Breaking

Friday, August 11, 2023

August 11, 2023

हरियाणा के CM का आज कुरुक्षेत्र में:KU के दीक्षांत समारोह में पहुंचे मनोहर लाल; पूर्व राष्ट्रपति कोविंद भी मौजूद

हरियाणा के CM का आज कुरुक्षेत्र में:KU के दीक्षांत समारोह में पहुंचे मनोहर लाल; पूर्व राष्ट्रपति कोविंद भी मौजूद
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारेाह में मौजूद सीएम और पूर्व राष्ट्रपति कोविंद।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज कुरुक्षेत्र में हैं। फिलहाल वे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह में पहुंचे हैं। मुख्यातिथि पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी यहां पहुंच चुके हैं। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में 33वां दीक्षांत समारोह शुरू हो चुका है। केयू में स्वामी ज्ञानानंद को डॉक्टरेट की उपाधि से नवाजा गया।
सीएम मनोहर लाल दीक्षांत समारोह के बाद लाडवा क्षेत्र के तीन गांवों में जनसंवाद करेंगे। इस कार्यक्रम के तहत लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल गांव रामशरण माजरा में करीब 2 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले सामुदायिक केंद्र का भी शिलान्यास भी करेंगे। प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई हैं
कुरुक्षेत्र में दीप प्रज्वलित कर दीक्षांत समारेाह का शुभारंभ करते हुए पूर्व राष्ट्रपति व सीएम।

मुख्यमंत्री को मिलेगी डिग्री
मुख्यमंत्री मनोहर लाल कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के श्रीमद्भागवद गीता सदन में दीक्षांत समारोह में उपस्थित हैं। कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय 9 टॉपरों को गोल्ड मेडल पहनाएंगे। समारोह में 88 विद्यार्थियों में पीएचडी की डिग्रियां वितरित करेंगे। बता दें मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विद्यार्थी रहे हैं। उन्होंने यहां से जापानी भाषा का कोर्स किया है।
केयू में स्वामी ज्ञानानंद को डॉक्टरेट की उपाधि से नवाजा गया।

4 राज्यों के राज्यपाल भी होंगे शामिल
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 4 राज्यों के राज्यपाल शामिल होंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री मनोहर लाल करेंगे। कार्यक्रम में हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित व हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ला भी शामिल होंगे
सीएम मनोहर लाल का स्वागत करते हुए।

उमरी से शुरू होगा जनसंवाद
दोपहर 1 बजकर 20 मिनट पर मुख्यमंत्री मनोहर गांव उमरी के जनसंवाद कार्यक्रम में पहुंचकर लोगों की समस्याओं को सुनेंगे और उनका समाधान भी करेंगे। इसके उपरांत मुख्यमंत्री मनोहर लाल लाडवा के बाबैन खंड के गांव रामसरन माजरा में 3 बजकर 50 मिनट पर पहुंचेंगे। यहां पर सामुदायिक केंद्र का शिलान्यास करने और लोगों से सीधा संवाद करने के उपरांत लाडवा खंड के गांव गुढ़ा में 5 बजकर 40 मिनट पर पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री लाडवा में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
August 11, 2023

हरियाणा में 43 कैदी होंगे रिहा:जुर्माना न दे पाने वाले 3 कैदियों को भी छूट, 15 अगस्त को जेलों से बाहर आएंगे

हरियाणा में 43 कैदी होंगे रिहा:जुर्माना न दे पाने वाले 3 कैदियों को भी छूट, 15 अगस्त को जेलों से बाहर आएंगे
हरियाणा सएम मनोहर लाल।

हरियाणा सरकार ने आजादी की 76वीं वर्षगांठ पर 15 अगस्त को 43 कैदियों को विशेष छूट देते हुए रिहा करने का निर्णय लिया है। 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र के 7 कैदियों, जिन्होंने बिना छूट के अपनी वास्तविक सजा का 50 प्रतिशत पूरा कर लिया है, को रिहा किया जाएगा।

इसी प्रकार ऐसे सजायाफ्ता कैदी, जिन्होंने वास्तविक सजा अवधि में से बिना छूट के दो-तिहाई या 66 प्रतिशत तक की सजा पूरी कर ली है, की सजा को भी कम कर दिया गया है। ऐसे 33 कैदियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छूट का लाभ देकर रिहा किया जाएगा।

इन्हें दी सरकार ने राहत
हरियाणा की जेलों में 3 ऐसे सजायाफ्ता कैदी हैं जिन्होंने अपनी सजा पूरी कर ली है, लेकिन वे गरीब होने के कारण जुर्माना देने में सक्षम नहीं हैं। सरकार ने उन्हें भी विशेष छूट देने का फैसला किया है। सरकार के द्वारा उन्हें इस योजना का लाभ देकर 15 अगस्त को रिहा किया जाएगा। कैदियों को किसी भी न्यायालय द्वारा लगाए गए जुर्माने की राशि को अवश्य जमा करवाना होगा, अगर वे 15 अगस्त से पहले यह जुर्माना राशि जमा नहीं करवाते हैं तो उन्हें रिहा नहीं किया जाएगा।
राजभवन में होगा एट होम
प्रदेश में स्वतत्रंता दिवस समारोह 15 अगस्त को पूर्व वर्षों की भांति हर्षोल्लास, जोश और उत्साह एवं गौरवपूर्ण ढंग से आयोजित किया जाएगा। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय रोहतक में और मुख्यमंत्री मनोहर लाल फतेहाबाद में ध्वजारोहण करेंगे। 15 अगस्त की शाम को हरियाणा राजभवन चंडीगढ़ में एट होम का कार्यक्रम होगा।
August 11, 2023

अंबाला में CRPF जवान की टांग कटी:कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ते समय हुआ एक्सीडेंट; जम्मू पोस्टिंग पर जा रहा था

अंबाला में CRPF जवान की टांग कटी:कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ते समय हुआ एक्सीडेंट; जम्मू पोस्टिंग पर जा रहा था
हरियाणा के अंबाला कैंट में रेलवे लाइन क्रॉस करते समय CRPF जवान की टांग कट गई। हादसा शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे हुआ। जवान को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल अंबाला कैंट पहुंचाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद जवान को PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। जवान की पहचान छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर निवासी सेमसोन कनचन मिंज (39) के रूप में हुई है।

जवान सिविल अस्पताल में भर्ती
मिली जानकारी के मुताबिक, जवान SK मिंज ट्रैक नंबर-1 को क्रॉस करते हुए प्लेट फॉर्म नंबर 2 की तरफ जा रहा था। जल्दबाजी में ट्रेन पकड़ते हुए उसके साथ हादसा हो गया। सूचना मिलने के बाद GRP और RPF की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत जवान को एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल अंबाला कैंट पहुंचाया गया। यहां जवान का इलाज जारी है।
August 11, 2023

चंडीगढ़ पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा की आंसर की जारी:700 पदों के लिए चल रही है भर्ती प्रक्रिया, जल्द घोषित होगा रिजल्ट

चंडीगढ़ पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा की आंसर की जारी:700 पदों के लिए चल रही है भर्ती प्रक्रिया, जल्द घोषित होगा रिजल्ट
चंडीगढ़ पुलिस में 700 कांस्टेबल की भर्ती के लिए 23 जुलाई को हुए एग्जाम की चंडीगढ़ पुलिस ने आंसर की जारी कर दी है। विभाग जल्द ही इसका रिजल्ट घोषित करेगा। उम्मीदवारों की तरफ से जो आपत्तियां दर्ज कराई थी, उन्हें देखकर पुलिस ने फाइनल आंसर की जारी की है। अब इसमें कोई संशोधन नहीं हो सकता है।

कैसे डाउनलोड करें आंसर की
चंडीगढ़ पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2023 की संशोधित उत्तर कुंजी डाउनलोड करने के लिए वेबसाइट पर रिक्रूटमेंट का ऑप्शन दिया गया है। यहां पर कांस्टेबल 2023 एग्जीक्यूटिव का ऑप्शन है। उसे पर क्लिक करने के बाद सभी चार प्रशन सेटों की आंसर की वहां पर उपलब्ध।हैं
August 11, 2023

नारनौल में 8 लाख लूट केस में 5 काबू:सीसीटीवी में आया लुटेरों का बाइक नंबर; मेगा मार्ट कर्मी ने बनाई थी योजना

नारनौल में 8 लाख लूट केस में 5 काबू:सीसीटीवी में आया लुटेरों का बाइक नंबर; मेगा मार्ट कर्मी ने बनाई थी योजना
पुलिस के हत्थे चढ़े 5 बदमाश।

हरियाणा के नारनौल की कर्मचारी कॉलोनी में गत 29 जुलाई को ही करीब 8 लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में लूट के मुख्य 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा पुलिस ने 8 अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया है, जो लूट की योजना बनाने वह लुटेरों की किसी न किसी तरीके से मदद करने में शामिल रहे हैं। इस बारे में एसपी विक्रांत भूषण ने पत्रकारों को जानकारी दी।

कर्मचारी कॉलोनी में गत 29 जुलाई को स्मार्ट मेगा मार्ट के मालिक के घर से रुपए लेकर आ रहे एक कर्मचारी के साथ दो बाइक सवार चार बदमाशों ने बंदूक की नोक पर लूट कर ली थी। बदमाशों ने करीब आठ लाख रुपए से भरा बैग लूट लिया था। जिसके बाद कर्मचारियों ने इसकी जानकारी स्मार्ट मेगा मार्ट के मालिक देवेंद्र और तेज प्रकाश को दी। तेज प्रकाश ने इसकी शिकायत पुलिस को की थी। जिसके बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुट गई थी।
एसपी विक्रांत भूषण ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए।

सीसीटीवी से मिली कामयाबी
पुलिस को कॉलोनी में जो सीसीटीवी फुटेज मिली उसमें लूट की वारदात में प्रयोग की गई एक बाइक के नंबर आ गए। यह बाइक चालक उस दिन तीन चार बार बाइक लेकर कॉलोनी में आया था। इसी के आधार पर पुलिस ने लुटेरों की तलाश शुरू की। बाइक नंबरों के आधार पर पुलिस ने अगले ही दिन बाइक मालिक को गिरफ्तार कर लिया था। बाइक मालिक से लुटेरे बाइक लेकर गए हुए थे, जो बाइक मालिक के घर पर किराए पर रह रहे थे।
कई राज्यों में पुलिस की रेड
इसी के आधार पर पुलिस ने 2 दिन बाद कुछ अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया था, लेकिन मुख्य आरोपी पुलिस की पहुंच से दूर थे। जिसके चलते पुलिस ने हरियाणा के शहरों के साथ-साथ दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी दबिश दी। जिसके आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी रेवाड़ी जिले के भैरू का बास निवासी शुभम के अलावा नारनौल सदर थाना के अंतर्गत आने वाले गांव सहरपुर गांव निवासी संदीप, सोमवीर व प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया।
योजना बनाने वाले का हिस्सा 30 प्रतिशत
मेगा मार्ट में काम करने वाला ही निकला प्लानिंग करने वाला लूट की योजना को बनाने में स्मार्ट मेगा मार्ट में काम करने वाला ही शहरपुर निवासी विनोद नामक व्यक्ति निकला। विनोद ने ही लुटेरों को इस बारे में सूचना दी थी कि स्मार्ट मेगा मार्ट में कैश का ज्यादा काम होता है तथा इस दिन कैश लाया जाता है। वही लूट का पैसा भी कई हिस्सों में बटने वाला था। जिसमें 70 परसेंट हिस्सा लूट करने वाले तथा 30 परसेंट हिस्सा योजना बनाने वाले तथा साथ देने वाले लोगों में बंटना था।

Thursday, August 10, 2023

August 10, 2023

करनाल टोल पर 1400 गुना महंगे किए पास:20KM एरिया में रहने वालों के लिए 300 रुपए वाला पास अब 4300 का, ड्राइवरों का प्रदर्शन

करनाल टोल पर 1400 गुना महंगे किए पास:20KM एरिया में रहने वालों के लिए 300 रुपए वाला पास अब 4300 का, ड्राइवरों का प्रदर्शन
बसताड़ा टोल प्लाजा पर प्रदर्शन करते ड्राइवर।

हरियाणा के करनाल में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के बसताड़ा टोल प्लाजा पर कंपनी बदलते ही लोकल वाहन चालकों के लिए रूल भी बदल गए हैं। लोकल वाहन चालकों के लिए यहां मंथली पास के रेट 1400 गुना तक बढ़ा दिए गए हैं। पहले जो पास 150 से 300 रुपए में बनता था, नई कंपनी ने उसका रेट बढ़ाकर 4300 रुपए कर दिया है
कंपनी के कार्यालय के बाहर हंगामा करते वाहन चालक।

टोल ऑपरेट करने वाली कंपनी की इस मनमानी के खिलाफ गुरुवार को लोकल वाहन चालकों ने जोरदार हंगामा किया। टोल मैनेजर ने उन्हें समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वाहन चालक नहीं माने। इसके बाद टोल मैनेजर ने अपने आला अफसरों से बात कर वाहन चालकों को 16 अगस्त तक का टाइम दिलाया। हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची।

*ईगल कंपनी को दी जिम्मेदारी*

NHAI ने बसताड़ा टोल प्लाजा को ऑपरेट करने की जिम्मेदारी अब ईगल कंपनी को दी है। इस कंपनी ने बीती 28 जुलाई से ही टोल पर काम संभाला। इससे पहले पाथ कंपनी यहां टोल ऑपरेट कर रही थी। टोल प्लाजा के 10 और 20 किलोमीटर के एरिया में आने वाले गांवों के लोकल वाहन चालकों के लिए टोल पर 150 और 300 रुपए के मंथली पास बने हुए थे
मौके पर पहुंची पुलिस।

गुरुवार सुबह जब कुछ वाहन चालक अपने पास रिन्यू कराने पहुंचे तो नई कंपनी ने मंथली पास का रेट 4300 रुपए बनाया। वाहन चालकों ने इस बेतहाशा बढ़ोतरी का विरोध करते हुए टोल ऑफिस पर हंगामा कर दिया।

*सभी वाहन आसपास के गांवों के*

टैक्सी ड्राइवरों ने बताया कि पहले 150 व 300 रुपए का लोकल टोल पास बनाया जाता था लेकिन अब 4300 रुपए मांगे जा रहे हैं जो गलत है। सभी टैक्सी ड्राइवर आसपास के गांवों के रहने वाले है। पहले कंपनी ने लोकल पास बनाकर दिए लेकिन अब नई कंपनी रेट बढ़ा रही है। अब कंपनी बोल रही है कि प्राइवेट व्हीकलों के लिए पास हैं, लेकिन टैक्सी के लिए पास नहीं है। तो क्या पहले वाली कंपनी ने गलत तरीके से पास बना दिए थे। लोकल टैक्सी वालों के प्रतिदिन कई-कई चक्कर टोल से लगते है। कोई सुनने वाला ही नहीं है। बाउंसरों की तरफ से धमकियां दी जा रही है।
टोल कंपनी के खिलाफ नारेबाजी करते वाहन चालक।

16 अगस्त तक का टाइम दिया
टोल कंपनी के मैनेजर समीर ने बताया है कि पहले कंपनी ने क्या किया, इसका पता नहीं है लेकिन NHAI के नियमों के हिसाब से ही पास बनाए जा रहे है। लोकल प्राइवेट वाहनों के लिए पास है, लेकिन टैक्सी के लिए नहीं। मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में ला दिया गया है। इन सभी को 16 अगस्त का समय दिया गया
August 10, 2023

दिल्ली डुबोने के चक्कर में हरियाणा में आई बाढ़ : अनुराग ढांडा*

*दिल्ली डुबोने के चक्कर में हरियाणा में आई बाढ़ : अनुराग ढांडा*
चंडीगढ़: आदमी पार्टी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अनुराग ढांडा ने यमुना कनाल के चीफ इंजीनियर सस्पेंड मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली को डुबाने की साजिश बेनकाब हुई है। हरियाणा की  खट्टर सरकार अब इसका ठीकरा अफसरों पर फोड़ना चाहते हैं, इससे साबित हो गया है कि आईटीओ बैराज के गेट का रखरखाव न करके उसे बंद पड़े रहने देना बीजेपी की साजिश थी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने शुरू से ही इसे दिल्ली डुबोने के लिए हरियाणा सरकार की साजिश करार दिया था। वहीं दिल्ली को डुबाने के चक्कर में हरियाणा में भी बाढ़ आ गई। यमुना के सभी तटबंद टूट गए। खट्टर सरकार में अवैध माइनिंग के कारण यमुना से लगते सभी इलाकों में बाढ़ आ गई। उन्होंने कहा कि बाढ़ ही आनी थी तो यूपी की तरफ क्यों नहीं आई? इससे पता चलता है कि हरियाणा में मुख्यमंत्री खट्टर की नाक के नीचे यमुना के अवैध माइनिंग का खेल चल रहा है। इसी वजह से यमुना का जलस्तर दिल्ली में खतरे से ऊपर जाते ही हरियाणा में भी यमुना से लगते क्षेत्र डूब गए।उन्होंने बताया कि 31में से 5 गेट बंद रहने की वजह से दिल्ली में पानी का स्तर 15% ज्यादा ऊपर गया और कई इलाके पानी में डूब गये। इससे पहले दिल्ली सरकार ने 2019 में, 2021 में और 2022 में भी गेट के रखरखाव संबंधी पत्र लिखे और इनको दिल्ली सरकार को सौंपने की गुजारिश भी की, लेकिन मुख्यमंत्री खट्टर ने जानबूझकर दिल्ली को डुबाने का काम किया।
उन्होंने कहा कि सीएम खट्टर खुद पाक साफ बनने के चक्कर में अफसरों को बलि का बकरा बना देते हैं। मुख्यमंत्री खट्टर ज़रा खुल कर पूरे देश को बताएं कि बीजेपी कि आईटीओ बैराज के गेट बंद रखने और हथिनीकुंड से सारा पानी दिल्ली की तरफ छोडने वाली साजिश में सिर्फ ये अफसर ही शामिल हैं या सीएम खट्टर खुद भी ? वे हर मामले में अपनी जिम्मेदारी से भागने का काम कर रहे हैं।
August 10, 2023

हरियाणा के नए DGP पर फैसला जल्द:दिल्ली में आज UPSC की इंपैनलमेंट कमेटी मीटिंग; 3 नाम किए जाएंगे फाइनल, CS-DGP होंगे शामिल

हरियाणा के नए DGP पर फैसला जल्द:दिल्ली में आज UPSC की इंपैनलमेंट कमेटी मीटिंग; 3 नाम किए जाएंगे फाइनल, CS-DGP होंगे शामिल
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (DGP) की निुयक्ति को लेकर आज संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की मीटिंग दिल्ली में होगी। इस मीटिंग में हरियाणा के 3 सीनियर IAS अफसरों के नाम फाइनल किए जाएंगे। मीटिंग में मुख्य सचिव संजीव कौशल, DGP की पीके अग्रवाल हरियाणा की ओर से शामिल होंगे।

इसके अलावा इंपैनलमेंट कमेटी के सदस्य भी मौजूद रहेंगे। हरियाणा की तरफ से 10 IPS अफसरों के नाम IPSC को भेजे गए हैं। इनमें IPS मोहम्मद अकील, RC मिश्रा, शत्रुजीत कपूर का नाम शामिल है। बताया जा रहा है कि अगले DGP के तौर पर शत्रुजीत कपूर का दावा सबसे मजबूत है।
DGP की रिटायरमेंट को सिर्फ 5 दिन बचे
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (DGP) पीके अग्रवाल की रिटायरमेंट में अब सिर्फ 5 दिन बचे हैं। नई दिल्ली में होने वाली मीटिंग की अध्यक्षता UPSC के अध्यक्ष या एक सदस्य द्वारा की जाएगी। इसमें केंद्रीय गृह सचिव या उनके नामांकित व्यक्ति, राज्य के मुख्य सचिव, राज्य के DGP और केंद्रीय पुलिस संगठनों या केंद्रीय अर्धसैनिक बलों का नेतृत्व करने वाला एक अधिकारी शामिल होगा।
IPS मनोज यादव जता चुके अनिच्छा
राज्य सरकार ने 1988 बैच के IPS अधिकारी और पूर्व DGP मनोज यादव ने सेवा रिकॉर्ड अपने मूल कैडर में वापस आने की अनिच्छा जताते हुए, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के DG के रूप में उनकी हालिया नियुक्ति का हवाला देते हुए UPSC को भेजने से इनकार कर दिया है।
इस नियम से यादव अभी दौड़ में
सुप्रीम कोर्ट (SC) के निर्देशों और केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) द्वारा शीर्ष अदालत में दिए गए शपथ पत्र में आयोग अभी भी उन्हें 3 नामों के पैनल में चुनेगा या नहीं इस पर संशय बना हुआ है। वैसे राज्य के DGP के रूप में पैनल में शामिल होने के लिए किसी अधिकारी की सहमति की आवश्यकता नहीं है। सुप्रीम कोर्ट के समक्ष गृह मंत्रालय की प्रतिक्रिया जनवरी में शीर्ष अदालत में नागालैंड सरकार द्वारा दायर एक अंतरिम आवेदन की सुनवाई के दौरान आई थी।
इसलिए सरकार ने नहीं भेजा यादव का नाम
IPS अफसर यादव का डोजियर UPSC को न भेजने के पीछे का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य में सेवारत 3 IPS अधिकारी मोहम्मद अकील और आरसी मिश्रा (1989 बैच) और शत्रुजीत कपूर (1990 बैच) को वरिष्ठता, योग्यता और अनुभव के आधार पर पैनल में शामिल किया जाए। हरियाणा सरकार के अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर कपूर को राज्य पुलिस बल का प्रमुख चुनने के इच्छुक हैं।
August 10, 2023

जींद में पुलिस ने दबोचा नकली CBI डीएसपी:नौकरी लगवाने के लिए 1 लाख रुपए लेने आया था; केस दर्ज

जींद में पुलिस ने दबोचा नकली CBI डीएसपी:नौकरी लगवाने के लिए 1 लाख रुपए लेने आया था; केस दर्ज
पुलस गिरफ्त में गुरध्यान सिंह।

हरियाणा के जींद में पुलिस ने सीबीआई के एक फर्जी डीएसपी को पकड़ा है। वह एक युवक को नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे आज 1 लाख रुपए लेने के लिए आया था। सूचना के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है।

खुद को बताया खुफिया अधिकारी
जींद के पटियाला चौक के पास की आनंद पर्वत कॉलोनी निवासी रामपाल ने बताया कि 4-5 दिन पहले किसी जानकार के माध्यम से उसकी मुलाकात गुरध्यान सिंह निवासी बधाना के साथ हुई थी। गुरध्यान ने खुद को खुफिया साइबर अपराधों का विशेष जांच अधिकारी (CBI) बताया। साथ ही उसे विश्वास दिलवाया कि उसकी बड़े अधिकारियों और राजनेताओं से संपर्क रहता है और उनको काम पड़ता रहता है। उसने अपने आई कार्ड भी दिखाए।
दामाद को लगवाना था नौकरी
रामपाल ने बताया कि उसके झांसे में आकर उसने अपने दामाद सोमदत्त निवासी उचाना मंडी को नौकरी लगवाने की बात कही। इस पर गुरध्यान ने भूना के सरकारी अस्पताल में डीसी रेट पर नौकरी लगवाने के लिए कहा। उससे उसके शैक्षणिक दस्तावेज ले लिए। फाइल चार्ज के नाम पर 2500 रुपए भी लिए और नौकरी लगवाने के बाद 1 लाख रुपए और देने के लिए कहा।
ऐसे हुआ व्यक्ति को शक
उसने एक लाख रुपए देने के लिए हामी भर ली। उसने अपने स्तर पर पता किया तो सामने आया कि सरकारी अस्पताल भूना में किसी तरह की नौकरी नहीं निकली है। गुरध्यान भी नकली अफसर है। इस पर उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने रेडिंग पार्टी का गठन किया। गुरुध्यान फार्म भरने के नाम पर रुपए लेने के लिए उसके पास आया तो पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
August 10, 2023

अभय चौटाला की सुरक्षा मामले में सरकार को झटका:हाईकोर्ट का सिक्योरिटी बढ़ाने का आदेश; कुछ दिन पहले मिली थी

अभय चौटाला की सुरक्षा मामले में सरकार को झटका:हाईकोर्ट का सिक्योरिटी बढ़ाने का आदेश; कुछ दिन पहले मिली थी जान से मारने की धमकी
इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला।

इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला की सुरक्षा मामले में हरियाणा सरकार को झटका लगा है। पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान अभय की सुरक्षा बढ़ाने के लिए सरकार को आदेश दिए हैं। कोर्ट ने कहा है कि जैन परिवर्तन यात्रा के दौरान इनेलो विधायक की सुरक्षा बढ़ाई जाए। कुछ दिन पहले अभय चौटाला को जान से मारने की धमकी मिली थी।

जिसके बाद उन्होंने हरियाणा के डीजीपी को पत्र लिखकर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने 10 अगस्त की डेट तय की था।
निजी सचिव के पास आई थी कॉल
हरियाणा के पूर्व CM ओपी चौटाला के विधायक बेटे अभय चौटाला को जान से मारने की जुलाई में धमकी मिली थी। अभय चौटाला इनेलो के प्रधान महासचिव भी हैं। धमकी वाली कॉल उनके निजी सचिव के पास आई थी। विदेशी नंबर से आए इस कॉल के बाद उनकी तरफ से हरियाणा पुलिस को शिकायत दी गई थी। पुलिस ने जींद सदर थाने में धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
3 अगस्त को दायर की याचिका
अभय सिंह चौटाला ने इस मामले में 30 जुलाई को हरियाणा के DGP पीके अग्रवाल को अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी की थी। इसे भी नजरंदाज कर दिया गया। इस कारण अभय चौटाला ने 3 अगस्त को हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर अपनी सुरक्षा बढ़ाने या उन्हें केंद्रीय सुरक्षा बलों की सुरक्षा दिए जाने की मांग की है, जिस पर हाईकोर्ट में गुरुवार को सुनवाई हुई।
पुलिस पहले ही बढ़ा चुकी है सिक्योरिटी
हालांकि धमकी के बाद अभय चौटाला की सिक्योरिटी बढ़ा दी गई थी। उनके साथ पुलिस की अतिरिक्त गाड़ी तैनात कर दी गई है। अभय चौटाला ने कहा कि वे इस तरह की धमकियों से डरने वाले नहीं है और न ही इसकी कोई परवाह करते हैं।

ऑडियो मैसेज से दी धमकी
जींद के DSP रवि खुंडिया का कहना है इस मामले की जांच चल रही है। इनेलो प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला के निजी सचिव रमेश गोदारा ने शिकायत दी थी। उनके पास विदेशी नंबर से बार-बार वॉट्सऐप कॉल आ रहे थे। कॉल अटेंड न करने पर उनके वॉट्सऐप पर विदेशी नंबर से ऑडियो रिकॉर्डिंग मैसेज किया गया। इसमें जान से मारने की धमकी दी गई है।
August 10, 2023

हिसार में किसानों ने नेशनल हाईवे किया बंद:सिरसा रोड पर जाम; ट्रैक्टर लेकर जा रहे थे लघु सचिवालय, पुलिस ने रोका; मुआवजा मांग रहे

हिसार में किसानों ने नेशनल हाईवे किया बंद:सिरसा रोड पर जाम; ट्रैक्टर लेकर जा रहे थे लघु सचिवालय, पुलिस ने रोका; मुआवजा मांग रहे
हिसार में लघुसचिवालय का घेराव करने ट्रैक्टर पर जा रहे किसानों को पुलिस ने रोक लिया है।

हिसार में किसान और पुलिस आमने-सामने हो गए हैं। यहां लघु सचिवालय का घेराव करने जा रहे किसानों को पुलिस ने शहर के बाहर मुख्य मार्गों पर ही रोक लिया। किसानों को शहर के हिसार बाइपास, राजगढ़ बालसमंद रोड पर पुलिस ने रोक लिया है। पुलिस ने इन्हें रोकने के लिए डंपर, रोडवेज बस और बैरिकेड्स लगा दिए हैं।
पहले सुबह 11 बजे हिसार बाइपास पर किसानों को पुलिस ने रोका तो दोनों पक्षों में गहमागहमी हो गई। किसानों ने बैरिकेड्स तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने बैरिकेड्स के आगे ही रेत और बजरी से भरे डंपर खड़े किए हुए थे, जिसे किसान पार नहीं कर सके।

हिसार बाइपास पर किसानों ने पुलिस के रोकने पर हाईवे जाम करने की चेतावनी दी। इसके बाद किसानों ने हाईवे जाम कर दिया। सिरसा जाने के लिए दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। वाहन जाम में फंसे हुए हैं।
हिसार में पुलिस ने राजगढ़ रोड पर किसानों को रोका है।

वहीं दूसरी और राजगढ रोड पर पुलिस किसान ट्रैक्टर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस कर्मचारी ट्रैक्टर के आगे खड़े हो गए। किसान अब यहां पर ही धरना लगाकर बैठ गए हैं। किसान फसल मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

इससे पहले किसानों ने लघु सचिवालय के घेराव को लेकर अल्टीमेटम दिया था। किसानों के अल्टीमेटम के चलते पुलिस ने शहर के मुख्य मार्गों पर बैरिकेड लगा दिए। उधर, किसानों ने घेराव को लेकर आस-पास के जिलों के किसानों को भी संदेश भेज दिया है। पुलिस ने कुछ किसानों को हिरासत में भी लिया है, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई है।
हिसार में सिरसा रोड पर भाजपा कार्यालय के बाहर खड़ा भारी पुलिस बल।

शहर के सिरसा रोड पर भाजपा कार्यालय के सामने भारी पुलिस बल तैनात है। इस जगह पर बैरिकेड लगाए गए हैं। बता दें कि किसान पिछले 70 दिनों से खरीफ 2022 के मुआवजे की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं।
*रात को धरने पर हुआ हंगामा*

किसानों के धरने पर रात को हंगामा भी हुआ था। किसानों और पुलिस के बीच रात को धरनास्थल पर गहमा गहमी हो गई। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस कर्मचारी किसानों पर रास्ता बंद करने का आरोप लगा रहे हैं और कह रहे हैं कि जज की गाड़ी का रास्ता बंद कर दिया।
पुलिस और किसानों में धक्का मुक्की भी हुई। किसानों ने सादी वर्दी में आए पुलिस कर्मचारियों पर आरोप लगाया कि हमारे प्रधान को गालियां निकाल रहा है। कुछ पुलिस कर्मचारियों ने बीच बचाव करते हुए किसानों से उन्हें धरने पर बैठे रहने के लिए कहा।

August 10, 2023

अंबाला में BJP के नेता पर हमला:कहा- युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने साथियों संग बरसाए डंडे, प्रतीक चौधरी बोले- झूठी FIR दर्ज की

अंबाला में BJP के नेता पर हमला:कहा- युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने साथियों संग बरसाए डंडे, प्रतीक चौधरी बोले- झूठी FIR दर्ज की
हरियाणा के अंबाला में BJP नेता का पीछा कर डंडे-बिंडों व तेजधार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में BJP नेता के आंख समेत कई जगह चोटें आई हैं। आरोप कांग्रेस की यूथ विंग के जिला प्रधान प्रतीक चौधरी पर लगे हैं। आरोप हैं कि हमलावर उसकी गले से सोने की चेन में झपट कर ले गए। बलदेव नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर स्नैचिंग और मारपीट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अंबाला सिटी के काशी नगर निवासी BJP के जिला उपाध्यक्ष (भाजपा युवा मोर्चा) हरप्रीत भल्ला ने बताया कि वह अपने घर पर ट्यूशन पढ़ाता है। बुधवार शाम साढ़े 7 बजे एक्टिवा में तेल डलवाने के लिए प्रेम नगर पेट्रोल पंप पर गया था। यहां से पेट्रोल डलवा अपने घर की तरफ वापस जाने लगा। यहां पहले से ही एक गाड़ी खड़ी थी।

स्कोडा गाड़ी में सवार थे हमलावर
हरप्रीत भल्ला ने बताया कि आरोपी प्रतीक चौधरी उसके वार्ड-14 का ही रहने वाला है। पहले भी कई बार धमकी दे चुका है। उसी रंजिश के चलते बुधवार शाम को पेट्रोल पंप से 50 मीटर की दूरी पर उसकी एक्टिवा के आगे प्रतीक ने अपनी स्कोडा गाड़ी (HR-01-AR-6622) रोकी। गाड़ी में सवार 4 युवकों ने डंडे-बिंडे व तेजधार हथियारों से पीटना शुरू कर दिया। पीटते-पीटते हमलावर बोल रहे थे कि इसको जान से मारना है।
जान से खत्म करने की धमकी, केस दर्ज
शिकायतकर्ता ने बताया कि हमले में उसकी आंख के पास तेजधार हथियार से वार किया गया। गनीमत रही कि वहां लोगों ने बीच-बचाव कर दिया। भागते हुए बदमाश उसके गले से सोने की चेन और जान से मारने की धमकी दे गए। बताया कि हमलावरों में प्रतीक चौधरी शामिल था। जो चिल्ला रहा था कि तेरे को जान से खत्म कर देंगे।
पीड़ित ने प्रतीक चौधरी से जान को खतरा बताया है। मॉडल टाउन चौकी पुलिस ने प्रतीक चौधरी को नामजद करते हुए आरोपियों के खिलाफ धारा 323, 342, 506, 34 व 379-B के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रतीक ने कहा- झूठी FIR दर्ज की
वहीं प्रतीक चौधरी ने कहा कि उनके खिलाफ झूठी FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने सरकार के दबाव में स्नैचिंग की धारा जोड़ी है। अगर हमला किया है तो कोई गवाह या फिर कोई वीडियो-फुटेज तो दिखाए।
August 10, 2023

जीन्द विकास संगठन के अध्यक्ष राजकुमार गोयल के प्रयास लाए रंग

जीन्द विकास संगठन के अध्यक्ष राजकुमार गोयल के प्रयास लाए रंग
जीन्द : जीन्द विकास संगठन के अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी डा. राजकुमार गोयल के प्रयास रंग लाए हैं जिसके चलते रानी तालाब पर टूटी ग्रीलें बदलने का काम शुरू हो गया है। राजकुमार गोयल इन 50 से ज्यादा ग्रीलों को ठीक करवाने को लेकर पिछले 6 महीने से लगातार संघर्षरत थे। परिक्रमा मार्ग की ये ग्रीलें इतनी टूटी हुई थी कि कभी भी कोई बच्चा सीधा रानी तालाब में गिर सकता था।राजकुमार गोयल ने बताया कि स्वर्ण मंदिर की तर्ज पर बने ऐतिहासिक रानी तालाब मंदिर के चारों तरफ जो परिक्रमा मार्ग बना हुआ है उसमें दोनों तरफ बनी दिवारों में लगी कंक्रीट की ग्रीलें कई जगह से टूटी हुई थी। ग्रिलें इतनी टूटी हुई थी कि कोई भी छोटा बच्चा सीधा रानी तालाब में गिर सकता था। ये ग्रिलें नीचे की तरफ से टूटी हुई थी जिसके चलते श्रद्धालुओं के लिए परिक्रमा मार्ग पर चलना किसी बड़े खतरे से कम नहीं था। इस मुददे को जीन्द विकास संगठन के अध्यक्ष राजकुमार गोयल ने प्रमुखता से उठाया। कई बार प्रशासन के अधिकारियों के समक्ष यह मांग रखी गई। जीन्द के एसडीएम से मिलकर उन्हें इस मुद्दे से अवगत करवाया गया। जीन्द के डीसी के समक्ष भी यह मांग रखी गई। इसके साथ साथ सीएम विंडो पर भी इस मुद्दे को उठाया गया।
मुख्यमंत्री को दी गई शिकायत में लिखा गया कि इन ग्रीलों को जल्द से जल्द ठीक करवाना बहुत जरूरी है क्योकि कभी भी कोई भी बडा हादसा हो सकता है। शिकायत में लिखा गया है कि परिक्रमा मार्ग की ग्रीलें इतनी टूटी हुई हैं जिससे छोटे बच्चों के तालाब में गिरने का पूरा पूरा खतरा है। सीएम विंडो के माध्यम से मुख्यमंत्री से इन ग्रीलों को जल्द से जल्द बदलवाने की मांग की गई। इन सब प्रयासों के बाद गत सप्ताह प्रशासन हरकत में आया। प्रशासन ने इन ग्रिलों को जल्द बदलवाने का आश्वासन दिया और अब 2 रोज से प्रशासन ने इन ग्रीलों को बदलवाने का काम शुरू कर दिया है। इस सप्ताह में यह काम पूरा हो जाएगा। गोयल का कहना है कि वे पिछले लम्बे समय से जीन्द के विकास की लडाई लड रहे है और आगे भी लडते रहेंगे।

Wednesday, August 9, 2023

August 09, 2023

मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से की मंत्रणा

मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से की मंत्रणा
चंडीगढ़ – हरियाणा गठन के बाद मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ऐसे पहले मुख्यमंत्री बने हैं, जिन्होंने एक अनूठी पहल की शुरुआत करते हुए चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री आवास पर लोकसभा क्षेत्रवार जनप्रतिनिधियों व प्रबुद्ध व्यक्तियों तथा विभिन्न विभागों के आला अधिकारियों को एक मंच पर लेकर आए हैं। इस प्रकार की बैठकों में विधानसभावार जन प्रतिनिधि उच्च अधिकारियों से विकास कार्यों के संबंध में जानकारी हासिल करते हैं और अधिकारी एक-एक परियोजना व योजना के बारे में बारीकी से उन्हें अवगत करवाते हैं।इसी कड़ी में आज संत कबीर कुटीर पर कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों के साथ मुख्यमंत्री ने मंत्रणा की और कहा कि आप खुलकर अधिकारियों के समक्ष अपने क्षेत्र की सार्वजनिक समस्याओं व मांगों को रख सकते हैं और चल रहे विकास कार्यों के बारे में जानकारी दे सकते हैं। साथ ही भविष्य की आवश्यकता क्या है, इसके बारे भी लिखित में जानकारी दे सकते हैं और सीएमओ कार्यालय से जुड़े अधिकारी इन प्रतिवेदनों का पूरा रिकॉर्ड रखते हैं और संबंधित विभागों को प्रेषित करते हैं।मनोहर लाल ने कहा कि स्वच्छ प्रशासन व ‌विकास के कार्य तेजी से हों, यही इस बैठक का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि पहले लोगों को इस बात का संशय रहता था कि चंडीगढ़ मुख्यालय पर फील्ड से भेजे गए प्रतिवेदन केवल फाइलों में दर्ज होते हैं, उन पर एक्शन कम होता है, परंतु मुख्यमंत्री ने इस धारणा को खत्म करने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को सीधा उच्च अधिकारियों से बातचीत करने के लिए उन्हें एक मंच पर लाने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम की शुरुआत की गई है।

लाडवा से डॉ गणेश दत्त ने अधिकारियों के साथ बैठक के अनुभव सांझा करते हुए मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि बड़े ही उत्साहपूर्ण व ऊर्जावान तरीके से बैठक हुई और जो काम लेकर आए थे, उनके पूरा होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि आपकी कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं हैं।
हर बैठक में विधानसभा वार हर ग्रुप को 15-15 मिनट का मिलता है समय

मुख्यमंत्री इस मंत्रणा बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों व प्रबुद्ध नागरिकों को अपनी बात रखने के लिए पूरा समय देते हैं। इसके लिए उन्होंने लगभग सवा 2 घंटे का समय निर्धारित किया हुआ है। इस दौरान एक लोकसभा क्षेत्र में पड़ने वाली 9 विधानसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों व प्रबुद्ध नागरिकों तथा उच्च अधिकारियों का 1-1 ग्रुप बनाकर बातचीत की जाती है और हर ग्रुप को 15-15 मिनट का मिलता है समय मिलता है। मुख्यमंत्री के इस प्रशासनिक प्रबंधन की पहल का फील्ड से आने वाला हर व्यक्ति कायल है कि किस प्रकार मुख्यमंत्री हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अवसर देते हैं। अब तक मुख्यमंत्री 8 लोकसभा क्षेत्रों को कवर कर चुके हैं, जिसमें आज कुरुक्षेत्र 9वां लोकसभा क्षेत्र था। इस प्रकार 81 विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं को उच्च अधिकारियों ने सीधा सुना है। अगले सप्ताह सिरसा लोकसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों व प्रबुद्ध नागरिकों से मुख्यमंत्री बातचीत करेंगे।
इन बैठकों के सफल आयोजन के बाद मुख्यमंत्री ने लोगों की मांग पर यह निर्णय लिया है कि इस प्रकार की बैठकें साल में कम से कम 2 बार आयोजित करवाने का प्रयास किया जाएगा, जिससे जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन और आमजन से फीडबैक लेने की समुचित प्रक्रिया सु‌व्यवस्थित तरीके से हो सकेगी। इसके साथ ही पहले की बैठकों में रखी गई बातों पर हुई कार्रवाई के बारे में भी समीक्षा की जाएगी।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती कमलेश ढांडा, मुद्रण एवं लेखन राज्य मंत्री सरदार संदीप सिंह, विधायक श्री सुभाष सुधा, हैफेड के चेयरमैन श्री कैलाश भगत, पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन श्री धर्मवीर मिर्जापुर, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, पूर्व विधायक डॉ पवन सैनी, पूर्व विधायक ईश्वर सिंह पलाका, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ जी अनुपमा, विकास एवं पंचायत विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अनिल मलिक, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधीर राजपाल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री वी उमाशंकर, बिजली निगमों के चेयरमैन श्री पीके दास, सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अंत्योदय (सेवा) विभाग के प्रधान सचिव श्री विजेंद्र कुमार, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार श्री बी.बी भारती, ओएसडी श्री जवाहर यादव, श्री भूपेश्वर दयाल व श्री सुधांशु गौतम और राजनीतिक सचिव श्री कृष्‍ण बेदी, महामंत्री श्री रविंद्र सांगवान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
August 09, 2023

रिफाइनरी युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार उपलब्ध करवाए, महिलाओं को भी 20 से 30 प्रतिशत रोजगार मुहैया कराना सुनिश्चित करें-राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय

रिफाइनरी युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार उपलब्ध करवाए, महिलाओं को भी 20 से 30 प्रतिशत रोजगार मुहैया कराना सुनिश्चित करें-राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय
चण्डीगढ- हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि देश की तरक्की में पानीपत रिफाइनरी का महत्वपूर्ण योगदान है। अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा रिफाइनरी से ही प्राप्त हो रहा है।

राज्यपाल बुधवार को पानीपत रिफाइनरी का दौरा कर रहे थे। उन्होंने रिफाइनरी परिसर में पौधारोपण किया।
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि रिफाइनरी संस्थान समग्र विकास के लिए बड़ी भागीदारी कर रहा है। रिफाइनरी को और ज्यादा ऊंचाईयों तक पहुंचाने के लिए युवाओं को कौशल से संबंधित प्रशिक्षण देना चाहिए। उन्होंने कहा कि रिफाईनरी युवाओं के लिए ज्यादा से ज्यादा रोजगार सृजन कार्य करे और विशेषकर महिलाओं को भी 20 से 30 प्रतिशत रोजगार मुहैया करवाए।
राज्यपाल ने कहा कि यह खुशी की बात है कि रिफाइनरी अपनी सिल्वर जुबली मना रही है। यह देश ही नहीं हरियाणा प्रांत के लिए भी गर्व की बात है। इस अवसर पर एक लघु फिल्म के माध्यम से रिफाइनरी की अब तक की उपलब्धियों से अवगत करवाया गया।
रिफाइनरी की निदेशक शुक्ला मिस्त्री ने सिल्वर जुबली के अवसर पर रिफाइनरी की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रिफाइनरी द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और कई सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं।   उन्होंने कहा कि रिफाइनरी काला अम्ब को 20 करोड़ रुपए की लागत से विकसित करेगा। रिफाइनरी की उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें 2021-22 में कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है।