Breaking

Thursday, August 14, 2025

August 14, 2025

हरियाणा में जेल के बाहर बैठा था SPO, अचानक चली गो+ली और वहीं ढे+र

हरियाणा में जेल के बाहर बैठा था SPO, अचानक चली गो+ली और वहीं ढे+र
कुरुक्षेत्र : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में जिला जेल के बाहर ड्यूटी पर तैनात एक SPO सिपाही की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जयभगवान के रूप में हुई है। घटना उस समय हुई, जब वे रोजाना की तरह कैदियों की पेशी के लिए जेल गेट पर ड्यूटी दे रहे थे और बेंच पर बैठे हुए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक उनकी सरकारी राइफल से गोली चल गई, जो सीधा उनकी गर्दन में जा लगी। गोली लगते ही जयभगवान लहूलुहान होकर बेंच से नीचे गिर पड़े। वहां मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत हरकत में आए और उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और हालात का जायजा लिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोली चलना महज एक हादसा था या इसके पीछे कोई और वजह रही। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर राइफल और अन्य साक्ष्य अपने कब्जे में ले लिए हैं।
इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के साथ-साथ बैलिस्टिक जांच के बाद ही गोली चलने के सही कारणों का पता चल सकेगा।

Wednesday, August 13, 2025

August 13, 2025

परिचय सम्मेलन को लेकर अग्रवाल समाज युवा विंग की बैठक आयोजित

परिचय सम्मेलन को लेकर अग्रवाल समाज युवा विंग की बैठक आयोजित
सम्मेलन के प्रचार और प्रसार को लेकर बनाई रणनीति
जींद : अखिल भारतीय अग्रवाल समाज युवा विंग की एक बैठक गांधी नगर में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान गौरव सिंगला और महासचिव लोकेश गर्ग ने की। बैठक में आगामी 7 सितंबर को जींद में होने वाले विवाह योग्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर महासचिव अंशुल, केशव, जतिन, कार्तिक गर्ग, अर्णव, पंकज गोयल, पंकेश गोयल इत्यादि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर गौरव सिंगला ने युवाओं से अपील की कि वे सम्मेलन के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाएं और अधिक से अधिक लोगों तक इस कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि युवाओं का जोश और ऊर्जा समाज के किसी भी आयोजन को सफल बनाने में सबसे बड़ा योगदान है। बैठक में सोशल मीडिया, घर-घर संपर्क और पोस्टर-बैनर के माध्यम से प्रचार की योजना तैयार की गई।
इस अवसर पर महासचिव लोकेश गर्ग ने भी कहा कि परिचय सम्मेलन समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण अवसर है, जहां वे एक-दूसरे को समझने, जानने और जीवनसाथी चुनने का सुव्यवस्थित अवसर पाते हैं। यह आयोजन न केवल परिवारों के बीच आपसी परिचय और मेलजोल बढ़ाता है, बल्कि समाज में एकजुटता, परंपराओं के संरक्षण और सामूहिक सहयोग की भावना को भी प्रबल करता है। ऐसे सम्मेलन समय, धन और संसाधनों की बचत के साथ-साथ पारंपरिक मूल्यों को आधुनिक तरीके से आगे बढ़ाने का प्रभावी माध्यम साबित होते हैं।

Tuesday, August 12, 2025

August 12, 2025

अग्रवाल समाज के अध्यक्ष राजकुमार गोयल ने परिचय सम्मेलन को लेकर युवा विंग को अधिक से अधिक प्रचार करने का किया आह्वान

अग्रवाल समाज के अध्यक्ष राजकुमार गोयल ने परिचय सम्मेलन को लेकर युवा विंग को अधिक से अधिक प्रचार करने का किया आह्वान
जींद : अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के अध्यक्ष राजकुमार गोयल ने आज समाज की युवा विंग की टीम के साथ बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 7 सितंबर को जींद में होने वाले विवाह योग्य अग्रवाल युवक-युवती परिचय सम्मेलन की तैयारियों और प्रचार-प्रसार को लेकर रणनीति बनाना था। इस अवसर पर पवन बंसल, सावर गर्ग, रामधन जैन, सोनू जैन राजेश गोयल, जय भगवान सिंगला, लोकेश गर्ग, इत्यादि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में अध्यक्ष राजकुमार गोयल ने कहा कि इस ऐतिहासिक सम्मेलन की सफलता में युवाओं की भूमिका अहम होगी। उन्होंने युवा विंग के सभी सदस्यों से अपील की कि वे घर-घर जाकर, सोशल मीडिया के माध्यम से और व्यक्तिगत संपर्कों के जरिए अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें, ताकि समाज का हर परिवार इस आयोजन का हिस्सा बन सके। राजकुमार गोयल ने कहा कि यह समय एकजुट होकर समाज के हित में काम करने का है और इसके लिए हर सदस्य को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि युवा पीढ़ी समाज का भविष्य है और उनका उत्साह व मेहनत इस सम्मेलन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है।
इस अवसर पर सावर गर्ग व पवन बंसल ने कहा कि सम्मेलन समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण अवसर है जहां वे एक-दूसरे को समझने, जानने और जीवनसाथी चुनने का सुव्यवस्थित अवसर पाते हैं। इस अवसर पर रामधन जैन व सोनू जैन ने कहा कि यह आयोजन न केवल परिवारों के बीच आपसी परिचय और मेलजोल बढ़ाता है, बल्कि समाज में एकजुटता, परंपराओं के संरक्षण और सामूहिक सहयोग की भावना को भी प्रबल करता है। ऐसे सम्मेलन समय, धन और संसाधनों की बचत के साथ-साथ पारंपरिक मूल्यों को आधुनिक तरीके से आगे बढ़ाने का प्रभावी माध्यम साबित होते हैं। इस अवसर पर युवा टीम के अध्यक्ष गौरव सिंगला व महासचिव लोकेश गर्ग ने युवा टीम की तरफ से परिचय सम्मेलन रूपी यज्ञ में सक्रिय योगदान का आश्वासन दिया।
August 12, 2025

हरियाणा में भाजपा नेत्री की काटी नाक, कांग्रेस समर्थक जेठ पर लगे आरोप

हरियाणा में भाजपा नेत्री की काटी नाक, कांग्रेस समर्थक जेठ पर लगे आरोप
कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र में बीजेपी की बूथ अध्यक्ष और महिला नेत्री रीना पर उनके कांग्रेस समर्थक जेठ ने कथित तौर पर तेजधार हथियार से हमला कर नाक काट दी। घटना डल्ला माजरा गांव की है और इसका कारण घर में बना ज्वाइंट बाथरूम तोड़ने को लेकर विवाद बताया जा रहा है।
रीना का आरोप है कि रक्षाबंधन के दिन जब वह घर लौटीं, तो पाया कि उनके जेठ ने साझा बाथरूम तोड़ दिया था। जब उन्होंने इसका कारण पूछा तो जेठ ने कहा कि यह उनकी जमीन है, इसलिए उन्होंने तोड़ दिया। रीना का कहना है कि अगर पहले सूचना दे दी जाती तो वह अपना अलग बाथरूम बना लेतीं, लेकिन अचानक तोड़े जाने से परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
विवाद बढ़ने पर रीना ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया। पुलिस ने मौके पर आकर समझाने की कोशिश की, लेकिन जेठ ने उनकी भी नहीं मानी और कथित तौर पर गालियां देते हुए उनकी स्कूटी तोड़ दी।
अगले दिन फिर विवाद बढ़ गया। रीना के अनुसार, जेठ घर आया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने उन्हें घर के अंदर ले जाकर बुरी तरह मारा-पीटा। इस दौरान, जेठ के बेटे भी शामिल हो गए और कथित तौर पर किसी तेजधार हथियार से उनकी नाक काट दी। रीना का दावा है कि हमलावर उनका गला काटने की भी कोशिश कर रहा था। वह बेसुध होकर गिर पड़ीं, लेकिन इसके बाद भी लात और ईंट से हमला किया गया।
रीना ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी के कांग्रेस समर्थक होने के कारण उसने स्थानीय कांग्रेस विधायक से कॉल कराकर पुलिस पर दबाव बनाया, जिसके चलते अब तक उनके बयान तक दर्ज नहीं किए गए।
इस मामले पर इस्माइलाबाद थाना SHO राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Friday, August 8, 2025

August 08, 2025

नशे में चोर ने चुराई रोडवेज बस: वर्कशॉप से 6 किमी दूर मामा के घर ले जाकर सोया, पुलिस ने किया गिरफ्तार

नशे में चोर ने चुराई रोडवेज बस: वर्कशॉप से 6 किमी दूर मामा के घर ले जाकर सोया, पुलिस ने किया गिरफ्तार
पिहोवा : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में स्थित पिहोवा में शराब के नशे में धुत्त एक चोर ने गुरुवार-शुक्रवार की देर रात पिहोवा सब डिपो की वर्कशॉप से रोडवेज की मिनी बस चुरा ली। चोर बस को 6 किलोमीटर दूर अपने मामा के घर ले गया और वहां खड़ी कर सो गया। शुक्रवार सुबह जब ड्राइवर बस को रूट पर ले जाने के लिए वर्कशॉप पहुंचा तो बस गायब मिली, जिससे रोडवेज डिपो में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस को ढूंढ निकाला और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, पिहोवा सब डिपो की वर्कशॉप से बस नंबर HR-65A-2523 बीती रात चोरी हुई। यह बस पिहोवा से थानेसर वाया सुरमी रूट पर चलती है। 7 अगस्त को शाम 5 बजे ड्राइवर ने बस वर्कशॉप में खड़ी की थी। शुक्रवार सुबह ड्राइवर जब बस लेने पहुंचा तो वह गायब थी। बस अड्डा इंचार्ज ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले और कुछ देर बाद ढांड रोड पर असमानपुर के डेरे में खेत में बस खड़ी मिली। पूछताछ में पता चला कि कैथल के गांव नागल निवासी गुरप्रीत सिंह बस को वहां लाया था और अपने मामा के घर सो रहा था। पुलिस ने गुरप्रीत को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि गुरप्रीत शराब का आदी और ट्रक ड्राइवर है। उसने 4 महीने पहले भी कैथल के चीका से रोडवेज की बस चुराई थी। बताया गया कि बस स्टैंड और वर्कशॉप पर कोई गेट नहीं है और रात में वर्कशॉप पर कर्मचारी नहीं रहता। हालांकि, बस स्टैंड पर चौकीदार तैनात होता है। रोडवेज GM ने लापरवाही बरतने पर 2 चौकीदारों समेत 3 कर्मचारियों को चार्जशीट किया है। थाना पिहोवा सिटी के SHO नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है कि आरोपी बस को कहां-कहां लेकर गया। बता दें कि रोडवेज ड्राइवरों को बस की चाबी साथ ले जाने की अनुमति नहीं है, जिसके चलते चाबी बस में ही छोड़ दी जाती है। बस की कीमत करीब 12 लाख रुपये है।

Thursday, August 7, 2025

August 07, 2025

वुडस्टॉक पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने शॉटपुट प्रतियोगिता में जीता गोल्ड

वुडस्टॉक पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने शॉटपुट प्रतियोगिता में जीता गोल्ड
जींद : वुडस्टॉक पब्लिक स्कूल की कक्षा 12वीं की छात्रा यसिका ने ब्लॉक स्तरीय शॉटपुट प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं नीतू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान अर्जित किया। दोनों छात्राओं ने अपने कठिन परिश्रम और लगन से विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।विद्यालय के निदेशक डॉ. नरेंद्र नाथ शर्मा ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा,"इस प्रकार की उपलब्धियाँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देती हैं। विद्यालय सदैव ऐसे प्रतिभाशाली छात्रों को प्रोत्साहित करता रहेगा। यसिका और नीतू हमारे लिए गर्व का विषय हैं।" उप-निदेशक श्री आशुतोष शर्मा ने भी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय के खेल क्षेत्र में हो रहे प्रगति से स्पष्ट है कि विद्यार्थी सर्वांगीण विकास की ओर अग्रसर हैं।प्राचार्या श्रीमती सुकीर्ति गौतम ने कहा,"हमारी बेटियाँ हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। यसिका और नीतू ने खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह सिद्ध किया कि मेहनत और समर्पण से कुछ भी संभव है। हम उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।"
"इन सफलताओं से न केवल विद्यालय का गौरव बढ़ा है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी एक प्रेरणा स्थापित हुई है।"
August 07, 2025

प्रवेशोत्सव एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम संपन्नप्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय, जींद

प्रवेशोत्सव एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम संपन्न
प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय, जींद
जींद : प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय, जींद में नवागंतुक छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आईक्यूएसी (आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ) द्वारा किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जय नारायण गहलावत ने छात्राओं का स्वागत किया और उन्हें गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा प्रदान करने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने छात्राओं से कॉलेज परिसर में स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. संदीप शर्मा ने ओरिएंटेशन की रूपरेखा प्रस्तुत की। 
महाविद्यालय की प्रेस प्रवक्ता डॉ सुमिता आशरी ने बताया कि समय सारिणी प्रभारी विक्रम गुप्ता ने छात्राओं को कक्षाओं की समय-सारिणी के बारे में विस्तृत जानकारी दी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 कार्यक्रम की जानकारी समन्वयक ईशा बंसल द्वारा दी गई। परीक्षा प्रणाली की जानकारी रजिस्ट्रार डॉ अल्पना शर्मा द्वारा दी गई। महिला प्रकोष्ठ की गतिविधियों की जानकारी डॉ . सुमिता आशरी द्वारा प्रदान की गई। डॉ. मनीषा दलाल ने पुस्तकालय की जानकारी साझा की। प्रवीन कुमार द्वारा बस पास व्यवस्था संबंधित जानकारी दी गई। एनएसएस प्रभारी डॉ. सुमन खरब और प्रीति ने एनएसएस की, प्रियंका ने एनसीसी के विषय में जानकारी दी। डॉ. सुमन ने छात्रवृत्ति से संबंधित जानकारी प्रदान की। मोहित रांगी ने प्लेसमेंट सेल, इंटर्नशिप कार्यक्रम, उद्यमिता और इनक्यूबेशन सेंटर के बारे में छात्राओं को अवगत कराया।
कार्यक्रम के पश्चात छात्राओं व उनके माता पिता को महाविद्यालय का भ्रमण भी करवाया गया।
इस अवसर पर कॉलेज परिषद के सदस्य नरेंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार, डॉ. राजेश बूरा, अनुप मोर, डॉ. अल्पना शर्मा, डॉ. मनीषा दलाल, डॉ. सुमिता आशरी तथा अन्य अध्यापकगण उपस्थित रहे। मंच संचालन श्रीमती सोनल और कुमारी अनीता ने किया।

Wednesday, August 6, 2025

August 06, 2025

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोशल मीडिया न्यूज चैनलों के प्रतिनिधियों संग किया संवाद

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोशल मीडिया न्यूज चैनलों के प्रतिनिधियों संग किया संवाद


कहा- सरकारी अभियानों को जन-जन तक पहुँचाने में सोशल मीडिया की बड़ी भूमिका


डिजिटल मीडिया जर्नलिस्ट्स ऐसोसिएशन की मांगों पर विचार करेगी सरकार: मुख्यमंत्री

चंडीगढ़, 6 अगस्त- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज हरियाणा निवासचंडीगढ़ में प्रदेशभर से आए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स (फेसबुक व यूट्यूब) के न्यूज चैनलों के प्रतिनिधियों के साथ जनसंवाद किया। इस अवसर पर डिजिटल मीडिया जर्नलिस्ट एसोसिएशनहरियाणा के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का पुष्प गुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।पत्रकारों से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया आज एक शक्तिशाली माध्यम बन चुका हैजिसकी हर सूचना समाज और व्यक्ति पर गहरा प्रभाव छोड़ती है। उन्होंने सोशल मीडिया न्यूज चैनलों के पत्रकारों से आह्वान किया कि वे तथ्यों पर आधारित ग्राउंड रिपोर्टिंग को प्राथमिकता दें ताकि जनविश्वास बना रहे। श्री सैनी ने यह भी बताया कि वे स्वयं समय निकालकर सोशल मीडिया देखते हैं और कई बार वहीं से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी देते हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया को समाज सुधार का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे जनहित अभियानों को आगे बढ़ाने में सोशल मीडिया की अहम भूमिका हो सकती है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से नशा मुक्त हरियाणापर्यावरण संरक्षणतथा स्वच्छता अभियान जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन अभियानों की पहुंच हर घर तक सुनिश्चित करने में सोशल मीडिया न्यूज चैनलों के प्रतिनिधियों को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। इससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन को गति मिलेगी।

डिजिटल मीडिया जर्नलिस्ट एसोसिएशन द्वारा रखी गई विभिन्न मांगों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि उनकी फिजिबिलिटी का मूल्यांकन कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा, "हम आपके साथ हैं और हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे।"

इस अवसर पर सूचनाजनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक श्री के. एम. पांडुरंग ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर मौजूद न्यूज चैनलों के लिए 'हरियाणा डिजिटल मीडिया विज्ञापन नीति-2023' बनाई गई हैजिसके तहत इन चैनलों को इंपैनल किया जाता है और विज्ञापन जारी किए जाते हैं। उन्होंने आग्रह किया कि सोशल मीडिया न्यूज चैनलों के प्रतिनिधि फेक्ट बेस्ड रिपोर्टिंग को प्राथमिकता दें और फेक न्यूज को फैलाने से बचें।

इस मौके पर मुख्यमंत्री के मीडिया एडवाइजर श्री राजीव जेटलीसूचनाजनसंपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) श्री योगेश मेहता सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे.

 

 

 

 

August 06, 2025

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से की शिष्टाचार भेंट

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से की शिष्टाचार भेंट

 हरियाणा के विकासजनकल्याण और भावी योजनाओं पर हुई सकारात्मक चर्चा

चंडीगढ़, 6 अगस्त -- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान हरियाणा के वर्तमान विकास कार्योंकल्याणकारी योजनाओं और भावी परियोजनाओं को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राज्य की विकास यात्रा की प्रगति से अवगत करवाया कि केंद्र सरकार की नीतियों एवं सहयोग से हरियाणा अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 'डबल इंजनकी सरकार के रूप में हरियाणा निरंतर आगे बढ़ रहा है और राज्य के नागरिकों को शिक्षास्वास्थ्यअधोसंरचनाकृषिउद्योग और सामाजिक कल्याण जैसे क्षेत्रों में लाभ प्राप्त हो रहा है।

 श्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री को राज्य में चल रही कुछ प्रमुख योजनाओं व कार्यक्रमों के संदर्भ में जानकारी साझा की तथा राज्य सरकार की भावी प्राथमिकताओं से भी अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार सबका साथसबका विकाससबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना को केंद्र में रखते हुए राज्य के हर वर्ग के समावेशी विकास के लिए कार्य कर रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से राज्य हित के विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया तथा इन क्षेत्रों में केंद्र सरकार के सहयोग को लेकर धन्यवाद भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप जनसेवा व सुशासन के लिए सतत प्रयासरत है।

 मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में हरियाणा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा की ओर तीव्र गति से प्रगति की दिशा में अग्रसर होगा।

हरियाणा सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से डबल इंजन सरकार’ की भावना से राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

 

August 06, 2025

राजकीय महिला महाविद्यालय, जींद में आरसेटी इंटर्नशिप प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन

राजकीय महिला महाविद्यालय, जींद में आरसेटी इंटर्नशिप प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन
जींद:आज राजकीय महिला महाविद्यालय, जींद में PNB RSETI के सहयोग से इंटर्नशिप प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की छात्राओं के कौशल विकास की दिशा में एक सराहनीय प्रयास रहा, जिसमें Fast Food, Soft Toys एवं Artificial Jewellery जैसे विषयों पर आधारित प्रशिक्षण के माध्यम से 140 छात्राओं ने इंटर्नशिप पूर्ण की।
कार्यक्रम का मंच संचालन प्लेसमेंट सेल प्रभारी मोहित रांगी द्वारा  किया गया। प्राचार्य जय नारायण गहलावत ने सभी अतिथियों का औपचारिक स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास को भी बराबर महत्व देता है। उन्होंने RSETI के सहयोग की सराहना करते हुए इसे “शिक्षा और रोजगार के बीच की खाई को पाटने वाला सेतु” बताया। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और अवसरों का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि, पंजाब नेशनल बैंक जींद के अग्रणी जिला प्रबंधक अनुपम मरांडी जी ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में इस प्रकार के और भी कार्यक्रमों के आयोजन हेतु सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने छात्राओं को Banking और उद्यमिता क्षेत्र से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि डॉ. रणबीर यादव, प्राचार्य, राजकीय महिला महाविद्यालय पिल्लूखेड़ा ने छात्राओं को प्रेरक विचारों के माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ कौशल विकास आज के युग की आवश्यकता है। उन्होंने छात्राओं से सरकारी योजनाओं और कौशल विकास कार्यक्रमों का भरपूर लाभ उठाने का आह्वान किया।
RSETI जींद के निदेशक सुखबीर दहिया ने दो माह की इंटर्नशिप अवधि के दौरान छात्राओं द्वारा सीखी गई विभिन्न गतिविधियों और प्रशिक्षण मॉड्यूल पर प्रकाश डाला। उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन, विशेष रूप से प्लेसमेंट सेल का सहयोग और समन्वय के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। साथ ही उन्होंने भविष्य में GCW Jind की छात्राओं को हर प्रकार का प्रशिक्षण और सहयोग RSETI की ओर से उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
छात्राओं ने इस प्रशिक्षण के माध्यम से सीखे गए कौशल के आधार पर महाविद्यालय परिसर में एवं भविष्य में अपने-अपने व्यवसाय (Business) स्थापित करने की इच्छा भी व्यक्त की।
इस दिशा में महाविद्यालय प्रशासन तथा RSETI की ओर से उन्हें न केवल प्रेरणा और मार्गदर्शन, बल्कि व्यवसायिक रूपरेखा, प्रशिक्षण व आवश्यक जानकारी प्रदान की जाएगी, जिससे वे सफल उद्यमी बन सकें। कार्यक्रम में कुल 140 छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम के अंत में इंटर्नशिप समन्वयक नरेंद्र ढुल ने Vote of Thanks प्रस्तुत करते हुए सभी गणमान्य अतिथियों, RSETI टीम, शिक्षकों और छात्राओं का धन्यवाद किया। उन्होंने इस तरह की गतिविधियों को आगे भी जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस आयोजन में RSETI टीम से संजय , श्रीमती कुसुम, रोहित, गौरी शंकर, श्रीमती पूनम एवं अन्य प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
महाविद्यालय की ओर से प्लेसमेंट सेल सदस्य प्रवीण सहित अन्य स्टाफ सदस्यों का भी आयोजन में विशेष योगदान रहा।
यह कार्यक्रम न केवल छात्राओं के लिए एक सीखने का अवसर था, बल्कि उनके उज्जवल भविष्य की ओर एक ठोस कदम भी सिद्ध हुआ।
August 06, 2025

फरीदाबाद में बेटे की शर्मनाक करतूत: जिंदा पिता की निकाली श्रद्धांजलि यात्रा, मुआवजे के लालच में ढोल पर नाचा

फरीदाबाद में बेटे की शर्मनाक करतूत: जिंदा पिता की निकाली श्रद्धांजलि यात्रा, मुआवजे के लालच में ढोल पर नाचा
फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद जिले के पन्हेड़ा कलां गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां बेटे ने 25 लाख रुपये के मुआवजे की लालच में अपने जिंदा पिता की श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर दी। स्वामी राजेंद्र देव महाराज ने अपने 79 वर्षीय पिता लालचंद उर्फ लूला के लिए गांव में बड़े-बड़े पोस्टर लगवाए, ढोल-बाजे के साथ श्रद्धांजलि यात्रा निकाली और मंदिरों में रोटियां बांटीं। लेकिन जब जिंदा पिता ने इसकी वीडियो देखी तो वह गांव लौट आए और बेटे पर जान से मारने की साजिश का आरोप लगाया।
मामला 3 अगस्त का है जब राजेंद्र ने पिता की श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। उसने दावा किया कि लालचंद 9 महीने पहले गोवर्धन परिक्रमा के लिए गए थे और महाकुंभ में भगदड़ के दौरान उनकी मौत हो गई। राजेंद्र का कहना था कि उसने पिता की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला, इसलिए लोगों के कहने पर श्रद्धांजलि सभा रखी। हालांकि, गांव में चर्चा थी कि राजेंद्र ने महाकुंभ भगदड़ में मृत साधुओं के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा घोषित 25 लाख रुपये के मुआवजे का लालच में यह कदम उठाया।
लालचंद ने बताया कि उन्होंने घर छोड़ने के बाद अपना पुराना नंबर बंद कर दिया था और केवल एक रिश्तेदार को नया नंबर दिया था। जब रिश्तेदार ने श्रद्धांजलि सभा का वीडियो देखा तो लालचंद को सूचना दी। इसके बाद लालचंद ने सरपंच धर्मवीर को जिंदा होने का वीडियो भेजा और मंगलवार को गांव पहुंचकर पंचायत बुलाई। पंचायत में राजेंद्र और उसके परिवार का गांव से बहिष्कार कर दिया गया। लालचंद ने आरोप लगाया कि बेटा उसे जान से मारना चाहता था, इसलिए वह 9 महीने से घर से गायब थे।
सरपंच धर्मवीर ने श्रद्धांजलि यात्रा रुकवाकर ग्रामीणों को लालचंद के जिंदा होने की जानकारी दी। राजेंद्र ने सफाई दी कि यह पिता को तलाशने का तरीका था क्योंकि उसे शक था कि किसी रिश्तेदार ने एक करोड़ रुपये हड़पने के लिए पिता को किडनैप किया है। पंचायत ने फैसला लिया कि लालचंद को इंसाफ दिलाने के लिए पुलिस में शिकायत दर्ज की जाएगी। लालचंद ने प्रशासन से बेटे और बहू के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Tuesday, August 5, 2025

August 05, 2025

बाल धर्मार्थ हस्पताल के प्रधान ईश्वर गोयल "अग्र सम्मान" से सम्मानित

बाल धर्मार्थ हस्पताल के प्रधान ईश्वर गोयल "अग्र सम्मान" से सम्मानित। अग्रवाल समाज के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार गोयल ने प्रदान किया यह सम्मान। वैश्य कॉलेज रोहतक का कॉलेजियम चुने जाने पर दिया गया यह सम्मान।
जींद : बाल धर्मार्थ अस्पताल जींद के प्रधान ईश्वर गोयल को वैश्य कॉलेज रोहतक के कॉलेजियम में सदस्य चुने जाने पर "अग्र सम्मान" से नवाजा गया है। उन्हें यह सम्मान अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजकुमार गोयल द्वारा प्रदान किया गया।
यह सम्मान समारोह आगामी 7 सितंबर को जींद में आयोजित होने वाले उत्तर भारत स्तरीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर हुई विशेष बैठक के दौरान आयोजित किया गया। इस अवसर पर जींद के अनेक गणमान्य अग्रवाल बंधु डॉ. रजनीश जैन, बीएस गर्ग, पीसी जैन, पुष्पा अग्रवाल, महेश सिंगला, सावर गर्ग, रामधन जैन, राकेश सिंघल आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राजकुमार गोयल ने कहा कि ईश्वर गोयल का कॉलेजियम सदस्य के रूप में चयन समूचे समाज के लिए गर्व की बात है। समाजसेवियों को इस प्रकार प्रोत्साहित करना हमारा कर्तव्य है। वहीं ईश्वर गोयल ने इस सम्मान के लिए अग्रवाल समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान मेरे परिवार और समस्त जींद समाज के लिए गर्व का विषय है। मैं इसके लिए सदैव समाज का आभारी रहूंगा।