Breaking

Wednesday, April 5, 2023

April 05, 2023

मकान की छत पर अवैध रूप से लगा टावर, डीसी को शिकायत के एक माह बाद भी नहीं उखाड़ा

मकान की छत पर अवैध रूप से लगा टावर, डीसी को शिकायत के एक माह बाद भी नहीं उखाड़ा
भगत सिंह कॉलोनी में छत पर लगे टावर को सील करते कर्मचारियों का फाइल फोटो। 

जींद/नरवाना: शहर की भगत सिंह काॅलोनी में एक मकान की छत पर पिछले कई महीनों से अवैध रूप से टावर लगा हुआ है। टावर को छत से उखड़वाने को लेकर काॅलोनी के लोगों ने डीसी जींद को फरवरी में शिकायत की हुई है लेकिन उसके बाद भी टावर को नहीं उखाड़ा गया है। हालांकि डीसी द्वारा टावर उखाड़ने को लेकर नगर परिषद ईओ को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया हुआ है। करीब दो माह पहले ईओ ने अपनी टीम के साथ मौके पर जाकर कनेक्शन काट सिर्फ सील ही किया है।
काॅलोनी के लोगों की मांग है कि टावर को यहां से हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए। टावर के यहां लगे रहने के बाद से परेशानी होती है। भगत सिंह काॅलोनी निवासी विकास नैन, कृष्ण कुमार, मेवा सिंह, राम कुमार नैन, नफे सिंह, रामवती चोहान, राजेश, कौशल्या, राजकुमार ने बताया कि काॅलोनी के एक मकान में जब से यह टावर लगा था, उसके बाद से टावर से निकलने वाली रेडिएशन से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। टावर को यहां से हटाने को लेकर कई बार शिकायतें की गई लेकिन किसी भी अधिकारी या कर्मचारी ने इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया।
बाद में जब सभी काॅलोनी के लोगों ने एकजुट हुए और सख्ती से शिकायत की तो नगर परिषद ईओ द्वारा टावर को सिर्फ सील ही किया गया है। काॅलोनी के लोगों ने यह भी कहा कि नगर परिषद के कर्मचारी एक बार पहले भी इसे हटाने के लिए आए थे लेकिन उन्होंने हटाया नहीं। उसके कुछ समय बाद सील ही किया। उनका कहना है कि अभी भी टावर मकान की छत पर लगा हुआ है। इसे हटवाने को लेकर उन्होंने सीएम विंडो, डीसी व अनिल विज को भी शिकायत की हुई है।
April 05, 2023

9वीं बीवी ने तलाक लिया तो मॉडल परेशान:30 शादी करनेवाला ठग पकड़ाया, किसी ने 39 बीवियों संग बिताई जिंदगी, पुरुषों में पुरानी है 'ब्याह की-बीमारी'

9वीं बीवी ने तलाक लिया तो मॉडल परेशान:30 शादी करनेवाला ठग पकड़ाया, किसी ने 39 बीवियों संग बिताई जिंदगी, पुरुषों में पुरानी है 'ब्याह की-बीमारी'
नई दिल्ली : दादी-नानी की कहानियों में अक्सर सुनने को मिलता है कि ‘एक राजा की सौ रानियां थीं’। लेकिन कुछ लोग हैं जो आज भी ऐसे राजसी शौक रखते हैं। जिनके लिए शादियां सोशल स्टेटस का सिंबल है। ताजा मामला ब्राजील के एक मॉडल आर्थर ओ उर्सो का है।
मॉडल ने 9 शादियां कर रखी थी। वो सभी पत्नियों को अपने साथ रखता था। लेकिन पिछले दिनों उसकी एक बीवी ने इस भीड़भाड़ से परेशान होकर तलाक की घोषणा कर दी। बस इसी बात पर मॉडल का ईगो हर्ट हो गया और वह परेशान रहने लगा। फिर उसने इस समस्या से निकलने की राह खोजी और दो और शादियां करने की घोषणा कर डाली। इसके बाद मॉडल 10 पत्नियों का पति बन जाएगा। आर्थर के मुताबिक 10 पत्नियां रखना उसका पुराना सपना है।

आर्थर का सपना है कि उसकी 10 बीवियां हों। इसके लिए वो भविष्य में दो और शादियां करना चाहता है।
*एक साथ आठ महिलाओं से शादी करके चर्चा में आया था मॉडल*

आर्थर ने पिछले साथ एक साथ आठ महिलाओं के साथ शादी करके सुर्खियां बटोरी थीं। आर्थर का मानना था कि वो ऐसे करके ‘फ्री लव’ को बढ़ावा दे रहा है। लेकिन शादी के साल भर के भीतर ही उसकी एक पत्नी अगाथा उससे अलग हो गई। हालांकि इस कॉन्ट्रोवर्सी में आर्थर को बाँकी आठ बीवियों का साथ मिला है।

उन्होंने तलाक की घोषणा करने वाली अगाथा पर आरोप लगाया कि उसका व्यवहार ठीक नहीं था और उसने केवल रोमांच के लिए शादी की थी। आर्थर की अभी एक ही बेटी है लेकिन आगे वो अपनी हर पत्नी से बच्चे पैदा करना चाहता है।
*पहला मामला नहीं, 30 शादियां करने वाला ठग धराया था*

शादी करके पत्नियों की लाइन लगाने का यह पहला मामला नहीं है। अपने देश में भी कई ऐसे सेलिब्रिटी और आम लोग हैं जिन्होंने खूब शादियां की। हालांकि, देश में हिंदू कानून अधिनियम, 1955 के तहत एक से अधिक शादी करना गैर कानूनी है। फिर भी लोग चोरी- छिपे ऐसा करते रहते हैं।

https://twitter.com/ZoramthangaCM/status/1404040324251488258?t=e6GME3Z4rjbXwkfTkTuz9A&s=19

पिछले दिनों ओडिशा में पुलिस ने एक ऐसे ठग को गिरफ्तार किया था जो पैसों के लिए शादियां करता था। 67 साल के बिभु प्रकाश स्वैन की 30 शादियों की जानकारी सामने आई थी। वो अलग-अलग शहरों की अकेली, तलाकशुदा और विधवा महिलाओं से शादियां करके उनसे पैसे ऐंठा करता था। वो अपने फोन में बीवी वन, बीवी टू, डॉक्टर बीवी, होने वाली बीवी जैसे नामों से अपनी पत्नियों के नंबर सेव करके रखता था। उसने पुलिस, वकील, डॉक्टर समेत कई ऊंची ओहदे की महिलाओं को भी अपने जाल में फंसाया था।

67 साल की उम्र में भी यह शख्स एक के बाद एक शादियां कर रहा था। शादी के बाद यह दुल्हन से पैसे गहने ऐंठ कर फरार हो जाता था। 

*39 बीवियों के साथ दुनिया का सबसे बड़ा परिवार बसाने वाला शख्स*

39 पत्नियों और 94 बच्चों का भरा-पूरा परिवार बसाने वाला शख्स भी भारत का ही था। पोते-पोतियों सहित उसके 181 लोगों के परिवार को दुनिया के सबसे बड़ा परिवार का दर्जा दिया गया था। इस रिकाॅर्ड को बनाने वाले मिज़ोरम के जियोना चाना का पिछले साल जून में 76 साल की उम्र में निधन हो गया था। वो अपनी सभी 39 बीवियों के साथ मिज़ोरम में 100 कमरों के एक घर में रहते थे। अपने ‘ब्याह वीर’ चाना के निधन के बाद मिज़ोरम के मुख्यमंत्री को गहरा दुख पहुंचा था। उन्होंने ट्विटर पर भावुक पोस्ट लिखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी थी।

*तानाशाहों को रहा लड़कियों से घिरे रहने का शौक*

कई तानाशाहों में लड़कियों से घिरे रहने की प्रवृत्ति देखी गई है। लीबिया के तानाशाह मुहम्मद गद्दाफी भी लड़कियों के बीच रहना पसंद करते थे। उनकी सुरक्षा के लिए खूबसूरत महिलाओं की एक छोड़ी फौज हमेशा उनके साथ रहती थी। गद्दाफी की लीगली दो शादियां हुई थीं।

इसी तरह युगांडा के क्रूर तानाशाह ईदी अमीन ने पांच शादियां की थीं। इसके अलावा उनके पास एक हरम भी था, जहां 30 महिलाएं रहती थीं।
लीबिया का तानाशाह मुहम्मद गद्दाफी हमेशा अपनी महिला सुरक्षाकर्मियों से घिरा रहता था।

*क्या कहते हैं विशेषज्ञ..*

ब्रेन फाउंडेशन के ट्रस्टी साइकेट्रिस्ट डॉ. सम्राट कार कहते हैं कि ‘आम तौर पर पुरुष ऐसा दिखावे के लिए करते हैं। ज्यादा पत्नियां या गर्लफ्रेंड होने को वे सोशल स्टेटस से जोड़कर देखते हैं। ज्यादा शादियां करके वो दुनिया को अपना मैनेजिंग पावर दिखाना चाहते हैं। ’

हालांकि, डॉ. कार पुरुषों के इस बर्ताव को बीमारी नहीं मानते। वो इसे ‘पर्सनालिटी प्रॉब्लम’ कहते हैं। डॉ. कार ने यह भी बताया कि आम तौर से महिलाएं एक-विवाह तो पुरुष बहु-विवाह प्रथा के हिमायती होते हैं।
April 05, 2023

बागेश्वर धाम वाले धीरेंद्र शास्त्री फिर घिरे विवादों में,जानिए अब क्या हुआ

बागेश्वर धाम वाले धीरेंद्र शास्त्री फिर घिरे विवादों में,जानिए अब क्या हुआ 
नई दिल्ली: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री के साईं बाबा को लेकर दिए बयान पर हंगामा हो गया है। इस मुद्दे पर महाराष्ट्र की सियासत भी गरमा गई है। अब शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता राहुल कनल ने पुलिस को एक पत्र लिखा है, जिसमें बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। शिवसेना नेता धीरेंद्र शास्त्री द्वारा साईं बाबा को लेकर की गई टिप्पणी से नाराज हैं।
*कैबिनेट मंत्री ने भी धीरेंद्र शास्त्री के बयान से जताई नाराजगी*

महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के करीबी माने जाने वाले और कैबिनेट मंत्री राधाकृष्ण विक्खे पाटिल ने भी धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि ‘उन्हें (धीरेंद्र शास्त्री) बाबा पर सवाल उठाने का क्या अधिकार है? अगर उन्हें किसी खास धर्म या संगठन के लिए कैंपेन करना है तो वह अपनी चार-दीवारी में रहकर यह काम करें पर ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयान सांप्रदायिक हिंसा को जन्म दे सकते हैं।’
एनसीपी नेता जितेंद्र आह्वाड ने भी बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर को निशाने पर लिया और कहा कि महाराष्ट्र में हर किसी को महापुरुषों का अपमान करने दिया जा रहा है। जिसे जो बोलना है, वह बोल रहा है।
*क्या है विवाद*

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने अपने एक बयान में कहा कि ‘हमारे धर्म के शंकराचार्य ने साईं बाबा को देवताओं का स्थान नहीं दिया है। शंकराचार्य की बात मानना हर सनातनी का धर्म है क्योंकि वह हमारे धर्म के प्रधानमंत्री हैं। कोई भी संत…चाहे हमारे धर्म के हों या फिर कोई और हों…वे संत, युगपुरुष और कल्पपुरुष हो सकते हैं लेकिन भगवान नहीं।’ उन्होंने कहा कि ‘साईं बाबा संत हो सकते हैं, फकीर हो सकते हैं मगर भगवान नहीं हो सकते हैं। यह बोलना विवाद का विषय हो जाएगा लेकिन यह बोलना भी जरूरी है कि गीदड़ की खाल पहन लेने से कोई शेर नहीं हो जाता।’

Tuesday, April 4, 2023

April 04, 2023

जींद के कंडेला में मकान पर गिरी आसमानी बिजली:बिजली उपकरण-अन्य सामान जला; 20 मिनट पहले कमरे से बाहर निकले थे परिजन

जींद के कंडेला में मकान पर गिरी आसमानी बिजली:बिजली उपकरण-अन्य सामान जला; 20 मिनट पहले कमरे से बाहर निकले थे परिजन
जींद : हरियाणा के जींद में अलसुबह हुई बारिश से जहां खेतों में गेहूं की फसल बिछ गई, वहीं गांव कंडेला में एक घर पर आसमानी बिजली गिरी। इसके चलते घर के सारे बिजली उपकरण, बेड, गद्दे और दूसरा प्लास्टिक का सामान जलकर राख हो गया।। गनीमत यह रही कि परिवार के लोग 20 मिनट पहले ही वहां से उठकर बाहर बरामदे में चले गए थे।
गांव कंडेला निवासी रणबीर ने बताया कि रात 2 बजे के बाद हल्की बारिश शुरू हुई थी, जिसके बाद बारिश तेज हो गई। वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घर के अंदर सो रहा था। लाइट चली जाने के बाद बाहर बरामदे में चले गए। सुबह 3 बजे घर के रोशनदान से अचानक बिजली की चमक आई। जोरदार आवाज के साथ बिजली गिरी। इसके बाद कमरे में रखे इन्वर्टर, बैटरी, बिजली की फिटिंग, बोर्ड और दूसरे बिजली उपकरणों से धुआं उठने लगा।
*कंडेला में आग से जला सामान*

इन्वर्टर के पास ही पूजा के लिए छोटा मंदिर बनाया हुआ था। उसमें रखा सारा सामान भी खाक हो गया। वहीं प्लास्टिक के डिब्बे, बच्चों की कॉपी-किताबें, बेड, गद्दे समेत दूसरे सामान में आग लग गई। किसी तरह पानी डालकर आग को बुझाया गया। रणबीर ने बताया कि बिजली गिरने से करीब 20 मिनट पहले ही वह परिवार के साथ उठकर बाहर बरामदे में आकर लेट गया था। आसमानी बिजली गिरने से उसे काफी नुकसान हुआ है।
April 04, 2023

हरियाणा के कृष्ण रूहील ने पत्नी सरिता को खरीद कर दी चांद पर जमीन, जानिए कैसे खरीदते हैं चांद पर जमीन

हरियाणा के कृष्ण रूहील ने पत्नी सरिता को खरीद कर दी चांद पर जमीन, जानिए कैसे खरीदते हैं चांद पर जमीन 
सिरसा: हरियाणा के सिरसा जिला के कागदाना के रहने वाले कृष्ण कुमार रुहील ने अपनी पत्नी को शादी की 25 वीं सालगिरह पर ऐसा गिफ्ट दिया है, जिसकी हर कोई तारीफ कर रहा है। इस शख्स ने पत्नी को चांद-तारे तोड़ लाने का सिर्फ वादा ही नहीं किया, बल्कि चांद पर जमीन खरीद कर, उसे पूरा भी कर दिखाया। अगर हम आपसे कहें कि आप चांद पर जमीन खरीद सकते हैं, आपको बस कुछ डॉलर खर्च करने होंगे, तो शायद आप इसे झूठ मानेंगे। लेकिन हरियाणा के सिरसा जिला के कागदाना के रहने वाले कृष्ण कुमार रूहील ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। उन्होंने अपनी शादी की 25वीं सालगिरह पर पत्नी को 'चांद का टुकड़ा' गिफ्ट किया है।उनका यह कारनामा सच होने के साथ ही लीगल भी है। दरअसल, अमेरिका के न्यूयॉर्क सिटी स्थित फर्म 'लूनर सोसाइटी इंटरनेशल' चांद पर जमीन बेच रही है, पूरे वैध तरीके से। कंपनी चांद पर जमीन खरीदने वालों को वहां की नागरिकता भी देती है। बायर्स चाहे तो भविष्य में अपनी लूनर प्रॉपर्टी बेच भी सकते हैं। कृष्ण कुमार रुहील ने बताया कि 3 अप्रैल को हमारी शादी की सालगिरह थी। मैं पत्नी सरिता लिए कुछ खास करना चाहता था। हर कोई कार और ज्वैलरी जैसी चीजें गिफ्ट करता है, लेकिन मैं कुछ अलग करना चाहता था। इसलिए, मैंने सरिता के लिए चांद पर जमीन खरीदी।' कृष्ण कुमार ने न्यूयॉर्क शहर, यूएसए की एक फर्म लूना सोसाइटी इंटरनेशनल के माध्यम से जमीन खरीदी। 
उन्होंने बताया कि मुझे लगता है कि मैं चांद पर जमीन खरीदने वाला हरियाणा का पहला आदमी हूं।' कृष्ण कुमार रूहील की पत्नी सरिता ने कहा कि अपने पति से मिले इस तरह के खास सरप्राइज बेहद खुश हैं। मुझे कभी भी उम्मीद नहीं थी कि वह मुझे कुछ खास गिफ्ट करेंगे। उन्होंने उपहार के रूप में मुझे चांद पर जमीन के दस्तावेज दिए।' इससे पहले अभिनेता शाहरुख खान और स्वर्गीय सुशांत सिंह राजपूत ने भी चांद पर एक एकड़ जमीन खरीदी हुई है।
April 04, 2023

भाजपा वोट के लिए लोगों को जाति के नाम पर लडवा रही है : गिल

भाजपा वोट के लिए लोगों को जाति के नाम पर लडवा रही है : गिल


जींद:( संजय कुमार) कांग्रेस नेता प्रदीप गिल ने जींद के वार्ड 27 नजदीक बाल धर्मार्थ हॉस्पिटल भिवानी रोड की वाल्मीकि कॉलोनी में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाया। प्रदीप गिल ने घर-घर जाकर व चाय पर चर्चा के दौरान लोगों की समस्या को जाना। गिल ने कहा देश में भाजपा वोट के लिए धर्म और जाति के नाम पर लोगों को लगा रही है। गिल ने कहा राजनीतिक पार्टियां आती जाती रहेगी लेकिन यह भाईचारा नहीं टूटना चाहिए।
आज देश में विकास गायब है और जातिवाद हावी है।
 गिल ने कहा कि आज देश का युवा रोजगार मांग रहा है न की भाषण। देश के प्रधानमंत्री कहते थे हर साल 2 करोड युवाओं को रोजगार देंगे, किंतु आज रोजगार तो दूर की बात है जिन युवाओं को रोजगार मिला हुआ है उनको भी घर बैठाया जा रहा है। आज हर वर्ग कहीं ना कहीं सरकार से परेशान है, हताश है । प्रदीप गिल ने युवाओं से बात करते हुए कहा हमें अपने और पराए में फर्क समझना होगा। आज इनको पढ़े-लिखे नेता की जरूरत है। जो आपके मुद्दों को विधानसभा में उठा सके और जींद में युवाओं के लिए रोजगार के रास्ते बना सके। इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रवेश चौहान, दीपक वाल्मीकि, अश्विनी कांगड़ा, सुशील चौहान, राजेश ,पवन ,अशोक, सुमित चौहान, सुधीर, कुशल चौहान, विकास, मास्टर बाबू ,शुभम, अंकुश ,करण, मनोज अन्य साथी मौजूद रहे।
April 04, 2023

‘जज को ठीक कर देंगे’, सीएम खट्टर ने बयान को लिया वापस, जताया खेद

‘जज को ठीक कर देंगे’, सीएम खट्टर ने बयान को लिया वापस, जताया खेद
चण्डीगढ़ : मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सोमवार को हाईकोर्ट के जज पर की गई अपनी टिप्पणी पर खेद व्यक्त करते हुए बयान वापस ले लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका मानना है कि टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि मैं अदालतों का सम्मान करता हूं। मैंने तुरंत यह भी कहा कि अदालत का जो भी फैसला होगा, वह अंतिम फैसला होगा और इसमें कोई संदेह नहीं है।
सीएम खट्टर ने यह भी कहा कि न्यायपालिका, कार्यपालिका और विधायिका के बीच संतुलन बनाकर चीजें आगे बढ़ती हैं और तीनों अंग लोक कल्याण के लिए काम करते हैं। यह एक अत्यधिक देरी से संबंधित प्रश्न था। एक परीक्षा हुई और परिणाम भी घोषित किया गया था, लेकिन अदालत की ओर से रोक लगा दी गई थी। ऐसे में एक अनैतिक टिप्पणी निकली।
*जानिए क्या कहा सीएम खट्टर ने?*

सीएम मनोहर लाल ने कहा, “मुझे यह भी महसूस होता है कि इसे नहीं बनाया जाना चाहिए था। भले ही कोई बात किसी विशेष न्यायाधीश तक पहुंच गई हो, मैं अपने शब्दों को वापस लेता हूं। “लेकिन, मैं यह कहना चाहता हूं कि इस देरी के कारण हजारों लोग प्रभावित होते हैं, और उन्हें उनके प्रशिक्षण के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल रहा है। रोजाना हमसे इस बारे में पूछा जाता है। रविवार की जनसभा में भी ऐसे तमाम लोग आए थे, जो अपनी नौकरी पर नहीं जा सके थे। इस प्रकार एक अस्वाभाविक टिप्पणी की गई, जिसका मुझे खेद है।”
*जज को लेकर सीएम खट्टर ने दिया था ये बयान*

इससे पहले भिवानी में जनसंवाद के दौरान जब सीएम खट्टर से पूछा गया कि पुलिस भर्ती में अभी तक सभी उम्मीदवारों को नियुक्ति क्यों नहीं मिली है? इस पर सीएम ने कहा कि आपमें से ही कुछ लोग थे जो कोर्ट चले गए और जज ने स्टे लगा दिया। एक जज है उनके माथे में कुछ गड़बड़ है उसे जल्द ठीक करेंगे। तीन हजारों उम्मीदवारों की जॉइनिंग हो गई है, बाकि के उम्मीदवारों की भी जल्द जॉइनिंग करा दी जाएगी।
*रणदीप सुरजेवाला, अभय चौटाला ने बोला था सीएम पर हमला*

सीएम खट्टर के बयान को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस और इनेलो हमलावर हो गई थी। राज्यसभा सांसद और कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सीएम मनोहर लाल खट्टर पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि न्यायपालिका के बारे में उनकी भाषा, सरकार के चाल चरित्र को दर्शाती है। सीएम को इस बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए, अगर वो माफी नहीं मांगते तो उन्हें इस आपत्तिजनक बयान के लिए बर्खास्त किया जाना चाहिए।
वहीं इनेलो महासचिव अभय चौटाला ने कहा कि ये बयान न्यायपालिका का अपमान है। उन्होने कहा कि कोर्ट इसपर संज्ञान ले नहीं तो हम मानहानि का मुकदमा दर्ज करेंगे।

Monday, April 3, 2023

April 03, 2023

आदित्य चौटाला की हरियाणा सरकार में एंट्री, बने मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन

आदित्य चौटाला की हरियाणा सरकार में एंट्री, बने मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन
चण्डीगढ़: पूर्व उप प्रधानमंत्री देवीलाल के पोते आदित्य चौटाला की हरियाणा सरकार में एंट्री हो गई है। हरियाणा सरकार की ओर से आदित्य चौटाला को मार्केटिंग बोर्ड का चेयरमैन लगाया गया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पीएस वी उमाशंकर ने आदित्य चौटाला की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। आदित्य सीएम मनोहर लाल के खास बताए जाते हैं।
आपको बता दें आदित्य चौटाला की भारतीय जनता पार्टी की सरकार में एंट्री 2019 में हुए लोकसभा चुनाव से पहले हुई थी। इस दौरान हरियाणा सरकार की ओर से हरियाणा स्टेट कोऑपरेटिव एग्रीकल्चर एंड रूरल डेवलपमेंट बैंक लिमिटेड (HSCARDB) का चेयरमैन बनाया था। हालांकि 2014 में आदित्य चौटाला ने BJP जॉइन की थी। इसके बाद 2019 में डबवाली से विधानसभा चुनाव में अपना प्रत्याशी भी बनाया था।
*जगदीश चौटाला के बेटे हैं आदित्य*

पूर्व उप प्रधानमंत्री स्व. देवीलाल के पोते आदित्य चौटाला की हरियाणा की भाजपा सरकार में 2019 में एंट्री हुई थी। एंट्री के वक्त ही राज्य सरकार ने लोकसभा चुनाव के ऐलान से कुछ घंटे पहले आदित्य चौटाला को एचएससीएआरडीबी का चेयरमैन बनाया था। आदित्य चौटाला स्व. देवीलाल के सबसे छोटे बेटे जगदीश चौटाला के पुत्र हैं।
*डबवाली से चुनाव लड़ा सकती है भाजपा*

भाजपा आदित्य चौटाला को डबवाली से विधानसभा चुनाव लड़वा सकती है। आदित्य चौटाला के पिता जगदीश चौटाला सियासत से दूर रहे। उन्होंने स्व. देवीलाल की गाड़ी भी चलाई और उनकी चिट्ठी-पत्री भी लिखी, लेकिन बाकी भाइयों ओमप्रकाश चौटाला, प्रताप चौटाला और रणजीत सिंह से अलग वह सियासत में नहीं उतरे। अब उनके बेटे आदित्य ने सियासत में हाथ आजमाने की कोशिश की है।
April 03, 2023

ई-टेंडरिंग पर खट्‌टर का बड़ा बयान: 50-50 लाख लगाकर सरपंच बनते है, फिर उन्हें पूरा करते हैं; हमने कमाई का रास्ता बंद किया

ई-टेंडरिंग पर खट्‌टर का बड़ा बयान: 50-50 लाख लगाकर सरपंच बनते है, फिर उन्हें पूरा करते हैं; हमने कमाई का रास्ता बंद किया
भिवानी : ई-टेंडरिंग पर बयानबाजी थमी नहीं है। हरियाणा के भिवानी दौरे के दौरान CM मनोहर लाल खट्‌टर ने बवानी खेड़ा में जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान सरपंचों पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सरपंच 4 महीने से ई-टेंडरिंग का विरोध कर रहे हैं। पहले 50-50 लाख लगाकर सरपंच बनते हैं, फिर उन्हें पूरा भी करते हैं। सरकार ने ई-टेंडरिंग लाकर सरपंचों के 50 लाख कमाने वाले रास्ते को बंद कर दिया है।
इसके बाद सीएम ने लोगों से पूछा कि ई-टेंडरिंग शुरू करना सरकार का सही फैसला है या गलत?। इस पर लोगों ने सीएम के इस फैसले को हां कहकर सही बताया। वहीं गांव बापोड़ा में CM ने घोषणा की कि ऑनलाइन निकाली हुई जमीन की फर्द के लिए किसी की अप्रूवल की जरूरत नहीं होगी। बैंक समेत संस्थाएं ऑनलाइन फर्द को मान्यता देंगे।
आपको बता दें ई-टेंडरिंग पर सरकार ने सरपंचों की कुछ हद तक मांगे मान ली है लेकिन अभी भी कई गुट विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
April 03, 2023

मनोहरलाल जी गड़बड़ जज के माथे में नहीं, आपकी कार्यप्रणाली में है-सुरजेवाला

मनोहरलाल जी गड़बड़ जज के माथे में नहीं, आपकी कार्यप्रणाली में है-सुरजेवाला
चंडीगढ़ : राज्यसभा सांसद और कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री मनोहरलाल की इस टिप्पणी ‘एक जज के माथे में गड़बड़ है, उसे जल्दी ठीक करेंगे ‘ को दंभपूर्ण व हाईकोर्ट जज के काम में दखलअंदाजी करते हुए धमकी देना बताते हुए उन्हें तत्काल चीफ जस्टिस को सी.एम को कंटेम्प्ट ऑफ़ कोर्ट का नोटिस देने व CM खट्टर द्वारा न्यायपालिका से माफ़ी माँगने की माँग की है।
रणदीप ने कहा है कि सीएम की न्यायपालिका के बारे में ये भाषा, उनकी सरकार व पार्टी के चाल, चरित्र और चेहरे की शर्मनाक और दंभपूर्ण बानगी है ! उन्होंने कहा कि यदि सीएम अपनी टिप्पणी के लिए माफ़ी नहीं माँगते तो उन्हें न्यायपालिका पर कही गई इस आपत्तिजनक बात के लिए पद से बर्खास्त कर दिया जाना चाहिए।
खट्टर जी की सोच को ‘नाच न जाने आँगन टेढ़ा’ करार देते हुए उन्होंने पूछा कि सीएम ने कौन से विश्वविद्यालय से मेडिकल की डिग्री हासिल की है, जो वो हाईकोर्ट के जज के माथे को भी ठीक करने की बात कर रहे हैं ?

यहाँ जारी एक बयान में सुरजेवाला ने कहा कि सीएम की ये भाषा आरएसएस और भाजपा की न्यायपालिका के प्रति दुराग्रह का जीवंत और शर्मनाक प्रमाण है। देश के क़ानून मंत्री किरण रिज़िजू हर रोज़ सुप्रीम कोर्ट को पानी पी पी कर कोसते हैं, रिटायर्ड जजों को धमकियाँ देते हैं और हरियाणा में ये काम खट्टर जी ने सम्भाल लिया है।
रणदीप ने प्रदेश की भर्तियों में होने वाली घनघोर अनियमितताओं के लिए सीधे सीएम और भर्ती आयोगों की बदनाम कार्यप्रणाली को ज़िम्मेदार ठहराया ।

➡️ उन्होंने कहा कि खुद एसएससी के चेयरमैन जब यह मान रहे हैं कि उनके पास पुलिस भर्ती के 833 उम्मीदवारों के बायोमेट्रिक ही नहीं हैं तो इसके लिए हाईकोर्ट जज कैसे ज़िम्मेदार हो सकते हैं?

➡️ उन्होंने पूछा कि जून 2019 में शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया पौने चार साल में पूरी न होने के लिए सरकार व आयोग दोषी है या हाईकोर्ट?
सुरजेवाला ने कहा कि पूरे प्रदेश के लाखों बेरोजगार युवा खट्टर सरकार की दोषपूर्ण भर्ती प्रक्रिया का शिकार हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा जैसे खुशहाल प्रदेश के बेरोज़गारी का हब बनाने वाले मनोहरलाल खट्टर और दुष्यंत चौटाला को एक पल भी अपने पदों पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। प्रदेश के युवा इस दंभी और आत्ममुग्ध सरकार को जड़ से उखाड़ कर फेंकने का संकल्प ले चुके हैं और उन्हें अब केवल चुनाव का इंतज़ार है।
April 03, 2023

सीएम मनोहर लाल का विवादित बयान: नौकरियों पर हाईकोर्ट के स्टे पर बोले- एक जज के माथे में गड़बड़ है

सीएम मनोहर लाल का विवादित बयान: नौकरियों पर हाईकोर्ट के स्टे पर बोले- एक जज के माथे में गड़बड़ है
भिवानी: भिवानी में जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान गांव खरक कलां में सीएम मनोहर लाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार ने पिछले आठ साल में एक लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं। अकेले भिवानी जिले से दस हजार नौकरी दी गई हैं। इसमें किसी का “आना” तक नहीं लगा है, यानी की सरकारी नौकरी के लिए किसी को कोई रिश्वत नहीं देनी पड़ी है।
सीएम मनोहर लाल ने कहा सरकार ने बिना सिफरिश नौकरी दी हैं। वहीं सरकारी नौकरियों पर हाईकोर्ट में स्टे लगा देने पर मुख्यमंत्री ने विवादित बयान दे डाला। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि एक जज के माथे में गड़बड़ है। जल्द से ठीक करा देंगे।
मुख्यमंत्री के इस विवादित बयान को विपक्ष ने भी तुरंत लपक लिया है और कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने सीएम के विवादित बयान पर ट्वीट कर टिप्पणी कर कहा है कि ये देश की न्याय पालिका पर हमला है। ये हाईकोर्ट की कार्यवाही को प्रभावित करने की कोशिश है।

https://twitter.com/rssurjewala/status/1642511512651591684?s=20

मुख्यमंत्री के इस बयान पर अब विपक्ष को भी बैठे बिठाए एक मुद्दा और सरकार पर हमला करने का मौका मिल गया है। दरअसल मुख्यमंत्री मनोहरलाल रविवार से भिवानी में तीन दिवसीय दौरे पर हैं। वे भिवानी, तोशाम और बवानीखेड़ा हलके के कई बड़े गांवों में पहुंचकर जनसंवाद कर रहे हैं। रविवार को गांव खरक कलां में उनके जनसंवाद का शुभारंभ था कि इसी दौरान मुख्यमंत्री ने ये बयान दे दिया।

Sunday, April 2, 2023

April 02, 2023

हरियाणा में अभी नहीं रुकेगी आफत की बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट, देखिए मौसम पूर्वानुमान

हरियाणा में अभी नहीं रुकेगी आफत की बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट, देखिए मौसम पूर्वानुमान
नई दिल्ली : हरियाणा सहित देश के कई राज्यों में लगातार बारिश जारी है। वहीं पंजाब और हरियाणा में लगातार बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। बारिश और ओले गिराता हुआ मार्च का महीना तो बीत गया है, लेकिन हरियाणा के किसानों के सिर से अभी संकट टला नहीं है। 
आज महीने की शुरुआत में जहां कुछ स्थानों पर बारिश की गतिविधि जारी है, वहीं 2 अप्रैल को मौसम साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन 3 अप्रैल को फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। जहां एक ओर खेतों में गेहूं की फसल पक कर तैयार है, कुछ स्थानों पर कटाई भी शुरू हो गई है, ऐसे में हर तीसरे दिन बदलता मौसम किसानों के लिए आफत बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार IMD चंडीगढ़ ने हरियाणा में 3 अप्रैल के लिए एक बार फिर से येलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। वहीं 2 अप्रैल को मौसम साफ रहने वाला है, लेकिन रात को ही इसमें बदलाव शुरू हो जाएगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण 3 अप्रैल को पूरे राज्य में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। इसके अलावा सोनीपत और पानीपत में कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है।
*देश भर में मौसम प्रणाली*

पश्चिमी विक्षोभ मध्य पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों पर बना हुआ है।

एक प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर पश्चिमी राजस्थान पर बना हुआ है।

एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर प्रदेश के मध्य भागों पर बना हुआ है।

एक ट्रफ मध्य उत्तर प्रदेश पर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ होते हुए तेलंगाना तक जा रही है।

गंगीय पश्चिम बंगाल होते हुए सब हिमालयी पश्चिम बंगाल से उत्तरी ओडिशा तक एक ट्रफ रेखा जा रही है।

एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण असम पर बना हुआ है।
*पिछले 24 घंटों के दौरान देश भर में हुई मौसमी हलचल*

पिछले 24 घंटों के दौरान, सिक्किम, पूर्वी असम और झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं भारी बारिश हुई।

पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में हल्के से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों भारी बारिश बारिश हुई।

जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हुई।

झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।

पूर्वोत्तर भारत, बिहार के कुछ हिस्सों, पूर्व और मध्य मध्य प्रदेश, दक्षिण-पूर्व राजस्थान में हल्की बारिश हुई। तेलंगाना और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और मराठवाड़ा में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हुई।
*अगले 24 घंटों के दौरान मौसम की संभावित गतिविधि*

अगले 24 घंटों के दौरान, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 1 या 2 भारी बारिश संभव है।

गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बर्फबारी संभव है। लद्दाख के ऊपर छिटपुट हिमपात हो सकता है।

पश्चिम बंगाल, ओडिशा के कुछ हिस्सों, तटीय आंध्र प्रदेश, उत्तरी पंजाब और उत्तरी हरियाणा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

तेलंगाना, तमिलनाडु, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और राजस्थान में 1 या 2 स्थानों पर हल्की बारिश संभव है।
गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बर्फबारी संभव है। लद्दाख के ऊपर छिटपुट हिमपात हो सकता है।

पश्चिम बंगाल, ओडिशा के कुछ हिस्सों, तटीय आंध्र प्रदेश, उत्तरी पंजाब और उत्तरी हरियाणा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।