगे। ऐसे में अब 9 हजार से अधिक और 12 हजार से कम तक के बिजली बिल वाले परिवार, जिनका BPL राशन कार्ड कट गया है, उनको इसी महीने से राशन मिलने लगेगा और नया राशन कार्ड भी मिल जाएगा।
अभिमन्युपुर में खुला दरबार लगाकर सुनी लोगों की समस्याएं
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अभिमन्युपुर गांव खुला दरबार लगाकर आम जनता की समस्याएं सनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार के पास एक सर्वे की रिपोर्ट यह थी कि 9 हजार रुपए तक के वार्षिक आय वाले परिवारों की औसत आय 1 लाख 80 हजार रुपए है, लेकिन अब सरकार ने तय किया है कि जिन परिवारों का कुल वार्षिक बिजली बिल 12 हजार है, उनकी औसत आय 1 लाख 80 हजार रुपए मानी जाएगी।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल का स्वागत करते भाजपा कार्यकर्ता 
मुख्यमंत्री मनोहर लाल का स्वागत करते भाजपा कार्यकर्ता।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यह भी घोषणा की कि कल से ही सभी संबंधित विभागों के जरिए यह संदेश लाभार्थियों तक पहुंचा दिया जाएगा। हालांकि इस दौरान गांव वालों की मांग पर सीएम ने अभिमन्युपुर के लिए 21 खिलाड़ियों की साइकिल नर्सरी को भी मंजूरी दी।
दूसरे दिन गांव धुराला से की जनसंवाद कार्यक्रम की शुरुआत
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर का आज कुरुक्षेत्र दौरे का दूसरा दिन था। दूसरे दिन उन्होंने तीन दिवसीय जनसंवाद कार्यक्रम की शुरुआत गांव धुराला से की। जहां उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनी। इस दौरान CM मनोहर लाल ने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रमों में सरपंचों के माध्यम से विकास कार्यों की जो भी मांगें लिखित रूप में प्राप्त होंगी, उन सभी कार्यों को पूरा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हरियाणा में आधारभूत विकास की तरफ ध्यान दिया जा रहा है। सड़क, कॉलेज, विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ोतरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों को सीधा मिल रहा है। लोगों को किसी भी योजना के लाभ के लिए लाइनों में नहीं खड़ा होना पड़ता, सभी प्रकार के लाभ ऑनलाइन मिल रहे हैं।
गांव धुराला में जनसंवाद कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनते मुख्यमंत्री मनोहर लाल 
गांव धुराला में जनसंवाद कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनते मुख्यमंत्री मनोहर लाल।
कुरुक्षेत्र जिले में 44 हजार नए राशन कार्ड बनाए
मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार पहचान पत्र के माध्यम से सरकार द्वारा सब परिवारों का डाटा इकट्‌ठा किया गया है। 1 लाख 80 हजार रुपए से कम सालाना आय वाले परिवारों के स्वत: ही राशन कार्ड बनाए गए हैं। इसके लिए सबसे पहले पायलट प्रोजेक्ट के तहत कुरुक्षेत्र जिले का ही चयन किया गया था। कुरुक्षेत्र जिले में 44 हजार नए राशन कार्ड बनाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि गांव धुराला में 2654 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। यही नहीं इनमें से 523 लोगों ने इस योजना के तहत फायदा उठाया है। सरकार की ओर से 52 लाख 23 हजार रुपए की राशि खर्च की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की बुनियाद मजबूत करने के लिए प्रदेश सरकार प्ले-वे स्कूल खोल रही है। धुराला गांव में भी प्ले-वे स्कूल खोले जाएंगे।
उन्होंने कहा कि धुराला गांव में नालियों-गलियों इत्यादि कार्यों के लिए पिछले वित्त वर्ष में 1 करोड़ 15 लाख रुपए विकास कार्यों के लिए खर्च किए गए हैं।
सरपंच की मांग पर सामुदायिक भवन की घोषणा
मुख्यमंत्री ने दूसरा जनसंवाद ज्योतिसर गांव में किया। इस दौरान CM ने ज्योतिसर की सरपंच नेहा शर्मा की मांग पर सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा की। वहीं, मुख्यमंत्री ने रावगढ़ के सरपंच को ई-टेंडरिंग का ब्रांड एंबेस्डर बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि गरीब व जरूरतमंद परिवारों के लिए प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई आयुष्मान भारत योजना के तहत ज्योतिसर में 3524 आयुष्मान कार्ड बने हैं।
इनमें से 672 कार्ड धारकों ने मुफ्त इलाज की सुविधा का लाभ उठाया है। इस पर सरकार की ओर से 1.32 करोड़ रुपए की राशि खर्च हुई है।
भारत ने कई देशों की मदद की: CM
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बड़ी-बड़ी समस्याओं के हल के लिए दुनिया भारत की तरफ देखती है। भारत ने भी कई देशों को मदद के लिए हाथ बढ़ाए। वहीं देश को उज्ज्वला योजना भाजपा सरकार की ही देन है। अब सिलेंडर के लिए लोगों को लाइन नहीं लगानी पड़ती। लोग खुद इसके गवाह हैं।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान मिलने आए एक बुजुर्ग से वार्तालाप करते CM मनोहर लाल। 
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान मिलने आए एक बुजुर्ग से वार्तालाप करते CM मनोहर लाल।
दिन की शुरुआत मंदिर से पूजा अर्चना से की
बता दें कि मुख्यमंत्री ने धुराला गांव में पहला जनसंवाद करने से पहले महर्षि मारकंडेश्वर मंदिर में भगवान शिव की पूजा अर्चना की और आशीर्वाद लिया। जिसके बाद मुख्यमंत्री लोगों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं।
आगामी चुनाव के लिए मजबूत कर रहे पृष्ठभूमि
दरअसल, मुख्यमंत्री अपने जन संवाद कार्यक्रम के तहत 2024 लोकसभा चुनाव के लिए लोगों की नब्ज टटोल रहे हैं, क्योंकि पिछले काफी समय से देखने में आया है कि पहले किसान आंदोलन के चलते और फिर ई-टेंडरिंग के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा का काफी विरोध हो रहा था। इसलिए जनसंवाद कार्यक्रम के जरिए मुख्यमंत्री आने वाले चुनाव के लिए ग्रामीण पृष्ठभूमि को मजबूत करने में जुटे हुए हैं।

No comments:

Post a Comment