Breaking

Showing posts with label haryana news. Show all posts
Showing posts with label haryana news. Show all posts

Friday, September 2, 2022

September 02, 2022

पायलटों की हड़ताल से लुफ्थांसा की 800 फ्लाइट्स रद्द:दिल्ली एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों का हंगामा, कहा- किराया वापस दो या फिर जाने का इंतजाम करो

पायलटों की हड़ताल से लुफ्थांसा की 800 फ्लाइट्स रद्द:दिल्ली एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों का हंगामा, कहा- किराया वापस दो या फिर जाने का इंतजाम करो

नई दिल्ली : जर्मनी की लुफ्थांसा एयरलाइंस के पायलट वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर शुक्रवार को एक दिन की हड़ताल पर हैं। इसके चलते एयरलाइंस का पूरा सिस्टम हिल गया है। दुनियाभर में आज लुफ्थांसा की 800 उड़ानों को रद्द किया गया है। इससे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भी 700 से ज्यादा यात्री फंसे हैं। फ्लाइट्स रद्द होने से यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा किया, उनका कहना है कि हमारा किराया वापस करो या फिर जाने का इंतजाम करो।
*दिल्ली से उड़ान भरने वाली दो फ्लाइट्स रद्द*

फ्लाइट रद्द होने से गुस्साए यात्री हंगामा कर रहे हैं। इसके चलते एयरपोर्ट के अंदर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। दिल्ली एयरपोर्ट से लुफ्थांसा एयरलाइंस की 2 फ्लाइट्स थीं, जिनमें करीब 400 यात्रियों को म्यूनिख और फ्रैकफर्ट जाना था। पैसेजंर्स का कहना है कि जब वे एयरपोर्ट पर पहुंचे तो उन्हें पता चला कि फ्लाइट्स ही रद्द हो गई है।
*200 यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से भेजा गया*

लुफ्थांसा एयरलाइंस से यात्रा करने वाले यात्रियों में से कुछ छात्र भी हैं, जिन्हें एग्जाम देने के लिए विदेश जाना था। छात्रों का कहना है कि फ्लाइट्स रद्द होने से हमारा भविष्य खतरे में है। वे एयरपोर्ट पर नारेबाजी कर रहे हैं। हंगामा बढ़ने पर एयरलाइन ने करीब 200 यात्रियों को दूसरी एयरलाइन के जरिए उनके डेस्टिनेशन पर भेजा है। अभी 500 यात्री दिल्ली एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं।
*वेतन बढ़ाने और महंगाई भत्ते की मांग कर रहे पायलट*

पायलटों के यूनियन ने इस साल 5,000 से अधिक पायलटों के वेतन में 5.5% की वृद्धि और महंगाई भत्ते की मांग की है। जब उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो पायलटों ने एक दिन की हड़ताल कर दी। इससे पहले लुफ्थांसा को इस साल वेतन बढ़ाने के लिए सिक्योरिटी वर्कर्स और ग्राउंड स्टाफ की ओर से कई बार हड़ताल का सामना करना पड़ा है।
जुलाई में एयरलाइन को जर्मनी की शक्तिशाली वर्डी यूनियन की ओर से बुलाए गए एक दिन के वाकआउट का सामना करना पड़ा था, जिससे फ्रैंकफर्ट और म्यूनिख में घरेलू केंद्रों पर इसकी उड़ानें प्रभावित हुईं थी।
September 02, 2022

हरियाणा के इतिहास में सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री का रिकॉर्ड हुड्डा के नाम

हुड्डा का ‘सोनिया का साथ’ वाला बयान हास्यास्पद-कुलदीप बिश्नोई

-हरियाणा के इतिहास में सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री का रिकॉर्ड हुड्डा के नाम-

चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई ने भूपेन्द्र हुड्डा के उस बयान को हास्यास्पद बताया जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्होंने हमेशा सोनिया गांधी का साथ दिया है। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि 2016 के राज्यसभा चुनाव से पूर्व पार्टी की मीटिंग में सोनिया गांधी ने सबके सामने हुड्डा से पार्टी प्रत्याशी को जिताने का निर्देश दिया था और सभी जानते हैं कि किस प्रकार से स्याही कांड में हुड्डा की मिलीभगत से 14 विधायकों के वोट रद्द हुए थे और कांग्रेस प्रत्याशी को हार मिली थी।  अपने बेटे को जबरदस्ती राज्यसभा भेजा, जबकि सोनिया गांधी किसी और को भेजना चाहती थी। इसी प्रकार 2019 हरियाणा विधानसभा चुनाव से पूर्व रोहतक में रैली करके उन्होंने सरेआम कांग्रेस हाईकमान को ब्लैकमेल किया था। हुड्डा ने हमेशा स्वार्थ की राजनीति की है और अपने बेटे के सिवाय उन्होंने हरियाणा कांग्रेस में कोई और नजर नहीं आता। 8 साल के हुड्डा सरकार के कार्यकाल को सीएलयू और भू माफिया की सरकार के नाम से लोग आज भी याद करते हैं। अपने कार्यकाल में करीब 8 लाख करोड़ रूपए के घोटालों को अंजाम देकर हुड्डा ने हरियाणा को जमकर लूटा था। सीबीआई और ईडी के भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों पर उनके खिलाफ केस चल रहे हैं। स्वच्छ, पारदर्शी और ईमानदार सरकार का क्या होती है यह हुड्डा को मुख्यमंत्री मनोहर लाल से सीखना चाहिए, जिन पर 8 साल के बाद भी भ्रष्टाचार का एक भी दाग नहीं है। मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश जहां औद्योगिक  हब बनता जा रहा है, वहीं उन्होंने सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर लगाम कसकर राज्य की जनता को स्वच्छ एवं जवाबदेह शासन व प्रशासन दिया है। हुड्डा सरकार में जहां नौकरियों की बोली लगती थी, वहीं मनोहर लाल सरकार ने काबिलियत के आधार पर नौकरियों का आवंटन किया और समाज के गरीब तबके तक तक रोजगार उपलब्ध करवाने के दिशा में बेहतरीन कार्य किया है। अगर हुड्डा भी मनोहर लाल सरकार की तरह ईमानदारी से सरकार चलाते तो आज हरियाणा राज्य उन्नति और विकास के पथ पर और ज्यादा तेजी से दौड़ता, मगर हुड्डा ने जहां 8 वर्षों तक अपने मुठ्ठी में सरकार व प्रशासन को रखा, वहीं अब भी वे हरियाणा कांग्रेस को अपनी मर्जी से चलाना चाहते हैं और वरिष्ठ नेताओं का अपमान करके हाईकमान पर दबाव बनाकर अपनी खड़ाउं उन्होंने एचपीसीसी में रख दी हैं, जिसका परिणाम यह हुआ की हरियाणा में कांग्रेस खात्मे की कगार पर पहुंच गई है।
September 02, 2022

प्रमोद सहवाग करेंगे 3750 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा

प्रमोद सहवाग करेंगे 3750 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा

जींद :  कांग्रेस नेता प्रमोद सहवाग ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा 3750 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा के लिए भारत यात्री चयनित करने पर पार्टी के नेता राहुल गांधी और राज्य सभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा का आभार जताया है। सहवाग ने कहा कि देश में नफरत का माहौल खत्म करने के लिए सात सितंबर को कन्याकुमारी से प्रारंभ की जा रही भारत जोड़ो यात्रा में तिरंगा लेकर चलना अपने आप में गौरव की बात होगी। उन्होंने बताया कि पार्टी ने बतौर भारत यात्री 118 कार्यकर्ताओं को चुना है। जो पूरी यात्रा के दौरान मौजूद रहेंगे। उल्लेखनीय है कि प्रमोद सहवाग ने कांग्रेस की छात्र विंग एनएसयूआई और युवा कांग्रेस से राजनीति शुरू की थी और गुजरात, उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्यों में पार्टी की ओर से चुनाव पर्यवेक्षक का दायित्व भी निभा चुके हैं। 
पार्टी ने 2014 में जींद विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़वाया था।
सहवाग ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में बतौर भारत यात्री का चयन होने से  हरियाणा और विशेषकर जींद हलके की भागीदारी होना मेरे लिए ही नहीं पूरे जींद हलके के लिए खुशी के पल है। कांग्रेस ने हमेशा बड़े कार्यो में जींद की भागीदारी की परंपरा को आगे बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि पार्टी के निर्देशानुसार भारत यात्रियों को पांच सितंबर को कन्याकुमारी पहुंचना है। कन्याकुमारी से कश्मीर तक होने वाली  इस भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी समेत सभी चयनित भारत यात्री 3750 किलोमीटर लंबी यात्रा में मौजूद रहेंगे। सहवाग ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा की टैग लाइन एक तेरा कदम, एक मेरा कदम मिल जाए तो जुड़ जाए अपना वतन। आओ मिलकर भारत जोड़ें। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा राहुल गांधी की अगुवाई मेें ऐतिहासिक होगी। यह यात्रा लगभग 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा आएगी। सहवाग ने कहा कि देश में जब भी नफरत का माहौल पैदा हुआ है तब-तब कांग्रेस ने देश को जोड़ने का काम किया है। भारत जोड़ो यात्रा भी देश को जोड़ने का काम करेगी। कांग्रेस नेता प्रमोद सहवाग के भारत यात्री बनने पर पूरे दिन कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का उनको बधाई देने का तांता लगा रहा।
September 02, 2022

हरियाणा में इस बीजेपी नेता की सरेआम गोली मारकर कर दी हत्या

हरियाणा में इस बीजेपी नेता की सरेआम गोली मारकर कर दी हत्या

गुरुग्राम : गुरुवार को साइबर सिटी गुरुग्राम ताबड़तोड़ फायरिंग से दहल उठा। भाजपा नेता की दिनदिहाड़े सदर बाजार में गोली मारकर हत्या कर दी गई। भाजपा नेता रेमंड के शोरूम पर खरीददारी करने के लिये आये थे, जहां अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घायल नेता को जब तक अस्पताल पहुंचाया जाता उससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक का नाम सुखबीर उर्फ सुखी है, जो सोहना मार्केट कमेटी के पूर्व वाइस चेयरमैन थे।
मृतक सुखबीर गांव रिठौज के रहने वाले थे और सदर बाजार के पास गुरुद्वारा रोड पर रेमंड के शोरूम में कपड़े खरीदने के लिए पहुंचे थे। जब वो खरीददारी कर रहे थे तो पांच अज्ञात हमलावर शोरूम में दाखिल हुए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जिस समय सुखबीर को गोलियां मारी गई उस वक्त शोरूम में बड़ी संख्या में खरीददार और कर्मचारी भी मौजूद थे। लेकिन बेखौफ बदमाश हत्या की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गये।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई और घायल को अस्पताल पहुंचाया। हत्या की ये वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जिसमें हमलावर दिखाई दे रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हत्यारों की पहचान कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस भले ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा करे लेकिन सदर बाजार में हुई इस हत्या की वारदात ने दहशत पैदा कर दी है।
September 02, 2022

जींद में DEEO क्लर्क 2 लाख के साथ गिरफ्तार:स्कूल बंद करने की धमकी दे 5 लाख मांगे थे; अफसर का नाम भी आया

जींद में DEEO क्लर्क 2 लाख के साथ गिरफ्तार:स्कूल बंद करने की धमकी दे 5 लाख मांगे थे; अफसर का नाम भी आया

जींद : हरियाणा के जींद में विजिलेंस ने निजी स्कूल की कमियों को दूर करने की एवज में 2 लाख रुपए रिश्वत लेते शिक्षा विभाग के डाटा असिस्टेंट क्लर्क को गिरफ्तार किया है। इस मामले में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी का नाम भी सामने आया है। फिलहाल पुलिस ने डाटा असिस्टेंट क्लर्क के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बताया गया है कि रोहतक के गांव भालोट के रहने वाले विजय ने विजिलेंस को दी शिकायत में बताया कि उसने जींद के विजय नगर में स्मार्ट किड्स के नाम से स्कूल खोला है। कुछ दिन पहले जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (DEEO) की टीम ने स्कूल पर छापेमारी की थी। जिस पर कुछ कमियां मिलने पर उसे नोटिस जारी किया गया और स्कूल बंद करने की धमकी दी गई थी।
*2000 के 100 नोट दिए*

स्कूल बंद ना हो इसकी एवज में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा 5 लाख रुपए की रिश्वत मांगी गई। उसने इसकी शिकायत विजिलेंस को दी। नायाब तहसीलदार अजय को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। टीम ने शिकायतकर्ता को 2000 के 100 नोट दे दिए। शिकायतकर्ता ने जैसे ही यह नोट डाटा असिस्टेंट क्लर्क घनश्याम को एसडी स्कूल के निकट दिए तो विजिलेंस टीम ने उसे काबू कर लिया। क्लर्क घनश्याम के पास से रिश्वत राशि के 2 लाख बरामद हो गए।
विजिलेंस के इंस्पेक्टर मुनीश कुमार ने बताया की रिश्वत राशि के साथ क्लर्क घनश्याम को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस क्लर्क से पूछताछ कर रही है। कोर्ट में पेश कर उसे रिमांड पर लिया जाएगा।
September 02, 2022

नगर प्रशासन ने जारी की टोमैटो फ्लू पर एडवाइजरी

नगर प्रशासन ने जारी की टोमैटो फ्लू पर एडवाइजरी

चंडीगढ़ : टोमैटो फ्लू एक वायरल बीमारी है। टोमैटो फ्लू नाम इस रोग के मुख्य लक्षण से आया है। शरीर के कई हिस्सों पर  लाल रंग के छोटे फफोले के रूप में शुरू होते हैं और बड़े होने पर टमाटर की भांति होते हैं। टोमैटो फ्लू एक स्व-सीमित संक्रामक रोग है क्योंकि लक्षण और लक्षण कुछ दिनों के बाद दूर हो जाते हैं। टोमैटो फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। टोमैटो फ्लू के प्राथमिक लक्षण बच्चों में देखे गए हैं, जोकि वायरल संक्रमणों के समान हैं। इनमें बुखार, चकते पडऩा और जोड़ों में दर्द शामिल है। इस रोग में थकान, मितली, उल्टी, दस्त, बुखार, निर्जलीकरण, जोड़ों की सूजन, शरीर में दर्द और आम इन्फ्लूएंजा जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। बुखार शुरू होने के एक या दो दिनों के बाद छोटे लाल धब्बे दिखाई देते हैं, जो छाले और फिर अल्सर में बदल जाते हैं। शरीर के कई भागों में टमाटर की तरह छाले पड़ जाते हैं।
शिशुओं और छोटे बच्चों को भी नैपिज, अशुद्ध सतहों को छूने और चीजों को सीधे मुंह में डालने से इस संक्रमण का खतरा होता है। यह बीमारी मुख्य रूप से 10 साल से कम उम्र के बच्चों में होती है। यह वयस्कों में भी हो सकती है। बाहरी राज्य से काफी लोगों का आना-जाना रहता है। ऐसे में यह बीमारी उनके साथ आ सकती है। लोगों को स्वयं इसको लेकर जागरूक रहना होगा।  इस रोग से संबंधित अगर किसी को कोई भी लक्षण नजर आते हैं तो तुरंत नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।
इन लक्षणों वाले बच्चों में डेंगू, चिकनगुनिया, जीका के निदान के लिए आणविक और सीरोलॉजिकल परीक्षण किए जाते हैं। अन्य वायरल संक्रमणों के समान है अर्थात किसी भी लक्षण की शुरुआत से 5-7 दिनों के लिए अलगाव अन्य बच्चों या वयस्कों में संक्रमण का प्रसार, आराम, बहुत सारे तरल पदार्थ और जलन से राहत के लिए गर्म पानी का स्पंज और चकत्ते बुखार और शरीर में दर्द के लिए पैरासिटामोल की सहायक चिकित्सा और अन्यरोगसूचक उपचार की आवश्यकता होती है। टोमैटो फ्लू एक स्व-सीमित बीमारी है और इसके इलाज के लिए कोई विशिष्ट दवा मौजूद नहीं है।
*ऐसे करें रोकथाम:*

रोकथाम के लिए सबसे अच्छा उपाय उचित स्वच्छता है। आसपास की जरूरी वस्तुओं और पर्यावरण को स्वच्छ रखने के साथ संक्रमित बच्चे के खिलौने, कपड़े, भोजन और अन्य सामान को गैर-संक्रमित बच्चों से साझा करने से रोकना चाहिए। इसके अलावा बुखार या दाने के लक्षण वाले बच्चों को गले न लगाएं और न ही उन्हें छुएं।संक्रमित बच्चे निम्नलिखित कुछ निवारक उपाय हैं जिन्हें हमें ध्यान में रखना चाहिए।
संक्रमित व्यक्ति के तुरंत संपर्क में आने से बचें, अपने बच्चे को संकेतों और लक्षणों और इसके दुष्प्रभावों के बारे में शिक्षित करें, अपने बच्चे को बताएं कि बुखार या दाने के लक्षण वाले बच्चों को गले न लगाएं या न छुएं, बच्चों को स्वच्छता बनाए रखने और अंगूठा या उंगली चूसने से रोकें। नाक बहने या खांसने की स्थिति में बच्चे को रूमाल का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि इसके प्रसार से बचा जा सके। छाले को खरोंचें या रगड़ें नहीं और जब भी आप इन छालों को छुएं तो  हाथों को धो लें।
अपने बच्चों को खूब  पानी, दूध, या जूस पीने के लिए प्रेरित करके हाइड्रेटेड रखने की कोशिश करें, चाहे वे कुछ भी करें। यदि आपके बच्चे में टोमैटो बुखार के लक्षण विकसित होते हैं, तो उसे रोकने के लिए तुरंत उन्हें अन्य बच्चों से अलग कर दें ताकि बीमारी न फैल पाए।सभी बर्तन, कपड़े, और अन्य उपयोगी वस्तुओं (जैसे बिस्तर) को अलग किया जाना चाहिए और नियमित रूप से साफ किया जाना चाहिए।त्वचा को साफ करने या बच्चे को नहलाने के लिए हमेशा गर्म पानी का इस्तेमाल करें।
इम्युनिटी बढ़ाने के लिए संतुलित आहार लें। उपचार को बढ़ावा देने के लिए पर्याप्त आराम और नींद लेना आवश्यक है। अभी तक टोमैटो फ्लू के उपचार या रोकथाम के लिए कोई एंटीवायरल दवा या टीका उपलब्ध नहीं है।  चंडीगढ़ में टोमैटो फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है।
September 02, 2022

JJP नेता को ब्लैकमेल करने वाले पकड़े:पुलिस ने महिला और उसके साथी को 2 लाख लेते दबोचा, 6 महीने पहले हुई थी मुलाकात

JJP नेता को ब्लैकमेल करने वाले पकड़े:पुलिस ने महिला और उसके साथी को 2 लाख लेते दबोचा, 6 महीने पहले हुई थी मुलाकात

जींद ; हरियाणा के जींद में जजपा नेता को ब्लैकमेल कर पैसे लेने वाली महिला और उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने महिला को जेल और आरोपी को पुलिस को दो दिन के रिमांड पर सौंप दिया है।
भिवानी हाल आबाद अर्बन एस्टेट निवासी एवं जजपा कार्यालय उचाना के प्रभारी जगदीश सिहाग ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि लगभग छह माह पहले कुरूक्षेत्र निवासी एक महिला मनजीत यूट्यूबर बन उनसे मिली थी। इसके बाद महिला कभी नौकरी तो कभी ट्रांसफर करवाने के सिलसिले में उससे मिली।
अप्रैल 2022 में उसके फोन पर एक महिला का फोन आया और खुद को बेसहारा बताते हुए बेटी के दाखिले के लिए आर्थिक सहायता मांगी। जिस पर उसने दो बार में 30 हजार रुपए दे दिए। इसके बाद से लगातार उसे तंग किया जाने लगा। गत 28 जुलाई को निरंजन नांदल नाम एक व्यक्ति उससे मिला और उसके पास मनजीत के व्हाट्सएप मैसेज होने की बात कहते हुए सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।
12 अगस्त को निरंजन नांदल ने ब्लैकमेल कर पांच लाख रुपए ले लिए। इसके बाद फिर उससे आठ लाख रुपए मांगने लगा। पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर डॉ. सुनील के नेतृत्व में छापामार दल का गठन किया। टीम ने जींद के विश्राम गृह में मनजीत और निरंजन को जगदीश सिहाग से दो लाख रुपए लेते काबू कर लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ ब्लैकमेल कर फिरौती वसूलने, आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजरानिया ने बताया कि ब्लैकमेल करने के मामले में महिला और उसके साथी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है। अदालत ने महिला को जेल और सहयोगी को रिमांड पर पुलिस को सौंपा है।