Breaking

Saturday, September 16, 2023

September 16, 2023

हरियाणा पुलिस ने किया नशे के व्यापार पर वार, 42.71 करोड़ रुपये की अवैध सम्पत्ति ज़ब्त

हरियाणा पुलिस ने किया नशे के व्यापार पर वार, 42.71 करोड़ रुपये की अवैध सम्पत्ति ज़ब्त
चंडीगढ़, 16 सितम्बर - राज्य में नशीली दवाओं की तस्करी के व्यापार के खिलाफ हरियाणा पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। हरियाणा पुलिस ने ड्रग सरगनाओं को करारा झटका देते हुए ‘नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 द्वारा प्राप्त शक्तियों का उपयोग करते हुए, तकऱीबन 342 संपत्तियों को जब्त किया है, जिनकी कुल कीमत 42.71 करोड़ रुपये से अधिक है।  

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेशभर में फैली हुई संपत्तियां राज्य के 75 प्रमुख ड्रग अपराधियों की हैं।
एनडीपीएस अधिनियम में है अवैध सम्पति ज़ब्ती करने का अधिकार

प्रवक्ता ने बताया कि एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधान में प्रशासनिक अधिकारी को गैरकानूनी मादक पदार्थ व्यापार से अर्जित की गई संपत्तियों को सीज़, जमा और जब्त करने की शक्ति मिलती है। इस अधिनियम के तहत नशे के कार्य में लिप्त तस्करों से सीधे या परोक्ष रूप से जुड़ी संपत्तियों की वित्तीय जांच और ज़ब्ती करने शुरुआत की जाती है। अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए संपत्तियाँ पहचानी जाती हैं और सम्बंधित स्थानीय एसएचओ द्वारा सीज़/जब्ति के आदेश तैयार किये जाते हैं। इन आदेशों के क्रियान्वन करने के लिए, दिल्ली में स्थित प्राधिकृत प्राधिकरण की मंजूरी की आवश्यकता होती है।
हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) द्वारा प्राप्त डेटा अनुसार वर्ष 2000 के बाद कुरुक्षेत्र, करनाल, फरीदाबाद, सिरसा, कैथल, और कई अन्य जिलों के नशे के तस्करों की अवैध संपत्तियों को ज़ब्त करने में सफलता पाई है। एचएसएनसीबी द्वारा 42.71 करोड़ रुपये कीमत की इन अवैध संपत्तियों की ज़ब्ती के लिए दिल्ली स्थित प्राधिकृत संस्था से मंजूरी भी ली गई है।
डीजीपी हरियाणा श्री शत्रुजीत कपूर ने बताया कि जब्त की गई अवैध सम्पतियों में भव्य मकान और महंगी गाडिय़ां से लेकर कई प्रकार की उच्च वित्तीय निवेश शामिल रहे। इस ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य राज्य के प्रमुख नशा तस्करों के नेक्सस को तोडना और उनकी अवैध कमाई को समाप्त करना रहा।

प्रदेश पुलिस बैंकों से कर रही है संपर्क, अवैध सम्पति को नहीं बेच सकेंगे नशा तस्कर
प्रवक्ता ने हुए बताया कि हरियाणा एनसीबी की कार्रवाई सिर्फ इन अवैध सम्पतियों की जब्ती तक ही नहीं है। अब प्रदेश पुलिस बैंकों, परिवहन प्राधिकरणों और राजस्व विभाग सहित कई विभागों के साथ बातचीत में है ताकि अपराधियों द्वारा कमाई गई इस अवैध सम्पति के साम्राज्य को नियंत्रण में लाया जा सके। नशे तस्करों द्वारा कमाई गई इस सम्पति के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है ताकि इन संपत्तियों की भविष्य में किसी और ना बेचा जा सके और उसपर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जा सके। इसके अलावा, अवैध सम्पत्ति के मुद्दे पर भी ब्यूरो यह सुनिश्चित कर रहा है कि कठोर कदम उठाकर प्रक्रिया को सुचारू और कानूनी रूप से सुदृढ़ किया जा सके।
हरियाणा एनसीबी प्रमुख एडीजीपी ओपी सिंह ने बताया कि नशा तस्करों पर कार्रवाई तेज़ कर दी गई है। हरियाणा एनसीबी का अभियान जल्द ही प्रदेश के कोने कोने में फ़ैल जायेगा। ब्यूरो द्वारा प्रदेश में 100 बड़े ड्रग तस्करों की पहचान भी कर ली गई है। ब्यूरो वर्तमान में इन तस्करों और उनके सहयोगियों से जुड़ी चल और अचल संपत्तियों का पता लगा रही है और उनकी संभावित जब्ती के लिए एक रोड मैप तैयार किया जा रहा है। वहीं हरियाणा डीजीपी ने बताया कि हरियाणा पुलिस की हालिया कार्रवाइयों ने नशे के तस्करों को भारी नुकसान पहुँचाया है। प्रदेश पुलिस नशे से संबंधित हर प्रकार के अपराध का पूरी ताकत से सामना करेंगे। प्रदेश एक नशा-मुक्त समाज बनाने के अपने दृढ़ संकल्प पर अटल हैं।
September 16, 2023

राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने करनाल के 5 गांवों में किया जनसंवाद, आमजन की समस्याओं का मौके पर किया समाधान

राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने करनाल के 5 गांवों में किया जनसंवाद, आमजन की समस्याओं का मौके पर किया समाधान
चंडीगढ़, 16 सितंबर - हरियाणा की महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती कमलेश ढांडा ने आज जिला करनाल के 5 गांवों में जनसंवाद कार्यक्रम में आम लोगों से सीधे रूबरू होकर उनकी समस्याओं को सुना।
 
श्रीमती कमलेश ढांडा आज करनाल में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम को सम्बोधित कर रही थी। इस दौरान उन्होंने गांव खेड़ी शर्फअली, राहड़ा, रत्तक, बांसा और गोली में जनसंवाद किया। उन्होंने रत्तक गांव में एक्सईएन पीडब्लूडी के जन संवाद कार्यक्रम में मौजूद न होने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
कार्यक्रम के दौरान आमजन को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में सरकार प्रदेश के हर कोने में बुनियादी विकास कार्यों को सुनिश्चित करने पर पूरा ध्यान दे रही है। बीते नौ साल में आमजन के जीवन में सरलता लाने के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के लिए बिचौलिया तंत्र को खत्म करने का काम किया है, जिससे आज सरकारी योजनाओं और सेवाओं को पारदर्शी तरीके से जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
श्रीमती ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल द्वारा प्रदेश में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार द्वारा भी जरूरतमंद, गरीब, वंचित को दी जा रही योजनाओं, सेवाओं का लाभ शत-प्रतिशत पहुंचाना सुनिश्चित किया गया है। आज वृद्धावस्था पेंशन से लेकर छात्रवृति तक सीधे उनके बैंक खाते में पहुंच रही है। पारदर्शी तरीके से योग्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए गए हैं।
राज्यमंत्री ने जन संवाद कार्यक्रम के तहत गांव खेडी शरफ अली, राहडा, रत्तक, बांसा व गोली में केंद्र-प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करते हुए उनका फीडबैक जाना और अधिकारियों को इन गांवों में परिवार पहचान पत्र, राशन कार्ड, बुढ़ापा पेंशन और बिजली आदि की समस्याओं को लेकर कैंप लगाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री ने मौके पर ही ग्रामीणों द्वारा पीने के पानी, गंदे पानी की निकासी, गली निर्माण, खेतों के रास्ते निर्माण जैसी मांगों पर तुरंत अधिकारियों से जवाब लिया व उन्हें निर्देश दिए कि आमजन द्वारा रखी गई समस्याओं का निवारण किया जाए।
September 16, 2023

पीड़ित और वंचितों को न्याय दिलवाने के लिए अधिवक्ता आएं आगे : मुख्यमंत्री मनोहर लाल

पीड़ित और वंचितों को न्याय दिलवाने के लिए अधिवक्ता आएं आगे : मुख्यमंत्री मनोहर लाल
चंडीगढ़, 16 सितंबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने वकीलों से आह्वान किया है कि वे पीड़ितों और वंचितों को न्याय दिलवाने के लिए आगे आएं। किसी व्यक्ति के साथ अन्याय न हो, इसका दायित्व निभाते हुए अधिवक्ता निष्ठा भाव से कार्य करें।
मुख्यमंत्री शनिवार को बार एसोसिएशन सिरसा द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर विधायक श्री गोपाल कांडा भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने बार एसोसिएशन की मांग पर बार एसोसिएशन में क्रेच की व्यवस्था करने सहित दूसरे प्रकार के कार्यों के लिए 31 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिला में दूसरी अन्य बार एसोसिएशन को भी वित्तीय सहायता देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने बार एसोसिएशन सिरसा के 50 वर्ष से भी अधिक समय से प्रैक्टिस कर रहे अधिवक्ताओं को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि विधानपालिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका और मीडिया की अपनी एक भूमिका है, ये सभी स्तंभ एक दूसरे के पूरक हैं। विधानपालिका लोगों के हित में कानून का निर्माण करती है और न्यायपालिका उस कानून का विश्लेषण करती है। कानून की पालना संविधान के अनुरूप करवाना भी न्यायपालिका का काम है। उन्होंने कहा कि विधानपालिका, कार्यपालिका में एक सामंजस्य का काम न्यायपालिका द्वारा किया जा रहा है, उसमें वकीलों की अपनी एक महत्वपूर्ण भूमिका है।
वे स्वयं भी एक वकील के रूप में कर रहे जनता की सेवा :

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि वे स्वयं भी एक वकील के रूप में जनता की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे समाज के गरीब और पीड़ित व्यक्ति के वकील के रूप में पैरवी करके उन्हें न्याय दिलवाने के लिए सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि  गरीब का अधिकार कोई न छीन और उसे न्याय के लिए न भटकना पड़े, उसके लिए सरकार अंत्योदय की भावना के आधार पर काम कर रही है। सरकार अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को न्याय और हक देने का काम कर रही है।
गरीब को न्याय दिलवाने की चिंता करें अधिवक्ता:

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि वकालत करने के नाते अधिवक्ता एक समाजसेवा का भी काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं को चाहिए कि जिनके पास न्याय प्राप्त करने के साधन नहीं है और वे न्याय से वंचित हो रहे हैं तो ऐसे पीड़ितों की अधिवक्ताओं को चिंता करनी चाहिए और उन्हें न्याय दिलवाने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं  को फीस के बिना भी गरीबों के लिए भी केस लडऩा चाहिए। सरकार भी लीगल एड के माध्यम से वंचितों और जरूरतमंदों को कानूनी सहायता दे रही है। अधिवक्ताओं को भी चाहिए कि वे इस कार्य में अपना अपेक्षित सहयोग जरूर दें।
स्वस्थ समाज के निर्माण में अधिवक्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण:

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि एक स्वस्थ समाज के निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण यह है कि वंचितों और पीड़ितों के साथ न्याय हो। कानून का राज और न्याय दिलवाने में अधिवक्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। विधानपालिका द्वारा बनाए गए कानूनों की समीक्षा के साथ-साथ लोगों के न्याय के अनुरूप उनका हक दिलवाना अधिवक्ता का पहला परम कर्तव्य है। उन्होंने अधिवक्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने इस दायित्व को ईमानदारी के साथ निभाते हुए स्वस्थ समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के प्रधान अधिवक्ता गणेश सेठी ने मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल का स्वागत किया और बार एसोसिएशन की मांगों के बारे में अवगत करवाया।

इस मौके पर श्री जगदीश चोपड़ा, श्री प्रदीप रातुसरिया, श्री गोविंद कांडा सहित अधिवक्ता व अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
September 16, 2023

मोटे अनाज खाने से शरीर रहता है स्वस्थ - मूलचंद शर्मा

मोटे अनाज खाने से शरीर रहता है स्वस्थ - मूलचंद शर्मा

बीमारियों से बचने के लिए मौसम के अनुसार खाना लेना चाहिए
चण्डीगढ़,16 सितम्बर - हरियाणा के परिवहन मंत्री श्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि मोटे अनाज खाने से शरीर स्वस्थ रहता है। उन्होंने कहा कि मौसम के अनुसार व्यक्ति को खाना लेना चाहिए ताकि बीमारियों से बचा सके।

 परिवहन मंत्री श्री मूलचंद शर्मा आज फरीदाबाद में राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर-16 में आयोजित हिंदी पखवाड़े और मिलिट्स एग्जीबिशन के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने मोटे अनाज के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए छात्राओं द्वारा निकाली गई जागरूकता रैली को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
 श्री मूलचंद शर्मा ने कॉलेज की छात्राओं द्वारा मिलेट्स एग्जीबिशन में बनाए गए मोटे अनाज के व्यंजनों की तारीफ करते हुए कहा कि मोटे अनाज खाने से शरीर स्वस्थ रहता है। हरियाणा में पहली बार मोटे अनाज की प्रदर्शनी को लगाने और जागरूकता रैली निकालने पर महिला कॉलेज के समस्त स्टाफ को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल सरकार ने साकार करने का काम किया है। उन्होंने कहा की बेटियां आज सभी क्षेत्रों में बढ़-चढ़ कर आगे निकल रही है। इसमें पढ़ाई हो या नौकरी हो बेटियों ने प्रदेश व देश के नाम रोशन किया है।
परिवहन मंत्री ने कहा कि बेटियां एक परिवार को नहीं बल्कि दो परिवारों का उजियारा करती है। इसलिए बेटियों को हमेशा अपने माता-पिता और गुरुओं के द्वारा अच्छे संस्कार लेकर शिक्षा ग्रहण करनी चाहिए।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हिंदी पखवाड़ा के माध्यम से हमारी मातृभाषा हिंदी के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
September 16, 2023

पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत हरियाणा के 19.70 लाख किसानों के खातों में 4288 करोड़ रुपये पहुंचे

पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत हरियाणा के 19.70 लाख किसानों के खातों में 4288 करोड़ रुपये पहुंचे
चंडीगढ़, 16 सितंबर - विगत 9 वर्षों में मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा सरकार के कार्यकाल के दौरान प्रदेश का किसान खुशहाल व समृद्ध हुआ है। राज्य सरकार किसानों को स्वाभिमानी बनाने तथा कृषि को जोखिम-फ्री व्यवसाय बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। पिछले 9 सालों में सरकार ने कृषि क्षेत्र को लाभदायक सेक्टर बनाने और किसानों की आय में वृद्धि करने के लिए निरंतर नई-नई योजनाएं बनाई हैं, जिनके तहत किसानों को विभिन्न प्रकार की सब्सिडी और अनुदान राशि दी जा रही है। आज हरियाणा का किसान सरकार की कल्याणकारी नीतियों से संतुष्ट है।

किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए श्री मनोहर लाल ने एक नई पहल शुरू करते हुए किसानों को उनकी फसल का पैसा सीधा देने की कवायद शुरू की और किसानों को 72 घंटे के भीतर उनकी फसलों का भुगतान सुनिश्चित किया। पिछले 6 सीजन से अब तक फसल खरीद के 76,000 करोड़ रुपये की अदायगी सीधे किसानों के खातों में की गई है।
एमएसपी पर सर्वाधिक 14 फसलों की खरीद करने वाला हरियाणा पहला राज्य

मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सबसे अधिक 14 फसलों की खरीद करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य बन गया है। इतना ही नहीं, देश में सर्वाधिक 372 रुपये प्रति क्विंटल गन्ने का भाव भी सरकार दे रही है। इसके अलावा, फसलों की ऑनलाइन बिक्री के लिए 81 मंडियों को ई नाम पोर्टल से जोड़ा है।
 कृषि क्षेत्र में किया ई गवर्नेंस का उपयोग

राजकाज में आईटी का उपयोग कर आईटी गुरु माने जाने श्री मनोहर लाल ने कृषि क्षेत्र में भी ई गवर्नेंस लाने का बीड़ा उठाया। परिणामस्वरूप मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल विकसित किया गया, जिस पर लगभग 9 लाख किसान पंजीकृत हैं। इसके माध्यम से किसान फसल बेचने के साथ-साथ खाद, बीज, ऋण और कृषि उपकरणों के लिए मिलने वाली आर्थिक सहायता का लाभ घर बैठे ही उठा रहे हैं।
फसल नुकसान की जानकारी देने का किसानों को दिया अधिकार

कृषि एक जोखिम भरा व्यवसाय है। किसान को हमेशा ही प्राकृतिक आपदा का डर लगा रहता है, जिससे वे कभी उभर नहीं पाता। पहले किसी भी प्राकृतिक आपदा के दौरान फसल नुकसान के मुआवजा की प्रक्रिया से किसान कभी कभी असंतुष्ट होते थे। किसानों की भावनाओं को समझते हुए मुख्यमंत्री ने एक ओर नई पहल शुरू की और किसानों को स्वयं अपनी फसल के नुकसान की जानकारी देने की स्वतंत्रता प्रदान की। इसी दिशा में प्राकृतिक आपदा से फसल नुकसान की भरपाई के लिए 'ई-फसल क्षतिपूर्ति पोर्टल' शुरू किया, जिस पर किसान फसल खराबे की जानकारी दर्ज करता है।
किसानों को नकद लाभ

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने किसानों को समृद्ध करने के लिए  प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत की है। इसके तहत, तहत हरियाणा के 19 लाख 70 हजार किसानों के खातों में 13 किस्तों में 4288 करोड़ रुपये डाले गए हैं। इसके अलावा, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 20 लाख से अधिक किसानों को 7071 करोड़ रुपये बीमा क्लेम के रूप में दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने किसानों के हित में प्राकृतिक आपदा से खराब फसलों के लिए मुआवजा राशि बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की है। सरकार द्वारा किसानों को 3928 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि दी गई। इसके अलावा, 75 से 90 प्रतिशत अनुदान पर 56,343 सोलर पम्प लगाए गए हैं।

बागवानी के लिए प्रदेश में 14 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित 

किसानों को परंपरागत फसलों के अलावा बागवानी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने हेतु प्रदेश में 14 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए हैं। इसके अलावा, किसानों को जोखिम-फ्री बनाने के लिए वर्तमान राज्य सरकार ने एक अनूठी भावांतर भरपाई योजना शुरू की। इसके तहत 21 बागवानी फसलों के संरक्षित मूल्य निर्धारित किए गए हैं। खरीफ सीजन-2021 से बाजरे की उपज भी भावांतर भरपाई योजना में शामिल की गई है। बागवानी फसलों का मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना के तहत 40 हजार रुपये प्रति एकड़ तक बीमा की सुविधा भी प्रदान की गई है। इसके अलावा,

सरकार ने फल एवं सब्जियों की ग्रेडिंग, भंडारण व मार्केटिंग के लिए 746 किसान उत्पादक समूहों से 1 लाख किसानों को जोड़ा है। आम, अमरूद और सिट्रस फलों के बाग लगाने पर प्रति एकड़ 20 हजार रुपये सब्सिडी, फल एवं सब्जियों के शीत भंडारण के लिए कोल्ड स्टोर पर 35 प्रतिशत अनुदान तथा मशरूम की खेती के लिए 40 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है।
प्रदेश में बढ़ रहा मंडियों का आधारभूत ढांचा

हरियाणा के किसान खुशनसीब हैं कि यहां मंडियों का आधारभूत ढांचा बेहद मजबूत है, इसलिए उन्हें फसल बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आती है। राज्य सरकार निरंतर मंडियों के ढांचागत विकास पर ध्यान दे रही है। इसी कड़ी में गन्नौर, सोनीपत में 7000 करोड़ रुपये की लागत से अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की हॉर्टिकल्चर मार्केट बनाई जा रही है। इसके अलावा, सोनीपत जिले के सेरसा में मसाला मंडी व गुरुग्राम में फूल मंडी निर्माणाधीन है। पिंजौर में अत्याधुनिक नई सेब, फल व सब्जी मंडी का कार्य पूर्ण हो गया है।
 सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली पर किसानों को मिल रही 85 प्रतिशत तक सब्सिडी

सिंचाई प्रबंधन को सुदृढ़ करने हेतु प्रधानमंत्री की पर ड्रॉप मोर क्रॉप अवधारणा के तहत सूक्ष्म सिंचाई पद्धतियों पर 85 प्रतिशत सब्सिडी  दी जा रही है। साथ ही, भूमिगत पाइप लाइन स्कीम के तहत किसानों को 10,000 रुपये प्रति एकड़, अधिकतम 60,000 रुपये प्रति किसान अनुदान राशि दी जा रही है। इसके अलावा, 20 साल से अधिक पुराने रजवाहों को दोबारा पक्का करने का काम जारी है और अमृत सरोवर मिशन के तहत 618 अमृत सरोवर बनाये गए हैं और 1116 पर कार्य जारी है।
जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री ने मेरा पानी - मेरी विरासत योजना शुरू की, इसके तहत, फसल विविधीकरण और जल संरक्षण के लिए के लिए किसानों को 7000 रुपये प्रति एकड़ वित्तीय सहायता दी जा रही है।

पशुधन क्रेडिट कार्ड योजना से 1 लाख 57 हजार पशुपालक लाभान्वित
किसानों के साथ साथ पशुपालकों को भी सशक्त व समृद्ध बनाने के प्रयासों के तहत सरकार ने किसान क्रेडिट कार्ड की तर्ज पर पशुधन क्रेडिट कार्ड योजना शुरूकी। इसके तहत 1 लाख 57 हजार पशुपालक लाभान्वित हुए हैं। साथ ही, पंडित दीन दयाल उपाध्याय पशुधन सुरक्षा योजना के अन्तर्गत 8.43 लाख पशुओं का बीमा किया गया है। हरियाणा गौ सेवा आयोग के माध्यम से 3435 पंजीकृत गौशालाओं को 60 करोड़ रुपये की राशि दी गई। डेयरी के लिए दुधारू पशुओं की खरीद करने हेतु बैंकों से ब्याज मुक्त ऋण की सुविधा भी दी गई है।

राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं से निश्चित तौर पर कृषि लागत में कमी आई है और उपज का अच्छा दाम मिलने से किसानों की आमदनी वृद्धि हुई है।
September 16, 2023

जींद के इंजीनियर विक्रम ढुल को राष्ट्रपति ने किया सम्मानित:2019 बैच के आइईएस के पिता किसान; इंजीनियरिंग में नई खोज पर सम्मान

जींद के इंजीनियर विक्रम ढुल को राष्ट्रपति ने किया सम्मानित:2019 बैच के आइईएस के पिता किसान; इंजीनियरिंग में नई खोज पर सम्मान
जींद : जींद के रहने वाले वर्ष 2019 बैच के आइईएस (इंडियन इंजीनियरिंग सर्विस) विक्रम ढुल को उनकी देश के प्रति उत्कृष्ट कार्य करने व इंजीनियरिंग के क्षेत्र में नई खोज करने के लिए राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन दिल्ली में सम्मानित किया।

विक्रम ढुल नौ खामा खाप के गांव रामराय के किसान के घर में जन्में पहले ऐसे युवा हैं, जिन्होंने 2017 में आईआईटी दिल्ली को टाप किया था, जो भारत का टेक्नोलॉजी व इंजीनियरिंग का सर्वोच्च संस्थान हैं। जिसमें पढ़ना प्रत्येक भारतीय युवा का सपना होता है। विक्रम ने यूपीएससी में 2019 में 25वां रैंक हासिल किया था। उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग क्षेत्र में कई खोज की। इंडियन ऑयल कंपनी में इंजीनियरिंग के पद पर एक साल जाॅब की।
उनकी उपलब्धियों के लिए राष्ट्रपति ने उन्हें सम्मानित किया। विक्रम ढुल सबसे पहले एयरपोर्ट अथॉरिटी आफ इंडिया में इंजीनियर भर्ती हुए थे। उसके बाद टैरी हाइड्रोलिक डैम ऋषिकेश में जॉइन किया। यहां से कुछ माह बाद बार्डर रोड आग्रेनाइजेशन (बीआरओ) में चयन हुआ। फिर इंडियन आयल में इंजीनियर के पद पर कार्य किया। 2019 में यूपीएससी की परीक्षा दी, जिसमें उन्होंने देशभर में 25वां रैंक हासिल किया।
विक्रम ढुल ने जींद के डीएवी स्कूल से 12वीं कक्षा पास की, जिसमें उन्होंने स्कूल टाप किया। फिलहाल विक्रम ढुल मुंबई में कार्यरत हैं। विक्रम के पिता सुरेंद्र ढुल समग्र शिक्षा अभियान कार्यालय में एपीसी (सहायक परियोजना निदेशक) के पद पर कार्यरत हैं।विक्रम ढुल के बड़े भाई रविंद्र ढुल एमबीए करने के बाद चीन से फूड एवं फीड इंडस्ट्री में एशिया महाद्वीप की प्रतियोगिता में चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय की तरफ से भाग लेते हुए प्रथम आ चुके हैं। यह प्रतियोगिता 2018-19 में हुई थी। अभी रविंद्र ढुल राष्ट्रीय स्तर पर पोल्ट्री व्यवसाय कर रहे हैं। वहीं छोटी बहन पंजाब यूनिवर्सिटी एमएससी जियोलॉजी कर रही है।
September 16, 2023

अंबाला कैंट में आज इनेलो नेता अभय चौटाला:वर्कर्स की लेंगे मीटिंग; 25 सितंबर को होने वाली सम्मान दिवस रैली का देंगे न्योता

अंबाला कैंट में आज इनेलो नेता अभय चौटाला:वर्कर्स की लेंगे मीटिंग; 25 सितंबर को होने वाली सम्मान दिवस रैली का देंगे न्योता
इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला।

इंडियन नेशनल लोकदल नेता एवं ऐलनाबाद विधायक अभय सिंह चौटाला आज अंबाला आएंगे। चौटाला BPS प्लैनिटेरियम में जिले के पदाधिकारियों एवं वर्कर्स की मीटिंग लेंगे। साथ ही 25 सितंबर को कैथल में होने जा रही सम्मान दिवस रैली का न्योता देंगे।


विदित हो कि इनेलो द्वारा ताऊ देवीलाल का 110वां जन्म दिवस सम्मान दिवस समारोह के रूप में मनाया जा रहा है,जिसमें देश भर से सभी नेता शिरकत करेंगे। इनसे पहले इनेलो की महिला प्रदेश प्रधान महासचिव सुनैना चौटाला भी अंबाला सिटी और कैंट में रैली का न्योता देने पहुंची थी।
September 16, 2023

जिलाध्यक्ष भाजपा आदित्य देवीलाल ने गांव रिसालियाखेड़ा में किया साइक्लोथॉन यात्रा का स्वागत

जिलाध्यक्ष भाजपा आदित्य देवीलाल ने गांव रिसालियाखेड़ा में किया साइक्लोथॉन यात्रा का स्वागत
चण्डीगढ़, 15 सितंबर - ड्रग फ्री हरियाणा मुहिम के तहत चलाई जा रही साइक्लोथॉन यात्रा ऐलनाबाद से गांव प्रताप नगर, दलीप नगर, ढुढियांवाली, सादेवाला, केहरवाला, रिसालियाखेड़ा, बिज्जुवाली, मुन्नांवाली, गंगा, अबूबशहर, शेरगढ होते हुए मंडी डबवाली पहुंची। गांव रिसालियाखेड़ा पहुंचने पर जिलाध्यक्ष भाजपा आदित्य देवीलाल ने साइकिल रैली का फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया।

जिलाध्यक्ष भाजपा आदित्य देवीलाल ने खुद गांव गंगा तक साइकिल चलाकर साइकिल यात्रा के प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि नशा एक ऐसी बीमारी है, जो इंसान के न केवल दिमागी बल्कि सामाजिक व आर्थिक संतुलन को भी बिगाड़ देती है। ऐसे में जरूरी है कि इस बुराई से दूर रहा जाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने इसी उद्देश्य को लेकर इतना बड़ा महा अभियान शुरू किया है।

उन्होंने युवा वर्ग से आह्वान करते हुए कहा कि वे नशा न करें और न ही अपने साथियों को नशा करने दे। उन्होंने कहा कि यह साइकिल रैली जहां जन-जन को नशे के विरुद्ध संदेश दे रही है, वहीं साइकिलिंग से शरीर को फिट रखने का संदेश भी दे रही है।

इस अवसर पर उनके साथ एसडीएम अभय सिंह, डीएसपी राजेंद्र कुमार, तहसीलदार विजय सियाल सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
September 16, 2023

हरियाणा सरकार ने केंद्र से सोसायटी/आढ़तियों के लिए कमीशन दरों में संशोधन करने हेतु किया आग्रह

हरियाणा सरकार ने केंद्र से सोसायटी/आढ़तियों के लिए कमीशन दरों में संशोधन करने हेतु किया आग्रह
चंडीगढ़, 15 सितंबर - हरियाणा सरकार ने केंद्र सरकार से सोसायटी/आढ़तियों के लिए कमीशन दरों पर पुनर्विचार और संशोधन करने का आग्रह किया है। इस संबंध में जल्द बैठक आयोजित करने का भी अनुरोध किया है।हरियाणा के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने उपरोक्त विषय के संबंध में सचिव, खाद्य आपूर्ति, भारत सरकार को एक अर्ध-आधिकारिक पत्र में लिखा है। पत्र में उन्होंने 24 फरवरी, 2020 के एक पत्र में उल्लिखित संशोधित खरीद सिद्धांतों के अनुरूप सोसायटी/आढ़तियों के लिए कमीशन दरों में संशोधन बारे आग्रह किया है।
डॉ सुमिता मिश्रा ने इस बात पर प्रकाश डाला कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री से गेहूं/धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सोसायटी/आढ़तियों के लिए 2.5 प्रतिशत कमीशन दरों पर विचार करने का अनुरोध किया था। रबी विपणन सीजन (आरएमएस) 2020-21 के बाद से भारत सरकार की ओर से इन दरों में वृद्धि नहीं की गई थी।उन्होंने जानकारी दी कि 3 नवंबर, 2022 के पत्र के अनुसार 24 फरवरी, 2020 के पत्र में उल्लिखित खरीद सिद्धांतों के अनुसार सोसायटी/आढ़तियों के लिए कमीशन दरों की जांच करने के लिए एफसीआई के कार्यकारी निदेशक (उत्तरी) की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया था। समिति ने इस मामले में राज्य सरकारों को समिति के साथ सहयोग करने और अपने प्रस्ताव प्रस्तुत करने की सलाह दी थी।तदानुसार, हरियाणा सरकार ने भारत सरकार के 24 फरवरी, 2020 के पत्र के निर्देशानुसार कमीशन को एमएसपी से अलग करने के बाद तय की गई दर के बजाय सोसायटी/आढ़तियों के लिए एमएसपी पर 2.5 प्रतिशत कमीशन दरों के साथ अपना प्रस्ताव प्रस्तुत किया है। जोकि गेहूं के लिए 46 रुपये प्रति क्विंटल और धान के लिए 45.88 रुपये प्रति क्विंटल है, जो आरएमएस/केएमएस 2020-21 से आज तक और बाद के सीज़न के लिए प्रभावी है।24 फरवरी, 2020 के पत्र में उल्लिखित संशोधित खरीद नीति (पीपीआई) के अनुसार, समिति को हर तीन साल में खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग (डीएफपीडी) को सोसायटी/आढ़तियों के लिए कमीशन दरों में संशोधन के लिए अपनी सिफारिशें प्रस्तुत करने का आदेश दिया गया है। हालांकि, हरियाणा सरकार के बार-बार अनुरोध के बावजूद, मुद्रास्फीति या मूल्य सूचकांक में उतार-चढ़ाव के समायोजन के बिना, सोसायटी/आढ़तियों के लिए कमीशन दरें 2019-20 के खरीद सीज़न से स्थिर बनी हुई हैं। इससे राज्य के आढ़तियों में असंतोष की भावना है।
डॉ सुमिता मिश्रा ने पत्र के माध्यम से इस मामले पर विचार-विमर्श करने के लिए उपरोक्त समिति की बैठक शीघ्र बुलाने का भी अनुरोध किया है। इसके अलावा, यह भी प्रस्ताव किया गया है कि केंद्रीय पूल के लिए खाद्यान्न की खरीद में हरियाणा राज्य की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए खाद्य सचिव, हरियाणा सरकार को इस समिति में शामिल किया जाए।
September 16, 2023

आईसीजेएस-सीसीटीएनएस कार्यान्वयन में हरियाणा अव्वल - संजीव कौशल

आईसीजेएस-सीसीटीएनएस कार्यान्वयन में हरियाणा अव्वल - संजीव कौशल
चंडीगढ़, 15 सितंबर- हरियाणा के मुख्य सचिव श्री संजीव कौशल ने अभियोजन विभाग को वीपीएन के माध्यम से इंटर-ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (आईसीजेएस) में आईआईएफ 6 (कोर्ट डिस्पोजल) और आईआईएफ 7 (अपील का परिणाम) का डाटा समय पर जमा  करवाने के निर्देश दिये।

श्री कौशल ने यह निर्देश आज यहां आईसीजेएस-सीसीटीएनएस के कार्यान्वयन  स्थिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिये। उन्होंने कहा कि मामलों की ट्रैकिंग और प्रभावी निगरानी के लिए आईसीजेएस में समय पर डाटा प्रस्तुत करना अनिवार्य है। उन्होंने डाटा सटीक और समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

श्री कौशल ने कहा कि उपायुक्त कार्यालय इसे सुविधाजनक बनाने के लिए जिला अटॉर्नी को मेनपावर प्रदान करेंगे। उन्होंने  कहा है कि किसी भी तरह की देरी पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्य सचिव ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के अनुरोधों पर  लॉगिन क्रेडेंशियल की सहायता से  कार्रवाई में तेजी लाने के महत्व पर भी बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को वीपीएन से आईसीजेएस तक अन्य स्तंभों की पहुंच को सुविधाजनक बनाने के निर्देश दिये।  इससे लॉगिन क्रेडेंशियल पर त्वरित कार्रवाई से आईसीजेएस के विभिन्न स्तंभों को महत्वपूर्ण डाटा की आसान पहुंच प्राप्त होगी। यह सुव्यवस्थित पहुंच त्वरित गति से निर्णय लेने की सुविधा प्रदान करेगी और न्याय प्रणाली की समग्र दक्षता को बढ़ाएगी।

बैठक में यह अवगत कराया गया कि पूरे हरियाणा के पुलिस स्टेशन अब 1 से 5 जांच सूचना फॉर्म वास्तविक समय पर अपडेट प्रदान करते हैं, जिससे महत्वपूर्ण जानकारी सुनिश्चित हो रही है।

उन्होंने कहा कि मार्च 2022 के बाद से, हरियाणा ने 100 मिलियन से अधिक आईसीजेएस सर्च दर्ज की हैं, जिनमें से 14 लाख सर्च केवल अगस्त 2023 में की गईं। इन सर्चों से 51 चोरी के वाहनों और 143 भगोड़ों का पता चल सका है। इससे बढ़ी हुई डाटा प्रविष्टि और आईसीजेएस के विभिन्न घटकों के बीच बेहतर एकीकरण के साथ इन जांच की सफलता दर में ओर सुधार होने की उम्मीद बढ़ी है।
इसे और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए, राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के सहयोग से राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो द्वारा प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे है।

श्री कौशल ने कहा कि इंटर-ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम और क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम परियोजनाओं के सफल कार्यान्वयन के साथ हरियाणा देश में अग्रणी बनकर उभरा है। राज्य ने पुलिस सेवाओं और नागरिक सहभागिता में सुधार लाने में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

आईसीजेएस-सीसीटीएनएस कार्यान्वयन में हरियाणा अव्वल

बैठक में बताया गया कि हरियाणा ने आईसीजेएस-सीसीटीएनएस परियोजनाओं के प्रभावशाली कार्यान्वयन के लिए देश में शीर्ष स्थान हासिल किया है। उन्हें बताया गया कि हरियाणा पुलिस ने eSaral/HarSamay पोर्टल पर प्रभावशाली रियल-टाइम स्कोर हासिल किया है। पिछले तीन महीनों में नागरिक सेवाओं के लिए प्राप्त 2,74,385 आवेदनों में से आश्चर्यजनक रूप से 2,74,299 आवेदनों को समय सीमा के भीतर आरटीएस मे कुशलतापूर्वक समायोजित किया गया है।  

सीसीटीएनएस डैशबोर्ड

एक उपयोगकर्ता के अनुकूल सीसीटीएनएस डैशबोर्ड में एक क्लिक के साथ अपराध दर रिपोर्ट, गिरफ्तारी विवरण, मामले की संपत्ति की स्थिति, पुलिस स्टेशन, जिला, रेंज और राज्य स्तर पर जांच के चरण तक त्वरित पहुंच की अनुमति होती है। हरियाणा सरकार ने सभी स्तरों पर कनेक्टिविटी बढ़ाने और बैंडविड्थ को 100 से 300 एमबीपीएस तक अपग्रेड करने के लिए 50 करोड़ के अनुमानित बजट के साथ एक महत्वपूर्ण परियोजना शुरू कर रही है। इस पहल का लक्ष्य जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर पर सभी  कार्यालयों को कवर करना है।

मुख्य सचिव ने राज्य ई-मिशन टीम के मुखिया को इस बैंडविड्थ वृद्धि परियोजना में अधिक से अधिक पुलिस स्टेशनों को शामिल करने के निर्देश दिये। उन्होंने  इस परियोजना का निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए हारट्रोन को 31 अक्टूबर तक पूरा करने की समय सीमा भी निर्धारित की है। इसके अतिरिक्त हरियाणा पुलिस द्वारा कुल 277 एफआईआर दर्ज करने वाले पुलिस स्टेशनों में बैंडविड्थ को अपग्रेड किया जा रहा है। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशनों सहित 47 नव निर्मित पुलिस स्टेशनों पर बेहतर कनेक्टिविटी के  आदेश दिए गए हैं। सरकार शेष 47 पुलिस स्टेशनों पर लीज लाइन कनेक्टिविटी को पूरा करने के लिए  31 अक्टूबर तक  समय सीमा निर्धारित की गई है।  

बैठक में एसीएस श्री अनुराग रस्तोगी, पुलिस महानिदेशक श्री शत्रुजीत कपूर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
September 16, 2023

15 से 30 सितम्बर तक निकाली जाएगी अमृत कलश यात्रा - संजीव कौशल

15 से 30 सितम्बर तक निकाली जाएगी अमृत कलश यात्रा - संजीव कौशल

सभी गांवों एवं वार्डो से एकत्र की जाएगी मिट्टी
चण्डीगढ, 15 सितंबर- हरियाणा के मुख्य सचिव श्री संजीव कौशल ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के दौरान 15 से 30 सितम्बर तक अमृत कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके तहत राज्य के सभी गांवों से मिट्टी एकत्र कर खण्ड, राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर ले जाई जाएगी।

मुख्य सचिव आज आजादी का अमृत महोत्सव के समापन समारोह में मेरी माटी मेरा देश अभियान के सम्बंध में आयोजित बैठक  की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में सभी जिलों के उपायुक्त, एमसी, डीएमसी, सीईओ जिला परिषद ने वीसी के माध्यम से ऑनलाइन जुड़े ।

मुख्य सचिव ने कहा कि  अमृत कलश यात्रा अभियान के दौरान सभी गांवों, नगर परिषदों एवं नगर निगमों के सभी वार्डों से मिट्टी यात्रा चार चरणों में शुरू की जाएगी। पहले चरण में सभी गांवों, दूसरे चरण में सभी खण्डों, तीसरे चरण में राज्य स्तर तथा चतुर्थ चरण में राष्ट्रीय स्तर पर मिट्टी ले जाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह देश व राज्य की संस्कृति और सम्मान का प्रतीक है। इसलिए एक उत्सव के रूप में ढोलक, नगाड़ों एवं अन्य वादयंत्रों के साथ यात्रा को चलाया जाएगा और मिट्टी लेते समय गांवों एवं वार्डो में पांच प्रण की शपथ करवाई जाएगी।

राज्य के 143 खण्डों एवं 90 एमसी से एकत्र होगी मिट्टी

मुख्य सचिव ने कहा कि मिट्टी यात्रा में गांवों एवं वार्डो से कलश में मिट्टी ली जाएगी और उस मिट्टी को ब्लॉक स्तर पर लाया जाएगा। इसी प्रकार राज्य के 143 खण्डों एवं 90 नगर पालिका एवं नगर परिषदों से मिट्टी लेकर कर्तव्य पथ दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में ले जाया जाएगा। इसके लिए 233 कलश सरकार की ओर से उपलब्ध करवाए जाएगें।

28 से 30 अक्तूबर तक नई दिल्ली में आयोजित होगा राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम  

मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं महानिदेशक सूचना, जन सम्पर्क एवं भाषा तथा संस्कृति विभाग डा. अमित अग्रवाल ने विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि गांवों के बाद खण्ड स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएगें और इनमें वीर एवं बहादुरों को सम्मानित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में विशेषकर महिलाओं, वॉलिंटियर, एनएसएस, एनवाईके, एनसीसी, भारत स्काउट एण्ड गाईड, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 22 से 27 अक्टूबर के बीच राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद से वॉलिंटियर 28 से 30 अक्टूबर तक कर्तव्य पथ पर नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में कलश लेकर जाएगें। जहां इस मिट्टी से वीरों को समर्पित अमृत वाटिका बनाई जाएगी। नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर के इस कार्यक्रम में 7297 खण्डों एवं 500 से अधिक नगरपालिका एवं नगर परिषदों के लगभग 75 हजार जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी पांच प्रण की शपथ दिलवाएंगे और अमृत वाटिका का लोकार्पण तथा अमृत कलश रैली को फ्लेग ऑफ करेंगे।  

इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अनिल मलिक, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री वी उमाशंकर, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं महानिदेशक सूचना, जन सम्पर्क एवं भाषा तथा संस्कृति विभाग डा. अमित अग्रवाल, निदेशक ग्रामीण विकास श्री जयकिशन आभीर, अतिरिक्त निदेशक सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा तथा संस्कृति विभाग कुलदीप सैनी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
September 16, 2023

ड्रग फ्री हरियाणा के महायज्ञ में सभी को मिलकर आहुति डालने की जरूरत - गोबिंद कांडा

ड्रग फ्री हरियाणा के महायज्ञ में सभी को मिलकर आहुति डालने की जरूरत - गोबिंद कांडा

जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व जिला के लोगों ने साइक्लोथॉन का किया स्वागत
चण्डीगढ़, 15 सितंबर - हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सोच के अनुरूप ड्रग फ्री हरियाणा के उद्देश्य को लेकर चल रही साइक्लोथॉन को आज वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा ने हरी झंडी दिखाकर ऐलनाबाद से डबवाली के लिए रवाना किया तथा स्वयं भी साइकिल चलाकर यात्रा में शामिल हुए।
वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा ने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से सभी लोगों, विशेषकर युवा शक्ति से ड्रग फ्री हरियाणा के निर्माण में नशे के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने हरियाणा को ड्रग फ्री बनाने का संकल्प जो लिया है, उसमें युवा शक्ति की सबसे बड़ी भूमिका है और हम सभी को मिलकर इस काम को पूरा करना है।  
उन्होंने कहा कि ड्रग फ्री हरियाणा के इस महायज्ञ में हम सभी को मिलकर आहुति डालनेे की जरूरत है। हम सभी को नशे को खत्म करने का संकल्प लेकर देश-प्रदेश के विकास में योगदान देना होगा। दूध दही के खाने से ही हरियाणा की पहचान है, जिसे हमें बनाए रखना है।