Breaking

Showing posts with label haryana congress news. Show all posts
Showing posts with label haryana congress news. Show all posts

Friday, September 2, 2022

September 02, 2022

प्रमोद सहवाग करेंगे 3750 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा

प्रमोद सहवाग करेंगे 3750 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा

जींद :  कांग्रेस नेता प्रमोद सहवाग ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा 3750 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा के लिए भारत यात्री चयनित करने पर पार्टी के नेता राहुल गांधी और राज्य सभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा का आभार जताया है। सहवाग ने कहा कि देश में नफरत का माहौल खत्म करने के लिए सात सितंबर को कन्याकुमारी से प्रारंभ की जा रही भारत जोड़ो यात्रा में तिरंगा लेकर चलना अपने आप में गौरव की बात होगी। उन्होंने बताया कि पार्टी ने बतौर भारत यात्री 118 कार्यकर्ताओं को चुना है। जो पूरी यात्रा के दौरान मौजूद रहेंगे। उल्लेखनीय है कि प्रमोद सहवाग ने कांग्रेस की छात्र विंग एनएसयूआई और युवा कांग्रेस से राजनीति शुरू की थी और गुजरात, उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्यों में पार्टी की ओर से चुनाव पर्यवेक्षक का दायित्व भी निभा चुके हैं। 
पार्टी ने 2014 में जींद विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़वाया था।
सहवाग ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में बतौर भारत यात्री का चयन होने से  हरियाणा और विशेषकर जींद हलके की भागीदारी होना मेरे लिए ही नहीं पूरे जींद हलके के लिए खुशी के पल है। कांग्रेस ने हमेशा बड़े कार्यो में जींद की भागीदारी की परंपरा को आगे बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि पार्टी के निर्देशानुसार भारत यात्रियों को पांच सितंबर को कन्याकुमारी पहुंचना है। कन्याकुमारी से कश्मीर तक होने वाली  इस भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी समेत सभी चयनित भारत यात्री 3750 किलोमीटर लंबी यात्रा में मौजूद रहेंगे। सहवाग ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा की टैग लाइन एक तेरा कदम, एक मेरा कदम मिल जाए तो जुड़ जाए अपना वतन। आओ मिलकर भारत जोड़ें। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा राहुल गांधी की अगुवाई मेें ऐतिहासिक होगी। यह यात्रा लगभग 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा आएगी। सहवाग ने कहा कि देश में जब भी नफरत का माहौल पैदा हुआ है तब-तब कांग्रेस ने देश को जोड़ने का काम किया है। भारत जोड़ो यात्रा भी देश को जोड़ने का काम करेगी। कांग्रेस नेता प्रमोद सहवाग के भारत यात्री बनने पर पूरे दिन कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का उनको बधाई देने का तांता लगा रहा।

Thursday, September 1, 2022

September 01, 2022

आजाद-हुड्‌डा की मीटिंग से सियासी उबाल:सैलजा ने लिखा कार्रवाई के लिए पत्र; कांग्रेस प्रभारी हाईकमान को भेजेंगे लेटर, हुड्‌डा बोले- गुलाम नबी मेरे दोस्त

आजाद-हुड्‌डा की मीटिंग से सियासी उबाल:सैलजा ने लिखा कार्रवाई के लिए पत्र; कांग्रेस प्रभारी हाईकमान को भेजेंगे लेटर, हुड्‌डा बोले- गुलाम नबी मेरे दोस्त

रेवाड़ी : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा और कांग्रेस से इस्तीफा दे चुके गुलाम नबी आजाद की मुलाकात से हरियाणा कांग्रेस में सियासी उबाल आ गया है। हरियाणा कांग्रेस की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने हुड्‌डा के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पार्टी के हरियाणा मामलों के प्रभारी विवेक बंसल को लैटर लिखा है। सैलजा ने अपने पत्र में हुड्‌डा को शोकॉज नोटिस जारी करने की डिमांड की है।


सैलजा ने विवेक बंसल को लिखे लैटर में कहा कि गुलाम नबी आजाद कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर लगातार निशाना साध रहे हैं। हर दिन सवाल खड़े कर रहे हैं। ऐसे व्यक्ति से भूपेंद्र सिंह हुड्डा क्यों मिले? इसके लिए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी होना चाहिए।

बता दें कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व CM गुलाम नबी आजाद ने कुछ दिन पहले ही कांग्रेस छोड़ दी थी। 2 दिन पहले हरियाणा के पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री आनंद शर्मा और महाराष्ट्र के पूर्व CM पृथ्वीराज चव्हाण ने नई दिल्ली में गुलाम नबी आजाद से मुलाकात की थी। यह तीनों ही नेता कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ आवाज उठाने वाले पार्टी के G-23 ग्रुप से जुड़े रहे हैं।

हुड्‌डा, आनंद शर्मा और चव्हाण की करीब 2 घंटे तक गुलाम नबी आजाद के साथ बैठक हुई थी। हालांकि इस बैठक में हुई बातचीत का ब्यौरा नहीं मिल पाया लेकिन, गुलाम नबी के कांग्रेस से 'आजाद' होने के बाद उनसे कांग्रेस के 3 बड़े नेताओं की इस मुलाकात ने कांग्रेस में खलबली मची दी।
*G-23 ग्रुप में शामिल रहे हुड्‌डा*

कांग्रेस पार्टी को चुनाव में लगातार मिल रही हार के बाद पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर कई बड़े नेताओं ने सवाल उठाए थे। इन नेताओं को कांग्रेस में 'G-23 ग्रुप' से जाना जाता है और इनमें भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा भी शामिल हैं। इससे पहले फरवरी-2021 में G-23 ग्रुप ने गुलाम नबी आजाद के नेतृत्व में कश्मीर में जो शक्ति प्रदर्शन किया था, उसमें भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा, आंनद शर्मा, पृथ्वीराज चव्हाण सहित तमाम नेता शामिल हुए थे।

गुलाम नबी और हुड्‌डा की दोस्ती काफी पुरानी है। आजाद के हरियाणा प्रभारी रहते यह दोस्ती और गहरी हो गई। हुड्‌डा वर्ष 2005 से 2014 तक लगातार दो बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रह चुके।

*हरियाणा में हुड्‌डा विरोधियों की लंबी फौज*

हरियाणा में हुड्‌डा और सैलजा एक-दूसरे के कट्टर विरोधी हैं। 4 माह पहले ही हुड्‌डा ने सैलजा को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पद से हटवा कर अपने चहेते चौधरी उदयभान को प्रदेशाध्यक्ष बनवा दिया। सैलजा को सोनिया गांधी का करीबी माना जाता है, लेकिन हुड्‌डा ने दबाव बनाकर सैलजा की प्रदेशाध्यक्ष से छुट्‌टी करा दी। इसके बावजूद सैलजा कभी खुलकर नहीं बोलीं। अब हुड्‌डा की आजाद से मुलाकात के बाद सैलजा ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

उधर हुड्‌डा से नाराज होकर पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई भी कांग्रेस छोड़ चुके हैं। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अजय माकन के खिलाफ वोट डालने के बाद कुलदीप ने आदमपुर विधानासभा सीट से कांग्रेस विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। कुलदीप 1 माह पहले भाजपा जॉइन कर चुके हैं।

हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला और पूर्व CM बंसीलाल की पुत्रवधू किरण चौधरी भी हुड्‌डा विरोधी गुट में हैं। 10 साल हरियाणा का CM रहते हुड्‌डा और सैलजा की कभी नहीं बनी।

*बंसल बोले- लैटर हाईकमान को भेजेंगे*

कांग्रेस के हरियाणा मामलों के प्रभारी विवेक बंसल ने ‘हरियाणा बुलेटिन न्यूज’ से बातचीत में कुमारी सैलजा का पत्र मिलने की पुष्टि की। बंसल ने कहा कि वह सैलजा का लैटर पार्टी हाईकमान को भेज देंगे। इस पर आगे कोई फैसला लेना-न लेना पार्टी हाईकमान देखेगा।

*हुड्‌डा बोले- गुलाम नबी आजाद मेरे पुराने दोस्त*

हुड्‌डा ने हरियाणा बुलेटिन न्यूज  से बातचीत में कहा कि गुलाम नबी आजाद उनके पुराने दोस्त हैं। दोस्ती के नाते मुलाकात होती रहती है। पहले भी वह सबसे मिलते रहे हैं। आजाद ने अचानक कांग्रेस पार्टी छोड़ दी थी और उसके बारे में हमें कुछ नहीं बताया था। हम लोगों ने आजाद से मिलकर इसकी वजह पूछी थी। गुलाम नबी आजाद और हम बरसों एक परिवार का हिस्सा रहे हैं इसलिए मैं उनसे मिला और पार्टी छोड़ने का कारण पूछा।

हुड्‌डा ने कहा, ‘मैं हमेशा से गांधी परिवार के साथ खड़ा था और आगे भी खड़ा रहूंगा। सोनिया गांधी ने हमारी बात मानी है। बहुत जल्दी पार्टी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होने जा रहा है।’ सैलजा के पत्र लिखने संबंधी सवाल पर हुड्‌डा ने कहा कि उन्हें नहीं मालूम कि किसने पत्र लिखा? अगर किसी ने लिखा है तो लिखने दो।

हुड्डा ने कहा कि फिलहाल वह खुद और हरियाणा कांग्रेस के तमाम नेता 4 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाली पार्टी की ‘हल्ला बो’ल रैली की तैयारियों में जुटे हैं। इस रैली में हरियाणा से बहुत बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।

Tuesday, August 2, 2022

August 02, 2022

महंगाई, बेरोजगारी के खिलाफ 5 अगस्त को कांग्रेस हरियाणा में करेगी सभी जिलों में प्रदर्शन

महंगाई, बेरोजगारी के खिलाफ 5 अगस्त को कांग्रेस हरियाणा में करेगी सभी जिलों में प्रदर्शन

चंडीगढ़ :  हरियाणा प्रदेश कांग्रेस द्वारा महंगाई, बेरोजगारी, अग्रिपथ योजना तथा आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी के खिलाफ शुक्रवार, 5 अगस्त, 2022 को हरियाणा में जिला व प्रदेश स्तर पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जायेंगे।
यह जानकारी देते हुए हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उदय भान ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी तथा कांग्रेस पार्टी के नेता श्री राहुल गांधी द्वारा आसमान छूती महंगाई, बेरोजगारी तथा युवा विरोधी अग्रिपथ जैसी योजना के विरोध में राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन किए जाने के लिए जारी किए गए निर्देशों के तहत हरियाणा में 5 अगस्त को ये विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए पूर्णतया विफल रही है इसलिए आज महंगाई रिकार्ड स्तर पर पहुंच गई है। पेट्रोल, डीजल, एलपीजी से लेकर दालें, कुकिंग ऑयल जैसी आवश्यक वस्तुओं की बढ़ी कीमतों ने आम लोगों का जीना दुभर कर दिया है। प्री पैकेज्ड अनाज, आटा, शहद, दही जैसे आवश्यक वस्तुओं पर अतार्किक ढंग से जीएसटी लगाने के कारण महंगाई और बढ़ी है।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि महंगाई के साथ-साथ बेरोजगारी भी अप्रत्याशित रूप से विकराल रूप धारण कर रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा खराब कल्पना और जल्दबाजी में तैयार की गई अग्रिपथ योजना ने बेरोजगारों के घावों पर नमक छिडक़ने का काम किया है। इस योजना में न केवल कई जोखिम हैं बल्कि इसने सशस्त्र बलों की लंबे समय से चली आ रही परंपराओं और लोकाचार को भी नष्ट कर दिया है। उन्होंने बताया कि जबसे संसद का मॉनसून सत्र शुरू हुआ है कांग्रेस पार्टी सदन के अंदर और बाहर दोनों जगह केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं रिकार्ड तोड़ बेरोजगारी के खिलाफ आवाज बुलंद कर रही है, परंतु सत्ता के नशे में चूर मोदी सरकार न तो विपक्षी दलों और न ही बेरोजगारों की आवाज सुनने को तैयार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी केन्द्र व हरियाणा की भाजपा सरकारों की दमनकारी नीतियों के विरूद्ध अपना संघर्ष जारी रखेगी।
उदय भान ने रोष प्रदर्शनों की जानकारी देते हुए बताया कि 5 अगस्त, 2022 को कांग्रेस पार्टी द्वारा जिला स्तर पर रोष प्रदर्शन आयोजित किए जायेंगे और कांग्रेसजन सामूहिक गिरफ्तारी देंगे। इसी प्रकार 5 अगस्त को ही चंडीगढ़ में राजभवन का घेराव भी किया जायेगा जिसमें सभी विधायक, पूर्व सांसद, अग्रणी संगठनों के राज्य स्तरीय पदाधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं सहित पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला और कुरूक्षेत्र के समस्त कांग्रेसजन भाग लेंगे और सामूहिक गिरफ्तारी देंगे।