Breaking

Tuesday, October 28, 2025

October 28, 2025

प्रदेश के लोगों को उनके घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधा देना लक्ष्य : आरती सिंह राव

प्रदेश के लोगों को उनके घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधा देना लक्ष्य : आरती सिंह राव 
- गांव दुल्हेड़ी में पीएचसी तथा खिल्लूका में उपस्वास्थ्य केंद्र खोलने को दी मंजूरी 
चंडीगढ़ - हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के लोगों को उनके घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएँ देने के लिए प्रयासरत है। शहर और क़स्बा के अलावा ग्रामीण स्तर पर भी नए स्वास्थ्य केंद्र खोले जा रहे हैं और जनसँख्या वृद्धि को देखते हुए कई संस्थानों को अपग्रेड किया जा रहा है। 

आरती सिंह राव ने आज चंडीगढ़ में कार्यालय में उनसे मिलने आए लोगों की समस्याएं सुनते हुए यह जानकारी दी। 
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की डिमांड पर भिवानी जिला के गांव दुल्हेड़ी में बने उपस्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड करने की मंजूरी दे दी गई है , जल्द ही वहां चिकित्सा अधिकारी एवं अन्य स्टॉफ की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। 

स्वास्थ्य मंत्री ने आगे बताया कि पलवल जिला के गांव खिल्लूका में भी उपस्वास्थ्य केंद्र खोलने की मंजूरी दे दी गई है , इसमें भी स्टॉफ की भर्ती की प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। 
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के लोगों को सस्ती और सुलभ चिकित्सा सेवाएं देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। स्वास्थ्य विभाग में आवश्यक दवाओं और उपकरणों की खरीद की जा रही है ताकि लोगों को सस्ता ईलाज मिल सके।
October 28, 2025

महिला बोली- पीरियड आए हैं ब्रेक चाहिए, सुपरवाइजर बोला- कपड़े उतारकर दिखाओ, MDU यूनिवर्सिटी में महिलाओं का हड़कंप

महिला बोली- पीरियड आए हैं ब्रेक चाहिए, सुपरवाइजर बोला- कपड़े उतारकर दिखाओ, MDU यूनिवर्सिटी में महिलाओं का हड़कंप
रोहतक : महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) मे महिला सफाई कर्मचारी और अधिकारियों के बीच जमकर हंगामा हो गया। इसके चलते महिलाओं ने अपने अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला सफाई कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वे महावारी के चलते स्वास्थ्य खराब होने पर कुछ देर का ब्रेक लेना चाह रही थी । इस बारे में अधिकारियों को कहा गया था, लेकिन एक सुपरवाइजर ने कथित तौर पर उनकी एक नहीं सुनी। उन्हें कपड़े उतरवाकर पीरियड (मासिक धर्म) की जांच करवाने को कहा गया। इस पर महिला कर्मचारियों का गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने हंगामा कर दिया। वहीं अधिकारियों का दावा है कि महिला कर्मी ने उनके साथ धक्का-मुक्की की।
वही मौके पर आए कुलसचिव के के गुप्ता ने कहा कि यूनिवर्सिटी में महिलाओं के साथ जो भी गलत काम हुआ है हम इस पूरे घटनाक्रम की जांच करेंगे फिलहाल सुपरवाइजर को हटा दिया गया है और जो भी इस मामले में दोषी होगा उसको बक्शा नही जाएगा अगर जरूरत पड़ी तो हम आरोपी अधिकारियों के ऊपर एस सी /एस टी के तहत मामला दर्ज भी करवाया जाएगा ,भविष्य मे किसी भी महिला कर्मचारियों के साथ इस तरह की हरकत की गई तो किसी को बख्शा नही जाएगा। 
आरोप है कि सुपरवाइजर ने महिला सुरक्षा कर्मी के माध्यम से महिला सफाईकर्मी के कपड़े उतारकर जांच कराने के लिए महिलाओं की सलवार उतरवा कर उनकी फोटो तक ली गई और ये सब जांच के नाम पर किया गया, साथ कहा गया कि ऊपर से असिस्टेंट रेजिस्टर के आदेश है। मामला ज्यादा गर्म हुआ तो जब महिला कर्मी ने ऐसा करने से इनकार किया, तो उनके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया गया इसके बाद अन्य सफाईकर्मियों ने इस मामले को गंभीरता से लिया और हंगामा शुरू हो गया। छात्र संगठन भी महिला सफाईकर्मियों के समर्थन में सामने आए और आरोपियों के सस्पेंड किए जाने की मांग करने लगे। डायल 112 भी मौके पर पहुंची। महिला कर्मियों का कहना है कि दो महिला कर्मियों को माहवारी के कारण असुविधा हो रही थी, जिसकी जानकारी सुपरवाइजर को दी गई थी। इसके बावजूद उनसे अनुचित कार्रवाई की गई।

Monday, October 27, 2025

October 27, 2025

ACP बॉक्सर दिनेश से ट्रैफिक चार्ज लिया वापस: मुख्यालय अटैच किया, बहादुरगढ़ में सब्जी वालों को बुलडोजर से खदेड़ VIDEO की थी शेयर

दिनेश कुमार इंटरनेशनल बॉक्सर रह चुके हैं। सब्जी वालों को बुलडोजर से खदेड़ना बहुत गिरी हुई हरकत थी 

ACP बॉक्सर दिनेश से ट्रैफिक चार्ज लिया वापस:मुख्यालय अटैच किया, बहादुरगढ़ में सब्जी वालों को बुलडोजर से खदेड़ VIDEO की थी शेयर 

रोहतक : हरियाणा के बहादुरगढ़ के ACP दिनेश कुमार पर सब्जी वालों को सड़क से हटाने के मामले में गाज गिरी है। दिनेश कुमार से ट्रैफिक का कार्यभार छीन लिया गया है। उन्हें झज्जर हेडक्वार्टर में अटैच किया गया है। झज्जर की पुलिस कमिश्नर डा. राजश्री सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
दिनेश कुमार इंटरनेशनल बॉक्सर रह चुके हैं। दिलचस्प बात यह है कि बहादुरगढ़ में ACP बनने के बाद ही उन्हें रील्स बनाने का शौक चढ़ा।
फरवरी 2025 में बहादुरगढ़ में बतौर ACP पदभार संभालने वाले दिनेश कुमार इससे पहले भी शहर में ट्रैफिक SHO के तौर पर काम कर चुके हैं। उस समय भी उन्होंने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की थी। हालांकि, वार्ड 27 के पार्षद के बेटे के साथ विवाद के बाद उनका तबादला कर दिया गया था।
सब्जी वालों को JCB से खदेड़ने का वीडियो दिनेश ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया था। यह उनकी 100वीं रील थी। कांग्रेस ने इस वीडियो को अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए सवाल उठाए। इसके बाद DCP मयंक मिश्रा से लेकर DGP ओपी सिंह तक को सफाई देनी पड़ी।
October 27, 2025

नरेंद्र कुमार को मिला “जियालाल स्मृति साहित्य -रत्न सम्मान ”

नरेंद्र कुमार को मिला “जियालाल स्मृति साहित्य -रत्न सम्मान ”

हिंदी साहित्य प्रेरक संस्था के 65वें स्थापना दिवस पर हुआ भव्य अलंकार समारोह
जींद : हिंदी साहित्य प्रेरक संस्था के 65वें स्थापना दिवस पर भव्य अलंकरण समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि  डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी, निदेशक – हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के करकमलों द्वारा दीप प्रज्वलन से  हुआ। कार्यक्रम में देश-विदेश के विभिन्न साहित्यकारों की  उपस्थिति रही। 
 संस्था द्वारा कवि एवं साहित्यकार नरेंद्र कुमार ‘बाबा_अनजान’ को प्रतिष्ठित “जियालाल स्मृति साहित्य -रत्न सम्मान ” से अलंकृत किया गया। उन्हें यह सम्मान अपनी पुस्तक हरफ़ों की दुनिया के लिए प्रदान‌ किया गया। इस पुस्तक का प्रकाशन सोल एंड स्पिरिट आर्ट सोसाइटी द्वारा किया गया है। 
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉक्टर धर्मदेव विद्यार्थी ने  ‘बाबा_अनजान’ को सम्मान-चिह्न प्रदान करते हुए कहा कि उनकी रचनाएँ मानवीय संवेदनाओं और रूहानियत का जीवंत प्रतिरूप हैं। ऐसा सृजन समाज के अंतर्मन को आलोकित करता है। इस अवसर पर संस्था की अध्यक्षा श्रीमती शकुंतला काजल “शकून” जी  उपस्थिति रही। 
सम्मान प्राप्ति पर ‘बाबा_अनजान’ ने कहा कि यह सम्मान मेरे लिए केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि एक भावनात्मक संकल्प है।  उन्होंने संस्था के स्नेह, आदर और विश्वास के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। 
कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से सभी उपस्थित साहित्यकारों का अभिनंदन किया गया और हिंदी साहित्य के संवर्धन, संरक्षण एवं प्रेरणा के लिए नए संकल्प लिए गए।
October 27, 2025

*नशे के विरुद्ध संघर्ष में सराहनीय कार्य करने वालों को मिलेगा प्रोत्साहन, लापरवाही बरतने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई - मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*

*नशे के विरुद्ध संघर्ष में सराहनीय कार्य करने वालों को मिलेगा प्रोत्साहन, लापरवाही बरतने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई - मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*

*नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना प्राथमिकता*

*हरियाणा में नशे के खिलाफ कार्रवाई होगी और मजबूत, बॉर्डर क्षेत्रों में बढ़ेगी एचएसएनसीबी की ताकत*
चंडीगढ़-- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिन पुलिस थाना क्षेत्रों में नशे के विरुद्ध पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है, उन्हें सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि जहां लापरवाही या ढिलाई बरती जा रही है, वहां सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखना चाहिए ताकि अन्य कर्मियों को भी संदेश जाए कि नशे के खिलाफ उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मान मिलेगा, और जहां नशा फैल रहा है वहां कठोर कदम उठाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आज यहां नशा मुक्त भारत अभियान योजना के सम्बन्ध में आयोजित एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

श्री नायब सिंह सैनी ने निर्देश दिए कि नशा मुक्त घोषित गांवों का नियमित पुनर्मूल्यांकन किया जाए और अन्य राज्यों के साथ लगती प्रदेश की सीमा क्षेत्रों में हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की ताकत बढ़ाई जाए। इसके साथ ही विशेषज्ञों  को भी टीम में शामिल कर नशे की आपूर्ति पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को नशे के खिलाफ संयुक्त अभियान को तेज करने, एनफोर्समेंट, डी-एडिक्शन और अवेयरनेस के तीनों पहलुओं पर समान रूप से काम करने और पंचायतों को सक्रिय भागीदार बनाने का निर्देश दिया।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो अन्य सम्बंधित विभागों के साथ एक व्यापक अभियान चलाकर नशे की गिरफ्त में आए युवाओं की गंभीरता से स्क्रीनिंग सुनिश्चित करे। इस सम्बन्ध में तह तक जाकर पूरी जांच-पड़ताल की जाए। यह पता लगाया जाए कि नशा कहां से और किन स्रोतों से लाया जा रहा है। इस प्रकार नशे की पूरी सप्लाई चैन को पकड़कर उस पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा। हमारा उद्देश्य केवल नशे को रोकना नहीं है, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को पुनः समाज की मुख्यधारा में जोड़ना है। 

 उन्होंने कहा कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, सेवा विभाग और स्वास्थ्य विभाग मिलकर नशे के खिलाफ संयुक्त अभियान की मुहीम को और तेज करें जिससे इस बुराई को जड़ से समाप्त किया जा सके। साथ ही, सभी संबंधित विभाग नशे के खिलाफ सशक्त अभियान में पंचायतों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। अच्छा कार्य करने वाली पंचायतों और सरपंचों को सम्मानित किया जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाएं।

*स्टेट प्रगति पोर्टल पर 75 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए समय पर पूरा करने के दिए निर्देश*

इसके उपरांत मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने स्टेट प्रगति पोर्टल पर 75 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विभिन्न 7 परियोजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी बैठक में ऐसे विभागों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए, जिनकी परियोजनाएं अंतर-विभागीय  मुद्दों के कारण समय पर पूर्ण नहीं हो पा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी बैठकों में संबंधित विभागों की उपस्थिति से इन समस्याओं का तत्काल समाधान किया जा सकेगा, जिससे परियोजनाएं समय पर पूरी हों और नागरिकों को उनका लाभ शीघ्र मिल सके।

मुख्यमंत्री ने हिसार जिले में मिर्जापुर रोड से राष्ट्रीय राजमार्ग-9 को राष्ट्रीय राजमार्ग-52 से जोड़ने वाली चार लेन सड़क, बुढलाडा–रतिया–फतेहाबाद–भट्टू–भादरा सड़क निर्माण, घोगरीपुर से हरियाणा-दिल्ली सीमा तक दो लेन वाली रिलीफ रोड के निर्माण, नोएडा से फरीदाबाद होते हुए गुरुग्राम तक मास्टर रोड के निर्माण, पश्चिमी फरीदाबाद से पूर्वी फरीदाबाद तक निर्बाध संपर्क प्रदान करने वाली दो लिंक सड़कों के निर्माण, गुरुग्राम में नए न्यायिक परिसर (टॉवर ऑफ जस्टिस) तथा फतेहाबाद सेक्टर-9 में 200 बिस्तरों वाले अस्पताल के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि ये सभी महत्वपूर्ण परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण की जाएं ताकि प्रदेश के विकास कार्यों की गति और तेज हो सके।

बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह विभाग डॉ. सुमित्रा मिश्रा, अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यावरण विभाग विनीत गर्ग, अतिरिक्त मुख्य सचिव सेवा विभाग जी अनुपमा, अतिरिक्त मुख्य सचिव ऊर्जा विभाग अपूर्व कुमार सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव लोक निर्माण विभाग अनुराग, अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
October 27, 2025

केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल ने दी छठ पर्व की बधाई, बोले- यह पर्व सभी के जीवन में प्रकाश लाए

केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल ने दी छठ पर्व की बधाई, बोले- यह पर्व सभी के जीवन में प्रकाश लाए
चंडीगढ़-- केन्द्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी मामले मंत्री श्री मनोहर लाल ने प्रदेशवासियों को छठ पूजा की बधाई देते हुए कहा कि आज के दिन सूर्य देवता को अर्घ्य दिया जाता है। सूर्य हमारे जीवन में एक प्रकाश पुंज है, जिसकी हम आराधना करते हैं और यह कामना करते हैं कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में प्रकाश लेकर आए।

केन्द्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल सोमवार को करनाल प्रवास के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। प्रदेश सरकार निरंतर जनता की सुख-सुविधाओं के लिए कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार द्वारा अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं।
*सही व कानूनी तरीके से ही युवा जाएं विदेश : मनोहर लाल*

केंद्रीय मंत्री ने युवाओं के डंकी रूट से विदेश जाने के मामले पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह तरीका युवाओं और उनके परिवारों के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सही और कानूनी तरीके से ही विदेश जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार के माध्यम से युवाओं को सही तरीके से विदेश में काम करने के लिए भेजा जा रहा है।
*किसान मंडियों में धान सुखाकर लाएं: केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल*

धान खरीद पर पूछे गए सवाल के जवाब में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस बार अधिक वर्षा के कारण धान की फसल गीली है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे मंडियों में धान की फसल को सुखाकर लाएं, ताकि धान की खरीद सुचारू रूप से की जा सके।
October 27, 2025

लाडले श्याम के सेवा समिति द्वारा दो दिवसीय महोत्सव का भव्य आयोजन, 31 को श्याम संकीर्तन व 1 को भव्य निशान यात्रा का आयोजन

लाडले श्याम के सेवा समिति द्वारा दो दिवसीय महोत्सव का भव्य आयोजन, 31 को श्याम संकीर्तन व 1 को भव्य निशान यात्रा का आयोजन
जींद : लाडले श्याम के सेवा समिति जींद द्वारा 31 अक्टूबर से दो दिवसीय श्याम महोत्सव का आयोजन बड़ी धूमधाम से आयोजित किया जा रहा है। इस महोत्सव में हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा, अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी राजकुमार गोयल, आम आदमी पार्टी महिला की प्रदेश अध्यक्ष डा. रजनीश जैन, जिला परिषद के चैयरमेन प्रतिनिधि कुलदीप रंधावा मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। ज्योत प्रवज्जलित फरीदाबाद के समाजसेवी चन्द्र रूप शर्मा द्वारा की जाएगी। इस दो दिवसीय महोत्सव मे पिछले कई दिनों से आयोजकों द्वारा निमंत्रण बांटे जा रहे है। इसी कड़ी में आज महोत्सव के मुख्य अतिथि राजकुमार गोयल को भी निमंत्रण पत्र दिया गया। इस अवसर पर प्रधान नरेन्द्र बंसल, उप प्रधान विशाल मितल, सह कोषाध्यक्ष मुकेश बंसल, सलाहाकार दीपक बंसल इत्यादि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
यह जानकारी देते हुए समिति के प्रधान नरेन्द्र बंसल ने बताया कि 31 अक्टूबर शुक्रवार को श्री बनखंड महादेव मंदिर परिसर हांसी रोड जीन्द में श्री श्याम संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा जिसमें आमंत्रित भजन गायक कानपुर से दीपांशु तिवारी, जीन्द से साहिल अत्री, नरेश भजनी और अमित ढुल अपनी अपनी प्रस्तुति देंगे। इस श्याम संकीर्तन में हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे। अगले दिन शनिवार 1 नवम्बर को निशान यात्रा का भव्य आयोजन किया जाएगा जो सेवा सदन बाल भवन रोड से प्रारंभ से प्रारंभ होगी और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बनखंड महादेव मंदिर पहुंचेगी। यात्रा में सैकड़ों भक्तजन फूलों की होली व भव्य झांकियों के साथ बाबा श्याम के जयकारे लगाते हुए शामिल होंगे। इस दौरान श्री गणेश जी, राधा-कृष्ण जी, हनुमान जी, शिव अघोरी, बाबा श्याम के निशान और भव्य रथ की अलौकिक झांकियां निशान यात्रा की शोभा को चार चांद लगा
October 27, 2025

कंगना रनोत ने बठिंडा कोर्ट में मांगी माफी!

कंगना रनोत ने बठिंडा कोर्ट में मांगी माफी!
कभी बेबाक बयानों से सुर्खियों में रहने वाली कंगना रनोट आज अदालत में नम्र लहजे में नज़र आईं।
हिमाचल के मंडी से BJP सांसद कंगना बठिंडा कोर्ट में पेश हुईं और कहा —
👉 “मेरी मंशा किसी का अपमान करने की नहीं थी, बस गलतफहमी हो गई थी।”

ये वही मामला है, जब किसान आंदोलन के दौरान कंगना ने एक बुजुर्ग महिला किसान को लेकर ट्वीट किया था —
कि “₹100 लेकर धरना देने आई हैं।”

उस ट्वीट ने देशभर में बवाल मचा दिया था, अब उसी पर कंगना ने अदालत में माफी मांग ली है।

💬 जनता अब सवाल कर रही है —
“क्या कंगना का पछतावा सच्चा है, या ये सिर्फ कानूनी मजबूरी?”
October 27, 2025

फिल्म अभिनेत्री और नेत्री कंगना रनौत गुपचुप तरीके से जींद पहुंची

फिल्म अभिनेत्री और नेत्री कंगना रनौत गुपचुप तरीके से जींद पहुंची 
तकरीबन 20 मिनट तक जींद में रुकीं।
October 27, 2025

“डोंकी रूट से विदेश जाना न केवल अपराध — बल्कि जीवन और समाज दोनों के लिए घातक कदम”

“डोंकी रूट से विदेश जाना न केवल अपराध — बल्कि जीवन और समाज दोनों के लिए घातक कदम”

जींद पुलिस तीन युवकों को सुरक्षित रिसीव किया जो अवैध रूप से ‘डोंकी रूट’ से अमेरिका गए थे।
जींद: पुलिस अधीक्षक जींद श्री कुलदीप सिंह भा.पु.से. ने जानकारी देते हुए बताया कि जींद जिले के अजय पुत्र राजेश निवासी भैरो खेड़ा, लब्जोत सिंह पुत्र टहलसिंह निवासी निम्नाबाद व नवीन पुत्र जोगेंद्र निवासी पीलूखेड़ा कुछ समय पूर्व गैर-कानूनी तरीके से ‘डोंकी रूट’ के माध्यम से अमेरिका चले गए थे। अब यह तीनों युवक अमेरिका से वापस लौट आए हैं, जिन्हें डीएसपी श्री संदीप कुमार की अगुवाई में जींद पुलिस द्वारा सुरक्षित रिसीव किया गया। जिन्हें सुरक्षित परिजनों के हवाले कर दिया।
एसपी जींद श्री कुलदीप सिंह भा पु से ने बताया कि ‘डोंकी रूट’ से विदेश जाना एक गंभीर अपराध होने के साथ-साथ समाज की प्रतिष्ठा पर भी प्रश्नचिह्न लगाता है। इस तरह की अवैध यात्रा न केवल आर्थिक हानि का कारण बनती है बल्कि जीवन को भी खतरे में डाल देती है। कई बार ऐसे मामलों में युवाओं को रास्ते में शारीरिक प्रताड़ना, धोखाधड़ी, या यहां तक कि जान तक गंवानी पड़ जाती है।
एसपी जींद ने समस्त जिला वासियों से अपील करते हुए कहा कि —

> “अगर कोई व्यक्ति विदेश जाना चाहता है तो हमेशा वैध और प्रॉपर चैनल के माध्यम से ही जाए। वीज़ा लगवाने से पहले एजेंट या संस्था का पूरा सत्यापन करें और किसी भी अंजान व्यक्ति के झूठे लालच में न आएं। अवैध रूप से विदेश जाना केवल पैसों की बर्बादी नहीं, बल्कि समाज में नकारात्मक संदेश देने जैसा है।”

उन्होंने यह भी कहा कि जिला पुलिस ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रख रही है और जो भी व्यक्ति ‘डोंकी रूट’ जैसे गैरकानूनी रास्तों से युवाओं को बरगलाने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी जींद ने आगे कहा कि जिला पुलिस का उद्देश्य सिर्फ अपराध पर अंकुश लगाना ही नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाना भी है ताकि युवा सही मार्ग अपनाकर अपनी मंज़िल तक पहुंचें और देश का नाम रोशन करें।

जागरूक नागरिक बनें — सुरक्षित रास्ता चुनें।
डोंकी रूट नहीं, सही चैनल से विदेश जाएं — यही समझदारी है।

Sunday, October 26, 2025

October 26, 2025

समाजसेवी राजकुमार गोयल का आरोप, जींद का रोहतक रोड बना खतरे का जाल,

समाजसेवी राजकुमार गोयल का आरोप, जींद का रोहतक रोड बना खतरे का जाल, 

पूरा मार्ग खंडहर में तब्दील, हादसे, धूल और बीमारी से लोग त्रस्त, 

जब तक निर्माण कार्य शुरू नही होता तब तक रोजाना पानी का छिड़काव किया जाए
जीन्द : अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी डा. राजकुमार गोयल का आरोप है कि जींद शहर का रोहतक रोड आज खतरे का जाल बन चुका है। कभी आवागमन का प्रमुख मार्ग रहा यह रास्ता अब पूरी तरह से खंडहर मे तब्दील हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, उड़ती धूल और मिट्टी ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। यह सड़क अब चलने लायक बिल्कुल नहीं रही। न पैदल यात्री सुरक्षित हैं, न दोपहिया, न चारपहिया वाहन।
गोयल का कहना है कि देवीलाल चौक से लेकर रोहतक रोड बाईपास तक करीबन दो किलोमीटर का हिस्सा पूरी तरह से खत्म हो चुका है। इस रोड पर हर रोज हादसे हो रहे हैं। कभी बाइक सवार गिर जाते हैं तो कभी आटो पलट जाती हैं। लोगों का कहना है कि सड़क के टूटने से वे शारीरिक, मानसिक और आर्थिक नुकसान झेल रहे हैं। बावजूद इसके सरकार और प्रशासन मूकदर्शक बने हुए हैं। गोयल ने कहा यह सड़क इतनी टूटी हुई है कि अब समझ नहीं आता कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क बची है। लोग यहां न पैदल चल पा रहे हैं न वाहन से जा पा रहे हैं। यह पूरी तरह से खतरे का जाल बन चुका है।
रोड की जर्जर हालत के साथ-साथ उड़ती धूल और मिट्टी ने लोगों की सेहत बिगाड़ दी है। गोयल ने बताया कि हर समय उड़ती धूल के कारण लोगों को सांस की बीमारी हो रही है और इसका असर अब घरों के किचन तक पहुंच गया है। व्यापारियों का कहना है कि टूटे रोड और धूल की वजह से ग्राहक आना बंद कर चुके हैं जिससे व्यवसाय पूरी तरह ठप हो गया है।
प्रमुख समाजसेवी राजकुमार गोयल ने प्रशासन से तीन प्रमुख मांगें रखी है। गोयल ने मांग की है कि इस दो किलोमीटर लम्बी सड़क को नए सिरे से तुरंत बनाया जाए। जब तक निर्माण शुरू नही होता तब तक अस्थाई रूप से पूरे रोड की रिपेयरिंग करवाई जाए। रोड खंडहर होने की वजह से यहां हर रोज रेत के गुब्बार उड रहे है। लोग सांस की बिमारी से गस्त हो रहे है। ऐसे में जब तक निर्माण कार्य शुरू नही होता तब तक हर रोज इस सड़क पर धूल-मिट्टी रोकने के लिए रोजाना पानी का छिड़काव किया जाए।

Saturday, October 25, 2025

October 25, 2025

हरियाणा में इस महीने यानी नवंबर में स्कूली बच्चों की बल्ले-बल्ले है।

हरियाणा में इस महीने यानी नवंबर में स्कूली बच्चों की बल्ले-बल्ले है।
चंडीगढ़ : हरियाणा में नवंबर महीने में 9 दिनों की छुट्टियां पड़ने जा रही है, जिसके चलते स्कूल बंद रहने वाले है। इसमें पहली नवंबर में हरियाणा दिवस है, 5 नवंबर को गुरु नानक देव जयंती है। इसके अलावा नवंबर में 5 रविवार पड़ने वाले हैं। आइए देखें नवंबर महीने में पड़ने वाली छुट्टियों की पूरी लिस्ट...
नवंबर माह के अवकाश 

1 नवंबर : हरियाणा दिवस

2 नवंबर : रविवार

5 नवंबर : गुरु नानक देव जयंती (बुधवार)

8 नवंबर : दूसरा शनिवार

9 नवंबर : रविवार

16 नवंबर : रविवार

23 नवंबर : रविवार

25 नवंबर : गुरु तेग बहादुर शहीदी दिवस (स्थानीय अवकाश) मंगलवार

30 नवंबर : रविवार
October 25, 2025

हरियाणा में पूरी तरह से जंगलराज, अपराधों पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं : ऋषिपाल हैबतपुर

*हरियाणा में पूरी तरह से जंगलराज, अपराधों पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं : ऋषिपाल हैबतपुर*
जींद : कांग्रेस के जिला प्रधान ऋषिपाल हैबतपुर ने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि हरियाणा प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से चरमरा चुकी है और आज प्रदेश में जंगलराज जैसी स्थिति बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अपराधों पर नकेल कसने में पूरी तरह विफल साबित हुई है, जिससे जनता में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।
ऋषिपाल हैबतपुर ने कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे अब खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में अंबाला में एक रूसी पर्यटक से लूट, सोनीपत में पिता-पुत्र की हत्या, और व्यापारी से लूट जैसी घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि केवल बड़े शहर ही नहीं, बल्कि छोटे कस्बों और गांवों में भी अपराधियों का आतंक बढ़ गया है। जींद जिले में ही पिछले कुछ महीनों में दो दर्जन से अधिक हत्याएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नजर नहीं आती। उन्होंने कहा कि अपराधियों को कानून का कोई भय नहीं रह गया है, क्योंकि सरकार का ध्यान जनता की सुरक्षा पर नहीं बल्कि राजनीति और प्रचार पर केंद्रित है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऋषिपाल हैबतपुर ने कहा कि साइबर अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं। रोजाना सैकड़ों लोग ऑनलाइन ठगी का शिकार हो रहे हैं और उनके बैंक खातों से पैसे उड़ा लिए जाते हैं, लेकिन सरकार केवल आंकड़ों और वादों में उलझी हुई है। उन्होंने कहा कि जनता को सुरक्षा और न्याय देने का दावा करने वाली सरकार जुमलेबाजी तक सीमित रह गई है, जबकि धरातल पर स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है।
ऋषिपाल हैबतपुर ने कहा कि जब आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस करने लगे, तो यह किसी भी लोकतांत्रिक सरकार के लिए सबसे बड़ी नाकामी होती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं, व्यापारियों, मजदूरों और किसानों के साथ अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन शासन-प्रशासन बेपरवाह बना हुआ है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोग अब अपराध और अराजकता के दौर से गुजर रहे हैं, जहां पुलिस तंत्र का भय खत्म हो चुका है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर जनता की आवाज बुलंद करेगी और सरकार से जवाब मांगेगी कि आखिर प्रदेश में कानून व्यवस्था की ऐसी हालत क्यों हुई। हैबतपुर ने मांग की कि सरकार तुरंत अपराध नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाए, पुलिस तंत्र को मजबूत करे और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे।
October 25, 2025

श्री श्याम वंदना महोत्सव 29 अक्टूबर को सेठों वाली धर्मशाला में, कृष्ण मिढ़ा, राजकुमार गोयल, पवन गर्ग इत्यादि होंगे मुख्य अतिथि

श्री श्याम वंदना महोत्सव 29 अक्टूबर को सेठों वाली धर्मशाला में, कृष्ण मिढ़ा, राजकुमार गोयल, पवन गर्ग इत्यादि होंगे मुख्य अतिथि
जींद : श्री श्याम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में श्री श्याम प्रचार महिला समिति जींद द्वारा 29 अक्टूबर को तीसरा भव्य श्री श्याम वंदना महोत्सव का आयोजन सेठों वाली धर्मशाला घंटाघर चौक जींद में किया जा रहा है। कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ़ा, अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल, युवा कांग्रेस नेता पवन गर्ग, प्रमुख चिकित्सक रमेश बंसल, आम आदमी पार्टी महिला की प्रदेश सलाहकार डॉ. रजनीश जैन, नगर परिषद जींद की चेयरपर्सन अनुराधा सैनी, मेट्रो हॉस्पिटल से डॉ. पूजा बंसल और किन्नर समाज से सीमा महंत मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
यह जानकारी देते हुए आयोजित समिति की पदाधिकारी की ममता बंसल, सुमन मितल इत्यादि ने बताया कि महोत्सव में कुरुक्षेत्र के प्रसिद्ध भजन गायक हर्ष गोयल तथा जींद के नरेश भजनी सहित अन्य भजन गायक अपने सुमधुर भजनों से बाबा श्याम के भक्तों को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। बाबा का श्रृंगार साहिल अत्री द्वारा किया जाएगा जबकि संगीत व्यवस्था राहुल मुण्डे म्यूजिकल ग्रुप एवं साउंड व्यवस्था एके साउंड द्वारा की जाएगी। महोत्सव को कामयाब बनाने के लिए आयोजन समिति की पदाधिकारी ममता बंसल, साधना गुप्ता, सुमन मित्तल, अनीता गर्ग, लक्ष्मी गर्ग, मोनिका, सोनिया, आशीष जिंदल इत्यादि पिछले लम्बे समय से तैयारियों में जुटे है। इसी कड़ी में पिछले कई दिनों से समिति की पदाधिकारियों द्वारा शहर में निमंत्रण पत्र बांटे जा रहे है। आज महोत्सव के मुख्य अतिथि राजकुमार गोयल व अन्यों को भी निमंत्रण दिए गए। इन सभी पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से भारी संख्या में उपस्थित होकर बाबा श्याम के भजनों का आनंद लेने का आह्वान किया है।
October 25, 2025

जरुरतमंद बच्चों के स्वास्थ्य व शिक्षा पर विशेष ध्यान : राजेश वशिष्ठ, पहला कदम फाउंडेशन ने मनाया अपना आठवां स्थापना दिवस

जरुरतमंद बच्चों के स्वास्थ्य व शिक्षा पर विशेष ध्यान : राजेश वशिष्ठ
पहला कदम फाउंडेशन ने मनाया अपना आठवां  स्थापना दिवस
जींद : सामाजिक कार्यों में अग्रणी पहला कदम फाउंडेशन ने शुक्रवार को अपना आठवां स्थापना दिवस जींद कार्यालय में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस कार्यक्रम में मुख्यअतिथि के तौर पर पहला कदम फाउंडेशन के चेयरमैन राजेश वशिष्ठ तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता रमेश चंद्र राष्ट्रीय संरक्षक ने की। जिला जींद के विभिन्न स्थानों से संस्था के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़चढ कर भाग लिया तथा सामाजिक कार्यों पर चर्चा की गई । रमेश चंद्र शर्मा ने बताया कि हम किस प्रकार से समाज में और अधिक प्रयास करते हुए सामाजिक कार्यों में अपनी भूमिका निभा पाए। गरीब परिवार के बच्चों को शिक्षा तथा जरूरतमंद के लिए जरूरत के सामान को किस प्रकार से हम वितरित करें। चेयरमैन राजेश वशिष्ठ ने बताया कि संस्था ने पिछले सात वर्षों में सामजिक कार्यों में अपना विशेष योगदान दिया है तथा हमारी सोच रहती है कि हम जरुरतमंद लोगों तक अधिक से अधिक कैसे पहुंच पाएं। साथ ही वायु प्रदूषण तथा जल की कमी और बच्चों के स्वास्थ्य व शिक्षा इन सभी विषयों पर गंभीरता से विचार विमर्श करके  सोचना तथा उसका समाधान निकालना जरूरी है। आज वायु प्रदूषण अपनी चरम सीमा पर पहुंच गया है। किस प्रकार से हम लोगों को जागृत करने का कार्य करें तथा साथ ही धीरे धीरे पानी की कमी आ रही है, पानी का लेवल दिन प्रतिदिन नीचे जा रहा है  जो कि  एक गंभीर विचारणीय विषय है। इसलिए पहला कदम फाउंडेशन के सदस्यों ने इन सभी बातों को ध्यान में रखा और आगामी वर्ष के लिए इन गतिविधियों पर अधिक कार्य करने की सहमति जताई। सभी सदस्यों ने एकमत से इसकी स्वीकृति दी। इस अवसर पर संस्था सदस्यों ने राजकीय माध्यमिक विद्यालय बरसाना के बच्चों को स्टेशनरी कॉपी, पैन वितरित भी किए और बच्चों की नशा मुक्ति विषय पर प्रतियोगिता का भी आयोजन करवाया। बच्चों कि अलग अलग गतिविधि भी कराई गई।
October 25, 2025

जींद पुलिस की बड़ी कामयाबी

जींद पुलिस की बड़ी कामयाबी 
फर्नीचर एसोसिएशन के सदस्य विजेंद्र गोयल के घर हुई 25 लाख की चोरी का पर्दाफाश, आरोपी गिरफ्तार
व्यापार मंडल के प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार गोयल ने जींद के एसपी कुलदीप सिंह और उनकी टीम का जताया आभार।
जींद : किसी भी तरह का क्लू न होने के बावजूद जींद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फर्नीचर एसोसिएशन जींद के सदस्य विजेंद्र गोयल के घर हुई 25 लाख रुपए की चोरी की वारदात का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी से सोने के गहने, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। फर्नीचर एसोसिएशन जींद के संरक्षक एवं व्यापार मंडल हरियाणा के प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार गोयल ने चोरी की गुत्थी सुलझाने पर जींद के एसपी कुलदीप सिंह और उनकी टीम का आभार जताया है।
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि जींद पुलिस अवैध गतिविधियों और अपराधों पर नकेल कसने के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में थाना शहर जींद पुलिस ने चोरी की इस बड़ी वारदात का खुलासा किया है। डिटेक्टिव स्टाफ जींद के इंचार्ज पीएसआई चंद्रपाल ने जानकारी दी कि 20 सितम्बर 2025 को दिनेश कुमार वासी जींद ने शिकायत दी थी कि रात में अज्ञात चोरों ने उनके घर से 2 सोने की चैन,4 सोने की चूड़ियां, 2 सोने के सेट, लगभग ₹3,90,000 नकद, और 2 मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे।
इस शिकायत पर थाना शहर जींद में मुकदमा नं. 333 दिनांक 20.09.2025 धारा 305, 331(4) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल ट्रैकिंग और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सुराग जुटाए और 22 अक्टूबर 2025 को गुप्त सूचना पर आरोपी विजय उर्फ कालिया (वासी जींद) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से ₹4,000 नकद, 2 सोने की चैन, 2 सोने के कंगन और एक सैमसंग मोबाइल बरामद किया। आरोपी को अदालत में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेजा गया है।
एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि जींद पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और संपत्ति की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि समाज में शांति, कानून व्यवस्था और जनता का विश्वास कायम रहे।”