Breaking

Thursday, May 4, 2023

May 04, 2023

हरियाणा में होगा रेसलर्स की लड़ाई का समर्थन:अनुराग ढांडा ने किया ऐलान; प्रदेश में सड़कों पर उतरेगी AAP

हरियाणा में होगा रेसलर्स की लड़ाई का समर्थन:अनुराग ढांडा ने किया ऐलान; प्रदेश में सड़कों पर उतरेगी AAP
चंडीगढ़ :रेसलर्स की लड़ाई का असर दिल्ली के बाद अब हरियाणा में दिखेगा। आम आदमी पार्टी (AAP) रेसलर्स के समर्थन में हरियाणा भर में केंद्र और राज्य सरकार के विरोध में प्रदर्शन करेगी। आप नेता अनुराग ढांडा ने इसका ऐलान किया है। प्रदर्शन से पहले ढांडा दिल्ली पहुंच गए हैं, जहां उन्होंने इस पूरे मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से चर्चा कर आगे की रणनीति बनाई।
अनुराग ढांडा ने ट्वीट कर लिखा है कि हमारे खून में बहन बेटियों के आंसू बहाना नहीं है। कल हरियाणा इसका जोरदार जवाब देगा।
*23 अप्रैल से विपश्यना दौरे पर*

हरियाणा में आम आदमी पार्टी नेता अनुराग ढांडा 23 अप्रैल से 10 दिन के लिए विपश्यना दौरे पर थे। आज उनका दौरा खत्म हो चुका है। वह रेसलर विवाद को लेकर दिल्ली रवाना हो गए हैं। वहां उन्होंने आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात कर इस पूरे मामले को लेकर चर्चा की है। रात को वह हरियाणा लौट आएंगे।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलते हरियाणा आप नेता अनुराग ढांडा।
*AISGEF भी करेगी प्रदर्शन*

ऑल इंडिया स्टेट गवर्नमेंट एम्प्लॉइज फेडरेशन (AISGEF) ने WFI अध्यक्ष की गिरफ्तारी व पद से बर्खास्त करने की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे पहलवानों के साथ पुलिस द्वारा की गई बदसलूकी व मारपीट करने की निंदा की है।
फेडरेशन ने दो टूक कहा है कि दोषी पुलिस को यदि बर्खास्त नहीं किया जाएगा तो इस कार्रवाई के खिलाफ और भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष की गिरफ्तारी व पद से बर्खास्त करने की मांग को लेकर कर्मचारी हरियाणा सहित देशभर में प्रदर्शन करेंगे।
May 04, 2023

जींद में पुलिस ने चिता से उठाया युवक का शव:ग्रामीण बोले- रात को हार्ट अटैक आया, SHO का जवाब-हत्या की आशंका

जींद में पुलिस ने चिता से उठाया युवक का शव:ग्रामीण बोले- रात को हार्ट अटैक आया, SHO का जवाब-हत्या की आशंका
जींद : जींद जिले के गांव लिजवाना कलां में एक 30 वर्षीय युवक दीपक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। गुरुवार सुबह जब उसके शव को अंतिम संस्कार के लिए चिता पर लेटाया गया तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवक का अंतिम संस्कार करने से परिजनों को रोक दिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा।जुलाना थाना SHO समरजीत ने कहा कि युवक की हत्या की आशंका है। मामले को छुपाने के लिए चुपचाप अंतिम संस्कार किया जा रहा है। ग्रामीणों ने चिता से शव उठाने का विरोध भी किया। ग्रामीणों ने दावा किया कि उसकी हत्या नहीं की गई, बल्कि हृदय गति रुकने से इसकी मौत हुई है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से युवक की मौत के कारण का खुलासा होगा।
मौके पर पहुंचे कर ग्रामीणों से बातचीत करते हुए थाना प्रभारी।

बताया गया है कि गांव लिजवाना कलां निवासी दीपक की बुधवार रात को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। परिवार के लोग दीपक के शव को लेकर श्मशान घाट पहुंच गए और उपलों की चिता बनाकर शव को उस पर रखा हुआ था। उसको मुखाग्नि देने की प्रक्रिया चल ही रही थी कि जुलाना थाना प्रभारी समरजीत सिंह दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
एसएचओ ने ग्रामीणों से कहा कि वे पोस्टमार्टम के बिना शव का अंतिम संस्कार नहीं कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि उनके पास इनपुट आया है कि दीपक के साथ मारपीट की गई है और उसके बाद ही उसकी मौत हुई है, इसलिए इस मामले मे शव का पोस्टमॉर्टम करवाना बेहद जरूरी है।
लिजवाना में चिता पर रखा गया युवक का शव, जिसे बाद में पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

पुलिस ओर ग्रामीणों में यहां काफी बहस हुई। ग्रामीण शव को उठाने के पक्ष में नहीं थे, जबकि पुलिस उसे पोस्टमार्टम के लिए ले जाने पर अड़ी थी। पुलिस ने ग्रामीणों को देर तक समझाया और कहा कि अगर उनके पास सूचना पहुंच गई है तो शव का बिना पोस्टमॉर्टम करवाए अंतिम संस्कार नहीं हो सकता है।
इस पर पुलिस ने चिता पर रखे हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल जींद ले आए। जुलाना थाना प्रभारी समरजीत सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही दीपक के मौत के कारणों का पता चलेगा।
May 04, 2023

दिल्ली में पुलिस-रेसलर्स झड़प पर बोले CM खट्‌टर:ये मामला हरियाणा से जुड़ा हुआ नहीं, आरोपों में सच्चाई जांच का विषय

दिल्ली में पुलिस-रेसलर्स झड़प पर बोले CM खट्‌टर:ये मामला हरियाणा से जुड़ा हुआ नहीं, आरोपों में सच्चाई जांच का विषय
करनाल : दिल्ली में जंतर-मंतर पर बैठे हरियाणा के रेसलर्स और दिल्ली पुलिस की झड़प पर करनाल पहुंचे CM मनोहर लाल खट्‌टर ने प्रतिक्रिया दी है। सीएम मनोहर लाल ने कहा- 'खिलाड़ियों का मामला हरियाणा सरकार के संज्ञान में है लेकिन यह मामला हरियाणा से जुड़ा हुआ नहीं है। इसलिए कार्रवाई नहीं कर सकते। यह विषय दिल्ली व केंद्रीय टीमों से जुड़ा हुआ है। माननीय सुप्रीम कोर्ट ने भी FIR दर्ज करने के आदेश जारी कर दिए है। इस मामले की निष्पक्षता से जांच होगी और आरोपों में कितनी ज्यादा सच्चाई है वह जांच का विषय है'।
*प्रदर्शन करने वाले ज्यादातर हरियाणा के रेसलर्स*

दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे रेसलर्स में ज्यादातर हरियाणा से हैं। इनमें बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक और विनेश फोगाट इस प्रदर्शन की अगुआई कर रहे हैं। यह प्रदर्शन भारतीय कुश्ती संघ(WFI) अध्यक्ष व भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह के खिलाफ हो रहा है। रेसलर्स का आरोप है कि अध्यक्ष ने रेसलर्स का यौन शोषण किया है। उन्हें पद से हटाकर गिरफ्तार किया जाए। बृजभूषण पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पोस्को एक्ट और छेड़छाड़ के 2 केस दर्ज हो चुके हैं।
पुलिस से झड़प के बाद साक्षी, विनेश और संगीता (बाएं से दाएं) मीडिया के सामने रो पड़ीं।

*अपना घर और किराये के मकान में अंतर होता है*
CM मनोहर लाल ने यहां पार्टी कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके CM मनोहर लाल ने कहा कि कार्यालय होना या ना होना, उसी तरह से है जैसे अपना मकान होना और किराये के मकान में रहना। किराये के मकान में काम तो चल जाता है लेकिन व्यक्ति स्वाभिमानी नहीं बन पाता। जब अपना घर होता है तो उसमें रहने में भी आनंद आता है, उसी प्रकार भाजपा कार्यालय भी है, जिसके बाद कार्यकर्ताओं में भी एक नया उत्साह जागृत होगा। कार्यालय का नाम कर्ण कमल रहा गया है
*कार्यालय का उद्धाटन करते मुख्यमंत्री।*

*आठ साल बाद जन संवाद याद आया*
कांग्रेस नेता मुख्यमंत्री पर 8 साल बाद जनसंवाद याद आने की बात कह रहे है, इस पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जवाब दिया है कि जन संवाद कार्यक्रमों के दौरान जनता से पूछा जाता है कि आपको सरकार का कोई अच्छा काम लगता है तो बताइए, जनता खुद ही पारदर्शिता, करप्शन मुक्ति, सरकारी योजनाओं का विषय खुद ही बता देते है। जो कहीं ना कहीं अच्छी बात है और जनता संतुष्ट है। हालांकि छोटी-छोटी समस्याएं चलती रहती है लेकिन उनका समाधान भी हो जाता है।
May 04, 2023

सुप्रीम कोर्ट में महिला पहलवानों का केस बंद:कोर्ट ने कहा- बृजभूषण पर FIR की मांग पूरी, कोई और मसला हो तो हाईकोर्ट जाएं

सुप्रीम कोर्ट में महिला पहलवानों का केस बंद:कोर्ट ने कहा- बृजभूषण पर FIR की मांग पूरी, कोई और मसला हो तो हाईकोर्ट जाएं
नई दिल्ली : जंतर-मंतर पर बुधवार रात हुई झड़प हुई थी। इसमेंरेसलर राकेश यादव का सिर फट गया था। विनेश फोगाट के भाई दुष्यंत भी घायल हुए।
जंतर-मंतर पर बुधवार रात हुई झड़प हुई थी। इसमेंरेसलर राकेश यादव का सिर फट गया था। विनेश फोगाट के भाई दुष्यंत भी घायल हुए।
सुप्रीम कोर्ट ने WFI अध्यक्ष बृजभूषण के खिलाफ महिला रेसलर्स की याचिका की सुनवाई गुरुवार को बंद कर दी। अदालत ने कहा कि महिला रेसलर्स को सुरक्षा दी गई है। उनकी मांग बृजभूषण पर FIR दर्ज करने की थी, जो पूरी हो चुकी है। अब कोई और मसला हो तो याचिकाकर्ता हाईकोर्ट या निचली अदालत में जा सकते हैं।
सुप्रीम कोर्ट का फैसला तब आया है, जब जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हुई है। जंतर-मंतर पर बुधवार देर रात हुई झड़प में पहलवान राकेश यादव और विनेश फोगाट के भाई दुष्यंत को चोटें आई हैं। दिल्ली पुलिस का कहना है कि रेसलर पर बल प्रयोग नहीं किया गया, 5 पुलिसवाले घायल हुए हैं।
लगातार 12 दिन से धरना दे रहे रेसलर्स झड़प के बाद गुरुवार को कहा कि हम सभी मेडल्स भारत सरकार को लौटा देंगे। महावीर फोगाट ने भी कहा कि वे अपना द्रोणाचार्य अवॉर्ड लौटा देंगे।

रेसलर्स से मिलने गुरुवार को दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल, किसान और खाप नेता पहुंचे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, नवजोत सिंह सिद्धू और बॉक्सर विजेंदर सिंह ने रेसलर्स का सपोर्ट किया है।
*बुधवार रात हुई झड़प से अब तक की कहानी सिलसिलेवार पढ़िए...*

बुधवार रात 10:45 बजे: विवाद तब शुरू हुआ, जब बारिश से बिस्तर और सड़कें भीगने के बाद पहलवान बेड लेकर धरना स्थल आए। आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती भी बेड लेकर पहुंचे। पुलिस ने जब पहलवानों और भारती को रोका तो बहस शुरू हो गई। दिल्ली पुलिस ने कहा कि हमने समझाने की कोशिश की, लेकिन रेसलर्स उग्र हो गए। हल्की सी झड़प भी हो गई। भारती समेत कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। गुरुवार को धरना स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात है।
बुधवार रात जंतर-मंतर पर बेड लिए रेसलर्स और उन्हें रोकते पुलिसकर्मी।

पुलिस और पहलवानों के बीच झड़प की यह फोटो बुधवार देर रात की है। 

बुधवार रात 11:45 बजे: इस घटना के वीडियो और फोटोज भी सामने आए। पहलवानों ने कहा कि हम सिर्फ कुछ बेड लेकर जा रहे थे, लेकिन पुलिस वालों ने हम पर हमला बोल दिया। कई पुलिसकर्मी नशे में थे, उन्होंने मारपीट की और अपशब्द कहे। रेसलर्स ने एक पुलिसवाले को पकड़ भी लिया। कहा कि यह नशे में अभद्रता कर रहा था। विनेश ने बताया कि उनके भाई दुष्यंत के सिर में चोट आई है। एक और रेसलर राकेश भी घायल है।
फोटो राकेश यादव की है। साथी रेसलर्स उनके सिर में लगी चोट दिखा रहे हैं। 


कॉन्स्टेबल धर्मेन्द्र की यह फोटो PTI ने जारी की है। पहलवानों ने आरोप लगाया कि ये पुलिसकर्मी नशे में था।
बुधवार रात 12:30 बजे: विवाद के बाद पहलवानों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। रेसलर संगीता फोगाट और साक्षी मलिक फूट-फूट कर रोने लगीं। इन्होंने हाथ जोड़े और कहा कि हमारी मदद करिए। विनेश ने बताया कि वो पलंग लेने जा रही थीं, इसी दौरान पुलिसकर्मी ने उनके साथ गाली गलौज और बदतमीजी की। विनेश ने रोते हुए कहा- क्या इसी दिन के लिए हम देश के लिए मेडल लेकर आए थे। बृजभूषण सुकून से सो रहे हैं और हम यहां लाठियां खा रहे हैं।
*मीडिया से बात करते हुए पहलवान संगीता फोगाट रो पड़ीं।*

 उन्होंने हाथ जोड़कर लोगों से उनका साथ देने की अपील की।
पुलिस से विवाद के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रेसलर साक्षी मलिक रोने लगीं। 
बुधवार रात 01:00 बजे: बजरंग पुनिया ने कहा कि यह हमारे देश की वह बहन-बेटियां हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। बजरंग ने अपील की कि सभी लोग सुबह जंतर-मंतर पहुंचें, वरना यहां पर कोई नहीं बचेगा।

बजरंग ने कहा कि पुलिस हमारे खिलाफ ताकत का इस्तेमाल कर रही है, महिलाओं को गाली दे रही है और बृजभूषण के खिलाफ कुछ नहीं कर रही है।
बुधवार रात 2:00 बजे: बजरंग पुनिया ने एक और वीडियो जारी किया। कहा कि धरना स्थल पर ना आएं, क्योंकि यहां आने वालों को हिरासत में ले लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमें मुद्दे से भटकाने की कोशिश की जा रही है। हमें भटकना नहीं है, किसी के साथ हाथापाई नहीं करनी है।

बुधवार रात 2:30 बजे: पुलिस ने जंतर-मंतर पर बैरिकेडिंग कर दी। मीडिया को भी वहां से हटा दिया गया। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल जंतर-मंतर जा रही थीं, लेकिन कुछ देर बाद ही उन्होंने कहा कि पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुडा को भी रात में ही हिरासत में ले लिया गया।
जंतर-मंतर पर बैरिकेडिंग के पास खड़े पुलिसकर्मी। कुछ लोग उनसे आगे जाने की इजाजत मांग रहे हैं। 

गुरुवार सुबह 7:30 बजे: स्वाति मालिवाल जंतर-मंतर पहुंचीं। यहां विनेश, साक्षी और दूसरी महिला पहलवानों से मुलाकात की। हरियाणा के गांवों से किसान और खाप नेता जंतर-मंतर की ओर रवाना हुए। प्रियंका गांधी, अरविंद केजरीवाल ने समर्थन में बयान दिए। प्रियंका गांधी बोलीं- महिला पहलवानों के आंसू देखकर दुख हुआ। इन्हें न्याय मिलना चाहिए।
गुरुवार सुबह 8:45 बजे: पहलवानों की चिट्ठी वायरल, विनेश फोगाट बोलीं- हमने कोई खत नहीं लिखा

सोशल मीडिया पर एक चिट्ठी वायरल है। दावा किया जा रहा है कि बजरंग पूनिया ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखकर जंतर-मंतर पर आंदोलनकारी खिलाड़ियों की परेशानियों का जल्द से जल्द समाधान करने की मांग की है। उन्होंने लिखा कि घटना के जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। हालांकि विनेश समेत कई अन्य पहलवानों ने कहा कि कोई चिट्ठी नहीं लिखी गई है।
गुरुवार सुबह 11 बजे: दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों से मिलने पहुंचीं। उन्होंने यहां सभी पहलवानों से बात की। उन्होंने बताया कि वे रात को 1:30 बजे भी जंतर-मंतर आई थीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें प्रदर्शनकारियों से मिलने नहीं दिया और जबरदस्ती वहां से पुलिस स्टेशन ले गई। कई घंटे पुलिस स्टेशन में बैठाए रखने के बाद पुलिस ने उन्हें जंतर-मंतर आने दिया।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल (बाएं से पहली) प्रोटेस्ट कर रहे पहलवानों से बात करती हुईं।

गुरुवार सुबह 11:10 बजे : सुबह करीब 10:30 बजे जींद से किसानों ने पहलवानों के समर्थन में दिल्ली की तरफ कूच किया। लेकिन, पुलिस ने 11 बजे उन्हें कुंडली में केजीपी-केएमपी जीरो पॉइंट के पास रोक लिया। ये किसान संयुक्त किसान मोर्चा (अराजनीतिक) के सदस्य अभिमन्यु कुहाड़ के नेतृत्व एकत्रित हुए थे।
पुलिस ने किसानों को आगे नही जाने दिया। इसके बाद केएमपी पुल के नीचे ही किसानों ने नारेबाजी शुरू कर दी।

*CM मनोहर लाल बोले- यह मामला हरियाणा से जुड़ा नहीं*
*सीएम मनोहर लाल ने कहा-* 'खिलाड़ियों का मामला हरियाणा सरकार के संज्ञान में है लेकिन यह मामला हरियाणा से जुड़ा हुआ नहीं है। इसलिए कार्रवाई नहीं कर सकते। यह विषय दिल्ली व केंद्रीय टीमों से जुड़ा हुआ है।
May 04, 2023

जींद में पहलवानों के समर्थन में खटकड़ टोल फ्री:किसानों की नारेबाजी; बोले- बेटियों पर हाथ उठाया- ज्यादती पर जान दे देंगे

जींद में पहलवानों के समर्थन में खटकड़ टोल फ्री:किसानों की नारेबाजी; बोले- बेटियों पर हाथ उठाया- ज्यादती पर जान दे देंगे
जींद :दिल्ली में जंतर मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों और पुलिस में हुए विवाद की आंच हरियाणा के जींद में पहुंच गई है। पहलवानों के पक्ष में किसान जींद-पटियाला हाइवे पर खटकड़ टोल पर जमा हो गए हैं। दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक सांकेतिक तौर पर वाहनों के लिए टोल को फ्री कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस और भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की जा रही है।
जींद में खापें, किसान और ग्रामीण पलवानों के पक्ष में एकजुट होकर गुरुवार को रोड पर उतर आए। खटकड़ टोल प्लाजा पर किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। खेड़ा खाप के प्रधान सतबीर बरसोला ने कहा कि दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक खटकड़ टोल सांकेतिक रूप से वाहनों के लिए फ्री कर दिया गया है। इसके बाद भी कोई फैसला नहीं हुआ तो फिर पूरे प्रदेश के टोल परमानेंट फ्री करवा दिए जाएंगे।
*सतबीर बरसोला व अन्य दिल्ली की घटना पर रोष जताते हुए।*

सतबीर बरसोला ने कहा कि नेशनल और इंटरनेशनल खिलाड़ियों पर लाठीचार्ज और दुर्व्यवहार से बेटियों को शर्मशार होना पड़ रहा है। बेटियों पर ही हाथ उठने लगे तो खापों और उनका जीने का कोई फायदा नहीं है। किसान आंदोलन चला, उसमें वह सब्र कर गए, लेकिन बेटियों पर अटैक हुआ है, यह सरासर गलत है। बेटियां सभी की बराबर होती हैं। इन बेटियों ने इंटरनेशनल स्तर पर तिरंगा फहराया, देश के लिए मेडल लेकर आई हैं।
किसान नेताओं ने कहा कि रोड पर बैठने के बाद भी इनके बाल खींचे गए, बिजली-पानी बंद कर दिया गया। इससे किसानों और खापों में रोष है। रात की घटना के बाद सुबह ही किसान खटकड़ टोल पर एकत्रित हो गए। दो घंटे सांकेतिक रूप से टोल फ्री किया गया है। इसके बाद और बड़ा फैसला लिया जाएगा।
May 04, 2023

हिसार में गर्भवती महिला के मर्डर का VIDEO:पत्नी के लिव-इन में रहने से गुस्साया पति; तेजधार हथियार से 10 वार कर कत्ल किया

हिसार में गर्भवती महिला के मर्डर का VIDEO:पत्नी के लिव-इन में रहने से गुस्साया पति; तेजधार हथियार से 10 वार कर कत्ल किया
हिसार : हरियाणा के हिसार में 4 माह की गर्भवती महिला के मर्डर का लाइव वीडियो सामने आया है। पत्नी के लिव इन रिलेशनशिप में रहने से नाखुश पति ने तेजधार हथियार से पत्नी का कत्ल कर दिया। वह पत्नी पर तब तक वार करता रहा, जब तक उसकी मौत नहीं हुई। यह मामला बुधवार रात का है।
वारदात हिसार के अग्रोहा खंड के लांधड़ी गांव की है। मृतका 29 साल की राज बाला पिछले कई महीने से पति को छोड़ अशोक नाम के शख्स के साथ लिव इन में रह रही थी। जिससे गुस्साए पति रोशन लाल ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस रोशन लाल को गिरफ्तार कर चुकी है।
*1 मिनट के वीडियो में पूरा मर्डर*

इस कत्ल की 1 मिनट की CCTV फुटेज सामने आई है। जिसमें दिख रहा है कि मृतका राजबाला प्राइमरी हेल्थ सेंटर (PHC) में टीका लगवाने के बाद एक महिला सिमरन के साथ घर वापस जा रही है। जब वह गेट के पास पहुंचती है तो पहले से ही बाहर पार्क में बैठा पति रोशनलाल उसका इंतजार कर रहा है। उसके हाथ में तेजधार हथियार देखते ही राजबाला वापस PHC की तरफ भागती है।
यह देख रोशनलाल उस पर पीछे से वार करता है और वह जमीन पर गिर जाती है। तब वह ताबड़तोड़ लगातार 9 वार करता है। उसके मरने के बाद भी वार करता जाता है। इसके बाद वह बाहर की ओर चल पड़ता था। फिर राजबाला की मौत को कन्फर्म करने के लिए वापस आकर वह फिर 10वां वार करता है। इस दौरान उसे कोई पकड़ नहीं सका। हत्या के बाद वह बाइक पर लिफ्ट लेकर चला जाता है।
*CCTV कैमरे में कैद हुआ पत्नी का पीछा करते हुए आरोपी पति।*
*शादी के 2 साल बाद ही शुरू हुआ प्रेम प्रसंग*

राज बाला की 2013 में रोशन लाल के साथ शादी हुई थी। जिसके बाद उनका बेटा पैदा हुआ। जो अभी 5 साल का है और नाना के घर रहता है। पुलिस जांच के मुताबिक शादी के 2 साल बाद यानी 2015 में राजबाला का प्रेम प्रसंग अशोक के साथ शुरू हो गया। उस वक्त रोशन लाल ट्रैक्टर चलाता था। इसके बाद 10 महीने पहले दोनों घर से भाग निकले और भाणा गांव में लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे।
इस मामले को सुलझाने के लिए कई बार पंचायतें हुई। पंचायत ने उन्हें गांव से बाहर जाने का फैसला सुनाया था। इसके बावजूद करीब एक महीने पहले वह फिर से गांव में आकर रहने लगे। जिसके बाद कत्ल की यह वारदात हो गई।
May 04, 2023

गोवा नहीं छोड़ेगा सोनाली का हत्यारोपी सुखविंदर:कोर्ट की शर्त- हर शुक्रवार CBI ऑफिस में पेशी, पासपोर्ट भी जमा होगा

गोवा नहीं छोड़ेगा सोनाली का हत्यारोपी सुखविंदर:कोर्ट की शर्त- हर शुक्रवार CBI ऑफिस में पेशी, पासपोर्ट भी जमा होगा
हिसार : हरियाणा भाजपा नेत्री एवं टिकटॉक स्टार सोनाली मर्डर केस में आरोपी PA सुधीर सांगवान के साथी सुखविंदर को जमानत मिली है, लेकिन वह गोवा नहीं छोड़ सकेगा। उसे गोवा में ही रहना होगा। हाईकोर्ट ने उसे 1 लाख बॉन्ड भरने की शर्त पर कंडीशनल जमानत दी है। उसे बुधवार जमानत मिली थी।
सुखविंदर के वकील सुखवंत सिंह दागी ने बताया कि हाईकोर्ट के ऑर्डर अनुसार सुखविंदर को सीबीआई ऑफिस रेगुलर जाना होगा और हर शुक्रवार को वह 10 से 12 बजे के बीच पेश होगा। उसे अपने घर का एड्रेस और रिश्तेदारों के नंबर भी जांच एजेंसी को उपलब्ध करवाने होंगे।
ट्रायल कोर्ट की तारीख रेगुलर अटेंड करनी होगी। उसे अपना पासपोर्ट भी जमा करवाना होगा, ताकि वह विदेश ना जा सके। यदि उसके पास पासपोर्ट नहीं है तो उसे एफिडेवेट देना होगा। सुखविंदर किसी भी गवाह को प्रभावित नहीं करेगा।

कोर्ट ने कहा कि पैसा सुधीर के खाते में ट्रांसफर हुआ है, वह ही सोनाली के नजदीक था। यह सुधीर की इंस्ट्रक्शन पर ही काम कर रहा था। सीबीआई को इसके खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं मिला।
*एडवोकेट सुखवंत सिंह दांगी*
*8 महीने बाद रिहा होगा*

सुखविंदर जेल से करीब 8 महीने बाद रिहा होगा। बुधवार को गोवा हाईकोर्ट ने उसकी याचिका पर सुनवाई करते हुए जमानत मंजूर की है। सुनवाई के दौरान CBI और सुखविंदर के वकीलों के बीच बहस हुई। सीबीआई ने जमानत का विरोध किया। हालांकि दोनों पक्षों के बीच बहस मंगलवार को हुई थी, परंतु बहस पूरी न होने के चलते बुधवार को फिर से मामले पर सुनवाई हुई।
*सेशन कोर्ट ने खारिज कर दी थी बेल*

इससे पहले उसकी बेल सेशन कोर्ट ने 16 फरवरी को खारिज कर दी थी। CBI ने बेल का विरोध किया था और जवाब दायर किया था कि जमानत मिलने पर आरोपी गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं। दूसरी ओर बचाव पक्ष के एडवोकेट सुखवंत सिंह दांगी ने कोर्ट में दलीलें दी थी कि इस केस में सुखविंदर को झूठा फंसाया गया है।
सीबीआई ने अपनी चार्जशीट भी दायर कर दी है, लेकिन उसमें कहीं पर भी सीबीआई इस मर्डर का मोटिव नहीं दिखा पाई। इसलिए यह मर्डर नहीं है और उनके मुवक्किल को जानबूझकर एक साजिश के तहत फंसाया गया है। वहीं सोनाली का पीए सुधीर सांगवान अभी जेल में है।