Breaking

Monday, December 22, 2025

December 22, 2025

कपड़ा कारोबारी से चौथ मांगने वाले बदमाश की करवाई परेड शिनाख्त

कपड़ा कारोबारी से चौथ मांगने वाले बदमाश की करवाई परेड शिनाख्त 
शॉर्टकट से जल्दी पैसा कमाने के चक्कर में गौरव उर्फ बच्ची ने अपराध की दुनिया में रखा कदम 
जींद : गत 14 दिसंबर को नरवाना के रेलवे रोड पर कपड़ा कारोबारी नरेश जैन की दुकान पर पर्ची फैंक कर तथा फायर कर 50 लाख रूपये की चौथ मांगने वाले मुख्य आरोपित गांव बेलरखां निवासी अनूप को सीआईए ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। इसके साथ ही दूसरे आरोपित 19 वर्षीय जिला कैथल के गांव सिरटा व हाल आबाद धर्मसिंह कालोनी नरवाना निवासी गौरव उर्फ बच्ची को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने आरोपित गौरव उर्फ बच्ची को अदालत में पेश किया। जहां से उसको एक दिन के पुलिस रिमांड पर ले लिया ताकि यह पता चल सके कि वो अन्य दूसरी वारदातों में शामिल तो नही रहा। इससे पहले वीरवार को पुलिस आरोपित गौरव उर्फ बच्ची का सिर गंजा करवा कर व हाथों में हथकड़ी लगा कर उस जगह पर लेकर गई, जहां से वह तथा अनूप बेलरखां वारदात करने के बाद फरार हुए थे। आरोपित गौरव उर्फ बच्ची की परेड शिनाख्त करवाई गई। उसने बताया कि वह जैन की दुकान के साथ लगती गली में मुंह पर कपड़ा बांध कर बाइक लेकर खड़ा हो गया था। अनूप जैन की दुकान पर गोली चलाने के बाद भागता हुआ बाइक पर बैठ गया था। जिसके बाद वे दोनों बाइक पर वहां से फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपित गौरव उर्फ बच्ची को साथ लेकर जहां-जहां से वे भागे थे, वहां की शिनाख्त करवाई। वहीं आरोपित गौरव उर्फ बच्ची ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह अपने मामा के पास नरवाना में धर्म सिंह कालोनी में रहता है। वह मुख्य आरोपित अनूप बेलरखां की जीवशैली से प्रभावित था। वह शॉर्ट कट के जरिए पैसा कमा कर एश की जिंदगी जीना चाहता था। जिसके कारण वह अनूप बेलरखां के संपर्क में आया। उसने अनूप को ढेर सारा पैसा कमाने की इच्छा जाहिर की। जिसके चलते वह जैन गारमेंट्स के मालिक नरेश जैन से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के लिए साथ चला गया लेकिन गौरव उर्फ बच्ची को यह नही पता था कि जिस शार्टकट के जरिये पैसा कमाने की राह पर वो चलना सीख रहा था। वह राह उसको जेल की सलाखों के पीछे भेजने का काम करेगी।

Sunday, December 21, 2025

December 21, 2025

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 24 दिसंबर को पंचकूला दौरे पर, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ कई अहम कार्यक्रमों में होंगे शामिल

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 24 दिसंबर को पंचकूला दौरे पर, मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के साथ कई अहम कार्यक्रमों में होंगे शामिल*

सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कति विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने कार्यक्रमों की तैयारियों का लिया जायजा

कार्यक्रमों के भव्य और सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
चंडीगढ़- केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह 24 दिसंबर को पंचकूला के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के साथ अनेक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने आज पंचकूला में केंद्रीय गृह मंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों व कार्यक्रम स्थलों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रमों का भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन तथा संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण करें। उन्होंने कार्यक्रमों के दौरान सुगम यातायात एवं वाहनों के पार्किंग की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

अपने पंचकूला दौरे के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘साहिबजादों को नमन’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इससे पूर्व वे इंद्रधनुष ऑडिटोरियम परिसर में वीर बाल दिवस पर आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।

इसके अतिरिक्त श्री अमित शाह सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल खेल स्टेडियम में पुलिस पासिंग आउट परेड की सलामी लेंगे तथा जवानों को संबोधित करेंगे। वे एमडीसी सेक्टर-1, पंचकूला स्थित अटल पार्क में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे तथा पंचकमल में उनके जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे। इसी दिन श्री अमित शाह एक मेगा रक्तदान शिविर का उद्घाटन कर रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करेंगे। इसके साथ ही वे इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित मेगा कोऑपरेटिव कॉन्फ्रेंस में भी मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे।

इस अवसर पर पंचकूला के उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा, पुलिस उपायुक्त श्रीमती सृष्टि गुप्ता, सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) श्रीमती वर्षा खांगवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
December 21, 2025

सोनीपत में हर्ष छिक्कारा पर F.I.R

सोनीपत में हर्ष छिक्कारा पर F.I.R
सोनीपत : सोनीपत में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हर्ष छिक्कारा और प्रोपराइटर अमित कुमार के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। आरोप है कि आयुर्वेदिक दवाओं के निर्माण और प्रचार के नाम पर बड़े स्तर पर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। आयुष विभाग की संयुक्त टीम की छापेमारी में गंभीर खामियां उजागर हुईं, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
पुरानी फर्म का लाइसेंस रद्द, नए नाम से खेल

जांच में सामने आया कि प्रोपराइटर अमित कुमार की पुरानी फर्म 'बाबा जी की बूटी' का लाइसेंस वर्ष 2023 में अनियमितताओं के चलते रद्द कर दिया गया था। आरोप है कि अमित कुमार ने तथ्यों को छिपाकर और कूटरचित दस्तावेजों के सहारे 'बी.के.बी. आयुर फार्मा' के नाम से नया लाइसेंस हासिल किया
सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार का आरोप

मामले में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हर्ष छिक्कारा की भूमिका भी जांच के दायरे में आई है। आरोप है कि हर्ष छिक्कारा सोशल मीडिया के जरिए इन घटिया और मानक विहीन दवाओं का बढ़ा-चढ़ाकर प्रचार कर रहे थे। प्रशासन का मानना है कि मामले में आम जनता के हेल्थ के साथ गंभीर खिलवाड़ किया गया है। साथ ही दवाओं के प्रचार और बिक्री के जरिए आर्थिक धोखाधड़ी भी की गई।
मामले को लेकर हर्ष छिक्कारा का कहना है कि संबंधित फर्म से उनका कोई भी संबंध नहीं है। वे केवल उनके लिए प्रमोशन करते हैं और प्रमोशन कोई भी किसी का कर सकता है। एक प्रमोशन करने के मामले में एफआई आर गलत दर्ज किए जाने के आरोप लगाए हैं।
विधानसभा चुनाव लड़ा, तीसरे स्थान पर रहे हर्ष छिक्कारा

साल 2024 के गोहाना विधानसभा चुनाव में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हर्ष छिक्कारा ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा। हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने 14,761 से अधिक वोट हासिल किए। चुनाव परिणामों में पहले स्थान पर अरविंद शर्मा रहे, दूसरे नंबर पर जगबीर मलिक आए, जबकि हर्ष छिक्कारा तीसरे स्थान पर रहे।
चुनाव हलफनामे में संपत्ति का खुलासा

चुनाव के दौरान दिए गए हलफनामे के अनुसार हर्ष छिक्कारा की कुल संपत्ति करीब 1.3 करोड़ रुपए बताई गई थी। इसमें 80.9 लाख रुपए की चल संपत्ति और 47 लाख रुपए की अचल संपत्ति दर्शाई गई। हर्ष छिक्कारा ने अपने चुनावी दस्तावेजों में आय का स्रोत बिजनेस बताया था।

#CrimeJournalism #haryanabulletinnews 
#CrimeAlertIndia 
#CrimeExposure 
#CrimeNews 
#livecrimeupdate 
#BreakingNews 
#harshchhikara
December 21, 2025

डा. मनीष गुप्ता बने इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) जींद के प्रधान

डा. मनीष गुप्ता बने इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) जींद के प्रधान
जींद : आईडीए जींद द्वारा सीडीई प्रोग्राम का आयोजन निजी होटल में किया गया। जिसमें मुख्य रूप से डा. दिनेश गुप्ता द्वारा क्लीनिक में इन्फेक्शन कंट्रोल और बायोमेडिकल वेस्ट के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके बाद एसोसिएशन की बैठक हुई। जिसमें सर्वसम्मति से वर्ष 2026-2027 के लिए डा. मनीष गुप्ता को प्रधान व डा. गौरव पूनिया को सचिव और डा. साहिल सेतिया को कोषाध्यक्ष चुना गया। इस पूरे कार्यक्रम के दौरान डा. रमेश पांचाल, डा. दिनेश गुप्ता, डा. योगेश शर्मा, डा. अश्वनी मिड्ढा, डा. राजेश मित्तल, डा. विशाल पोरस, डा. गौरव गर्ग, डा. विकास गोयल, डा. मीनू गुप्ता, डा. परवीन मल्होत्रा, डा. ज्योति, डा. अश्वनी जागलान, डा. मीनाक्षी, डा. अशोक खर्ब, डा. पूनम ढुल्ल उपस्थित रहे। एसोसिएशन की नई टीम ने यह आश्वासन दिलाया कि वह पहले की तरह समाज में दांतों व मुंह की बीमारी की रोकथाम के लिए जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेंगे।

Friday, December 19, 2025

December 19, 2025

सौंधी में दबंगों ने पंचायती जमीन पर किया अवैध कब्जा, उपायुक्त व पुलिस को दी शिकायत के बाद भी नहीं हो रही कार्रवाई : सरपंच गोविन्द

सौंधी में दबंगों ने पंचायती जमीन पर किया अवैध कब्जा, उपायुक्त व पुलिस को दी शिकायत के बाद भी नहीं हो रही कार्रवाई : सरपंच गोविन्द
झज्जर :  जिले के गांव सौंधी के सरपंच गोविन्द ने आरोप लगाया है कि बादली उपमंडल व ब्लॉक के गांव सोंधी में ग्राम पंचायत की शामलात भूमि पर सोंधी गांव के ही कुछ दबंग लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। उनका कहना था कि ग्राम पंचायत की शामलात जमीन पर आरसीसी, चारदीवारी व तारबंदी कर दी है।
         सरपंच ने बताया कि इस अवैध कब्जे के खिलाफ सौंधी ग्राम पंचायत ने बीडीपीओ, डीसी व पुलिस प्रशासन थाना बादली में भी दरखास्त भी दी थी लेकिन सब को शिकायत देने के बाद भी आज तक न अवैध कब्जा हटवाया गया और न ही दबंगों के खिलाफ कोई कार्यवाही अमल में लाई गई। लगभग 1 महीने का समय गुजरने के बाद भी चारदीवारी व अवैध कब्जे को प्रशासन हटवाने में नाकाम रहा है।
          गोविंद ने बताया कि अवैध कब्जों व कब्जा धारियों पर कोई कार्यवाही न होते देख अब गांव में इन अवैध कब्जों को देखते हुए लोगों में जमीन पर कब्जा करने की होड़ सी लग गई है। मामले को देखते हुए बीपीडीओ बादली ने खुद गांव में जाकर लोगों से अवैध कब्जे न करने का आह्वान किया और इसे कानूनी अपराध बताया लेकिन कुछ दबंग लोग पंचायत की जमीन को छोड़ने के लिए बिल्कुल राजी नहीं।
          सरपंच के अनुसार प्रशासन की अनदेखी को देखते हुए लोगों के कब्जे दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। गांव में हालात दिनों दिन खराब होते जा रहे हैं। उनका कहना था कि अगर प्रशासन ने तत्काल कदम नहीं उठाया तो गांव में किसी अनहोनी होने के पूरे आसार बने हुए हैं। ग्राम सरपंच व पंचायत ने जिला प्रशासन, उपायुक्त, पंचायत विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि मामले पर संज्ञान लें व उक्त लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाए।
December 19, 2025

सोशल मीडिया के भांड, समाज में कराएंगे कांड : जयहिंद

सोशल मीडिया के भांड, समाज में कराएंगे कांड : जयहिंद
समाज के कुछ राजनीतिक भांड़ जातिवाद का रंग देकर समाज के लोगों में करना चाहते हैं मतभेद 
रोहतक : जयहिंद सेना प्रमुख नवीन जयहिंद ने प्रेसवार्ता करते हुए सोशल मीडिया को समाज के लिए खतरनाक बताते हुए कहा कि समाज के कुछ लोग जो सोशल मीडिया पर एक्टिव रहते हैं। ऐसे लोग समाज के भाईचारे को तोड़ना चाहते हैं और समाज को आपस में लड़ाना चाहते हैं।
 जयहिंद ने विधायक दादा रामकुमार गौतम के चल रहे विवाद पर बोलते हुए कहा कि विधायक रामकुमार गौतम की वो वीडियो जिसके कारण विभिन्न समाज की अलग-अलग जगह पर पंचायतें हो रही हैं। मैंने उस वीडियो को कई बार सुना लेकिन उसमें विधायक दादा रामकुमार गौतम ने किसी भी जाति या बिरादरी के लिए कहीं भी कोई गाली जैसे शब्दों का प्रयोग नहीं किया है।
उनका कहना था कि समाज के बुद्धिजीवी लोग भी उस वीडियो को पूरी सुने लेकिन कुछ जातिवादी राजनीतिक कीड़े इस विवाद को जातिवाद का रंग दे रहे हैं जबकि विधायक रामकुमार गौतम ने जो कुछ ऐसे शब्द कहे थे, उनके लिए खेद भी प्रकट कर चुके हैं। फिर भी समाज के कुछ लोग जिनकी घर में नहीं चलती, वे पंचायत में आकर चौधरी बन जाते हैं और समाज के युवा इन राजनीतिक गिद्धों से सावधान रहें क्योंकि ये राजनीतिक गिद्ध समाज को आपस में लड़वा कर अपना राजनीतिक स्वार्थ पूरा करना चाहते हैं।जयहिंद ने कहा कि विधायक राम कुमार गौतम ने अपने बयान में उन राजनीतिक लोगों के लिए कहा है, जो चुनाव हार चुके हैं और जिनका अब राज नहीं रहा। अगर देखे तो सबसे पहले हरियाणा में ब्राह्मण मुख्यमंत्री रहा है, जिनका अब राज नहीं है। फिर राव समाज का भी अब राज नहीं है लेकिन समाज के कुछ राजनीतिक भांड़ इसे जातिवाद का रंग देकर समाज के लोगों में मतभेद करना चाहते हैं जबकि गांव में एक दूसरे के बिना काम नहीं चलता।उन्होंने ब्राह्मण समाज ओर जाट समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा कि समाज के लोग इन नेताओं के चक्कर में आपसी भाईचारा खराब ना करें क्योंकि ब्राह्मण समाज के बुजुर्ग विधायक को गोबर खाना ब्राह्मण समाज के ही मंत्री ने कहा था। वही जाट समाज को भी सोचना चाहिए कि जब भूपेंद्र हुड्डा मुख्यमंत्री नहीं बने थे तो जाट समाज के बुजुर्ग हुड्डा को पंजाबी कहते थे।जयहिंद ने युवाओं से भी अपील करते हुए कहा कि इन नेताओं के आपसी विवाद को सामाजिक विवाद ना बनाएं क्योंकि ये राजनीतिक लोग विधानसभा सदन में लड़कर फिर साथ में बैठकर चाय पानी नाश्ता करते हैं। यहां तक कि इकट्ठे बैठ कर शराब तक पीते हैं लेकिन आम जनता इन बातों को नहीं समझती और समाज में आपस में एक दूसरे की जाति बिरादरी पर आरोप प्रत्यारोप लगा कर आपस में लड़ने यहां तक मारने को तैयार रहते हैं।
उन्होंने युवाओं से कहा कि अगर आपको कुछ हो जाता है, ये राजनीतिक लोग आपको और आपके परिवार को संभालने तक भी आपके पास नहीं आते। ये राजनीतिक लोग आए दिन अपने फायदे के लिए पार्टियां बदल लेते हैं और समाज के लोगों को आपस में एक दूसरे से लड़वा देते हैं। हर बिरादरी चाहती है कि उनकी बिरादरी का मुख्यमंत्री हो लेकिन इसके लिए समाज की दूसरी बिरादरी से लड़ना समाज के लिए घातक है।
            जयहिंद ने बताया कि मीडिया के कुछ भांड एक दूसरे की पूरी जाति को टारगेट ना करें। अगर आपको किसी ने कुछ कहा है तो आप उस व्यक्ति विशेष को ही कह लें क्योंकि एक व्यक्ति विशेष पूरा समाज नहीं होता। समाज की हर बिरादरी के पूर्वजों का समाज के लिए एक विशेष योगदान रहा है, जिन्होंने देश ओर समाज के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए हैं। देश को आजाद कराने में 36 बिरादरी का योगदान रहा है।          
उन्होंने उन राजनीतिक नेताओं पर भी तंज कसा, जो समाज के लोगों में जहर भरकर अपने स्वार्थ के लिए आपस में लड़वाना चाहते हैं। जनता के मुद्दों पर वे नेता लोग गायब हो जाते हैं और फिर चुनाव से 5 महीने पहले चुनावी मैदान में आ जाते हैं।
जयहिंद ने लोकसभा, राज्यसभा ओर हरियाणा विधानसभा के सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि सदन में एक ऐसा प्रस्ताव लाना चाहिए, जो सोशल मीडिया फेसबुक या दूसरे अन्य प्लेटफार्म पर फर्जी आईडी बनाकर एक दूसरे के खिलाफ जहर उगलते है। उन पर लगाम लगाने के लिए कोई कानून बनाया जाना चाहिए, वहीं बिना तथ्य की खबरें चलाने वाले सोशल मीडिया पर भी बैन होना चाहिए।
December 19, 2025

3 नाबालिग लड़कियों के साथ यौन शोषण करने का मामला , पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मामला दर्ज कर आरोपी को किया गिरफ्तार

3 नाबालिग लड़कियों के साथ यौन शोषण करने का मामला
पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मामला दर्ज कर आरोपी को किया गिरफ्तार
रोहतक : थाना सदर के एरिया में 3 नाबालिग लड़कियो के साथ यौन शोषण करने का मामला सामने आया है। जिला रोहतक पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए अभियोग अंकित कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को कल पेश अदालत किया जाएगा। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
थाना सदर प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेन्द्र ने बताया कि जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने पुलिस में 3 नाबालिग लड़कियो के साथ यौन शोषण करने बारे शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर धारा 65(2) बीएनएस व 06 पोस्को एक्ट के तहत अभियोग अंकित किया गया। जांच में सामने आया कि थाना सदर के एऱिया में स्थित स्कूल मे बाल संरक्षण अधिकारियों द्वारा पोक्सो एक्ट 2012 के तहत जागरुक करने के लिए दौरा किया गया।
इस दौरान स्कूल में 3 नाबालिग लड़कियों के साथ यौन शोषण करने का मामला सामने आया था। जिस पर बाल कल्याण समिति ने तीनो बच्चियों की काऊंसलिंग की। जिला बाल संरक्षण अधिकारी रोहतक द्वारा इस विषय संबंध मे पुलिस में शिकायत दी गई। जिला पुलिस द्वारा शिकायत मिलने पर तुंरत अभियोग अंकित किया गया।
मामले की जांच महिला उप.नि. विजेता द्वारा अमल में लाई गई। दौराने जांच पीडितो की मेडीकल जांच करवाई गई तथा काउंसलिंग करवाई गई। मजिस्ट्रेट के समक्ष पीडिता के कथन अंकित कराए गए। पुलिस टीम ने छापेमारी करते हुये दिनांक 18.12.2025 को आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है।
December 19, 2025

ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन के तहत स्पैशल डिटेक्टिव स्टाफ को मिली बड़ी सफलता

ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन के तहत स्पैशल डिटेक्टिव स्टाफ को मिली बड़ी सफलता

स्पेशल सेल ने हथियारों से लैस बदमाश को किया गिरफ्तार, बदमाश से 4 देसी पिस्तौल व 11 रौंद किए बरामद

आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, चोरी, अवैध हथियार, अवैध शराब, धोखाधड़ी आदि धाराओं के तहत 17 आपराधिक मामले हैं दर्ज 

आरोपी 2 युवकों की हत्या करने के इरादे से खरीद कर लाया था हथियार
रोहतक : पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह भौरिया के निर्देशों के अनुसार रोहतक पुलिस की स्पैशल डिटेक्टिव स्टाफ की टीम ने ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन अभियान के तहत अपराध पर बड़ी चोट करते हुए एक बदमाश को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाश की पहचान रोहतक जिले के गांव टिटौली निवासी नवीन उर्फ मोनू पुत्र महाबीर के रूप में हुई है। आरोपी के पास से 4 स्वदेशी रिवॉल्वर और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। सदर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया गया है। आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है।
इस मामले की जानकारी देते हुए रोहतक पुलिस के डीएसपी (मुख्यालय) रवि खुंडिया ने पत्रकार वार्ता में उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा में कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुका है और लंबे समय से पुलिस की निगाह में था।
उन्होंने बताया कि स्पैशल डिटेक्टिव स्टाफ, रोहतक के प्रभारी उप.नि. अश्वनी कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक ड्रेन नंबर 8 के पास एक बैग में अवैध असला लेकर घूम रहा है और किसी बड़ी वारदात की फिराक में है। उप.नि. अश्वनी कुमार ने सूचना पर तुरंत कार्यवाही करते हुए स.उप.नि. कृष्ण के नेतृत्व मे पुलिस टीम का गठन कर रवाना किया। स्पेशल सेल की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 4 स्वदेशी रिवॉल्वर और 11 जिंदा राऊंड बरामद हुए।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी अपने ही गांव के 2 युवकों की हत्या की साजिश रच रहा था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आपसी रंजिश और पुरानी दुश्मनी के चलते वह वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। समय रहते पुलिस की कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई।
डीएसपी (मुख्यालय) रवि खुंडिया के अनुसार आरोपी का पुराना आपराधिक रिकार्ड रहा है। आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रय़ास, लूट, डैकती, चोरी, धोखाधड़ी, अवैध हथियार, अवैध शराब आदि धाराओ के तहत 17 मामले दर्ज हैं।उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ जिला रोहतक मे 10 मामले दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त आरोपी के खिलाफ जीन्द में 2 व करनाल, कुरूक्षेत्र, गुड़गांव, दिल्ली व राजस्थान में एक-एक मामला दर्ज है। आरोपी के खिलाफ अपहरण का एक, हत्या के प्रयास का एक, चोरी/लूट/डकैती के 7, अवैध हथियार के 3, अवैध शराब के 3 व पी.ओ. के 2 मामले दर्ज हैं।
उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उसे जिला अदालत में पेश किया। पुलिस ने अदालत से आरोपी का 5 दिन का रिमांड मांगा है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ में कई और गंभीर वारदातों का खुलासा हो सकता है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसे ये हथियार कहां से मिले और उसके पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ तो नहीं है।
डीएसपी रवि खुंडिया ने पत्रकार वार्ता में कहा कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
December 19, 2025

समृद्धि कलाकार, राष्ट्र की आवश्यकता : दीपक कौशिक

समृद्धि कलाकार, राष्ट्र की आवश्यकता : दीपक कौशिक

छात्रों में कला सामग्री का वितरण
जींद : सोल एंड स्पिरिट आर्ट सोसाइटी एक अखिल भारतीय स्तर पर कला के उत्थान एवं कलाकारों के सहयोग हेतु सतत रूप से कार्य करने वाली प्रतिष्ठित संस्था है। संस्था द्वारा समय-समय पर कला छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान करना, कला सामग्री का वितरण करना तथा आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सहयोग देना प्रमुख गतिविधियों में शामिल है।
इसी क्रम में सोल एंड स्पिरिट आर्ट सोसाइटी द्वारा गोविंदपुरा मिडिल स्कूल ,गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति स्कूल, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल किनाना व पीएम श्री गवर्नमेंट स्कूल उचाना में अध्ययनरत कला छात्रों को आवश्यक कला सामग्री का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कला के प्रति रुचि को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें अपनी सृजनात्मक प्रतिभा को निखारने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना रहा।
संस्था के अध्यक्ष दीपक कौशिक ने इस अवसर पर कहा कि कला और कलाकार के माध्यम से राष्ट्रहित में एक व्यापक जन-जागरण और सकारात्मक परिवर्तन संभव है। कला न केवल संवेदनशील नागरिकों का निर्माण करती है, बल्कि राष्ट्रीय चिंतन और सांस्कृतिक चेतना को भी सशक्त बनाती है। उन्होंने यह भी कहा कि कला के विकास एवं कलाकारों के सहयोग की आवश्यकता आज पहले से कहीं अधिक है और इस दिशा में कार्यरत सभी संस्थाओं को एकजुट होकर आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्याध्यापिका नीलम दहिया, कार्यक्रम संयोजक सुमित, प्रदीप मूर्तिकार ,वरिष्ठ सदस्य प्रदीप , कलाध्यापक नवीन मारीचि आदि गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे कला एवं शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल बताया।
सोल एंड स्पिरिट आर्ट सोसाइटी भविष्य में भी देशभर में कला छात्रों के उत्थान, कलाकारों के सम्मान एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े रचनात्मक कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
December 19, 2025

डॉक्टर और आबादी का अनुपात बढ़ाने के लिए सरकार पब्लिक और प्राइवेट दोनों सेक्टर में नए मेडिकल कॉलेज बनाकर एमबीबीएस सीटें बढ़ाने पर काम कर रही है : आरती सिंह राव

डॉक्टर और आबादी का अनुपात बढ़ाने के लिए सरकार पब्लिक और प्राइवेट दोनों सेक्टर में नए मेडिकल कॉलेज बनाकर एमबीबीएस सीटें बढ़ाने पर काम कर रही है : आरती सिंह राव 
चंडीगढ़ - हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि राज्य में डॉक्टर और आबादी का अनुपात बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार पब्लिक और प्राइवेट दोनों सेक्टरों में नए मेडिकल कॉलेज बनाकर एमबीबीएस सीटें बढ़ाने पर काम कर रही है। वर्ष 2014 में जहां हरियाणा में 700 एमबीबीएस की सीटें थीं, जो अब बढ़कर 2710 सीटें हो गई हैं।

स्वास्थ्य मंत्री आज हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रही थी।

उन्होंने आगे बताया कि वर्ष 2018 में लोकसभा में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के जवाब के अनुसार, डॉक्टर और आबादी का अनुपात 1000 की आबादी पर एक डॉक्टर है। उन्होंने बताया कि एलोपैथिक डॉक्टरों को ध्यान में रखें तो हरियाणा मेडिकल काउंसिल के 16 दिसंबर 2025 के डेटा के आधार पर 1225 लोगों की आबादी पर एक डॉक्टर है। हरियाणा की संबंधित काउंसिल में रजिस्टर्ड आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी (AUH) डॉक्टरों को शामिल करने के बाद, अभी का अनुपात 819 आबादी पर एक डॉक्टर है।

आरती सिंह राव ने बताया कि डॉक्टर और आबादी का अनुपात बढ़ाने के लिए सरकार पब्लिक और प्राइवेट दोनों सेक्टर में नए मेडिकल कॉलेज बनाकर एमबीबीएस सीटें बढ़ाने पर काम कर रही है।

उन्होंने जानकारी दी कि नेशनल हेल्थ पॉलिसी 2017 और इंडियन पब्लिक हेल्थ स्टैंडर्ड्स के अनुसार, सरकारी सेक्टर यानी हेल्थ और मेडिकल एजुकेशन मिलाकर हर 1000 आबादी पर एक हॉस्पिटल बेड होना चाहिए और ईएसआईसी और प्राइवेट हॉस्पिटल समेत सरकारी हेल्थ सुविधाओं में हर 1000 आबादी पर 2 बेड होने चाहिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने पूरक प्रश्न का जवाब देते हुए बताया कि वर्ष 2014 में जिला नागरिक अस्पताल तथा उपमंडल अस्पताल केवल 56 थे जबकि अब बढ़कर 74 हो चुके हैं इसी प्रकार सीएचसी की संख्या वर्ष 2014 में 109 थी जो कि अब बढ़ कर 122 हो चुकी हैं।

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने सरकारी अस्पतालों में डायलिसिस की सुविधा फ्री कर दी गई है , गरीब लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक के इलाज की फ्री सुविधा दी जा रही है। वर्तमान सरकार यह मानती है कि स्वास्थ्य सेवाएं सुविधा नहीं है बल्कि लोगों का अधिकार है। इसी बात को मद्देनजर रखते हुए राज्य के लोगों को उनके आस-पास सस्ती एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं।
December 19, 2025

जींद का जवान पश्चिम बंगाल में शहीदः आज दोपहर सुलहेड़ा पहुंचेगा पार्थिव शरीर; प्रशिक्षण के दौरान हादसा।

जींद का जवान पश्चिम बंगाल में शहीदः आज दोपहर सुलहेड़ा पहुंचेगा पार्थिव शरीर; प्रशिक्षण के दौरान हादसा।
जींद : जींद जिले के नरवाना उपमंडल के गांव सुलहेड़ा के जवान मनीष कुमार देश सेवा के दौरान शहीद हो गए। पश्चिम बंगाल में प्रशिक्षण के दौरान हुए एक हादसे में 31 वर्षीय मनीष कुमार की मृत्यु हो गई। उनका पार्थिव शरीर आज दोपहर बाद गांव सुलहेड़ा लाया जाएगा, जहां सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
*गांव में छाया मातम, हर आंख नम*

शहादत की खबर मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पूरे इलाके में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि मनीष कुमार की शहादत ने पूरे क्षेत्र को गर्व और गम दोनों से भर दिया है।
किसान परिवार से थे मनीष, छोटे भाई की भी फौज में जाने की तैयारी

शहीद मनीष कुमार के पिता जगदीश सिंह किसान हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। मनीष परिवार के बड़े बेटे थे और उनके छोटे भाई सोनू फौज में भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। बेटे की शहादत की खबर सुनकर परिवार गहरे सदमे में है।
*टीए बटालियन से डीएसई तक का सफर*

मनीष कुमार पहले आर्मी की टीए बटालियन में सेवाएं दे चुके थे। इसके बाद उन्होंने डीएसई बटालियन ज्वाइन की थी। जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षण के दौरान हुए हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और उन्होंने देश सेवा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित थे मनीष कुमार

शहीद मनीष कुमार विवाहित थे, हालांकि उनकी कोई संतान नहीं है। परिवार और ग्रामीणों का कहना है कि मनीष शुरू से ही अनुशासित, मेहनती और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत थे। वे हमेशा देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा रखते थे।
गांव में उमड़ेगा जनसैलाब, शोक सभा का आयोजन पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने पर अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक संगठन और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। शहीद के सम्मान में गांव में शोक सभा का आयोजन किया जाएगा। सभी ने शहीद मनीष कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
December 19, 2025

करनाल के जिला सिविल अस्पताल को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की जमीन पर सैक्टर-32 ए करनाल में शिफ्ट किया जाएगा : आरती सिंह राव

करनाल के जिला सिविल अस्पताल को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की जमीन पर सैक्टर-32 ए करनाल में शिफ्ट किया जाएगा : आरती सिंह राव 
चंडीगढ़ , 19 दिसंबर - हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा करनाल के जिला सिविल अस्पताल को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की जमीन पर सैक्टर-32 ए करनाल में शिफ्ट किया जाएगा , इस जमीन पर 200 बेड का नया अस्पताल तैयार किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री आज हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रही थी।

हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की जमीन पर अस्पताल बनाने के लिए 9.90 एकड़ जमीन की एक नई जगह तय की गई है।  क्योंकि पहले जो जमीन चिन्हित की थी उसके ऊपर से हाई टेंशन तार गुजर रही थी। अब जमीन का सीमांकित हस्तांतरण किया जा रहा है।

आरती सिंह राव ने जानकारी दी कि सैक्टर-32 ए, करनाल में 13 एकड़  (52609.10 प्रति वर्ग मीटर) जमीन डायरेक्टर जनरल, हेल्थ सर्विसिज, पंचकूला के नाम पर 23 नवंबर 2021 को 16,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से अलॉट की गई थी और 30 मार्च 2022 के पत्र अनुसार अलॉटी विभाग ने समय बढ़ाने का अनुरोध किया। इसके बाद 27 जनवरी 2023 को सिविल सर्जन, करनाल के ऑफिस ने बताया कि कुल 13 एकड़  जमीन में से 4 एकड़ जमीन के ऊपर से हाई टेंशन तार गुजर रहीं है और जमीन उपयुक्त नहीं है।

उन्होंने बताया कि इसके बाद 16 नवंबर 2022 को हरियाणा सरकार के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग डिपार्टमेंट की अध्यक्षता में हुई मीटिंग में पहले से अलॉट की गई जमीन से सटी हुई 9.90 एकड़  जमीन की दोबारा डिमारकेशन करने का निर्देश दिया गया है। यही नहीं उस 9.90 एकड़ जमीन की संशोधित डिमारकेशन को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के चीफ टाउन प्लानर ने भी मंजूरी दे दी है। इस जमीन का ट्रांसफर जल्द कर दिया जाएगा और फिर अस्पताल का नया भवन बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
December 19, 2025

विपक्ष फ्रस्ट्रेशन में हैं, इसलिए कुछ भी बयान देते हैं — नायब सिंह सैनी

जनता ने कांग्रेस के क्रिया—कलापों और उनकी नीतियों को पूरी तरह से नकार दिया — मुख्यमंत्री

 विपक्ष फ्रस्ट्रेशन में हैं, इसलिए कुछ भी बयान देते हैं — नायब सिंह सैनी
चंडीगढ़— हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। विपक्ष के नेता वोट चोरी की बात करते हैं, जबकि जनता ने कांग्रेस के क्रिया—कलापों और उनकी नीतियों को पूरी तरह से नकार दिया है, इसलिए विपक्ष फ्रस्ट्रेशन में हैं और वे कुछ भी बयान देते हैं।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल के दौरान विधायक श्री बीबी बत्रा द्वारा बीपीएल कार्डों की संख्या के संबंध में पूछे गए प्रश्न का उत्तर दे रहे थे।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि उन्होंने स्वयं पिछले सत्र के दौरान इसी सदन में विस्तृत जवाब दिया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने प्रक्रिया बनाई और लोगों को कहा कि वे स्वयं बताएं कि वे गरीबी रेखा से नीचे हैं और अपना फॉर्म स्वयं भरें। पहले की सरकार में तो आय सीमा भी 1 लाख 20 हजार रुपये थी, जबकि वर्तमान सरकार ने आय सीमा को 1 लाख 80 हजार रुपये की। उसके बाद लोगों ने बीपीएल के लिए आवेदन किया। उन्होंने कहा कि उस समय इसी सदन में उन्होंने कहा था कि चुनावों के बाद वेरिफिकेशन किया जाएगा और जो गलत होगा उसका नाम कट जाएगा, ये स्कैंडल की बात कहां से आ गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक श्री बीबी बत्रा ने 8 लाख का आंकड़ा बताया है, जबकि 2022 में राशन कार्ड की संख्या 30 लाख से ज्यादा थी। ये पता नहीं कहां से डाटा लेकर आए हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि इनके समय में तो क्या हालात थे, गरीब व्यक्ति को सामान भी नहीं मिलता था, जो गरीब व्यक्ति था वह तो देखता रहता था, अन्य लोग उनका सामान ले जाते थे।

श्री नायब सिंह सैनी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि हैरानी की बात है कि ये वोट चोरी की बात करते हैं। वोट देना लोगों का अधिकार है और जनता ने कांग्रेस की नीतियों को पूरी तरह से नकार दिया है।
December 19, 2025

स्मारक एवं इसके आसपास के क्षेत्र का विकास केवल भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा ही किया जा सकता है : डॉ अरविन्द शर्मा

स्मारक एवं इसके आसपास के क्षेत्र का विकास केवल भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा ही किया जा सकता है : डॉ अरविन्द शर्मा 
चंडीगढ़- हरियाणा के पर्यटन एवं विरासत मंत्री डॉ. अरविन्द शर्मा ने कहा कि करनाल जिले के असंध क्षेत्र में स्थित कुषाण काल से संबंधित प्राचीन एवं विशालकाय बौद्ध स्तूप (जरासंध का टीला) भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई), भारत सरकार के अधीन संरक्षित स्मारक है।

डॉ. अरविन्द शर्मा आज विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में सदन को अवगत करवा रहे थे।

उन्होंने बताया कि यह स्थल प्राचीन स्मारक एवं पुरातात्विक स्थल और अवशेष अधिनियम, 1958 के अंतर्गत संरक्षित है, इसलिए स्मारक एवं इसके आसपास के क्षेत्र का विकास केवल भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा ही किया जा सकता है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कुषाण स्तूप के अवशेषों के अतिरिक्त, असंध स्थित जरासंध किले के क्षेत्र में सतही अन्वेषण के दौरान पेंटेड ग्रे वेयर मिट्टी के बर्तन, प्रारंभिक ऐतिहासिक काल के सिक्के तथा मध्यकालीन पुरावशेष भी प्राप्त हुए हैं।

कैबिनेट मंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि सरकार भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के साथ समन्वय स्थापित कर इस स्थल के सौंदर्यीकरण की संभावनाओं पर प्रयास करेगी।
December 19, 2025

*जामनी गांव में राजकीय कन्या महाविद्यालय निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी: कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा*

*जामनी गांव में राजकीय कन्या महाविद्यालय निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी: कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा*
चंडीगढ़- हरियाणा के लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि सफीदों विधानसभा क्षेत्र के गांव जामनी में राजकीय कन्या महाविद्यालय का निर्माण कार्य जल्द टेंडर लगने के बाद शुरू हो जाएगा।

श्री गंगवा आज विधानसभा के शीतकालीन सत्र में सफीदों से विधायक श्री राम कुमार गौतम द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में सदन को अवगत करा रहे थे। उन्होंने बताया कि इसकी संशोधित ड्राइंग के आधार पर और इसमें मिट्टी भरने के कार्य को शामिल करते हुए, संशोधित रफ कॉस्ट एस्टीमेट महानिदेशक, उच्चतर शिक्षा विभाग, हरियाणा को अगस्त 2025 में 1126.39 लाख रुपये का प्रशासनिक स्वीकृति के लिए भेजा गया था। इसकी प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद, राजकीय कन्या महाविद्यालय के निर्माण का काम शुरू किया जाएगा।
December 19, 2025

*बसों के आवागमन की जानकारी के लिए बस अडडों पर लगेगी डिजिटल स्क्रीन, यात्रियों को मिलेगी बस लोकेशन की सुविधा-विज*

*राज्य परिवहन की बसों में ऑटोमैटिक टिकटिंग सिस्टम के साथ-साथ बसों की जानकारी के लिए ट्रैकिंग सिस्टम तथा ऐप को किया जा रहा है विकसित- परिवहन मंत्री श्री अनिल विज*

*फतेहाबाद-हिसार लोकल मार्ग पर चलने वाली सभी बसें भोडा-होशनाक एवं खाराखेडी गांवों के बस स्टॉप पर रुकने के साथ-साथ प्रतिदिन 66 फेरे लगाती है - अनिल विज*

*बसों के आवागमन की जानकारी के लिए बस अडडों पर लगेगी डिजिटल स्क्रीन, यात्रियों को मिलेगी बस लोकेशन की सुविधा-विज* 
चण्डीगढ- हरियाणा के परिवहन मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि राज्य परिवहन की बसों में ऑटोमेटिक टिकटिंग सिस्टम के साथ-साथ बसों की जानकारी के लिए ट्रैकिंग सिस्टम तथा ऐप को भी विकसित किया जा रहा है ताकि यात्रियों को यात्रा करने में सुगमता और सटीक जानकारी उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि फतेहाबाद-हिसार लोकल मार्ग पर चलने वाली सभी बसें भोडा-होशनाक एवं खाराखेडी गांवों के बस स्टॉप पर रूकती है और प्रतिदिन 66 फेरे लगाती है।

श्री विज आज यहां चण्डीगढ में हरियाणा विधानसभा में चल रहे शीतकालीन सत्र के दौरान लगाए गए एक प्रश्न का उत्तर दे रहे थें। उन्होंने कहा कि बसों में ऑटोमेटिक टिकटिंग का सिस्टम लगाया हुआ है और इस सिस्टम को ओर अधिक एडवांस किया जा रहा हैं ताकि अब पेटिम/कार्ड इत्यादि से भी यात्री टिकटें ले सकें और पूरा रिकॉर्ड भी रह सकें।

परिवहन मंत्री ने कहा कि बस अडडों पर बसों के जाने के लिए ट्रैकिंग सिस्टम लगाने के आदेश दिए गए हैं, जिसका काफी कार्य पूरा भी हो चुका है।

बसों की जानकारी के संबंध में एक ऐप भी विकसित की गई है। इस ऐप के माध्यम से कोई भी आदमी यह देख सकता है कि मेरी बस कितनी दूर है।
December 19, 2025

*हरियाणा विधानसभा में शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन सात विधेयक प्रस्तुत किए गए*

*हरियाणा विधानसभा में शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन सात विधेयक प्रस्तुत किए गए*

*इसके अलावा, 8 विधेयक चर्चा उपरांत पास भी किए गए*
चंडीगढ़ - हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन जो सात विधेयक प्रस्तुत किए गए उनमें हरियाणा तकनीकी शिक्षा अतिथि संकाय (सेवा की सुनिश्चिता) संशोधन विधेयक, 2025, हरियाणा आवास बोर्ड (संशोधन) विधेयक, 2025, हरियाणा निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक, 2025, हरियाणा आबादी देह (स्वामित्व अधिकारों का निहितीकरण, अभिलेखन और समाधान) विधेयक, 2025, हरियाणा दुकान और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान (संशोधन) विधेयक, 2025, हरियाणा अनुसूचित सड़क और नियंत्रित क्षेत्र अनियमित विकास निर्बन्धन (संशोधन) विधेयक, 2025 और हरियाणा जन विश्वास (उपबंधों का संशोधन) विधेयक,2025 शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, आठ विधेयक चर्चा उपरांत पास भी किए गए। पास किए गए विधेयकों में हरियाणा श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल (संशोधन) विधेयक, 2025, हरियाणा श्री माता शीतला देवी पूजा स्थल (संशोधन) विधेयक, 2025, हरियाणा श्री माता भीमेश्वरी देवी मंदिर (आश्रम), बेरी पूजा स्थल (संशोधन) विधेयक, 2025, हरियाणा अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती मेला प्राधिकरण (संशोधन) विधेयक, 2025, हरियाणा श्री कपाल मोचन, श्री बद्री नारायण, श्री मन्तरा देवी तथा श्री केदारनाथ पूजा स्थल (संशोधन) विधेयक, 2025, हरियाणा नगर निगम (संशोधन) विधेयक, 2025, हरियाणा पंचायती राज (द्वितीय संशोधन) विधेयक, 2025 तथा हरियाणा नगर निकाय विधेयक, 2025 शामिल हैं।

*हरियाणा श्री माता मनसा देवी पूजास्थल (संशोधन) विधेयक, 2025*

हरियाणा श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल अधिनियम,1991 को संशोधित करने के लिए हरियाणा श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल (संशोधन) विधेयक, 2025 पारित किया गया।

अधिनियम की धारा 8 की उपधारा (ख) के अनुसार किसी व्यक्ति को बोर्ड के सदस्य के रूप में नामजद किए जाने के लिए अयोग्य ठहराया जाएगा ’’यदि यह अस्वस्थ है और सक्षम न्यायालय द्वारा ऐसा घोषित हो चुका है या यदि वह बहरा, गूंगा या संक्रामक कुष्ठ रोग या किसी विषाक्त संक्रामक रोग से पीड़ित है।’’ फेडरेशन ऑफ लेपि. ऑर्गन (फोलो) बनाम यूनियन ऑफ इंडिया शीर्षक वाले डब्ल्यू.पी. (सी) संख्या 83/2010 में पारित 7 मई, 2025 के सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में वर्ष 1991 में यह अधिनियम अधिनियमित किया गया था तथा सामाजिक संरचना में बदलाव के साथ, जहां अब शारीरिक रूप से विकलांग और मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति समाज में स्वीकार्य और सम्मानित है, उक्त प्रावधान को जारी रखना अनुचित है। इसलिये, यह आवश्यक है कि हरियाणा श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल अधिनियम, 1991 (1991 का 14) में हरियाणा श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल (संशोधन) विधेयक, 2025 के द्वारा संशोधन किया जाये।

*हरियाणा श्री माता शीतला देवी पूजा स्थल (संशोधन) विधेयक, 2025*

 हरियाणा श्री माता शीतला देवी पूजा स्थल अधिनियम,1991 को संशोधित करने के लिए हरियाणा श्री माता शीतला देवी पूजा स्थल (संशोधन) विधेयक, 2025 पारित किया गया।

अधिनियम की धारा 8 की उपधारा (ख) के अनुसार किसी व्यक्ति को बोर्ड के सदस्य के रूप मनोनीत किए जाने के लिए अयोग्य ठहराया जाएगा ’’यदि वह अस्वस्थ है और सक्षम न्यायालय द्वारा ऐसा घोषित हो चुका है या यदि वह बहरा, गूंगा या संक्रामक कुष्ठ रोग या किसी विषाक्त संक्रामक रोग से पीड़ित है।’’ फेडरेशन ऑफ लेपि. ऑर्गन (फोलो) बनाम यूनियन ऑफ इंडिया शीर्षक वाले डब्ल्यू. पी. (सी) संख्या 83/2010 में पारित 7 मई, 2025 के सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में वर्ष 1992 में यह अधिनियम अधिनियमित किया गया था तथा सामाजिक संरचना में बदलाव के साथ, जहां अब शारीरिक रूप से विकलांग और मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति समाज में स्वीकार्य और सम्मानित है, उक्त प्रावधान को जारी रखना अनुचित है।

इसलिये, यह आवश्यक है कि हरियाणा श्री माता शीतला देवी पूजा स्थल अधिनियम, 1991 (1992 का 10) में हरियाणा श्री माता शीतला देवी पूजा स्थल (संशोधन) विधेयक, 2025 के द्वारा संशोधन किया जाये।

*हरियाणा श्री माता भीमेश्वरी देवी मंदिर (आश्रम), बेरी पूजा स्थल (संशोधन) विधेयक, 2025*

हरियाणा श्री माता भीमेश्वरी देवी मंदिर (आश्रम), बेरी पूजा स्थल अधिनियम,2022 को संशोधित करने के लिए हरियाणा श्री माता भीमेश्वरी देवी मंदिर (आश्रम), बेरी पूजास्थल (संशोधन) विधेयक, 2025 पास किया गया।

अधिनियम की धारा 8 की उपधारा (ख) के अनुसार किसी व्यक्ति को बोर्ड के सदस्य के रूप में नामजद किए जाने के लिए अयोग्य ठहराया जाएगा ’’यदि यह अस्वस्थ है और सक्षम न्यायालय द्वारा ऐसा घोषित हो चुका है या यदि वह बहरा, गूंगा या संक्रामक कुष्ठ रोग या किसी विषाक्त संक्रामक रोग से पीड़ित है।’’ फेडरेशन ऑफ लेपि. ऑर्गन (फोलो) बनाम यूनियन ऑफ इंडिया शीर्षक वाले डब्ल्यू. पी. (सी) संख्या 83/2010 में पारित 7 मई, 2025 के सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में वर्ष 2025 में यह अधिनियम अधिनियमित किया गया था तथा सामाजिक सरंचना में बदलाव के साथ, जहां अब शारीरिक रूप से विकलांग और मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति समाज में स्वीकार्य और सम्मानित है, उक्त प्रावधान को जारी रखना अनुचित है।

इसलिये, यह आवश्यक है कि हरियाणा श्री माता भीमेश्वरी देवी मंदिर (आश्रम), बेरी पूजा स्थल अधिनियम, 2022 (2025 का 25) में हरियाणा श्री माता भीमेश्वरी देवी मंदिर (आश्रम), बेरी पूजास्थल (संशोधन) विधेयक, 2025 के द्वारा संशोधन किया जाये।

*हरियाणा अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती मेला प्राधिकरण (संशोधन) विधेयक, 2025*

हरियाणा अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती मेला प्राधिकरण अधिनियम,2024 को संशोधित करने के लिए हरियाणा अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती मेला प्राधिकरण (संशोधन) विधेयक, 2025 पारित किया गया।

अधिनियम की धारा 6 की उपधारा (ख) के अनुसार किसी व्यक्ति को बोर्ड के सदस्य के रूप में नामजद किए जाने के लिए अयोग्य ठहराया जाएगा ’’यदि यह विकृत चित्त है और सक्षम न्यायालय द्वारा ऐसा घोषित हो चुका है या यदि वह बहरा, गूंगा या संक्रामक कुष्ठ रोग या किसी विषाक्त संक्रामक रोग से पीड़ित है।’’ फेडरेशन ऑफ लेपि. ऑर्गन (फोलो) बनाम यूनियन ऑफ इंडिया शीर्षक वाले डब्ल्यू पी. (सी) संख्या 83/2010 में पारित 7 मई, 2025 के सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में वर्ष 2024 में यह अधिनियम अधिनियमित किया गया था तथा सामाजिक संरचना में बदलाव के साथ, जहां अब शारीरिक रूप से विकलांग और मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति समाज में स्वीकार्य और सम्मानित है, उक्त प्रावधान को जारी रखना अनुचित है।

इसलिए, यह आवश्यक है कि हरियाणा अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती मेला प्राधिकरण अधिनियम, 2024 (2024 का 7) में हरियाणा अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती मेला प्राधिकरण (संशोधन) विधेयक, 2025 के द्वारा संशोधन किया जाए।

*हरियाणा श्री कपाल मोचन, श्री बद्री नारायण, श्री मन्तरा देवी तथा श्री केदारनाथ पूजा स्थल (संशोधन) विधेयक, 2025*

हरियाणा श्री कपाल मोचन, श्री बद्री नारायण, श्री मन्तरा देवी तथा श्री केदारनाथ पूजा स्थल अधिनियम, 2009 को संशोधित करने के लिए हरियाणा श्री कपाल मोचन, श्री बद्री नारायण, श्री मन्तरा देवी तथा श्री केदारनाथ पूजा स्थल (संशोधन) विधेयक, 2025 पारित किया गया।

अधिनियम की धारा 8 की उपधारा (ग) के अनुसार किसी व्यक्ति को बोर्ड के सदस्य के रूप में नामजद किए जाने के लिए अयोग्य ठहराया जाएगा ’’यदि यह अस्वस्थ है और सक्षम न्यायालय द्वारा ऐसा घोषित हो चुका है या यदि वह बहरा, गूंगा या संक्रामक कुष्ठ रोग या किसी विषाक्त संक्रामक रोग से पीड़ित है।’’ फेडरेशन ऑफ लेपि. ऑर्गन(फोलो) बनाम यूनियन ऑफ इंडिया शीर्षक वाले डब्ल्यू पी.(सी) संख्या 83/2010 में पारित 7 मई,2025 के सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में वर्ष 2010 में यह अधिनियम अधिनियमित किया गया था तथा सामाजिक संरचना में बदलाव के साथ, जहां अब शारीरिक रूप से विकलांग और मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति समाज में स्वीकार्य और सम्मानित है, उक्त प्रावधान को जारी रखना अनुचित है। इसलिए, यह आवश्यक है कि हरियाणा श्री कपाल मोचन, श्री बद्री नारायण, श्री मन्तरा देवी तथा श्री केदारनाथ पूजा स्थल अधिनियम, 2009 (2010 का 12) में हरियाणा श्री कपाल मोचन, श्री बद्री नारायण, श्री मन्तरा देवी तथा श्री केदारनाथ पूजा स्थल अधिनियम (संशोधन) विधेयक,2025 के द्वारा संशोधन किया जाए।

*हरियाणा नगर निगम (संशोधन) विधेयक, 2025*

हरियाणा नगर निगम अधिनियम,1994 को संशोधित करने के लिए हरियाणा नगर निगम (संशोधन) विधेयक, 2025 पारित किया गया।

अधिनियम की धारा 2 के खण्ड 8 के उप-खण्ड (क) ’’हैजा, प्लेग, छोटी माता, चेचक, क्षय रोग, कुष्ठ रोग, आन्त्र ज्वर, मस्तिष्क मेरु, तानिका शोथ और रोहिणी’’ को खतरनाक बीमारी परिभाषित किया गया है। फेडरेशन ऑफ लेपि. ऑर्गन(फोलो) बनाम यूनियन ऑफ इंडिया शीर्षक वाले डब्ल्यू.पी.(सी) संख्या 83/2010 में पारित 7 मई,2025 के सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में वर्ष 1994 में यह अधिनियम अधिनियमित किया गया था तथा सामाजिक संरचना में बदलाव के साथ, जहां अब शारीरिक रूप से विकलांग और मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति समाज में स्वीकार्य और सम्मानित है, उक्त प्रावधान को जारी रखना अनुचित है।

इसलिये, यह आवश्यक है कि हरियाणा नगर निगम अधिनियम, 1994 (1994 का 16) में हरियाणा नगर निगम (संशोधन) विधेयक, 2025 के द्वारा संशोधन किया जाये।

*हरियाणा पंचायती राज (द्वितीय संशोधन) विधेयक, 2025*

हरियाणा पंचायती राज अधिनियम,1994 को संशोधित करने के लिए हरियाणा पंचायती राज (द्वितीय संशोधन) विधेयक, 2025 पारित किया गया।

वर्तमान प्रावधान के अनुसार, किसी भी सरकारी योजना के चिन्हित लाभार्थियों की पात्रता का अनुमोदन और ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने का कार्य ग्राम सभा द्वारा अपनी बैठक में अपने सदस्यों का एक बटा दस अथवा तीन सौ सदस्यों, जो भी कम हो, की गणपूर्ति के साथ किया जाता है जबकि किसी भी सरकारी योजना के चिन्हित लाभार्थियों पर विचार और अनुमोदन करने या ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने के लिए प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता लाने हेतु, ग्राम सभा के अधिक से अधिक सदस्यों की बैठक में उपस्थिति सुनिश्चित करना आवश्यक है। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस्ती योजना के चिन्हित लाभार्थियों की पात्रता का ग्राम सभा द्वारा अनुमोदन प्रक्रियाधीन है।

 *हरियाणा नगर निकाय विधेयक, 2025*

हरियाणा राज्य में नगर निकायों से संबंधित विधि को समेकित तथा संशोधित करने और नगर निकाय मामलों के प्रबंधन में उन्हें व्यापक शक्तियां प्रदान करने के लिए नगर निकायों की स्थापना के लिए उपबंध करने हेतु विधेयक में संशोधन करने के लिए हरियाणा नगर निकाय विधेयक, 2025 प्रस्तुत किया गया।

भारत के संविधान ने शहरी क्षेत्रों में स्थानीय प्रशासन की जिम्मेदारी नगर निकायों को सौंपी है तथा केन्द्र एवं राज्य सरकारों की तर्ज पर नगर निकायों को शासन के तीसरे स्तर के रूप में इनकी भूमिका नियत की है। इसके अतिरिक्त, भारत के संविधान में जनसंख्या के आधार पर नगर निकायों के वर्गीकरण की अवधारणा की गई है।

तदानुसार, हरियाणा राज्य में नगर निकायों का गठन तीन वर्गों अर्थात् नगर निगमों, नगर परिषदों एवं नगर पालिकाओं के अंतर्गत, मुख्यतः जनसंख्या मानदंड तथा अन्य कारकों जैसे जनसंख्या घनत्व, गैर-कृषि गतिविधियां, राजस्व सृजन इत्यादि के आधार पर किया गया है। हालांकि जिला मुख्यालयों पर स्थापित नगर निकायों को, उनकी जनसंख्या चाहे कितनी भी हो, नगर परिषद के रूप में नामित किया गया है। नगर परिषदें एवं नगर पालिकाएं हरियाणा नगरपालिका अधिनियम, 1973 (1973 का 24) के प्रावधानों के अंतर्गत संचालित हैं जबकि नगर निगम, हरियाणा नगर निगम अधिनियम, 1994 (1994 का 16) के प्रावधानों के अंतर्गत संचालित हैं। सम्पूर्ण देश के नगर निकाय कानूनों में एकरूपता लाने, नगर निकाय उप-नियमों को सरल बनाने, वित्तीय प्रबन्धन तथा लेखा प्रणालियों में सुधार लाने के साथ-साथ नगर निकायों की आंतरिक संसाधन सृजन क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य हेतु आवासन और शहरी कार्य मन्त्रालय ने वर्ष 2003 में आदर्श नगर निकाय कानून परिचालित किया था।

नागरिकों को दी जाने वाली नगर निकाय सेवाओं का स्तर एवं गुणवत्ता तीनों वर्गों के नगर निकायों के अंतर्गत एकरूप होना जरूरी है तथा इसे वित्तीय कठिनाईयों एवं कार्यात्मक क्षमता के उतार चढ़ाव के अधीन नहीं किया जा सकता। शहरी स्थानीय निकाय विभाग सभी वर्गों की नगर निकायों के लिए एकल पर्यवेक्षण विभाग है।

हरियाणा नगरपालिका अधिनियम, 1973 (1973 का 24) तथा हरियाणा नगर निगम अधिनियम, 1994 (1994 का 16) के अधिनियमित होने के पश्चात, वर्तमान नगर निकाय अधिनियमों में पचास से भी अधिक संशोधन किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त, विभाग को समान मामले जैसे कि सम्पत्ति कर के मूल्यांकन से संबंधित अधिसूचनाएं, लाईसेंसों से सम्बन्धित नियम एवं विनियम, विज्ञापन, विकास शुल्क आदि के सम्बन्ध में दरों के निर्धारण हेतु इन दोनों नगर निकाय अधिनियमों के अंतर्गत पृथक अधिसूचनाएं जारी करनी होती हैं। ऐसे प्रयोग से अनावश्यक प्रकार के प्रयासों की पुनरावृत्ति, समय की बर्बादी तथा आमजन एवं विभाग के कर्मचारियों के मध्य भ्रांति उत्पन्न होती है।

दोनों अधिनियमों में पृथक सेवा नियमों की प्रयोज्यता के कारण, नगर निकाय कर्मचारियों के स्थानांतरण, पदोन्नति एवं वरिष्ठता सूची निर्धारण के मामलों में अस्पष्टता उत्पन्न होती है। यह प्रायः अनावश्यक मुकदमेबाजी का कारण बनता हैं तथा उच्च कार्यक्षमता हेतु कर्मचारियों की उचित तैनाती के उद्देश्य को विफल कर देता है। देश के 10 राज्य नामतः बिहार, राजस्थान, केरल, झारखण्ड, त्रिपुरा, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड तथा सिक्किम में सभी वर्गों की नगर निकायें एकल अधिनियम के अधीन संचालित हैं।

संविधान (74वाँ संशोधन) अधिनियम 1992 में परिकल्पित प्रावधानों के अंतर्गत राज्य में नगर निकायों को निश्चितता, निरन्तरता एवं सामर्थ्य प्रदान करने तथा अधिक पारदर्शिता एवं बेहतर शासन व्यवस्था लाने हेतु, शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा एक एकल अधिनियम नामतः हरियाणा नगर निकाय विधेयक, 2025 को अधिनियमित करने की प्रस्तावना करता है जो राज्य की सभी नगर निकायों पर एकरूपता से लागू होगा।

प्रस्तावित विधेयक में कुछ अतिरिक्त प्रावधान भी शामिल किए गए हैं जिनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि - नगर निकायों को सम्पत्ति कर, विकास कर एवं शुल्क, कचरा शुल्क, विज्ञापन शुल्क, जल एवं सीवरेज शुल्क इत्यादि के सम्बन्ध में सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम एवं अधिकतम दरों के मध्य, करों एवं शुल्कों की दरें, तय करने हेतु सशक्त किया गया है; नगर निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों को इलेक्ट्रॉनिक प्रणाली के माध्यम से बैठकों में भाग लेने हेतु नियत करना तथा नगर निकायों को बिना बाह्य उपस्थिति के परिसंचरण के माध्यम से प्रस्तावों को पारित करने हेतु सक्षम बनाना है; नगर निकाय क्षेत्रों के अंदर यातायात प्रबंधन में सुधार हेतु शहरी यातायात की प्रभावी योजना बनाने तथा पारिस्थितिकी तंत्र सेवाओं के साथ-साथ हरित क्षेत्रों के रखरखाव हेतु शहरी वानिकी का प्रावधान किया गया है; सभी नगर निकाय कर्मचारियों के लिए समान सेवा नियम तैयार करना, जिससे मुकद्दमेबाजी में काफी हद तक कमी आएगी और इसके अतिरिक्त, नगर निकाय अपराधों की सुनवाई के सम्बन्ध में नगर निकाय न्यायाधीश की नियुक्ति करना शामिल करना है।

इसलिए वर्तमान में नगर निकाय अधिनियमों नामतः हरियाणा नगरपालिका अधिनियम, 1973 (1973 का 24) और हरियाणा नगर निगम अधिनियम, 1994 (1994 का 16) का निरसन तथा हरियाणा नगर निकाय विधेयक, 2025 को अधिनियमित करना आवश्यक है।
December 19, 2025

हरियाणा सरकार पर जनता का नॉन-स्टॉप भरोसा — मुख्यमंत्री

हरियाणा सरकार पर जनता का नॉन-स्टॉप भरोसा — मुख्यमंत्री
11 सालों में लगातार मजबूत हुआ सड़क नेटवर्क, विपक्ष को हो रही दिक्कत — नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़— हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार काम करने वाली सरकार है, जिस पर लोग विश्वास करते हैं और नॉन—स्टॉप विश्वास कर रहे हैं। पिछले 11 सालों में सड़क नेटवर्क को जो मजबूती मिली है, उससे कहीं न कहीं विपक्ष को दिक्कत हो रही है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल के दौरान विधायक श्रीमती गीता भुक्कल द्वारा पूछे गए एक प्रश्न का उत्तर दे रहे थे।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विपक्ष के सदस्यों द्वारा हर बार पोस्टर लेकर आना, अखबार दिखाना, इससे हमें कोई दिक्कत नहीं है। राज्य सरकार काम करने वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने सड़कों के सुदृढ़ीकरण के बारे में नहीं सोचा, जबकि पिछले 11 सालों में सड़क नेटवर्क को जो मजबूती मिली है, इसी से तो इन्हें दिक्कत आ रही है।

उन्होंने कहा कि झज्जर—छुछकवास तक ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस—वे निकल रहा है, लेकिन विपक्ष के सदस्यों ने सरकार का शुक्रिया तक नहीं किया। कम से कम इन्हें सड़कों के सुधारीकरण के लिए शुक्रिया तो अदा करना चाहिए।