Breaking

Friday, October 31, 2025

October 31, 2025

नशा समाज के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है : सुनील कुमार

नशा समाज के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है : सुनील कुमार
ढांड : कस्बे के थाना ढांड में नए थाना प्रभारी सुनील कुमार ने कार्यभार संभाल लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिला पुलिस कप्तान उपासना के कुशल मार्गदर्शन में जनता की सुरक्षा, अपराध पर सख्त कार्रवाई और नशे के खिलाफ निर्णायक अभियान चलाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस थाने का हर दरवाजा आमजन के लिए हमेशा खुला रहेगा, क्योंकि पुलिस का असली दायित्व जनता की सेवा में निहित है।
सुनील कुमार ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच भरोसे की मजबूत डोर जरूरी है। नशा समाज के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है। उन्होंने कहा कि आज डिजिटल युग में ठगी और ऑनलाइन फ्रॉड के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क और जागरूक रहना जरूरी है। थाना प्रभारी ने कहा कि महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द जैसे विषय उनके कामकाज के केंद्र में रहेंगे। क्षेत्र में नियमित गश्त, रात्रि पैट्रोलिंग और ग्राम स्तर पर जनसंवाद कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे ताकि जनता और पुलिस के बीच संवाद और विश्वास बढ़े।
उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायतकर्ता को थाने में न्याय पाने में कोई कठिनाई नहीं आने दी जाएगी। थाने में कार्यभार ग्रहण करने के बाद स्टाफ ने थाना प्रभारी का स्वागत किया। सुनील कुमार ने कहा कि पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने वाला परिवार है।

 *सुनील कुमार ढांड थाना प्रभारी।*

Thursday, October 30, 2025

October 30, 2025

जींद पुलिस द्वारा फिरौती न देने पर जान से मारने कि धमकी देने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

*जींद पुलिस द्वारा फिरौती न देने पर जान से मारने कि धमकी देने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार  ।*

*सीआईए स्टॉफ नरवाना को मिली  बङी सफलता ।*
 
*मुम्बई में हुए बाबा सदिकी हत्याकांड में शामिल अमित नाथी के नाम से जान से मारने की धमकी देकर मांगी गई थी 10 लाख की फिरौती ।*

*मुख्य आरोपी अमित उर्फ कालू को पुलिस टीम ने हथो- ढाकल रोड से दबोचा ।*

*गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी पुलिया से कूदा जिससे पैर में लगी गंभीर चोट ।*
जींद : पुलिस अधीक्षक जींद श्री कुलदीप सिंह के कुशल मार्गदशर्न व उप पुलिस अधीक्षक नरवाना श्री कमलदीप राणा के कुशल नेतृत्व में कार्य करते हुए अपराधियों के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए प्रभारी उप नि. सुखदेव सिंह की टीम ने उचाना में बंक बूट हाउस के मालिक को जान से मारने की धमकी देने के मामले में  कारवाई करते हुए धमकी देने में शामिल मुख्य आरोपी को काबू करने में बड़ी सफलता हासिल की है । 

     पकडे गए आरोपी की पहचान अमित कुमार उर्फ कालू वासी जिला कैथल के तौर पर हुई है। 

       जानकारी देते हुए सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि दिनांक 28.10.2025 को संजीव वासी सुदकैन कलां ने थाना उचाना में दरखास्त दी थी कि उसने उचाना में बंक बूट हाउस के नाम से दूकान कर रखी है । दिनांक 25.10.2025 को रात को 11 बजे उसकी इंस्टाग्राम आई डी पर उल्लू नाम की इंस्टाग्राम आई डी से काल व मैसेज के द्वारा जान से मारने की धमकी देकर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है जो लगातार अब तक धमकियां दी जा रही है उसे जान व माल का खतरा है जिस पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 351(2), 308(5) BNS, 66D IT एक्ट के तहत थाना उचाना में मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू की गई । मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जींद ने सीआईए नरवाना व SHO थाना सदर नरवाना की एक विशेष टीम का गठन किया । पुलिस टीम ने अपने तन्त्र को एक्टिव किया और आरोपियों की तलाश शुरू की । टीम को खुफिया सूचना मिली कि उचाना में जान से मारने की धमकी देकर फिरौती के मामले में शामिल मुख्य आरोपी हथो से ढाकल गांव की तरफ पैदल पैदल जा रहा है । पुलिस टीम ने तुरंत आरोपी का पीछा करना शुरू किया । थोड़ी देर बाद एक संदिग्ध युवक पैदल पैदल ढाकल गांव की तरफ जाता दिखाई दिया । पुलिस टीम ने आरोपी को ढाकल रोड पर एक पुलिया के पास घेर लिया । आरोपी ने पुलिस टीम से बचने की कोशिश में पुलिया से छलांग लगा दी लेकिन मुस्तैद सीआईए टीम ने आरोपी को मौका पर ही काबू कर लिया । पुलिया से नीचे पत्थरों पर गिरने के कारण आरोपी का पैर चोटिल हो गया । जिसे इलाज के लिए सरकारी हस्पताल नरवाना में दाखिल करवाया गया । आरोपी गुड़गांव में एक इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान पर नौकरी करता है ।

      आरोपी को मुकदमा में शामिल तफ्तीश करके गहनता से पूछताछ की जा रही है । अगर  मामले में किसी अन्य आरोपी की भूमिका पाई गई तो उसके खिलाफ  भी नियामानुसार कार्यवाही अमल में लाई जाएगी ।
October 30, 2025

राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाएगी सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती

राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाएगी सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी फतेहाबाद में आयोजित रन फॉर यूनिटी में बतौर मुख्य अतिथि करेंगे शिकरत
चंडीगढ़-- भारत के लौह पुरुष व राष्ट्रीय एकता के मुख्य वास्तुकार सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को प्रदेश में 31 अक्तूबर, 2025 को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में जिलों में विभिन्न कार्यक्रमों व शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जिला फतेहाबाद में आयोजित रन फॉर यूनिटी में बतौर मुख्य अतिथि शिकरत करेंगे। इसके साथ ही, प्रदेश के सभी जिलों में मंत्रीगण, सांसद, विधायक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।

एक सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला करनाल में केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल व हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष श्री हरविंद्र कल्याण, जिला गुरुग्राम में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री राव इंद्रजीत तथा जिला जींद में हरियाणा विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्णलाल मिड्ढा कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।

इसी प्रकार जिला अंबाला में ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज, जिला झज्जर में सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, जिला यमुनानगर में कृषि एवं कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा, जिला हिसार में जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा, जिला भिवानी में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी तथा जिला पंचकूला में स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती राव कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

इसी तरह जिला चरखी दादरी में सांसद श्री धर्मबीर सिंह, जिला कैथल में सांसद श्री कार्तिकेय शर्मा, जिला कुरुक्षेत्र में सांसद श्री नवीन जिंदल, जिला फरीदाबाद में विधायक श्री मूलचंद शर्मा, जिला महेंद्रगढ़ में विधायक श्री कंवर सिंह, जिला नूंह में विधायक श्री ओमप्रकाश यादव, जिला पलवल में विधायक श्री हरिंद्र सिंह, जिला पानीपत में विधायक श्री प्रमोद कुमार विज, जिला रेवाड़ी में विधायक श्री लक्षमण सिंह यादव, जिला रोहतक में विधायक श्री कृष्णा गहलावत, जिला सिरसा में विधायक श्री निखिल मदान तथा जिला सोनीपत विधायक श्री पवन खरखौदा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रूप में शिरकत करेंगे।
October 30, 2025

ज्यादा से ज्यादा फसलों में सीधी बुआई की सम्भावनाओं को तलाशें : कृषि मंत्री

ज्यादा से ज्यादा फसलों में सीधी बुआई की सम्भावनाओं को तलाशें : कृषि मंत्री
 
- बजट -घोषणाओं तथा सरकार के संकल्प -पत्र के वायदों की समीक्षा-बैठक की अध्यक्षता की 
चंडीगढ़  - हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा फसलों में सीधी बुआई की सम्भावनाओं को तलाशें ताकि सिंचाई के लिए पानी और जुताई पर आने वाले खर्च को बचाया जा सके , इससे किसान की फसल को तैयार करने के लिए आने वाली लागत में भी कमी आएगी। 

श्री राणा आज यहां अपने कार्यालय में कृषि ,बागवानी, हरियाणा राज्य भंडारण निगम लिमिटेड तथा हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड से संबंधित बजट -घोषणाओं तथा सरकार के संकल्प -पत्र के वायदों की समीक्षा-बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। 

कृषि मंत्री ने "मेरा पानी मेरी विरासत"  योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि पानी की मात्रा सीमित है , इसलिए किसानों को कम पानी से तैयार होने वाली फसलों की तरफ प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने पंचकूला जिला के पहाड़ी क्षेत्र मोरनी के किसानों के लिए विशेष कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए ताकि छोटे -छोटे ढलान वाले खेतों में किसान अपनी अच्छी फसल ले सकें। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा में कहीं बालू रेत के टिब्बे हैं , कहीं पहाड़ी क्षेत्र तो कहीं समतल जमीन है। किसी खास क्षेत्र को देखते हुए उस क्षेत्र के किसानों के लिए भी योजना में तबदीली करने की संभावनाओं पर विचार करें , बशर्ते किसान को अधिक से अधिक लाभ होना चाहिए। 

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने वर्तमान राज्य सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने योजनाओं को महिला-उन्मुखी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने महिलाओं को बिना ब्याज एक लाख रूपये तक का ऋण देने की योजना पर तेजी से अमल करने के निर्देश दिए। 

उन्होंने हरियाणा राज्य भंडारण निगम लिमिटेड के अधिकारियों से बजट में की गई घोषणाओं के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में गोदाम बनाने के स्टेटस की जानकारी ली और इस दिशा में कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जलभराव के क्षेत्रों में लवणीय पानी से पलने वाले पेड़-पौधे लगाने की संभावनाओं का पता लगाने के भी निर्देश दिए। 

श्री श्याम सिंह राणा ने हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड से संबंधित मंडियों को ऑनलाइन करने , गुरुग्राम में फूल मंडी स्थापित करने तथा धान की बिक्री में किसानों की सहूलियतों के बारे में भी जवाब तलबी की। 
उन्होंने बागवानी अधिकारियों से जल्द से जल्द बागवानी पॉलिसी बनाने के निर्देश दिए , साथ ही 3 प्रस्तावित उत्कृष्ता केंद्रों को स्थापित करने जैसी घोषणाओं की समीक्षा करते हुए उक्त सभी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। 

इस अवसर पर बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के प्रधान सचिव श्री पंकज अग्रवाल , हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक श्री मुकेश कुमार आहूजा , कृषि विभाग के निदेशक श्री राजनारायण कौशिक , हरियाणा राज्य भंडारण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ शालीन के अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
October 30, 2025

स्वास्थ्य संस्थानों का निर्माण गुणवत्ता पूर्ण हो , जल्द पूरा करें : आरती सिंह राव

स्वास्थ्य संस्थानों का निर्माण गुणवत्ता पूर्ण हो , जल्द पूरा करें : आरती सिंह राव 

- निर्देश ,अब सिविल सर्जन खुद देखेंगे निर्माण गतिविधियों को 
चंडीगढ़ - हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों से संबंधित जितने भी निर्माण कार्य चल रहे हैं , उन सभी में गुणवत्तापूर्ण निर्माण सामग्री लगाई जाए तथा निर्धारित अवधि में कार्य पूरा होना चाहिए। 

उन्होंने वर्तमान नोडल अधिकारियों को हटा कर उनके स्थान पर सभी सिविल सर्जन को देख रेख करने का जिम्मा सौंपने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी अपने -अपने क्षेत्र में चल रहे निर्माणाधीन कार्यों के प्रति अपडेट रहें , इसमें कोताही बर्दाश्त नहीं की जा जाएगी। 

स्वास्थ्य मंत्री ने पिछले दिनों कुछ जिलों में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन भवनों का औचक निरीक्षण किया था , इस दौरान जब उन्होंने नोडल अधिकारियों से निर्माण कार्यों के बारे में पूछताछ की तो वे कोई संतोषजनक ज़वाब नहीं दे पाए। वे अपनी जिम्मेवारी के प्रति अपडेटिड नहीं थे। स्वास्थ्य मंत्री ने इस मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को सख़्त हिदायतें दी , साथ ही उन्होंने अब सभी सिविल सर्जन को निर्माण कार्यों का भी नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए और कहा कि सभी अधिकारी निर्माणाधीन कार्यों के प्रति अपडेट रहें।

आरती सिंह राव ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थान ऐसी जगह है जहां डॉक्टर मरीजों की जांच करके उनके ईलाज करता है , इसलिए इनके निर्माण में काम आने वाले सामान की गुणवत्ता पर किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सभी संस्थानों का निर्माण निर्धारित अवधि में पूरा करने के निर्देश दिए।
October 30, 2025

श्री श्याम वंदना महोत्सव में उमड़ा भक्ति का सैलाब, भक्ति रस में सराबोर हुआ जींद शहर

श्री श्याम वंदना महोत्सव में उमड़ा भक्ति का सैलाब, भक्ति रस में सराबोर हुआ जींद शहर
जींद : श्री श्याम प्रचार महिला समिति जींद द्वारा श्री श्याम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर आयोजित तीसरा भव्य श्री श्याम वंदना महोत्सव सेठों वाली धर्मशाला घंटाघर चौक जींद में अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल, युवा कांग्रेस नेता पवन गर्ग, प्रमुख चिकित्सक डॉ. रमेश बंसल, आम आदमी पार्टी महिला विंग की प्रदेश सलाहकार डॉ. रजनीश जैन, नगर परिषद जींद की चेयरपर्सन अनुराधा सैनी, मेट्रो हॉस्पिटल की डॉ. पूजा बंसल और किन्नर समाज की सीमा महंत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। धर्मशाला बाबा श्याम के जयकारों से गूंज उठी और हर ओर भक्ति का माहौल बन गया।  
महोत्सव का शुभारंभ बाबा श्याम के भव्य श्रृंगार के साथ हुआ जिसे साहिल अत्री ने सुंदरता और श्रद्धा के साथ सजाया। संगीत की मनमोहक प्रस्तुति राहुल मुंडे म्यूजिकल ग्रुप ने दी जबकि साउंड व्यवस्था ए.के. साउंड द्वारा की गई। कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र के प्रसिद्ध भजन गायक हर्ष गोयल और जींद के भजनी गायक नरेश भजनी ने अपने मधुर स्वर से बाबा श्याम के भजनों की ऐसी अमृतधारा बहाई कि श्रद्धालु झूम उठे। उपस्थित भक्तों ने झूम कर नाचते हुए “हारे के सहारे की जय” और “श्याम तेरी बंसी पुकारे” जैसे भजनों पर भक्ति में लीन होकर आनंद लिया। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति की पदाधिकारी ममता बंसल, साधना गुप्ता, सुमन मित्तल, अनीता गर्ग, लक्ष्मी गर्ग, मोनिका, सोनिया, आशीष जिंदल, डॉ कैलाश व अन्य पदाधिकारी पिछले कई महीनों से तैयारियों में जुटे थे।
इस अवसर पर डॉ. राजकुमार गोयल व अन्य मुख्य अतिथियों ने कहा कि श्याम बाबा जैसे धार्मिक आयोजन समाज को एकता, प्रेम और सेवा का संदेश देते हैं। जींद में धार्मिक और सामाजिक कार्यों में महिलाओं की सक्रिय भूमिका काबिल-ए-तारीफ है। महोत्सव के अंत में समिति द्वारा बाबा श्याम के जयकारों के साथ प्रसाद वितरण किया गया। पूरा वातावरण “श्याम नाम की गूंज” से सराबोर हो गया।
October 30, 2025

डिजिटल पुलिसिंग में हरियाणा का रुतबा बरकरार , प्रदेश ने कायम रखी टॉप नेशनल रैंकिंग

डिजिटल पुलिसिंग में हरियाणा का रुतबा बरकरार

प्रदेश ने कायम रखी टॉप नेशनल रैंकिंग

अपराध ट्रैकिंग सिस्टम में हरियाणा बना मिसाल
चंडीगढ़- हरियाणा ने डिजिटल गवर्नेंस और नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग में उत्कृष्टता के नये मानक स्थापित करते हुए जून 2021 से लेकर अब तक के 51 महीनों में से 37 महीनों तक राष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष स्थान बनाए रखा है। अगस्त 2025 में राज्य ने सौ फीसदी अंक हासिल करते हुए कुशल सेवा वितरण और तकनीक-आधारित न्याय सुधारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है।

मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में आज अपराध और अपराधी ट्रैकिंग नेटवर्क एवं प्रणाली (सीसीटीएनएस) तथा इंटर ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (आईसीजेएस) की 31वीं स्टेट एपेक्स कमेटी की बैठक हुई। बैठक में राज्य की तकनीकी अवसंरचना की समीक्षा के साथ-साथ भावी नवाचारों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया।

श्री रस्तोगी ने विभाग के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा की डिजिटल पुलिसिंग व्यवस्था ने शासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता के नए मानक स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश का डिजिटल पुलिसिंग मॉडल एक नई सोच का प्रतीक है, जो प्रतिक्रियात्मक प्रवर्तन से आगे बढ़कर डेटा-आधारित और नागरिक-केंद्रित शासन की दिशा में अग्रसर है।
गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि हरियाणा पुलिस ने नागरिक सेवाओं में अतुलनीय निरंतरता कायम रखते हुए हर समय पोर्टल पर प्रदान की जाने वाली सेवाओं के लिए राइट टू सर्विस डैशबोर्ड पर 10 में से 10 अंक प्राप्त किए हैं। 28 अक्तूबर, 2025 तक विभाग ने सरल पोर्टल के माध्यम से 75.97 लाख नागरिक आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण किया है, जो राज्य के सभी विभागों में सर्वाधिक है।

डॉ. मिश्रा ने कई अभिनव तकनीकी पहलों का जिक्र किया, जिनमें होटल विजिटर डेटा सर्च, आईआईएफ-3 (गिरफ्तारी/आत्मसमर्पण फार्म) में क्रिमिनल सर्च हिस्ट्री और लापता व्यक्तियों का हर समय पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण शामिल है। नागरिक अब घर बैठे केवल दो मिनट में लापता व्यक्ति की रिपोर्ट दर्ज करा सकते हैं। इससे न केवल त्वरित पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित होती है बल्कि परिवार की चिंता भी कम होती है।

हरियाणा ने एआई सक्षम एक स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम भी शुरू किया है, जो किसी भी होटल में आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति के ठहरने पर सम्बन्धित थाने के एसएचओ को रियल-टाइम अलर्ट भेजता है। जुलाई से प्रदेशभर में लागू यह प्रणाली आगंतुक के नाम, आधार नंबर और मोबाइल नंबर का पुलिस रिकॉर्ड से स्वतः मिलान करती है। देश की पहली ऐसी तकनीक-आधारित पूर्व चेतावनी प्रणाली से संभावित अपराधों को समय रहते रोकने में मदद मिली है।

सीसीटीएनएस और ई-प्रॉसिक्यूशन संस्करण-2 के एकीकरण से अब मसौदा आरोप-पत्रों का कानूनी परीक्षण के लिए इलेक्ट्रॉनिक हस्तांतरण संभव हो गया है, जिससे मैनुअल देरी और त्रुटियों की संभावना समाप्त हो गई है। अब हरियाणा में सभी आरोप-पत्र न्यायालयों को इलेक्ट्रॉनिक रूप में भेजे जाते हैं और शत-प्रतिशत डिजिटल फाइलिंग हासिल की जा चुकी है। करनाल में सफल पायलट प्रोजेक्ट से इसकी विश्वसनीयता सिद्ध हो चुकी है।

बैठक में 33.69 करोड़ रुपये की राज्य कार्य योजना के अंतर्गत गृह मंत्रालय द्वारा अनुमोदित परियोजना आईसीजेएस 2.0 के लिए 92.32 लाख रुपये जारी करने को मंजूरी दी गई। इस राशि से 411 फिंगरप्रिंट एनरोलमेंट डिवाइस, 2,489 सिंगल-डिजिट स्कैनर और 1,688 वीडियो कॉन्फ्रेंस/वेब कैमरे खरीदे जाएंगे। इससे अपराध न्याय प्रणाली के प्रत्येक चरण का आधुनिकीकरण होगा। इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) ने भी गृह मंत्रालय द्वारा 3.25 करोड़ की अतिरिक्त राशि को भी मंजूरी देने की पुष्टि की है।

मुख्य सचिव ने सभी विभागों को इन परियोजनाओं के समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि हरियाणा के 391 पुलिस थाने अब देश के सशक्त और डिजिटल रूप से जुड़े पुलिस नेटवर्क का हिस्सा हैं।

पुलिस महानिदेशक श्री ओ.पी. सिंह ने बताया कि मोबाइल क्राइम यूनिट्स के मामले में हरियाणा देश में अग्रणी है। वर्तमान में 27 यूनिट्स संचालित हैं और गत 9 अक्तूबर तक 11,071 बायोमेट्रिक एनरोलमेंट्स दर्ज किए जा चुके हैं, जो देश में सर्वाधिक हैं। ये यूनिट्स अपराध स्थल पर ही फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्र करती हैं, जिससे जांच की गुणवत्ता और गति दोनों में सुधार हुआ है।

‘न्याय श्रुति’ पहल के तहत करनाल में वर्चुअल कोर्ट अपीयरेंस शुरू कर दी गई है। इससे पुलिस कर्मियों और बंदियों की अनावश्यक आवाजाही में कमी तथा मामलों के निस्तारण में तेजी आई है। विभाग अब रियल-टाइम डैशबोर्ड और स्लॉट टाइमिंग सिस्टम लागू करने की दिशा में कार्य कर रहा है, जिससे न्यायिक प्रक्रियाओं की पारदर्शिता व दक्षता और बढ़ेगी।

बैठक में पुलिस, हारट्रोन, एनआईसी, क्रिड, गृह, अभियोजन और जेल समेत कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
October 30, 2025

गुम हुए 45 मोबाइलों को तलाश पुलिस ने मालिकों के हवाले किए

गुम हुए 45 मोबाइलों को तलाश पुलिस ने मालिकों के हवाले किए
मोबाइल पाकर मालिक हुए खुश, बरामद किए गए मोबाइलों की कीमत 7.15 लाख
जींद : जिला में अलग-अलग लोगों के गुम हुए 45 मोबाइलों को पुलिस ने तलाश कर उनके मालिकों को सौंपा है। गुम हुए मोबाइलों की कीमत लगभग सात लाख 15 हजार रुपये है। गुम हुए मोबाइल वापस पाकर फोन मालिक खुश नजर आ रहे थे। 
गौरतलब है कि हरियाणा सरकार ने दूरसंचार विभाग भारत सरकार द्वारा निर्मित पोर्टल सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर) से गुम हुए मोबाइलों के लिए शुरू किया जा चुका है। जींद पुलिस की साइबर सुरक्षा शाखा ने आम जनता के गुम हुए 45 मोबाइल फोन तलाश कर बुधवार को उनके असल मालिकों के हवाले किया। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह द्वारा मोबाइल मालिकों को ये मोबाइल सौंपे हैं। जो व्यक्ति अपने मोबाइल लेने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में नहीं आ पाए, पुलिस द्वारा उनके घर जाकर उन्हे मोबाइल दिए गए। 
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि मोबाइल चोरी के संबंध में मिली शिकायतों पर कार्यवाही करते हुए जींद साईबर सुरक्षा इंचार्ज उप निरीक्षक अनमोल के नेतृत्व में सिपाही अनिल कुमार ने एक अगस्त से लेकर अक्टूबर 2025 तक के जींद जिले से गुम हुए 45 मोबाइल फोन की तलाश की है। बरामद किए गए मोबाइल की कीमत लगभग सात लाख 15 हजार रुपये है। साइबर सैल को आम जनता के गुम हुए मोबाइल को बरामद करने के संबंध में विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हुए हैं। जिस पर साइबर शाखा द्वारा आम जनता के गुमशुदगी के फोन को सर्च करके उनके असल मालिक को कार्यालय में बुला कर उनके सुपुर्द किया जाता है। अक्सर लोगों की लापरवाही से मोबाइल गुम हो जाते हैं, मोबाइल के गुम होने की सूचना तुरंत पुलिस को और संबंधित कंपनी जिसका सिम कार्ड प्रयोग किया जाता है को दें ताकि आपके मोबाईल का कोई दुरुपयोग ना कर सके। अपना गुमशुदा मोबाइल फोन मिलने पर आमजन बहुत खुश हुए। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा मोबाइल गुमशुदगी की रिपोर्ट करने व मोबाइल को ब्लॉक करने के लिए पोर्टल सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी को शुरू किया जा चुका है। अब आमजन घर बैठे भी इस पोर्टल पर अपनी मोबाइल गुमशुदगी से संबंधित शिकायत दर्ज करवा सकता है।
October 30, 2025

उपभोक्ता जागरूकता पर दिया गया विशेष जोर : राजेश वशिष्ठ

उपभोक्ता जागरूकता पर दिया गया विशेष जोर : राजेश वशिष्ठ
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की बैठक संपन्न
जींद: अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की मासिक बैठक हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष राजेश वशिष्ठ की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिसका मुख्य उद्देश्य संगठन मे मजबूती पैदा करना व सक्रिय टीम बना कर अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करना रहा। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बैठक की शुरुआत संगठन मंत्र से की गई। बैठक की शुरुआत में जिला अध्यक्ष राजेश वशिष्ठ ने संगठन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत का मुख्य लक्ष्य उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है ताकि वे किसी भी प्रकार के धोखाधड़ी, ठगी या अधिकारों के हनन से बच सकें। उन्होंने कहा कि आज के समय में उपभोक्ता जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है, जिससे समाज में पारदर्शिता और न्याय सुनिश्चित किया जा सकता है। राजेश वशिष्ठ ने बताया कि पिछले माह के दौरान संगठन द्वारा जिले में कई जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें उपभोक्ता अधिकारों, उत्पादों की गुणवत्ता, बिलिंग पारदर्शिता और ऑनलाइन ठगी से बचाव जैसे विषयों पर लोगों को जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों से आम नागरिकों में उपभोक्ता अधिकारों के प्रति सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। बैठक में आगामी माह के लिए कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि अगले महीने से खंड स्तर पर उपभोक्ता जागरूकता बैठकें आयोजित की जाएंगी ताकि पंचायत का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। इसके अलावा स्कूलों और कॉलेजों में भी उपभोक्ता अधिकारों पर विशेष सत्र आयोजित करने की योजना बनाई गई। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने संगठन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव दिए। सभी ने एकमत से यह निर्णय लिया कि उपभोक्ता हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाई जाएगी। अंत में जिला अध्यक्ष राजेश वशिष्ठ ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन तभी मजबूत होगा। जब प्रत्येक सदस्य अपने क्षेत्र में उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा के लिए सजग रहेगा। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत का उद्देश्य केवल शिकायतें दर्ज कराना नही बल्कि समाज में जागरूकता और जि मेदारी की भावना विकसित करना है। कल्याण मंत्र से बैठक का समापन किया गया ।
October 30, 2025

रेलवे ने कुरुक्षेत्र से खाटू श्याम के लिए दो स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया

रेलवे ने कुरुक्षेत्र से खाटू श्याम के लिए दो स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया
दो स्पेशल कुरुक्षेत्र-फुलेरा-कुरुक्षेत्र ट्रेन अप-डाउन के चार-चार चक्कर लगाएंगी
जींद : रेलवे ने कुरुक्षेत्र से खाटू श्याम के लिए दो स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया है। देव उठनी एकादशी के उपलक्ष्य में श्रद्धालुओं की मांग पर चलने वाली ये दो स्पेशल कुरुक्षेत्र-फुलेरा-कुरुक्षेत्र ट्रेन अप-डाउन के चार-चार चक्कर लगाएंगी। ऐसे में यह स्पेशल ट्रेन चलने से श्रद्धालुओं को फायदा मिलेगा। इन स्पेशल ट्रेनों का संचानल 30 अक्टूबर से तीन नवंबर तक होगा। कुरुक्षेत्र-फुलेरा अनारक्षित स्पेशल ट्रेन नंबर 09711 कुरुक्षेत्र से रात को 11 बजकर 30 मिनट पर चलेगी। जो कैथल, नरवाना होते हुए रात एक बजकर 23 मिनट पर जींद जंक्शन पहुंचेगी। यहां दो मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन रोहतक, झज्जर, नारनौल, गुरुग्राम होते हुए सुबह साढ़े आठ बजे फुलेरा पहुंचाएगी। इसके बाद ट्रेन नंबर 09712 स्पेशल ट्रेन फुलेरा से सुबह नौ बजकर 50 मिनट पर चलेगी। जो गुरुग्राम, नारनौल, झज्जर,  रोहतकए, जुलाना होते हुए दोपहर चार बजकर 28 मिनट पर जींद जंक्शन पर पहुंचेगी। यहां दो मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन नरवाना व कैथल होते हुए कुरुक्षेत्र करीब रात को आठ बजे पहुंचेगी। इस स्पेशल ट्रेन में कुल 18 कोच होंगे। मान्यता के अनुसार खाटू श्याम दर्शन को आने वाले भक्त रींगस में स्थित श्याम मंदिर के दर्शन करने के पश्चात ही खाटू जाते हैं। यहां निशान की पूजा करने के पश्चात ही खाटूश्याम में निशान अर्पित किया जाता है। इस मंदिर मे दर्शन करने के लिए दूर से लोग आते है। यह मंदिर सैंकड़ों साल पुराना है। इस मंदिर के निर्माण में विशेष तरह की मार्बल्स और धातु का प्रयोग किया गया है। मंदिर के अंदर की अद्भुत कलाकृतियां आकर्षण का केंद्र रहती है। बाबा श्याम के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं की पदयात्रा भी रींगस से ही शुरू होती है। विशेष श्रृंगार बसंत पंचमीए एकादशीए जन्माष्टमी सहित अन्य विशेष दिनों पर किया जाता है।
निरंकारी संत समागम के लिए भी चलाई स्पेशल ट्रेन
31 अक्टूबर से चार नवंबर तक होने वाले भोड़वाल माजरी में संत निरंकारी समागन में श्रद्धालुओं के लिए भी रेलवे ने 04649-50 स्पेशल ट्रेन चलाई है। ट्रेन नंबर 04650 सुबह 10 बजकर 35 मिनट पर फिरोजपुर कैंट से चलकर फरीदकोट, कोटकपूरा, बठिंडा, मानसा, जाखल के रास्ते दोपहर बाद चार बजकर 20 मिनट पर जींद पहुंचेगी। यहां पांच मिनट ठहराव के बाद ट्रेन पानीपत, समालखा के रास्ते भोड़वाल माजरी रात सात बजकर आठ मिनट पर पहुंचेगी जो दो मिनट ठहराव के बाद नई दिल्ली रात लगभग साढ़े नौ बजे पहुंचेगी। वहीं ट्रेन नंबर 04669 रात साढ़े दस बजे नई दिल्ली से चलकर सुबह सवा दो बजे जींद पहुंचेगी जो पांच मिनट के ठहराव के बाद मानसा, बठिंडा के रास्ते सुबह सवा नौ बजे फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी। 04650 ट्रेन  30 अक्टूबर और ट्रेन नंबर 04649 चार नवंबर को चलेगी। इस ट्रेन में 24 कोच होंगे। 
यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई स्पेशल ट्रेन 
रेलवे जंक्शन अधीक्षक जेएस कुंडू ने बताया कि रेलवे का प्रयास है किया यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा दी जा सके। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने खाटूश्याम देवउठनी एकादशी व भोड़वाल माजरी में होने वाले संत निरंकारी समागम के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेन चलाई है। यह स्पेशल ट्रेन चलने से यात्रियों को लाभ मिलेगा।
October 30, 2025

खेत में बने कमरे में आ*ग लगने से दो किसान जिंदा ज*ले

खेत में बने कमरे में आग लगने से दो किसान जिंदा जले
शॉर्ट सर्किट से इन्वर्टर, बैटरी में आग लगने के कारण हुआ हादसा
गांव बडौदा खेत में रखवाली करने गए थे दोनों मृतक किसान 
जींद : गांव बडौदा खेतों में बीती रात रखवाली करने गए दो किसानों की कमरे में लगी आग से जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के पीछे कमरे में रखे इन्वर्टर, बैटरियों मे शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा। घटना की सूचना पाकर उचाना डीएसपी फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और हालातों का जायजा लिया। दोनों मृतक किसानों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए नरवाना के नागरिक अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 
गांव बड़ौदा निवासी अशोक (36) अपने साथी अमरजीत (37) के साथ बीती रात खेत में रखवाली करने गया हुआ था। रात को दोनों अशोक  के खेत में बने कमरे में चारपाई पर सोए थे। जो बुधवार को कमरे में जली हुई हालात में मृत पाए गए। हालात यहां तक रहे कि अशोक के शव की पहचान भी नही हो पा रही थी। परिजनों को घटना का बुधवार को उस समय पता चला जब काफी देर तक दोनों घर वापस नही लौटे। उन्होंने जब खेत में जाकर देख तो दोनो के शव बुरी तरह जली हालात में थे। कमरे में रखे इन्वर्टर, बैटरियां व वहां रखा अन्य सामान जल चुका था।  घटना की सूचना पाकर उचाना के डीएसपी संजय कुमार, उचाना थाना प्रभारी दिलबाग सिंह, फोरंेसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और हालातों का जायजा लिया। आशंका जताई जा रही है कि इन्वर्टर, बैटरी में शॉर्ट सर्किट हुआ है। जिसके कारण कमरे में धुआं हुआ और नींद में होने के कारण गैस से बेहोश हो गए। फिर आग ने कमरे को चपेट में ले लिया और दोनों जिंदा जल गए। मृतक अशोक शादीशुदा और दो बच्चों के पिता थे। जबकि अमरजीत अविवाहित था। दोनों के बीच दोस्ती भी गहरी थी। खेत में रखवाली के लिए दोनों इक्कठे जाते थे। दोनों की मौत से मातम पसर गया। दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल नरवाना ले जाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि दोनों खेत रखवाली करने गए थे। जिस कमरे में दोनों सोए थे। उसमें इन्वर्टर, बैटरी में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। जिसमें दोनों की जलने से मौत हो गई। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Wednesday, October 29, 2025

October 29, 2025

*इंदिरा गांधी की 41वीं पुण्यतिथि — राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाएं*- *ऋषिपाल हैबतपुर*

*इंदिरा गांधी की 41वीं पुण्यतिथि — राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाएं*- *ऋषिपाल हैबतपुर*
31 अक्टूबर 2025 को भारत की पूर्व प्रधानमंत्री, स्वर्गीय *श्रीमती इंदिरा गांधी* की 41वीं पुण्यतिथि है। इस वर्ष भी यह दिन *राष्ट्रीय एकता दिवस* के रूप में मनाया जाएगा।

कार्यक्रम की रूपरेखा
- *श्रद्धांजलि सभाएं:* प्रदेश के सभी *ब्लॉक और जिला स्तर* पर श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया जाएगा।
- *पुष्पांजलि:* सभी कार्यकर्ता, नेता और नागरिक 31 अक्टूबर 2025 को *स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित* कर श्रद्धांजलि दें।
- *कार्यक्रम:* इस दिन *जनसभाएं, संगोष्ठियां, नुक्कड़ सभाएं* आदि आयोजित कर उनके विचारों, जीवनी और राष्ट्रीय एकता में उनके योगदान पर प्रकाश डालें।
- *राष्ट्रीय एकता का संदेश* फैलाएं: इंदिरा गांधी के साहस, नेतृत्व और एकता के प्रति समर्पण को याद करें।

*आइए, मिलकर इंदिरा गांधी की 41वीं पुण्यतिथि को सच्ची श्रद्धांजलि दें और राष्ट्रीय एकता के उनके सपने को मजबूत बनाएं।*




October 29, 2025

हमेशा किसानों के साथ खड़ी है हरियाणा सरकार : कृषि मंत्री - कहा ,एमएसपी पर खरीदा जा रहा है फसल का एक-एक दाना

हमेशा किसानों के साथ खड़ी है हरियाणा सरकार : कृषि मंत्री 
- कहा ,एमएसपी पर खरीदा जा रहा है फसल का एक-एक दाना
चंडीगढ़ -हरियाणा सरकार प्रदेश के किसानों के साथ खड़ी है और लगातार किसानों की भलाई के कार्य कर रही है। प्रदेश की मंडियों में एमएसपी पर फसलों का दाना-दाना खरीदा जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि फसल खरीद के दौरान किसी भी किसान को परेशानी का सामना ना करना पड़े।
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा आज चरखी दादरी में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। 

कृषि मंत्री ने समिति के समक्ष रखी गई कुल 16 शिकायतों में से 8 का मौके पर ही समाधान करवाया और 8 शिकायतों के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। 
पत्रकारों से बात करते हुए श्री राणा ने कहा कि राज्य सरकार लगातार किसानों की भलाई के कार्य कर रही है। किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से कल्याणकारी योजनाएं भी लागू की गई हैं। सरकार की योजना के अनुसार जल्द ही भावांतर भरपाई योजना की राशि जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण खराब हुई फसलों के सत्यापन का कार्य अंतिम चरण में है और जल्दी ही किसानों के बैंक खातों में ज्यादा बरसात से खराब हुई फसलों का मुआवजा डाला जाएगा। उन्होंने ओवरलोडिंग पर बोलते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा ओवरलोड को लेकर लगातार कार्यवाही की जा रही है और लाखों रूपए के चालान किए जा रहे हैं।
October 29, 2025

साइबर अपराधियों से सांठगांठ रखने वाले सब इंस्पेक्टर सतीश कुमार को सेवा से किया बर्खास्त

साइबर अपराधियों से सांठगांठ रखने वाले सब इंस्पेक्टर सतीश कुमार को सेवा से किया बर्खास्त

साइबर आरोपितों सेे अवैध कॉल सेंटर को चलाने के लिए प्रोटेक्शन मनी लेने का था आरोप
जींद : साइबर अपराधियों से सांठगांठ रखने वाले सब इंस्पेक्टर को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। पुलिसकर्मी गिरफ्तार किए गए साइबर आरोपितों सेे अवैध कॉल सेंटर को चलाने के लिए प्रोटेक्शन मनी के रूप में लेता था। 
सब इंस्पेक्टर सतीश कुमार वर्ष 2000 में पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुए थे। वर्तमान में थाना उचाना के अंतर्गत नाका ड्यूटी पर तैनात थे। पुलिस आयुक्त पंचकूला की रिपोर्ट के अनुसार सतीश कुमार का नाम 21 अगस्त 2025 को धारा आईटी एक्ट बीएनएस,  टेलीकम्युनिकेशन एक्ट और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत थाना साइबर क्राइम पंचकूला में सामने आया था। जांच के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपितों ने अवैध कॉल सेंटर को चलाने के लिए सब इंस्पेक्टर सतीश कुमार को प्रोटेक्शन मनी के रूप में देने की बात कही थी। जिस से स्पष्ट है कि आरोपित सतीश कुमार पुलिस वर्दी की गरिमा को ठेस पहुंचा रहा था और पुलिस विभाग की छवि को धूमिल कर रहा था। आरोप सिद्ध होने पर पुलिसकर्मी को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। 
बुधवार को पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग की साख और ईमानदारी को सर्वोपरि रखते हुए भ्रष्टाचार व कर्तव्यहीनता के विरुद्ध चलने वाले सब इंस्पेक्टर सतीश कुमार को तुरंत  प्रभाव से सेवा से बर्खास्त किया है। हरियाणा पुलिस की वर्दी ईमानदारी, अनुशासन और सेवा भाव का प्रतीक है। जो भी अधिकारी इन सिद्धांतों से भटकता है, उसके लिए पुलिस विभाग में कोई स्थान नही है। जींद पुलिस भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों के प्रति जीरो टोलरेंस की नीति पर काम कर रही है। पुलिस आमजन को यह भरोसा दिलाती है कि जो भी पुलिस कर्मी विभाग की साख को ठेस पहुंचाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
October 29, 2025

*पानीपत सहित प्रदेश के सभी 22 जिलों में 1 नवंबर से होगी पेपर लेस रजिस्ट्री की शुरूआत, रजिस्ट्री की पुरानी प्रणाली बंद : डीसी डाक्टर वीरेंद्र दहिया*

*पानीपत सहित प्रदेश के सभी 22 जिलों में 1 नवंबर से होगी पेपर लेस रजिस्ट्री की शुरूआत, रजिस्ट्री की पुरानी प्रणाली बंद : डीसी डाक्टर वीरेंद्र दहिया*

*- 03 नवंबर से पहले खरीदे स्टाम्प पेपर पर 15 नवंबर तक करा सकेंगे रजिस्ट्री*

*- डीसी ने ततीमा व पार्टिशन मामलों के शीघ्र निपटान के दिए निर्देश*

*- वित्तीय आयुक्त हरियाणा सुमिता मिश्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पेपर लेस रजिस्ट्री प्रणाली बारे दिए आवश्यक निर्देश*
पानीपत : प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। सरकार हरियाणा के सभी 22 जिलों में 1 नवंबर से पेपर लेस रजिस्ट्री प्रणाली लागू की जा रही है। इसके साथ ही पुरानी मैनुअल प्रणाली को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। साथ ही 03 नवंबर 2025 से पूर्व खरीदे गए स्टाम्प ड्यूटी पेपर पर 15 नवंबर 2025 तक रजिस्ट्री कराई जा सकती है। निर्धारित अवधि के पश्चात, अर्थात् 03 नवंबर 2025 के बाद रजिस्ट्री के लिए बनाए गए स्टाम्प ड्यूटी पेपर मान्य नहीं होंगे।
डीसी डाक्टर वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि वित्तीय आयुक्त, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग हरियाणा सुमिता मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित हुई वीडियो कॉन्फ्रेंस में यह प्रणाली सभी जिलों में लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। डीसी ने बताया कि नई प्रणाली के अंतर्गत संपत्ति की रजिस्ट्री पूरी तरह ऑनलाइन होगी, जिससे प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और सुरक्षित बनेगी। उन्होंने बताया कि पेपर लेस रजिस्ट्री लागू होने से दस्तावेजों की भौतिक प्रतियों की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी और नागरिकों को कागजी औपचारिकताओं से मुक्ति मिलेगी। रजिस्ट्री से संबंधित सभी दस्तावेज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित रहेंगे, जिन्हें आसानी से एक्सेस किया जा सकेगा।
डीसी ने बताया कि इस नई प्रणाली के सुचारू संचालन के लिए तहसील स्तर पर अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष ट्रेनिंग दी गई है, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल डिजिटल हरियाणा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो शासन व्यवस्था को आधुनिक बनाने में सहायक सिद्ध होगी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद पानीपत सहित पूरे प्रदेश में संपत्ति पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी तरह पेपरलेस और डिजिटल माध्यम से की जाएगी।
डीसी ने बताया कि पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से अब हरियाणा में इंतकाल प्रक्रिया को भी पूर्णतः ऑनलाइन और पेपरलेस किया जा रहा है। यह प्रणाली नागरिकों को पारंपरिक जटिलताओं से मुक्त कर सरल, तेज़ और पारदर्शी सेवा प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि अब संपत्ति की रजिस्ट्री के बाद इंतकाल अपने आप ऑनलाइन सिस्टम के माध्यम से स्वतः जनरेट हो जाएगा। इससे नागरिकों को राजस्व कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और मानव हस्तक्षेप भी न्यूनतम रहेगा। इंतकाल की प्रति भी पोर्टल से सीधे डाउनलोड की जा सकेगी, जिससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी।
डीसी ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि राजस्व विभाग से संबंधित जो भी केस लंबित है उनका जल्द से जल्द निपटारा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि ततीमा कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए, क्योंकि ततीमा अपडेशन एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने लंबित पार्टिशन (विभाजन) मामलों के भी शीघ्र निपटान के निर्देश दिए हैं, जिससे जनता को समय पर राहत मिल सकेगे।

Tuesday, October 28, 2025

October 28, 2025

प्रदेशवासियों की समस्याओं का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी - नायब सिंह सैनी

प्रदेशवासियों की समस्याओं का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी - नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा में सुनीं जनसमस्याएं

सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर 3,200 रुपये मासिक की गई
चंडीगढ़ -- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक की हर समस्या का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है। नागरिकों की समस्या सुनने के लिए मुख्यमंत्री आवास के दरवाजे 24 घंटे खुले हुए हैं, इसके अलावा जिला प्रशासन द्वारा भी सोमवार और वीरवार को समाधान शिविरों में जनता की समस्याएं सुनीं जा रही हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को लाडवा में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में लाडवा विधानसभा के लोगों की समस्याओं को सुन रहे थे। मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों की समस्याओं को सुना, इनमें बीपीएल राशन कार्ड, परिवार पहचान पत्र, बिजली और पुलिस से संबंधित शिकायतें शामिल रही। मुख्यमंत्री ने समस्याएं सुनने के बाद पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस परिसर में पौधारोपण भी किया।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसान हित वर्तमान सरकार की नीतियों के केंद्र में है। प्रदेश में अब सभी फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जा रही हैं। हाल ही में गन्ने का समर्थन मूल्य 415 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया।  मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 12 लाख किसानों के खातों में फसल खरीद के रूप में लगभग 1,48,000 करोड़ रुपए जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश राज के समय से चली आ रही आबियाना प्रणाली को समाप्त कर किसानों को राहत दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देशभर में हरियाणा में सामाजिक सुरक्षा पेंशन सबसे अधिक दी जा रही है, जिसे हाल ही में 3,000 रुपये से बढ़ाकर 3,200 रुपये मासिक किया गया है। इसके अतिरिक्त, “दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना” की शुरुआत की गई है, जिसके तहत गरीब महिलाओं को आगामी 1 नवंबर से 2,100 रुपये मासिक आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इसी दिशा में प्रधानमंत्री ने ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ का आह्वान किया है और जीएसटी सुधारों के माध्यम से अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है। उन्होंने वर्तमान सरकार के विकास और कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख भी किया।

इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री श्री सुभाष सुधा, उपायुक्त श्री विश्राम कुमार मीणा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
October 28, 2025

हरियाणा 58 साल पुराने जमीन प्रबंधन सिस्टम को डिजिटल और नागरिक-अनुकूल मॉडल में बदल रहा है: वित्त आयुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा

हरियाणा 58 साल पुराने जमीन प्रबंधन सिस्टम को डिजिटल और नागरिक-अनुकूल मॉडल में बदल रहा है: वित्त आयुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा

हरियाणा में भूमि निशानदेही के सभी आवेदन अब केवल ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से

तहसीलों में शुरू होगा क्यूआर आधारित नागरिक फीडबैक सिस्टम

कैश पेमेंट खत्म, हरियाणा ने अपनाई 100 प्रतिशत डिजिटल फीस व्यवस्था
चंडीगढ़ – हरियाणा ने भूमि एवं राजस्व प्रशासन को पूर्ण रूप से डिजिटल करते हुए पारदर्शी और नागरिक-अनुकूल शासन के नए युग की शुरुआत कर दी है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन की वित्त आयुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा ने आज सभी उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये उच्च स्तरीय बैठक करते हुए डिजिटल सुधारों की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में 58 साल पुराने पारंपरिक प्रणाली से एक आधुनिक और डिजिटल रुप में किए गए ऐतिहासिक बदलाव को लेकर चर्चा करते हुए बताया गया कि इसका उद्देश्य, कार्यक्षमता के साथ साथ पारदर्शिता और नागरिक सुविधा को बढ़ाना है। जल्द ही सभी तहसील कार्यालयों में क्यूआर-कोड आधारित फीडबैक सिस्टम शुरू किया जाएगा, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी सेवा अनुभव को तुरंत रेट कर सकेंगे और किसी भी समस्या की रियल-टाइम रिपोर्टिंग कर सकेंगे।
वित्त आयुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि 1 नवंबर से हरियाणा पूरी तरह पेपरलेस भूमि पंजीकरण प्रणाली में प्रवेश करेगा, जिसके बाद किसी भी तहसील में भौतिक दस्तावेज की आवश्यकता नहीं रहेगी। अब सभी रजिस्ट्री केवल डिजिटल सिग्नेचर के माध्यम से ही मान्य होंगी। ऐसा होने के बाद जालसाजी या दस्तावेज खोने के जोखिम समाप्त हो जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आमजन की सुविधा के लिए, 3 नवंबर से पहले खरीदे गए स्टाम्प 15 नवंबर 2025 तक नए डिजिटल सिस्टम में मान्य रहेंगे। यदि आवश्यकता हो तो गवाहों को भी डिजिटल रूप से बदला जा सकेगा। डॉ. मिश्रा ने सभी तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों व पंजीयन कर्मियों को निर्देश दिए कि वे राजस्व विभाग पोर्टल पर अपने यूज़र अकाउंट का कार्य तुरंत पूरा करें ताकि हर जिले का ऑनलाइन ट्रांजिशन सुचारू रूप से हो सके।
सेवाओं की समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए डॉ. मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी लंबित म्यूटेशन (नामांतरण) मामलों का निपटान इस सप्ताह के अंत तक कर दिया जाए। विभाग वर्तमान 10-दिवसीय सत्यापन नियम की समीक्षा कर रहा है और 25 नवंबर को ऑटो-म्यूटेशन सिस्टम लागू किया जाएगा जिससे स्वामित्व हस्तांतरण स्वतः रिकॉर्ड हो सकेगा और देरी तथा विवाद समाप्त होंगे।
इसके साथ ही मैनुअल फीस कलेक्शन की जगह अब सभी भुगतान केवल सरकारी ई-गवर्नेंस पेमेंट गेटवे के माध्यम से होंगे, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी। डी़ड राइटर्स को मैनुअल ड्राफ्टिंग बंद करने के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि केवल पोर्टल द्वारा तैयार की गई ऑनलाइन डीड ही कानूनी मान्यता प्राप्त होगी। इन डीड्स को भूमि अभिलेखों से स्वतः सत्यापित किया जाएगा और संबंधित अधिकारियों द्वारा डिजिटल हस्ताक्षरित किया जाएगा।
डॉ. मिश्रा ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि सभी 7ए भूमि रिकॉर्ड नंबर और कोर्ट स्टे ऑर्डर्स को इस शुक्रवार तक केंद्रीय प्रणाली में अपडेट व सत्यापित किया जाए, ताकि डेटा की सटीकता और विश्वसनीयता बनी रहे।
उन्होंने हरियाणा लार्ज स्केल मैपिंग प्रोजेक्ट (HaLMSP) की समीक्षा की और सभी उपायुक्तों को तितामा अपडेट कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। यह प्रोजेक्ट हर प्लॉट के लिए जीपीएस आधारित डिजिटल मानचित्र तैयार करेगा, जिससे सीमा विवाद समाप्त होंगे और नागरिकों को सटीक तथा विधिक रूप से प्रमाणित संपत्ति रिकॉर्ड मिल सकेगा।
हरियाणा में सभी निशानदेही आवेदन अब केवल ऑनलाइन पोर्टल से ही स्वीकार किए जाएंगे। ऑफलाइन आवेदन पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं। फीस को नागरिक-अनुकूल रखा गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में 1 हजार प्लस प्रति अतिरिक्त एकड़ 500 रुपये और शहरी क्षेत्रों में 2 हजार रुपये फिक्स किए गए है। यह प्रक्रिया जीपीएस-इनेबल्ड रोवर तकनीक के माध्यम से उच्च सटीकता से की जाएगी, और अनुमोदन सर्कल रेवेन्यू ऑफिसर्स व कानूनगो द्वारा किया जाएगा।
डॉ. सुमिता मिश्रा ने जिला टीमों की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि हम ऐसा शासन तंत्र बना रहे हैं जहाँ हर भूमि रिकॉर्ड सटीक हो। हर नागरिक की आवाज सुनी जाए, और हर अधिकारी जवाबदेह हो। उन्होंने कहा कि पेपरलेस रजिस्ट्री, ई-पेमेंट, ऑटो-म्यूटेशन और रियल-टाइम डेटा मॉनिटरिंग जैसी पहल के साथ हरियाणा डिजिटल भूमि शासन में राष्ट्रीय स्तर पर बैंचमार्क स्थापित कर रहा है।
October 28, 2025

कल धूमधाम से मनाया जाएगा श्री श्याम वंदना महोत्सव, कृष्ण मिढ़ा, राजकुमार गोयल, पवन गर्ग इत्यादि होंगे मुख्य अतिथि

कल धूमधाम से मनाया जाएगा श्री श्याम वंदना महोत्सव, कृष्ण मिढ़ा, राजकुमार गोयल, पवन गर्ग इत्यादि होंगे मुख्य अतिथि
जींद : श्री श्याम प्रचार महिला समिति जींद की एक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में 29 अक्टूबर को सेठों वाली धर्मशाला में मनाए जाने वाले श्री श्याम वंदना महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। बैठक में ममता बंसल, साधना गुप्ता, सुमन मित्तल, अनीता गर्ग, लक्ष्मी गर्ग, मोनिका, सोनिया, आशीष जिंदल इत्यादि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
समिति की ममता बंसल व सुमन मितल ने बताया कि भव्य श्री श्याम वंदना महोत्सव का आयोजन 29 अक्टूबर को सेठों वाली धर्मशाला घंटाघर चौक जींद में किया जा रहा है। यह जानकारी देते हुए आयोजित समिति की पदाधिकारी ममता बंसल व सुमन मितल ने बताया कि महोत्सव में हरियाणा सरकार के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ़ा, अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल, युवा कांग्रेस नेता पवन गर्ग, प्रमुख चिकित्सक रमेश बंसल, आम आदमी पार्टी महिला की प्रदेश सलाहकार डॉ. रजनीश जैन, नगर परिषद जींद की चेयरपर्सन अनुराधा सैनी, मेट्रो हॉस्पिटल से डॉ. पूजा बंसल और किन्नर समाज से सीमा महंत मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
इस महोत्सव में कुरुक्षेत्र के प्रसिद्ध भजन गायक हर्ष गोयल तथा जींद के नरेश भजनी सहित अन्य भजन गायक अपने सुमधुर भजनों से बाबा श्याम के भक्तों को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। बाबा का श्रृंगार साहिल अत्री द्वारा किया जाएगा जबकि संगीत व्यवस्था राहुल मुण्डे म्यूजिकल ग्रुप एवं साउंड व्यवस्था एके साउंड द्वारा की जाएगी।