Breaking

Sunday, September 5, 2021

SDO ने सुपारी देकर तुड़वाए बेलदार के हाथ-पैर

SDO ने सुपारी देकर तुड़वाए बेलदार के हाथ-पैर:फतेहाबाद के SDO और सुपरवाइजर गिरफ्तार; बोले- RTI लगा रहा था, 20 लाख का लालच दिया; नहीं माना तो 2 लाख रुपये में पिटवा दिया
हिसार : हरियाणा के फतेहाबाद जिले में डीसी रेट पर जनस्वास्थ्य विभाग में बेलदार विनोद पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में विभाग का एसडीओ आशीष गर्ग व कर्मचारी नेता एवं सुपरवाइजर मदन लाल गुलेरिया शामिल है। एसडीओ आशीष गर्ग ने दो लाख की सुपारी देकर बेलदार विनोद कुमार पर जानलेवा हमला करवाया था।
पुलिस के अनुसार, विनोद कुमार आरटीआई लगाकर लगातार विभाग की गड़बड़ियां उजागर कर रहा था, जिसके कारण आरोपी परेशान हो गए थे। मामले में शामिल रहे हमलावरों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पूरे प्रकरण में कर्मचारी नेता मदन लाल गुलेरिया भी शामिल है। गुलेरिया ने ही विनोद के घर का पता हमलावरों को बताया था।
डीएसपी दलजीत बेनीवाल ने बताया कि शनिवार सुबह जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी के एसडीओ आशीष गर्ग को उनके घर अग्रवाल कालोनी से गिरफ्तार कर लिया गया है। इस तरह जन स्वास्थ्य विभाग में सेवानिवृत्ति के बाद आउटसोर्सिंग पॉलिसी के तहत कार्यरत कर्मचारी मदनलाल को उनके घर नहर कालोनी से गिरफ्तार कर किया गया। आरोपियों को कोर्ट में पेश करके रिमांड लेकर पूरे मामला का खुलासा किया जाएगा।
गिरफ्तार किए गए एसडीओ आशीष गर्ग।

*एसडीओ ने विनोद को 20 लाख का लालच दिया था, नहीं माना तो करवाया हमला*
पुलिस के अनुसार, एसडीओ आशीष गर्ग बेलदार विनोद द्वारा लगातार भ्रष्टाचार उजागर किए जाने से परेशान हो गया था। इसके लिए पहले उसने विनोद को मनाने का प्रयास किया। जब विनोद नहीं माना तो एसडीओ ने दो लाख की सुपारी देकर उस पर जानेलवा हमला करवा दिया। चार हमलावार 20 अगस्त को विनोद पर लाठी-डंडों से हमला करके उसके हाथ-पैर तोड़कर फरार हो गए थे।
बेलदार विनोद कुमार के अनुसार, भ्रष्टाचार का मामला दबाने के लिए 20 लाख रुपए का लालच दिया दिया। इसके बाद ऑफर बढ़ा दिया गया। जब नहीं माना तो उसका तबादला मेवात करवा दिया, लेकिन कुछ समय बाद ही वह वापस फतेहाबाद आ गया था और उसने एक और घोटाला उजागर कर दिया। इसके बाद ही उस पर यह जानलेवा हमला करवाया गया था।

No comments:

Post a Comment