Breaking

Showing posts with label Poltical News. Show all posts
Showing posts with label Poltical News. Show all posts

Friday, July 9, 2021

July 09, 2021

अशोक तंवर बोले- इन दो लोगों ने सांसद बृजेंद्र को नहीं बनने दिया केंद्र में मंत्री

अशोक तंवर बोले- इन दो लोगों ने सांसद बृजेंद्र को नहीं बनने दिया केंद्र में मंत्री

चंडीगढ़ : अपना भारत मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व सांसद डॉ अशोक तंवर ने कहा है कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भाजपा के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इसी के चलते भाजपा के निर्देश पर हुड्डा बहुत जल्द नई पार्टी का गठन करेंगे और यही वजह हैं कि कांग्रेसी विधायक कुमारी सैलजा का लगातार विरोध कर रहे हैं ताकि हुड्डा को नई पार्टी बनाने का बहाना मिल सके।
अशोक तंवर गुरुवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में रहते हुए चौधरी बीरेंद्र सिंह को कभी केंद्र में मंत्री नहीं बनने देने वाले भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अब मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ मिलकर सांसद ब्रिजेन्द्र सिंह को केंद्र में मंत्री नहीं बनने दिया।
उन्होंने कहा कि केंद्र ने मंत्रिमंडल विस्तार के समय हरियाणा में हिस्सा बढ़ोतरी की बजाए एक मात्र दलित केंद्रीय मंत्री रतन लाल कटारिया को हटाकर कटौती कर हरियाणा का अपमान किया है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के साथ साथ कल केंद्रीय मंत्री मंडल में हरियाणा से एक भी प्रतिनिधि और सांसद को शामिल न करके ये साबित कर दिया कि भाजपा के मंत्री और सांसद निक्कमे और नकारा है।
अशोक तंवर ने हुड्डा का नाम लिए बगैर कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने रोहतक लैंड डील को पूर्व सीएम के संबंध में सराहनीय फैसला किया है लेकिन इस पूरे मामले में भाजपा कटघरे में खड़ी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों ने वर्ष 2014 में भाजपा को उस समय के भ्रष्ट सिस्टम के खिलाफ वोट दी थी लेकिन सात साल बाद भी भाजपा ने दस साल राज करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की। इसी बात से पता चलता है कि इनकी भाजपा से सांठगांठ है और ऐसे लोग आज भी खुलेआम घूम रहे हैं।

हरियाणा कांग्रेस में मचे घमासान पर बोलते हुए अशोक तंवर ने कहा कि कुछ लोग अनुशासनहीनता को अपना जन्मसिद्ध अधिकार मानते हैं और यही गुटबाजी की बड़ी वजह है। यह सब भाजपा के इशारे पर हो रहा है।
उन्होंने कहा कि जब वह कांग्रेस अध्यक्ष थे तो कुमारी सैलजा ने कभी उनका साथ नहीं दिया इसके बावजूद उनका मानना है कि सैलजा फ़िलहाल पूरी तरह से सुरक्षित हैं और उन्हें नहीं बदला जाएगा।
उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि संकट और संघर्ष के समय में उनकी भावनाएं उनके साथ है। इस अवसर पर मोर्चे के वरिष्ठ नेता पवन वालिया, नरेश मग्गू, संजीव चौधरी, जेडी सिंह समेत कई नेता मौजूद थे।
July 09, 2021

सिरसा ब्रांच नहर से घसो के जलघर में 196 लाख रुपए में पहुंचा पानी

सिरसा ब्रांच नहर से घसो के जलघर में 196 लाख रुपए से पहुंचा पानी
-घसो कलां, घसो खुर्द में पीने के पानी की किल्लत होगी दूर, हर समय पानी से भरेंगे टैंक

जींद, 8 जुलाई ( संजय कुमार ) सिरसा ब्रांच नहर से घसो के जलघर तक जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगभग  7 किलोमीटर पाइप लाइन बिछा कर जलघर में बने टैंकों में पानी पहुंचाया है। दोनों गांव में पीने के पानी की किल्लत को दूर करने के लिए सिरसा ब्रांच नहर से पाइप लाइन बिछा कर पानी पहुंचाने की मांग की जाती रही है। इस मांग पर बीती भाजपा सरकार में काम शुरू हो गया था। अब पाइप लाइन का कार्य पूरा होने के बाद जलघर में सिरसा ब्रांच नहर से पानी पहुंच रहा है। जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा पाइप लाइन से लेकर अन्य कार्य पर 196 लाख की राशि खर्च की गई है।  
घसो कलां के संदीप, दिलवार, अमरजीत, घसो खुर्द के रणबीर, राजेश, सुशील, राजीव, सुभाष ने कहा कि काफी लंबे समय से सिरसा ब्रांच से पाइप लाइन से गांव के जलघर में बने टैंक में पानी पहुंचाने की मांग करते आ रहे है। बीती सरकार में तत्कालीन विधायक प्रेमलता, तत्तकालीन केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह द्वारा मांग को सीएम मनोहर लाल से पूरी करवाई। पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू हो गया था जो अब पूरा हो गया है। सिरसा ब्रांच से नहर का पानी आने से जो जलघर में टैंक है वो खाली नहीं होंगे।
उन्होंने कहा कि पीने के पानी की किल्लत घसो कलां, घसो खुर्द में बहुत पुरानी है। इस किल्लत को दूर करने का काम बीती सरकार में विधायक रही प्रेमलता सिंह द्वारा किया गया। सांसद बृजेंद्र सिंह द्वारा निरंतर इस पाइप लाइन को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क साधा गया। अब यह काम पूरा हो गया है। जन स्वास्थ्य विभाग की एसडीओ सुनीता ने बताया कि करीब 196 लाख रुपए की राशि हुई है। पाइप लाइन से घसो जलघर में पानी पाइप लाइन से सिरसा ब्रांच का पहुंच रहा है।
July 09, 2021

तिरंगा यात्रा के बहाने फील्ड में उतरेगी मनोहर सरकार

तिरंगा यात्रा के बहाने फील्ड में उतरेगी मनोहर सरकार
चंडीगढ़ : पिछले करीब आठ माह से किसान आंदोलन के चलते फील्ड में उतरने से गुरेज कर रही मनोहर सरकार ने जनता के बीच जाने के लिए नया कार्यक्रम तैयार कर लिया है। भाजपा के सभी नेता, विधायक और मंत्री अगस्त माह के पहले पखवाड़े के दौरान प्रदेश में तिरंगा यात्रा निकालेंगे।

*साइकिल, बाइक और ट्रैक्टर यात्रा भी निकलेंगी*
 मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में बुधवार को हुई विधायक दल की बैठक में यह फैसला लिया गया। इस यात्रा के दौरान भाजपा के नेता एवं विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में पैदल मार्च के अलावा साइकिल, बाइक और ट्रैक्टर यात्रा भी निकालेंगे। आठ माह से चल रहे किसान आंदोलन के बीच सरकार का यह पहला बड़ा आयोजन होगा। इस बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह व कृष्णपाल गुर्जर भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बैठक से जुड़े। बैठक में तिरंगा यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया। एक पखवाड़े में प्रदेश के सभी नब्बे विधानसभा क्षेत्रों को कवर करने का निर्णय लिया है। तिरंगा यात्रा का नेतृत्व सीएम मनोहर लाल खट्टर के अलावा केंद्र व राज्य सरकार के मंत्री व वरिष्ठ नेता करेंगे।

संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा गठबंधन सरकार के मंत्रियों, विधायकों व नेताओं के कार्यक्रमों का विरोध किया जा रहा है। कई बार टकराव भी हो चुका है। किसान आंदोलन के अलावा कोरोना संक्रमण की वजह से भी मंत्रियों-विधायकों के कार्यक्रम रुके हुए थे। विभिन्न जिलों में मंत्रियों द्वारा ग्रीवेंस कमेटी की बैठकें भी नियमित रूप से नहीं हो पा रही थी। अब तिरंगा यात्रा के बहाने गठबंधन सरकार सडक़ों पर नजऱ आएगी।

*प्रदेश वासियों को भी किया जाएगा यात्रा में शामिल*

तिरंगा यात्रा में आम लोगों को भी जोड़ा जाएगा। सरकार के इस कदम को किसानों के विरोध को कम करने से भी जोडकऱ देखा जा रहा है। सरकार यह मानकर चल रही है कि तिरंगा यात्रा का विरोध किसान नहीं करेंगे। इस बैठक में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ के अलावा पार्टी के सभी सांसद तथा जिला अध्यक्ष भी जुड़े। बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, संगठन महामंत्री रविंद्र राजू, प्रदेश महामंत्री – एडवोकेट वेदपाल, मोहन लाल बड़ौली व डॉ़ पवन सैनी भी मौजूद रहे।

Thursday, July 8, 2021

July 08, 2021

नमो-2 कैबिनेट में शामिल मंत्रियों को प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने दी बधाई

*नमो-2 कैबिनेट में शामिल मंत्रियों को प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने दी बधाई*

*पीएम मोदी के सशक्त नेतृत्व में नये सहयोगियों की राष्ट्र निर्माण में*
*रहेगी अहम भूमिका: बोले धनखड़*
चंडीगढ़ : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष औम प्रकाश धनखड़ ने नरेंद्र मोदी
-2 सरकार के प्रथम मंत्रिमंडल विस्तार में शामिल हुए नए मंत्रियों को बधाई देते हुए उनके सफलकार्यकाल की कामना की है। धनखड़ ने कहा कि देश के सशक्त एवं ओजस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण के कार्य करना अपने आप सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में आज शामिल हुए सभी मंत्रीगण राष्ट्र निर्माण में अपनी अहम भूमिका अदा करेंगे।
धनखड़ ने नमो-2  कैबिनेट में शामिल होने पर हरियाणा निवासी और राजस्थान से राज्यसभा सांसद भूपेंद्र यादव, प्रदेश की मौजूदा सह प्रभारी एवं झारखंड से सांसद  अन्नपूर्णा देवी, नई दिल्ली से सांसद मीनाक्षी लेखी, उत्तराखंड के नैनीताल उद्वम सिंह नगर से सांसद अजय भट्ट और कैबिनेट में राज्य मंत्री से बतौर कैबिनेट मंत्री बने किसान मोर्चा के प्रभारी रहे पुरुषोत्तम रूपाला, हिमाचल से सांसद अनुराग ठाकुर, किरेन रिजिजू, मनसुख मांडविया, हरदीप पुरी सहित नये मंत्रियों और राज्य मंत्री से बतौर कैबिनेट मंत्री प्रोमोट हुए सभी को बधाई और शुभकामनाएं दी।
धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कैबिनेट बदलाव में अनुभव, महिलाओं व  युवा शक्ति सहित समाज के सभी वर्गो को स्थान मिला है। भाजपा की नीति सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास को सार्थक किया है। समाज के सभी वर्गों की केंद्रीय मंत्रिमंडल भागीदारी देश के विकास को नई गति देने का काम करेगी। भाजपा सभी को साथ लेकर चलती है । धनखड़ ने कहा कि भाजपा की नीति और नियत में राष्ट्रहित सर्वोपरि है। आज के मंत्रिमंडल बदलाव  में भी यह झलक स्पष्टï रूप से प्रतीत होती है।

Wednesday, July 7, 2021

July 07, 2021

केंद्रीय मंत्री रतनलाल कटारिया का इस्तीफा, सुनीता दुग्गल बन सकती मंत्री, पीएम आवास पहुंचीं

केंद्रीय मंत्री रतनलाल कटारिया का इस्तीफा, सुनीता दुग्गल बन सकती मंत्री, पीएम आवास पहुंचीं
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कैबिनेट विस्‍तार से पहले ही केंद्रीय मंत्री रतनलाल कटारिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कटरिया अंबाला लोकसभा से सांसद हैं। वहीं कटरिया के इस्तीफे के बाद अब सिरसा लोकसभा से सांसद सुनीता दुग्गल का मंत्री बनना लगभग तय हो गया है। वह प्रधानमंत्री मोदी से मिलने उनके आवास पहुंच चुकी हैं। अभी माेदी कैबिनेट में हरियाणा से तीन मंत्री थे इनमें फरीदाबाद से सांसद कृष्णपाल गुर्जर और गुरुग्राम से सांसद राव इंद्रजीत सिंह और रतनलाल कटारिया मंत्री थे। वहीं अब रतनलान कटारिया ने इस्तीफा दे दिया है। बता दें कि सुनीता दुग्गल को भाजपा ने सिरसा से 2019 में टिकट दिया था। तब वे अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की चेयरमैन के रूप में सेवाएं दे रही थीं। सुनीता दुग्गल खुद आयकर अधिकारी रही हैं तो उनके भाई सुमित कुमार एचसीएस अधिकारी हैं। सुनीता दुग्गल के पति राजेश दुग्गल एचपीएस अधिकारी हैं। राजेश दुग्गल भाजपा सरकार में ही कई जिलों में बतौर पुलिस अधीक्षक सेवाएं दे चुके हैं।

 ‍

Tuesday, July 6, 2021

July 06, 2021

महेंद्रगढ़ को अलवर-दादरी रेलमार्ग से जोड़ने की मांग

महेंद्रगढ़ को अलवर-दादरी रेलमार्ग से जोड़ने की मांग : पूर्व मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा 
महेंद्रगढ़ : हरियाणा भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने रेल मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर चरखी दादरी से अलवर वाया महेंद्रगढ़ नारनौल रेल मार्ग से जोड़ने की मांग की है। रामबिलास शर्मा ने पत्र में मांग की है कि उनके विधानसभा महेंद्रगढ़ के लोगों की समय-समय पर मांग रही है कि यह क्षेत्र सैनिक बाहुल्य क्षेत्र है, जिसमें भारी संख्या में सैनिक व अर्द्ध सैनिक सेना में रहकर देश की सेवा कर रहे हैं। साथ ही महेंद्रगढ़ जिला शिक्षा के क्षेत्र में बहुत बड़ा हब है। जहां पर दूसरे प्रदेशों व हरियाणा के अलग-अलग जिलों से बच्चे एवं युवा शिक्षा ग्रहण करने के लिए आते-जाते रहते हैं। इसलिए लोगों की सुविधा के लिए दादरी से अलवर वाया महेंद्रगढ़, नारनौल रेल मार्ग से जुड़ने के लिए रेलवे लाइन का सर्वे करवाकर इस क्षेत्र को रेलवे लाइन से जोड़ा जाए।

 ‍

Sunday, July 4, 2021

July 04, 2021

भाजपा नेता से मांगी दो करोड़ की रंगदारी

घर में घुसकर जान से मारने की धमकी, भाजपा नेता से मांगी दो करोड़ की रंगदारी
गुरुग्राम ;  भाजपा नेता और पूर्व जिला पार्षद राजकुमार चौहान से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। सेक्टर-10ए थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर रंगदारी मांगने वालों की पहचान करनी शुरू कर दी है। क्राइम ब्रांच की टीम भी जांच में जुट गई है। पहले यह पता किया जा रहा है कि रंगदारी कहीं किसी का नाम लेकर तो नहीं मांगी गई। जानकारी सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई तेज की जाएगी। शिकायत के मुताबिक राजकुमार चौहान के पास शुक्रवार शाम लगभग साढ़े सात बजे उनके जानकार सोमपाल ने फोन किया। उन्होंने बताया कि उनके पास गांव हरसरू निवासी नरेंद्र उर्फ भंडी एवं भिवानी जिले के गांव बोंद निवासी डब्बू उर्फ काना ने फोन करके पूछा कि राजकुमार चौहान कहां है। इतना सुनते ही राजकुमार चौहान ने सीधे नरेंद्र उर्फ भंडी को फोन लगा दिया। उसने फोन काटकर वाट्सएप से काल बैक की।
राजकुमार चौहान ने पूछा कि किस बात के लिए उनके बारे में पूछताछ कर रहे हो। इस पर भंडी एवं डब्बू ने कहा कि जहां पर हो दो करोड़ का इंतजाम करके पहुंचा दो अन्यथा तेरे घर में घुसकर जान से मार देंगे। दोनों ने कहा कि वे आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। शिकायत सामने आते ही मामला दर्ज कर सेक्टर-10ए थाना पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
राजकुमार चौहान का कहना है कि भंडी एवं काना दोनों से उन्हें व उनके परिवार को खतरा है। उनका कहना है कि दोनों हत्या सहित कई मामलों में आरोपित हैं। इस बारे में सेक्टर-10ए थाना प्रभारी सुनील कुमार का कहना है कि आरोपितों के आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है। साथ-साथ यह भी पता किया जा रहा है कि आरोपितों का नाम लेकर किसी और ने तो फोन नहीं किया था। आरोपितों के साथ शिकायतकर्ता का कोई लेन-देन तो नहीं। एक साथ कई एंगल से जांच की जा रही है। जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी। प्रारंभिक छानबीन के मुताबिक राजकुमार चौहान का कई साल पहले भंडी के साथ कारोबार था।