Breaking

Saturday, April 17, 2021

कुरुक्षेत्र में भाजपा नेता का विरोध:हरियाणा प्रदेशाध्‍यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ के खिलाफ सड़कों पर उतरे किसान, पुलिस के साथ की धक्का मुक्की

कुरुक्षेत्र में भाजपा नेता का विरोध:हरियाणा प्रदेशाध्‍यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ के खिलाफ सड़कों पर उतरे किसान, पुलिस के साथ की धक्का मुक्की

कुरुक्षेत्र : हरियाणा में कृषि कानूनों के विरोध में भाजपा नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन जारी है। शुक्रवार को कुरुक्षेत्र जिले में प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ का विरोध हुआ। इस दौरान किसानों और पुलिस वालों के बीच धक्का मुक्की भी हुई। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने किसानों को हिरासत में भी लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, धनखड़ शुक्रवार को अंबेडकर भवन में शाहाबाद मंडल के कार्यकर्ताओं के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे थे। लेकिन उनके आने की खबर मिलते ही किसान अंबेडकर भवन के बाहर जुट गए। जैसे ही प्रदेशाध्यक्ष आए, किसानों ने गेट को घेर लिया।
किसानों ने सरकार विरोधी नारेबाजी की। यह देखते हुए धनखड़ को पिछले दरवाजे से अंदर ले जाया गया, जहां वे कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। इससे पहले धनखड़ ने मीडिया से बातचीत करते हुए किसान आंदोलन पर बातचीत की। वहीं भवन के बाहर जुटे किसान विरोधी नारेबाजी करते रहे।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के हित में काम कर रही है। कृषि कानून भी किसानों के हित में हैं। लेकिन इनके खिलाफ उन्हें भड़काया जा रहा है। हरियाणा की मंडियों में पुराने सिस्टम से ही गेहूं की खरीद होती रहेगी।
धनखड़ ने कहा कि केंद्र सरकार कई बार किसानों से इस मुद्दे पर बात कर चुकी है, लेकिन वे मानने के तैयार नहीं हैं। उन्हें कांग्रेसियों ने इस तरह भड़का दिया है कि किसान कृषि कानूनों के फायदे देखना ही नहीं चाहते। वैसे केंद्र सरकार की ओर से किसानों के साथ बातचीत के दरवाजे आगे भी खुले हैं।
बता दें कि किसानों के अंबेडकर भवन में पहुंचने की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। ASP रविंद्र तोमर ने किसानों को समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन किसान अड़े रहे। उन्होंने मुख्य गेट खाली नहीं किया। इस दौरान पुलिस व किसानों के बीच धक्का मुक्की हो गई।

No comments:

Post a Comment