Breaking

Thursday, December 21, 2023

December 21, 2023

साइबर ठगी से बचने के लिए ध्यान से करें मोबाइल का प्रयोग : डीएसपी गीतिका जाखड़

*साइबर ठगी से बचने के लिए ध्यान से करें मोबाइल का प्रयोग : डीएसपी गीतिका जाखड़*
जींद : जाइट कान्वेंट स्कूल में वीरवार को साइबर क्राइम पर पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। इसमें अर्जुन अवार्डी एवं डीएसपी गीतिका जाखड़ ने कहा कि साइबर ठगी से बचने के लिए लोगों को अपने मोबाइल का प्रयोग बड़ी सावधानी से करना चाहिए। कार्यक्रम में नौंवी से लेकर 12वीं कक्षा तक के 300 बच्चों ने भाग लिया। स्कूल के डायरेक्टर एनएन शर्मा, वाइस चेयरमैन श्रुति जिंदल, प्राचार्य आशुतोष शर्मा समेत पूरा स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।डीएसपी गीतिका जाखड़ ने कहा कि आजकल साइबर अपराध बहुत अधिक बढ़ रहा है। इसका मुख्य कारण है कि हम बिना सोचे-समझे मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। कोई भी व्यक्ति अपने आपको हमारा परिचित बताकर हमें मीठी-मीठी बात करता है और हमारे बारे में पूरी जानकारी हासिल करके हमें अपना शिकार बना लेता है। बहुत से मोबाइल ऐप हम बिना कारण के अपने मोबाइल में इंस्टॉल कर लेते हैं, जोकि बहुत खतरनाक साबित होते हैं। डीएसपी ने कहा कि हमें अपनी फेसबुक आईडी पर अपरिचित लोगों को अपना फ्रेंड नहीं बनाना चाहिए। यदि हम किसी ठगी का शिकार हो जाते हैं तो तुरंत पुलिस से संपर्क करना चाहिए। एएसआई प्रवीण कुमार ने कहा कि बच्चों को इसके बारे में खुद भी तथा अपने माता-पिता को भी जागरूक करना चाहिए। कोई भी व्यक्ति मोबाइल पर आपसे खाता संख्या, ओटीपी या अपने क्रेडिट या डेबिट कार्ड का नंबर पूछे तो बिल्कुल भी नहीं बताना चाहिए। बहुत से लोग लॉटरी का लालच देकर भी ठगी का शिकार बना लेते हैं। यदि युवा इस बारे में जागरूक होंगे तो वह अन्य लोगों को भी इसके बारे में जागरूक कर सकेंगे। एसआई नरेश कुमार ने सभी बच्चों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्हाेंने कहा कि यदि अपने आसपास कोई व्यक्ति नशा करता है तो उसको जागरूक करके नशे से दूर किया जा सकता है। इसके अलावा अपने माता-पिता से अपनी हर बात शेयर करनी चाहिए। पुलिस पीआरओ अमित खर्ब ने देशभक्ति पर एक कविता सुनाई। स्कूल प्राचार्य आशुतोष शर्मा ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशाला बच्चों के लिए बहुत उपयोगी होती है। बच्चों को काफी कुछ सीखने को मिलता है।
बॉक्स
*पुलिस का करेंगे सहयोग*

स्कूली बच्चों ने कहा कि वह पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे। अपराधियों को पकड़ने के लिए जितना दायित्व पुलिस का बनता है, उतना ही दायित्व अपराध को रोकने के लिए नागरिकों का भी बनता है। बच्चों ने कहा कि वह पहले अपने परिवार के लोगों को इस बारे में जागरूक करें, उसके बाद अपने आसपास के लोगों को। बच्चों ने यातायात के नियमों के बारे में भी उनका पालन करने की शपथ ली।

Saturday, December 16, 2023

December 16, 2023

शिक्षा, विद्या, ज्ञान सबसे बड़ी ताकत : कैप्टन अभिमन्यु

शिक्षा, विद्या, ज्ञान सबसे बड़ी ताकत : कैप्टन अभिमन्यु
जीद : स्व. चौधरी मित्रसेन आर्य जी की 93वीं जयंती को जींद के जिमखाना क्लब में शुक्रवार को मित्र स्मृति दिवस समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें स्व. चौधरी मित्रसेन के  जीवन दर्शन से प्ररेणा पर व्यक्ताओं ने चर्चा की। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डा. सुदेश, कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डा. अविनाश चावला ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता ढांडा खाप एवं जाट धर्मार्थ सभा के प्रधान देवव्रत ढांडा ने की। पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने अतिथियों का स्वागत किया और स्व. चौधरी मित्रसेन के जीवन के विभिन्न पहलुओ पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर स्व. मित्रसेन जी के जीवन पर डाक्यूमेंटरी दिखाई गई। वहीं आर्य समाज के भजन उपेदश भी गाए गए। स्व. चौधरी मित्रसेन जी आर्य सच्चे वैदिक पथ प्रदर्शक : डा. चावला
मुख्य वक्ता कुरूक्षेत्र विश्वविधालय के पूर्व वीसी डा. अविनाश चावला ने कहा कि स्व. चौधरी मित्रसेन जी आर्य सच्चे वैदिक पथ प्रर्दशक थे। बहुत कम पढ़े, फिर भी उर्दू के साथ हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत के साथ वेदों के ज्ञात होने के साथ एक महान विचारक थे। आर्य समाज के सिद्धांतों पर चलते हुए समाज सुधार के साथ व्यापार को आगे बढाया। प्रबंधन का हर पहलू उनसे सीखें। बचपन दिक्कतमें बीता, फिर दृढ़ संकल्प और ईमानदारी से आगे बढ़ते हुए आज हमारे लिए प्ररेणा स्त्रोत बने हैं। पूरी जिंदगी किसी का बुरा नहीं किया। हमेशा अपने सिद्धांतों पर अडिग रहे। पूरी जिंदगी समाज उत्थान, महिला शिक्षा ओर शिक्षा प्रचार करने के साथ समाज मेें आर्दश स्थापित किए। सही मायनों में संस्कारों की पाठशाला स्व. चौधरी मित्रसेन  आर्य जी थे। उनके आचरण को जीवन में ढाल कर हर बुलंदी को छुआ जा सकता है। 
स्व. चौधरी मित्रसेन जी आर्य एक दार्शनिक थे : वीसी प्रो. डा. सुदेश
भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय की की वीसी  प्रो. डा. सुदेश ने कहा कि स्व. चौधरी मित्रसेन जी आर्य एक दार्शनिक थे। हर छोटी से छोटी बाते परिवार की भांति शेयर करते थे। वे अपने अंदाज से सहज और सरल भाव से वेदों तथा अपना ज्ञान देते थे।आचरण के बारे मे जो महसूस करते थे,  उसी के अनुरूप जीते थे। उनका जीवन बहुत अनुशासित था। जिस नई शिक्षा की बात आज कर रहे हंै, उन्होंने 50 साल पहले इजाद कर दिया था। व्यक्ति के हुनर को बखूबी पहचाना और उन्हें मौका दिया। अपने साथ-साथ दूसरों को आगे बढ़ाने का मौका दिया। इतने बड़े दानी होने के बाद भी कभी श्रेय नहीं लिया। हमेशा निस्वार्थ हर कार्य को किया। उनका विश्वास ईश्वर शक्ति में था। नारी शक्ति को लेकर हमेशा संवेदनशील रहे। ्रग्रामीण आंचल से निकल कर ऐसा मॉडल प्रस्तुत किया जो आज बड़ा विजन है। 
स्व. चौधरी मित्रसेन का जीवन संस्कारपूर्ण एवं अहंकार रहित : ढांडा
ढांडा खाप के प्रधान एवं जाट धर्मार्थ सभा के प्रधान देववर्त ढांडा ने कहा कि  स्व. चौधरी मित्रसेन के बारे जितनी बातें की जाएं, वह उनके चरित्र के सामने बहुत छोटी हैं। उनका जीवन संस्कारपूर्ण तथा अहंकाररहित था। हमेशा द्वेष से दूर रहे। उन्होंने पूरा जीवन आर्य समाज पथ पर चलते हुए समाज सुधारक के रू में बिताया। जात-पात को उन्होंने उत्तम तथा बुरा आचरण के रूप में माना। पूरे परिवार को संस्कार भी अच्छे दिए। किसी को घर से खाली हाथ नहीं जाने दिया। हर किसी का मान-सम्मान किया। गर्व है कि हम उस महान विभुति का जन्मदिन मना रहे हैं। 
शिक्षा, विद्या, ज्ञान सबसे बड़ी ताकत : कैप्टन अभिमन्यु
कैप्टन अभिमन्यू ने कहा कि स्व. मित्रसेन जी आर्य कहते थे कि शिक्षा, विद्या, ज्ञान सबसे बड़ी ताकत धन और सौंदर्य है। सभी को साथ लेकर चलते थे। उनके जीवन को अपने जीवन मे उतार लाभ लेना उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि इंडस गु्रप जींद में बडा कोचिंग इस्टीटयूट खोलने जा रहा है। यहां के बच्चों को कोचिंग के लिए कोटा या दिल्ली नहीं जाना पडेगा। अव्वल रहने वाले 30 छात्रों को निशुल्क कोचिंग दी जाएगी। कार्यक्रम में शामिल अतिथियों को कैप्टन अभिमन्यु, मेजर सत्यपाल, डा. एकता, अर्चना श्योराण ने भारत मित्र स्तम्भ तथा शॉल देकर सम्मानित किया। 
*यह रहे मौजूद*
इस अवसर पर पूर्व विधायक रामकुमार कटवाल, बान सिंह आर्य, कलीराम पटवारी, सीआरएसयू के वीसी. डा रणपाल, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कर्मबीर सैनी, डा. राज सैनी, रमेश सैनी, मेजर सत्यपाल, डा. एकता सिंधु, विभिन्न खापों के चौधरी, 40 से ज्यादा सामाजिक, धार्मिक आर्य समाज से जुड़े सस्थाओं के पदाधिकारी व शिक्षण सस्थानों से जुड़े लोग मौजूद रहे के रूप में मनाया गया।

Wednesday, December 13, 2023

December 13, 2023

....लोकसभा में सुरक्षा चूक मामला

....लोकसभा में सुरक्षा चूक मामला
उचाना के गांव घासो खुर्द की रहने वाली है नीलम
किसान आंदोलन से लेकर दूसरे धरने और प्रदर्शनों में एक्टिव रहती थी नीलम
बीए, एमए एम फिल, नेट क्वालीफाइड, सीटेट, एचटेट क्वालीफाई है नीलम
हिसार पीजी में रह कर हरियाणा सिविल सविर्सेज की तैयारी कर रही है नीलम
जींद: लोकसभा में सुरक्षा चूक मामले में पकड़ी गई नीलम नीलम जींद जिले के उचाना के गांव घासो खुर्द की रहने वाली है। नीलम इस समय हरियाणा सिविल सविर्सेज की तैयारी के लिए हिसार के पीजी में रह रही थी। गत 25 नवंबर को घर से पीजी के लिए निकली थी। नीलम के पिता कोहर सिंह उचाना मंडी में हलवाई का काम करते हैं। नीलम के परिवार में तीन बहनें,  दो भाई व माता-पिता हैं। उनके चाचा गांव में करियाणा की दुकान चलाते हैं। पिछले दिनों नीलम गांव में लाइब्रेरी चला रही थी और बच्चों को पढ़ाती थी लेकिन गांव के कुछ लोगों ने इस पर एतराज जताया था। जिसके बाद नीलम ने बच्चों को पढ़ाना बंद कर दिया था। नीलम किसान आंदोलन से लेकर दूसरे धरने और प्रदर्शनों में भी काफी एक्टिव रहती है। 
नीलम की मां सरस्वती ने बताया कि उसकी बेटी के साथ सुबह बात हुई थी। नीलम कह रही थी कि ध्यान से दवा लेकर आ जाना। उन्हें नहीं पता था कि वह दिल्ली गई हुई है। उन्हें नहीं पता किस तरह से उसने यह कदम उठाया। नौकरी के लिए बेशक ऐसा किया हो। नीलम के परिवार के लोगों का कहना है कि वह बीए, एमए एम फिल, नेट क्वालीफाइड, सीटेट, एचटेट क्वालीफाई है। फिलहाल हिसार के पीजी में रह कर तैयारी कर रही थी। किसान आंदोलन में भी वह काफी सक्रिय रही। नीलम बेरोजगारी, छात्राओं के साथ नाइंसाफी के खिलाफ रही है।
December 13, 2023

स्वर्गीय हरिचन्द मिढ़ा की स्मृति में दी जाएगी चित्रकला छात्रवृत्ति

*स्वर्गीय हरिचन्द मिढ़ा की स्मृति में दी जाएगी चित्रकला छात्रवृत्ति*

*उत्तर भारत के कला महाविद्यालय के लिए सोसायटी देती है हर वर्ष छात्रवृत्ति*
जींद: कला को समर्पित अखिल भारतीय संस्था सोल एंड स्पीरिट आर्ट सोसाइटी कला के क्षेत्र में कार्य करने वाले मेधावी व होनहार चित्रकार, मूर्तिकार, फोटोग्राफर,प्रींटमेकर, अप्लाइड आर्टिस्ट के लिए वार्षिक छात्रवृत्ति उत्तर भारत के कला महाविद्यालय के लिए देती आ रही है। इसी कड़ी में जींद के विधायक श्री कृष्ण मिढ़ा ने अपने पिता स्वर्गीय श्री हरिचन्द मिढ़ा की स्मृति में ₹11000 की वार्षिक छात्रवृत्ति देने की घोषणा की है। आज विधायक प्रतिनिधि राजन चिल्लाना से उनके निवास पर समिति के अखिल भारतीय अध्यक्ष दीपक कौशिक ने कला के क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए विस्तार से चर्चा की और उन्हें समिति किस तरह से कला व कलाकारों का संरक्षण, संवर्धन एवं विकास के लिए कटिबंध है इसके बारे में जानकारी दी। राजन चिल्लाना ने अपनी ओर से समिति को हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया और कहा की जिस देश की कला और संस्कृति सुरक्षित रहती है वह देश युगो युगो तक अपनी पहचान नहीं खोता। भारत की कला अपने आप में अद्भुत व प्रेरित करने वाली है और यह सौभाग्य जींद का है कि हमारे यहां के कलाकार दूसरे कलाकारों की चिंता में लगे रहते हैं ताकि भारत में स्वच्छ एवं स्वस्थ कला सृजनात्मक दृष्टिकोण के चित्रकार देश का गौरव और यश बढ़ाएं।

Tuesday, December 5, 2023

December 05, 2023

चुनाव के तुरंत बाद करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या

चुनाव के तुरंत बाद करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या
Big Breaking: श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की जयपुर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार दिनदहाड़े बदमाशों ने गोगामेड़ी पर गोलियां चलाईं, फिर भाग निकले। गोगामेड़ी को मेट्रो मास हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गोगामेड़ी के साथ घटना के दौरान मौजूद रहे अजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार, श्याम नगर जनपथ पर सुखदेव सिंह गोगामेड़ी का घर है। मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे उनके घर दो बदमाश पहुंचे। गोगामेड़ी के सामने आते ही बदमाशों ने फायरिंग करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि गोगामेड़ी के चार गोली लगी थी।
फायरिंग के बाद बदमाश भागकर गली से निकले। एक कार को रोककर लूटने का प्रयास किया। ड्राइवर को पिस्तौल दिखाई तो ड्राइवर कार को भगा ले गया। इस दौरान पीछे से आ रहे हैं स्कूटी सवार अमित को उन्होंने निशाना बनाया। स्कूटी सवार को गोली मारकर घायल कर दिया और स्कूटी लेकर फरार हो गए। सूचना पर श्याम नगर पुलिस मौके पर पहुंची।सुखदेव सिंह गोगामेड़ी लंबे समय से राष्ट्रीय करणी सेना से जुड़े रहे थे। उन्होंने करणी सेना संगठन में विवाद के बाद राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के नाम से अलग संगठन बना लिया था। गोगामेड़ी उसके अध्यक्ष थे। साल 2017 में फिल्म पद्मावत की जयगढ़ में शूटिंग के दौरान राजपूत करणी सेना के लोगों ने तोड़फोड़ की थी। फिल्म डायरेक्टर संजय लीला भंसाली को थप्पड़ भी मार दिया था। गोगामेड़ी फिल्म पद्मावत और गैंगस्टर आनंदपाल एनकाउंटर केस के बाद राजस्थान में हुए प्रदर्शन से वे चर्चा में आए थे।

Saturday, December 2, 2023

December 02, 2023

मुख्यमंत्री जी पैदल या बाईक पर जीन्द दर्शन के लिए निकालें समय : राजकुमार गोयल

मुख्यमंत्री जी पैदल या बाईक पर जीन्द दर्शन के लिए निकालें समय : राजकुमार गोयल
जीन्द की बदहाली का लें जायजा ताकि शहर का हो जाए कुछ भला
जीन्द : जींद विकास संगठन के अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी डा. राजकुमार गोयल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मांग की है कि वे 4 दिसम्बर को अपने जींद दौरे के दौरान पैदल या बाईक से जींद दर्शन के लिए समय जरूर निकालें और जीन्द की बदहाली, टूटी-फूटी सड़कों, ठप्प सीवरेज व्यवस्था सहित विभिन्न समस्याओं की जानकारी लें ताकि शहर का कुछ भला हो सके।गोयल का कहना है कि शहर के अंदर की अधिकांश सड़कें जर्जर हालत में हैं। रानी तालाब से लेकर जींद सिटी रेलवे फाटक तक सड़क का बुरा हाल है। रोहतक रोड, भिवानी रोड की सड़के बुरी तरह से टूटी हुई है। मिनी बाईपास के हालात दयनीय हैं। मिनी बाईपास गोहाना रोड से लेकर रोहतक रोड और रोहतक रोड से लेकर भिवानी रोड रेलवे फाटक तक सड़क का बूरा हाल है। राजा जी कोठी वाली सड़क, अपोलो रोड, रेलवे रोड, सैक्टरों की कई सड़के  बदहाल हालात में है। इतना ही नही शहर को टाइलों का शहर बना कर रख दिया गया है। शहर में सीवरेज का बुरा हाल है। ज्यादातर सीवर जाम रहते हैं। अनेक ऐसी कालोनियां है जहां पर अभी तक सीवरेज व्यवस्था ही नहीं है जबकि उन कॉलोनियों को सरकार द्वारा वैध घोषित किए भी 5 साल से ज्यादा का समय हो गया है। जरा सी बारिश में शहर की पोश कॉलोनियों में पानी भर जाता है। कई कई दिनों तक पानी की निकासी नहीं होती जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।गोयल का कहना है कि इसके साथ साथ शहर में गंदगी का बूरा हाल है। दुकानों के आगे जो गंदगी इकट्ठी होती है उसको उठाने के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई है। शहर में जो लाइटें लगाई गई है उनमें से भी अधिकतर खराब है। कई स्थानों पर तो लाइटें लगाए जाने के बाद दोबारा सुध ही नहीं ली गई। जो अमरूत योजना के तहत शहर में पाईप डाले गए थे उन तक बरसाती पानी जाने के लिए जो मैन हाल बनाए गए थे उनमे से अधिकतकर बंद पड़े हैं। इस योजना पर करोड़ो रूपये लगे थे। जब नियमित रूप से मैन हाल साफ ही नही होंगे तो बरसाती पानी कैसे अमरूत योजना के पाइपों तक पहुंचेगा। गोयल का कहना है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल 4 दिसम्बर को जीन्द आ रहे है। इस दिन वे एकलव्य स्टेडियम में एक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे को देखते हुए प्रशासन ने एकलव्य स्टेडियम के पास की सडको को रातों रात ठीक कर दिया है ऐसे में अगर मुख्यमंत्री 4 दिसम्बर को पैदल या बाईक पर जीन्द शहर का दर्शन कर यहां की बदहाली का जायजा लें तो शायद रातो रात जीन्द शहर का भी कुछ भला हो जाएगा।
मूलभूत समस्याओं के साथ अन्य समस्याओं का भी है अंबार
जीन्द : इसके साथ साथ जीन्द की कुछ ऐसी समस्याएं है जिनका मुख्यमंत्री लेवल पर तुरंत समाधान हो सकता है। जीन्द में पासपोर्ट बनाए जाने की सुविधा नहीं है। यह सुविधा तुरंत शुरू हो सकती है। कई कालोनियों में कुते हिंसक बने हुए है। छोटे बच्चों व बेसहारा पशुओं को अपना शिकार बना रहे है। प्रशासन को बार बार कहने के बाद भी यहां तक की सीएम विंडो लगाने के बाद भी नगर परिषद कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। मुख्यमंत्री लेवल पर इस समस्या का तुरंत समाधान हो सकता है। सिविल अस्पताल में रात को पोस्टमार्टम की सुविधा नहीं है। जिसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यह समस्या भी मुख्यमंत्री लेवल पर तुरंत दूर हो सकती है। पूरे शहर में सड़कों और चौको पर सीसीटीवी कैमरों की कमी है। यह समस्या भी मुख्यमंत्री स्तर पर दूर हो सकती है। गोहाना रोड पर मिनी बाईपास चौराहे व अन्य कई चौराहों पर रेड लाईट की अत्यंत आवश्यकता है। इसके साथ साथ शहर की सुन्दरता को चार चांद लगाने के लिए विशेष पैकेज भी आवश्यकता है। ऐतिहासिक रानी तालाब मंदिर का गोल्डन टेम्पल की तर्ज पर सौर्दय करण करने के लिए विशेष पैकेज की भी जरूरत है।

Thursday, November 30, 2023

November 30, 2023

मोतीलाल नेहरू पब्लिक विद्यालय में 28वीं त्रिदिवसीय वार्षिक खेल उत्सव शुरू

मोतीलाल नेहरू पब्लिक विद्यालय में 28वीं त्रिदिवसीय वार्षिक खेल उत्सव शुरू
जींद : ( संजय कुमार) गत दिवस 29 दिसंबर 2023 को मोतीलाल नेहरू पब्लिक विद्यालय के प्रांगण में 28वी त्रिदिवसीय वार्षिक खेल उत्सव का प्रारंभ हुआ । कार्यक्रम की अध्यक्षता सीमा सोनी और सपना अध्यापिका ने की। इस कार्यक्रम में समाज सेविका सीमा भोला और डॉक्टर मंजीत ने मुख्य अतिथि के रूप में इस अवसर की शोभा बढ़ाई और नन्हे -मुन्ने प्रतिभागियों को ज्ञान के शब्द दिए जो बच्चों के मन में गूंज गए। श्री गौरव आश्री, श्री मंजीत ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत की। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत विद्यालय के अध्यक्ष श्रीमान संदीप दहिया,विद्यालय प्राचार्य रविंद्र कुमार, विद्यालय प्रशासक श्री वीपी शर्मा और हेडकोऑर्डिनेटर सुरेंद्र कुमार ने फूल मालाएं पहनाकर एवं पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर अनेक सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की गई। जिसके अंतर्गत स्वागत गीत ,योगा एवं सामूहिक नृत्य आदि प्रस्तुतियां दी गई। विद्यालय के विभिन्न सदनों द्वारा मार्च पास्ट के माध्यम से खिलाड़ियों में उत्साह उमंग एवं अनुशासन की भावना को दर्शाया गया और यह प्रतियोगिता प्री नर्सरी से पहली कक्षा तक के छोटे-छोटे बच्चों की हुई। नन्हे मुन्ने बच्चों ने अपना बहुत ही अच्छा प्रदर्शन दिखाया। विभिन्न खेलों में शिक्षकों ने खेल स्पर्धाओं का संचालन बड़े ही अच्छे ढंग से करवाया, जिससे इस वार्षिक खेल उत्सव में और अधिक उत्साह का समावेश हुआ। विभिन्न प्रकार की खेल स्पर्धाओ में 50 मीटर दौड, थ्री लैग रेस, फ्रोग रेस, बाधा दौड़ आदि खेल हुए और उनके साथ-साथ अभिभावकों को भी खेलों में शामिल किया गया, जिसमें 100 मीटर रेस, विद्यालय के लिए बच्चों को तैयार करना आदि । इस खेल प्रतियोगिता का आयोजन पूजा पसरिजा और सुमन डीपी की निगरानी में हुआ। मुख्य अतिथि ने बच्चों एवं अभिभावकों को संबोधित कर जीवन में खेलों के महत्व एवं आवश्यकता पर प्रकाश डाला तथा खिलाड़ियों को खेलों के गुर सिखाए और जीवन में लक्ष्य निर्धारण पर बल दिया। विद्यालय के विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों ने खेल प्रतियोगिता में भाग लेकर प्रथम तथा द्वितीय स्थान प्राप्त कर पदक जीते। विद्यालय प्रशासक श्री वी पी शर्मा द्वारा खेल उत्सव प्रतियोगिता में उपस्थित  गणमान्य व्यक्तियों का विद्यालय में पहुंचने पर आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर प्रतिष्ठित व्यक्ति अभिभावकगण एवं अध्यापक विद्यार्थियों सहित मौजूद रहे ।

Wednesday, November 29, 2023

November 29, 2023

जीन्द विकास संगठन के प्रधान राजकुमार गोयल ने की मांगहर प्राइवेट व सरकारी स्कूल में हो कम्पलेंट बाक्स

जीन्द विकास संगठन के प्रधान राजकुमार गोयल ने की मांग
हर प्राइवेट व सरकारी स्कूल में हो कम्पलेंट बाक्स
जीन्द : जीन्द विकास संगठन के प्रधान एवं प्रमुख समाजसेवी डा. राजकुमार गोयल ने मांग की है कि सरकार व प्रशासन को उचाना में काले शीशों की आड़ में प्रिंसिपल द्वारा छात्राओं के साथ दरिंदगी करने की घटना से सबक लेना चाहिए और तुरंत प्रभाव से सभी सरकारी व प्राईवेट स्कूलों में कम्पलेंट बाक्स लगवाए जाने चाहिंए। ये कम्पलेंट बोक्स हर सप्ताह खोले जानें चाहिंए और इन कम्पलेंट बाक्सों को खोलने की इजाजत किसी प्रिंसिपल या किसी टीचर को देने की बजाए अलग से कमेटी का गठन किया जाना चाहिए जिसमें छात्रों के माता पिता या सामाजिक संस्था के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाना चाहिए। इसके साथ साथ एक कम्पलेंट रजिस्टर भी मैनटेन किया जाना चाहिए जिसमें कम्पलेंट बाक्स से निकलने वाली हर कम्पलेंट की एंट्री हो।गोयल का कहना है कि स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र अपनी कोई भी शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंचा सकें इसके लिए शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों में इस प्रकार के बाक्स लगाने के निर्देश भी दिए हुए है। काफी स्कूल में ये बाक्स लगाए भी गए थे लेकिन रख रखाव के अभाव में अब जिले के काफी स्कूलों से ये बाक्स गायब हो चुके है। उचाना के जिस स्कूल में छात्राओं ने प्राचार्य पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं उस स्कूल में भी कम्पलेंट बाक्स नहीं था। अगर उचाना के इस सरकारी स्कूल में कम्पलेंट बाक्स लगा होता और बाक्स खोलने के ये नियम लागू होते तो बेटियों को इंसाफ मिलने में इतनी देरी न होती। गोयल ने मांग की है कि उनके सुझाव पर जल्द से जल्द ध्यान दिया जाए।

Monday, November 27, 2023

November 27, 2023

क्षेत्रीय युवा समारोह: एसडी महिला कॉलेज नरवाना ने जीती ओवरऑल ट्रॉफी

क्षेत्रीय युवा समारोह: एसडी महिला कॉलेज नरवाना ने जीती ओवरऑल ट्रॉफी
जींद: चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक विभाग द्वारा प्रायोजित पांचवें क्षेत्रीय युवा समारोह के दूसरे दिन का रंगारंग आयोजन राजकीय महिला महाविद्यालय जींद में किया गया। विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक परिषद के अध्यक्ष एवं राजकीय महिला महाविद्यालय के प्राचार्य श्री सत्यवान मलिक प्रातः कालीन सत्र के मुख्य अतिथि रहे तथा चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक निदेशालय के निदेशक डॉ. विजय कुमार विशिष्ट अतिथि रहे। श्री सत्यवान मलिक ने सभी प्रतिभागियों एवं छात्राओं को हरियाणवी कला एवं संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित व प्रोत्साहित किया तथा मंच के माध्यम से सभागार में उपस्थित सभी दर्शकों को संदेश दिया कि हमारी हरियाणवी कला और संस्कृति में इतना कुछ छुपा हुआ है पर उसे सामने लाने की जरूरत है इसीलिए मैं हमेशा राष्ट्रीय स्तर के समाचार पत्रों में आए अपने विभिन्न लेखों के माध्यम से हरियाणवी संस्कृति का प्रचार प्रसार बहुत समय से करने में लगा हुआ हूं ताकि राष्ट्रीय स्तर पर हम यह संदेश दे सकें की हरियाणवी सांस्कृतिक धरोहर कितनी समृद्ध है।प्राचार्य ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साह वर्धन किया। 
इस क्षेत्रीय युवा समारोह के तहत 5 कॉलेज क्रमशः राजकीय महिला महाविद्यालय जींद, 4 राजीव गांधी महाविद्यालय उचाना, 5 सनातन धर्म महिला महाविद्यालय नरवाना, 7 के. एम. राजकीय महाविद्यालय नरवाना, 6 छोटू राम किसान महाविद्यालय जींद 3 के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस आयोजन के लिए कॉलेज में 3 मंच बनाए गए हैं। 
दूसरे दिन प्रथम मंच पर हरियाणवी एकल नृत्य(पुरुष), कोरियोग्राफी, हरियाणवी रसिया, हरियाणवी आर्केस्ट्रा, हरियाणवी ग्रुप डांस का आयोजन किया गया।
दूसरी स्टेज पर हरियाणवी फोक सॉन्ग (सोलो), फोक इंस्ट्रुमेंटल हरियाणवी (सोलो), हरियाणवी ग्रुप सॉन्ग, फोक सॉन्ग (जर्नल), माइम, संस्कृत ड्रामा, वेस्टर्न वोकल सोलो, ग्रुप सॉन्ग वेस्टर्न, वेस्टर्न इंस्ट्रुमेंटल सोलो का आयोजन किया गया।
परिणाम- हरियाणवी एकल नृत्य (पुरुष) में छोटू राम किसान महाविद्यालय जींद रिकमेंडिड व के. एम. राजकीय महाविद्यालय नरवाना कमेंडिड, कोरियोग्राफी में के. एम. राजकीय महाविद्यालय नरवाना रिकमेंडिड व सनातन धर्म महिला महाविद्यालय नरवाना कमेंडिड, हरियाणवी रसिया में  राजकीय महिला महाविद्यालय जींद रिकमेंडिड व  सनातन धर्म महिला महाविद्यालय नरवाना कमेंडिड, हरियाणवी  आर्केस्ट्रा में रिकमेंडिड सनातन धर्म महिला महाविद्यालय नरवाना व छोटू राम किसान महाविद्यालय जींद कमेंडिड, हरियाणवी ग्रुप डांस में रिकमेंडिड व कमेंडिड, हरियाणवी फोक सॉन्ग (सोलो) में सनातन धर्म महिला महाविद्यालय नरवाना रिकमेंडिड व छोटू राम किसान महाविद्यालय जींद तथा राजकीय महिला महाविद्यालय जींद कमेंडिड, फोक इंस्ट्रुमेंटल हरियाणवी (सोलो) में सनातन धर्म महिला महाविद्यालय नरवाना रिकमेंडिड व छोटू राम किसान महाविद्यालय जींद कमेंडिड, हरियाणवी ग्रुप सॉन्ग में सनातन धर्म महिला महाविद्यालय नरवाना रिकमेंडिड व के. एम. राजकीय महाविद्यालय नरवाना कमेंडिड, फोक सॉन्ग (जर्नल) में सनातन धर्म महिला महाविद्यालय नरवाना रिकमेंडिड व के. एम. राजकीय महाविद्यालय नरवाना कमेंडिड, माइम में राजकीय महिला महाविद्यालय जींद रिकमेंडिड व सनातन धर्म महिला महाविद्यालय नरवाना  व के. एम. राजकीय महाविद्यालय नरवाना कमेंडिड, वेस्टर्न वोकल सोलो में छोटू राम किसान महाविद्यालय जींद रिकमेंडिड व सनातन धर्म महिला महाविद्यालय नरवाना कमेंडिड, ग्रुप सॉन्ग वेस्टर्न में सनातन धर्म महिला महाविद्यालय नरवाना रिकमेंडिड, वेस्टर्न इंस्ट्रुमेंटल सोलो में छोटू राम किसान महाविद्यालय रिकमेंडिड व सनातन धर्म महिला महाविद्यालय नरवाना कमेंडिड रही। यह जानकारी राजकीय महिला महाविद्यालय की प्रेस प्रवक्ता डॉ. सुमिता आशरी ने दी। 
चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक निदेशालय के निदेशक डॉ. विजय कुमार, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. जसवीर सिंह, कार्यक्रम के मुख्य संयोजक श्री जय नारायण गहलावत, सह-संयोजक श्री नरेंद्र कुमार तथा श्रीमती अमरजीत कौर व सांस्कृतिक प्रभारी डॉ. उर्मिला शर्मा कार्यक्रम आयोजन सचिव की देखरेख में यह कार्यक्रम सफलता पूर्वक पांचवां क्षेत्रीय युवा समारोह संपन्न हुआ। स्टेज 1 के मंच का सफल आयोजन डॉ. सुमिता आशरी व डॉ. मनोज कुमार के द्वारा किया गया। स्टेज 2 के मंच का सफल आयोजन डॉ. सोनल जैन व डॉ. रितु के द्वारा किया गया।

Saturday, November 25, 2023

November 25, 2023

डी.ए.वी स्कूल जींद के निकेतन ने जीता प्रथम पुरस्कार

*उज्जैन में छाया हरियाणा का छोरा*

डी.ए.वी स्कूल जींद के निकेतन ने जीता प्रथम पुरस्कार
जींद: डी.ए.वी स्कूल जींद के नृत्य शिक्षक निकेतन ने 18 व 19 नवंबर 2023 को मध्य प्रदेश के उज्जैन में आयोजित हुए राष्ट्रीय स्तरीय नृत्योदय महोत्सव में ऑल इंडिया सीजन-6 नेशनल डांस कॉन्टैस्ट एंड फेस्टिवल में प्रथम स्थान हासिल करके विजेता बने। इस प्रतियोगिता में ओवरऑल इंडिया से सभी राज्यों के 230 प्रतिभागियों ने भाग लिया जिसमें जूनियर, सब जूनियर, सीनियर, ओपन कैटिगरी थी। जिसमें विश्व विख्यात मशहूर नृत्य निर्देशिका श्रीलंका से सरला एन भक्त व मलेशिया से स्वरा गुडबोले ने बतौर निर्णायक शिरकत की ।  हरियाणा के जींद जिले से डी.ए.वी. शताब्दी पब्लिक स्कूल, जींद के नृत्य शिक्षक निकेतन ने वहां अपनी कला का जलवा बिखेरा। हरियाणा से चयनित हुए  वह इकलौते प्रतिभागी थे ,जिन्होंने नेशनल में  हरियाणा का नेतृत्व करके जींद के साथ-साथ हरियाणा का नाम भी रोशन किया किया। निकेतन ओपन कैटेगरी में प्रथम स्थान पर रहे। ओपन कैटेगरी में भारत के विभिन्न प्रदेशों से 45 प्रतिभागी थे। जिसमें चेन्नई, कोलकाता, गुजरात, पुणे, केरल, दिल्ली,  आंध्र प्रदेश, हरियाणा आदि राज्यों के 45 प्रतिभागी थे। इससे पहले भी 2008 में मास्टर निकेतन सोनी टीवी पर प्रसारित होने वाले रियलिटी शो बूगी वूगी में हरियाणा को रिप्रेजेंट कर चुके हैं और काफी बार नेशनल लेवल पर जींद जिले का नाम रोशन किया है। जिसमें मिस्टर दिल्ली व अन्य कई खिताब हासिल कर चुके हैं । इन के द्वारा प्रशिक्षित किए गए बच्चे सुपर डांसर सीजन -6 व डांस इंडिया डांस सीजन-4 इंडिया बेस्ट डांसर सीजन -1 में परफॉर्म कर चुके हैं। निकेतन ने अपनी मेहनत और लगन से 12 वर्ष बाद फिर अपनी प्रस्तुति दी और खिताब हासिल किया। निकेतन का अगला टारगेट टीवी रियलिटी शो डांस दीवाने है। जींद पहुंचने पर डी.ए.वी. संस्थाओं के क्षेत्रीय निदेशक महोदय डॉ.धर्मदेव विद्यार्थी ने निकेतन को बधाई दी व सोल एंड स्पीरिट आर्ट सोसाइटी अध्यक्ष दीपक कौशिक व अन्य कई सामाजिक संगठनों ने भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी।

Thursday, November 23, 2023

November 23, 2023

*AAP के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) डॉ. संदीप पाठक कल हरियाणा के एक दिवसीय दौरे पर*

*AAP के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन)  डॉ. संदीप पाठक कल हरियाणा के एक दिवसीय दौरे पर* 

*मिशन-2024 को लेकर हरियाणा में तैयार करेंगे रणनीति*
*चंडीगढ़, 23 नवंबर* : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) और राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक 24 नवंबर को हरियाणा के एक दिवसीय दौरे पर आएंगे। यह जानकारी आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता ने वीरवार को बयान जारी कर दी। उन्होंने कहा कि डॉ. संदीप पाठक 24 नवंबर को जींद आएंगे और आम आदमी पार्टी के नवनियुक्त ब्लॉक प्रभारियों समेत 500 पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।उन्होंने कहा कि डॉ. संदीप पाठक बैठक में आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों की तैयारियों लेकर चर्चा करेंगे और नवनियुक्त ब्लॉक प्रभारियों को जीत का मूलमंत्र देंगे। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी के संगठन विस्तार और मजबूत किलेबंदी की रूपरेखा तैयार करेंगे। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व, इसी महीने 5 नवंबर को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रोहतक में 11 हजार से ज्यादा पदाधिकारियों को शपथ दिलाई थी। आज के समय में हरियाणा में एकमात्र आम आदमी पार्टी संगठन सबसे मजबूत है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा आम आदमी पार्टी प्रत्येक गांव और शहरी क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड के लिए 21 सदस्यीय समिति का गठन कर चुकी है। आगामी दिनों में बूथ स्तर पर कमेटियों की घोषणा के बाद एक लाख से ज्यादा पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण करवाया जायेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में संगठन के सभी स्तरों पर राज्य पदाधिकारियों से लेकर ब्लॉक स्तर पर अध्यक्षों तक नियुक्तियां पहले ही की जा चुकी हैं। पंजाब में भी संगठन बनाने के लिए इसी तरह का फॉर्मूला चुना था। हरियाणा में सभी 10 लोकसभा और 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर भी पदाधिकारियों की नियुक्ति के बाद आम आदमी पार्टी चुनावी मोड में प्रचार शुरू करेगी।

Tuesday, November 21, 2023

November 21, 2023

गुरु प्रताप सिंह चीमा बने सोल एंड स्पीरिट आर्ट समिति के अंतरराष्ट्रीय संयोजक

गुरु प्रताप सिंह चीमा बने सोल एंड स्पीरिट आर्ट समिति के अंतरराष्ट्रीय संयोजक

प्रदेश अध्यक्षों व क्षेत्रीय अंतरराष्ट्रीय संयोजकों की सूची जारी
जींद: कला के क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय- अंतरराष्ट्रीय कला की गतिविधियों के माध्यम से सोल एंड स्पीरिट आर्ट सोसाइटी पिछले 5 वर्षों से कला के क्षेत्र में कार्य कर रही है। जिसका उद्देश्य भारतीय कला संस्कृति एवं संस्कारों के उत्थान के लिए प्रयास रहता है समिति की आज बैठक में गुरु प्रताप सिंह चीमा (कनाडा)को अंतर्राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया। डॉ अमरजीत सिंह को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख प्रांत का अध्यक्ष नियुक्त किया है। डॉक्टर गुरु चरण सिंह को उत्तर क्षेत्र संयोजक का दायित्व दिया गया है। इसके साथ ही शिव शंकर सिंह बिहार,रमन सिंह पंजाब, राजवीर सिंह हिमाचल प्रदेश, शैलेंद्र दिल्ली को अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जसप्रीत यूटी चंडीगढ़ प्रभारी, विकास रोहिल्ला मीडिया प्रभारी चंडीगढ़ को दायित्व सौंपे गए हैं। यह जानकारी संस्था के अखिल भारतीय अध्यक्ष दीपक कौशिक ने दी। उन्होंने बताया कि विभिन्न राज्यों में संगठन की गतिविधियां और तेज हो सके इसके लिए यह नई जिम्मेदारियां कलाकारो को दी गई है। इससे पूर्व भी संस्था राज्य स्तरीय कलाश्री सम्मान के आयोजन के साथ- साथ कौशल श्री वार्षिक सम्मान नृत्य,नाटक संगीत,चित्रकला,मूर्ति कला,फोटोग्राफी,प्रिंट मेकिंग,अप्लाइड आर्ट व लोक कलाओं के क्षेत्र में देती रही है। संगठन स्कूली बच्चों की कला प्रतिभा से लेकर कला महाविद्यालय में पढ़ने वाले प्रतिभावान छात्रों को छात्रवृत्ति देकर उनका सम्मान करती है ताकि भारत में श्रेष्ठ कलाकार अपनी रचनात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य कर सके।