Breaking

Showing posts with label Crime News. Show all posts
Showing posts with label Crime News. Show all posts

Tuesday, May 2, 2023

May 02, 2023

*Rohtak: विदेशी महिला बन पहले फेसबुक पर की दोस्ती, फिर युवक से 2.92 लाख रुपये ठगे, ऐसे बनाया शिकार*

                                
Rohtak: विदेशी महिला बन पहले फेसबुक पर की दोस्ती, फिर युवक से 2.92 लाख रुपये ठगे, ऐसे बनाया शिकार

साइबर ठग ने पहले फेसबुक पर दोस्ती की, फिर भारत आकर प्रॉपर्टी खरीदने का झांसा दिया। उसके बाद मुंबई कस्टम विभाग के नाम पर कॉल करवाकर पैसे ठग लिए। साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज 
विदेशी महिला मित्र बनकर रोहतक शहर के पटेल नगर निवासी युवक से 2.92 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। इस संबंध में साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पटेल नगर निवासी युवक ने दी शिकायत में बताया कि उसकी फेसबुक पर अर्मिता कोहली नाम से मित्र बनाने के लिए अर्जी आई। उसने अर्जी स्वीकार कर ली। नंवबर 2022 से दोनों के बीच फेसबुक के मैसेंजर पर बात होने लगी। एक अप्रैल को युवती ने उससे मोबाइल नंबर मांगा।

उसने मोबाइल नंबर दिया तो व्हाट्सअप पर बातचीत होने लगी। उसने कहा कि वह भारत आ रही है, जहां प्रॉपर्टी खरीदेगी। अगले ही दिन एक युवक का फोन आया। बताया गया कि वह मुंबई स्थित कस्टम विभाग से बोल रहा है।
आपकी दोस्त अर्मिता कोहली के पास महंगी घड़ियां, आभूषण, प्रफ्यूम, आई फोन व 50 हजार पोंड का डिमांड ड्राफ्ट है। कस्टम विभाग की इसके लिए 25,200 रुपये फीस देनी होगी। उसने बताए गए बैंक अकाउंट में यूपीआई से राशि भेज दी। इसके बाद किसी न किसी बहाने उससे कुल 2.92 लाख रुपये खाते में डलवा लिए। अब महिला सहित अन्य युवक का भी फोन बंद आ रहा है।

Friday, April 28, 2023

April 28, 2023

*जींद में कबाड़ कारोबारी से 5 लाख का फ्रॉड:*

*जींद में कबाड़ कारोबारी से 5 लाख का फ्रॉड:क्रेडिट कार्ड बनवा कर दूसरे खाते में राशि ट्रांसफर की*


क्रेडिट कार्ड बनवा कर दूसरे खाते में राशि ट्रांसफर की; केस दर्ज|
हरियाणा के जींद में कबाड़ के व्यापारी को क्रेडिट कार्ड बनाने का झांसा देकर 5 लाख रुपए हड़पने का मामला सामने आया है। साइबर थाना पुलिस ने उसकी शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जींद की श्याम नगर कॉलोनी निवासी सुनील ने बताया कि वह कबाड़ का काम करता है। उसक पास अज्ञात व्यक्ति का कॉल आई, जिसने अपने आप को तथाकथित एक्सिस बैंक अधिकारी रजत बताया। उसने क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए कहा। उसने हामी भरी तो ओटीपी लेकर ई-मेल आईडी बनाई और उससे पैन कार्ड तथा आधार कार्ड की कॉपी ले ली। उसके बाद उसके खाते में 5 लाख रुपए की राशि ट्रांसफर कर दी।
ऋण के नाम पर 7885 रुपए खर्च काटकर उसके खाते में 492115 रुपए डाल दिए। साथ ही तथाकथित बैंक कर्मी ने कहा कि वह इस राशि का प्रयोग नहीं कर सकता है, यह केवल उसकी क्रेडिट कार्ड लिमिट है। उसके बाद 2 बार में 3 लाख 52 हजार 211 और 1 लाख 39 हजार 811 रुपए दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए। बैंक में आकर पता किया गौरव नाम के व्यक्ति के खाते में पैसे ट्रांसफर किए गए हैं, जबकि वह किसी गौरव नाम के व्यक्ति को नहीं जानता।
उसने पुलिस को बताया कि 5 अप्रैल को उसके खाते से 11 हजार 313 रुपए लोन के ऋण के रूप में कट गए तो वह बैंक में पता करने के लिए गया। बैंक में उसे पता चला कि उसने लोन लिया हुआ था। बाद में उसे समझ आया कि आरोपी ने फर्जी तरीके से उसके खाते का क्रेडिट कार्ड बनवाकर ऋण ले लिया और पैसे गौरव नाम के खाते में ट्रांसफर कर गया। साइबर थाना पुलिस ने सुनील की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
April 28, 2023

जींद पुलिस ने 25 हजार का इनामी बदमाश पकड़ा:2019 में युवक की गोली मारकर की थी हत्या; 4 साल से फरार था आरोपी

जींद पुलिस ने 25 हजार का इनामी बदमाश पकड़ा:2019 में युवक की गोली मारकर की थी हत्या; 4 साल से फरार था आरोपी
जींद पुलिस की गिरफ्त में हत्या का आरोपी आकाश उर्फ कैंडी। 

जींद:जींद में 3 अगस्त 2019 को झांझ गेट के पास युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश आकाश उर्फ कैंडी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी हत्या की वारदात के बाद से ही फरार चल रहा था।
पुलिस ने कैंडी को कैथल बस अड्डे के पास से दबोचा है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हत्या की वारदात के बाद वह अपना नाम बदलकर कभी नागपुर तो कभी मुंबई और गोवा में टैक्सी ड्राइवर की नौकरी कर रहा था।
SP सुमित कुमार ने बताया कि आकाश उफ कैंडी ने वाल्मीकि मोहल्ला निवासी नवनीत की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस 4 साल से आरोपी के ठिकानों पर छापामारी कर रही थी, लेकिन वह हाथ नहीं आया। इसके बाद CIA को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई। CIA इंचार्ज अनूप सिंह ने साइबर सेल की सहायता से गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी कैंडी को कैथल से गिरफ्तार कर लिया।
*आकाश पर पहले भी कई केस दर्ज*

आकाश उफ कैंडी पर जींद शहर थाना में हत्या के प्रयास का मामला 2017 में भी दर्ज हुआ था, जिसमें आकाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर अमित नाम के लड़के को जान से मारने की नीयत से बुरी तरह पीटा था। इसमें वह बेल पर था। करनाल के असंध में आकाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर गांव झिमरी खेड़ा में रामकुमार नामक युवक पर जान से मारने की नीयत से 3 गोलियां चलाई, जिसमें रामकुमार बाल-बाल बच गया था।
वहां भी कैंडी पर हत्या का केस दर्ज था। इस केस में आकाश को गिरफ्तार कर लिया गया था लेकिन बाद में बेल के बाद पेशी पर नहीं आया, जिस पर उसे पीओ घोषित कर दिया था। छह जून 2022 को कैंडी के खिलाफ असंध थाना में मामला दर्ज है। इसी साल आकाश के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत एक मामला थाना टोहाना में भी दर्ज है।
April 28, 2023

*हरियाणा के 5 लाख SIM ब्लॉक:साइबर ठगी का शक; 90% सिम मेवात जिले के, पुलिस ने 402 संदिग्ध की पहचान की*

हरियाणा के 5 लाख SIM ब्लॉक:साइबर ठगी का शक; 90% सिम मेवात जिले के, पुलिस ने 402 संदिग्ध की पहचान की

*साइबर ठगी का शक 90% सिम मेवात जिले के, पुलिस ने 402 संदिग्ध की पहचान की*
                          हरियाणा देश में चल रही साइबर ठगी का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। पिछले साल 1 जनवरी से, हरियाणा पुलिस की साइबर क्राइम सेल ने देश भर में साइबर धोखाधड़ी करने के लिए इस्तेमाल राज्य के लगभग 5 लाख SIM कार्डों को ब्लॉक कर दिया है। यह भी खुलासा हुआ है कि 90 प्रतिशत ब्लॉक सिम कार्ड मेवात जिले के 40 गांवों में उपयोग किए जा रहे थे।

हरियाणा पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी में शामिल कम से कम 402 अपराधियों की पहचान भी की है।

66,784 शिकायतें आई
हरियाणा पुलिस के पास 1 जनवरी 2022 से 31 दिसंबर 2022 के बीच 66,784 शिकायतें, जिन पर ये कार्रवाई की गई है। इन शिकायतों से पता चला कि हरियाणा में बैठे अपराधियों ने 301.48 करोड़ रुपए की ठगे। मेवात हरियाणा के नूंह जिले का एक क्षेत्र है, जो साइबर अपराध का केंद्र बन रहा है।
*ऐसे हुई फर्जी SIM की पहचान*
                          हरियाणा पुलिस के अधिकारियों के अनुसार फर्जी सिम कार्ड की पहचान दूरसंचार विभाग (DOT) द्वारा विकसित एक टूल, टेलीकॉम सिम सब्सक्राइबर वेरिफिकेशन (ASTR) के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और फेशियल रिकॉग्निशन पावर्ड सॉल्यूशन की मदद से की गई है। अभी भी कई सिम कार्डों की पहचान के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
*चार लोग मिलकर करते हैं अपराध*
                                एक वरिष्ठ अधिकारी ने मोडस ऑपरेंडी के बारे में बताया कि एक व्यक्ति फर्जी दस्तावेजों का उपयोग करके सिम कार्ड की व्यवस्था करता है, दूसरा बैंक खातों और भुगतान आवेदनों को इन सिम कार्डों से जोड़ता है, तीसरा संभावित लक्ष्यों को कॉल करने और ठगने के लिए दूसरे सिम कार्ड का उपयोग करता है, जबकि चौथा पैसा निकालता है। अपराधी गिरफ्तारी से बचने के लिए ज्यादातर दूर रहने वाले लोगों को अपना निशाना बनाते हैं।
April 28, 2023

* सुप्रीम कोर्ट में महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में दिल्ली पुलिस बोली- 'FIR से पहले प्रारंभिक जांच की जरूरत*

*सुप्रीम कोर्ट में महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में दिल्ली पुलिस बोली- 'FIR से पहले प्रारंभिक जांच की जरूरत'*।
                           महिला पहलवानों ने डब्ल्यूएफआई के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाये हैं. सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था.
                       Supreme Court : सुप्रीम कोर्ट में महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में दिल्ली पुलिस बोली- 'FIR से पहले प्रारंभिक जांच की जरूरत'
*जंतर- मंतर पर यौन उत्पीड़न के विरोध में धरना* 

 दिल्ली पुलिस ने बुधवार (26 अप्रैल) को सुप्रीम कोर्ट में कहा कि भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ सात महिला पहलवानों की ओर से लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों पर प्राथमिकी दर्ज करने से पहले प्रारंभिक जांच की जरूरत है.

चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (सीजेआई) डीवाई चंद्रचूड़ और जस्टिस पीएस नरसिम्हा की पीठ को दिल्ली पुलिस की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने बताया कि अगर सुप्रीम कोर्ट को लगता है कि सीधे प्राथमिकी दर्ज की जानी है तो ऐसा किया जा सकता है.



*जनरल तुषार मेहता ने क्या मांग की?*


तुषार मेहता ने कहा कि प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि प्राथमिकी दर्ज किए जाने से पहले प्रारंभिक जांच किए जाने की जरूरत है. मेहता ने कहा कि ऐसी धारणा कायम न होने दें कि अदालत के कहने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई. पीठ ने मेहता की दलीलों का संज्ञान लिया है. इसके साथ कहा कि दिल्ली पुलिस 28 अप्रैल को पहलवानों की याचिका पर सुनवाई के दौरान प्राथमिकी दर्ज करने को लेकर अपने विचार रख सकती है.

आपको बता दें कि शीर्ष अदालत ने सात महिला पहलवानों की याचिका पर मंगलवार को दिल्ली पुलिस और अन्य को नोटिस जारी किया था. न्यायालय ने महिला पहलवानों द्वारा लगाये गये यौन उत्पीड़न के आरोपों को गंभीर बताते हुए कहा था कि इस पर उसे (न्यायालय) को विचार करने की जरूरत है.


*पहलवानों की मांग समिति की रिपोर्ट जारी हो*


पहलवानों ने दावा किया कि बृजभूषण शरण सिंह और उनके करीबी सहयोगियों की ओर से कई मौकों पर यौन, भावनात्मक, मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किए गए हैं. साक्षी मलिक और बजरंग पुनिया सहित कई दिग्गज पहलवानों ने इस तरह के कृत्य के खिलाफ अपनी आवाज उठाने की हिम्मत जुटाई है. आपको बता दें कि कई राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न पर मांग की हैं कि जांच समिति की उस रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाए. 

 र
April 28, 2023

सोनीपत में विवादित शिक्षा कर्मी बर्खास्त, :RTE में एडमिशन के बदले मांगता था इज्जत; कॉल रिकार्डिंग से खुली पोल, महिलाएं बोलीं-कईयों को फांसा

सोनीपत में विवादित शिक्षा कर्मी बर्खास्त, :RTE में एडमिशन के बदले मांगता था इज्जत; कॉल रिकार्डिंग से खुली पोल, महिलाएं बोलीं-कईयों को फांसा
सोनीपत : हरियाणा के सोनीपत में राइट टू एजुकेशन (RTE) में निजी स्कूलों में बच्चियों के एडमिशन के लिए उनकी मां से इज्जत का सौदा करने वाले खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ऑफिस में तैनात आरोपी क्लर्क नवीन को शिक्षा विभाग ने सेवा से बर्खास्त कर दिया है। शिक्षा विभाग मामले की जांच कर रहा था। डीसी ने बताया कि कर्मचारी के गंभीर कदाचार को देखते हुए डायरेक्टर सेकेंडरी एजुकेशन (डीएसई) द्वारा इसकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं।
इस बीच छात्र अभिभावक संघ ने सनसनीखेज खुलासा किया कि काफी महिलाओं को शिकार बनाया गया है। एक महिला तो हर महीने कर्मचारी के पास जाने को मजबूर है। 4-5 महिलाओं का पता चल गया है, जल्द ही उनको भी सामने लाया जाएगा। एक-एक से मिलकर लिस्ट तैयार की जा रही है।
*महिलाएं बोलीं- ये कैसा एडमिशन कानून*

साथ ही अब महिलाओं ने सरकार और शिक्षा विभाग पर सवाल दागा है कि RTE में एडमिशन का ये कैसा कानून है, जिसके लिए महिलाओं को समझौता करना पड़ रहा है, अपने जिस्म का सौदा करना पड़ रहा है। अब तो पूरा डिपार्टमेंट ही शक के दायरे में आ गया है। ऐसा नहीं हो सकता कि एक कर्मचारी रुपए के साथ उनसे इज्जत मांग रहा हो और प्रशासन या डिपार्टमेंट काे इसका पता न हो। महिलाओं ने कहा कि इस कर्मी को जेल में डालकर ही छोड़ेंगी।
*कर्मी नवीन को बर्खास्त करने को लेकर जारी पत्र।*

डीसी बोले-मेरी रिपोर्ट पर कार्रवाई

सोनीपत डीसी ललित सिवाच ने देर रात पत्रकारों को जानकारी दी कि उनकी रिपोर्ट के आधार पर डायरेक्टर सेकेंडरी एजुकेशन (डीएसई) द्वारा कार्यवाही करते हुए कर्मचारी नवीन को बर्खास्त कर दिया गया है। कंप्यूटर लैब अटेंडेंट नवीन कुमार द्वारा RTE के तहत स्कूल में प्रवेश के नाम पर महिला के साथ दुर्व्यवहार के संबंध में उन्होंने रिपोर्ट भेजी थी।
*कर्मी ने ये किया महिलाओं से सौदा*

बता दें कि नवीन कुमार को जाहरी स्कूल से डेपूटेशन पर खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में लगाया गया था। वह RTE से जुड़ी अहम जिम्मेदारी संभाल रहा था। उसने महिलाओं से कहा था कि उनकी बेटी का एडमिशन करा देगा, लेकिन 30 हजार रुपए खर्चा आएगा। रुपए नहीं हैं तो हर महीने एक दिन कुछ घंटे उसके साथ बिताने पडेंगे। इसमें दो महिलाएं सामने आ चुकी हैं। कई अन्य को भी सामने लाने के दावे हो रहे हैं।
*प्रवेश कुमारी, उपाध्यक्ष छात्र अभिभावक संघ।*

छात्र अभिभावक संघ की उपाध्यक्ष प्रवेश कुमारी ने इस बीच बड़ा खुलासा किया है। कर्मचारी ने काफी महिलाओं को शिकार बनाया है। उनके पास अभी कुछ डाटा आया है। ऐसी 4-5 महिलाएं और हैं, जिनके साथ ऐसा हुआ है। एक महिला ऐसी है, जो कि हर महीने उससे मिलने के लिए जाती है। इतना बड़ा जो कांड हुआ है, ऐसा तो हो नहीं सकता कि प्रशासन काे विभाग को पता न होगा। ये तो शुक्र है कि एक महिला ने इतनी हिम्मत जुटाई है कि FIR हो गई।
*..मेहनत यानी कि जिस्म का सौदा*

लेकिन अभी FIR में कुछ नहीं हुआ है। साथ ही साथ जमानत दे के छोड़ दिया गया। प्रवेश कुमारी ने कहा कि जितना भी ज्यादा हो सकेगा, उतना हम लड़ेंगे और अंदर कराके ही छोड़ेंगे। उसने महिलाओं से बोला कि काम ऐसे नहीं होते, उसके लिए मेहनत करनी पड़ती है। मेहनत यानी कि जिस्म का सौदा।

ये RTE है या 134 है, सरकार का दिया हुआ कानून है। उसमें महिलाओं को समझौता करना पड़ रहा है। अपने जिस्म का सौदा करना पड़ रहा है। ऐसा करके उसने बहुत सारी महिलाओं को फंसा कर रखा है, लेकिन हम उनको छोड़ेंगे नहीं। हम महिलाओं से एक एक कर मिल रहे हैं।
*अब तो शक के दायरे में पूरा डिपार्टमेंट*

छात्र अभिभावक संघ की उपाध्यक्ष प्रवेश कुमारी ने कहा कि अब तो शक के दायरे में पूरा डिपार्टमेंट है। क्योंकि 134 भी कई सालों से चला हुआ था और RTE में भी 2 साल से एडमिशन हो रहे हैं। हमें पूरा पूरा शक है कि इसमें एक बंदा नवीन नाम का ही नहीं है बल्कि और भी इसमें शामिल हैं। हम सबको शक के घेरे में रख रहे हैं। क्यों कि एक क्लर्क है, वो भी कॉन्ट्रैक्ट बेस पे, उसकी अकेली की इतनी हिम्मत तो हो नहीं सकती कि वो ऐसा काम करे।
*ये था पूरा मामला*

बता दें कि एक दिन पहले ही खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में क्लर्क नवीन के खिलाफ सिविल लाइन थाना में केस दर्ज हुआ है। उसने एक महिला से उसकी बेटी का आरटीई के तहत निजी स्कूल में एडमिशन कराने के लिए 30 हजार रुपए मांगे थे और कहा था कि उसे कुछ घंटों के लिए उसके साथ कमरे पर चला होगा।
*फिर तो हर महीने आना पड़ेगा*

महिला ने कहा कि उसके पास इतने रुपए नहीं हैं तो कहा कि फिर तो उसे इर महीने एक दिन 4-5 घंटों के लिए बार चलना पड़ेगा। दोनों के बीच हुई बातचीत महिला ने रिकॉर्ड कर पुलिस को दे दी। इसमें कर्मचारी नवीन सीधे सीधे बेटी का एडमिशन कराने के नाम पर महिला की इज्जत का सौदा कर रहा है। पुलिस ने अब खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय (BEO ऑफिस) के कर्मचारी नवीन के खिलाफ धारा 354 ए के तहत केस दर्ज कर लिया है।
April 28, 2023

रेसलर्स की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज:जंतर-मंतर पर धरने का छठा दिन, पहलवानों ने क्रिकेटरों और पीटी उषा-अनुराग ठाकुर पर उठाए सवाल

रेसलर्स की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज:जंतर-मंतर पर धरने का छठा दिन, पहलवानों ने क्रिकेटरों और पीटी उषा-अनुराग ठाकुर पर उठाए सवाल
नई दिल्ली : भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ चल रहे पहलवानों के धरने का आज छठा दिन है। दिल्ली पुलिस को 21 अप्रैल को नाबालिग समेत 7 महिला खिलाड़ियों की शिकायत देने के बाद भी केस दर्ज नहीं किया गया था। जिसके बाद खिलाड़ियों ने न्याय के लिए मामले की याचिका सुप्रीम कोर्ट में डाली थी। जिसकी सुनवाई का दिन आज यानि शुक्रवार का तय हुआ था। आज सुप्रीम कोर्ट के अखाड़े में पहलवानों की याचिका पर सुनवाई होगी। खिलाड़ियों को न्याय की उम्मीद है।
*सुप्रीम कोर्ट ने कहा था आरोप बेहद गंभीर*

अदालत ने खिलाड़ियों की याचिका पर दिल्‍ली पुलिस को नोटिस जारी किया था। मंगलवार को सीनियर एडवोकेट कपिल सिब्‍बल ने यह मामला सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ की अध्‍यक्षता वाली बेंच के सामने मेंशन किया। सिब्‍बल ने कहा कि यौन शोषण के आरोप पर कोई FIR दर्ज नहीं की गई। पीड़‍िता उस वक्‍त 16 साल की थी, गोल्‍ड मेडल जीता है। इस पर सीजेआई ने कहा कि पहलवानों के आरोप बेहद गंभीर हैं।
उन्‍होंने देश और दुनिया में भारत का नाम रोशन किया है। हम नोटिस जारी करते हैं। सुप्रीम कोर्ट ने मामले में सुनवाई के लिए अगली तारीख शुक्रवार की तय की थी। मंगलवार को अदालत के सामने सिब्‍बल ने कहा कि अगर पुलिस केस न दर्ज कर रही हो तो अब CrPC की धारा 166A में संशोधन के बाद उनके खिलाफ मुकदमा चलाया जा सकता है। इस पर सीजेआई ने 'हम देखेंगे' कहा था।
*बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर ने किया समर्थन*

इस देश की बेटी और आप और मेरे घर में बैठे हर बेटी और बहन की तरफ से बात कर रही हूं। हमारे देश की वह बेटियां जिन्होंने इस देश को मान सम्मान, कई मेडल दिलवाए हैं। वह बेटियां जंतर-मंतर पर बैठी हुई हैं। रास्ते पर धरना लगाकर बैठी हुई है, ताकि उनके साथ न्याय हो।
वे न्याय की भीख मांग रही हैं। ऐसे देश में जहां पर महिलाओं को देवियों का दर्जा दिया गया है। क्या यह सही है? लड़कियों के लिए इतनी मुश्किल होगी, यह बात बाहर समाज में कहना कि उनके साथ सेक्सुअल हरासमेंट हुई है। यह बहुत बड़ी बात होती है कि जब एक लड़की आवाज उठाती है। मैं पूछना चाहती हूं जब ये लड़कियां मेडल लेकर आती हैं, तो सभी मिनिस्टर उनके आगे पीछे भागते हैं ताकि उनके साथ फोटो खिंचवा सके।

अब वे सब कहां है? सबसे महत्व की बात में देश के गृहमंत्री और खेल मंत्री से निवेदन करना चाहती हूं कि कृपया इन लड़कियों को न्याय दीजिए। उनकी गुहार सुनिए, क्योंकि जब आप उनके साथ नहीं खड़े होंगे तो इस फील्ड में ही नहीं बल्कि बाकी खेलों में भी बेटी बचाओ के नारे देने का क्या मतलब रह जाता है? बेटियों की गुहार सुनिए और उन्हें न्याय दिलवाइए।
*विनेश ने क्रिकेटरों और टॉप खिलाड़ियों की चुप्पी पर उठाए सवाल*

विनेश ने भारतीय क्रिकेटरों और अन्य टॉप खिलाड़ियों की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पूरा देश क्रिकेट की पूजा करता है, लेकिन एक भी क्रिकेटर ने कुछ नहीं बोला। विनेश ने 'ब्लैक लाइव्स मैटर' आंदोलन का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसा नहीं है कि हमारे देश में बड़े एथलीट नहीं हैं।
कई क्रिकेटर हैं, जिन्होंने अमेरिका में ब्लैक लाइव्स मैटर आंदोलन के दौरान अपना समर्थन दिखाया था। क्या हम इतने भी लायक नहीं हैं? उन्होंने कहा कि जब पहलवान जीतते हैं तो तमाम क्रिकेटर भी उन्हें बधाई देने आते हैं। उनके लिए ट्वीट करते हैं, लेकिन अब उन्हें क्या हो गया? फोगाट ने पूछा कि क्या यह खिलाड़ी सिस्टम से इतना डरते हैं या यहां भी कुछ गड़बड़ चल रही है?
*IOA अध्यक्ष पीटी उषा और खेलमंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रदर्शन को बताया अनुशासनहीनता*

गुरुवार को भारतीय ओलिंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष पीटी उषा का इस प्रकरण पर पहला बयान आया था। उन्होंने कहा- पहलवानों का सड़कों पर प्रदर्शन करना अनुशासनहीनता है। इससे भारत की छवि खराब हो रही है। IOA ने पूर्व निशानेबाज सुमा शिरूर, वुशु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बाजवा को WFI चलाने के लिए तीन सदस्यीय एडहॉक पैनल में शामिल किया है। तीसरा मेंबर हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज होंगे।
इनका नाम अभी तय नहीं है। वहीं, केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस गेम के कुछ खिलाड़ी विरोध कर रहे हैं। जोकि गलत है। मैं खुद पहलवानों की साढ़े 12 घंटे बात सुन चुका हूं। आधी रात को प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की थी।
इन बयानों पर पहलवान बजरंग पूनिया ने कहा कि उनसे इतने कड़े बयान की उम्मीद नहीं थी। बजरंग ने कहा कि खेल मंत्री 2-4 मिनट हमारे बीच बैठे थे। बाकी समय उनके अधिकारी ही मध्यस्ता करने में जुटे थे। पीटी उषा से पहलवानों ने जवाबी सवाल किया है। पूछा कि अगर हमारा धरना अनुशासनहीनता है, तो जब उनकी खुद की अकेडमी टूट रही थी तो मीडिया के सामने आकर क्यों रोईं थीं ?
*खेल मंत्री बोले- कोई भी किसी भी थाने में FIR करा सकता है*

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा- जंतर-मंतर पर बैठे पहलवानों के साथ मैं 12 घंटे बैठा। उनकी बात सुनी, कमेटी बनाई, हम निष्पक्ष जांच चाहते थे। पहलवानों के कहने पर ही बबीता फोगाट को कमेटी में शामिल किया गया।
हर किसी को अपनी बात रखने का मौका दिया गया। किसी भी थाने में कोई भी FIR दर्ज करा सकता है। पुलिस ने कहा कि प्राथमिक जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे। मोदी सरकार हमेशा खिलाड़ियों के साथ खड़ी रही है। हमारे लिए खेल प्राथमिकता है, जिसके साथ हम कोई समझौता नहीं करेंगे।
*विनेश-साक्षी के साथ कुछ गलत नहीं हुआ: राकेश*

हरियाणा कुश्ती संघ के महासचिव राकेश का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा- विनेश और साक्षी के साथ कुछ भी गलत नहीं हुआ। फोगाट परिवार कुश्ती संघ पर कब्जा करना चाहता है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर पहलवानों को भड़काने का आरोप लगाया। साथ ही कहा- बजरंग पूनिया सरकारी अधिकारी हैं। वे बिना अनुमति धरने पर नहीं बैठ सकते।