Breaking

Thursday, May 11, 2023

*IPL के 5 महंगे खिलाड़ियों पर भारी पड़े सस्ते खिलाड़ी:16.25 करोड़ के बेन स्टोक्स 15 रन ही बना सके, 50 लाख के रहाणे ने ठोक दिए 266 रन*

*IPL के 5 महंगे खिलाड़ियों पर भारी पड़े सस्ते खिलाड़ी:16.25 करोड़ के बेन स्टोक्स 15 रन ही बना सके, 50 लाख के रहाणे ने ठोक दिए 266 रन*
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 16वें सीजन के दूसरे हाफ की शुरुआत हो चुकी है। इस सीजन के लिए पिछले साल दिसंबर में हुए मिनी ऑक्शन में कई ऐसे खिलाड़ी थे, जो काफी महंगे बिके थे। ऐसे कई खिलाड़ियों का प्रदर्शन इस सीजन में बेहद निराशाजनक रहा है, वहीं कई ऐसे भी खिलाड़ी रहें, जो बेस प्राइस पर टीम से जुड़े और अब तक का उनका परफॉर्मेंस कमाल का रहा है।
बेन स्टोक्स हों या कैमरून ग्रीन, हैरी ब्रूक या सैम करन और निकोलस पूरन इन खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजियों ने IPL 2023 के मिनी ऑक्शन के दौरान पैसों की बारिश कर दी थी। अब तक खेले गए मैचों के आधार पर कह सकते हैं कि इसमें से कई खिलाड़ियों का प्रदर्शन औसत रहा वहीं कुछ पूरी तरह से फ्लॉप रहे।

इस स्टोरी में ऐसे ही 10 क्रिकेटर्स पर चर्चा करेंगे, जो ऑक्शन में तो महंगे बिके, लेकिन टीम के लिए अब तक कुछ खास नहीं कर सके हैं। साथ ही उन खिलाड़ियों के बारे में भी जानेंगे, जो सस्ते होने के बावजूद दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

*शुरुआत करते हैं इस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी सैम करन से...*

सैम करन, पंजाब किंग्स (18.5 करोड़ रुपए)
IPL 2023 में सबसे महंगे बिके सैम करन का प्रदर्शन पंजाब किंग्स के लिए अब तक औसत रहा है। सैम पर पंजाब की टीम ने 18.5 करोड़ रुपए खर्च किए थे। उन्होंने सिर्फ एक मैच में अच्छा प्रदर्शन किया। सीजन के 31वें मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ अर्धशतक लगाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। शेष मुकाबले में वे टीम की जीत में बड़ी भूमिका नहीं निभा पाए।
ऐसे में पंजाब को करन से बड़ी उम्मीदे होंगी। सैम ने इस सीजन के 11 मैचों में एक अर्धशतक की मदद से 196 रन बनाए हैं। इस दौरान सैम का स्ट्राइक रेट 137.06 रहा। उनके नाम सात विकेट हैं। उन्होंने 9.55 इकोनॉमी से रन दिए हैं।
कैमरून ग्रीन, मुंबई इंडियंस (17.5 करोड़ रुपए)
ऑस्ट्रेलिया के इस स्टार ऑलराउंडर का IPL में यह पहला सीजन ही है। ग्रीन को मुंबई ने 17.50 करोड़ रुपए में खरीदा था। अब तक हुए मुकाबले में ग्रीन बल्ले और गेंद दोनों से कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उन्होंने अब तक 11 मैच खेले हैं और इस दौरान कुल 274 रन बनाए। ग्रीन का सर्वश्रेष्ठ IPL स्कोर 64 रन रहा है। उन्होंने 6 विकेट भी लिए हैं। बॉलिंग में उनका बेस्ट परफॉर्मेंस 41 रन देकर 2 विकेट लेना रहा है। आगामी मैचों में उनसे बेहतर परफॉर्मेंस की उम्मीद होगी।
 
बेन स्टोक्स, चेन्नई सुपर किंग्स (16.25 करोड़ रुपए)
बेन स्टोक्स को चेन्नई सुपर किंग्स ने IPL 2023 की नीलामी में 16.25 करोड़ की भारी भरकम कीमत में खरीदा था। वे की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर पाए हैं। स्टोक्स ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 7 और लखनऊ के खिलाफ 8 रन बनाए। स्टोक्स ने लखनऊ के खिलाफ गेंदबाजी करते हुए एक ओवर में 18 रन खर्च कर दिए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक वे चोटिल हैं।

निकोलस पूरन, लखनऊ सुपरजायंट्स (16 करोड़ रुपए)
लखनऊ सुपरजायंट्स ने वेस्टइंडीज के विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन पर 16 करोड़ रुपए खर्च किए थे। उन्होंने अब तक खेले गए अपने 11 मैचों में 24.80 की औसत से 248 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका 160.00 का स्ट्राइक रेट रहा है। RCB के खिलाफ उन्होंने 19 गेंदों पर 62 रनों की तूफानी पारी खेली थी। इस सीजन उनके बल्ले से 246 रन निकले हैं। ऐसे में कहा जा सकता है कि उन्होंने अब तक लखनऊ को निराश नहीं किया है। हालांकि, टीम उनसे आगे और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी।
हैरी ब्रूक, सनराइजर्स हैदराबाद (13.25 करोड़ रुपए)
सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 13.25 करोड़ रुपए बिके हैरी ब्रुक का बल्ला अब तक खामोश ही रहा है। हैरी अब तक टीम के लिए कुछ खास योगदान नहीं दे पाए हैं। हैरी का यह डेब्यू सीजन है। अगर ब्रूक की KKR के खिलाफ शतकीय पारी को छोड़ दें, तो उनका प्रदर्शन फीका ही रहा है। अभी तक खेले गए 9 मुकाबलों में हैरी ने 121.64 स्ट्राइक रेट से 163 रन ही बनाए हैं। टीम ने पिछले मैच में ब्रूक को प्लेइंग-11 में भी नहीं रखा था। उनके प्रदर्शन को देख कर कहा जा रहा है कि वह अभी तक फ्लॉप ही रहें हैं।
*कई बेस प्राइस वालों ने मनवाया लोहा...*
*सुयश शर्मा, कोलकाता नाइट राइडर्स (20 लाख रुपए)*
                              सुयश शर्मा पहली बार IPL में खेल रहे हैं। उनकी उम्र 19 साल है। वह लेगब्रेक गेंदबाजी करते हैं और दाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं। IPL 2023 के मिनी ऑक्शन में KKR ने इस इंडियन मिस्ट्री स्पिनर पर दांव लगाया था। टीम ने उन्हें बेस प्राइज में 20 लाख में खरीदा था। इससे पहले सुयश कोई लिस्ट ए, फर्स्ट क्लास या टी-20 मैच नहीं खेला था। उन्होंने अब तक कोलकाता के लिए 8 मैच में 10 विकेट लिए हैं। उनका इकोनॉमी रेट 8.06 का है। वहीं सुयश ने कई मुकाबलों में मैच जिताऊ पारी खेली।

साईं सुदर्शन, गुजरात टाइटंस (20 लाख रुपये)
21 साल के साईं सुदर्शन को इस सीजन में चोटिल केन विलियमसन की जगह टीम में खेलने का मौका मिला। IPL 2023 में गुजरात ने साई को बेस प्राइस 20 लाख में ही रिटेन किया है। साई ने पिछले साल IPL में डेब्यू किया था, तब पांच मैचों में 145 रन बनाए थे। इस ऑलराउंडर ने इस सीजन में पांच मैचों में 176 रन बनाए हैं, इसमें दो अर्धशतक भी शामिल है।

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए सीजन के 8वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने मेजबान दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी थी। ये गुजरात टाइटंस की टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत थी। इस जीत के सबसे बड़े नायक साई सुदर्शन रहे। तीसरे नंबर पर बैटिंग करने आए 21 साल के साई 48 गेंदों में नाबाद 62 रनों की पारी खेली थी।

अजिंक्य रहाणे, चेन्नई सुपर किंग्स (50 लाख रुपए)
इस सीजन में अजिंक्य रहाणे अलग ही फॉर्म में हैं। उन्होंने IPL में इस साल पावरप्ले में 222.22 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। इस बल्लेबाज को CSK इस साल बेस प्राइस 50 लाख रुपए में टीम में शामिल की थी। इस सीजन में मुंबई के खिलाफ जब चेन्नई मुश्किल में थी, तो रहाणे ने 27 गेंदों में 61 रन की पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। बेंगलुरु के खिलाफ ऋतुराज गायकवाड जल्दी आउट हो गए थे, लेकिन रहाणे ने 20 गेंदो में 37 रनों की पारी खेली। KKR के खिलाफ उन्होंने 29 गेंदों पर नाबाद 71 रन बनाए। रहाणे बल्लेबाजी के साथ-साथ फील्डिंग में भी कमाल कर रहे हैं। मौजूदा सीजन में रहाणे 9 मैचों में 171.61 की स्ट्राइक से 266 रन बनाए हैं, इसमें दो अर्धशतक भी है।
मयंक मारकंडे, सनराइजर्स हैदराबाद (रुपए 50 लाख)
IPL 2023 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का प्रदर्शन अब तक कोई खास नहीं रहा है। लेकिन, टीम के गेंदबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा है। SRH के लिए इस समय मयंक सबसे ज्‍यादा विकेट लेने वाले बॉलर हैं। इकोनॉमी रेट के मामले में तो IPL 2023 का उनका प्रदर्शन पर्पल कैप के दावेदारों से भी बेहतर है। हैदराबाद की ओर से मयंक मारकंडे ने इस सीजन में 8 मैच खेले हैं और इनमें उन्‍होंने 11 विकेट लेकर छाप छोड़ दी है। इस दौरान उनका इकोनॉमी रेट 7.31 का रहा। SRH ने मयंक को उनके बेस प्राइस 50 लाख में खरीदा था। इतने मैचों में मयंक ने 30 रन भी बनाए हैं।
सिकंदर रजा, पंजाब किंग्स (रुपये 50 लाख)
IPL 2023 में जिम्बाब्वे के ऑलराउंडर सिकंदर रजा शानदार परफॉर्म कर रहें है। पंजाब किंग्स ने उन्हें ऑक्शन में 50 लाख रुपए में खरीदा था। रजा मौजूदा सीजन के पहले तीन मैचों में कुछ खास नहीं कर पाए थे और उन्हें चौथे मैच में खिलाया भी नहीं गया था। रजा को 5वें मैच में फिर मौका मिला और उन्होंने लखनऊ सुपरजायंट्स (15 अप्रैल) के खिलाफ मौके को भुनाया और अपना पहला IPL अर्धशतक पूरा करते हुए टीम की जीत में भी अहम भूमिका निभाई। इसके बाद रजा ने कुछ अहम मौकों पर टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया है।

No comments:

Post a Comment