Breaking

Showing posts with label Crime News. Show all posts
Showing posts with label Crime News. Show all posts

Monday, July 25, 2022

July 25, 2022

पश्चिमी यमुना नहर में कूदा एक शख्स:पैसों के लेन-देन का मामला; मां-बाप का था इकलौता सहारा; पत्नी देखती रह गई

पश्चिमी यमुना नहर में कूदा एक शख्स:पैसों के लेन-देन का मामला; मां-बाप का था इकलौता सहारा; पत्नी देखती रह गई

करनाल : हरियाणा के करनाल जिले में रविवार देर शाम एक व्यक्ति ने काछवा रोड स्थित पश्चिमी यमुना नहर में छलांग लगा दी। सोमवार सुबह तक व्यक्ति का नहर में कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस व परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।

*दोस्त को दिलाए थे 20 हजार रुपए उधार*

मिली जानकारी के अनुसार, गांधी नगर निवासी अमित (35) ने कुछ माह पहले पाल नगर निवासी कृष्ण कुमार को किसी से उधार में 20 हजार रुपए दिलवाए थे। अमित ड्राइविंग करता था। कृष्ण को पैसे लिए कई माह हो चुके थे, लेकिन कृष्ण अमित का फोन तक नहीं उठा रहा था, जिसके चलते वह काफी परेशान चल रहा था।

*रात को पत्नी व दोस्त के साथ गया कृष्ण के घर*

जानकारी देते हुए अमित की पत्नी सोनिया ने बताया कि पाल नगर निवासी कृष्ण ने जब फोन उठाने बंद कर दिए तो रविवार शाम को करीब 8 बजे अमित मुझे व अपने दोस्त सोनू को लेकर कृष्ण के घर गए। जहां पर कृष्ण नहीं मिला, लेकिन उसकी पत्नी मिली, जिसे वे पैसों को बात बताकर वापस करने का संदेश देकर आ गए।

*रास्ते में शराब के नशे में मिला कृष्ण तो की मारपीट*

सोनिया ने आरोप लगाया कि कृष्ण के घर से जब वह वापस आ रहे थे तो रास्ते में कृष्ण व उसका दोस्त शराब के नशे में धुत मिले। जब कृष्ण से अमित ने पैसे मांगे तो उसने व उसके दोस्त ने मारपीट शुरू कर दी। हमने बीच बचाव किया, लेकिन वह नहीं माने और कहा कि वह पैसे नहीं देगा, तुझसे जो होता हो वह कर लेना।

*पत्नी से हाथ छुड़ा कर लगाई नहर में छलांग*

सोनिया ने बताया कि कृष्ण द्वारा मारपीट करने के बाद जब वह वापस अपने घर आ रहे थे तो अमित गुस्से में था। उसने काछवा नहर के किनारे बाइक रोकी और नहर में छलांग लगाने की कोशिश करने लगा। हमने उसे काफी समझाया, लेकिन अमित ने हाथ छुड़ाकर नहर में छलांग लगा दी। देखते ही देखते वह नहर में उनकी आखों के सामने ओझल हो गया।

*बूढ़े मां बाप व परिवार का इकलौता सहारा था अमित*

सूचना मिलते ही सभी परिजन नहर पर पहुंचे। मां रोते हुए कहती रही कि 3 साल पहले एक बेटा तो उन्हें छोड़कर चला गया था। आज तू भी हमें छोड़कर चला गया। अब उनका बुढ़ापा किस के सहारे कटेगा। अमित ही परिवार का इकलौता सहारा था। अमित की दो छोटी-छोटी लड़कियां है।

*पुलिस तलाश में जुटी*

रामनगर थाना SHO किरण ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रातभर नहर में अमित की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। आज गोताखोरों की मदद से नहर में सर्च अभियान चलाया जाएगा। वहीं पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी।

Thursday, July 21, 2022

July 21, 2022

हरियाणा में 2000 विशेष पुलिस अधिकारियों की होगी भर्ती

हरियाणा में 2000 विशेष पुलिस अधिकारियों की होगी भर्ती

पुलिस विभाग में कांस्टेबल के  लगभग 11,664 पद खाली हैं

चंडीगढ़- हरियाणा सरकार ने पुलिस बल को और मजबूत करने और राज्य में होने वाली अप्रिय घटनाओं को प्रभावी ढंग से रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 2000 विशेष पुलिस अधिकारियों की भर्ती करने का निर्णय लिया है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में आज यहां हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस सम्बन्ध में कांस्टेबल के रिक्त पदों के विरूद्घ हरियाणा पुलिस अधिनियम, 2007 की धारा 21 के प्रावधानों के तहत 2000 एसपीओ को भर्ती करने के प्रस्ताव के प्रस्ताव को मंजूरी दी।

एसपीओ को एक वर्ष की अवधि के लिए या नियमित आधार पर नियुक्ति की तिथि तक, जो भी पहले हो, तक नियोजित किया जाएगा।
एसपीओ का चयन एक बोर्ड द्वारा साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा जिसमें अध्यक्ष के रूप में जिला पुलिस अधीक्षक, संबंधित जिले के एक पुलिस उपाधीक्षक (संबंधित जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा नामित) सदस्य होंगे। चयन में सेना/केन्द्रीय अर्ध-सैनिक बलों  के भूतपूर्व सैनिकों और निरस्त एचएसआईएसएफ /एचएपी बटालियनों के पूर्व कांस्टेबलों को वरीयता दी जाएगी।

एसपीओ अनुग्रह राशि के लिए पात्र होंगे

          एसपीओ मृत्यु/निशक्तता/चोट के मामले में अनुग्रह मुआवजे के पात्र होंगे जो केवल बहादुरी और अदम्य साहस का प्रदर्शन करते हुए अपने कार्यालय के कर्तव्यों का पालन करते हुए कार्रवाई में मारे गए/निशक्तता/घायल हो गए हैं।

          मृत्यु की स्थिति में अनुग्रह राशि 10 लाख दी जाएगी, स्थायी निशक्तता के मामले में मुआवजा राशि एक लाख से 3 लाख रुपये तक होगी और गंभीर चोट के मामले में यह राशि एक लाख रुपये होगी। हालांकि, प्राकृतिक मृत्यु के मामले में अनुग्रह राशि 10.00 लाख रुपये की बजाए मृतक कर्मचारियों (एसपीओ) के परिवार को 3.00 लाख रुपये  देय होगी।

न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10+2 होगी

          भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता सभी श्रेणियों के लिए मान्यता प्राप्त बोर्डों से 10+2 होगी। चयनित एसपीओ को उनके गृह पुलिस थानों में तैनात नहीं किया जाएगा, लेकिन जहां तक संभव हो, उन्हें उनके निवास स्थान के पास के पुलिस थानों में तैनात करने का ध्यान रखा जाएगा। हालांकि, जो अन्य जिले में तैनात होने के इच्छुक हैं, उन्हें इस तरह तैनात किया जा सकता है। इन एसपीओ को, उनके चयन के बाद, पुलिस विभाग की आवश्यकतानुसार खुद को फिर से उन्मुख करने के लिए 15 दिनों के कैप्सूल कोर्स को पूरा करना होगा। 
एससी, बीसी उम्मीदवारों को मिलेगा पर्याप्त प्रतिनिधित्व

          अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के सदस्यों को यथासम्भव राज्य सरकार की नीति के अनुसार पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया जायेगा। साथ ही, नियुक्त एसपीओ के पास एक सामान्य पुलिस अधिकारी के समान शक्तियां, विशेषाधिकार और उन्मुक्तियां होंगी और वे समान कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के लिए उत्तरदायी होंगे ।

          इसके अलावा, एसपीओ को उनकी नियुक्ति के समय दो वर्दियों के सेट, एक जोड़ी जूतों, व अन्य एसपीओ के प्रतीक चिन्ह और टोपी / डोरी आदि के लिए एक मुश्त 3000 रुपये का भत्ता दिया जाएगा।

कांस्टेबल के 11,664 पद खाली हैं

          वर्तमान में पुलिस विभाग में कांस्टेबल के कुल 11,664 पद रिक्त हैं। इसलिए इन एसपीओ की भर्ती निश्चित रूप से राज्य पुलिस बल को मजबूत करने में महत्वपूर्ण होगी।

          इस बीच, पुलिस विभाग को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से सीधी भर्ती से पुरुष कांस्टेबल (सामान्य ड्यूटी) के 5000 पदों को भरने की अनुमति मिल गई है और यह प्रक्रियाधीन है।


Tuesday, July 19, 2022

July 19, 2022

एक पुलिस अफसर की दिन दहाड़े हत्या, मतलब पूरे प्रदेश में है गुंडाराज: अभय चौटाला

एक पुलिस अफसर की दिन दहाड़े हत्या, मतलब पूरे प्रदेश में है गुंडाराज: अभय चौटाला

चंडीगढ़ : इनेलो के प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने मंगलवार को जिला नूंह के तावडू में अवैध खनन माफिया द्वारा हरियाणा पुलिस के डीएसपी सुरेंद्र सिंह बिश्नोई की डंपर से सरेआम बेरहमी से कुचल कर हत्या किए जाने की भर्त्सना करते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा गठबंधन सरकार प्रदेश को संभालने में पूरी तरह से नकारा साबित हुई है। एक पुलिस अफसर की दिन दहाड़े हत्या, मतलब पूरे प्रदेश में गुंडाराज है। भाजपा गठबंधन को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं रह गया है। गुंडों और माफियाओं को कानून का कोई डर नहीं है और प्रदेश में चारों तरफ आतंक फैला रखा हैं।
आज पूरे प्रदेश में जनता के बीच भय और आतंक का माहौल बन चुका है। विधायकों को सरेआम मौत के घाट उतारने की धमकियां दी जा रही हैं और उनसे रंगदारी मांगी जा रही है। जिस हरियाणा पुलिस से अपराधी कांपा करते थे आज उन्हीं की सरेआम हत्या की जा रही है। ऐसा आतंक का माहौल यूपी और बिहार में सुनने को मिलता था लेकिन आज हरियाणा उनसे बहुत आगे निकल गया है। प्रदेश में हर रोज हत्या, लूट और डकैती के मामले इतने बढ़ चुके हैं कि आम आदमी डर के साए में जी रहा है और उसका घर से निकलना दूभर हो गया है।
प्रदेश में अवैध खनन माफियाओं को भाजपा गठबंधन सरकार का संरक्षण प्राप्त है। भाजपा सरकार में अवैध खनन के सैकड़ों मामले सामने आ चुके हैं जिसमें सरकार की मिली भगत से खनन माफिया द्वारा हजारों करोड़ रूपए का गोलमाल किया गया है लेकिन सरकार का संरक्षण प्राप्त होने के कारण आज तक एक भी दोषी नहीं पकड़ा गया है। डीएसपी सुरेंद्र सिंह बिश्नोई की हत्या के असली दोषी खनन माफिया को तुरंत गिरफ्तार किया जाए ताकि उनके परिवार को न्याय दिलाया जा सके।
July 19, 2022

दिनदहाड़े DSP का मर्डर, खनन माफिया ने बेरहमी से मार डाला

दिनदहाड़े DSP का मर्डर, खनन माफिया ने बेरहमी से मार डाला

नूंह /मेवात : हरियाणा से इस वक्त एक बड़ी वारदात की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि, प्रदेश के नूंह जिले में एक DSP की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई है। मारे गए DSP की पहचान सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि, सुरेंद्र सिंह नूंह के तावडू में DSP के पद पर तैनात थे। फिलहाल, हरियाणा पुलिस के एक DSP की हत्या से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वहीं इस वारदात से प्रदेश (खासतौर से इलाके के लोगों में) के लोगों में भी सनसनी फैल गई है। 
*अवैध खनन रोकने गए थे DSP सुरेंद्र सिंह ....*

मिली जानकारी के अनुसार, DSP सुरेंद्र सिंह की हत्या उन्हें डंपर से कुचलकर की गई। DSP सुरेंद्र सिंह अवैध खनन रोकने पहुंचे थे। इसी बीच खनन माफिया ने उनपर हमला कर दिया। खनन माफिया ने उनपर डम्पर चढ़ा दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सुरेंद्र सिंह के बारे में जानकारी मिल रही है कि उन्हें इसी साल रिटायर होना था। फिलहाल, इस वारदात के बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिस टीम पहुंची हुई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Friday, July 15, 2022

July 15, 2022

भारी बारिश में गोहाना सब्जीमंडी का शेड गिरा:2 की मौत,11 अन्य घायल; वाहनों में नुकसान, CM ने जताया दुख

भारी बारिश में गोहाना सब्जीमंडी का शेड गिरा:2 की मौत,11 अन्य घायल; वाहनों में नुकसान, CM ने जताया दुख

गोहाना (सोनीपत) : हरियाणा के सोनीपत के गोहाना में गुरुवार शाम को बड़ा हादसा हो गया। भारी बारिश के बीच तेज हवा के झोंके से सब्जी मंडी का शेड गिर गया। हादसे में एक मांसाखोर (सब्जी विक्रेता) जगमहेंद्र और एक अन्य युवक संदीप की मौत हो गई, वहीं 11 अन्य को नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया है। एक पशु भी शेड की चपेट में आने से मारा गया। शेड के नीचे 150 के करीब लोग फंसे थे, जिनको सुरक्षित निकालने में प्रशासन को काफी समय लगा। वाहनों को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
*सब्जी मंडी का शैड गिरने से नीचे दबा ट्रक।*

बताया गया है कि गोहाना में गुरुवार को शाम साढ़े 4 बजे के करीब भारी बारिश हुई। इस दौरान सोनीपत रोड पर स्थित नई सब्जी मंडी में फल-सब्जी खरीदने वालों की तो भीड़ थी ही, साथ में मांसाखोर भी अपनी फड़ी लगाए बैठे थे। बारिश शुरू हुई तो मंडी में आए अधिकतर लोग शेड के नीचे जमा हो गए। इसी बीच तेज हवा चलने लगी और हवा के तेज झोंके से शेड टूट कर नीचे गिर गया।
**गोहाना सब्जी मेंडी का शेड गिरने के बाद बचाव कार्य में लगे लोग।*

हादसे में करीब 150 के करीब लोग शेड के नीचे फंस गए। बाद में 100 के करीब लोगों को निकाल लिया गया, लेकिन 50 के करीब को निकालने में भारी परेशानी हुई। सूचना के बाद प्रशासन और मंडी में व्यापारियों और लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया। इस बीच 12 लोगों को चोट लगने के बाद अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने देवीपुरा गांव निवासी एक मांसाखोर जगमेंद्र को मृत घोषित कर दिया। बाद में एक और घायल रभड़ा के संदीप की भी मौत हो गई। अन्य 11 घायलों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
*बारिश के बीच राहत कार्य में जुटे लोग।*
*मृतकों को 5-5 लाख की मदद*

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ले गोहाना सब्जी मंडी में शेड गिरने की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने के निर्देश भी दिए हैं। सीएम ने कहा कि शेड गिरने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जान माल की क्षति दुखदायी है। उन्होंने दोनों मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए देने की घोषणा की है।

Thursday, July 14, 2022

July 14, 2022

पुलिस ने ढाबा पर छापामारी करके अनैतिक व्यापार करने के आरोप में महिला सहित 3 को किया काबू

*पुलिस ने ढाबा पर छापामारी करके अनैतिक व्यापार करने के आरोप में महिला सहित 3 को किया काबू,* 

* Police raided Dhaba and arrested 3 including woman for doing immoral business,*
*होटल संचालक सहित 4 के खिलाफ मामला दर्ज।* 
*बाहर से लडकियां बुलाकर अनैतिक व्यापार कर मोटा पैसा कमाया जा रहा था।*

जींद :  जीन्द पुलिस ने गुप्त सुचना के आधार पर एक गांव में बने ढाबा में छापामारी करके 1 महिला सहित 2 अन्य आरोपियों ढाबा मैनेजर गुरमीत वासी उत्तम नगर दिल्ली व वेटर मयंक उर्फ बिट्टू वासी बीकानेर को ढाबा में अनैतिक व्यापार कराने के आरोप में काबू किया है इस सम्बंध में महिला थाना में होटल संचालक सहित 4 लोगों के खिलाफ वैश्यावृति करने व करवाने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
महिला थाना प्रभारी गीता देवी ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोगों द्वारा लक्ष्यदीप वैष्णो होटल गांव किनाना में वैश्यावृति का धंधा चलाया जाता है। जिस सूचना पर प्रबन्धक महिला थाना ने बिना देरी किये साथी कर्मचारियों के साथ रेडिंग पार्टी तैयार करके एक कर्मचारी को 500 रूपये देकर नकली ग्राहक बना कर होटल में भेजा। नकली ग्राहक का ईशारा पाकर टीम ने होटल में रैड की होटल काउंटर पर बैठे लडके का काबू कर उसका नाम पता पूछा तो लड़के की पहचान गुरमीत वासी उत्तम नगर दिल्ली के रूप में हुई है। इसके अलावा होटल के कमरों में दो लडके व एक लडकी आपत्ति जनक अवस्था में मिले। जो अंधेरे का फायदा उठा दोनों लड़के भाग निकले।
पूछताछ पर होटल मैनेजर गुरमीत सिंह ने बताया कि वह करीब 6 माह से यहां नौकरी कर रहा है। ढाबा मालिक सुभाष दूहन के कहने पर ढाबा के वेटर मयंक उर्फ बिट्टू के माध्यम से ग्राहकों के लिए बाहर से लडकियां बुलाकर वैश्यावृति के लिए कमरे किराए पर दिए जाते हैं। 
पुलिस ने गुरमीत सिंह, मयंक उर्फ बिट्टू, होटल मालिक सुभाष व 1 महिला के खिलाफ महिला थाना जीन्द में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल होटल के मालिक सुभाष दुहन की गिरफ्तारी बाकी है। पकडे गये सभी आरोपियों को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत के जिला जेल जीन्द में भेजा गया है।

Tuesday, July 12, 2022

July 12, 2022

बेटी की शादी में लिया था 8 लाख का कर्ज:आढ़ती ने बनाए 30 लाख; किडनैप कर 3 एकड़ जमीन का बयाना लिखवाया

बेटी की शादी में लिया था 8 लाख का कर्ज:आढ़ती ने बनाए 30 लाख; किडनैप कर 3 एकड़ जमीन का बयाना लिखवाया

अंबाला : हरियाणा के अंबाला जिले में कर्ज के नाम पर किसान से जबरदस्ती खेत की जमीन का बयाना कराने और रास्ता रोककर पिस्टल की नोक पर किडनैप करने का मामला सामने आया है। आरोप अंबाला कैंट अनाज मंडी के आढ़ती और उसके बेटे पर है। पड़ाव थाना पुलिस ने किसान की शिकायत पर आढ़ती और उसके बेटे समेत कई लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
*2019 में लिया था कर्ज*

अंबाला जिले के गांव दुखेड़ी निवासी सुशील कुमार ने बताया कि 06 दिसंबर 2019 में उसकी बेटी की शादी थी। शादी में उसने गांव मच्छोंडा निवासी आढ़ती जसविंदर सिंह से 8 लाख रुपए का कर्ज लिया था। वह करीब 17-18 एकड़ की खेती करता है। उसने जीरी और गेहूं (8-10 लाख रुपए) की फसल आढ़ती को बेची भी थी, लेकिन आढ़ती ने 8 से 30 लाख रुपए कर्ज बना दिया। आरोप है कि आढ़ती जसविंदर सिंह ने जबरदस्ती 12 लाख रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से 3 एकड़ जमीन के बयाने पर उसके साइन कराए। उसके छोटे भाई राय सिंह ने इसका विरोध किया था।
*खेत से लौट रहे भाई को किया किडनैप*

शिकायतकर्ता सुशील कुमार ने बताया कि उसका छोटा भाई राय सिंह ट्रेक्टर लेकर गांव बुहावे रोड स्थित अपने खेत में गया था। वहां से वापस लौटते वक्त गत देर शाम गांव दुखेड़ी मोड के नजदीक दो गाड़ियों में आढ़ती जसविंदर सिंह व उसका बेटा सेठी 5-6 युवकों को साथ लेकर आए और ट्रेक्टर के आगे-पीछे गाड़ी रोक दी। यहां जसविंदर सिंह ने उसके भाई राय सिंह से मारपीट की और फिर पिस्टल की नोक पर गाड़ी में किडनैप करके ले गए। बताया कि उसके भाई राय सिंह से अंबाला कैंट तहसील में जबरदस्ती बयाने पर साइन कराए।
*जान से मारने की धमकी*

सुशील कुमार ने बताया कि आढ़ती जसविंदर सिंह पहले भी कई बार जान से मारने की धमकी दे चुका है। गत दिवस हमलावर उसके भाई को दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पर छोड़कर फरार हो गए। उन्होंने 2 आरोपियों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
पड़ाव पुलिस थाना।

2 आरोपियों को किया गिरफ्तार

पड़ाव थाना प्रभारी सूरज चावला ने बताया कि किसान सुशील कुमार ने आढ़ती जसविंदर सिंह से वर्ष 2019 में 8 लाख रुपए ब्याज पर लिए थे। अब आढ़ती ने 30 लाख रुपए बनाए हुए थे। दोनों पक्षों की 3 दिन पहले गांव में पंचायत भी हुई थी। इस दौरान बयाने पर सुशील कुमार ने साइन किए थे, लेकिन उसके छोटे भाई राय सिंह ने इसका विरोध किया था। इसी के चलते आढ़ती जसविंदर सिंह अपने साथियों के साथ मिलकर राय सिंह को किडनैप किया।

आरोप है कि अंबाला कैंट तहसील में दबाव बनाकर राय सिंह से बयाने पर साइन कराए और छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 365, 506, 34 के तहत केस दर्ज किया है। कार्रवाई करते हुए गांव मुस्तापुर निवासी गौरव और लाडवा निवासी मनदीप को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
July 12, 2022

ईद पर मिठाई मांगना छात्र को पड़ा भारी, रूम खाली कर हॉस्टल छोड़ने के मिले आदेश !

ईद पर मिठाई मांगना छात्र को पड़ा भारी, रूम खाली कर हॉस्टल छोड़ने के मिले आदेश ! 

जींद ( संजय कुमार ) : हरियाणा के जींद स्थित चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी के छात्रावास में एक छात्र को ईद पर मिठाई मांगने के बाद हॉस्टल से निकालने का मामला सामने आया था। इस मामले में सोमवार को कई छात्र संगठनों ने यूनिवर्सिटी में प्रोटेस्ट किया। उन्होंने कहा कि कहा कि आरोपी हॉस्टल वार्डन सुनील रोहिल्ला के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसी के साथ छात्र को हॉस्टल में वापस रखा जाए क्योंकि उसके जल्द ही उसके एग्जाम शुरू हो रहे हैं।
*छात्र ने छात्रावास प्रबंधक के नाम पत्र लिखकर की थी शिकायत*

छात्र नवीन ने छात्रावास प्रबंधक के नाम पत्र लिखकर ईद पर मिठाई मांगने पर निकालने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने लिखा कि रविवार को बकरीद का त्योहार था। इसलिए छात्रों ने मेस इंचार्ज से खास डिश बनाने को कहा। मैन्यू में इसका जिक्र भी किया गया है। लेकिन मेस इंचार्ज ने मना कर दिया। मेस कमेटी ने भी मना कर दिया तो वार्डन सुनील से बात की। उन्होंने भी इंकार कर दिया। वह वीसी से मिलने गए। वे नहीं मिले। छात्र ने आरोप लगाया कि कुछ देर बाद जब लौटे तो वार्डन के अटेंडेंट ने उससे आकर कहा कि तुम्हारे रूम खाली करने के आर्डर आए हैं और तुरंत रूम खाली कर दो।
*छात्रावास प्रबंधन का दावा, छात्र को हॉस्टल से बाहर नहीं निकाला*

नवीन कुमार दलाल एमए म्यूजिक का छात्र है। उसका कहना है कि भाईचारे का संदेश देने के लिए ईद पर मिठाई की मांग की थी। छात्र ने कहा वो हॉस्टल मेस का मेंबर है और मेनू में लिखा भी हुआ है कि हर त्यौहार पर छात्रों के लिए मिठाई बनाई जाएगी। लेकिन ईद पर मिठाई मांगने के चलते हॉस्टल वालों ने उसे बाहर निकाल दिया और उसे यूनिवर्सिटी के बाहर ही रात गुजारनी पड़ी। वहीं इस मामले में यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार ने छात्र के आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि रूल बुक में है कि हर त्यौहार पर मिठाई बनेगी। उन्होंने कहा कि हमने किसी छात्र को हॉस्टल से बाहर नहीं निकाला है।

Monday, July 11, 2022

July 11, 2022

CRSU जींद में स्टूडेंट्स का विरोध प्रदर्शन:चीफ वार्डन ने मामला शांत करवाया, मुद्दा- ईद पर मिठाई मांगने पर छात्र को हॉस्टल से निकालना

CRSU जींद में स्टूडेंट्स का विरोध प्रदर्शन:चीफ वार्डन ने मामला शांत करवाया, मुद्दा- ईद पर मिठाई मांगने पर छात्र को हॉस्टल से निकालना

जींद : हरियाणा के जींद के चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में एमए म्यूजिक प्रथम वर्ष के छात्र को ईद पर मिठाई मांगने पर हॉस्टल से बाहर निकाल दिया गया। जिसके बाद यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स भड़क गए। सोमवार को छात्रों ने विश्वविद्यालय में प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों के लामबंद होने पर होस्टल चीफ वार्डन सुनील फौगाट मौके पर पहुंचे और नारेबाजी कर रहे छात्रों को शांत किया। बाद में छात्रों की कुलपति से बात करवा मामले को शांत करवाया गया।
*यह है मामला*

हॉस्टल प्रबंधक को लिखी शिकायत में बताया नवीन ने बताया कि वह एमए म्यूजिक का प्रथम वर्ष का छात्र है और छात्रावास मेस कमेटी में भी शामिल है। रविवार को ईद होने पर उन्होंने स्पेशल खाने के लिए कहा था। जिस पर उसकी बात को अनसुना कर दिया गया। बाकायदा उसे हॉस्टल से निकाल दिया गया। उसको जानकर के पास रात को शरण लेनी पड़ी। उसके जाने के बाद उसके कमरे के बाहर सोमवार को हॉस्टल खाली करने का नोटिस लगा दिया गया।
*हॉस्टल प्रबंधक को दी शिकायत।*

नवीन ने बताया कि उसकी 14 जुलाई से परीक्षाएं भी शुरू हो रही हैं। इस बारे में उन्होंने वार्डन सुनील से बात की तो उन्होंने भी इंकार कर दिया। वह वीसी से मिलने गए, लेकिन वो नहीं मिले। छात्र ने आरोप लगाया कि कुछ देर बाद जब लौटे तो वार्डन के अटेंडेंट ने उससे आकर कहा कि तुम्हारे रुम खाली करने के आर्डर आए हैं और तुरंत रुम खाली कर दो।
*छात्रों ने किया प्रदर्शन*

इसके विरोध में सोमवार को छात्र विश्वविद्यालय में एकत्रित हुए और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान नवीन ने बताया कि उसने ईद पर्व को देखते हुए मिठाई की बात कही थी। इससे पहले भी वह मेस के खाने को लेकर आवाज उठा चुका है, लेकिन उसकी आवाज को अनसुना कर दिया जाता है।

अब रविवार रात को तानाशाही दिखाते हुए उसे हॉस्टल खाली करने के लिए बोल दिया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि विश्वविद्यालय की छात्रों के प्रति तानाशाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बाद में होस्टल चीफ वार्डन सुनील फौगाट मौके पर पहुंचे और छात्रों की समस्याओं का तुरंत समाधान करवाने का आश्वासन दिया। होस्टल चीफ वार्डन सुनील फौगाट ने बताया कि छात्रों की कुलपति से बात करवा दी गई है। छात्र अब शांत हैं। मेस में खाने को लेकर छात्रों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।

Sunday, July 10, 2022

July 10, 2022

पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु के आवास पर चोरी:42 मिनट में कूड़ा बीनने वाली महिलाएं और लड़के ले गए 2 LED और 32 टूटियां

पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु के आवास पर चोरी:42 मिनट में कूड़ा बीनने वाली महिलाएं और लड़के ले गए 2 LED और 32 टूटियां

हिसार : हरियाणा के हिसार में पीएलए मार्केट स्थित पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यु के आवास में दो महिला व दो लड़कों ने चोरी की। चोरी की यह वारदात सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है। आरोपी कूड़ा बीनने का काम करते हैं।


सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि कूड़ा बीनने वाले युवक और महिलाएं कुछ समय गली में बैठे रहते हैं। इसके बाद जब गली में कोई आता जाता नहीं दिखाई देता तो घर में दाखिल होकर चोरी करते हैं। महिलाएं और युवक 2 बजकर 40 मिनट पर गली में आकर घर में प्रवेश करते हैं। कुछ बाहर ही गली में बैठ जाती हैं।
करीब 3 बजकर 22 मिनट तक उनका घर से आना जाना लगा रहता है। ऐसे में कुल 42 मिनट में चोरी की घटना को अंजाम दिया या। वे एलईडी और सारा सामान कूड़ा इकट्‌ठा करने वाले थैले में ही डाल लेती हैं। पूर्व वित्त मंत्री आवास के पास एसपी का आवास भी है। वहां पर पुलिस की काफी चौकसी और पाबंदी होती है। इसके बावजूद आवास में सेंध लगा दी।

पुलिस को दी शिकायत में बंटी शर्मा ने बताया कि वह केयरटेकर है और आवास में ही रहता है। शुक्रवार को सुबह वह स्कूल में गया हुआ था। घर पर कोई नहीं था। जब शाम को घर पर वापस आए तो देखा कि आवास में सामान बिखरा हुआ पड़ा था। आवास के अंदर रखा सामान चेक किया तो वहां से 32 ईंच की 2 एलईडी, 32 टूटियां और दो बेड की चद्दर गायब मिलीं। उन्होंने बताया कि आवास अकसर खुला रहता था। ऐसा कभी नहीं हुआ।
*शुक्रवार दोपहर को हुई वारदात*

यह वारदात शुक्रवार दोपहर 2:20 बजे की है। मगर पुलिस को शाम 7:20 बजे शिकायत दी गई है। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ शुरू की। पुलिस ने केयरटेकर की शिकायत पर केस दर्ज किया। अब मामले की जांच जारी है।
July 10, 2022

गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का अकाउंट खुलवाने की कोशिश:हरियाणा का बदमाश राजस्थानी बन पंजाब के बैंक में पहुंचा; शक हुआ तो भाग निकला

गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का अकाउंट खुलवाने की कोशिश:हरियाणा का बदमाश राजस्थानी बन पंजाब के बैंक में पहुंचा; शक हुआ तो भाग निकला

चंडीगढ़ : पंजाब के पठानकोट स्थित बैंक में लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम पर बैंक खाता खुलावाने की कोशिश की गई। खाता खुलवाने आया बदमाश हरियाणा का था। मगर, वह राजस्थानी बनकर बैंक में आया था। बैंक अफसरों को शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को कॉल कर दिया।

पुलिस के आने की भनक लगते ही बदमाश बाथरूम जाने के बहाने वहां से भाग निकला। पुलिस ने बैंक और बाहर की CCTV फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। गोल्डी बराड़ पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का मास्टरमाइंड है। उसकी फोटो पर बैंक खाता खुलवाने के मकसद को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
* आधार कार्ड पर लगी थी गोल्डी बराड़ की फोटो*

पठानकोट की ढांगू रोड स्थित नेशनल बैंक में एक शख्स पहुंचा। वह मैनेजर से मिला और नया बैंक अकाउंट खोलने की बात कही। जब बैंक ने KYC करने के लिए आधार कार्ड मांगा तो उस पर गैगस्टर गोल्डी बराड़ की फोटो लगी थी। यह देख बैंक मैनेजर को शक हो गया। उसने जो पैन कार्ड दिया, उस पर किसी दूसरे की फोटो थी।
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की 29 मई को मानसा जिले के गांव जवाहरके में गोलियां मार हत्या कर दी गई थी। इसकी जिम्मेदारी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ली थी।

*बैंक मैनेजर ने पुलिस को बताया, आरोपी भाग निकला*

बैंक मैनेजर ने तुरंत पठानकोट के SSP अरूण सैनी को फोन कर पूरी बात बताई। सैनी ने बदमाश को बातों में उलझाकर रखने को कहा। मैनेजर ने स्टाफ को बुलाकर आरोपी को व्यस्त रखने और उसकी एक्टिविटी पर नजर रखने को कहा। इसी दौरान बदमाश को कुछ शक हो गया। उसने बाथरूम जाने की बात कही और गेट की तरफ से भाग निकला। बैंक कर्मचारियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे।

*जोधपुर के मांगी लाल की निकली KYC डिटेल्स*

SSP अरूण सैनी ने कहा कि बदमाश के आधार कार्ड की फोटो कनाडा बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ से मैच हो रही है। संभव है कि उसने इंटरनेट से यह फोटो ली हो। उसकी KYC डिटेल्स के जरिए पुलिस ने छानबीन की तो वह जोधपुर का मांगी लाल निकला। ऐसा लगता है कि फोटो और नाम-पता भी फर्जी था।
*बाहर खड़ी थी कार*

पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि जितनी देर युवक बैंक में रहा, बाहर हरियाणा नंबर की कार खड़ी थी। युवक के फरार होते ही कार भी वहां से चली गई। ऐसे में संभव है कि वह उसी कार में आया होगा। युवक का वेश और भाषा भी हरियाणवी लग रही थी। इस संबंध में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। राजस्थान और हरियाणा की पुलिस से भी इस बारे में मदद ली जा रही है।

Saturday, July 9, 2022

July 09, 2022

मूसेवाला हत्याकांड का राजस्थान कनेक्शन:रोहित गोदारा गैंग के गैंगस्टर दानाराम को पंजाब लाएगी पुलिस; कातिलों को मदद का शक

मूसेवाला हत्याकांड का राजस्थान कनेक्शन:रोहित गोदारा गैंग के गैंगस्टर दानाराम को पंजाब लाएगी पुलिस; कातिलों को मदद का शक

चंडीगढ़ :  हत्याकांड का नया राजस्थान कनेक्शन सामने आया है। इस मामले में जयपुर जेल में बंद गैंगस्टर दानाराम भी शामिल था। उस पर कातिलों को मदद करने का शक है। पंजाब पुलिस को यह भी शक है कि हत्या वाले दिन दानाराम शार्पशूटर्स के साथ था।

दानाराम रोहित गोदारा गैंग का गैंगस्टर है। इस वक्त वह जयपुर जेल में बंद है। दानाराम को लाने के लिए पंजाब पुलिस राजस्थान पहुंच चुकी है। दिल्ली तिहाड़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाए शार्प शूटर प्रियवर्त फौजी से पूछताछ के बाद दानाराम का नाम सामने आया।
*राजस्थान का गैंगस्टर दानाराम।*

शार्पशूटर्स को दी बोलेरो आई थी राजस्थान से

यह पहली बार नहीं है कि मूसेवाला की हत्या का लिंक राजस्थान से जुड़ा हो। मूसेवाला के कत्ल में शार्पशूटर्स ने जिस बोलेरो का यूज किया था, वह भी राजस्थान से आई थी। यह बोलेरो रावतसर से फतेहाबाद हरियाणा पहुंचाई गई थी। जिसका इस्तेमाल प्रियवर्त फौजी की अगुआई वाले शार्पशूटर्स की टीम ने किया था।
दिल्ली की तिहाड़ जेल से लाए शार्पशूटर प्रियवर्त फौजी से पूछताछ के बाद दानाराम का नाम सामने आया है।

*29 मई को की गई थी मूसेवाला की हत्या*

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की 29 मई को मानसा के जवाहरके में गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली थी। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में 3 शार्प शूटर प्रियवर्त फौजी, कशिश और अंकित सेरसा को गिरफ्तार किया। दीपक मुंडी, जगरूप रूपा और मनु कुस्सा अभी फरार हैं। पंजाब पुलिस ने इस मामले में शार्पशूटर्स की मदद करने वाले 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लॉरेंस और जग्गू भगवानपुरिया को भी प्रोडक्शन वारंट में लाकर पूछताछ की जा रही है।

Friday, July 8, 2022

July 08, 2022

गुरुग्राम पुलिस के हत्थे चढ़ा सिरफिरा आशिक:एक तरफा प्यार में युवती को मारी थी गोली; 10वीं तक दोनों साथ पढ़े थे

गुरुग्राम पुलिस के हत्थे चढ़ा सिरफिरा आशिक:एक तरफा प्यार में युवती को मारी थी गोली; 10वीं तक दोनों साथ पढ़े थे

गुरुग्राम : हरियाणा के गुरुग्राम स्थित मानेसर इलाके में एक युवती को गोली मारने वाले सिरफिरे आशिक को क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। उसने एक तरफा प्यार में युवती पर गोली चलाई थी। युवती फिलहाल पूरी तरह स्वस्थ है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

बता दें कि मूलरूप से यूपी की रहने वाली युवती गुरुग्राम के मानेसर आईएमटी स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। 25 जून की सुबह वह अपने पीजी से कंपनी में ड्यूटी पर जा रही थी। तभी यूपी के मोदीनगर के ब्रह्मपुरी इलाके का रहने वाला अभय शर्मा बाइक लेकर पहुंचा और उसने लड़की से बात करनी चाही।
लड़की ने बात करने से मना किया तो अभय ने देसी कट्‌टा निकालकर उस पर गोली चला दी। गोली युवती की गर्दन में लगी। वारदात के बाद आरोपी अपनी बाइक मौके पर ही छोड़ गया और वारदात स्थल से कुछ दूर आगे उसने कट्‌टे के बल पर एक बाइक लूट ली, जिस पर सवार होकर वह फरार हो गया।
गुरुग्राम पुलिस के ACP क्राइम प्रीतपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि लड़की को उसी दिन अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था। पीड़िता के बयान के बाद आरोपी की तलाश शुरू की और उसे क्राइम ब्रांच सेक्टर-17 की टीम ने धर दबोचा है। आरोपी से देसी कट्‌टा और एक जिंदा कारतूस के अलावा लूटी गई बाइक बरामद की है।

ACP ने बताया कि अभय शर्मा और पीड़िता दोनों एक ही स्कूल में 10वीं तक साथ पढ़े हैं। उसी वक्त आरोपी उससे एक तरफा प्यार करने लगा। वारदात वाले दिन भी वह इसी इरादे से बात करने पहुंचा था, लेकिन लड़की ने मना कर दिया, जिसके बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी को कोर्ट में पेश करके जेल भेजा गया है।
July 08, 2022

पंजाब के डेरे की दीवार पर खालिस्तानी नारे, राम रहीम से बेअदबी का बदला लेने की धमकी

पंजाब के डेरे की दीवार पर खालिस्तानी नारे, राम रहीम से बेअदबी का बदला लेने की धमकी

चंडीगढ़ : पंजाब में एक बार फिर खालिस्तानी नारे लिखे गए हैं। इस बार यह नारे डेरा सच्चा सौदा सिरसा के बठिंडा के गांव सलाबतपुरा स्थित हेडक्वार्टर की दीवार पर लिखे गए हैं। सिख फॉर जस्टिस ने यह नारे लिखे हैं। इनमें स्स्नछ्व ने डेरा मुखी से श्री गुरू ग्रंथ साहिब की बेअदबी का बदला लेने की धमकी दी है। इसका पता चलते ही बठिंडा पुलिस वहां पहुंची।

सुबह होते ही इन नारों को स्याही से मिटा दिया गया। जिसके बाद मौके से सबूत जुटाकर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बठिंडा के एसएसपी जे. एलेनचेजियन ने कहा कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अहम बात यह है कि डेरा सलाबतपुरा में पंजाब पुलिस की तैनाती है। इसके बावजूद खालिस्तानी नारे और धमकी लिखी गई। वहां तैनात पुलिस वालों को इसकी भनक तक नहीं लगी। हालांकि डेरे के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। जिनमें पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। जिसके आधार पर पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

सिख फॉर जस्टिस ने पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश सरकार को भी धमकी दी है। जिसमें डेरा मुखी को सपोर्ट न करने की बात कही गई है। एसएफजे का चीफ गुरपतवंत सिंह पन्नू पहले भी सरकारों और मुख्यमंत्रियों को धमकी देता रहा है।

Thursday, July 7, 2022

July 07, 2022

नगर परिषद नरवाना का ईओ 40 हजार रिश्वत लेेते काबू

नगर परिषद नरवाना का ईओ 40 हजार रिश्वत लेेते काबू   

*बिल्डिंग निर्माण बिल पास करने की एवज में मांगी थी रिश्वत*

जींद : स्टेट विजिलेंस ने नगर परिषद नरवाना के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) को बिल्डिंग निर्माण बिल पास करने की एवज में 40 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा।
पुलिस ने ईओ के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
बिल्डिंग निर्माण ठेकेदार बलकार ने स्टेट विजिलेंस को दी शिकायत में बताया कि वह बिल्डिंग निर्माण करता है और उसने नगर परिषद नरवाना के तहत निर्माण कार्य का ठेका लिया हुआ है। निर्माण कार्य के बिल पास करवाने की एवज में नगर परिषद नरवाना का ईओ राजेंद्र 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा है। 
डयूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर  तहसीलदार अजय सैनी व डीएसपी मनीष, सब इंस्पेक्टर बलजीत, अनिल को टीम में शामिल किया गया। 
छापामार दल ने शिकायतकर्ता को दो-दो हजार के 20 नोट डयूटी मजिस्ट्रेट द्वारा पाउड़र लगा कर दे दिए। योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता ने नोटों को ईओ राजेंद्र को सौंप दिया। इशारा मिलते ही छापामार दल ने ईओ राजेंद्र को पकड़ लिया। तालाशी लिए जाने पर उसकी जेब से मजिस्ट्रेट द्वारा हस्ताक्षरित तथा पाउडर युक्त नोट बरामद हुए। हाथ धुलाए जाने पर उसके हाथों का रंग लाल हो गया। विजिलेंस विभाग ने ईओ राजेंद्र के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।

Tuesday, July 5, 2022

July 05, 2022

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में तीसरा शार्प शूटर गिरफ्तार:19 साल के अंकित ने सबसे पास जाकर मारी थी गोलियां, यह उसका पहला मर्डर

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में तीसरा शार्प शूटर गिरफ्तार:19 साल के अंकित ने सबसे पास जाकर मारी थी गोलियां, यह उसका पहला मर्डर

चंडीगढ़ : पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या करने वाले तीसरे शार्प शूटर अंकित सेरसा को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह हरियाणा का रहने वाला है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उसे रविवार रात दिल्ली के कश्मीरी गेट से गिरफ्तार किया।

सिर्फ 19 साल के अंकित सेरसा ने हत्या के वक्त दोनों हाथ में गन लेकर मूसेवाला को गोलियां मारी थीं। यह उसका पहला मर्डर था। हत्या के वक्त वही मूसेवाला के सबसे करीब गया था। यही नहीं, उसने एक फोटो भी खिंचवाई, जिसमें बुलेट (कारतूस) से सिद्धू मूसेवाला लिखा है और वह पीछे बैठकर हत्या के संकेत दे रहा है।
पंजाब पुलिस ने सोमवार को सिद्धू मूसेवाला कत्ल कांड के दो सूटरों सहित चार व्यक्तियों का दिल्ली की पटियाला हाऊस कोर्ट से ट्रांजि़ट रिमांड हासिल किया है। पुलिस ने प्रियाबरत उर्फ फौजी (मुख्य शूटर), कशिश उर्फ कुलदीप (शूटर), दीपक उर्फ टीनू (गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई का करीबी सहयोगी) और केशव कुमार (मुख्य शूटरों को वाहन मुहैया करवाने और भगाने में मदद करने वाला) का ट्रांजि़ट रिमांड हासिल किया है।
दिल्ली से गिरफ्तार किए गए शार्प शूटर अंकित सेरसा और संजय भिवानी।

*35 दिन में 35 ठिकाने बदले*

दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर एचजीएस धालीवाल ने बताया कि मूसेवाला की हत्या के बाद यह एक दिन से ज्यादा कहीं नहीं रुके। यह 5 राज्यों में मूव करते रहे। इस दौरान फतेहाबाद, तोशाम, पिलानी, कच्छ, मध्य प्रदेश, बिलासपुर, यूपी, झारखंड में रुके। इसके अलावा दिल्ली-NCR और हरियाणा में भी इनकी मूवमेंट हुई।
सिद्धू मूसेवाला की 29 मई को मानसा के गांव जवाहरके में गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।

*2 दिन बाद कोई अनजान शख्स ले गया हथियार*

मूसेवाला की हत्या में जो भी हथियार इस्तेमाल हुए, उन्हें 2 दिन बाद यानी एक जून को कोई अनजान शख्स लेकर चला गया। इसकी भी पहले से ही प्लानिंग की गई थी। दिल्ली पुलिस उसकी तलाश कर रही है। वहीं कत्ल में इस्तेमाल AK 47 के बुलंदशहर से खरीदे जाने की पुष्टि नहीं की गई। इतना जरूर कहा गया कि दिल्ली पुलिस को अहम इनपुट मिले हैं।
*वारदात के लिए ली थी वर्दी, बाद में भागने के लिए रख ली*

पंजाब पुलिस की वर्दी को उन्होंने वारदात के लिए लिया था। हालांकि उसकी जरूरत नहीं पड़ी, लेकिन उन्होंने वर्दी को फेंका नहीं। उन्हें लगा कि इतनी मेहनत से वर्दी खरीदी है। वह उन्हें पूरी तरह फिट भी आ रही थी। उन्होंने सोचा कि अगर कहीं फंस गए तो फिर इसे पहनकर फरार हो सकते हैं।
*अंकित सेरसा की एक फोटो सामने आई है। इसमें वह बुलेट (कारतूस) से मूसेवाला लिखे है और पीछे हाथ में गन लेकर बैठा है।*

फौजी की वजह से गुजरात छोड़ा
दिल्ली पुलिस को अंकित सेरसा ने बताया कि वे 2 से 7 जून तक गुजरात के कच्छ में रुके। इसके बाद फौजी बिना मास्क के घूमने लगा। हालांकि उसने हुलिया चेंज करने के लिए पुलिस रिकॉर्ड वाली फोटो के उलट दाढ़ी कटवाकर हल्की कर ली थी। उसके बिना मास्क घूमने की वजह से अंकित सेरसा, दीपक मुंडी और सचिन भिवानी वहां से भाग निकले।
*वारदात से डेढ़ घंटे पहले फोन आया, मूसेवाला निकलने वाला है*

दिल्ली पुलिस के मुताबिक गोल्डी बराड़ ने इन शार्प शूटर्स को 28 मई को भी कॉल किया था। उन्हें 29 मई को वारदात करने को कहा गया था। वारदात से डेढ़ घंटे पहले कॉल आई कि मूसेवाला के घर का बड़ा दरवाजा खुल गया है। कभी भी वह घर से बाहर आ सकता है। जब मूसेवाला घर से निकला तो फिर शूटर्स को बताया गया कि मूसेवाला के साथ कोई गनमैन नहीं है। उसके 2 दोस्त हैं। वारदात के बाद फौजी ने कॉल कर बताया कि काम हो गया है।
*फौजी और कशिश को पंजाब लाएगी पुलिस*

वहीं, पहले पकड़े गए शामिल शार्प शूटर्स के लीडर प्रियवर्त फौजी और कशिश उर्फ कुलदीप को पुलिस पंजाब लेकर आएगी। उनके साथ केशव को भी लाया जाएगा। इसके लिए पंजाब पुलिस दिल्ली पहुंच गई है। तीनों इस वक्त तिहाड़ जेल में बंद हैं। पुलिस उनका प्रोडक्शन वारंट मांग रही है। जिसके बाद ट्रांजिट रिमांड लेकर उन्हें मानसा लाया जाएगा। वहीं मूसेवाला हत्याकांड के बाकी बचे शार्प शूटर मनप्रीत मनु कुस्सा, जगरूप रूपा और दीपक मुंडी के महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में छुपने के इनपुट मिले हैं। दिल्ली और पंजाब पुलिस इन राज्यों की पुलिस को साथ लेकर लगातार रेड कर रही है।
प्रियवर्त फौजी, कशिश और केशव को दिल्ली पुलिस ने गुजरात के मुंद्रा से गिरफ्तार किया था। दिल्ली पुलिस का रिमांड खत्म होने के बाद इन तीनों को तिहाड़ जेल भेजा जा चुका है।

*हत्या के बाद 9 दिन मानसा में रहे शूटर*

दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किए प्रियवर्त फौजी से पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है। मूसेवाला की हत्या के बाद शार्प शूटर 9 दिन तक मानसा में किसी अज्ञात जगह पर छिपे रहे। इसके बाद वह लगातार ठिकाने बदलते रहे। अंत में गुजरात पहुंचे। जहां से फौजी और कशिश पकड़े गए। अंकित सेरसा और दीपक मुंडी भाग निकले। सूत्रों की मानें तो जगरूप रूपा और मनु कुस्सा इनसे अलग चले गए।
*अज्ञात व्यक्ति ने की मदद, हर सामान मुहैया कराया*

सूत्रों के मुताबिक मानसा में छिपने के दौरान शार्प शूटर्स को खाने से लेकर जरूरत का हर सामान मुहैया कराया गया। वह सामान कौन देकर जाता था, इसके बारे में शार्प शूटर्स को भी पता नहीं है। यह संभावना जताई जा रही है कि कनाडा में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के गुर्गे ही उनकी मदद कर रहे थे।

Monday, July 4, 2022

July 04, 2022

इंडिगो के कर्मचारी एअर इंडिया की भर्ती में गए:क्रू मेंबर्स के छुट्टी लेने की वजह से 55% फ्लाइट्स डिले, DGCA ने कंपनी से मांगा जवाब

इंडिगो के कर्मचारी एअर इंडिया की भर्ती में गए:क्रू मेंबर्स के छुट्टी लेने की वजह से 55% फ्लाइट्स डिले, DGCA ने कंपनी से मांगा जवाब

नई दिल्ली : इंडिगो एयरलाइंस के कई क्रू मेंबर्स ने शनिवार को मेडिकल लीव ले ली थी। इसकी वजह से देश के कई शहरों में इंडिगो की 55% फ्लाइट देरी से उड़ान भरीं थीं। इस मामले में डॉयरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA ) ने इंडिगो से जवाब मांगा था। हालांकि इंडिगो की तरफ से अभी तक कोई जवाब नहीं दिया गया है। अब सामने आया है कि कर्मचारी एयर इंडिया की भर्ती में शामिल होने गए थे।
*एअर इंडिया की भर्ती में गए थे क्रू मेंबर्स*

शनिवार को एअर इंडिया की भर्ती आयोजित की गई थी। सूत्रों के मुताबिक, इंडिगो से छुट्टी लेकर अधिकतर लोग एअर इंडिया की भर्ती में शामिल हुए थे। इससे लगभग 900 फ्लाइट प्रभावित हुई थीं। बता दें कि भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो है। इसके पास 279 प्लेन हैं। रोजाना लगभग 1600 उड़ानें भरी जाती हैं। इनमें नेशनल और इंटरनेशनल दोनों तरह की उड़ानें होती हैं।
एअर इंडिया ने नए क्रू मेंबर्स के लिए भर्ती अभियान शुरू किया है।

इंडिगो की 45.2% उड़ानें सही समय पर रहीं

मिनिस्ट्री ऑफ सिविल एविएशन की वेबसाइट के मुताबिक, शनिवार को इंडिगो की 45.2% घरेलू उड़ानें ही सही समय पर संचालित हुईं। एअर इंडिया की 77.1%, स्पाइसजेट की 80.4%, विस्तारा की 86.3%, गो फर्स्ट की 88% और एअरएशिया इंडिया की 92.3 उड़ानों का परिचालन समय पर हुआ।
*इंडिगो से कई कर्मचारियों को निकाला गया था*

इंडिगो के सीईओ रोंजॉय दत्ता ने 8 अप्रैल को कर्मचारियों को ईमेल किया था, जिसमें सैलरी बढ़ाने के मुद्दे को कठिन बताया गया था। इसके साथ ही कंपनी ने 4 अप्रैल को कुछ पायलटों को निलंबित कर दिया था। निलंबित किए गए पायलट कोरोना के समय काटी गई सैलरी को लेकर हड़ताल कर रहे थे। इंडिगो ने महामारी के दौरान अपने पायलटों के वेतन में 30% तक की कटौती की थी।

इंडिगो ने आर्थिक संकट का हवाला देते हुए महामारी के दौरान कर्मचारियों के वेतन कटौती की थी।
*टाटा की है एअर इंडिया*

सरकारी कंपनी एअर इंडिया 27 जनवरी 2022 से प्राइवेट हो गई थी। टाटा संस ने आधिकारिक तौर पर एअर इंडिया को टेकओवर कर लिया था। इसके बाद टाटा देश की दूसरी बड़ी एयरलाइन बन गई थी।

एअर इंडिया ने नए क्रू मेंबर्स के लिए भर्ती अभियान शुरू किया है, क्योंकि कंपनी और प्लेन खरीदने की योजना बना रही है। इसके साथ ही सेवाओं में सुधार के लिए कई योजनाएं भी बनाई जा रही हैं।