Breaking

Sunday, December 28, 2025

December 28, 2025

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई हाई पॉवर्ड वर्क्स परचेज कमेटी की बैठक

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई हाई पॉवर्ड वर्क्स परचेज कमेटी की बैठक

नेगोशिएशन से लगभग 150 करोड़ों रुपये की हुई बचत

हरियाणा में अवसंरचना विकास को गति,कमेटी ने दी प्रमुख परियोजनाओं को मंजूरी
चंडीगढ़ —हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में शनिवार को हरियाणा निवास में हाई पॉवर्ड वर्क्स परचेज कमेटी (एचपीडब्ल्यूपीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित महत्त्वपूर्ण अवसंरचना एवं विकास परियोजनाओं के प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया तथा सेवाओं एवं कार्यों की खरीद से संबंधित महत्त्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

 

बैठक में कुल 58 निविदाओं पर विचार किया गया, जिनकी कुल अनुमानित लागत लगभग 4216 करोड़ रुपये थी। इनमें से 2 निविदाओं को रिटेंडर करने का निर्णय लिया गया। शेष 56 निविदाओं, जिनकी कुल अनुमानित लागत लगभग 4166 करोड़ रुपये थी, पर बोलीदाताओं के साथ विस्तृत नेगोशिएशन के उपरांत कुल कार्य मूल्य लगभग 4016 करोड़ रुपये पर सहमति बनी। इस प्रकार नेगोशिएशन प्रक्रिया के माध्यम से लगभग 150 करोड़ रुपये की अनुमानित बचत सुनिश्चित की गई, जिससे राज्य सरकार के वित्तीय प्रबंधन, पारदर्शिता तथा संसाधनों के कुशल उपयोग को मजबूती मिली है।

बैठक में ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज, शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री विपुल गोयल, लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा तथा सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी उपस्थित रहे।

बैठक में बिजली वितरण क्षेत्र को सुदृढ़ करने हेतु नवीनीकृत सुधार आधारित एवं परिणाम से जुड़ी विद्युत वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के अंतर्गत प्रस्तुत प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अंतर्गत दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम तथा उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के विभिन्न क्षेत्रों में वितरण अवसंरचना विकास, लाइन लॉस में कमी, नए 33 केवी सब-स्टेशनों की स्थापना तथा मौजूदा सब-स्टेशनों के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण से संबंधित कार्यों के लिए निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर चुकी फर्मों/एजेंसियों को कार्य आवंटित करने की मंजूरी दी गई।

दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अंतर्गत डबवाली, नरवाना, सोहना, सिरसा, गुरुग्राम-II, फतेहाबाद, हिसार, नारनौल एवं रेवाड़ी क्षेत्रों में वितरण अवसंरचना विकास एवं सब-स्टेशन सुदृढ़ीकरण से संबंधित कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई।

इसी प्रकार उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अंतर्गत पंचकूला , पिंजौर, बरवाला, रायपुर रानी, पानीपत, करनाल, समालखा तथा रोहतक ज़ोन के विभिन्न क्षेत्रों में वितरण व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण एवं सब-स्टेशन विस्तार से संबंधित कार्यों को मंजूरी दी गई।

गुरुग्राम में एससीएडीए तथा डीएमएस/ओएमएस प्रणाली के क्रियान्वयन से संबंधित प्रस्ताव को भी बैठक में स्वीकृति प्रदान की गई।

एजेंडा में शामिल फरीदाबाद एवं गुरुग्राम में आरडीएसएस योजना के तहत 66 केवी सब-स्टेशनों से जुड़े 11 केवी शहरी एवं औद्योगिक फीडरों की विद्युत वितरण अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिकीकरण से संबंधित कार्यों के लिए टेंडर को रिटेंडर करने का निर्णय लिया गया।

इसके अतिरिक्त बैठक में शहरी विकास एवं आधारभूत संरचना से संबंधित कई अन्य महत्त्वपूर्ण परियोजनाओं को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें

सोनीपत महानगरीय विकास प्राधिकरण के अंतर्गत सेक्टर 5/6, 6/9 एवं 5/10 के बीच मास्टर रोड्स के शेष हिस्सों के चार लेन चौड़ीकरण एवं सुधार कार्य,

पंचकूला में घग्गर नदी पर सेक्टर-3 एवं सेक्टर-21 को सेक्टर-23 एवं सेक्टर-25 से जोड़ने वाली सड़क पर पंचकूला गोल्फ क्लब के निकट मौजूदा पुल के समीप एक नए उच्च स्तरीय पुल का निर्माण (ईपीसी मोड पर),

पंचकूला महानगरीय विकास प्राधिकरण के अंतर्गत शहर से गुजरने वाली दो जल धाराओं के सौंदर्यीकरण एवं पुनर्जीवन तथा उनके आसपास के क्षेत्रों के वाणिज्यिक एवं मनोरंजन उपयोग से संबंधित परियोजनाएं,

फरीदाबाद के सेक्टर-78 तथा गुरुग्राम के सेक्टर-9 में कार्यरत महिलाओं के लिए आधुनिक हॉस्टल भवनों का निर्माण, जिसमें सिविल, विद्युत, प्लंबिंग, फायर फाइटिंग, फायर अलार्म, सीसीटीवी, एचवीएसी, लिफ्ट, हॉर्टिकल्चर एवं अन्य सहायक कार्यों सहित निर्धारित अवधि तक रख-रखाव शामिल है।

इसके अलावा भिवानी स्थित विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर में कन्वेंशन सेंटर भवन के शेष कार्यों को पूर्ण करने से संबंधित प्रस्ताव को भी बैठक में स्वीकृति प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत कार्यों को पूर्ण गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं में न्यूनतम लागत पर अधिकतम गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा टिकाऊ, दीर्घकालिक और कम रख-रखाव वाली निर्माण सामग्री का उपयोग किया जाए।

बैठक में हरियाणा अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी के प्रिंसिपल एडवाइजर श्री डी.एस. ढेसी, लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अनुराग अग्रवाल, ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव श्री श्यामल मिश्रा, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, सोनीपत महानगरीय विकास प्राधिकरण की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती ए. मोना श्रीनिवास, आपूर्ति एवं निपटान विभाग के महानिदेशक श्री पंकज, हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. आदित्य दहिया सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
December 28, 2025

विकसित भारत 2047 के विजन और देश की तरक्की को देखकर पूरी दुनिया की नजर है भारत पर : नायब सिंह सैनी

विकसित भारत 2047 के विजन और देश की तरक्की को देखकर पूरी दुनिया की नजर है भारत पर : नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री ने पिपली अनाज मंडी धर्मशाला में  मन की बात कार्यक्रम के 129वें एपिसोड को सुना

मुख्यमंत्री ने देश व प्रदेशवासियों को नव वर्ष की दी शुभकामनाएं
चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विकसित भारत 2047 के विजन अनुरूप और  तरक्की की राह पर तेजी से आगे बढ़ता देखकर पूरी दुनिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नए विजन को एक नई उम्मीद और आशा के साथ देख रही है। विज्ञान के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां, नए-नए आविष्कारों से दुनियाभर के  देश प्रभावित हैं। आज देश की युवा पीढ़ी में नया करने का जुनून स्पष्ट नजर आ रहा है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को पिपली अनाज मंडी स्थित धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 129 वें एपिसोड को सुन रहे थे। मन की बात कार्यक्रम में पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री  ने मौके पर पहुंचे लोगों की समस्याओं को सुना और उन्हें अधिकारियों के पास भेजकर समाधान करवाने का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी दिन यंग लीडर डायलॉग कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में देश के युवाओं द्वारा इनोवेशन, फिटनेश, स्टार्टअप व एग्रीकल्चर जैसी विषयों पर आइडिया शेयर किए जाएंगे, जो देश को विकसित  बनाने में मदद करेंगे।  कार्यक्रम में  युवाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से देशवासियों को प्रेरणा देने के लिए देश के अलग-अलग कोने में समाजहित व देशहित में काम करने वाले लोगों की जानकारी सांझा करते हैं, जिससे अन्य नागरिक प्रेरणा पाते हैं और आगे बढ़ाने के प्रयास करते है। इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं में काम करने का जज्बा पैदा करते हैं। अब तक हुए मन की बात कार्यक्रम से सैकड़ों युवाओं ने अपना कार्य शुरू किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने वर्षभर में हुई उपलब्धियां  से देशवासियों को अवगत करवाया। इसके साथ ही जम्मू कश्मीर में बुद्ध स्तूप की आकृति मिलने पर आर्केलॉजी विभाग द्वारा किए गए सराहनीय कार्य की तारीफ की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य के प्रत्येक कोने का समान रूप से विकास करवा रही है ताकि नागरिकों को सभी सुविधाएं सहज उपलब्ध हो सकें।

मुख्यमंत्री ने देश व प्रदेशवासियों को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं भी दी।

इस मौके पर हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा,  हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी प्रधान जगदीश सिंह झींडा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा,  भाजपा जिला अध्यक्ष तिजेंदर सिंह   सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Saturday, December 27, 2025

December 27, 2025

एलटीसी जारी करने के नाम पर रिश्वत मांगने वाला क्लर्क गिरफ्तार

एलटीसी जारी करने के नाम पर रिश्वत मांगने वाला क्लर्क गिरफ्तार

पीछा करो अभियान में राज्य सतर्कता ब्यूरो की करनाल टीम को बड़ी सफलता
करनाल :  राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की करनाल रेंज टीम ने भ्रष्टाचार के एक पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई पीछा करो अभियान के तहत की गई। आरोपी पर सरकारी कार्य के बदले रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप हैं। ब्यूरो को उसके खिलाफ पर्याप्त तथ्य और साक्ष्य मिले थे, जिसके आधार पर टीम ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी गई है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

डाटा एंट्री ऑपरेटर सुनील कुमार दबोचा गया

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो करनाल की टीम ने सब-ट्रेजरी नरवाना में तैनात डाटा एंट्री ऑपरेटर (एचआरकेएन) गांव बदोंवाला (धर्मगढ़), तहसील नरवाना, जिला जींद निवासी सुनील कुमार पुत्र रघुबीर सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश में टीम लगातार प्रयास कर रही थी।

एलटीसी जारी करने की एवज में मांगी थी रिश्वत

मामले की शिकायत 13 मार्च 2025 को नरवाना, जिला जींद निवासी बलजीत सिंह ने ब्यूरो करनाल को दी थी। शिकायत में बताया गया था कि उसके पिता की पेंशन ट्रेजरी नरवाना से आ रही है। पिता की एलटीसी जारी करवाने के लिए जब वह ट्रेजरी में तैनात क्लर्क सुनील कुमार से मिला, तो उसने इसके बदले 5 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायत के बाद ब्यूरो ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ पुख्ता सबूत सामने आए, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।

December 27, 2025

केन्द्र सरकार से मांग पंजाब स्थित दीवान टोडरमल जैन की ऐतिहासिक हवेली को राष्ट्रीय धरोहर घोषित किया जाए : डॉ . राजकुमार गोयल

केन्द्र सरकार से मांग पंजाब स्थित दीवान टोडरमल जैन की ऐतिहासिक हवेली को राष्ट्रीय धरोहर घोषित किया जाए : डॉ . राजकुमार गोयल 
जींद : अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी डा. राजकुमार गोयल ने केंद्र सरकार, भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय तथा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण से पुरजोर मांग की है कि पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद शहर में स्थित दीवान टोडरमल जैन की ऐतिहासिक हवेली जिसे जहाज हवेली के नाम से जाना जाता है, को शीघ्र राष्ट्रीय धरोहर घोषित किया जाए और इसका वैज्ञानिक संरक्षण एवं संवर्धन किया जाए।
गोयल ने कहा कि दीवान टोडरमल जैन भारतीय इतिहास में त्याग, साहस, करुणा और मानवता के ऐसे अद्वितीय प्रतीक हैं जिनका नाम स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। मुगल काल के दौरान जब सरहिंद में गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबजादों और माता गुजरी जी को अत्यंत अमानवीय यातनाएं दी गई और उनके अंतिम संस्कार के लिए भूमि तक देने से इनकार कर दिया गया तब दीवान टोडरमल जैन जी ने मानव धर्म निभाते हुए अपने धन से स्वर्ण मुद्राएँ बिछाकर भूमि खरीदी और उनका विधिवत अंतिम संस्कार कराया। उन्होंने कहा कि उस दौर में सत्ता और भय के वातावरण में ऐसा साहसिक कदम महान व्यक्तित्व ही उठा सकता था।
दीवान टोडरमल जैन जी का यह कार्य केवल एक धार्मिक कर्म नहीं बल्कि मानवता, सांप्रदायिक सौहार्द और धर्मनिरपेक्षता का महान उदाहरण है जो आज भी पूरे देश को प्रेरणा देता है। गोयल ने कहा कि दीवान टोडरमल जैन जी की हवेली केवल ईंट-पत्थर की इमारत नहीं है बल्कि यह उस महान इतिहास की सजीव साक्षी है जिसने भारत की सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा दी। दुर्भाग्यवश समय के साथ इस ऐतिहासिक हवेली की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है और यदि शीघ्र संरक्षण के ठोस कदम नहीं उठाए गए तो यह अमूल्य धरोहर नष्ट होने की कगार पर पहुँच सकती है।
उन्होंने कहा कि देश की अनेक ऐतिहासिक इमारतों को राष्ट्रीय धरोहर घोषित कर संरक्षित किया गया है, उसी तर्ज पर दीवान टोडरमल जैन की हवेली को भी राष्ट्रीय धरोहर का दर्जा मिलना चाहिए ताकि इसका संरक्षण, जीर्णोद्धार और शोध कार्य व्यवस्थित रूप से हो सके और आने वाली पीढ़ियां इस गौरवशाली इतिहास से परिचित हो सकें। गोयल ने कहा कि यह पूरे देश की सांझा सांस्कृतिक विरासत को बचाने की राष्ट्रीय आवश्यकता है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि इस विषय को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
December 27, 2025

18 जनवरी को परिवहन मंत्री आवास पर अम्बाला छावनी में न्याय मार्च करके समस्याओं बारे अवगत करवाएंगे रोड़वेज कर्मचारी

18 जनवरी को परिवहन मंत्री आवास पर अम्बाला छावनी में न्याय मार्च करके समस्याओं बारे अवगत करवाएंगे रोड़वेज कर्मचारी*
*बड़े आंदोलन का होगा ऐलामोर्च

जींद : हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चे के पूर्व में घोषित कार्यक्रम अनुसार आज जींद डिपो में गेट मीटिंग राममेहर रेढू, जितेंद्र लाठर, रमेश
कुमार, अनिल गौतम की अध्यक्षता में की गई।संचालन नीतीश शर्मा ने किया। गेट मीटिंग में शामिल कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए सांझा मोर्चे के वरिष्ठ सदस्य अनूप लाठर, दिनेश हुड्डा, जगदीप लाठर, श्रीभगवान लाठर, सुशील इक्कश, संदीप रंगा ने बताया कि प्रदेश सरकार छात्र,छात्राओं एवम आम व्यक्ति की पसंद सुरक्षित एवम सस्ती परिवहन सेवा का निजीकरण करके पूंजीपतियों के हवाले कर रही हैं। योजना की ठेके की इलेक्ट्रिक बसों व ठेके की किलोमीटर स्किम की बसों को रोड़वेज विभाग में बिना  मांग के लगातार शामिल किया जा रहा। योजना की ठेके की बसों से रोड़वेज विभाग को घाटा हो रहा हैं। दूसरी ओर मंत्री एवम विधायक अपने अपने विधानसभा के हर गांव में सरकारी  बसों चलवाने के आदेश रोडवेज़ अधिकारियों दिए जा रहे हैं। जबकी रोड़वेज विभाग के पास सभी गाँवो में सरकारी बस भेजने के लिए पर्याप्त बसे नही हैं।आज रोड़वेज विभाग में चालक,परिचालकों की बहुत कमी हैं। बसों की मुरम्मत करने के लिए कर्मचारी ना के बराबर रहे गए हैं। चालक, परिचालकों की कमी एवम बसों मरमत समय पर न होने के कारण बसे खड़ी रहती हैं।रोड़वेज विभाग में आज हजारों पद खाली पड़े हैं। आम जनता को परिवहन सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा हैं। प्रदेश की जनसंख्या के आधर पर सरकार नई सरकारी बसों को खरीदकर रोड़वेज बेड़े में शामिल करे।जिससे हजारों बेरोजगार युवकों को रोजगार मिलेगा।आज रोड़वेज विभाग में चालक,परिचालकों व कर्मशाला के कर्मचारियों की कमी होने के कारण मौजूदा कर्मचारियों पर काम बोझ बहुत बढ़ गया हैं। कर्मचारियों का शारीरिक एवम मानशिक उत्पीड़न किया जा रहा हैं। आम जनता की विपरीत परिस्थितियों में दिन रात सेवा करने वाले रोड़वेज कर्मचारियों की अनेक समस्याओं व मांगो को सरकार जायज मानकर यूनियन नेताओ से समझौता तो लगातार कर रही है परन्तु उन जायज मांगो को लागू नही कर रही हैं।जिससे कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा हैं। कर्मचारियों की मुख्य मांगो में धुन्ध,बारिश एवम कोरोना काल जैसे विपरीत समय मे जोखिम भरी ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को जोखिम भत्ता दिया जाए। ऑनलाइन तबादला नीति के स्थान विभाग एवम कर्मचारी हित की आपसी तबादला नीति को पुनः अपनाया जाए।चालको, परिचालक,लिपिक,स्टोर किपर,कैशियर के पद का पे ग्रे बढ़ाया जाए।  देय अर्जित अवकाश कटौती पत्र को वापिस लेकर पूर्व की तरह देय अर्जित अवकाश दिए जाए। 2002 के चालको को नियुक्ति तिथि से पक्का किया जाए एवम पुरानी पेंशन योजना में शामिल किया जाए। सभी प्रकार की पूर्ण प्रकिया करने वाले 2016 के चालको को पक्का किया जाए। अड्डा इंचार्ज का नया पद सृजित करके चालको को प्रमोशन दी जाए। वंचित 2008 के परिचालकों को उपनिरीक्षक के पद पर प्रमोशन की जाए। कर्मशाला के 2018 के ग्रुप द के कर्मचारियों को कॉमन कैडर से बाहर करके तकनीकी पदो पर प्रमोशन दी जाए। जुत्ता भत्ता,शिक्षा भत्ता, वर्दी भत्ता महंगाई अनुसार बढ़ाया जाए। दादरी डिपो के 52 हेल्परो सहित सभी प्रकार के का कच्चे कर्मचारियों की पॉलिसी बनाकर पक्का किया जाए। कोरोना समय मे खड़ी ठेके की बसों को पेमेन्ट करने के आदेश रद्द करने पूरे मामले की जांच की जाए। बकाया बोनस का भुगतान किया जाए। सभी डिपो के सभी मार्गो का पुनः सर्वे करवाया जाए। चालक परिचालकों से आठ घण्टे की ड्यूटी ली जाए। आठ घण्टे की ड्यूटी से अधिक ड्यूटी का ओवर टाईम दिया जाए। अनेक मांगे हैं जिन्हें सरकार जायज मानती हैं परंतु लागू नही कर रही हैं। सरकार समय रहते बातचीत माध्यम से कर्मचारियों की समस्याओं को हल करे।अगर सरकार ने कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नही किया तो प्रदेश भर के सभी डिपो के रोड़वेज कर्मचारी 18 जनवरी 2026 को अम्बाला छावनी में परिवहन मंत्री के आवास पर न्याय मार्च निकालेंगे ओर बड़े आंदोलन की घोषणा की जाएगी। गेट मीटिंग में  मुख्य रूप से राजकुमार रधाना, बलकार रेढू, जसबीर चहल, विजय कुमार, मनदीप रेढू, ओमवीर, पवन मलिक, सतपाल लोहान, नरेश कुमार, जयभगवान खरब, जोगेंद्र सिंह आदि शामिल हुए। 

December 27, 2025

*कला को पोषित रखना हमारा कर्तव्य : प्रदीप कुमार*

*कला को पोषित रखना हमारा कर्तव्य : प्रदीप कुमार* 
राखीगढ़ी महोत्सव में कला संरक्षण के लिए कई संस्थाएं एक मंच पर आई
जींद : इंडस वैली सिविलाइजेशन की सबसे बड़ी पुरातात्विक साइट राखीगढ़ी में पुरातत्व विभाग एवं संग्रहालय के तत्वावधान में तीन दिवसीय *राखीगढ़ी महोत्सव* का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव में देशभर से आए कलाकार अपनी कला प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
महोत्सव के अंतर्गत स्टूडियो माटी आर्ट, सोल एंड स्पिरिट आर्ट सोसाइटी, गोपाल विद्या मंदिर, चारकोल डिजाइन, सिंधु ग्रुप ऑफ एजुकेशन और भारत मित्र स्तंभ के संयुक्त तत्वावधान में कला की विभिन्न विधाओं को एक मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिला। प्रदर्शनी में कार्विंग, एक्रेलिक पेंटिंग, मूर्तिकला सहित अन्य कलाओं को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जिन्होंने कलाकारों के कार्य की खुले मन से सराहना की।
स्टूडियो माटी आर्ट के संस्थापक एवं अयोध्या में राम मंदिर के लिए राम दरबार के निर्माणकर्ता प्रदीप कुमार ने कहा कि कला को पोषित रखना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की कला परंपरा अपने आप में अत्यंत समृद्ध है। राखीगढ़ी में 8000 वर्ष पुरानी सिंधु घाटी सभ्यता के अवशेष मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र को पर्यटन के रूप में विकसित किया जा रहा है और इसी उद्देश्य से हरियाणा सरकार ऐसे आयोजनों के माध्यम से विजुअल एवं परफॉर्मिंग आर्ट को बढ़ावा दे रही है। साथ ही पुरातत्व विभाग एवं संग्रहालय की स्थापना के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।चित्रकार दीपक कौशिक और नवीन ने बताया कि उन्हें यहां अपनी कला प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर मिला। महोत्सव के दौरान लाइव मूर्तिकला का डेमोंसट्रेशन भी आकर्षण का केंद्र रहा। इसके अलावा रंगोली, चित्रकला, फोटोग्राफी सहित कला की अनेक विधाओं के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया। इस अवसर पर छात्र मुकीम और नितिन द्वारा की गई पाप की टाइल कार्विंग को आगंतुकों और अधिकारियों ने विशेष रूप से सराहा। महोत्सव के माध्यम से न केवल कला को मंच मिला, बल्कि राखीगढ़ी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को भी नई पहचान मिली।
December 27, 2025

दिल्ली में कड़ाके की ठंड और कोहरे की चादर, 1 जनवरी तक प्रदूषण से भी नहीं मिलेगी राहत!

दिल्ली में कड़ाके की ठंड और कोहरे की चादर, 1 जनवरी तक प्रदूषण से भी नहीं मिलेगी राहत!
नई दिल्ली : देश के ज्यादातर उत्तरी इस वक्त ठंड के चपेट में है. राजधानी में तो लोगों को ठंड के साथ साथ प्रदूषण भी झेलना पड़ रहा है. वहीं दिन भर कोहरे की स्थिति भी अलग ही मुसीबत बनी हुई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 27 दिसंबर और 28 दिसंबर को दिल्ली एनसीआर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. बीते 24 घंटों में घना कोहरा, धीमी हवाएं और गिरता तापमान दर्ज किया गया है. इसका सीधा असर जनजीवन, दृश्यता और प्रदूषण स्तर पर पड़ा है, जिससे ठंड और स्मॉग दोनों की चुनौती बनी हुई है.
*दिल्ली एनसीआर का ताजा पूर्वानुमान*

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली एनसीआर में हवाओं की रफ्तार लगातार कम हो रही है और फिलहाल दिन में 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच बनी हुई है. यह स्थिति 1 जनवरी तक बने रहने की संभावना है. बीते 24 घंटों में कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा और ठंडी हवाएं चलीं. दिसंबर के अंत तक हवाओं की गति में कोई खास बदलाव नहीं होने से प्रदूषण में भी राहत नहीं मिल रही है. 27 से 31 दिसंबर के बीच अधिकतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है.
कोहरे का यलो अलर्ट और तापमान की स्थिति
मौसम विभाग ने 27 और 28 दिसंबर के लिए मध्यम से घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में दृश्यता काफी कम हो सकती है. बादलों की मौजूदगी के कारण तापमान में तेज गिरावट नहीं होगी, लेकिन रात की ठंड बनी रहेगी. 
27 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री और 28 दिसंबर को 5 से 7 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. 30 और 31 दिसंबर को अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है. दिल्ली का AQI 332, नोएडा 376, गाजियाबाद 382, गुरुग्राम 312 और ग्रेटर नोएडा 394 दर्ज किया गया है.
*रात की कड़ाके की सर्दी और विशेषज्ञों की राय*

यलो अलर्ट का मतलब है कि इन दिनों रात में कड़ाके की ठंड और कई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है. फिलहाल शीतलहर या बारिश की कोई संभावना नहीं है. मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे और 1 जनवरी तक बर्फबारी जारी रह सकती है. 31 दिसंबर और 1 जनवरी को उत्तरी पंजाब में हल्की बारिश संभव है. दक्षिण भारत में 30 दिसंबर से बारिश बढ़ेगी, जबकि हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में पाला गिरने की आशंका है।
December 27, 2025

जींद के गांव ईंटल कलां में देसी अंदाज़ में दिखे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, ग्रामीण बोले - “इब तो मुख्यमंत्री भी अपणे ही घर का आदमी लाग्गै सै।”

जींद के गांव ईंटल कलां में देसी अंदाज़ में दिखे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी, ग्रामीण बोले - “इब तो मुख्यमंत्री भी अपणे ही घर का आदमी लाग्गै सै।”
जींद : राखीगढ़ी जाते वक्त हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी ने जींद जिले के गांव ईंटल कलां में अचानक गाड़ी रुकवाई और सीधे ग्रामीणों के बीच बातचीत करने पहुंच गए।

बिना किसी तामझाम के मुख्यमंत्री जी को अपने बीच पाकर गांव वाले खुशी से गदगद हो गए।

मुख्यमंत्री जी गांव में हुक्का गुड़गुड़ाते बुजुर्गों के साथ बैठ गए, उनका हालचाल पूछा और खेती-बाड़ी से लेकर गांव की ज़िंदगी पर खुलकर बातचीत की।
उन्होंने ग्रामीण जीवन की सादगी और आपसी भाईचारे की भावना की सराहना करते हुए कहा कि गांवों की यही आत्मा हरियाणा की असली ताकत है।

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री जी से अपने अनुभव साझा किए और क्षेत्र की कुछ स्थानीय समस्याओं का संक्षेप में उल्लेख किया, जिन्हें मुख्यमंत्री जी ने ध्यानपूर्वक सुना और उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री जी का इस तरह अचानक गांव में रुकना और देसी अंदाज़ में लोगों से मिलना यह साबित करता है कि नायब सिंह सैनी जी ज़मीन से जुड़े, सादा जीवन और बड़े दिल वाले नेता हैं, जो सच में हरियाणा की मिट्टी की खुशबू समझते हैं।

Nayab Saini
December 27, 2025

जींद में RPF जवानों पर हमला, मारपीट करके अपहरणः गश्त के दौरान गाली-गलौज, वर्दी फाड़ी, एक को बाइक पर डाल ले गए।

जींद में RPF जवानों पर हमला, मारपीट करके अपहरणः गश्त के दौरान गाली-गलौज, वर्दी फाड़ी, एक को बाइक पर डाल ले गए।
जींद : हरियाणा के जींद जिले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के दो जवानों पर हमला करने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने एक जवान का अपहरण कर लिया, जबकि दूसरे की वर्दी फाड़ दी। घटना के बाद सदर जींद पुलिस ने चार नामजद सहित छह आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
*गश्त के दौरान हुआ हमला*

यह घटना बीती रात करीब 7:50 बजे की है। आरपीएफ जवान प्रवीण कुमार और संदीप कुमार पानीपत रेलवे लाइन पर सुंदरपुर और लखमीरवाला गांवों के बीच मोटरसाइकिल से गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान उन्हें दो संदिग्ध बाइक सवार युवक मिले। जवानों ने जब उनसे पूछताछ की, तो युवकों ने कथित तौर पर शराब के नशे में गाली-गलौज शुरू कर दी।
छह बदमाशों ने की मारपीट

कुछ ही देर में दो अन्य बाइकों पर उनके चार और साथी मौके पर पहुंच गए। कुल छह आरोपियों ने मिलकर दोनों जवानों के साथ हाथापाई की। इस दौरान आरोपियों ने सिपाही प्रवीण कुमार की वर्दी फाड़ दी और सिपाही संदीप कुमार को मारपीट कर जबरदस्ती अपनी बाइक पर बिठाकर सुंदरपुर गांव ले गए।
साथी को छुड़ाने पहुंचा जवान फिर बना निशाना

सिपाही प्रवीण कुमार ने तुरंत 112 नंबर और अपने उच्चाधिकारियों को घटना की सूचना दी। इसके बाद वह अपने साथी संदीप को छुड़ाने और उनकी बाइक लेने सुंदरपुर गांव पहुंचा, जहां आरोपियों ने उसे फिर से घेर लिया और मारपीट की। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर दोनों जवानों को बचाया। इसके बाद दोनों ने अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवाया।
छह आरोपियों पर मामला दर्ज

पुलिस ने थाना सदर जींद में सिपाही प्रवीण कुमार की शिकायत पर गांव सुंदरपुर निवासी मंजीत, अमित, नवदीप और साहिल सहित दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जांच जारी

घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
December 27, 2025

अटल जयंती पर जुलाना में मनाया गया अटल स्मृति सम्मेलन

अटल जयंती पर जुलाना में मनाया गया अटल स्मृति सम्मेलन
जींद : पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जन्मजयंती को भाजपा धूमधाम से मना रही है, इसी क्रम में जींद जिले की जुलाना विधानसभा में भी अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन शहर की अग्रवाल धर्मशाला में हुआ। जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में जुलाना से भाजपा प्रत्याशी रहे कैप्टन योगेश बैरागी शामिल हुये। गौरतलब है कि भाजपा अपने संस्थापक वरिष्ठतम नेता का जन्मदिन शुरुआत से ही सुशासन दिवस के रूप में मनाती रही है। लेकिन 101वीं जयंती को और खास बनाने के लिये भाजपा नें विधानसभा और नगर निगम स्तर पर 'अटल स्मृति सम्मेलन' आयोजित करने का इस वर्ष फैसला लिया है।
इस अवसर पर मौजूद बड़ी संख्या में लोगों को संबोधित करते हुये कैप्टन योगेश नें कहा कि हम सबको अटल जी से धैर्य, अनुशासन, सहनशीलता, विपक्षियों को भी सम्मान देना, सामाजिक और राजनीतिक जीवन में सबको साथ लेकर चलने की कला जैसी आदतों को सीखना चाहिये। अटल जी के विकसित भारत के सपने को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरा कर रहे हैं, जिसमें हम सब को भी अपने अपने हिस्से का योगदान देना है।
कार्यक्रम को अन्य भाजपा नेताओं नें भी संबोधित किया। विरासत के साथ विकास करने का संदेश देने वाले इस कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष तेजिंदर ढुल, जिला महामंत्री द्वय पुष्पा तायल, जितेंद्र रोड, जिला सचिव कृष्ण पुनिया, सुलेखा सिंह, मंडल अध्यक्ष प्रदीप शर्मा, मंडल महामंत्री विकास काजल, पवन शर्मा, इसके अलावा जुलाना विधानसभा के अन्य तीनों मंडलों के अध्यक्ष, बीएलए टू विधानसभा अनिल सैनी, नगर पालिका उपप्रधान पवन सैनी, जुलाना मार्केटिंग कमेटी के उपचेयरमैन प्रवीण कश्यप, रणवीर रेडु, सतीश सांगवान, महेंद्र पौली, महावीर पौली समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Friday, December 26, 2025

December 26, 2025

*राखीगढ़ी को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए केंद्रीय बजट में 500 करोड़ का प्रावधान - मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*

*राखीगढ़ी को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए केंद्रीय बजट में 500 करोड़ का प्रावधान - मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*

*राखीगढ़ी को राष्ट्रीय–अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए हरियाणा सरकार कर रही ठोस प्रयास*

 *प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करते हुए आत्मविश्वास से निरंतर बढ़ रहा आगे*

*राखीगढ़ी को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने के प्रयास जारी: मुख्यमंत्री*

 *राखीगढ़ी और राखी शाहपुर गांवों को 21-21 लाख रुपये का अनुदान देने की करी घोषणा*
चंडीगढ़- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारत की प्राचीनतम और गौरवशाली सभ्यता की साक्षी राखीगढ़ी को देश के एक प्रतिष्ठित वैश्विक पहचान वाले स्थल के रूप में विकसित करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय बजट में 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रदेश सरकार भी राखीगढ़ी के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन महत्व को समझते हुए इसे राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है।
मुख्यमंत्री आज भारत की प्राचीनतम सभ्यता की धरोहर पावन भूमि राखीगढ़ी में आयोजित दूसरे राज्य स्तरीय राखीगढ़ी महोत्सव के अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हड़प्पा ज्ञान केंद्र का भी उद्घाटन किया। महोत्सव में शिल्प मेला, विरासत दौड़, वर्कशॉप, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, ग्रामीण खेलकूद, प्रश्नोत्तरी व रंगोली तथा फोटोग्राफी प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने स्वयं भी महोत्सव में शुरू हुई अलग अलग गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान उनके साथ विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा, कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा, विधायक श्री विनोद भ्याना भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राखीगढ़ी पंचायत द्वारा प्रस्तुत की गई सभी 13 मांगों को संबंधित विभागों को भेजकर शीघ्र पूरा करवाया जाएगा। इसी प्रकार राखी शाहपुर पंचायत द्वारा रखी गई पांच मांगों को भी संबंधित विभागों को प्रेषित कर पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राखीगढ़ी एवं राखी शाहपुर गांवों को 21-21 लाख रुपये का अनुदान देने की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि राखीगढ़ी को ऐतिहासिक धरोहर के रूप में विशेष पहचान प्राप्त है। यह वही भूमि है, जहां हजारों वर्ष पूर्व विश्व की प्राचीनतम सभ्यताओं में से एक हड़प्पा सभ्यता का उत्कर्ष हुआ। यहां हुई खुदाइयों से प्राप्त अवशेष यह प्रमाणित करते हैं कि उस काल में राखीगढ़ी एक बड़ा औद्योगिक एवं व्यापारिक केंद्र था, जहां सुव्यवस्थित नगर नियोजन, स्वच्छता व्यवस्था और जल प्रबंधन की अद्भुत व्यवस्था थी। श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सिंधु-सरस्वती सभ्यता का यह महान केंद्र आज पूरे विश्व को यह संदेश देता है कि भारत की जड़ें कितनी गहरी, वैज्ञानिक और समृद्ध रही हैं। विश्व की सबसे बड़ी और विकसित प्राचीन नगर सभ्यता का महत्वपूर्ण केंद्र हरियाणा में स्थित होना प्रदेशवासियों के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और राखीगढ़ी जैसे पुरातात्विक स्थल भारत की गौरवशाली परंपरा के प्रतीक हैं। यह नया भारत है, जो अपने अतीत से प्रेरणा लेकर उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर रहा है।
*प्रदेश सरकार राखीगढ़ी को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन एवं शोध केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध*

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राखीगढ़ी को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन एवं शोध केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। यहां विश्वस्तरीय पुरातत्व संग्रहालय, शोध संस्थान, पर्यटक सुविधाएं तथा आधुनिक आधारभूत ढांचे का विकास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भारत की प्राचीन सभ्यता से परिचित कराना और हरियाणा की समृद्ध संस्कृति का अनुभव कराना है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राखीगढ़ी की खुदाई से यह भी स्पष्ट होता है कि प्राचीन समाज में महिलाओं को सम्मान और समान अवसर प्राप्त थे। आज हरियाणा की बेटियां उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए खेल, शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन और सेना में देश का नाम रोशन कर रही हैं। राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़ी अनेक योजनाएं लागू कर रही है।
*राखीगढ़ी को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने के प्रयास जारी*

उन्होंने बताया कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अनुसार हरियाणा में लगभग 100 ऐसे स्थल हैं, जो ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व रखते हैं। इनमें रोहतक का फरमाणा, भिवानी का मिताथल, कैथल का बालू और फतेहाबाद का बनावाली प्रमुख हैं। राखीगढ़ी सहित इन सभी स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए विशेष परियोजनाएं चलाई जा रही हैं। राखीगढ़ी को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। यहां 22 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक संग्रहालय का निर्माण किया गया है। इसके अतिरिक्त नूंह की पुरानी तहसील बिल्डिंग, लोहारू का किला और तावडू के मकबरा परिसर को राज्य संरक्षित स्मारक घोषित किया गया है। पंचकूला के सेक्टर-5 में अत्याधुनिक पुरातात्विक संग्रहालय तथा अग्रोहा स्थल का भी विकास किया जा रहा है।
*7,000 वर्ष पुरानी राखीगढ़ी सभ्यता ने विश्व को आधुनिक नगर व्यवस्था का दिखाया मार्ग - डॉ. अरविंद शर्मा*

हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि आज राखीगढ़ी में एक ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें देश के कोने-कोने से कलाकार भाग लेने के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 7,000 वर्ष पुरानी राखीगढ़ी सभ्यता ने विश्व को आधुनिक नगर व्यवस्था का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए गन्ने का सर्वाधिक 415 रुपये प्रति क्विंटल का भाव निर्धारित किया है। उन्होंने बताया कि आज वीर बाल दिवस के अवसर पर वीर साहिबजादों की शहादत को स्मरण करते हुए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है ताकि आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान से प्रेरणा मिल सके।
*मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर - रणबीर गंगवा*

इससे पहले हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री श्री रणवीर गंगवा ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस क्षेत्र की वर्षों पुरानी हांसी को जिला बनाए जाने की मांग को पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। श्री गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का विज़न देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का है और उन्हें विश्वास है कि यह लक्ष्य समय से पहले ही प्राप्त कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश और देश में विकास की गति निरंतर तेज़ी से आगे बढ़ रही है।

*हड़प्पा काल की भारतीय संस्कृति की विरासत का इतिहास इंटरनेशनल मैप पर आया: डॉ अमित अग्रवाल*

विरासत एवं पर्यटन विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित अग्रवाल ने अपने स्वागत भाषण में मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों का अभिनंदन किया और विभाग के विजन तथा राखीगढ़ी के महत्व को बताया। उन्होंने कहा कि राखीगढ़ी केवल पुरातात्विक स्थल नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन और सतत सभ्यता का जीवंत साक्षी है। यह 6000 वर्ष से भी अधिक पुरानी उन्नत नगर योजना, सामाजिक संगठन और सांस्कृतिक समृद्धि को प्रदर्शित करता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विरासत सम्पदाओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। राखीगढ़ी महोत्सव के महत्व को बताते हुए उन्होंने कहा कि महोत्सव के माध्यम से सरकार का उद्देश्य न केवल इस स्थान के पुरातत्व महत्व को उजागर करना है, बल्कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियो, प्रदर्शन, शैक्षणिक संवाद और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से विरासत को जन-जन तक पहुंचाना है।

 कार्यक्रम में विधायक श्री रणधीर पनिहार, विरासत एवं पर्यटन विभाग के निदेशक डॉ अमित खत्री, हड़प्पा ज्ञान केंद्र के निदेशक प्रोफेसर वसंत शिंदे,पूर्व मंत्री अनूप धानक, पूर्व सांसद जनरल डीपी वत्स, सोनू सिहाग, प्रवीण पोपली, सुरेंद्र पूनिया, जवाहर सैनी, अशोक सैनी सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित रहे।
December 26, 2025

217 संकल्पों में से 54 पूरे, लाडो लक्ष्मी योजना से महिलाओं के सशक्तिकरण को मिली नई दिशा: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

217 संकल्पों में से 54 पूरे, लाडो लक्ष्मी योजना से महिलाओं के सशक्तिकरण को मिली नई दिशा: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री ने महिलाओं से लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पंजीकरण करवाने का किया आह्वान

पात्र महिलाओं को 2100 रुपये की राशि सीधे बैंक खातों में जारी
चंडीगढ़ -- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने चुनाव के दौरान जनता से किए गए 217 संकल्पों में से अब तक 54 संकल्पों को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इनमें महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण संकल्प 'लाडो लक्ष्मी योजना' भी शामिल है, जो प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है।

मुख्यमंत्री आज भारत की प्राचीनतम सभ्यता की गौरवशाली धरोहर पावन भूमि राखीगढ़ी में आयोजित दूसरे राज्य स्तरीय राखीगढ़ी महोत्सव के अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार चुनावी वादों को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं से लाडो लक्ष्मी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि जो महिलाएं अभी तक इस योजना से नहीं जुड़ी हैं, वे शीघ्र अपना पंजीकरण करवाएं। उन्होंने बताया कि पंजीकरण और सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद पात्र महिलाओं को 2100 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जा रही है।

श्री नायब सिंह सैनी ने जानकारी दी कि योजना के अंतर्गत अब तक लाभार्थियों के खातों में दो किस्तें डाली जा चुकी है और लगभग 10 लाख महिलाओं ने अपना पंजीकरण करवा लिया है।
December 26, 2025

डी. फार्मेसी 2022-23 बैच के पंजीकृत प्रमाण-पत्रों की वैधता बढ़ी

डी. फार्मेसी 2022-23 बैच के पंजीकृत प्रमाण-पत्रों की वैधता बढ़ीचंडीगढ़ - हरियाणा राज्य फार्मेसी परिषद ने डी. फार्मेसी 2022-23 बैच के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) द्वारा फार्मेसी एग्ज़िट परीक्षा से संबंधित जारी नए निर्देशों के अनुरूप, परिषद ने उक्त बैच के अभ्यर्थियों को जारी पंजीकरण प्रमाण-पत्रों की वैधता बढ़ाने का आदेश जारी किया है।
हरियाणा राज्य फार्मेसी परिषद की रजिस्ट्रार अंकिता अधिकारी ने बताया कि डी. फार्मेसी 2022-23 बैच के उन सभी पात्र उम्मीदवारों के पंजीकरण प्रमाणपत्र की वैधता अब 31 दिसंबर 2026 तक बढ़ा दी है। 
उन्होंने स्पष्ट किया है कि संबंधित अभ्यर्थियों के ऑनलाइन खातों में यह संशोधन किया जाएगा और बढ़ी हुई वैधता दर्शाने वाले अपडेटिड पंजीकरण प्रमाण-पत्र नियत समय पर जारी कर दिए जाएंगे। इस कदम से डी. फार्मेसी विद्यार्थियों को परीक्षा एवं व्यावसायिक प्रक्रियाओं में अनावश्यक बाधाओं से राहत मिलेगी।

हरियाणा राज्य फार्मेसी परिषद द्वारा जारी इस आदेश को फार्मेसी शिक्षा एवं पंजीकरण से जुड़े विद्यार्थियों के हित में एक अहम निर्णय माना जा रहा है। परिषद ने सभी संबंधित उम्मीदवारों से अपील की है कि वे अपने ऑनलाइन खातों पर अपडेटिड जानकारी पर नज़र बनाए रखें।