Breaking

Saturday, April 8, 2023

April 08, 2023

जींद में राजकीय स्कूल में किशोर से कुकर्म:2 युवक बहला-फुसला कर टॉयलेट में ले गए थे; घर आने पर बिगड़ी हालत

जींद में राजकीय स्कूल में किशोर से कुकर्म:2 युवक बहला-फुसला कर टॉयलेट में ले गए थे; घर आने पर बिगड़ी हालत
जींद : जींद जिले के अलेवा थाना के अंतर्गत एक गांव में 15 वर्षीय किशोर के साथ राजकीय स्कूल के बाथरुम में 2 युवकों ने कुकर्म किया। अलेवा थाना पुलिस ने पीड़ित किशोर की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ कुकर्म समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अलेवा थाना इलाका गांव के एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका 15 वर्षीय बेटा शुक्रवार शाम को स्कूल में खेलने के लिए गया हुआ था। उसी दौरान गांव के ही दो युवक उसे बहला-फुसलाकर स्कूल में बने बाथरुम में ले गए। वहां पर दोनों युवकों ने उससे बारी-बारी से कुकर्म किया।
*घर पर बिगड़ी तबीयत*

किशोर घर लौटा तो उसकी तबीय खराब हो गई। परिजनों ने उससे पूछताछ की तो वारदात का पता चला। उसके बेटे ने दोनों युवकों की करतूत के बारे में उसे बताया। अलेवा थाना पुलिस ने पीड़ित किशोर के पिता की शिकायत पर दोनों युवकों के खिलाफ कुकर्म समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अलेवा थाना के जांच अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि पीड़ित स्कूल ग्राउंड में खेलने गया हुआ था। दो युवक उसे बाथरुम में ले गए जहां पर उसके साथ कुकर्म किया गया। फिलहाल दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

Friday, April 7, 2023

April 07, 2023

नोटिस के बाद सिंधु जल संधि मामले में भारत की बात मानने को तैयार हुआ पाकिस्तान

नोटिस के बाद सिंधु जल संधि मामले में भारत की बात मानने को तैयार हुआ पाकिस्तान
नई दिल्ली : भारत सरकार ने इस बात की पुष्टि की है कि सीमा पार नदियों के प्रबंधन के लिए 1960 की सिंधु जल संधि में संशोधन की मांग करने वाले जनवरी में भेजे गए पत्र का पाकिस्तान ने जवाब दिया है। इस बात की जानकारी शुक्रवार की दी गई है।

*विश्व बैंक की ओर से दिया गया था आदेश (The order was given by the World Bank)*

विश्व बैंक की ओर से भारत और पाकिस्तान को जम्मु-कश्मीर में किशनगंगा और रातले पनबिजली परियोजनाओं पर पाकिस्तान की आपत्तियों को दूर करने के लिए एक पारस्परिक रूप से सहमत तरीका खोजने के लिए कहा गया था।
इसके बावजूद, इस्लामाबाद ने भारत के साथ किसी भी तरह के मुद्दे पर चर्चा करने से इनकार कर दिया था। इसके कारण भारत को पाकिस्तान के लिए एक नोटिस तैयार करना पड़ा था।

*चर्चा के लिए तैयार हुआ पाकिस्तान (Pakistan ready for discussion)*

बुधवार को पाकिस्तान ने कहा कि वह सद्भावना से संधि लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, "हम अभी पत्र की जांच कर रहे हैं।"

पाक अधिकारियों ने कहा कि संधि के अनुच्छेद 12 के तहत, मौजूदा संधि तब तक जारी रहेगी जब तक कि विवाद के पक्ष, भारत और पाकिस्तान, द्विपक्षीय रूप से समझौते में बदलाव नहीं करते।
*जनवरी में भेजा था नोटिस (Notice was sent in January)*

भारत ने जनवरी में 1960 के सिंधु जल समझौते में संशोधन के लिए संधि के अनुच्छेद XII(3) के तहत पाकिस्तान को एक नोटिस जारी किया था। दरअसल, भारत चाहता था कि इस मुद्दे को किसी विशेषज्ञ के पास भेजा जाए, लेकिन पाकिस्तान इससे लगातार इनकार कर रहा था।
*1960 में हुआ था समझौता (There was an agreement in 1960)*

19 सितंबर, 1960 को भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु जल संधि हुई थी। संधि के तहत सतलुज, व्यास और रावी नदियों का पानी भारत के हिस्से में आता है और सिंधु, झेलम और चेनाब नदी का पानी पाकिस्तान के हिस्से में आता है। आपको बताते चलें, इस समझौते के मुताबिक, भारत और पाकिस्तान के जल आयुक्त साल में दो बार मुलाकात करते हैं।
April 07, 2023

व्हाट्सएप पर अश्लील वीडियो रिकॉर्ड की:VIDEO वायरल करने की धमकी देकर 94 हजार रुपए हड़पे; केस दर्ज

व्हाट्सएप पर अश्लील वीडियो रिकॉर्ड की:VIDEO वायरल करने की धमकी देकर 94 हजार रुपए हड़पे; केस दर्ज
जींद : गांव उचाना खुर्द में एक व्यक्ति के पास व्हाट्सएप पर अश्लील वीडियो कॉल करके उसे रिकॉर्ड कर लिया और बाद में उसे वायरल करने की धमकी देकर 94 हजार रुपए हड़प लिए। साइबर थाना पुलिस ने व्यक्ति की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उचाना खुर्द निवासी सत्यवान ने बताया कि कई दिन पहले व्हाट्सएप पर एक वीडियो काल आई। जैसे ही उसने फोन को उठाया तो उस पर एक नग्न लड़की दिखाई दी। जब तक वह कुछ समझ पाता, इतनी देर में उसकी रिकार्डिंग कर ली और उसको ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया, लेकिन इसी दौरान उसने वीडियो काल को काट दिया।
3 अप्रैल को किसी अज्ञात नंबर से फोन आया और उसने कहा कि वह दिल्ली क्राइम ब्रांच से गौरव गहलोत बोल रहा है। उसने धमकी दी कि आपकी 3 अश्लील वीडियो बनी हुई है। इन वीडियो को डिलीट करवाने के लिए आरोपी ने एक नंबर दे दिया। जब डर के चलते उस नंबर पर फोन किया तो आरोपी ने अपनी पहचान अनिल शर्मा के नाम से बताई।
आरोपी ने कहा कि वीडियो को डिलीट करवाने के लिए रुपए देने पड़ेंगे, नहीं तो इनको वायरल कर देंगे। इसके बाद आरोपी ने गुरुग्राम के यश बैंक का खाता नंबर दिया। जहां पर उसने दो ट्रांजैक्शन के माध्यम से 94 हजार 500 रुपए खाते में डाल दिए। इसके बाद भी आरोपी रुपए डालने के लिए दबाव डाल रहे हैं। इसके कारण वह परेशान हो गया है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।

Thursday, April 6, 2023

April 06, 2023

जींद में सरपंचों का धरना समाप्त:कल से जंतर-मंतर पर 10 अप्रैल को प्रदर्शन के लिए डोर-टू-डोर मांगेंगे सहयोग

जींद में सरपंचों का धरना समाप्त:कल से जंतर-मंतर पर 10 अप्रैल को प्रदर्शन के लिए डोर-टू-डोर मांगेंगे सहयोग
जींद :  जींद में पिछले 2 माह से भी ज्यादा समय से मांगों को लेकर धरना दे रहे सरपंचों ने अब नई रणनीति बनाई है। बुधवार को सरपंचों ने BDPO कार्यालय के बाहर धरना समाप्त कर दिया। अब गुरुवार से सरपंच गांवों में प्रचार पर निकलेंगे और डोर-टू-डोर जाकर ग्रामीणों से 10 अप्रैल को दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए सहयोग मांगेंगे।
धरने के अंतिम दिन सरपंचों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सरपंचों का दावा है कि 10 अप्रैल को जींद से हजारों की संख्या में ग्रामीणों को लेकर जंतर-मंतर पर पहुंचेंगे।

जींद ब्लॉक प्रधान कंडेला की सरपंच नीलम देवी, अनूप कंडेला, मांडो खेड़ी सरपंच अनिल लाठर, पिंडारा सरपंच कुलदीप, आजाद निर्जन, ऋषिपाल हैबतपुर, किसान नेता पूनम कंडेला समेत काफी गांवों के सरपंच और पंच BDPO कार्यालय के बाहर धरने पर एकत्रित हुए। यहां सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आगामी रणनीति को लेकर बातचीत करतीं प्रधान नीलम व किसान नेता पूनम कंडेला।

*सरपंच एसोसिएशन में इनको बनाया पदाधिकारी*

जींद ब्लॉक सरपंच एसोसिएशन की प्रधान नीलम देवी को चुनने के बाद नरेश भुक्कल जुलानी को उप-प्रधान, अनिल लाठर को प्रेस प्रवक्ता, ऋषिपाल हैबतपुर को प्रभारी, दिनेश आसन को सहप्रभारी, दीपक रूपगढ़ को सह-प्रवक्ता, हिंतेद्र रामराय को सचिव, सुंदर रामगढ़ को महासचिव, रामनिवास ईंटल कलां को खजांची, रामप्रसाद अशरफगढ़ को मुख्य खजांची, आजाद सिंह निर्जन संचालक, जोगिंद्र ललित खेड़ा को सचिव, सुरेश बराह कलां को सहसचिव बनाया गया।
*आगामी विधानसभा चुनावों में परिणाम भुगतेगी भाजपा : पूनम*

सरपंचों के धरने पर पहुंची किसान नेता पूनम कंडेला ने कहा कि सीएम मनोहर लाल द्वारा सरपंचों के खिलाफ अनाप-शनाप बयान दिए जा रहे हैं, उन्हें चोर बताया जा रहा है, जिसका खामियाजा भाजपा को आगामी विधानसभा चुनावों में देखने को मिलेगा। आम जनता से लेकर किसान, युवा, कर्मचारी वर्ग, सरपंच और पंच सरकार के खिलाफ जा चुके हैं।

अगर सरपंचों की मांगों को पूरा नहीं किया तो सरकार को सत्ता से भी हाथ धोना पड़ सकता है।

Wednesday, April 5, 2023

April 05, 2023

हरियाणा में 19% दलित वोट बैंक पर कांग्रेस की नजर:2 बार के सांसद इंदौरा SC सेल के अध्यक्ष बने; हुड्‌डा के करीबी, दीपेंद्र की पसंद

हरियाणा में 19% दलित वोट बैंक पर कांग्रेस की नजर:2 बार के सांसद इंदौरा SC सेल के अध्यक्ष बने; हुड्‌डा के करीबी, दीपेंद्र की पसंद
चण्डीगढ़ : हरियाणा में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने पूरे समीकरण तय करने शुरू कर दिए हैं। कांग्रेस ने सूबे के 19% दलित वोट को साधने के लिए बड़ा फैसला किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान के बाद अब केंद्रीय नेतृत्व ने पूर्व MP और राज्य के बड़े दलित चेहरे डॉ सुशील इंदौरा को संगठन में अहम जिम्मेदारी दी है। इंदौरा को अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
*कौन है सुशील इंदौरा ?*

सुशील इंदौरा सिरसा लोकसभा क्षेत्र में काफी सक्रिय हैं। वे यहां से दो बार सांसद और ऐलनाबाद से एक बार विधायक रह चुके हैं। इंदौरा पहले कभी पूर्व CM ओमप्रकाश चौटाला के राजनीतिक परिवार के करीबी हुआ करते थे, लेकिन अब वह पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी हैं। इंदौरा कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा की पसंद हैं।
एक राजनीतिक कार्यक्रम में डॉ. सुशील इंदौरा का स्वागत करते कांग्रेस नेता। (फाइल फोटो)

*इसलिए कांग्रेस ने खेला दांव*

हरियाणा में फतेहाबाद और सिरसा में दलितों की संख्या सबसे ज्यादा है। इसके साथ ही चाहे लोकसभा चुनाव हो या विधानसभा यह दलित वोट सभी राजनीतिक दलों के निर्णायक साबित होता रहा है। इंदौरा की नियुक्ति कर हरियाणा कांग्रेस ने यह बड़ा दांव खेला है।
*दलित नेताओं को अहम जिम्मेदारी*

कांग्रेस 2024 में होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव को लेकर काफी एक्टिव है। संगठन नहीं होने के बाद भी पार्टी दलितों व पिछ़डों का भरोसा जीतने के लिए एक सोची समझी रणनीति के तहत आगे बढ़ रही है। यही कारण है कि यहां के और भी दलित नेताओं को पार्टी ने अहम जिम्मेदारी पहले से दे रखी है। इनमें हरियाणा के पूर्व सिंचाई मंत्री कैप्टन अजय यादव पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, जबकि करनाल जिले के रहने वाले डा. रमेश सैनी को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जा चुकी है।
*संगठन से पहले प्रकोष्ठ की घोषणा*

हरियाणा कांग्रेस में पिछले 8 सालों से पार्टी अपना संगठन खड़ा नहीं कर पाई है। इसकी वजह पार्टी में 4 गुटों का होना है। पहला गुट पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा का है। इसके अलावा राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला, कुमारी शैलजा और किरण चौधरी का गुट पार्टी में सक्रिय है। पार्टी का संगठन भले ही अभी तक बनकर तैयार नहीं हुआ है, लेकिन पार्टी ने दलित व पिछड़ों का भरोसा जीतने के लिए अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ और पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ का गठन पहले कर लिया है।
April 05, 2023

मकान की छत पर अवैध रूप से लगा टावर, डीसी को शिकायत के एक माह बाद भी नहीं उखाड़ा

मकान की छत पर अवैध रूप से लगा टावर, डीसी को शिकायत के एक माह बाद भी नहीं उखाड़ा
भगत सिंह कॉलोनी में छत पर लगे टावर को सील करते कर्मचारियों का फाइल फोटो। 

जींद/नरवाना: शहर की भगत सिंह काॅलोनी में एक मकान की छत पर पिछले कई महीनों से अवैध रूप से टावर लगा हुआ है। टावर को छत से उखड़वाने को लेकर काॅलोनी के लोगों ने डीसी जींद को फरवरी में शिकायत की हुई है लेकिन उसके बाद भी टावर को नहीं उखाड़ा गया है। हालांकि डीसी द्वारा टावर उखाड़ने को लेकर नगर परिषद ईओ को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया हुआ है। करीब दो माह पहले ईओ ने अपनी टीम के साथ मौके पर जाकर कनेक्शन काट सिर्फ सील ही किया है।
काॅलोनी के लोगों की मांग है कि टावर को यहां से हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए। टावर के यहां लगे रहने के बाद से परेशानी होती है। भगत सिंह काॅलोनी निवासी विकास नैन, कृष्ण कुमार, मेवा सिंह, राम कुमार नैन, नफे सिंह, रामवती चोहान, राजेश, कौशल्या, राजकुमार ने बताया कि काॅलोनी के एक मकान में जब से यह टावर लगा था, उसके बाद से टावर से निकलने वाली रेडिएशन से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। टावर को यहां से हटाने को लेकर कई बार शिकायतें की गई लेकिन किसी भी अधिकारी या कर्मचारी ने इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया।
बाद में जब सभी काॅलोनी के लोगों ने एकजुट हुए और सख्ती से शिकायत की तो नगर परिषद ईओ द्वारा टावर को सिर्फ सील ही किया गया है। काॅलोनी के लोगों ने यह भी कहा कि नगर परिषद के कर्मचारी एक बार पहले भी इसे हटाने के लिए आए थे लेकिन उन्होंने हटाया नहीं। उसके कुछ समय बाद सील ही किया। उनका कहना है कि अभी भी टावर मकान की छत पर लगा हुआ है। इसे हटवाने को लेकर उन्होंने सीएम विंडो, डीसी व अनिल विज को भी शिकायत की हुई है।
April 05, 2023

9वीं बीवी ने तलाक लिया तो मॉडल परेशान:30 शादी करनेवाला ठग पकड़ाया, किसी ने 39 बीवियों संग बिताई जिंदगी, पुरुषों में पुरानी है 'ब्याह की-बीमारी'

9वीं बीवी ने तलाक लिया तो मॉडल परेशान:30 शादी करनेवाला ठग पकड़ाया, किसी ने 39 बीवियों संग बिताई जिंदगी, पुरुषों में पुरानी है 'ब्याह की-बीमारी'
नई दिल्ली : दादी-नानी की कहानियों में अक्सर सुनने को मिलता है कि ‘एक राजा की सौ रानियां थीं’। लेकिन कुछ लोग हैं जो आज भी ऐसे राजसी शौक रखते हैं। जिनके लिए शादियां सोशल स्टेटस का सिंबल है। ताजा मामला ब्राजील के एक मॉडल आर्थर ओ उर्सो का है।
मॉडल ने 9 शादियां कर रखी थी। वो सभी पत्नियों को अपने साथ रखता था। लेकिन पिछले दिनों उसकी एक बीवी ने इस भीड़भाड़ से परेशान होकर तलाक की घोषणा कर दी। बस इसी बात पर मॉडल का ईगो हर्ट हो गया और वह परेशान रहने लगा। फिर उसने इस समस्या से निकलने की राह खोजी और दो और शादियां करने की घोषणा कर डाली। इसके बाद मॉडल 10 पत्नियों का पति बन जाएगा। आर्थर के मुताबिक 10 पत्नियां रखना उसका पुराना सपना है।

आर्थर का सपना है कि उसकी 10 बीवियां हों। इसके लिए वो भविष्य में दो और शादियां करना चाहता है।
*एक साथ आठ महिलाओं से शादी करके चर्चा में आया था मॉडल*

आर्थर ने पिछले साथ एक साथ आठ महिलाओं के साथ शादी करके सुर्खियां बटोरी थीं। आर्थर का मानना था कि वो ऐसे करके ‘फ्री लव’ को बढ़ावा दे रहा है। लेकिन शादी के साल भर के भीतर ही उसकी एक पत्नी अगाथा उससे अलग हो गई। हालांकि इस कॉन्ट्रोवर्सी में आर्थर को बाँकी आठ बीवियों का साथ मिला है।

उन्होंने तलाक की घोषणा करने वाली अगाथा पर आरोप लगाया कि उसका व्यवहार ठीक नहीं था और उसने केवल रोमांच के लिए शादी की थी। आर्थर की अभी एक ही बेटी है लेकिन आगे वो अपनी हर पत्नी से बच्चे पैदा करना चाहता है।
*पहला मामला नहीं, 30 शादियां करने वाला ठग धराया था*

शादी करके पत्नियों की लाइन लगाने का यह पहला मामला नहीं है। अपने देश में भी कई ऐसे सेलिब्रिटी और आम लोग हैं जिन्होंने खूब शादियां की। हालांकि, देश में हिंदू कानून अधिनियम, 1955 के तहत एक से अधिक शादी करना गैर कानूनी है। फिर भी लोग चोरी- छिपे ऐसा करते रहते हैं।

https://twitter.com/ZoramthangaCM/status/1404040324251488258?t=e6GME3Z4rjbXwkfTkTuz9A&s=19

पिछले दिनों ओडिशा में पुलिस ने एक ऐसे ठग को गिरफ्तार किया था जो पैसों के लिए शादियां करता था। 67 साल के बिभु प्रकाश स्वैन की 30 शादियों की जानकारी सामने आई थी। वो अलग-अलग शहरों की अकेली, तलाकशुदा और विधवा महिलाओं से शादियां करके उनसे पैसे ऐंठा करता था। वो अपने फोन में बीवी वन, बीवी टू, डॉक्टर बीवी, होने वाली बीवी जैसे नामों से अपनी पत्नियों के नंबर सेव करके रखता था। उसने पुलिस, वकील, डॉक्टर समेत कई ऊंची ओहदे की महिलाओं को भी अपने जाल में फंसाया था।

67 साल की उम्र में भी यह शख्स एक के बाद एक शादियां कर रहा था। शादी के बाद यह दुल्हन से पैसे गहने ऐंठ कर फरार हो जाता था। 

*39 बीवियों के साथ दुनिया का सबसे बड़ा परिवार बसाने वाला शख्स*

39 पत्नियों और 94 बच्चों का भरा-पूरा परिवार बसाने वाला शख्स भी भारत का ही था। पोते-पोतियों सहित उसके 181 लोगों के परिवार को दुनिया के सबसे बड़ा परिवार का दर्जा दिया गया था। इस रिकाॅर्ड को बनाने वाले मिज़ोरम के जियोना चाना का पिछले साल जून में 76 साल की उम्र में निधन हो गया था। वो अपनी सभी 39 बीवियों के साथ मिज़ोरम में 100 कमरों के एक घर में रहते थे। अपने ‘ब्याह वीर’ चाना के निधन के बाद मिज़ोरम के मुख्यमंत्री को गहरा दुख पहुंचा था। उन्होंने ट्विटर पर भावुक पोस्ट लिखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी थी।

*तानाशाहों को रहा लड़कियों से घिरे रहने का शौक*

कई तानाशाहों में लड़कियों से घिरे रहने की प्रवृत्ति देखी गई है। लीबिया के तानाशाह मुहम्मद गद्दाफी भी लड़कियों के बीच रहना पसंद करते थे। उनकी सुरक्षा के लिए खूबसूरत महिलाओं की एक छोड़ी फौज हमेशा उनके साथ रहती थी। गद्दाफी की लीगली दो शादियां हुई थीं।

इसी तरह युगांडा के क्रूर तानाशाह ईदी अमीन ने पांच शादियां की थीं। इसके अलावा उनके पास एक हरम भी था, जहां 30 महिलाएं रहती थीं।
लीबिया का तानाशाह मुहम्मद गद्दाफी हमेशा अपनी महिला सुरक्षाकर्मियों से घिरा रहता था।

*क्या कहते हैं विशेषज्ञ..*

ब्रेन फाउंडेशन के ट्रस्टी साइकेट्रिस्ट डॉ. सम्राट कार कहते हैं कि ‘आम तौर पर पुरुष ऐसा दिखावे के लिए करते हैं। ज्यादा पत्नियां या गर्लफ्रेंड होने को वे सोशल स्टेटस से जोड़कर देखते हैं। ज्यादा शादियां करके वो दुनिया को अपना मैनेजिंग पावर दिखाना चाहते हैं। ’

हालांकि, डॉ. कार पुरुषों के इस बर्ताव को बीमारी नहीं मानते। वो इसे ‘पर्सनालिटी प्रॉब्लम’ कहते हैं। डॉ. कार ने यह भी बताया कि आम तौर से महिलाएं एक-विवाह तो पुरुष बहु-विवाह प्रथा के हिमायती होते हैं।
April 05, 2023

बागेश्वर धाम वाले धीरेंद्र शास्त्री फिर घिरे विवादों में,जानिए अब क्या हुआ

बागेश्वर धाम वाले धीरेंद्र शास्त्री फिर घिरे विवादों में,जानिए अब क्या हुआ 
नई दिल्ली: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री के साईं बाबा को लेकर दिए बयान पर हंगामा हो गया है। इस मुद्दे पर महाराष्ट्र की सियासत भी गरमा गई है। अब शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता राहुल कनल ने पुलिस को एक पत्र लिखा है, जिसमें बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। शिवसेना नेता धीरेंद्र शास्त्री द्वारा साईं बाबा को लेकर की गई टिप्पणी से नाराज हैं।
*कैबिनेट मंत्री ने भी धीरेंद्र शास्त्री के बयान से जताई नाराजगी*

महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के करीबी माने जाने वाले और कैबिनेट मंत्री राधाकृष्ण विक्खे पाटिल ने भी धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि ‘उन्हें (धीरेंद्र शास्त्री) बाबा पर सवाल उठाने का क्या अधिकार है? अगर उन्हें किसी खास धर्म या संगठन के लिए कैंपेन करना है तो वह अपनी चार-दीवारी में रहकर यह काम करें पर ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयान सांप्रदायिक हिंसा को जन्म दे सकते हैं।’
एनसीपी नेता जितेंद्र आह्वाड ने भी बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर को निशाने पर लिया और कहा कि महाराष्ट्र में हर किसी को महापुरुषों का अपमान करने दिया जा रहा है। जिसे जो बोलना है, वह बोल रहा है।
*क्या है विवाद*

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने अपने एक बयान में कहा कि ‘हमारे धर्म के शंकराचार्य ने साईं बाबा को देवताओं का स्थान नहीं दिया है। शंकराचार्य की बात मानना हर सनातनी का धर्म है क्योंकि वह हमारे धर्म के प्रधानमंत्री हैं। कोई भी संत…चाहे हमारे धर्म के हों या फिर कोई और हों…वे संत, युगपुरुष और कल्पपुरुष हो सकते हैं लेकिन भगवान नहीं।’ उन्होंने कहा कि ‘साईं बाबा संत हो सकते हैं, फकीर हो सकते हैं मगर भगवान नहीं हो सकते हैं। यह बोलना विवाद का विषय हो जाएगा लेकिन यह बोलना भी जरूरी है कि गीदड़ की खाल पहन लेने से कोई शेर नहीं हो जाता।’

Tuesday, April 4, 2023

April 04, 2023

जींद के कंडेला में मकान पर गिरी आसमानी बिजली:बिजली उपकरण-अन्य सामान जला; 20 मिनट पहले कमरे से बाहर निकले थे परिजन

जींद के कंडेला में मकान पर गिरी आसमानी बिजली:बिजली उपकरण-अन्य सामान जला; 20 मिनट पहले कमरे से बाहर निकले थे परिजन
जींद : हरियाणा के जींद में अलसुबह हुई बारिश से जहां खेतों में गेहूं की फसल बिछ गई, वहीं गांव कंडेला में एक घर पर आसमानी बिजली गिरी। इसके चलते घर के सारे बिजली उपकरण, बेड, गद्दे और दूसरा प्लास्टिक का सामान जलकर राख हो गया।। गनीमत यह रही कि परिवार के लोग 20 मिनट पहले ही वहां से उठकर बाहर बरामदे में चले गए थे।
गांव कंडेला निवासी रणबीर ने बताया कि रात 2 बजे के बाद हल्की बारिश शुरू हुई थी, जिसके बाद बारिश तेज हो गई। वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घर के अंदर सो रहा था। लाइट चली जाने के बाद बाहर बरामदे में चले गए। सुबह 3 बजे घर के रोशनदान से अचानक बिजली की चमक आई। जोरदार आवाज के साथ बिजली गिरी। इसके बाद कमरे में रखे इन्वर्टर, बैटरी, बिजली की फिटिंग, बोर्ड और दूसरे बिजली उपकरणों से धुआं उठने लगा।
*कंडेला में आग से जला सामान*

इन्वर्टर के पास ही पूजा के लिए छोटा मंदिर बनाया हुआ था। उसमें रखा सारा सामान भी खाक हो गया। वहीं प्लास्टिक के डिब्बे, बच्चों की कॉपी-किताबें, बेड, गद्दे समेत दूसरे सामान में आग लग गई। किसी तरह पानी डालकर आग को बुझाया गया। रणबीर ने बताया कि बिजली गिरने से करीब 20 मिनट पहले ही वह परिवार के साथ उठकर बाहर बरामदे में आकर लेट गया था। आसमानी बिजली गिरने से उसे काफी नुकसान हुआ है।
April 04, 2023

हरियाणा के कृष्ण रूहील ने पत्नी सरिता को खरीद कर दी चांद पर जमीन, जानिए कैसे खरीदते हैं चांद पर जमीन

हरियाणा के कृष्ण रूहील ने पत्नी सरिता को खरीद कर दी चांद पर जमीन, जानिए कैसे खरीदते हैं चांद पर जमीन 
सिरसा: हरियाणा के सिरसा जिला के कागदाना के रहने वाले कृष्ण कुमार रुहील ने अपनी पत्नी को शादी की 25 वीं सालगिरह पर ऐसा गिफ्ट दिया है, जिसकी हर कोई तारीफ कर रहा है। इस शख्स ने पत्नी को चांद-तारे तोड़ लाने का सिर्फ वादा ही नहीं किया, बल्कि चांद पर जमीन खरीद कर, उसे पूरा भी कर दिखाया। अगर हम आपसे कहें कि आप चांद पर जमीन खरीद सकते हैं, आपको बस कुछ डॉलर खर्च करने होंगे, तो शायद आप इसे झूठ मानेंगे। लेकिन हरियाणा के सिरसा जिला के कागदाना के रहने वाले कृष्ण कुमार रूहील ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। उन्होंने अपनी शादी की 25वीं सालगिरह पर पत्नी को 'चांद का टुकड़ा' गिफ्ट किया है।उनका यह कारनामा सच होने के साथ ही लीगल भी है। दरअसल, अमेरिका के न्यूयॉर्क सिटी स्थित फर्म 'लूनर सोसाइटी इंटरनेशल' चांद पर जमीन बेच रही है, पूरे वैध तरीके से। कंपनी चांद पर जमीन खरीदने वालों को वहां की नागरिकता भी देती है। बायर्स चाहे तो भविष्य में अपनी लूनर प्रॉपर्टी बेच भी सकते हैं। कृष्ण कुमार रुहील ने बताया कि 3 अप्रैल को हमारी शादी की सालगिरह थी। मैं पत्नी सरिता लिए कुछ खास करना चाहता था। हर कोई कार और ज्वैलरी जैसी चीजें गिफ्ट करता है, लेकिन मैं कुछ अलग करना चाहता था। इसलिए, मैंने सरिता के लिए चांद पर जमीन खरीदी।' कृष्ण कुमार ने न्यूयॉर्क शहर, यूएसए की एक फर्म लूना सोसाइटी इंटरनेशनल के माध्यम से जमीन खरीदी। 
उन्होंने बताया कि मुझे लगता है कि मैं चांद पर जमीन खरीदने वाला हरियाणा का पहला आदमी हूं।' कृष्ण कुमार रूहील की पत्नी सरिता ने कहा कि अपने पति से मिले इस तरह के खास सरप्राइज बेहद खुश हैं। मुझे कभी भी उम्मीद नहीं थी कि वह मुझे कुछ खास गिफ्ट करेंगे। उन्होंने उपहार के रूप में मुझे चांद पर जमीन के दस्तावेज दिए।' इससे पहले अभिनेता शाहरुख खान और स्वर्गीय सुशांत सिंह राजपूत ने भी चांद पर एक एकड़ जमीन खरीदी हुई है।
April 04, 2023

भाजपा वोट के लिए लोगों को जाति के नाम पर लडवा रही है : गिल

भाजपा वोट के लिए लोगों को जाति के नाम पर लडवा रही है : गिल


जींद:( संजय कुमार) कांग्रेस नेता प्रदीप गिल ने जींद के वार्ड 27 नजदीक बाल धर्मार्थ हॉस्पिटल भिवानी रोड की वाल्मीकि कॉलोनी में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाया। प्रदीप गिल ने घर-घर जाकर व चाय पर चर्चा के दौरान लोगों की समस्या को जाना। गिल ने कहा देश में भाजपा वोट के लिए धर्म और जाति के नाम पर लोगों को लगा रही है। गिल ने कहा राजनीतिक पार्टियां आती जाती रहेगी लेकिन यह भाईचारा नहीं टूटना चाहिए।
आज देश में विकास गायब है और जातिवाद हावी है।
 गिल ने कहा कि आज देश का युवा रोजगार मांग रहा है न की भाषण। देश के प्रधानमंत्री कहते थे हर साल 2 करोड युवाओं को रोजगार देंगे, किंतु आज रोजगार तो दूर की बात है जिन युवाओं को रोजगार मिला हुआ है उनको भी घर बैठाया जा रहा है। आज हर वर्ग कहीं ना कहीं सरकार से परेशान है, हताश है । प्रदीप गिल ने युवाओं से बात करते हुए कहा हमें अपने और पराए में फर्क समझना होगा। आज इनको पढ़े-लिखे नेता की जरूरत है। जो आपके मुद्दों को विधानसभा में उठा सके और जींद में युवाओं के लिए रोजगार के रास्ते बना सके। इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रवेश चौहान, दीपक वाल्मीकि, अश्विनी कांगड़ा, सुशील चौहान, राजेश ,पवन ,अशोक, सुमित चौहान, सुधीर, कुशल चौहान, विकास, मास्टर बाबू ,शुभम, अंकुश ,करण, मनोज अन्य साथी मौजूद रहे।
April 04, 2023

‘जज को ठीक कर देंगे’, सीएम खट्टर ने बयान को लिया वापस, जताया खेद

‘जज को ठीक कर देंगे’, सीएम खट्टर ने बयान को लिया वापस, जताया खेद
चण्डीगढ़ : मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सोमवार को हाईकोर्ट के जज पर की गई अपनी टिप्पणी पर खेद व्यक्त करते हुए बयान वापस ले लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका मानना है कि टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि मैं अदालतों का सम्मान करता हूं। मैंने तुरंत यह भी कहा कि अदालत का जो भी फैसला होगा, वह अंतिम फैसला होगा और इसमें कोई संदेह नहीं है।
सीएम खट्टर ने यह भी कहा कि न्यायपालिका, कार्यपालिका और विधायिका के बीच संतुलन बनाकर चीजें आगे बढ़ती हैं और तीनों अंग लोक कल्याण के लिए काम करते हैं। यह एक अत्यधिक देरी से संबंधित प्रश्न था। एक परीक्षा हुई और परिणाम भी घोषित किया गया था, लेकिन अदालत की ओर से रोक लगा दी गई थी। ऐसे में एक अनैतिक टिप्पणी निकली।
*जानिए क्या कहा सीएम खट्टर ने?*

सीएम मनोहर लाल ने कहा, “मुझे यह भी महसूस होता है कि इसे नहीं बनाया जाना चाहिए था। भले ही कोई बात किसी विशेष न्यायाधीश तक पहुंच गई हो, मैं अपने शब्दों को वापस लेता हूं। “लेकिन, मैं यह कहना चाहता हूं कि इस देरी के कारण हजारों लोग प्रभावित होते हैं, और उन्हें उनके प्रशिक्षण के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल रहा है। रोजाना हमसे इस बारे में पूछा जाता है। रविवार की जनसभा में भी ऐसे तमाम लोग आए थे, जो अपनी नौकरी पर नहीं जा सके थे। इस प्रकार एक अस्वाभाविक टिप्पणी की गई, जिसका मुझे खेद है।”
*जज को लेकर सीएम खट्टर ने दिया था ये बयान*

इससे पहले भिवानी में जनसंवाद के दौरान जब सीएम खट्टर से पूछा गया कि पुलिस भर्ती में अभी तक सभी उम्मीदवारों को नियुक्ति क्यों नहीं मिली है? इस पर सीएम ने कहा कि आपमें से ही कुछ लोग थे जो कोर्ट चले गए और जज ने स्टे लगा दिया। एक जज है उनके माथे में कुछ गड़बड़ है उसे जल्द ठीक करेंगे। तीन हजारों उम्मीदवारों की जॉइनिंग हो गई है, बाकि के उम्मीदवारों की भी जल्द जॉइनिंग करा दी जाएगी।
*रणदीप सुरजेवाला, अभय चौटाला ने बोला था सीएम पर हमला*

सीएम खट्टर के बयान को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस और इनेलो हमलावर हो गई थी। राज्यसभा सांसद और कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सीएम मनोहर लाल खट्टर पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि न्यायपालिका के बारे में उनकी भाषा, सरकार के चाल चरित्र को दर्शाती है। सीएम को इस बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए, अगर वो माफी नहीं मांगते तो उन्हें इस आपत्तिजनक बयान के लिए बर्खास्त किया जाना चाहिए।
वहीं इनेलो महासचिव अभय चौटाला ने कहा कि ये बयान न्यायपालिका का अपमान है। उन्होने कहा कि कोर्ट इसपर संज्ञान ले नहीं तो हम मानहानि का मुकदमा दर्ज करेंगे।