Breaking

Saturday, June 24, 2023

9 साल का कार्यकाल 70 साल पर भारी- केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर

9 साल का कार्यकाल 70 साल पर भारी- केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर
चंडीगढ़- केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री श्री अनुराग  सिंह  ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतवर्ष ने केवल सुरक्षित हुआ है बल्कि आज सात समंदर पार भी प्रधानमंत्री के सशक्त नेतृत्व और सतत विकास की चर्चा हो रही है। श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार द्वारा किए गए जन सेवा, सुशासन और ग़रीब कल्याण के कार्यों ने आम जनमानस को बहुत प्रभावित किया है। केंद्र सरकार ने पिछले 9 सालों के कार्यकाल में जितने कार्य किए हैं, उतने कांग्रेस 70 साल में भी नहीं कर पाई।
श्री अनुराग  सिंह ठाकुर आज पानीपत में गौरवशाली भारत रैली को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 9 साल के शासन में केंद्र सरकार ने सुशासन के नए आयाम छुए हैं। इस दौरान भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया और ईमानदार सरकार चलाई। सरकार बनाने से पहले प्रधानमंत्री ने जो संकल्प लिया था कि मेरी सरकार गरीब, शोषित, पीड़ित, महिला, जवान, किसान और हर वर्ग की होगी। आज ये सभी वर्ग केंद्र सरकार को अपनी सरकार मानते हैं। उन्होंने कहा कि भारत रत्न भीमराव अंबेडकर के पांचों प्रमुख स्थानों पर श्री नरेंद्र मोदी ने ही पंच तीर्थ बनाने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री ने प्रधान सेवक के रूप में कार्य करने का संकल्प लिया था, जिसे वे निरंतर निभा रहे हैं। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण करवाया। उन्होंने कहा कि इस बार फिर हमें भाजपा की सरकार को लाना है और कमल का फूल खिलाना है।  
गरीब को छत, खाना पकाने को रसोई गैस और नल से जल मुहैया करवाकर जनता को किया लाभान्वित

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले 9 सालों में केंद्र सरकार ने अलग-अलग योजनाओं के माध्यम से जन-जन तक लाभ पहुंचाया है। साढ़े 3 करोड़ लोगों को पक्के मकान दिए हैं। गरीब महिलाओं को रसोई गैस का सिलेंडर मुफ्त दिया। देशभर में 12 करोड़ शौचालय बनाए गए। हर घर तक नल से जल पहुंचाया गया। यही नहीं, 17 हजार फीट पर लेह-लद्दाख जैसे दुर्गम इलाकों में नल से जल पहुंचाया। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में अनाज दिया गया। कोरोना की वैक्सीन मुफ्त में लगाई गई। इसके अलावा, धारा 370 को खत्म करते हुए जम्मू-कश्मीर को सदा-सदा के लिए भारत का अभिन्न अंग बनाया।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में दुनिया में भारत की साख बढ़ी

श्री अनुराग  सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व के चलते आज हमारे देश की अर्थव्यवस्था 5वें नंबर की अर्थव्यवस्था बन गई है और आज भारत की साख विश्व में बढ़ी है। दूसरे देशों के राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री भी आज श्री नरेंद्र मोदी को बॉस मानने लगे हैं। प्रधानमंत्री की तीन दिन की अमेरिका यात्रा खत्म होते ही दुनिया भर में मोदी-मोदी की गूंज है। भारत ही नहीं बल्कि सात समुंदर पार भी मोदी-मोदी हो रहा है। पूरी दुनिया आज भारत में अपना भविष्य देखती है, क्योंकि भारत तेजी से बढ़ती मजबूत अर्थव्यवस्था है। जो दुनिया के बड़े-बड़े देश नहीं कर पाए वह काम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने किए हैं।
विपक्षी दल साथ तो आए, लेकिन दिल नहीं मिला पाए

केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज विपक्ष के पास न नेता है, न नीति है और उनकी नीयत में भी खोट है। पहले की सरकारों के राज में हर महीने भ्रष्टाचार की खबरें आती थी। विपक्षी एकता पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दल साथ तो आए, लेकिन दिल नहीं मिला पाए। 15 दल इक्टठे एक मंच पर आए हैं, जिसमें कांग्रेस की भूमिका देवदास जैसी हो गई है। हर दल उसे कह रहा है कि उसके यहां की सीटें छोड़ दे। यह नाटक मंडली इकट्ठा हो गई है। जनता इन पर हंसेगी और विपक्षी दलों को घर बैठाएगी और श्री नरेंद्र मोदी को 300 पार पहुंचाएगी।

No comments:

Post a Comment