Breaking

Tuesday, June 23, 2020

अवैध शराब बेचने के शक में / ठेकेदारों ने पहले बाइक सवार युवक को गाड़ी से टक्कर मारी, फिर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, फायर भी किया

आरोपियों को हमले से बाल-बाल बचा युवक, वीडियो भी वायरल, यमुनानगर के चूना भट्ठी रोड की घटना

यमुनानगर. यमुनानगर के चूना भट्ठी रोड पर शराब ठेकेदारों ने एक बाइक सवार युवक को पहले गाड़ी से टक्कर मारी, इसके बाद उसे दौड़ा-दौडाकर पीटा। युवक पर एक फायर भी किया गया, हालांकि वह बच गया। घायल अवस्था में युवक ने भागकर जान बचाई। बताया जा रहा है कि युवक पर हमला अवैध शराब की बिक्री के शक में हुआ था। युवक अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

*लाठी-डंडे लेकर आरोपी युवक के पीछे भागते हुए,*आसपास खड़े लोगों ने घटना का वीडियो बनाया*

यमुनानगर की रायपुर कॉलोनी में रहने वाले प्रिंस शर्मा ने थाने में दी शिकायत में बताया है कि उसका चूना भट्टी रोड पर जनरल स्टोर है। 22 जून शाम 6 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था कि एक गाड़ी ने आकर उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मारी। वह नीचे गिर गया। 

उस गाड़ी से करनाल के सालवन गांव का रहने वाला राजिंद्र उर्फ चीता और अशोक उर्फ शोकी व दो अन्य साथी उतरे। उनके हाथ में डंडे, पाइप, बंदूक और लोहे की रॉड थी। उन्होंने प्रिंस को मारना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक अन्य गाड़ी आकर रूकी, उस गाड़ी में सुरेंद्र राणा सवार था। सभी ने पीटना शुरू कर दिया। 

सुरेंद्र राणा की कार से एक लड़का उतरा था, उसने जान से मारने की धमकी देते हुए फायर कर दिया। गोली सिर के ऊपर से निकल गई। वह उनसे बचने के लिए भागा और छिप गया। वे काफी देर तक उसे ढूंढते रहे। फिर कुछ लड़कों ने वापिस घटनास्थल पर आकर उसकी बाइक को तोड़ दिया। 

इसके बाद वह घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचा। जहां मेडिकल करवाया। इस पूरी घटना का वहां खड़े कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया। प्रिंस का कहना है कि ये लोग पुरानी रंजिश पाले हुए हैं। इनसे उसका 2014 में भी झगड़ा हुआ था। पुलिस ने अब प्रिंस की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रिंस ने शिकायत में जिक्र नहीं किया है लेकिन मामला अवैध शराब बिक्री से जुड़ा हुआ है। आरोपी शराब ठेकेदार हैं और उन्होंने प्रिंस पर अवैध शराब बिक्री के शक में हमला किया है। 

No comments:

Post a Comment