Breaking

Friday, November 8, 2024

November 08, 2024

एनसीबी हरियाणा द्वारा जींद ज़िले में नशे के विरुद्ध एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम

एनसीबी हरियाणा द्वारा जींद ज़िले में नशे के विरुद्ध एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम

नशा होता अच्छा तो माँ कहती खा ले मेरे बच्चा- डॉ. अशोक कुमार वर्मा  
जींद : हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो प्रमुख/ पुलिस महानिदेशक श्री ओपी सिंह साहब के दिशानिर्देशों एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती पंखुरी कुमार के मार्गदर्शन में नशे के विरुद्ध प्रतिदिन जागरूकता कार्यक्रम किये जा रहे हैं। इस कड़ी में आज जींद के राजकीय उच्च विद्यालय दुडाना में नशे के विरुद्ध एक दिवसीय 29 वां जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें 98 विद्यार्थियों और 9 शिक्षकों ने भाग लिया। ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/ उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध जागरूक करते हुए बताया कि सामान्य रूप से नशा दो प्रकार का हो सकता है- एक प्रतिबंधित और दुसरा चेतावनी युक्त। यद्यपि दोनों प्रकार के नशे बहुत ही घातक हैं तो भी प्रतिबंधित नशे बहुत अधिक हानिकारक हैं जो मनुष्य के मस्तिष्क के साथ साथ उसके शरीर को भी कमजोर करते हैं और मनुष्य थोड़े ही समय में मृत्यु को प्राप्त होता है। डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि नशे से दूर रहकर ही हम एक स्वस्थ जीवन व्यतीत कर सकते हैं। प्रतिबंधित नशे पर चर्चा करते हुए डॉ. वर्मा ने बताया कि यह नशा रखना, सेवन करना, क्रय विक्रय करना, उत्पादन करना और निर्माण करना दंडनीय अपराध है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा वर्ष 1985 में एनडीपीएस एक्ट बनाकर अफीम चरस हेरोइन भांग एलएसडी सुल्फा आदि पर प्रतिबंध लगाया है। यदि ये नशे मनुष्य के लिए अच्छे होते तो सबसे पहले माँ खाने को देती। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित नशे के बेचने वाले लोगों की गुप्त सूचनाएं 9050891508 पर निर्भीकता से दें। अंत में शपथ ग्रहण करवाई गयी और मुख्याध्यापक जगदीश चंद्र ने धन्यवाद किया।
November 08, 2024

यूपी में पुरुष टेलर नहीं ले सकेंगे महिलाओं के कपड़ों का माप! सभी जिलों को भेजे गए आदेश

यूपी में पुरुष टेलर नहीं ले सकेंगे महिलाओं के कपड़ों का माप! सभी जिलों को भेजे गए आदेश
उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए यूपी महिला आयोग ने अहम दिशा निर्देश प्रस्तावित किए हैं जिसके तहत पुरुष दर्जी को महिलाओं के कपड़ों का माप लेने की मनाही की गई है। बुटीक सेंटर्स पर महिलाओं के कपड़ों का माप पुरुषों की बजाय महिलाओं द्वारा लिया जाएगा। इससे संबंधित आदेश सभी जिलों को भी जारी कर दिए गए हैं।
महिला आयोग के दिशा निर्देशों को मुताबिक बुटीक सेंटर्स पर महिलाओं के कपड़ों का माप पुरुषों के बजाय महिलाएं लेंगी। इसके साथ ही जिम को लेकर भी ऐसे ही नियम तय किए गए हैं। महिलाओं के लिए जिम संचालकों को महिला ट्रेनर भी रखनी होंगी। सभी जिलों को महिला आयोग के इन दिशा निर्देशों के क्रियान्वयन को कहा गया है। 
*महिलाओं का माप नहीं लेंगे पुरुष दर्जी*

बुटीक में महिलाओं का माप लेने के लिए महिला दर्जी को नियुक्त करना होगा। इसके साथ ही बुटीक में सीसीटीवी लगाए जाएं।  महिलाओं के लिए विशेष कपड़े बेचने वाले स्टोर में ग्राहकों की सहायता के लिए महिला कर्मचारियों की नियुक्ति करनी होगी। कोचिंग सेंटर में भी सीसीटीवी और महिलाओं के लिए शौचालय होना जरूरी है। ये तमाम नियम महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तय किए गए हैं।
इस बारे में जिला प्रोबेशन अधिकारी शामली हामिद हुसैन ने बताया कि 28 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की बैठक हुई थी, जिसमें महिलाओं की सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के संरक्षण को देखते हुए कई अहम फैसले लिए गए हैं। जिनका क्रियान्वयन किया जाना है।इसके तहत कहा गया है कि महिला जिम/योगा सेन्टर में, महिला ट्रेनर होना चाहिए। ट्रेनर एवं महिला जिम का सत्यापन कराना भी जरूरी है। 
इसके अलावा महिला जिम या योगा सेन्टर में प्रवेश के समय अभ्यर्थी के आधार कार्ड/निर्वाचन कार्ड जैसे पहचान पत्र से सत्यापन कर उसकी कॉपी सुरक्षित रखना अनिवार्य है। इन जगहों पर सीसीटीवी और डीवीआर सक्रिय होना अनिवार्य है। स्कूल बस में महिला सुरक्षाकर्मी अथवा महिला टीचर का होना अनिवार्य है।  नाट्य कला केन्द्रों में महिला डांस टीचर और सीसीटीवी होने आवश्यक हैं। जनपद की सभी शिक्षण संस्थाओं का सत्यापन होना चाहिये। महिलाओं से संबंधित कपड़ों की दुकान पर महिला कर्मचारी की नियुक्ति भी अनिवार्य है।

Thursday, November 7, 2024

November 07, 2024

डिप्टी स्पीकर एवं जींद विधायक डा. कृष्ण मिड्ढा ने जनता से किए वादे को किया पूरा

डिप्टी स्पीकर एवं जींद विधायक डा. कृष्ण मिड्ढा ने जनता से किए वादे को किया पूरा
जींद को जल्द मिलेगी नहरी पेयजल आधारित सप्लाई, टेंडर हुआ अलॉट, जल्द होगा काम शुरू : डा. मिड्ढा

जींद : जींद के लोगों के लिए खुशखबरी है। जींद के विधायक डा. कृष्ण मिड्ढा ने वादा किया था कि जींद को नहरी पेयजल आधारित सप्लाई मिलेगी। विधायक एवं डिप्टी स्पीकर बनते ही डा. कृष्ण मिड्ढा ने अपने इस वादे को पूरा करने का काम किया है। जल्द ही लोगों को नहरी पेयजल आधारित सप्लाई मिलेगी। हरियाणा प्रदेश हाई पावर परचेज कमेटी ने योजना को हरी झंडी दे दी है। इसके लिए दो अलग-अलग टेंडर जारी किए गए थे। जो अलॉट हो गए हैं और अब जल्द ही परियोजना पर कार्य शुरू होगा। इस परियोजना से लोगों को जहां स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा वहीं वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या भी दूर होगी। परियोजना के तहत जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा नरवाना के पास से गुजर रही भाखड़ा ब्रांच नहर से बड़ौदी गांव तक मुख्य पाइप लाइन दबाने तथा बड़ौदी में बनने वाले 60 एमएलडी की क्षमता वाले मुख्य जलघर के निर्माण को लेकर 90.44 करोड़ रुपये का टेंडर लगा है। दूसरा टेंडर 71.98 करोड़ रुपये का जारी किया गया है। 
बड़ौदी के पास 36 एकड़ में बनेगा जलघर
जींद विधायक डा. कृष्ण मिड्ढा ने बताया कि बड़ौदी गांव के पास करीब 36 एकड़ जमीन में बड़ा जलघर बनाया जाना प्रस्तावित है और इस जलघर में तीन बड़े वाटर टैंक बनाए जाएंगे। इन वाटर टैंक में नरवाना के पास से गुजर रही सिरसा ब्रांच नहर से जींद-नरवाना रोड के समानांतर पाइप लाइन के जरिये ही यहां भाखड़ा का पानी लाया जाएगा। 
शहर की पुरानी पाइप लाइन बदलेगी, नई बिछेगी 330 किलोमीटर लंबी लाइन
जींद विधायक डा. कृष्ण मिड्ढा ने बताया कि परियोजना के तहत नरवाना से बड़ौदी तक और बड़ौदी से शहर में कुल 330 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछेगी। इसमें चार इंच से लेकर 48 इंच के साइज की पाइप लाइन होगी। पुरानी लाइन जर्जर हो चुकी है और इसकी जगह नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी ताकि नई पाइप लाइन दबाने के बाद शहरवासियों को बिना किसी रूकावट के स्वच्छ पेयजल मिल सके। वहीं शहर में 19 बुस्टिंग स्टेशन का निर्माण किया जाएगा। मुख्य जलघर से शहर में 19 जगहों पर बुस्टिंग स्टेशन बनाकर इनमें हर रोज पेयजल का स्टोरेज किया जाएगा और कालोनियों में पूरे प्रेशर के साथ पानी सप्लाइ किया जाएगा।
शहर में इस साइज की दबाई जाएगी पाइप लाइन
पाइप का साइज इतने किलोमीटर लंबी बिछेगी पाइप लाइन
4 इंच 188 किलोमीटर
6 इंच 33 किलोमीटर
8 इंच 17 किलोमीटर
10 इंच 19 किलोमीटर
12 इंच 6 किलोमीटर
14 इंच 14 किलोमीटर
17 इंच 4 किलोमीटर
20 इंच 2 किलोमीटर
24 इंच 7 किलोमीटर
32 इंच 12 किलोमीटर
48 इंच 27 किलोमीटर
शहर में इन जगह पर बनाए जाएंगे बुस्टिंग स्टेशन
जींद विधायक डा. कृष्ण मिड्ढा ने बताया कि शहर में लोको कालोनी, सुंदरनगर,
राजकीय आइटीआइ में, नहर कालोनी में, कृषि विभाग उपनिदेशक कार्यालय के पास, वीटा प्लांट के पास एचवीपीएनल का पैनल है, उसके पास, रुपया चौक, काठ मंडी में डिस्पोजल के पास, रानी तालाब के पास गड्ढों वाली जमीन में, पुराना बस स्टैंड भवन में, राजकीय कालेज में, नागरिक अस्पताल में, पुलिस लाइन में, जिला कारागार के पास, लघु सचिवालय में पब्लिक हेल्थ कार्यालय के पीछे की जमीन में, रोहतक रोड पर बालाजी मंदिर के पास, भिवानी रोड पर पशु अस्पताल के पास बनाया जाएगा। 
जींद की जनता से किए वादे को किया पूरा : डा. कृष्ण मिड्ढा
जींद विधायक डा. कृष्ण मिड्ढा ने जींद के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी किए जाने को लेकर सीएम नायब सैनी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों ने जींद की अनदेखी की थी। जिससे जींद का विकास नही हो पाया। जब से प्रदेश में भाजपा सरकार ने सत्ता संभाली है तब से लेकर आजतक कभी भी जींद के विकास का पहिया रूकने नही पाया है। उन्होंने शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने का वादा किया था। जोकि जल्द पूरा होने जा रहा है। परियोजना के लिए टेंडर अलॉट हो गए हैं और जल्द काम शुरू होगा।

Monday, October 28, 2024

October 28, 2024

हरियाणा रोडवेज में खड़े यात्रियों का नहीं लगेगा टिकट! परिवहन मंत्री ने कर दिया खुलासा

हरियाणा रोडवेज में खड़े यात्रियों का नहीं लगेगा टिकट! परिवहन मंत्री ने कर दिया खुलासा
अंबाला: सोशल मीडिया पर एक खबर इस समय वायरल है। इसमें दावा किया गया है कि हरियाणा रोडवेज की बस में यात्रा करने वाले खड़े यात्रियों का टिकट नहीं लगेगा।खबर को सुनकर बहुत से लोग खुश हैं। वहीं कई लोग हैरानी जता रहे हैं। जब ये खबर हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज तक पहुंची तब जाकर सच्चाई पता चली। हरियाणा के परिवहन और ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ भी चलता रहता है मुझे इसकी जानकारी नहीं है।
परिवहन मंत्री ने किया खुलासा- सोशल मीडिया पर रोडवेज बस में खड़े यात्रियों का टिकट ना लगने की बात वायरल हुई, तो ये सवाल परिवहन मंत्री अनिल विज तक भी पहुंच गई। जब अनिल विज से ये सवाल किया गया कि आपके हवाले से ऐसी खबर फैल रही है। तब उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। सोशल मीडिया पर लोग कुछ भी चलाते हैं। अनिल विज के बयान से ये बात साफ हो गई कि ये फर्जी खबर है।
*हरियाणा रोडवेज में खड़े यात्रियों का नहीं लगेगा टिकट!*

परिवहन मंत्री बनते ही एक्शन में गब्बर- अनिल विज परिवहन मंत्री बनने के बाद ही एक्शन मोड में हैं। मंत्री पद मिलते ही अनिल विज ने ताबड़तोड़ दौरे शुरू कर दिए. उन्होंने अधिकारियों की जमकर क्लास ली और कहा की काम पर लग जाएं। हलांकि नायब सिंह सैनी की सरकार में अनिल विज का ओहदा छोटा हो गया। पहले उनके पास गृह और स्वास्थ्य जैसे अहम मंत्रालय थे। लेकिन अब ऊर्जा और परिवहन विभाग दिया गया है।
*दिल्ली सरकार पर हमला*- अनिल विज ने दिल्ली में बढ़ रहे प्रदूषण के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने हरियाणा को जिम्मेदार ठहराया है, इसको लेकर अनिल विज ने आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला बोला. विज ने कहा कि अपना दोष दूसरों पर दोषारोपण करते हैं। पंजाब से धुंआ आ रहा है। इससे प्रदूषण हो रहा है। अब पंजाब में भी इनकी सरकार बन गई है। ऐसे ही यमुना के प्रदूषण के लिए भी हरियाणा पर आरोप लगाते हैं।*भूपेंद्र हुड्डा पर निशाना*- हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड़्डा पर भी अनिल विज ने हमला किया। विज ने कहा कि अब हुड़्डा साहेब जो चाह रहे थे वो तो हुआ नहीं। पंजाबी में एक कहावत है कि "नहाती धोती रह गई, मुंह ते मक्खी बै गई". उनकी तो सरकार बनी नहीं है। इसलिए बड़े हताश हैं और निराश हैं। विज ने हुड़्डा पर तंज कसते हुए कहा कि हुड़्डा साहेब ने तो पहले ही अधिकारियो की मीटिंग लेनी भी शुरू दी थी।

Sunday, October 27, 2024

October 27, 2024

*जीन्द में 'दीप संवाद' का आयोजन: दीपावली के संदेश का समाजिक विस्तार*

*जीन्द में 'दीप संवाद' का आयोजन: दीपावली के संदेश का समाजिक विस्तार*
जीन्द : दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में हरियाणा के जीन्द में 'दीप संवाद' नामक एक विशेष आयोजन किया गया। यह बैठक समाज में वैचारिक जागरूकता बढ़ाने और दीपावली के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को समझाने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। कार्यक्रम ने दीपों के पर्व को अंधकार से प्रकाश की ओर एक यात्रा के रूप में प्रस्तुत किया, जो एकता, सद्भावना और सामाजिक समृद्धि का संदेश देता है।
'दीप संवाद' का नेतृत्व माननीय डॉ. रमेशचन्द्र ने किया, जिनकी मार्गदर्शक अध्यक्षता ने आयोजन को एक नई दिशा दी। हरियाणा प्रान्त के महामंत्री डॉ. मनोज भारत ने विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लिया और अपने विचारों से कार्यक्रम को वैचारिक समृद्धि प्रदान की। जीन्द इकाई की अध्यक्ष श्रीमती मंजु मानव ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
जीन्द इकाई के महामंत्री डॉ. ब्रजपाल, सचिव डॉ. पूनम बिडलान, डॉ. सुनील कुमार, और संजय तिरंगाधारी ने आयोजन में अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई। भिवानी इकाई के महामंत्री विनोद आचार्य और डॉ. भामा अग्रवाल ने भी अपने विचार साझा किए और दीपावली के अवसर पर समाज को सकारात्मक दिशा देने का आह्वान किया।
बैठक में वक्ताओं ने दीपावली को अंधकार पर प्रकाश की विजय का पर्व बताया, जो आत्मिक और सामाजिक दोनों ही स्तरों पर जागरूकता का संचार करता है। दीपावली केवल घरों में दीप जलाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह समाज में उज्ज्वलता, समरसता और समृद्धि फैलाने का अवसर है। 'दीप संवाद' ने इस विचार को विस्तारित करते हुए, यह सुनिश्चित करने की पहल की कि दीपों का प्रकाश उन सभी वर्गों तक पहुँचे जो अब तक अंधकार में रहे हैं।
'दीप संवाद' के दौरान यह निर्णय लिया गया कि दीपावली पर्व पर समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए विशेष गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल त्योहार मनाना नहीं था, बल्कि इसके माध्यम से नैतिक, आध्यात्मिक, और सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ करना था। वक्ताओं ने सामाजिक समृद्धि को बढ़ाने के लिए जिम्मेदारी का आह्वान किया और जरूरतमंदों की मदद करने के संकल्प को दोहराया।
इस आयोजन ने वैचारिक मंथन के रूप में समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की। 'दीप संवाद' ने समाज के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए लोगों को एकजुट होने का आह्वान किया, जिससे दीपावली का वास्तविक संदेश, जो अंधकार से प्रकाश की ओर यात्रा है, समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँच सके।
'दीप संवाद' का यह आयोजन न केवल एक औपचारिक बैठक थी, बल्कि यह समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की दिशा में एक सार्थक पहल थी। कार्यक्रम ने दीपावली को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि एक सामाजिक परिवर्तन के साधन के रूप में प्रस्तुत किया। उपस्थित सदस्यों ने सामाजिक समृद्धि के लिए प्रयासरत रहने का संकल्प लिया, जिससे यह संदेश दिया कि दीपावली का पर्व केवल घरों की चारदीवारी तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के हर कोने में उज्ज्वलता और एकता का संदेश फैलाने का पर्व है।

इस आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया कि समाज की भलाई के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं और दीपावली का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा जब हम सभी मिलकर सामाजिक उत्थान के लिए कार्य करें।

Saturday, October 26, 2024

October 26, 2024

यौन शोषण मामले पर बड़ा अपडेट

*यौन शोषण मामले पर बड़ा अपडेट* 
टीम की शुरूआती जांच में आरोप मिले संदेहास्पद, नहीं आया कोई साक्ष्य सामने
19 महिला पुलिस कर्मियों के बयान किए गए दर्ज, नहीं मिला कोई साक्ष्य
*जींद :* जिले के एक आईपीएस अधिकारी पर यौन शोषण के आरोपों की चिट्ठी  सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हरियाणा पुलिस के आला अधिकारी हरकत में आ गए हैं। हाईप्रोफाइल मामला होने के चलते आनन-फानन में आला अधिकारियों ने फतेहाबाद की पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी (आईपीएस) के नेतृत्व में जांच तेज कर दी है। जांच टीम की मुखिया आस्था मोदी (आईपीएस) ने शनिवार को जांच शुरू कर दी। शुरूआती जांच में अभी तक जो तथ्य सामने आए हैं, उनसे संकेत मिल रहे हैं कि लगाए गए आरोप संदेहास्पद हैं तथा किसी प्रकार की साजिश से इंकार नहीं किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि वायरल चिट्ठी में जिन 7 महिला पुलिस कर्मियों के नाम शिकायतकर्ता के तौर पर दिए गए हैं, जिनमें से ज्यादातर महिला पुलिस कर्मियों के बयान दर्ज किए गए हैं। जिन्होंने अपने बयानों में ऐसी किसी चिट्ठी के बारे में जानकारी होने से इंकार किया है। जांच अधिकारी आईपीएस आस्था मोदी ने बताया कि शुरूआती जांच में अभी तक 19 महिला कर्मियों के बयान दर्ज किए गए हैं। लेकिन कोई भी साक्ष्य सामने नहीं आया है। जल्द ही जांच रिपोर्ट पूरी करके मुख्यालय को सौंप दी जाएगी।
October 26, 2024

अग्रसेन की बावड़ी इन्ही प्राचीन व ऐतिहासिक बावडियों का एक जीता जागता उदाहरण

अग्रसेन की बावड़ी इन्ही प्राचीन व ऐतिहासिक बावडियों का एक जीता जागता उदाहरण
जीन्द : अखिल भारतीय अग्रवाल समाज जीन्द के एक शिष्ठमंडल ने प्रधान राजकुमार गोयल की अध्यक्षता में दिल्ली के कनाट प्लेस के हेली रोड पर स्थित प्राचीन व ऐतिहासिक अग्रसेन बावड़ी का दौरा किया और इस बावडी के इतिहास के बारे में जानकारी हासिल की। इस अवसर पर उनके साथ सावर गर्ग, पवन बंसल, सोनू जैन, रामधन जैन, मनीष गर्ग, रजत सिंगला इत्यादि पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित थे। महाभारत काल में महाराजा अग्रसेन द्वारा यह बावड़ी बनवाई गई थी। कई साल पहले आमिर खान की फिल्म पीके की शूटिंग भी इस अग्रसेन बावड़ी में हुई है।
गोयल ने बताया कि इस ऐतिहासिक व प्राचीन बावडी का दौरा करने के उपरांत उन्हे अग्रसेन बावडी के इतिहास के बारे में काफी जानकारी मिली। प्राचीन काल में राजाओ महाराजाओं द्वारा बारिश के पानी को संग्रहित करने के लिए बावड़ी नामक संरचनाओं का उपयोग किया जाता था। जानकारी के अनुसार 7वीं से 19वीं शताब्दी तक भारत में भूमिगत वास्तुकला को परिभाषित करने में बावडियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एक समय में दिल्ली व आसपास के क्षेत्र में 100 से ज्यादा बावडियां थी जो समय के साथ लुप्त हो गई। उनमें से कुछ ही शेष बची है जिनमें से अग्रसेन की बावड़ी प्रमुख है। इस बावड़ी का निर्माण महाभारत काल के समय महाराजा अग्रसेन द्वारा करवाया गया था बाद में इस बावड़ी का जीर्णोंद्धार करवाया गया।
गोयल ने बताया कि अब यह बावड़ी भारतीय पुरात्तव के सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित है। इस बावडी को देखने के लिए पूरे देश से सैकडों पर्यटक हर रोज यहां आते है और प्राचीन बावडी के बारे जानकारी प्राप्त करते है। यह बावडी 60 मीटर लम्बी और 15 मीटर ऊची बनी हुई है। बावड़ी के कुएं तक पहुंचने के लिए 100 से ज्यादा सीढियां बनी हुई है। इस बावड़ी का निर्माण लाल बलुआ पत्थरों से हुआ है। इस पत्थर की वजह से बावड़ी की दीवारे काफी सुन्दर नजर आती है। यह जगह एक शांत जगह है जहां कुछ देर बैठने से मन को शांति मिलती है। कई साल पहले आमिर खान की फिल्म पीके की शुटिंग भी इस बावड़ी में हुई। उसके बाद से यह बावडी और भी ज्यादा चर्चा में आ गई। गोयल का कहना है कि इस बावड़ी का दौरा करने के उपरांत शिष्टमंडल को बावड़ी के इतिहास और अग्रसेन बावड़ी के बारे में काफी जानकारियां प्राप्त हुई।

Friday, October 25, 2024

October 25, 2024

राजकीय विद्यालय, राजपुरा में 28 अक्टूबर को सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम एवं रैली का आयोजन

राजकीय विद्यालय, राजपुरा में 28 अक्टूबर को सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम एवं रैली का आयोजन
जींद : 28 अक्टूबर को राजकीय विद्यालय, गांव राजपुरा, जिला जींद में सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन सतर्कता विभाग, यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ द्वारा राजकीय विद्यालय, राजपुरा के सहयोग से किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में सतर्कता के प्रति जागरूकता फैलाना और भ्रष्टाचार के खिलाफ जनसमर्थन को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम की शुरुआत एक विशाल रैली से होगी, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ गाँव के प्रतिष्ठित व्यक्ति और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग भाग लेंगे। यह रैली पूरे गाँव में निकाली जाएगी और लोगों को सतर्कता के महत्व और भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के संदेश के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक श्रीमती पिंकी मित्तल और सतर्कता अधिकारी श्री देवांग कुमार वोरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। दोनों अतिथि इस मौके पर सतर्कता और भ्रष्टाचार विरोधी अभियानों के महत्व पर प्रकाश डालेंगे और लोगों को इन अभियानों में भाग लेने के लिए प्रेरित करेंगे। इसके अलावा, गाँव के प्रबुद्ध नागरिकों और क्षेत्र के सर्वेयरों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है ताकि वे इस सामाजिक और नैतिक अभियान में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
यह जानकारी यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी, जींद कार्यालय के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक, श्री मंदीप नैन द्वारा दी गई। उन्होंने इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए राजकीय विद्यालय, राजपुरा के प्रधानाचार्य श्री सुशील कुमार का विशेष धन्यवाद व्यक्त किया। श्री नैन ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम से न केवल युवाओं में बल्कि समाज के सभी वर्गों में सतर्कता और नैतिकता के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सकती है।
कार्यक्रम में सतर्कता से संबंधित विविध सत्रों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें विद्यार्थियों और आम जनता को सतर्कता और भ्रष्टाचार विरोधी उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इन सत्रों में विशेषज्ञ वक्ताओं द्वारा सतर्कता के महत्व और भ्रष्टाचार के समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर चर्चा की जाएगी।

समापन और धन्यवाद: कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को धन्यवाद ज्ञापित किया जाएगा और सतर्कता की शपथ दिलाई जाएगी। इस अवसर पर सभी गणमान्य अतिथियों का भी सम्मान किया जाएगा।

Tuesday, October 22, 2024

October 22, 2024

वकील ने फर्जी कोर्ट लगाकर दिया विवादित जमीन पर फैसला, ऐसे खुली पोल

Ahmedabad: वकील ने फर्जी कोर्ट लगाकर दिया विवादित जमीन पर फैसला, ऐसे खुली पोल
अहमदाबाद : अहमदाबाद में एक वकील ने फर्जी कोर्ट लगाकर जमीन विवाद में फैसला सुनाने का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। आरोपी मॉरिस सैमुअल क्रिश्चियन ने खुद को जज बनाकर सरकारी जमीन पर आदेश दे दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ केस दर्ज किया है। साथ ही उससे पूछताछ भी की जा रही है।
गुजरात के अहमदाबाद से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक वकील ने फर्जी कोर्ट लगाकर विवादित जमीन पर फैसला सुना दिया। आरोपी वकील मॉरिस सैमुअल क्रिश्चियन ने खुद को जज घोषित कर, बाकायदा कोर्ट की कार्यवाही चलाई और सरकारी जमीन पर फर्जी आदेश जारी कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Thursday, October 17, 2024

October 17, 2024

“महर्षि वाल्मिकी की जयंती पर काव्य गोष्ठी में गूँजी साहित्यिक स्वर लहरियाँ”

*“महर्षि वाल्मिकी की जयंती पर काव्य गोष्ठी में गूँजी साहित्यिक स्वर लहरियाँ”*

*“महर्षि वाल्मिकी जयंती के उपलक्ष्य में काव्य गोष्ठी: साहित्यिक प्रतिभाओं का संगम”*
जींद : चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जीन्द के हिन्दी विभाग और अखिल भारतीय साहित्य परिषद्, जीन्द इकाई के संयुक्त तत्वावधान में महर्षि वाल्मिकी जयंती के अवसर पर भव्य काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य महर्षि वाल्मिकी की साहित्यिक और सामाजिक विरासत को सम्मानित करना और उनकी शिक्षाओं को जनमानस तक पहुँचाना था। गोष्ठी में विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों, कवियों, विद्यार्थियों और साहित्य प्रेमियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ संगीत विभाग की डॉ. भावना द्वारा गाए गए एक मधुर गीत से हुआ, जिसने समूचे माहौल को भावुक और सांस्कृतिक सौंदर्य से भर दिया। उनकी मनमोहक प्रस्तुति ने सभी उपस्थित लोगों को भाव विभोर कर दिया और गोष्ठी की शुरुआत को एक विशेष ऊँचाई प्रदान की। इसके पश्चात्, कार्यक्रम का विधिवत् उद्घाटन करते हुए अखिल भारतीय साहित्य परिषद्, जीन्द इकाई की अध्यक्ष मंजु मानव ने महर्षि वाल्मिकी के जीवन और उनकी महान काव्य रचना 'रामायण' पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वाल्मिकी न केवल संस्कृत साहित्य के महान रचनाकार थे, बल्कि एक समाज सुधारक भी थे, जिन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से नैतिकता, सदाचार और मानवता के आदर्शों का प्रचार-प्रसार किया।हरियाणा प्रान्त की उपाध्यक्ष, डॉ. मंजू रेढू ने अपने उद्बोधन में इस बात पर विशेष जोर दिया कि आज की युवा पीढ़ी को महर्षि वाल्मिकी के जीवन से यह सीख लेनी चाहिए कि चाहे परिस्थितियाँ कितनी भी प्रतिकूल क्यों न हों, आत्म-सुधार और सत्य के मार्ग पर चलकर जीवन का उद्देश्य प्राप्त किया जा सकता है। महर्षि वाल्मिकी ने न केवल 'रामायण' जैसी महाकाव्य रचना की, बल्कि समाज को धर्म, नीति और न्याय की शिक्षा दी। उनका जीवन यह संदेश देता है कि व्यक्ति के कर्म और उसके जीवन की दिशा ही उसे महानता की ओर ले जाती है, चाहे उसकी प्रारंभिक परिस्थितियाँ कैसी भी हों।
उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय संस्कृति में महर्षि वाल्मिकी जैसे महापुरुषों का जीवन आदर्श रूप में प्रस्तुत किया जाता है ताकि हर पीढ़ी उनसे कुछ न कुछ सीख सके। भारतीय संस्कृति की गहराई और उसमें निहित मूल्य आने वाली पीढ़ियों के लिए नैतिकता, मानवता और सेवा का मार्ग प्रशस्त करते हैं। डॉ. रेढू ने कहा कि युवाओं को वाल्मिकी की रचनाओं का अध्ययन करना चाहिए, क्योंकि उनमें न केवल धार्मिकता का पाठ है, बल्कि एक ऐसे समाज की परिकल्पना है जो समता, समानता और नैतिकता पर आधारित हो।
महर्षि वाल्मिकी की शिक्षाएँ आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी वे प्राचीन काल में थीं। डॉ. रेढू ने कहा कि हमारी संस्कृति की समृद्धि का एक प्रमुख कारण यह है कि हमने महर्षि वाल्मिकी जैसे महान संतों की शिक्षाओं को आत्मसात किया है। यदि आने वाली पीढ़ियाँ इन मूल्यों को अपनाती हैं, तो समाज में नैतिकता और सद्भावना की स्थापना होगी, जो किसी भी राष्ट्र की वास्तविक प्रगति का सूचक है। 
प्रान्तीय संचार मंत्री, डॉ. शवनीत सिंह कहा कि महर्षि वाल्मिकी का जीवन न केवल हमारे इतिहास का गौरव है, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक मार्गदर्शक प्रकाशस्तंभ है, जिसे समझने और अपनाने की आवश्यकता है।

अखिल भारतीय साहित्य परिषद्, जीन्द इकाई के महामंत्री डॉ. ब्रजपाल ने कहा कि महर्षि वाल्मिकी की शिक्षाओं का हमारे जीवन पर गहरा प्रभाव है। उन्होंने न केवल रामायण के माध्यम से आदर्श मानवता की शिक्षा दी, बल्कि समाज में व्याप्त अन्याय और असमानता के खिलाफ भी आवाज उठाई। उनके काव्य ने समाज को दिशा प्रदान की और नैतिक मूल्यों की स्थापना में योगदान दिया।
डॉ. सुमन पूनिया, योग विज्ञान विभाग ने इस अवसर पर महर्षि वाल्मिकी के जीवन और योग के बीच संबंध की चर्चा की। उन्होंने बताया कि वाल्मिकी की शिक्षाएँ केवल काव्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके दर्शन में जीवन जीने की कला भी निहित है, जो योग के सिद्धांतों के अनुरूप है। इसी क्रम में डॉ. पूनम बिडलान ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि महर्षि वाल्मिकी की कृतियाँ हमें सदाचार, त्याग और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। डॉ. सुनील कुमार ने अपने वक्तव्य में कहा कि वाल्मिकी का काव्य हमारी सांस्कृतिक धरोहर का अभिन्न हिस्सा है और उनके आदर्श समाज में समता, समानता और समरसता की भावना को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान कई कवियों ने महर्षि वाल्मिकी की जीवन गाथा और उनके काव्य पर आधारित रचनाएँ प्रस्तुत कीं, जिनमें जीवन के उच्चतम आदर्शों और मानवता की सेवा का संदेश निहित था। श्रोताओं ने कवियों की प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और इसे महर्षि वाल्मिकी के प्रति श्रद्धांजलि के रूप में देखा।
काव्य गोष्ठी के सफल आयोजन के लिए हिन्दी विभाग और अखिल भारतीय साहित्य परिषद्, जीन्द इकाई के सदस्यों की सराहना की गई। इस आयोजन ने महर्षि वाल्मिकी के अमूल्य योगदान को याद करने का एक सशक्त मंच प्रदान किया और साहित्यिक गतिविधियों के प्रति विद्यार्थियों और समाज के लोगों में रुचि को प्रोत्साहित किया।
October 17, 2024

मांग रहे थे मुख्यमंत्री की कुर्सी, बना दिया प्रस्तावक; अनिल विज के साथ कैसे हुआ 'खेला'

मांग रहे थे मुख्यमंत्री की कुर्सी, बना दिया प्रस्तावक; अनिल विज के साथ कैसे हुआ 'खेला'
चंडीगढ़ : हरियाणा में भाजपा विधायक दल की बैठक हो चुकी है। विधायक दल की बैठक में नायब सिंह सैनी को सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया। नायब सैनी के नाम का प्रस्ताव अंबाला कैंट से विधायक अनिल विज और नरवाना के विधायक कृष्ण कुमार बेदी ने रखा। बता दें कि अनिल विज कई बार हरियाणा के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर अपनी दावेदारी पेश कर चुके हैं।
*सीएम पद पर कई बार दावेदारी कर चुके थे विज*

अनिल विज ने 15 सितंबर को कहा था कि मैं 6 बार विधायक बन चुका हूं और सातवीं बार चुनाव लड़ रहा हूं। मुझे मुख्यमंत्री बनने के लिए जनता के बहुत दबाव का सामना करना पड़ रहा है। 5 अक्टूबर को चुनाव के दिन भी अनिल विज ने मीडिया कर्मियों से बातचीत में कहा था कि अगर हाईकमान चाहेगा तो आपसे अगली मुलाकात सीएम हाउस में होगी।

अनिल विज (Anil Vij) जिस कुर्सी पर बैठने के लिए दावेदारी कर रहे थे आज उस कुर्सी पर नायब सिंह सैनी को बैठाने के लिए प्रस्तावक बने थे।
*सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया नायब सैनी का नाम*

भाजपा विधायक दल की बैठक पंचकूला में बीजेपी के पंचकमल कार्यालय में हुई। इस बैठक में बतौर पर्यवेक्षक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव आए थे। विधायक दल की बैठक में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, मनोहर लाल और राव इंद्रजीत और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के साथ भाजपा के सभी विधायक मौजूद रहे। इस बैठक में अनिल विज और कृष्ण कुमार बेदी ने नायब सैनी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया।
*17 अक्टूबर को होगा शपथ ग्रहण*

इस बार के विधानसभा चुनाव में प्रचार के दौरान पीएम मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और अमित शाह एलान कर चुके थे कि हरियाणा में भाजपा की तरफ से सीएम फेस नायब सैनी ही होंगे। आज विधायक दल की बैठक में इस बात पर मुहर भी लग गई।
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद नायब सैनी गृह मंत्री अमित शाह के साथ राजभवन पहुंचे। वे राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। बता दें कि गुरुवार को यानी 17 अक्टूबर को हरियाणा के नए मुख्यमंत्री का शपथ होगा। नायब सैनी के शपथ ग्रहण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे।