Breaking

Saturday, February 27, 2021

February 27, 2021

विधायक कुंडू के घर छापेमारी:कुंडू के परिजनों से कंपनियों के ईमेल, पासवर्ड मांगे और जमीन खरीद-फरोख्त से जुड़े दस्तावेज खंगाले

विधायक कुंडू के घर छापेमारी:कुंडू के परिजनों से कंपनियों के ईमेल, पासवर्ड मांगे और जमीन खरीद-फरोख्त से जुड़े दस्तावेज खंगाले


रोहतक : महम से विधायक बलराज कुंडू के ठिकानों पर छापेमारी से जुड़े तथ्यों को लेकर शुक्रवार को भी दिनभर आयकर विभाग का सर्चिंग ऑपरेशन जारी रहा। 42 घंटे से आयकर विभाग की टीम कुंडू फैमिली के यहां से मिले साक्ष्यों को पुख्ता करने के लिए शहर में हर उस व्यक्ति तक पहुंच रही है, जिसका भी उनके साथ लेन-देन में नाता रहा है। आयकर विभाग के अधिकारी हर राशि के लेन-देन को लेकर कड़ियां जोड़ने में लगे हैं। इसमें उधार लेने वालों से लेकर जमीन खरीद-फरोख्त से जुड़े लोग भी शामिल हैं।
इसी सिलसिले में दो महीने पहले ही मॉडल टाउन के साथ लगते सुभाष नगर में 2200 गज बेची गई कॉमर्शियल और रेजिडेंशियल साइट के खरीद-फरोख्त भी जांच के दायरे में आ गई है। शुक्रवार दोपहर में मॉडल टाउन स्थित पूर्व सैन्य अधिकारी के घर पहुंची आयकर विभाग की टीम ने यहां पर भी सर्चिंग ऑपरेशन के करीब 10 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन अंदर भी नकदी और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की ही जांच की जा रही है। हालांकि इस जमीन के सौदे में कई साझीदार शामिल हैं, लेकिन एक हिस्सा इसमें कुंडू की ओर से भी डाला गया है, जिसे लेकर आयकर विभाग की टीम तथ्याें काे पुष्ट करने में जुटी है।
इस जमीन का सौदा मार्केट रेट के मुताबिक करीब 52 करोड़ का बताया जा रहा है। ऐसे में कलेक्टर रेट से ज्यादा भाव और इसमें इतनी मोटी रकम कहां से आई है, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। चूंकि खातों में इतना बड़ी राशि का लेन-देन नजर नहीं आया है।

*ईमेल, पासवर्ड व लेन-देन से जुड़ा डेटा जुटाया*

शुक्रवार शाम को जब पूर्व सैन्य अधिकारी के घर आयकर विभाग की टीम जांच कर रही थी। तभी कुछ कंप्यूटर में दस्तावेज जांचने के लिए उसे टीम के अधिकारियों ने खोलना चाहा, लेकिन पासवर्ड ना होने और कंप्यूटर ना खुल पाने के चलते इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी से जुड़े एक्सपर्ट बुलाए गए। क्रेटा कार में सवार होकर आई यह टीम एक दिन पूर्व ही विधायक कुंडू के सेक्टर-14 निवास पर भी पहुंची थी और वहां से कंपनियों की ईमेल आईडी, पासवर्ड और कई लेन-देन से जुड़े डेटा को एकत्र किया गया है।

*गुरुग्राम से देर शाम पहुंची पत्नी व बेटा तो खुले लाॅकर के ताले*

कुंडू के परिवार की ओर से आयकर विभाग की छापेमारी में पूरा सहयोग भी दिया जा रहा है। इसी के चलते गुरुवार को जब कुछ लॉकर के ताले नहीं खुल पाए तो इस बारे में कुंडू से ही पूछताछ की गई। इसके बाद पता चला कि इन लॉकर की चाबी उनकी पत्नी परमजीत के पास ही थी और देर शाम ही उन्हें गुरुग्राम से रोहतक बुलाया गया।
पत्नी और बेटा दोनों ही रोहतक पहुंचे। आयकर टीम को सहयोग करने के लिए पत्नी परमजीत घर पर पहुंचकर लॉकर की चाबी दी, ताकि आयकर विभाग के अधिकारी अपने मनमुताबिक जांच कर सकें। ऐसा ना करने पर आयकर विभाग की टीम जांच में सहयोग की बात भी उठा सकती थी और ताले तोड़कर भी जांच ही करती।

*कुंडू निवास पर पसरा रहा सन्नाटा,* किसी को बाहर नहीं आने दिया

वहीं गुरुग्राम में दूसरे दिन भी छापेमारी के चलते विधायक बलराज कुंडू को बाहर नहीं आने दिया गया है। अभी तक लगातार जांच चल रही है और अन्य जगह पर छापेमारी में भी टीमें लगी हैं, ताकि सभी तरह के दस्तावेज जुटाए जा सकें। सेक्टर-14 स्थित निवास पर शुक्रवार को दिनभर सन्नाटा पसरा रहा।
यहां से परिजन भी बाहर आते नजर नहीं आए। हालांकि बेटा और पत्नी एक दिन पहले ही देर शाम घर पर पहुंचे थे और बुजुर्ग पिता भी कोठी नंबर 115 में ही हैं। पिता की उम्र 85 साल से अधिक होने के चलते उनकी सेहत भी साथ नहीं दे रही है। उन्हें पूरे मामले से अनभिज्ञ रखा गया है, ताकि वे किसी तरह की परेशानी ना लें।

*सबलेट ठेके भी बन सकते हैं परेशानी का सबब*

सूत्रों की मानें तो कंपनी के नाम पर बड़े टेंडर लिए जाने के बाद उन्हें आगे सबलेट कर आयकर बचाने का भी मामला सामने आया है। इसके तहत एक बड़ी कंपनी की ओर से लिए गए बड़े टेंडर को अपने ही रिश्तेदारों की बनाई गई कंपनियों के नाम पर सबलेट कर दिया जाता था और फिर इसे छोटे हिस्से में दर्शाकर काफी आयकर बचा लिया जाता था। ऐसे में अभी आयकर विभाग की टीम काफी तथ्यों को जुटाने में लगी है। इसी के चलते रिश्तेदारों के यहां भी शिकंजा कसा गया है, जोकि कंपनी बना चुके हैं।

*जांच होने पर तो आरोप लगते है : सैनी*

विधायक कुंडू के घरों व दफ्तरों पर इनकम टैक्स की छापेमारी पर सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि जब किसी व्यक्ति के खिलाफ जांच होती है तो वो तरह-तरह के आरोप लगाता है। एेसे आरोप नहीं लगाने चाहिए। कानून अपना काम कर रहा है। भाजपा द्वेष भावना से काम नहीं करती है।

*माॅडल टाउन में रात को लगाया नाका*

मॉडल टाउन में शुक्रवार रात में पुलिस ने नाका लगाया। इस दौरान इस मार्ग से आने-जाने वालों से पूछताछ की गई। रात के समय इस मार्ग का प्रयोग करने वाले वाहन चालकों को और पैदल आने-जाने वाले राहगीरों को काफी देर तक चेकिंग का सामना करना पड़ा।
February 27, 2021

डीजीपी की नियुक्ति का मामला:विज ने डीजीपी यादव की एक्सटेंशन फाइल पर नोटिंग लिखी-

डीजीपी की नियुक्ति का मामला:विज ने डीजीपी यादव की एक्सटेंशन फाइल पर नोटिंग लिखी- मैं स्पष्ट तौर पर मानता हूं कि डीजीपी को एक्सटेंशन नहीं देनी चाहिए


चंडीगढ़ : डीजीपी की नियुक्ति को लेकर अभी भी पेंच फंसा हुआ है। गृह मंत्री अनिल विज मौजूदा डीजीपी मनोज यादव को एक्सटेंशन देने के पक्ष में नहीं हैं। अब उन्होंने फाइल पर नोटिंग कर लिखा है, मैं स्पष्ट तौर पर मानता हूं कि डीजीपी को एक्सटेंशन नहीं दी जानी चाहिए।
इस फैसले पर किसी तरह की कानूनी राय लेने की जरूरत भी नहीं है। काबिलेगौर है कि अनिल विज ने 23 फरवरी को गृह सचिव राजीव अरोड़ा को पत्र के जरिए आदेश दिए थे कि नए डीजीपी के लिए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम का पैनल तैयार किया जाए।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों अनुसार, यह पैनल यूपीएससी के पास भेजा जाना है। यूपीएससी वरिष्ठता सूची, सर्विस व ट्रैक रिकार्ड के आधार पर सरकार द्वारा भेजे जाने वाले पैनल में से सात अधिकारियों के नाम का चयन करता है। इसके बाद इन तीन में से एक को डीजीपी लगा सकती है।

*सीएम को लिखी गोपनीय चिट्ठी*

जहरीली शराब से 47 लोगों की मौत व अवैध शराब तस्करी मामले में विज ने सीएम को गोपनीय चिट्ठी लिखी है। एडीजीपी श्रीकांत जाधव की अध्यक्षता वाली एसआईटी की रिपोर्ट की स्टडी करने और उसे पूरी तरह से पढ़ने के बाद ही विज ने सीएम को पत्र लिखा है। विज का कहना है कि मुख्यमंत्री कार्यालय से जवाब आने के बाद ही अगली कार्रवाई होगी।
*डीजीपी का दो वर्ष का कार्यकाल 23 को हो चुका पूरा*
डीजीपी का दो वर्ष का कार्यकाल 23 फरवरी को पूरा हो चुका है। 23 को ही गृह मंत्री अनिल विज ने गृह सचिव को फिर से पत्र लिखा और आदेश दिए कि तुरंत पैनल बनाकर भेजा जाए। गुरुवार को गृह सचिव ने सीलबंद लिफाफे में विज को लेटर भेजा। जिसमें सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का कानूनी अध्ययन करवाने को कहा है।
वहीं विज का साफतौर से कहना है कि केंद्र ने मनोज यादव को दो वर्षों के लिए ही डीजीपी बनाया था। गृह सचिव की कानूनी राय लेने की टिप्पणी पर विज ने इंकार करते हुए स्पष्ट कहा है कि जब दो साल के लिए पोस्टिंग हुई थी तो अब एक्सटेंशन का अब मतलब ही नहीं बनता।
इस मामले में कानूनी सलाह की भी जरूरत नहीं है। इतना ही नहीं अपनी राय देते हुए लिखा, मैं स्पष्ट तौर पर मानता हूं कि डीजीपी को एक्सटेंशन देने की कोई जरूरत नहीं है। माना जा रहा है कि इस चिट्ठी के बाद अब यह मामला सीएमओ में जा सकता है।

*विज-दुष्यंत की मुलाकात*


गृह मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में डिप्टी सीएम दुष्यंत सिंह चौटाला से मुलाकात की। वे अपने ऑफिस का कामकाज निपटाने के बाद दुष्यंत की चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित कोठी पर पहुंचे। दोनों मंत्रियों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। अनिल विज ने मीडिया से बातचीत में दुष्यंत से जुड़े सवाल पर कहा, मैं और दुष्यंत अच्छे दोस्त हैं। आप लोग वैसे ही हमारे बीच टकराव पैदा करने की कोशिश करते हैं।
February 27, 2021

ब्लैकमेलिंग का खामियाजा:छेड़छाड़ के मामले में राजीनामा करने की एवज में 5.50 लाख रु. लेते समय

ब्लैकमेलिंग का खामियाजा:छेड़छाड़ के मामले में राजीनामा करने की एवज में 5.50 लाख रु. लेते समय दो महिलाओं समेत तीन को दबोचा



पेहवा : कस्बे में एक महिला व उसकी बेटी पर छेड़छाड़ के मामले में फंसाकर राजीनामे के लिए साढ़े पांच लाख रुपए मांगने का आरोप है। वहीं मामले को लेकर पुरुष पक्ष ने अनाज मंडी में महिला से मारपीट भी की। मामला बीते गुरुवार का बताया जा रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने महिला, उसकी बेटी व एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ ब्लैकमेल कर पैसे मांगने के आरोप में मामला दर्ज करके अनाज मंडी से ही उन्हें गिरफ्तार किया था। इसके बाद आरोपी महिला पक्ष के तीनों लोगों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।
डीएसपी हेड क्वार्टर सुभाष चंद्र ने बताया कि 25 फरवरी गांव तलहेड़ी के हरमन सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसके खिलाफ मुलतानी कॉलोनी की महिला ने छेड़छाड़ व आईटी एक्ट के तहत एक मामला दर्ज करवाया है। इस दौरान महिला ने उसके पिता पर दबाव बनाकर राजीनामा की एवज में पांच लाख 50 हजार रुपए ले लिए।
आरोप है कि राजीनामे का सौदा 11 लाख में तय किया था। जिसमें लड़का पक्ष से एक खाली चेक पर साइन करवाकर लिए गए। अब महिला बकाया साढ़े पांच लाख रुपए के लिए दबाव बना रही है। इसलिए यदि पैसे देते समय पुलिस रेड करे तो महिला को काबू किया जा सकता है।
जांच सब इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह को सौंपी गई। जिसके बाद लड़के के परिजनों ने महिला को पैसे लेने अनाज मंडी में बुलाया और इशारा पाते ही पुलिस ने मां बेटी व एक अन्य को साढ़े पांच लाख रुपए व एक आल्टो कार सहित गिरफ्तार कर लिया।

कोर्ट ने तीनों को दी जमानत

कोर्ट में पेश करने के बाद महिला के वकील ने अनाज मंडी की मौके पर बनाई गई वीडियो पेश की। इसमें लड़के के परिजन आरोपी महिलाओं के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं और पुलिस बचाव करने की बजाय खानापूर्ति करती रही। वीडियो में महिला के बाल खींचे जा रहे हैं और उसके कपड़े भी फटे नजर आ रहे हैं। कोर्ट ने दलील सुनने के बाद मां-बेटी व तीसरे आरोपी को जमानत पर रिहा कर दिया।
February 27, 2021

बच्चों को मैत्रीपूर्ण व्यवहार और सही और गलत व्यवहार शिक्षा की जरूरत : नरेंद्र मलिक

बच्चों को मैत्रीपूर्ण व्यवहार और सही और गलत व्यवहार शिक्षा की जरूरत  : नरेंद्र मलिक


फरीदाबाद : जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा 22 फरवरी को शुरू किए गए बाल सुरक्षा सप्ताह का शुक्रवार को समापन हो गया। समापन कार्यक्रम नहर पार भारत कॉलोनी के स्लम क्षेत्र के बच्चों के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपमंडल अधिकारी (ना) जितेंद्र कुमार रहे।

कार्यक्रम में बच्चों को संबोधित करते हुए उपमंडल अधिकारी (ना) जितेंद्र कुमार ने कहा कि बाल सुरक्षा सप्ताह का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व स्वच्छता पर जागरूक करना है। उन्होंने जिला बाल परिषद द्वारा किये गए इस कार्य की सहराना की और कहा कि वास्तव में यहाँ इन बच्चों को जगरूक करना अति आवश्यक है। इन सभी बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर, पुलिस के नंबर व एमरजैंसी नंबर की जानकारी अवश्य होनी चाहिए। बच्चों को बेड टच व गुड टच के बारे में भी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को कोविड औऱ आम स्तिथि में भी स्वच्छता और हाइजीन जैसे मुद्दों पर जागरूक करना होगा। उन्होंने कहा कि बाल सुरक्षा सप्ताह का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था पर जागरूक करना था और यह कार्य बाखूबी किया गया है। 
जिला बाल कल्याण अधिकारी नरेंद्र मलिक ने बताया कि जागरूकता सप्ताह के दौरान बच्चों को मैत्रीपूर्ण व्यवहार और सही और गलत व्यवहार शिक्षा की जरूरत आदि पर भी जागरूक किया गया है। साथ ही उन्हें स्वच्छता किट भी दी गई जिसमें एक डिटॉल साबुन, नेल कटर, मास्क व रिफ्रेशमेंट आदि शामिल थे। इसमें सबसे अहम यह रही कि बाल सुरक्षा सप्ताह का खर्चा जाट समाज (रजि), सेक्टर-16, फरीदाबाद द्वारा उठाया गया है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा इस अभियान में सहयोग करने के लिए एच.एस. मलिक महासचिव जाट समाज फ़रीदाबाद व परिषद के आजीवन सदस्य बिजेंद्र फ़ौजदार, मुनेश नरवाल, रामरत्न नरवत, शिवराम तेवतिया, प्रवीण गर्ग, सुभाष सोनी को सम्मानित भी किया गया। गीता सिंह सचिव लक्ष्य ग्रामीण संस्था द्वारा इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में विशेष भूमिका रही उनको भी सम्मानित किया गया। सुनीता कॉर्डिनेटर चाइल्ड हेल्प लाइन ने भी बच्चों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। मंच संचालन उदय चन्द लेखाकार द्वारा किया गया। इस अवसर पर परिषद से एस.एल. खत्री कार्यक्रम अधिकारी, मांगे राम, रामसरन व श्रीभगवान इत्यादि उपस्थित रहे।
February 27, 2021

असमंजस : हरियाणा में सरपंचों के खातों में आए 316 करोड़, कार्यकाल खत्म होने के कारण नहीं कर सकते खर्च

असमंजस : हरियाणा में सरपंचों के खातों में आए 316 करोड़, कार्यकाल खत्म होने के कारण नहीं कर सकते खर्च



 जींद : सरपंचों का कार्यकाल खत्म होते ही प्रदेश सरकार द्वारा 15वें वित्त आयोग की 316 करोड़ रुपये की ग्रांट राशि ग्राम पंचायतों के खाते में डाल दी गई है। इसमें 25 फीसद राशि स्वच्छता कार्यों में और बाकी 75 फीसद राशि गांव के विकास कार्यों में खर्च की जानी है।

लेकिन सरपंच चाह कर भी इस राशि को खर्च नहीं कर पाएंगे। क्योंकि सरपंचों का कार्यकाल 23 फरवरी को ही खत्म हो चुका है। अब इस राशि को बीडीपीओ खर्च करेंगे। सरपंच इसका विरोध जता रहे हैं, क्योंकि इस राशि को वह खुद अपने हाथों से गांव के विकास कार्यों पर लगाना चाहते थे।

*लॉकडाउन के कारण जारी नहीं हो सकी राशि*


सरकार की ओर से 15वें वित्त आयोग के तहत ग्राम पंचायतों के खातों में साल में दो बार राशि डाली जाती है। इसके तहत गांवों में विकास कार्य करवाए जाते हैं। हालांकि यह राशि ग्राम पंचायतों को पहले ही मिल जाती। लेकिन, पिछले साल मार्च महीने में कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन लग गया और यह राशि जारी नहीं हो पाई।

अब उस समय राशि को ग्राम पंचायत के खातों में डाला गया है, जब सरपंचों का कार्यकाल ही पूरा हो गया। जिस समय राशि डाली, उसी समय पंचायती विभाग की ओर से यह पत्र जारी कर दिया गया कि पंचायतों का कार्यकाल खत्म हो गया है, इसलिये सरपंच कोई भी नया काम शुरू नहीं कर सकते।

*आबादी के हिसाब से मिलती है ग्रांट राशि*

यूं तो यह 316 करोड़ रुपये प्रदेश के सभी जिलों के लिए है, लेकिन गांव की आबादी के अनुसार यह राशि मिलती है। हर गांव को ग्रांट राशि अलग-अलग मिलती है।


इस राशि से गांव में गलियों का निर्माण, पानी की निकासी के लिए नालियां, स्ट्रीट लाइटें, तालाब की सफाई जैसे छोटे-मोटे काम करवाए जा सकते हैं। आयोग से यह ग्रांट साल में दो बार मिलती है लेकिन कोरोना के कारण यह ग्रांट नहीं मिल पाई थी। 
सरपंच करते रह गए इंतजार 
सरपंच इस ग्रांट राशि का पिछले काफी समय से इंतजार कर रहे थे। सरपंचों को अपना डोंगल अपडेट करवाने के लिए कहा गया, ताकि इस राशि को निकलवाकर गांव के विकास कार्याें में लगाया जा सके। 1500 से दो हजार रुपये खर्च कर सरपंचों ने डोंगल अपडेट करवाया लेकिन राशि आने से पहले ही कार्यकाल पूरा हो गया। अब इस राशि को बीडीपीओ ही खर्च कर पाएंगे।

गांव रूपगढ़ के निवर्तमान सरपंच संदीप अहलावत ने कहा कि सरकार द्वारा ग्रांट राशि को पहले ही जारी किया जाना था, ताकि पंचायत प्रतिनिधि इस राशि से गांव के विकास कार्य करवा सकते लेकिन अब इस राशि को जारी किया गया है। आखिरी साल में ग्राम पंचायतों को अपेक्षाकृत कोई ग्रांट नहीं मिली, जिससे गांवों के विकास कार्य प्रभावित हुए। इससे सभी सरपंचों में काफी रोष है।


बीडीपीओ को लगाया है प्रशासक : आरके चांदना 

जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी आरके चांदना ने कहा कि सरपंचों का कार्यकाल पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्र के बीडीपीओ को प्रशासक के तौर पर नियुक्त किया गया है। 15वें वित्त आयोग की राशि पंचायतों के खातों में जरूर आई है। अब अगर कोई बेहद ज्यादा जरूरी कार्य होगा तो बीडीपीओ ही इस राशि से विकास कार्य करवाएंगे।
February 27, 2021

नवदीप कौर को जमानत, जेल से छूटते ही बोली- सोनीपत पुलिस ने अत्याचार किया, प्रधानमंत्री जी न्याय दिलाओ

नवदीप कौर को जमानत, जेल से छूटते ही बोली- सोनीपत पुलिस ने अत्याचार किया, प्रधानमंत्री जी न्याय दिलाओ

 चंडीगढ़ : जस्टिस अवनीश झिंगन ने नवदीप कौर को नियमित जमानत देते हुए कहा कि शांतिपूर्वक प्रदर्शन की एक महीन रेखा होती है, उस रेखा का उलंघन करने से विरोध का रंग बदल जाता है।
  मजदूरों के हक के लिए आवाज उठाने वाली 23 वर्षीय नवदीप कौर हाईकोर्ट ने इस नसीहत के साथ नियमित जमानत दे दी है कि वह जमानत के दौरान कानून व्यवस्था को बनाए रखेंगी। इसी टिपण्णी के साथ हाईकोर्ट ने नौदीप कौर को सीजेएम/ इलाका मजिस्ट्रेट के समक्ष श्योरिटी बांड भर जमानत लिए जाने के आदेश दे दिए हैं। जस्टिस अवनीश झिंगन ने नौदेप कौर को नियमित जमानत देते हुए कहा कि शांतिपूर्वक प्रदर्शन की एक महीन रेखा होती है, उस रेखा का उलंघन करने से विरोध का रंग बदल जाता है। सुप्रीम कोर्ट भी कह चूका है कि शांतिपूर्वक प्रदर्शन प्रत्येक का अधिकार जरूर है, लेकिन इसके साथ कुछ पाबंदियां भी हैं, जिसका उलंघन नहीं किया जाना चाहिए। हाईकोर्ट ने कहा कि वह इस केस के तथ्यों पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते हैं कि इस मामले में इस रेखा का उलंघन हुआ है या नहीं। यह ट्रायल कोर्ट देखेगा। याचिकाकर्ता पर आईपीसी की धारा- 307, 332, 353 और 379-बी लगाई गई है, जिस पर ट्रायल कोर्ट ही सभी सबूतों और तथ्यों को देखने के बाद निर्णय करेगा। याचिकाकर्ता 12 जनवरी से हिरासत में है और अब उसे और ज्यादा हिरासत में रखे जाने की जरुरत नहीं है। इसी आधार पर हाईकोर्ट ने नौदीप कौर को नियमित जमानत देते हुए उसे बड़ी राहत दे दी है। 
करनाल जिले की जेल में बंद नवदीप कौर को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद देर रात करीब 8 बजे जेल प्रशासन ने जेल से रिहा किया। जिसके बाद नवदीप कौर ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सोनीपत पुलिस ने उसके खिलाफ जो वीडियों पेश की है, उस वीडियों को एडिट करके पेश किया गया है। आज के समय में अमीर-गरीब का पहाड़ा बहुत ज्यादा बढ़ गया है। नवदीप कौर ने कहा कि उसने न तो पहले कुछ गलत किया है, न ही आगे कुछ गलत करेगी। नवदीप कौर ने कहा कि सोनीपत पुलिस ने उसके उपर बहुत अत्याचार किए है, उसे बहुत बुरे तरीके से टार्चर किया है। नवदीप ने प्रधानमंत्री से अपील करते हुए कहा कि किसान न्याय मांग रहे है, उन्हें जल्द से जल्द न्याय दिया जाए। महिला आयोग की अध्यक्ष द्वारा लगाए गए जेल में अन्य बंदियों से बदसलुखी के आरोप को नकारते हुए नवदीप ने कहा कि करनाल जेल प्रशासन से उसके रिकाड़ लिया जाए, उससे साफ हो जाएगा कि उसने किसी के साथ बदसलुखी नहीं की है। वहीं जेल में किसी से मिलने न देने के सवाल पर नवदीप ने कहा कि कोरोना के कारण उसकी 2 मुलकात पहले ही हो चुकी थी, जिस कारण किसी और को नहीं मिलने दिया। 12-13 जनवरी की रात से बंद है करनाल जेल में नवदीप कौर पर कुंडली में तीन एफआईआर दर्ज है, उन पर अवैध वसूली व पुलिस कर्मचारियों के साथ मारपीट के कई गंभीर आरोप है। इन आरोपों के चलते नवदीप कौर को गिरफ्तार कर 12-13 जनवरी की रात से हरियाणा के करनाल जिला की जेल में बंद है। नवदीप कौर उन मजदूरों की आवाज उठा रही थी, जिनके वेतन लंबित थे। इसके अलावा नवदीप कौर तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन में सक्रिय रूप से भाग ले रही थी। नवदीप कौर पंजाब के मुक्तसर की रहने वाली है।
February 27, 2021

टैंपो ने बाइक को लिया चपेट में, कैंटीन से सामान लेकर लौट रहे 2 रिटायर्ड फौजियों की मौत

लापरवाही का नतीजा:पुलिया से टकराकर बेकाबू हुए टैंपो ने बाइक को लिया चपेट में, कैंटीन से सामान लेकर लौट रहे 2 रिटायर्ड फौजियों की मौत



गोहाना : शुक्रवार को एक सड़क हादसे में दो रिटायर्ड फौजियों की मौत हो गई, जबकि उनका तीसरा पूर्वसैनिक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। वह अब रोहतक के एक निजी अस्पताल में भर्ती है। हादसा उस वक्त हुआ, जब तीनों कैंटीन से घर का सामान लेकर लौट रहे थे। अचानक पुलिया के पत्थर से टकराने के बाद बेकाबू हुए एक टैंपो ने इन्की बाइक को चपेट में ले लिया।
हादसे के पीड़ित लोगों की पहचान घड़वाल निवासी रामनिवास, दिलबाग और हवा सिंह के रूप में हुई है। घायल रामनिवास ने बताया कि वो तीनों सेना से सेवानिवृत्त थे। शुक्रवार को वो बाइक पर सवार होकर आर्मी कैंटीन से सामान लेने के लिए आए थे। दोपहर बाद सामान लेकर वह वापस गांव जा रहे थे। बाइक दिलबाग चला रहा था और वो दोनों सामान पकड़कर पीछे बैठे हुए थे। रास्ते में गौशाला के नजदीक तेज रफ्तार में आ रही एक इको गाड़ी ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। गाड़ी की टक्कर से रोड पर गिरकर तीनों घायल हो गए। इसके बाद वहां राहगीरों की भीड़ जमा हो गई, जिसने तीनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में पहुंचाया। रामनिवास ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में दिलबाग को मृत घोषित कर दिया गया। उसे और हवा सिंह को PGIMS रोहतक रेफर कर दिया। हवा सिंह की रास्ते में ही मौत हो गई।

मोटरसाइकल को टक्कर मारने के बाद पलटा टैंंपो।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इको गाड़ी और बाइक की भिड़ंत गाड़ी के बेकाबू होने के कारण हुई थी। गाड़ी पुलिया के पत्थर से टकराकर अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। बाइक से टक्कर के बाद गाड़ी भी पलट गई। गाड़ी पलटने के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। घायल के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
February 27, 2021

पानीपत में कुत्ते को लेकर खूनी संघर्ष:गंदगी करने पर कुत्ते को झाड़ू मारी तो पड़ोसी ने गंडासी

पानीपत में कुत्ते को लेकर खूनी संघर्ष:गंदगी करने पर कुत्ते को झाड़ू मारी तो पड़ोसी ने गंडासी से महिला की अंगूली काट दी, परिजनों को भी किया लहूलुहान



पानीपत : चांदनी बाग थाना क्षेत्र की धूप सिंह कॉलोनी में गंदगी कर रहे कुत्ते को झाड़ू मारने पर पड़ोसी ने महिला पर गंडासी से वार करके उसकी अंगूली काट दी। शाम को महिला का पति और बेटे काम से आए तो आरोपियों ने अपने साथियों को बुलाकर उनपर भी धारदार हथियारों से हमला कर दिया। जिसमें एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी, लेकिन शुक्रवार दोपहर तक केस दर्ज नहीं हो पाया।
मूलरूप से UP के अध्योध्या निवासी दयाराम अपने परिवार के साथ धूप सिंह कॉलोनी में रहते हैं। वह और दो बेटे फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं। दयाराम ने बताया कि गुरुवार देर शाम आवारा कुत्ते घर के सामने गली में गंदगी कर रहा था। इसपर उनकी पत्नी सत्ती ने कुत्ते को झाड़ू मार दी।
टैक्सी चालक पड़ोसी बीरपाल पहले से ही रंजिश रखता है। कुत्ते को झाड़ू मारने का बहाना बनाकर बीरपाल ने गंडासी से सत्ती पर वार कर दिया। सत्ती ने वार को हाथ से रोकना चाहा तो उनके सीधे हाथ की एक अंगूली कट गई। शोर होने और अन्य पड़ोसियों के आने पर आरोपी मौके से चला गया।
ड्यूटी के बाद वह और उसके बेटे विनोद व प्रमोद घर आए। तभी बीरपाल अपने ठेकेदार अशोक और 10-12 लड़कों को लेकर उनके घर में घुसा और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। जिसमें दयाराम, विनोद, प्रमोद और बहन सुनीता को सिर व अन्य जगहों पर गहरी चोट आई है। जमकर मारपीट करने के बाद आरोपी चले गए।

*घर पर अकेली बहु को महिलाओं ने घेरा*

वह सभी सिविल अस्पताल में मेडिकल कराने आए तो आरोपी पक्ष की महिलाओं ने घर पर अकेली बहु वंदना से गाली-गलौज शुरू कर दी। वह चुप रही, अगर वह कुछ बोलती तो महिलाएं उसके साथ भी मारपीट करती। दयाराम ने बताया कि गुरुवार रात को ही पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन शुक्रवार दोपहर तक भी केस दर्ज नहीं हुआ।
February 27, 2021

जींद में ठेका पूरा होते ही कूड़ा उठान बंद, शहर में फैला कचरा

जींद में ठेका पूरा होते ही कूड़ा उठान बंद, शहर में फैला कचरा



जींद :  शहर में दो महीने से विशेष अनुमति से चल रहा शहर की सफाई का ठेका अब समाप्त हो गया है। 23 फरवरी को ठेका समाप्त होने के बाद कल से ठेकेदार ने कूड़ा उठाने का काम बंद कर दिया है। इस कारण शहर की गलियों और अन्य जगह गंदगी के ढेर लगे दिखाई दिए। हालांकि नगर परिषद अपने ट्रैक्टर व कर्मचारियों से कूड़े का उठान करवा रहा है, लेकिन इससे दिन भर में कुछ जगह से ही कूड़ा उठ पाया। ऐसे में यदि सफाई ठेके पर जल्द फैसला नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा जाएगी। 
गौरतलब है कि शहर की सफाई का ठेका पिछले साल 48 लाख रुपये महीना में था। इसके तहत सभी मुख्य मार्गों की सफाई व घर-घर से कूड़ा उठान व कूड़ा कलेक्शन सेंटर से कूड़ा उठाने का काम शामिल है। अब ठेका समाप्त होने के चलते शहर की सफाई व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। शहर में प्रतिदिन 100 टन कूड़ा निकलता है, जिसे ठेकेदार के कर्मचारी व वाहन हांसी रोड स्थित डंपिंग साइट तक पहुंचाते हैं। यह कूड़ा अब आसपास के खाली प्लाटों, सार्वजनिक स्थानों पर ही आएगा। घरों से निकलने वाला कूड़ा जहां पहले सीधा डंपिंग साइट पर पहुंचता था, वहीं अब यह आसपास डाला जा रहा है। सफाई ठेके के तहत शहर में कूड़ा उठाने के लिए ठेकेदार द्वारा 156 कर्मचारी लगाए गए थे। यह लोग जहां मुख्य मार्गों की सफाई कर रहे थे, वहीं कूड़ा डंपिंग साइट तक भी पहुंचा रहे थे। इसमें 12 बड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली व 40 छोटे ट्रैक्टर व गाड़ियां शामिल हैं।

बता दें नगरपरिषद के 204 सफाई कर्मचारी हैं। इन कर्मचारियों के जिम्मे कॉलोनियों में सफाई का काम है। ऐसे में कूड़ा उठाने की पूरी व्यवस्था ठेकेदार के ही जिम्मे रहती है। जिस फर्म के पास पिछले साल शहर की सफाई का ठेका था, इस बार भी ठेका उसी फर्म को मिला है। नगरपरिषद ने औपचारिक रूप से कूड़ा कलेक्शन सेंटर बंद कर दिए हैं, लेकिन इसके बावजूद शहर में 100 से अधिक जगह लोग कूड़ा डालते हैं। ठेकेदार के कर्मचारी यहां से कूड़ा उठाकर इसे हांसी रोड स्थित डंपिंग साइट पर पहुंचाते हैं। 
 श्रीश्याम एसोसिएट सुरेंद्र कुमार का कहना है कि  करीब दो सप्ताह पहले ही सफाई का नया ठेका भी पूरा हो चुका है, लेकिन इसे मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा गया है। इसके अनुसार प्रतिमाह करीब 70 लाख रुपये ठेेकेदार को जाएंगे। इसमें बाजारों से कूड़ा उठान, घरों से कूड़ा उठान, मुख्य मार्गों की सफाई शामिल है।
जींद नगर परिषद की स्वच्छता निरीक्षक नीलम ने कहा कि  दो महीने पहले ठेका समाप्त होने पर विशेष अनुमति से काम किया जा रहा था। अब यह ठेका भी समाप्त हो गया है। ऐसे में वीरवार से कूड़ा उठान का काम बंद कर दिया गया है। ठेका समाप्त होने के बाद वीरवार से ठेकेदार ने काम बंद कर दिया है। इसके चलते कूड़ा उठान नहीं हो सका। इसके बावजूद नगर परिषद के दो ट्रैक्टर-ट्रॉली व सफाई कर्मचारियों को लगाया गया है। व्यवस्था बनाने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों की जानकारी में मामला है।
सेवा संस्था के प्रधान नरेंद्र नाडा ने कहा कि  ठेके के लिए अनुमति सरकार को भेजी गई है। इसको लेकर मुख्यालय में बात हुई है। जल्द ही अनुमति मिलने की उम्मीद है। इसके बाद ही काम शुरू हो पाएगा। यह व्यवस्था का मुद्दा है। तय है कि ठेका समाप्त होना है। इससे पहले ही प्रक्रिया की जाए, ताकि लोगों को परेशानी नहीं हो। इससे स्वच्छ भारत मिशन का क्या होगा। प्रदेश भर की नगर पालिकाओं व परिषदों का यही हाल है। इसके लिए सरकार को व्यवस्था बनानी चाहिए। 

अन्ना टीम के सुनील वशिष्ठ ने बताया कि यह सिर्फ विलंब का नहीं, भ्रष्टाचार का खेल है। इसमें अधिकारियों व नेताओं की योजना चलती है। जींद जैसे शहर में 70 लाख रुपये का ठेका हुआ है, जो आम करदाता की जेब से जाएगा। इसके बावजूद भी सफाई की काई गारंटी नहीं है। अन्ना टीम इससे आधे से भी कम रेट में काम करने को तैयार है, लेकिन काम नहीं मिल रहा। इससे सारी स्थितियां साफ हो जाती हैं। 
February 27, 2021

5 राज्यों में 824 सीटें के लिए 18.68 करोड़ वोटर पोलिंग स्टाफ का वैक्सीनेशन होगा

5 राज्यों में 824 सीटें के लिए 18.68 करोड़ वोटर पोलिंग स्टाफ का वैक्सीनेशन होगा

वोटिंग का वक्त 1 घंटा ज्यादा होगा

नई दिल्ली :चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि 5 राज्यों में 824 विधानसभा सीटें हैं। इनके लिए इस बार 18.68 करोड़ वोटर हैं और 2.7 लाख मतदान केंद्र होंगे। मुख्य चुनाव आयोग के मुताबिक 80 साल से ज्यादा उम्र के लोगों, विकलांग लोगों, जरूरी सेवाओं में लगे जिन लोगों की स्थानीय चुनाव अधिकारी पहचान करेंगे, वे पोस्ट बैलट से मतदान कर सकेंगे। सभी चुनाव अधिकारियों का कोरोना वैक्सीनेशन होगा। वोट डालने का समय 1 घंटा ज्यादा होगा।अरोड़ा ने कहा,'पिछले साल जब पूरी दुनिया कोरोना से जूझ रही थी, तब दुनियाभर के चुनाव आयोगों के सामने चुनाव कराना चुनौती थी। कई देशों ने ऐसे हालात में भी हिम्मत दिखाई और कुछ बदलाव और एहतियात बरतते हुए चुनाव कराए। चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 18 सीटों पर जून 2020 में चुनाव कराकर शुरुआत की। हमारे लिए बड़ी चुनौती बिहार थी। वहां 7.3 करोड़ वोटर थे। यह हमारे लिए अग्निपरीक्षा थी।'
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा, 'मुझे यह बताते हुए खुशी है कि बिहार के वोटरों ने भी भरोसा दिखाया और चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लिया। बिहार में कई अधिकारियों को कोरोना था, इसके बावजूद वे चुनाव तैयारियों को देखते रहे। आपको जानकर खुशी होगी कि बिहार में वोटिंग में 57.3% वोटिंग हुई जो पिछले विधानसभा चुनाव और 2019 के लोकसभा चुनाव से भी ज्यादा थी।'

'18.68 करोड़ वोटर्स के 

लिए 2.7 लाख मतदान केंद्र होंगे'
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा, 'असम विधानसभा चुनाव का कार्यकाल 31 मई तक है। इसी तरह तमिलनाडु विधानसभा का 24 मई, बंगाल का 30 मई, केरल का 1 जून और पुडुचेरी का 8 जून तक का कार्यकाल है। 824 विधानसभा सीटों के लिए 18.68 करोड़ वोटर होंगे और 2.7 लाख मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। तमिलनाडु में 66 हजार, असम में 33 हजार, बंगाल में 1 लाख 1 हजार 916 मतदान केंद्र होंगे।'
February 27, 2021

व्यापारी से चोट मारकर मोटरसाईकिल व नकदी छिनने का मामला

व्यापारी से चोट मारकर मोटरसाईकिल व नकदी छिनने का मामला

पुलिस ने आरोपियों को काबू करके मोटरसाइकिल बरामद की

जींद/सफीदों :( संजय तिरँगाधारी )
 नगर के नागक्षेत्र मोड के पास मोटरसाइकिल सवार युवकों द्वारा अनाज मंडी के व्यापारी से मोटरसाईकिल, मोबाइल व नकदी छिनने के मामले में सफीदों पुलिस व सीआईए स्टाफ ने दोनों आरोपियों को काबू करने में सफलता हासिल की है। सिटी थाना प्रभारी दीपक कुमार की अगुवाई में पुलिस ने दोनों आरोपी युवकों को पकडऩे के साथ-साथ वारदात में उपयोग की गई और व्यापारी से छिनी गई दोनों बाईकों व इस्तेमाल किए गए डंडों-बिंडों को भी बरामद कर लिया है। गौरतलब है कि सफीदों मंडी आढ़ती प्रभास जैन नगर के नागक्षेत्र मोड़ के पास से मोटरसाइकिल पर जा रहा था कि दो अज्ञात युवकों ने उसे डंडे-बिंडों से चोट पहुंचाकर उससे मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन व नकदी छिन ली थी और मौके से फरार हो गए। इस घटना में प्रभाष जैन को काफी चोटें भी आए थे। शिकायत के आधार पर सिटी थाना पुलिस ने धारा 394, 506, 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया था। मामला दर्ज करने के उपरांत सिटी पुलिस व सीआईए ने मशक्कत करके आरोपियों को पकडकर उन्हे एक दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उनसे वारदात करने में उपयोग की गई व आढ़ती से छिनी गई दोनों बाईकों व डंडों-बिंडों को बरामद कर लिया था। रिमांड के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हे जेल भेज दिया गया।
February 27, 2021

जींद में स्थापित हुआ पंजाब नैशनल बैंक का मण्डल कार्यालय

जींद  में स्थापित हुआ पंजाब नैशनल बैंक का मण्डल कार्यालय

-डीसी डॉ आदित्य दहिया ने किया मण्डल कार्यालय का विधिवत रूप से शुभारंभ

जींद : ( संजय तिरँगाधारी )
जिले में पंजाब नैशनल बैंक का मण्डल कार्यालय स्थापित हो गया है। डीसी डॉ आदित्य दहिया ने शुक्रवार को मण्डल कार्यालय का विधिवत रूप से शुभारंभ किया। इस अवसर पर पंजाब नैशनल बैंक के कई वरिष्ठ अधिकारी तथा कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
डॉ. आदित्य दहिया ने इस अवसर पर कहा कि इस मण्डल कार्यालय के स्थापित होने से जींद जिला के लोगों को काफी फायदा पहुंचेगा, लोगों को अब विभिन्न प्रकार के ऋण प्राप्त करने के लिए दूर दराज नहीं जाना पड़ेगा। इस कार्यालय के माध्यम से अधिक राशि के ऋण सहजता से प्राप्त किए जा सकेंगे। पंजाब नैशनल बैंक द्वारा लोगों के कल्याण के लिए समय- समय पर कई तरह के कार्यक्रम भी चलाये जाते है तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लोग इसी बैंक के माध्यम से प्राप्त करते है, ऐसे में यह मण्डल कार्यालय जिला के विकास में काफी कारगर साबित होगा। उन्होंने कहा कि बैंक को जिला प्रशासन द्वारा पूरा सहयोग दिया जाएगा ताकि लोगों के जीवन स्तर को और ऊंचा उठाया जा सके। उन्होंने कहा कि जींद व कैथल में पीएनबी की 76 शाखाएं है, अब इन सभी शाखाओं की मॉनिटिरिंग इसी कार्यालय से होगी।
उन्होंने कहा कि स्वरोजगार स्थापित करने के लिए बैंक के माध्यम से लोग आसानी से ऋण प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बैंक अधिकारियों से कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने में पंजाब नैशनल बैंक बहुत बड़ा माध्यम है, इसलिए योजनाओं का लाभ अविलम्ब लोगों तक पहुंचाए तथा लीड बैंक होने के नाते अन्य बैंकों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उपायुक्त ने कहा कि पंजाब नैशनल बैंक ने अटल पेंशन योजना में शानदार काम किया है। इस मामले में पीएनबी जींद जिला देश के मध्य राज्यों में प्रथम स्थान पर रहा है। इस उपलब्धि पर उपायुक्त ने पीएनबी के अधिकारियों को बधाई दी।
उपायुक्त ने इस अवसर पर बैंक की ओर से अंकुर शिक्षण संस्थान के निशक्त बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए एक आरओ तथा बच्चों को कॉपी- किताबों समेत एक- एक बैग भी उपलब्ध करवाया। इस दौरान उन्होंने बैंक परिसर में पौधा रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बैंक के अधिकारियों ने भी उपायुक्त को पौधा भेंट किया। इस अवसर पर जोनल मैनेजर संदीप पानिगिरी, मंडल प्रमुख दीपक तनेजा, एजीएम सिकन्दर पाल, लीड बैंक मैनेजर राकेश वर्मा, उपमंडल प्रमुख सुरेन्द्र कुमार नंदा आदि उपस्थित रहे।
February 27, 2021

सार्वजनिक महकमों को बेचना बंद करे सरकार : सत्यपाल सिवाच

सार्वजनिक महकमों को बेचना बंद करे सरकार : सत्यपाल सिवाच

-राष्ट्रीय आह्वान पर कर्मचारियों का प्रदर्शन, डीसी को सौंपा ज्ञापन


जींद : ( संजय तिरँगाधारी ): सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने शुक्रवार को ऑल इंडिया स्टेट गवर्नमेंट एम्पलाइज फेडरेशन के आह्वान पर प्रतिरोध दिवस के रूप में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर मनाया। इस दौरान डीसी के माध्यम से मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार को ज्ञापन भेजा गया। इसकी अध्यक्षता जिला प्रधान रामफल दलाल ने की व मंच का संचालन जिला सचिव सतीश शर्मा ने किया।
आज के धरने को मुख्य रूप से अध्यापक संघ के पूर्व राज्य प्रधान सत्यपाल सिवाच, सकस के जिला प्रधान रामफल दलाल ने संबोधित किया।
जिला प्रधान रामफल दलाल ने कहा कि आज का यह विरोध प्रदर्शन राष्ट्रीय स्तर पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन मांग करता है कि सभी कच्चे, एडहॉक, डेलीवेज, तदर्थ एवं पार्ट टाइम कर्मचारियों को पक्का किया जाए। इस सरकार ने जो भी कर्मचारी नौकरी से निकाले हैं जैसे कि 1983 पीटीआई, 816 ड्राइंग टीचर,1518 ग्रुप डी के कर्मचारी उनको अति शीघ्र नौकरी पर वापस लिया जाए।साथ ही नव चयनित 1035 टीजीटी अंग्रेजी, 623 संस्कृत पीजीटी उनकी भर्ती को रद्द न करते हुए जल्द कार्य ग्रहण करवाया जाए। इसके साथ ही कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल की जाए, डीए में की गई कटौती का एरियर सहित भुगतान किया जाए।
सत्यपाल सिवाच ने कहा कि सरकार सार्वजनिक क्षेत्रों को अपने चहेते पूंजीपतियों को बेचना बंद करे। कर्मचारियों के लोकतांत्रिक अधिकारों को सुरक्षित रखा जाए। ये भी आजाद भारत के आजाद नागरिक हैं वे भी सामाजिक व परिवारिक मुद्दों पर अपने विचार रखते हैं।
उन्होंने कहा कि सर्व कर्मचारी संघ पूर्णतया किसान आंदोलन का समर्थन करता है और केंद्र सरकार से मांग करता है कि अति शीघ्र तीनों कृषि व उपभोक्ता विरुद्ध काले कानून वापस लिए जाएं।
हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के जिला प्रधान साधुराम ने कहा कि संगठन हरियाणा सरकार से मांग करता है कि इन कृषि कानूनों का समर्थन करते हुए जिन तीन अध्यापकों को तानाशाही तरीके निलंबित किया गया है उन्हें शीघ्र बाइज्जत बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि एक्सग्रेशिया पॉलिसी में लगाई गई शर्तों को हटाया जाए और सभी दिवंगत कर्मचारियों के परिवार के सदस्यों को नौकरी देना सुनिश्चित किया जाए, प्रीमेच्योर रिटायरमेंट के आदेश भी वापस लिए जाएं तथा एसीपी 5, 9 व 14 वर्ष की सेवा पर अधिकारियों की भाँति सभी कर्मचारियों को भी दिया जाए, वर्ष 2016-19 की बकाया एवं ब्लॉक 2020- 23 की एलटीसी  देना सुनिश्चित किया जाए, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को रद्द किया जाए एवं इसे जनपक्षीय बनाया जाए। सुनिश्चित किया जाए कि प्रदेश व देश के सभी स्कूल जाने वाले बच्चे निशुल्क, अनिवार्य एंवम गुणवत्तापूर्क शिक्षा ग्रहण कर सकें, कैशलेस मेडिकल सुविधा  का सरलीकरण किया जाए एवं उनके आश्रित की मासिक आय 3500 से बढ़ाकर 10000 की जाए आदि नीतियों पर विस्तार से चर्चा की।
आज के इस धरने में भूप सिंह वर्मा, संजीव सिंगला, महताब सिंह, ईश्वर सिंह, राजेंद्र सिंह, संदीप सिंह, इंद्र सिंह श्योकंद, धर्मबीर भम्भेवा, रीठा रानी पीजीटी संस्कृत, सत्यवान टीजीटी अंग्रेजी, रामनिवास, राजकुमार श्योकंद आदि मौजूद रहे ।
February 27, 2021

युवाओं ने पीएम, राष्ट्रपति के नाम खून से चिठ्ठी लिख कहा तीनों कृषि कानून रद्द करें

युवाओं ने पीएम, राष्ट्रपति के नाम खून से चिठ्ठी लिख कहा तीनों कृषि कानून रद्द करें

-खटकड़ टोल पर किसानों ने मनाया युवा दिवस, युवाओं ने किया मंच संचालन

जींद :( संजय तिरँगाधारी )
खटकड़ टोल पर शुक्रवार को धरनारत किसानों ने युवा दिवस मनाया। युवाओं ने तीन कृषि कानून रद्द करने की मांग को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति को खून से चि_ी लिखी। युवा दिवस होने के चलते किसान धरने की अध्यक्षता से लेकर मंच संचालन तक युवाओं ने किया। आंदोलन शुरू होने से लेकर अब तक युवाओं की भूमिका किसान आंदोलन में अहम होने के चलते संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर युवा दिवस शुक्रवार को मनाया गया। खटकड़ टोल पर भाकियू राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत की रैली में व्यवस्था को बनाने के लिए कार्य करने वाले युवाओं, महिलाओं को सम्मानित किया गया। मंच संचालन संयुक्त रूप से अनीष खटकड़, महिला भाकियू जिलाध्यक्ष सिक्किम सफा खेड़ी ने किया। अध्यक्षता भारता खटकड़, कुलवीर जुलानी, जयभगवान खटकड़ ने संयुक्त रूप से की।  

*खून निकाल कर लिखी चिट्ठी*

खटकड़ टोल पर पहुंचे युवाओं ने पीएम नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति को खून से पत्र लिखा। यहां पर पहले युवाओं को खून इंजेक्शन के माध्यम से निकाला गया। पत्र पर पीएम नरेंद्र मोदी के नाम युवाओं द्वारा दिए गए खून के बाद पत्र लिखा गया। भाकियू युवा जिलाध्यक्ष दीपक गिल, युवा हलकाध्यक्ष अनूप करसिंधु, अनीष खटकड़ ने कहा कि आज खेती घाटे का सौदा बन रही है। किसान फसलों के एमएसपी पर कानून बनाने की मांग कर रहे है तो तीनों कानूनों को रद्द करने की मांग कर रहे है।
ये कानून किसानों के लिए केंद्र सरकार लेकर आई है लेकिन जब किसानों को ये कानून नहीं चाहिए तो क्यों लागू किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नाम युवाओं ने खून से चिट्ठी लिख कर तीनों कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग की है। युवा निरंतर अपने बड़ों के आदेशों पर अब तक आंदोलन को चला रहे है। युवाओं को जैसे बड़े आदेश करेंगे वैसे युवा आंदोलन चलाएंगे। सरकार को चाहिए कि वो अपनी जिद्द को छोड़े। किसी की मांग को मानने से किसी तरह की अपमान नहीं होता बल्कि किसानों की मांग केंद्र सरकार मानती है तो यह किसानों का सम्मान के साथ-साथ केंद्र सरकार का भी किसान हितैषी होने का प्रमाण होगा।  

*अपनी खड़ी फसल की जुताई न करें किसान : सिक्किम*

सिक्किम सफा खेड़ी ने कहा कि किसानों को चाहिए कि वो खेतों में अपनी खड़ी  फसल की जुताई ट्रैक्टर से न करें। आज किसान भावुक होकर इस तरह के फैसले न ले। किसानों को चाहिए कि वो आंदोलन में अधिक से अधिक लोगों को जोड़े। यह आंदोलन जन आंदोलन बन चुका है जिससे हर कोई आज जुड़ रहा है। किसान की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है क्योंकि खेती घाटे का सौदा बनती जा रही है। केंद्र सरकार इंसानियत नहीं हो किसानियत के नाते तीनों कृषि कानूनों को रद्द करें।
February 27, 2021

किसान आंदोलन में टिकैत के बयानों से संयुक्त मोर्चा ने किया किनारा, सामने आई खींचतान

किसान आंदोलन में टिकैत के बयानों से संयुक्त मोर्चा ने किया किनारा, सामने आई खींचतान



नई दिल्ली :  कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे आंदोलन की अगुवाई कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा ने किसान नेता राकेश टिकैत  तगड़ा झटका दिया है। केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे आंदोलन की अगुवाई कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा ने किसान नेता राकेश टिकैत के बयान, जिसमें 40 लाख ट्रैक्टरों के साथ दिल्ली कूच करने की बात कही गई थी। उसे उनकी निजी राय बताते उससे पल्ला झाड़ लिया है। मोर्चा के सदस्य जगजीत सिंह दल्लेवाला ने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा का फिलहाल दिल्ली कूच का कोई कार्यक्रम नहीं है और न ही इसकी कोई तैयारी की जा रही है। मोर्चा की आगामी बैठक में यह तय होगा कि अगले 15 दिनों के क्या कार्यक्रम रहेंगे।
फिलहाल मोर्चा के 27 फरवरी तक के कार्यक्रम तय हैं और 28 फरवरी को होने वाली बैठक में अगली रणनीति तय की जाएगी। इससे पहले उनके फसलों को तबाह करने के बयान का भी विरोध हो चुका है और किसान संगठन फसलों को तबाह नहीं करने की अपील कर रहे हैं। राकेश टिकैत द्वारा फसलों को आग लगाने के बयान के बाद से अब तक दर्जनभर किसान अपनी फसलों को तबाह कर चुके हैं, जिससे संयुक्त किसान मोर्चा की चिंता बढ़ गई है। किसान नेताओं का मानना है कि राकेश टिकैत के हर बयान पर पूरी दुनिया की नजर रहती है  इसलिए उनको ऐसे बयान देने से बचना चाहिए और उन्होंने इसे उनका निजी बयान बताया। 
इसको लेकर बृहस्पतिवार को कुंडली धरने पर मौजूद अखिल भारतीय स्वामीनाथन कमेटी संघर्ष समिति के प्रमुख विकल्प आचार्य ने कहा कि फसलों में आग लगाना, उन्हें तबाह करना या आत्महत्या करना आंदोलन का कोई तरीका नहीं है। फसलें हमारे बच्चों की तरह है। कोई भी व्यक्ति ऐसा न करें। फसलें तबाह करना किसी का निजी बयान हो सकता है, यह संयुक्त मोर्चा का फैसला नहीं है। इसके अलावा मोर्चा के सदस्य जगजीत सिंह दल्लेवाला ने साफ किया कि संयुक्त किसान मोर्चा का फिलहाल दिल्ली कूच का कोई कार्यक्रम नहीं है और न ही इसकी कोई तैयारी की जा रही है। मोर्चा की आगामी बैठक में यह तय होगा कि अगले 15 दिनों के क्या कार्यक्रम रहेंगे।

जगजीत सिंह दल्लेवाला ने यह भी स्पष्ट किया कि फसल बर्बाद करने का कोई कार्यक्रम मोर्चा की ओर से नहीं सुझाया गया है। मोर्चा तो किसानों को यही सलाह दे रहा है कि किसी भी सूरत में अपनी फसल बर्बाद न करें। वहीं, गुरनाम चढ़ूनी ने भी कहा कि किसान अपनी फसलों को बच्चे की तरह पालते हैं, ऐसे में उन्हें बर्बाद किया जाना सरासर गलत है। मोर्चे के नेताओं ने राकेश टिकैत को इस तरह के बयान नहीं देने की नसीहत तक दी है। उनका मानना है कि इतने बड़े किसान नेता कोई बयान देते हैं तो उस पर अमल भी होना चाहिए। इस तरह से केवल बयान देने से गलत संदेश जाता है और उनके बयान को इस समय काफी अहम माना जाता है। 
किसान नेताओं की अपील का असर किसानों पर नहीं हो रहा है। वे अपनी फसलों को तबाह कर रहे हैं। आज सिलाना गांव में तीन किसानों ने अपने खेत मे खड़ी गेहूं की फसल को नष्ट किया। किसान मंजीत ने फसल पर ट्रैक्टर चलाकर नष्ट कर दिया तो किसान संजय व बलजीत ने गेहूं की फसल को दरांती से काट दिया। इससे पहले सेहरी गांव निवासी बलवान नंबरदार ने भी अपनी दो एकड़ खड़ी फसल में ट्रैक्टर चला दिया था।
February 27, 2021

हरियाणा सरकार ने तुरंत प्रभाव से 56 एचसीएस अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नियुक्ति आदेश जारी किए

हरियाणा सरकार ने तुरंत प्रभाव से 56 एचसीएस अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नियुक्ति आदेश जारी किए हैं।


चण्डीगढ़ : लोक निर्माण (भवन एवं सडक़ें) विभाग के विशेष सचिव जगदीप ढांडा को उनके वर्तमान कार्यभार के अलावा अम्बाला के अतिरिक्त उपायुक्त का कार्यभार सौंपा गया है।
नूंह के अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला नगर आयुक्त मुनीश नागपाल को फतेहाबाद का अतिरिक्त उपायुक्त और फतेहाबाद का जिला नगर आयुक्त लगाया गया है।
कैथल के जिला नगर आयुक्त कुलधीर सिंह को जिला परिषद, रेवाड़ी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी और डीआरडीए, रेवाड़ी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी लगाया गया है।
चीफ प्रोटोकॉल ऑफिसर, गुरुग्राम वत्सल वशिष्ठ को चीफ प्रोटोकॉल ऑफिसर, गुरुग्राम और झज्जर का अतिरिक्त उपायुक्त लगाया गया है
झज्जर के अतिरिक्त उपायुक्त जगनिवास को नूहं का अतिरिक्त उपायुक्त और जिला नगर आयुक्त, नूहं लगाया गया है।
यमुनानगर की अतिरिक्त उपायुक्त, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की विशेष सचिव रंजीत कौर को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग का विशेष सचिव और यमुनानगर का अतिरिक्त उपायुक्त लगाया गया है।
रोहतक के अतिरिक्त उपायुक्त और विशेष अधिकारी एपीजेड, रोहतक महेंद्र पाल को उनके वर्तमान कार्यभार के अलावा जिला परिषद, रोहतक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और डीआरडीए, रोहतक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी का कार्यभार सौंपा गया है।
आरटीओ झज्जर के सचिव अशोक कुमार बंसल को सोनीपत का अतिरिक्त उपायुक्त लगाया गया है।
जिला परिषद झज्जर की मुख्य कार्यकारी अधिकारी और डीआरडीए, झज्जर की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सुभीता ढाका को जिला परिवहन अधिकारी-सह-सचिव, आरटीए, झज्जर लगाया गया है।
नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे जयदीप कुमार को जिला परिषद हिसार का मुख्य कार्यकारी अधिकारी और डीआरडीए, हिसार का मुख्य कार्यकारी अधिकारी लगाया गया है।
फतेहाबाद के अतिरिक्त उपायुक्त और जिला नगर आयुक्त, फतेहाबाद समवर्तक सिंह को अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) माध्यमिक शिक्षा और स्कूल शिक्षा विभाग का अतिरिक्त सचिव तथा कैथल का जिला नगर आयुक्त लगाया गया है।
बादशाहपुर की उपमंडल अधिकारी (नागरिक) मनीषा शर्मा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, गुरुग्राम-2 का संपदा अधिकारी तथा जस्टिस (रिटायर्ड) एसएन झा की अगुआई में गुरुग्राम में गठित जांच आयोग के सचिव नियुक्त किया गया है।
जिला परिषद भिवानी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और डीआरडीए भिवानी के मुख्य कार्यकारी प्रदीप कुमार-2 को गोहाना का उपमंडल अधिकारी (नागरिक) लगाया गया है।
जींद के जिला नगर आयुक्त डॉ. सुशील कुमार को जिला परिवहन अधिकारी-सह-सचिव आरटीए, पानीपत नियुक्त किया गया है।
जिला परिषद हिसार की मुख्य कार्यकारी अधिकारी और डीआरडीए हिसार की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शालिनी चेतल को जिला परिवहन अधिकारी-सह-सचिव आरटीए, फतेहाबाद लगाया गया है।
जिला परिषद रोहतक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और डीआरडीए रोहतक के मुख्य कार्यकारी सतीश यादव को बादशाहपुर का उपमंडल अधिकारी (नागरिक) लगाया गया है।
जिला परिषद रेवाड़ी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और डीआरडीए रेवाड़ी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी त्रिलोक चंद को जिला परिषद, झज्जर का मुख्य कार्यकारी अधिकारी और डीआरडीए झज्जर का मुख्य कार्यकारी अधिकारी लगाया गया है।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, गुरुग्राम-2 के संपदा अधिकारी और जस्टिस (रिटायर्ड) एसएन झा की अगुआई में गुरुग्राम में गठित जांच आयोग के  सचिव विवेक कालिया को अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) माध्यमिक शिक्षा  और स्कूल शिक्षा विभाग का संयुक्त सचिव तथा तकनीकी शिक्षा विभाग का अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) और संयुक्त सचिव लगाया गया है।
अंबाला कैंट कि उपमंडल अधिकारी (नागरिक) और अंबाला कैंट में एक्साइज्ड एरिया में सरकारी भूमि के प्रबंधन के लिए संपदा अधिकारी ममता को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, पंचकूला का संपदा अधिकारी लगाया गया है।
सहकारी चीनी मिल, महम के प्रबंध निदेशक जगदीप सिंह को उपमंडल अधिकारी (नागरिक), हिसार लगाया गया है।
संयुक्त निदेशक, चकबंदी, रोहतक और सांपला की उपमंडल अधिकारी (नागरिक) तथा महम की उपमंडल अधिकारी (नागरिक) गायत्री अहलावत को सहकारी चीनी मिल, महम का प्रबंध निदेशक और उपमंडल अधिकारी (नागरिक), महम लगाया गया है।
कालांवाली के उपमंडल अधिकारी नागरिक निर्मल नागर को संयुक्त परिवहन आयुक्त (रोड सेफ्टी), हरियाणा लगाया गया है।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण फरीदाबाद के संपदा अधिकारी परमजीत चहल को फरीदाबाद का उपमंडल अधिकारी (नागरिक) लगाया गया है।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण हिसार के संपदा अधिकारी वेद प्रकाश को आयुक्त, हिसार मंडल, हिसार के कार्यालय में ओएसडी लगाया गया है।
संयुक्त निदेशक (प्रशासन), माध्यमिक शिक्षा और स्कूल शिक्षा विभाग के उप सचिव सतिंदर सिवाच को अंबाला कैंट का उपमंडल अधिकारी नागरिक और अंबाला कैंट में एक्साइज्ड एरिया में सरकारी भूमि के प्रबंधन के लिए संपदा अधिकारी लगाया गया है।
सोनीपत के उपमंडल अधिकारी (नागरिक) विजय सिंह को कालांवली का उपमंडल अधिकारी (नागरिक) लगाया गया है।
सिरसा के उपमंडल अधिकारी (नागरिक) जयवीर यादव को उनके वर्तमान कार्य भार के अलावा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, सिरसा के संपदा अधिकारी का कार्यभार सौंपा गया है।
हरियाणा रोडवेज गुरुग्राम की महाप्रबंधक सुमन भांखर  को सहकारी चीनी मिल, पलवल का प्रबंध निदेशक लगाया गया है।
संयुक्त निदेशक (प्रशासन), माध्यमिक शिक्षा और स्कूल शिक्षा विभाग के उप सचिव तथा हरियाणा सफाई कर्मचारी आयोग के सचिव और हरियाणा केश कला एवं कौशल विकास बोर्ड के सदस्य सचिव अनिल नागर को हरियाणा लोक सेवा आयोग का उप सचिव, हरियाणा सफाई कर्मचारी आयोग का सचिव, हरियाणा केश कला एवं कौशल विकास बोर्ड का सदस्य सचिव और विमुक्त घुमंतू जाति विकास बोर्ड का सदस्य सचिव लगाया गया है।
खरखोदा की उपमंडल अधिकारी नागरिक श्वेता सुहाग को सांपला का उपमंडल अधिकारी (नागरिक) और संयुक्त निदेशक, चकबंदी, रोहतक लगाया गया है।
नगर निगम, पानीपत की संयुक्त आयुक्त अनुपमा मलिक को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण पानीपत का संपदा अधिकारी लगाया गया है।
रादौर के उपमंडल अधिकारी (नागरिक) सुशील कुमार-3 को जगाधरी का उपमंडल अधिकारी (नागरिक) लगाया गया है।
गुहला की उप मंडल अधिकारी (नागरिक) शशि वसुंधरा को उपमंडल अधिकारी (नागरिक), सोनीपत लगाया गया है।
गोहाना के उप मंडल अधिकारी (नागरिक) आशीष कुमार को सहकारी चीनी मिल, गोहाना का प्रबंध निदेशक लगाया गया है।
रतिया के उपमंडल अधिकारी (नागरिक) सुरेंद्र सिंह को नरवाना का उपमंडल अधिकारी (नागरिक) लगाया गया है।
नरवाना के उपमंडल अधिकारी (नागरिक) सुमीत सिहाग को इंद्री का उपमंडल अधिकारी (नागरिक) लगाया गया है।
February 27, 2021

किंग्स रिकॉर्ड बुक में दर्ज हुआ फरीदाबाद की सृष्टि गुलाटी का नाम

किंग्स रिकॉर्ड बुक में दर्ज हुआ फरीदाबाद की सृष्टि गुलाटी का नाम


फरीदाबाद : 2021 का पहला रिकॉर्ड बना सृष्टि के नाम। किंग्स रिकॉर्ड बुक में दर्ज हुआ फरीदाबाद की सृष्टि गुलाटी का नाम। फरीदाबाद की सृष्टि का नाम दर्ज हुआ किंग्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में। एक ओर रिकॉर्ड बुक में दर्ज होने के साथ ही साल 2021 में सृष्टि गुलाटी का नाम पहली रिकॉर्ड बुक में दर्ज हुआ है। अपने जन्मदिन 13 जनवरी 2021 के दिन 1000 मास्क बाट कर सृष्टि गुलाटी ने ये रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कराया है। इस उपलब्धि पर सभी बेहद खुश हैं। इससे पहले भी शहर की बेटी का नाम कई रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो चुका है। रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बना रही नन्ही परी। नन्ही परी सृष्टि को यह प्रमाण पत्र ईमेल के माध्यम से प्राप्त हुआ।

नित नए रिकॉर्ड बना रही नन्ही सृष्टि गुलाटी। मात्र 5 वर्ष की उम्र में ही इतना बड़ा मुकाम हासिल करने वाली भी कम उम्र की बालिका बनी। कोरोना काल मे मास्क बाट कर सामाजिक कार्य के साथ ही एक रिकॉर्ड भी बना दिया फरीदाबाद की रिकॉर्ड गर्ल। अब शहर में सृष्टि को रिकॉर्ड गर्ल के नाम से जाना जाता है। 13 जनवरी को  अपने 5 वे जन्मदिवस पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है हरियाणा की लाडो ने। पिता प्रवीन गुलाटी ने बताया कि 1000 मास्क बाट कर बेटी ने बेहद ही नेक ओर सामाजिक कार्य करने के साथ ही एक सीख भी दी है। सेवा करने की कोई उम्र नही होती और जज्बा भी। माता प्रिया ने कहा कि बेटी पर बड़ा गर्व है ओर कहा कि हमारे घर आंगन में एक प्यारी सी ओर प्रतिभाशाली बेटी ने जन्म लिया।  भविष्य में भी बेटी अच्छे और नेक काम करे और सफलता की नई ऊंचाइयों पर पहुंचे यही कामना है। किंग्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज होने के साथ ही 2019 से शुरू हुआ रिकॉर्ड का सिलसिला अब भी बदस्तूर जारी है। इसी के साथ अब सृष्टी का नाम 21 रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो गया है। सृष्टि गुलाटी अब एक नया सितारा बनी है फरीदाबाद हरियाणा में। सभी लोगों ने मिलकर बेटी की इस अनोखी ओर शानदार उपलब्धि पर बधाई दी और शुभकामनाएं दी।
February 27, 2021

28 वर्ष पहले 501 कन्याओं से चला पूजन का सिलसिला पहुंचा 8100 पर-मां के जयकारों के बीच

28 वर्ष पहले 501 कन्याओं से चला पूजन का सिलसिला पहुंचा 8100 पर

-मां के जयकारों के बीच कन्याओं का हुआ पूजन
-बेटियों की महत्ता का संतों और नेताओंं ने जमकर किया गुणगान

जींद : ( संजय तिरँगाधारी ) 
28 वर्ष पहले जींद के महाभारत कालीन जयंती देवी मंदिर में गुप्त नवरात्रों के दौरान बेटियों को शिद्दत और समर्पण के साथ मान-सम्मान देने का जो सिलसिला चला था, वह 501 से इस कद्र बढ़ा कि आज 8100 कन्याओं के पूजन का रूप धारण कर गया। शुक्रवार को बेटियों की बड़ी संख्या और श्रद्धालुओं के सेवा जूनुन के कारण मंदिर में नजर आ रही व्यवस्था को देखने वाले दंग होकर रह गये। जयंता देवी मंदिर में चला आ रहा शतचंडी महायज्ञ शुक्रवार को पूर्णाहुति और बेटियों के हित में अलख जगाने तथा राष्ट्रहित में एकजुट रहने के आह्वान के साथ संपन्न हुआ। महायज्ञ में साधू-संतों, भाजपा के जिला प्रधान राजू मोर, समाज सेवी विकास जैन, जींद विकास संगठन के प्रधान डॉ. राजकुमार गोयल, वरदान अस्पताल की चेयरपर्सन मीना शर्मा, समाज सेवी वीरभान आर्य सहित हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर आहुति डाली। 

मंदिर के पुजारी नवीन कुमार शास्त्री ने कहा कि 28 वर्ष पूर्व 501 कन्याओं से शुरू हुआ पूजन का यह सिलसिला इस बार 8100 कन्याओं से संपन्न हुआ। इस मौके पर 56 स्कूलों से पहुंची कन्याओं का भव्य पूजन किया गया। जयंता देवी मंदिर के दरबार में बेटियों के हित में आवाज उठनेे के साथ-साथ राष्ट्रहित को सर्वोपरि बताते हुए संगठित रहने की अलख जगाई गई। मां के गूंजायमान जयकारों के बीच कन्याओं का पूजन करते हुए उनकी महत्ता का अतिथियों ने जमकर बखान किया। मां के दरबार में हुए इस भव्य धार्मिक समागम में कुरूक्षेत्र से पहुंचे वेदपाठी आचार्य नरेश कुमार और 51 पंडितों के साथ मिलकर मंत्रोच्चारण करते हुए नगर शांति की पूजा-अर्चना करवाई। इस मौके पर सुनील शांडिल्य, एसबीडी प्रिंसीपल राकेश वत्स, डॉ. आदित्य, मास्टर सोमवीर मलिक, विजय सचदेवा, अजय भोला, राम सुनेजा, सुरेश छातरिया, फूल कुमार, राजकुमार वर्मा, विशाल कामरा, डॉ. दिनेश, सागर कौशिक, राजेंद्र बतरा, सिद्धार्थ गोयल आदि श्रद्धालु मौजूद थे।
 इस भव्य कन्या पूजन में कार्यक्रम की शिक्षाविद सुभाष श्योराण, शिक्षाविद वजीर ढांडा, रामनिवास गुप्ता, सुरेंद्र राणा, रामनिवास शर्मा ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की। इस दौरान पुजारी नवीन शास्त्री ने अतिथियों को मां की लाल चुनरी भी प्रदान की। इस मौके पर जींद विकास संगठन प्रधान डॉ. राजकुमार गोयल ने कहा कि माता का दरबार सर्वोपरि है। जो व्यक्ति धर्म में आस्था रखेगा, वह निश्चित तौर पर किसी का बुरा नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि मां जयंती देवी के दरबार से बेटियों के हित में जो आवाज बुलंद होती आई है, वह अपना असर छोड़ रही है। जींद जिले का लिंगानुपात आज संतुलन की पटरी पर दौड़ रहा हैं। ऐसे आयोजन समाज को मजबूती देने का काम कर रहे हैं।

-200 श्रद्धालुओं ने 11 हजार लोगों को प्रसाद ग्रहण करवाया-

मंदिर श्रद्धालु एवं वरदान अस्पताल की चेयरपर्सन मीना शर्मा ने कहा कि आज देश की रक्षा में बेटियां, बेटों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अपने कदम आगे बढ़ा रही है। कोई ऐसा क्षेत्र नहीं, जहां बेटियां पूरी सक्रियता के साथ भागीदारी ना कर रही हो। उन्होंने कहा कि बेटियों की महत्ता को देखते हुए आज भव्य पूजन 200 श्रद्धालुओं के सहयोग से संपन्न हुआ। इन श्रद्धालुओं ने 8100 बेटियों सहित 11 हजार लोगों को प्रसाद ग्रहण कराया। स्वयंसेवकों ने जिस तरीके से भूमिका अदा की, उसके नतीजन व्यवस्था लाजवाब थी। कन्याओं को हलवा, पूरी, छोले, कड़ी-चावल के साथ-साथ केले का प्रसाद भी वितरित किया गया।

*-मां के दरबार से उठी आवाज असर दिखायेगी : मोर*

भाजपा के जिला प्रधान राजू मोर ने कहा कि कन्याओं की महत्ता को समझा जाने लगा है। मां जयंती देवी मंदिर में पिछले 28 वर्षों से कन्या पूजन का कार्यक्रम होना सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बेटियों के प्रति लोगों की सोच बदल रही है। मां के दरबार में गुप्त नवरात्रों के दिनों जो आवाज उठी है, वह निश्चित तौर पर अपना असर दिखाएगी। उन्होंने कहा कि जींद जिले के लोग इस बात के लिए सराहनीय है कि उन्होंने दक्कियानुसी बातों को छोड़कर बेटियों के गुणों की पहचान करनी शुरू कर दी है।

*-कन्याओं के पूजन से फैलती है सुख-शांति-*

सिद्धपीठ मंदिर के पुजारी नवीन शास्त्री ने कहा कि गुप्त नवरात्रों में शक्ति स्वरूपा कन्याओं के पूजन से वातावरण में जो सुख और शांति का माहौल बनता है, उसके कारण नाकारात्मक ऊर्जा समाप्त होती है। उन्होंने कहा कि मां के दरबार में गुप्त नवरात्रों में जो प्रतिदिन सवा लाख नवार्ण मंत्रों का जाप हुआ, उससे निश्चित तौर पर शहर में शांति आएगी।
फोटो कैप्शन : जयंता देवी मंदिर में प्रसाद ग्रहण करती कन्याएं व अन्य श्रद्धालु