Breaking

Saturday, June 24, 2023

भाजपा के सामने नतमस्तक है कांग्रेस: डॉ अशोक तंवर

*भाजपा के सामने नतमस्तक है कांग्रेस: डॉ अशोक तंवर*
*सफीदों/जींद, 24 जून* ( संजय कुमार) आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने शनिवार को गांव छापर और नंगूरा में कार्यकर्ताओं के साथ जनसंवाद किया, इसके बाद उन्होंन विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि इस झुलसा देने वाली गर्मी में लग रहे बिजली के अघोषित कटों से प्रदेश के लोगों में रोष है। जिस तरीके से बिजली विभाग और खट्टर सरकार को काम करना चाहिए था वह नहीं हुआ। प्रदेश में बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं है। खट्टर सरकार को लोगों की परेशानी से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कांग्रेस की चंडीगढ़ बैठक पर निशाना साधते हुए कहा कि सिर मंडवाते ही ओले पड़ गए। पहले तो कांग्रेस वाले बैठक करते नहीं, करते हैं तो आपस में लड़ पड़ते हैं। चंडीगढ़ बैठक में भी वही हुआ।
उन्होंने कहा कि सीईटी पास सभी अभ्यार्थियों को परीक्षा देने का मौका मिलना चाहिए। क्योंकि हरियाणा बेरोजगारी के मामले में नंबर वन है। यहां युवाओं को रोजगार की ज्यादा आवश्यकता है। लेकिन केवल 4 गुना सीईटी पास अभ्यर्थियों को ही मौका देना और बाकियों को नहीं बुलाना गलत है। खट्टर सरकार में बेरोजगारी दर बहुत ज्यादा बढ़ गई है। अब प्रदेश की जनता को अच्छे नेतृत्व की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि पुरानी पेशन बहाली को लेकर प्रदेश के सभी कर्मचारियों और संगठनों ने मिलकर साइकिल यात्रा निकाली। आम आदमी पार्टी उसका समर्थन करती है कि पुरानी पेंशन बहाल होनी चाहिए। क्योंकि बुजुर्ग होने के बाद काफी परेशानियां उनको झेलनी पड़ती है और पेंशन उनकी मदद करती है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के पास प्रदेश के लिए बहुत अच्छा प्लान है कि किस प्रकार बेहतर शिक्षा गांव के बच्चों तक पहुंचा सकें और प्रदेश के 65 प्रतिशत युवाओं को शिक्षा के माध्यम से कैसे सशक्त बना सकें। इसी से बेरोजगारी भी दूर होगी। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली और पंजाब में बिजली मुफ्त दी, अच्छे स्कूल-कॉलेज बनवाए। सरकारी स्कूलों के बच्चे नीट पास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को अब सुझबूझ के साथ फैसला करना है और प्रदेश में एक मौका आम आदमी पार्टी को देना है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का जिला स्तर के संगठन का ऐलान हो चुका है। जल्द ही ब्लॉक स्तर और गांव स्तर के संगठन का ऐलान किया जाएगा। उसके बाद प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सक्रीयता और बढ़ जाएगी। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा के अध्यादेश के खिलाफ जब तक कांग्रेस का रूख स्पष्ट नहीं होता आम आदमी पार्टी विपक्ष के दलों के साथ किसी बैठक में शामिल नहीं होगी। कांग्रेस पंजाब और दिल्ली में निपट चुकी है व हरियाणा में कांग्रेस का सुर्यास्त हो चुका है।
उन्होंने कहा कि भाजपा आम आदमी पार्टी के कार्यकताओं से डरी हुई है। उनका कोई भी कार्यक्रम हो तो आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जाता है। क्योंकि वह प्रदेश के लोगों की आवाज उठाते हैं और कांग्रेस कार्यकताओं को इसलिए गिरफ्तार नहीं किया जाता, क्योंकि कांग्रेस भाजपा के सामने नतमस्तक है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ऐसे ही भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी प्रदेश और देश में लगातार बढ़ रही है। 2024 में आम आदमी पार्टी किसान, मजदूर और आम जनता की मूलभूत सुविधाओं को लेकर चुनाव के मैदान में उतरेगी। 2024 में प्रदेश की जनता बीजेपी जेजेपी सरकार को सबक सिखाते हुए आम आदमी पार्टी की सरकार बनाएगी।

No comments:

Post a Comment