Breaking

Monday, September 6, 2021

September 06, 2021

राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने ली भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक

पंचायत चुनाव के सिलसिले में राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने ली भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक
जींद ÷( संजय कुमार ) भाजपा जिला कार्यालय में रविवार को आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने पदाधिकारियों के साथ बैठक की। राज्य मंत्री ने पदाधिकारियों से कहा कि आगामी पंचायत चुनाव के लिए तैयारियां करें। पंचायत चुनाव सिंबल पर लड़ने के लिए पदाधिकारियों की राय भी ली। उन्होंने बताया कि हलका स्तर पर पांच-पांच आदमियों की कमेटियां बनाई जाएंगी। जो गांव-गांव जाकर अपना फीडबैक देंगी। उसी के आधार पर पार्टी अपना फैसला लेगी। कमलेश ढांडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर वर्ग के हित के लिए काम कर रही है। कोरोना काल में भी प्रदेश सरकार ने जरूरतमंदों के लिए कल्याणकारी योजनाएं लागू की। जरूरतमंदों को डिपो के माध्यम से सरकार राशन उपलब्ध करा रही है। कार्यकर्ता भी लोगों के बीच में जाकर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताएं। जिलाध्यक्ष राजू मोर ने कहा कि पंचायत चुनाव को लेकर जो भी पार्टी हाईकमान फैसला लेगा, उसके लिए हर कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी निभाने को तैयार है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं ने आगामी पंचायत चुनाव के लिए अभी से तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया। 
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष अमरपाल राणा, ओमप्रकाश पहल बलकार डाहौला, ओमप्रकाश नैन, जगदीश उझाना, धर्मेंद्र शर्मा, तिजेंद्र ढुल, विरेंद्र खोखरी, बबलू गोयल, कविता शर्मा, रामफल शर्मा, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र धवन, हरीश शर्मा, रविंद्र राणा, सुंदर हाडवा, राकेश, ऋषिराज भार्गव, बलबीर सिंह, अमित ढाकल, प्रमोद शर्मा, मनदीप चहल, नरेंद्र पहल, प्रिंस मुदगिल, जयदेव आदि मौजूद रहे।
September 06, 2021

नग्न होकर विवाहिता को किए अश्लील ईशारे, पुलिस ने किया केस दर्ज

नग्न होकर विवाहिता को किए अश्लील ईशारे, पुलिस ने किया केस दर्ज
जींद, ( संजय कुमार ) ÷पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने एक युवक के खिलाफ विवाहिता के सामने नग्न होकर अश्लील इशारे करने के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पिल्लूखेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव की 26 वर्षीय विवाहिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 3 सितम्बर को लगभग साढ़े 4 बजे वह अपने घर पर थी। इस दौरान गांव का ही नरेश नग्न होकर उसके सामने खड़ा हो गया। फिर उसकी तरफ अश्लील इशारे किए। जांच अधिकारी एएसआई ऊषा ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में नरेश को नामजद कर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
September 06, 2021

मकान का ताला तोड़कर 40 हजार की नकदी व जेवरात चोरी

मकान का ताला तोड़कर 40 हजार की नकदी व जेवरात चोरी
जींद, 5 सितंबर ( संजय कुमार ) ÷शहर के सेक्टर-11 में शनिवार दोपहर को एक मकान का ताला तोड़कर 40 हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने के आरोप में सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 
सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-11 के अंकुर ने बताया कि उसका पिता ईक्कस स्कूल में कर्मचारी है। 4 सितम्बर सुबह साढ़े 7 बजे ड्यूटी पर चले गए थे। इसके बाद वह अपनी मां को लेकर शहर के एक निजी अस्पताल में दवाई लेने के लिए चला गया। जब वह दोपहर लगभग एक बजे वापस आया तो उसके मकान के बाहर गेट का ताला टूटा मिला और जब अंदर जाकर देखा तो अंदर सामान बिखरा हुआ था। जब सामान की जांच की तो अलमारी से 40 हजार रुपये की नकदी, सोने की एक चेन, एक जोड़ी चांदी की पाजेब गायब मिली। सिविल लाइन थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि मकान का ताला तोड़कर अंदर से नकदी और सोने चांदी के जेवरात चोरी करने के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
September 06, 2021

हांसी ब्रांच नहर से निकाला महिला का विक्षप्त शव, पहचान नहीं

हांसी ब्रांच नहर से निकाला महिला का विक्षप्त शव, पहचान नहीं
जींद ÷ ( संजय कुमार ) -हांसी ब्रांच नहर में शनिवार देर शाम मीट मार्केट के पास एक महिला का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। घटना की सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाल कर सिविल अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने शव की गली सड़ी हालात को देखते हुए पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भेज दिया। सिटी थाना प्रभारी दिनेश ने बताया कि हांसी ब्रांच नहर में मीट मार्केट के पास एक महिला का शव तैरने की सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम ने शव को नहर से निकाला तो शव पूरी तरह से विक्षिप्त हालात में था। शव के पास ऐसा कोई सबूत नहीं मिला जिससे उसकी पहचान हो सके। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने शव की हालात को देखकर रोहतक पीजीआई में पोस्टमार्टम के लिए रेफर कर दिया। रोहतक में शव का पोस्टमार्टम करवा कर पहचान के लिए रख दिया गया है।
September 06, 2021

सीमेंट गोदाम में खड़े ट्रकों से 5 बैट्री चोरी

सीमेंट गोदाम में खड़े ट्रकों से 5 बैट्री चोरी
जींद ( संजय कुमार ) ÷ सफीदों रोड स्थित अल्ट्राटैक गोदाम में सीमेंट के बैगों से भरे 3 ट्रकों से अज्ञात लोग 5 बैटरी चोरी कर ले गए। चोरी के बारे में अगले दिन सुबह पता चला, जब ड्राइवरों को सामान बिखरा हुआ मिला। सिविल लाइन थाना पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ चोरी करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 
ढांडाखेड़ी गांव के दिलबाग ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके 4 ट्रक 30 अगस्त को अल्ट्राटैक सीमेंट प्लांट इसराना से भर कर सफीदों रोड बाईपास पर बने अल्ट्राटैक सीमेंट के गोदाम पर आई हुई थी। बारिश की वजह से ट्रक से सीमेंट उतर नहीं पाई थी। उसका एक ड्राइवर रोहताश ट्रक में सोया हुआ था। गोदाम में और भी कई ट्रक खड़े हुए थे। 4 सितम्बर को उसके ड्राइवर का करीब 7 बजे उसके पास फोन आया कि जब वह सुबह उठा तो ट्रक के पास चाबी, पाने बिखरे हुए थे। जब उसने ट्रकों को अच्छी तरह से देखा तो पता चला कि 3 ट्रकों से 5 बैटरी गायब मिली। उन्होंने बैटरियों के बारे में पता भी चला, लेकिन कहीं भी सुराग नहीं लगा। उसने आरोप लगाया कि किसी अज्ञात ने ट्रकों से बैटरी चोरी की है। जांच अधिकारी एसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी करने के आरोप में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
September 06, 2021

छेड़छाड़ का आरोपी सरकारी डॉक्टर गिरफ्तार

छेड़छाड़ का आरोपी सरकारी डॉक्टर गिरफ्तार:सरकारी महिला डॉक्टर बोली- हर दूसरे दिन आकर करता है गलत इशारे, करनाल से 35 किमी दूर तबादले के बावजूद नहीं छोड़ा पीछा
करनाल : हरियाणा के करनाल में पुलिस ने सरकारी महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ करने के आरोपी सरकारी डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी 35 किलोमीटर दूर तबादला किए जाने के बावजूद अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। वह हर दूसरे दिन अस्पताल पहुंच जाता और महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ करता। पीड़िता ने परेशान होकर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, इन्द्री सिविल अस्पताल में तैनात एक महिला डॉक्टर ने शिकायत दी कि डॉक्टर विजय कुमार उसका पीछा करता है और गलत इशारे करता है। वह कई बार उससे छेड़छाड़ कर चुका है। महिला डॉक्टर के अनुसार, आरोपी विजय कुमार ने पहले भी एक बार उससे छेड़छाड़ की थी। तब उसने सिविल सर्जन को शिकायत दी थी जिसके बाद आरोपी डॉक्टर विजय कुमार ने उससे माफी मांगकर मामला खत्म करवा लिया था। अब दोबारा वह पुरानी हरकतें करने लगा जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गई है।
महिला डॉक्टर के अनुसार, उसकी पहली शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने आरोपी डॉक्टर विजय कुमार का तबादला इन्द्री से 35 किलोमीटर दूर निगदू में कर दिया था, लेकिन डॉक्टर ने वहां आकर भी छेड़छाड़ करना जारी रखा। तंग आकर उसे पुलिस को शिकायत देनी पड़ी। इसके बाद पुलिस ने डॉक्टर को पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी डॉक्टर से पूछताछ चल रही है। इस संदर्भ में सिविल सर्जन को सूचित कर दिया गया है।
*डेपुटेशन पर भेजा था दूर*
सिविल सर्जन डॉ योगेश शर्मा ने महिला डॉक्टर की शिकायत के बाद आरोपी डॉक्टर विजय कुमार को सबक सिखाने के लिए डेपुटेशन पर निगदू भेजा था। इसके बावजूद आरोपी ने इन्द्री जाकर महिला डॉक्टर को परेशान करना जारी रखा।
*स्टाफ की खींचतान आती रहती है सामने*
बताया जा रहा है कि करनाल सिविल सर्जन ऑफिस में इस तरह के कई विवाद चल रहे हैं। सिविल सर्जन भी विवादों में है। स्टाफ की खींचतान के चलते एक दूसरे की लापरवाही सामने आ रही है।
*जांच जारी है*

इंद्री थाना प्रभारी सचिन का कहना है कि सरकारी महिला डॉक्टर की शिकायत पर आरोपी डॉक्टर विजय कुमार को छेड़छाड़ समेत अन्य आरोपों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच पड़ताल जारी है।
September 06, 2021

किसान महापंचायत का हरियाणा में कोई असर नहीं':मनोहर लाल खट्टर

'किसान महापंचायत का हरियाणा में कोई असर नहीं':IGU में बोले खट्टर- प्रदेश के किसान कृषि कानूनों से खुश, विपक्ष के इशारे पर माहौल खराब कर रहे कुछ लोग
रेवाड़ी : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर ने रविवार को रेवाड़ी के मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। यहां उन्होंने 47.27 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान सीएम ने मुजफ्फरनगर में आयोजित संयुक्त किसान मोर्चा की महापंचायत पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में इस महापंचायत का कोई असर नहीं होने वाला हैं। लोकतंत्र में हर किसी को अपना कार्यक्रम करने का अधिकार हैं। संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से आयोजित इस महापंचायत का हरियाणा से कोई लेना-देना नहीं हैं। हरियाणा के किसान तीनों कृषि कानून लागू होने के बाद से खुश हैं। विपक्ष के इशारे पर कुछ लोग माहौल खराब करने में जुटे हैं।
मनेठी एम्स के निर्माण को लेकर खट्टर ने कहा कि प्रदेश सरकार की सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। अब मामला केंद्र सरकार के पाले में है। केंद्रीय मंत्री राव इन्द्रजीत सिंह के कार्यक्रम में नहीं पहुंचने के सवाल पर खट्‌टर ने कहा कि किसी कारणवश ही राव इन्द्रजीत सिंह कार्यक्रम में नहीं पहुंचे पाए। उन्होंने ने कहा कि 5 सितंबर से 17 सितंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन शिक्षा पर्व रूप में मनाया जाएगा।
IGU में परियोजनाओं का शिलान्यास करते मुख्यमंत्री

*इन परियोजनाओं का शिलान्यास किया*
मुख्यमंत्री मनोहर लाल आईजीयू मीरपुर में 8 करोड़ रुपए की लागत से 3720.70 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले महिला छात्रावास के फेज-1, 6.81 करोड़ रुपए की लागत से 1569.5 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले इंडोर स्टेडियम, 6.92 करोड़ रुपए की लागत से 20274.04 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले आउटडोर स्टेडियम, 2.5894 करोड़ रुपए की लागत से पुस्तकालय विस्तार, 3.64 करोड़ रुपए की लागत से आवासीय परिसर विस्तार तथा 20.2085 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले सीवी रमन विज्ञान भवन का शिलान्यास किया। इसके अलावा सीएम मनोहर लाल ने आईजीयू परिसर में पौधारोपण, नवनिर्मित राष्ट्ररीय ध्वज, विश्वविद्यालय मास्टर प्लान, पूर्व छात्र संगठन अधिनियम तथा अपशिष्ट जल संशोधन एवं विद्युत उत्पादन मॉडल का लोकार्पण भी किया। इस मौके पर सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारीलाल, कोसली के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, हरको बैंक के चेयरमैन अरविंद यादव आदि मौजूद रहे।