Breaking

Showing posts with label Shivsena Haryana. Show all posts
Showing posts with label Shivsena Haryana. Show all posts

Wednesday, August 10, 2022

August 10, 2022

पिछले 3 वर्षों में इन 3 प्रमुख सहयोगियों ने छोड़ा भाजपा का साथ

पिछले 3 वर्षों में इन 3 प्रमुख सहयोगियों ने छोड़ा भाजपा का साथ

नई दिल्लीः वर्ष 2019 के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से संबंध तोड़ने वाला जनता दल (यूनाइटेड) उसका तीसरा प्रमुख राजनीतिक सहयोगी है। लगातार दूसरी बार 2019 में लोकसभा चुनाव जीतकर केंद्र की सत्ता में भाजपा के आने के 18 महीनों के भीतर उसके दो पुराने सहयोगियों, शिवसेना और अकाली दल ने उससे नाता तोड़ लिया था। अगले लोकसभा चुनाव में दो साल से कम समय बचा है, और अब जद(यू) ने उससे गठबंधन तोड़ लिया है। 
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से अलग होने वाला जद(यू) सांसदों और विधायकों के मामले में भाजपा के सहयोगियों में सबसे बड़ा दल है। जद(यू) के जार्ज फर्नांडीस कभी राजग के संयोजक हुआ करते थे, लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली पार्टी ने 2013 में भी भाजपा से उस वक्त नाता तोड़ लिया था, जब नरेंद्र मोदी को भाजपा की तरफ से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया गया था। 
वर्ष 2017 में कुमार ने राजद से नाता तोड़ लिया था और महागठबंधन सरकार से अलग होकर भाजपा के साथ सरकार बना ली थी। इसके बाद भाजपा और जद(यू) ने 2020 का विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ा और राज्य में सरकार बनाई, लेकिन संबंधों में तनाव के कारण मंगलवार को कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और राजद के साथ मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। पिछले नौ वर्षों में यह दूसरा मौका है, जब जद(यू) ने भाजपा से रिश्ते तोड़े हैं। राजग से जद(यू) के बाहर होने के बाद भाजपा के लिए देश का पूर्वी हिस्सा खासा चुनौतीपूर्ण हो गया है। खासकर, पश्चिम बंगाल, ओड़िशा और बिहार। 
दक्षिण के राज्य पहले से ही भाजपा के लिए चुनौतीपूर्ण रहे हैं। सिर्फ कर्नाटक ही एक ऐसा राज्य है, जहां भाजपा की सरकार है। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल में अभी वह एक ताकत के रूप में उभरने की कोशिश कर रही है। जद(यू) के अलग होने के बाद लोकसभा सीट की संख्या के हिसाब से अब दो ही ऐसे बड़े राज्य हैं, जहां भाजपा गठबंधन की सरकारें हैं और वे हैं उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र। इन दोनों राज्यों में लोकसभा की 128 सीट हैं। बिहार, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में भाजपा सत्ता में नहीं है और इन राज्यों में लोकसभा की कुल 122 सीट हैं। हालांकि, 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने पश्चिम बंगाल में 18 और बिहार में 17 सीट पर जीत हासिल की थी। 
उत्तर और पश्चिमी क्षेत्रों में मजबूत प्रर्दशन के दम पर भाजपा 2014 से केंद्र की सत्ता में है और उसकी कोशिश पूर्वी और दक्षिण क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति मजबूत करने की है। ‘‘सेंटर फॉर स्टडी ऑफ डेवलपिंग सोसायटीज'' के प्रोफेसर संजय कुमार ने भाजपा से जद(यू) के अलग होने पर कहा, ‘‘यह स्पष्ट संकेत है कि सहयोगी दल भाजपा के साथ सहज नहीं हैं और एक-एक कर उससे अलग होते जा रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन साथ ही इससे भाजपा को एक अवसर भी मिलता है कि जिस राज्य की क्षेत्रीय पार्टी ने उसका साथ छोड़ा है, वहां वह अपनी स्थिति मजबूत कर सके।'' 
अकाली दल के नरेश गुजराल ने कहा कि भाजपा ‘‘एकला चलो रे'' की रणनीति पर विश्वास करती है और राजग सिर्फ कागजों पर ही रह गया है। उन्होंने कहा, ‘‘अभी जो उसमें (राजग) हैं, वह भी अपना अस्तित्व बचाने के लिए वहां से निकल जाएंगे।'' वर्ष 2014 से 2019 के बीच महबूबा मुफ्ती के नेतृत्व वाली पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी और चंद्रबाबू के नेतृत्व वाली तेलुगु देशम पार्टी राजग से अलग हो गए। 
वर्ष 2019 में शिवसेना से भाजपा का गठबंधन टूट गया और उसने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस से गठबंधन कर वहां सरकार बना ली। हालांकि, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना का बड़ा धड़ा टूट गया और उसने भाजपा के साथ मिलकर महाराष्ट्र में सरकार बना ली। शिंदे इस गठबंधन सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं। 
इनके अलावा झारखंड में सुदेश महतो के नेतृत्व वाला ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन, ओ पी राजभर के नेतृत्व वाला सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, हनुमान बेनीवाल के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी, बोडो पीपुल्स पार्टी, गोरखा जनमुक्ति मोर्चा, गोवा फॉरवर्ड पार्टी, एमडीएमके और डीएमडीके भी भाजपा के नेतृत्व वाले राजग से अलग हो गए। केंद्रीय स्तर पर राजग में फिलहाल कम से कम 17 सहयोगी दल हैं, जबकि कई राजनीतिक संगठनों से उसका कुछ राज्यों में भी गठबंधन है।

Monday, June 8, 2020

June 08, 2020

बादली से दो बार विधायक रहे नरेश शर्मा ने थामा इनेलो का दामन

सोमवार को कांग्रेस से पूर्व विधायक रहे नरेश शर्मा(Naresh Sharma) ने इनेलो नेता चौधरी अभय सिंह चौटाला(Abhay Singh Chautala) की मौजूदगी में पार्टी कार्यालय चंडीगढ़ में इनेलो की सदस्यता ग्रहण की। बादली से ही दो बार के विधायक रहे नरेश शर्मा ने पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि उनके पिता और दादा चौधरी देवी लाल की नीतियों का अनुसरण करने वाले नेता थे और उनके पिता तो ताऊ देवी लाल जी के साथ किसान प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष भी रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के हालात को देखते हुए आज घरवापसी का निर्णय लिया है। पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए नरेश शर्मा ने कहा कि मैं ऐसा महसूस कर रहा हूं जैसे आज मेरा नया जन्म हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीने से हर वर्ग और हर जाति में गया हूं और सभी जगह से यही मांग आई है कि अगर किसान-मजदूर का कोई भला कर सकता है तो केवलमात्र अभय सिंह चौटाला से यह उम्मीद की जा सकती है। अभय सिंह चौटाला ने नरेश शर्मा को पार्टी का प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त करते हुए उन्हें पूरे मान-सम्मान देने का भरोसा दिलाया।

ये भी हुए शामिल साथ ही 

शिवसेना हरियाणा युवा प्रदेशाध्यक्ष नवीन दलाल जो कि बहादुरगढ़ विधानसभा से चुनाव लड़ चुके हैं, ने भी अपनी आस्था इनेलो में जताई और उनके साथ सोनीपत से गौरक्षक सेना के जिलाध्यक्ष गुरवचन व जिला उपाध्यक्ष राहुल, रोहतक जिला गौरक्षक सेना जिलाध्यक्ष जोगेंद्र समचाना व उपाध्यक्ष कपिल, झज्जर से गौरक्षक सेना के जिलाध्यक्ष राहुल सहित अनेकों कार्यकर्ताओं ने अभय सिंह चौटाला में अपनी आस्था जताते हुए इनेलो में शामिल हुए। हलका सफीदों से जजपा को छोड़ कर संजय हुड्डा जसबीर दलाल, प्रवीन मलिक, प्रदीप दलाल, प्रवीन चहल, सुमित दलाल व हरवीर सिंह सहरावत भी इनेलो में शामिल हुए। उचाना हलके से सुखबीर व तरसेम अपने परिवार समेत जजपा को छोडक़र इनेलो में शामिल हुए। बसपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती ने भी सोमवार को अपने साथियों सहित अभय सिंह चौटाला से उनके निवास स्थान चंडीगढ़ में मुलाकात कर इनेलो पार्टी की नीतियों में आस्था जताई। वह दलबल सहित अगले सप्ताह इनेलो पार्टी में शामिल होंगे।