Breaking

Tuesday, September 6, 2022

September 06, 2022

चौधरी बीरेन्द्र सिंह का बगावती संदेश:बोले- BJP रेजिमेंटेशन पार्टी, कांग्रेस एक मूवमेंट; काडर बेस पार्टी में एक ही सर्वेसर्वा होता

चौधरी बीरेन्द्र सिंह का बगावती संदेश:बोले- BJP रेजिमेंटेशन पार्टी, कांग्रेस एक मूवमेंट; काडर बेस पार्टी में एक ही सर्वेसर्वा होता

रेवाड़ी : भाजपा नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री चौधरी बीरेन्द्र सिंह भी अब बगावती संदेश दे रहे हैं। चौधरी बीरेन्द्र सिंह ने BJP को रेजिमेंटेशन पार्टी करार दिया। साथ ही कहा कि कांग्रेस एक मूवमेंट है। भाजपा में रहते हुए आजादी के सवाल पर चौधरी बीरेन्द्र सिंह बोले कि काडर बेस पार्टी में एक ही नेता सर्वेसर्वा होता है और जहां काडर होता है, वहां नेता नहीं उभरते।
सोमवार शाम रेवाड़ी में अपने परिचित के कार्यालय में पहुंचे चौधरी बीरेन्द्र सिंह यहीं नहीं रूके। उन्होंने कांग्रेस को लेकर भी बहुत कुछ कह दिया। उन्होंने कहा कि UP और बिहार की तरह हरियाणा में अभी कांग्रेस मरी नहीं है। मगर पार्टी ने सबकुछ भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा को सौंप दिया। उनको पूरी पावर देने से कांग्रेस उठेगी या और गिरेगी, यह पार्टी को खुद सोचना चाहिए।

बीरेन्द्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का UP में 2 करोड़ लाभार्थियों को डेढ़ साल तक मुफ्त में राशन देना चुनाव में जातीय समीकरण पर भारी पड़ गया। देश में आज भी गरीबी, बेरोजगारी व असमानता का माहौल है।
*महत्वकांक्षाओं से आता बिखराव*

बिहार में हुई राजनीतिक उठा पटक पर चौधरी बीरेन्द्र सिंह ने कहा कि यह विपक्ष के लिए संगठित होने का एक और मौका है। उन्होंने देश में तीसरे मोर्चे की संभावना पर कहा कि 50 साल के सक्रिय राजनीतिक अनुभव से कह सकता हूं कि महत्वाकांक्षाएं ज्यादा होती हैं तो बिखराव आता ही है।
*सोनिया के अध्यक्ष बनने से बची रह सकती पार्टी*

बीरेन्द्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस में निर्णय लेने की क्षमता नहीं है। हरियाणा में इसका सबसे पहला शिकार केन्द्रीय मंत्री राव इन्द्रजीत सिंह हुए और फिर वह खुद हो गए। हालात ऐसे बन गए कि कांग्रेस छोड़नी पड़ी। अगर सब कुछ ठीक होता तो गुलाम नबी आजाद और मेरे जैसे आदमी कभी कांग्रेस नहीं छोड़ते। कांग्रेस के बागी गुट G-23 को लेकर बीरेन्द्र सिंह ने कहा कि 23 आदमी नेतृत्व को चिट्‌ठी लिखें तो उन्हें बागी कहा जाता है। पार्टी के लिए जीवन लगाने वाले कभी बागी नहीं होते।
September 06, 2022

राेहतक डिपो ने मांगी अनुमति:25 दिन बाद दिल्ली में प्रवेश नहीं कर सकेंगी रोहतक रोडवेज की बसें, विभाग के पास कोई प्लानिंग नहीं, यात्री होंगे परेशान

राेहतक डिपो ने मांगी अनुमति:25 दिन बाद दिल्ली में प्रवेश नहीं कर सकेंगी रोहतक रोडवेज की बसें, विभाग के पास कोई प्लानिंग नहीं, यात्री होंगे परेशान

रोहतक : दिल्ली सरकार के निर्देशों के अनुसार 1 अक्टूबर से बीएस-4 इंजन वाली रोडवेज की बसें अब दिल्ली में प्रवेश नहीं करेंगी। ऐसे में रोहतक से दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। दिल्ली सरकार की दी गई समय सीमा काे पूरा होने में अब सिर्फ 25 दिन शेष है।
ऐसे में अभी तक राेहतक राेडवेज ने इस समस्या का कोई हल नहीं निकाला। रोडवेज के पास सभी बसें बीएस 4 इंजन की हैं। इस मामले में महकमे ने दिल्ली सरकार से मोहलत मांगी है। रोडवेज की 35 बसें रोजाना दिल्ली मार्ग पर चलती हैं। यह सभी बीएस 4 इंजन की बसें हैं। जबकि दिल्ली सरकार ने तीन माह पहले से ही अल्टीमेटम दे रखा है कि 1 अक्टूबर से दिल्ली में बीएस 4 इंजन की बसें नहीं घुसने दी जाएंगी। केवल बीएस- 6 इंजन की बसों को ही चलाने की अनुमति होगी।
*नई बसें लाने की नहीं रोडवेज की मंशा, 15 बसों की 8 साल मियाद 7 को होगी पूरी*

फिलहाल रोडवेज की मंशा नई बसें लाने की नहीं है। इसकी बजाए प्राइवेट बसों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। नई बसों के मामले में मार्च माह में 18 नई बसें लाने की योजना तैयार की गई थी, लेकिन इनमें से अभी 5 बसें ही लाई जा सकीं। यह नई बसें भी कोटा, जयपुर समेत अन्य मार्गों पर लगाई गई हैं। दिल्ली के मार्ग पर फिलहाल कोई नई बस नहीं है। वहीं रोडवेज की पुरानी बसों का बेड़ा भी लगातार सिमट रहा है। वर्ष 2019 में 218 बसें थी, लेकिन अब 186 रह गई हैं।
इनमें से भी 15 बसों की आठ वर्ष की आयु 7 सितंबर को पूरी हो जाएगी। जिस पर इनकी आयु दो साल बढ़ाने की प्रक्रिया चल रही है। विभाग के मुख्यालय नई बसें लाने की बजाए दिल्ली सरकार से पुरानी बसों पर पाबंदी लगाने के मामले में अभी दिल्ली सरकार से मोहलत मांगी है। इसमें कोई समय अवधि भी नहीं दी गई है। इस पर दिल्ली सरकार की तरफ से कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया है। जिससे उसका रुख साफ है कि वह समय सीमा में फिलहाल कोई बदलाव नहीं करना चाहती है।
*तीन हजार यात्री प्रतिदिन करते हैं सफर*

डिपो की मानें तो रोहतक और दिल्ली के बीच प्रतिदिन करीब 3 हजार यात्री सफर करते हैं। पुरानी बसों का संचालन बंद होने से इस मार्ग के यात्रियों की मुश्किलें बढ़ जाएंगी। क्योंकि दिल्ली सरकार पुरानी बसों को अपनी सीमा में आने नहीं देगी और रोडवेज के पास बीएस- 6 इंजन की नई बसें हैं नहीं।
*यह मुख्यालय स्तर का मामला है*

इस मामले में अभी कोई ठोस जानकारी नहीं है। इसमें मुख्यालय स्तर से ही कोई निर्णय लिया जा सकता है। इसको लेकर डिपो में कोई आदेश नहीं आया है। - जयबीर हुडडा, डिपो इंचार्ज, रोहतक
September 06, 2022

वैष्णो देवी श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी:दिल्ली से वाया पानीपत टू कटरा तक दौड़ेगी हरियाणा रोडवेज की बस; टाइम टेबल जारी

वैष्णो देवी श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी:दिल्ली से वाया पानीपत टू कटरा तक दौड़ेगी हरियाणा रोडवेज की बस; टाइम टेबल जारी

पानीपत : मां वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। हरियाणा रोडवेज ने कटरा तक बस सेवा शुरू की है। बस का संचालन दिल्ली से वाया पानीपत होगा। हरियाणा रोडवेज ने इस बस का टाइम टेबल भी जारी किया है। हर रोज पानीपत डिपो की बस दिल्ली से शाम 7:30 बजे चलेगी और रात 9 बजे पानीपत पहुंचेगी।

इस बस के लिए दिल्ली से रिजर्वेशन होगा। अगर सीट खाली हुई तो ही सीट मिलेगी। शुरुआत में एक बस को इस रूट पर लगाया गया है। कागजी कार्रवाई पूरी होते ही 4 नई बसों को भी कटरा भेजा जाएगा। आगे पानीपत डिपो से भी सीधी कटरा के लिए बस सुविधा शुरू हो सकती है। इस प्रस्ताव पर चर्चा का दौर चल रहा है।
फिलहाल एक बस को कटरा से वापसी में 3 दिन लग जाते हैं। पिछले साल कटरा रूट पर कम आमदनी होने पर बस सेवा का बंद कर दिया गया था। अब फिर से शुरू की गई है। पानीपत रोडवेज डिपो के ट्रैफिक मैनेजर पंकज पुनिया ने बताया कि कटरा के लिए बस सुविधा शुरू की गई है। यात्रियों को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
September 06, 2022

बेटे को दिया बर्थडे गिफ्ट 'चांद का टुकड़ा':MOON पर 2 एकड़ जमीन खरीदी, पता- लेक ऑफ हैपिनेस ट्रैक 55 पार्सल 10071

बेटे को दिया बर्थडे गिफ्ट 'चांद का टुकड़ा':MOON पर 2 एकड़ जमीन खरीदी, पता- लेक ऑफ हैपिनेस ट्रैक 55 पार्सल 10071

फतेहाबाद : हरियाणा के फतेहाबाद में एक पिता ने अपने बेटे को पहले बर्थडे पर अनोखा गिफ्ट दिया है। टोहाना के कारोबारी वरुण सैनी ने अपने बेटे लव के लिए चांद पर जमीन खरीदी है। इसके लिए उसके पास अमेरिका से इंटरनेशनल लूनर लैंड अथॉरिटी की तरफ से लूनर प्रॉपर्टी का रजिस्टर्ड कलेम डीड भी आ गया है। हरियाणा का यह दूसरा मामला है।
वरुण ने बताया कि उसके एक वर्ष के बेटे का जन्म दिन आ रहा था तो उसने अमेरिका में स्थित इंटरनेशनल लूनर लैंड अथॉरिटी को चांद पर जमीन खरीदे के लिए अप्लाई किया था। करीब डेढ़ माह के प्रोसेस के बाद आखिरकार अब उसे रजिस्ट्रेशन मिल गई है। जिसमें उसकी जमीन का नक्शा भी मिला है। करीब 2 एकड़ यह जमीन है और इस पर क्या खर्चा आया, यह वे नहीं बताना चाहते, क्योंकि उनके बेटे के लिए यह अमूल्य गिफ्ट है।

यह जमीन चांद पर लेक ऑफ हैपिनेस 1872 नॉर्थ लैटिट्यूड 502 इस्ट लांगीट्यूड ट्रैक 55 पार्सल 10071 में स्थित है। उन्होंने बताया कि अब अपनी प्रॉपर्टी पर नजर रखने के लिए वे एक टेलीस्कोप भी खरीदेंगे। साथ ही मजाक में कहा कि ऐलन मस्क का उन्हें इंतजार है कि कब वे लोगों को चांद पर ले जाएंगे, तब वे चांद पर जाएंगे।
अमेरिका से इंटरनेशनल लूनर लैंड अथॉरिटी की तरफ से लूनर प्रॉपर्टी का रजिस्टर्ड कलेम डीड भेजा गया।
September 06, 2022

Facebook यूजर्स को झटका! कंपनी बंद करने जा रही है ये फीचर, यूजर्स नहीं कर पाएंगे ये काम

Facebook यूजर्स को झटका! कंपनी बंद करने जा रही है ये फीचर, यूजर्स नहीं कर पाएंगे ये काम

Facebook और दूसरी टेक कंपनियां कई फीचर्स को समय-समय पर बंद करती रहती हैं। ज्यादातर कम यूज होने वाले फीचर को ही बंद किया जाता है। इस बार Facebook भी अपने एक फीचर को बंद कर रहा है. इससे कई यूजर्स प्रभावित होंगे। कंपनी ने बताया है कि फेसबुक का ये फीचर को अगले महीने से बंद हो जाएगा।
Facebook काफी ज्यादा पॉपुलर सोशल मीडियो प्लेटफॉर्म है। भारत में कई यूजर्स इस सोशल मीडिया नेटवर्क को यूज करते हैं। लेकिन, कंपनी यूजर्स को एक झटका देने वाली है। Facebook का एक फीचर जल्द बंद होने वाला है। जिससे यूजर्स अगले महीने ने उस फीचर को इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।
हम जिस फीचर की बात यहां कर रहे हैं उसका नाम Neighborhoods है। ये हाइपरलोकल फीचर है. इस फीचर को 1 अक्टूबर से बंद कर दिया जाएगा  इस फीचर की मदद से लोग अपने आसपास के लोगों के साथ कनेक्ट हो पाते थे।

इसके अलावा वो अपने एरिया में नई जगहों को भी डिस्कवर कर सकते थे। ये लोकल कम्युनिटी का हिस्सा है। इस फीचर को सबसे पहले कनाडा और अमेरिका जैसे देशों में साल 2022 में रोलआउट किया गया था। इसमें यूजर्स के पास च्वॉइस थी वो सर्विस को ज्वॉइन करके सेपरेट प्रोफाइल बना सकते थे।
*भारत में नहीं आया था फीचर*

हालांकि, इस फीचर को बड़े स्तर पर जारी नहीं किया गया है. इसको लेकर बताया गया कि मेटा को इसकी अहमियत समझ नहीं आई। Neighborhoods को शट डाउन करने का डिसीजन भी यही दिखाता है। लेकिन, कंपनी ने इसको लेकर कोई स्पष्ट कारण नहीं दिया है।
कंपनी अभी कॉस्ट कटिंग पर काम कर रही है। इससे कंपनी को जरूर मदद मिलेगी। इसके अलावा Neighborhoods के बंद होने से कंपनी के शेयरहोल्डर्स को भी कोई खास नुकसान नहीं होगा। इस वजह से भी कंपनी ने इसको बंद करने का फैसला किया है।
कंपनी ने एक स्टेटमेंट में बताया कि Neighborhoods को लॉन्च करने का मकसद लोकल कम्युनिटी को साथ लाना था। लेकिन, कंपनी ने सीखा है कि इसके लिए सबसे बढ़िया तरीका ग्रुप्स हैं। इसके लिए कंपनी ने कुछ गाइडलाइन्स भी तैयार किए थे। 1 अक्टूबर से ये सर्विस बंद हो जाएगी।

Friday, September 2, 2022

September 02, 2022

WhatsApp पर 24 लाख अकाउंट हुए बंद: कंपनी की बड़ी कार्रवाई, इस लिस्ट में कहीं आप तो नहीं? देख लीजिए

WhatsApp पर 24 लाख अकाउंट हुए बंद: कंपनी की बड़ी कार्रवाई, इस लिस्ट में कहीं आप तो नहीं? देख लीजिए

सोशल मीडिया के एक बेहद पॉपुलर प्लेटफार्म WhatsApp की बड़ी कार्रवाई सामने आई है| बताया जाता है कि, व्हाट्सएप ने सिर्फ एक महीने के अंदर-अंदर भारत में लगभग 24 लाख अकाउंट्स को बैन कर दिया है। यानि ये अकॉउंटस सिरे से बंद कर दिए गए हैं| इस बात की जानकारी कंपनी ने अपनी मंथली कंप्लायंस रिपोर्ट में दी है।

*इन अकाउंट्स पर गतिविधि सही नहीं थी*

WhatsApp द्वारा बताया गया है कि, इन अकाउंट्स पर गतिविधि सही नहीं थी| इन अकाउंट्स की प्रोफाइल, इनका कंटेंट सही नहीं पाया गया| इसलिए इन्हें प्रोएक्टिवली प्रतिबंधित करना पड़ा| मसलन, इन अकाउंट्स को बैन करने के लिए यूजर्स से कोई रिपोर्ट भी नहीं ली गई है। इन्हें सीधा बंद ही कर दिया गया।
*23,87,000 से ज्यादा अकाउंट्स पर बैन*

दरअसल, WhatsApp की लेटेस्ट रिपोर्ट 'इंडिया मंथली रिपोर्ट अंडर द इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (इंटरमीडियरी गाइडलाइंस एंड डिजिटल मीडिया एथिक्स कोड) रूल्स, 2021' के मुताबिक, WhatsApp ने जुलाई महीनें में भारत में 23,87,000 से ज्यादा अकाउंट्स पर बैन लगाया है|
यह पढ़ें - WhatsApp पर खास सावधानी बरतें: अगर बना रखे हैं Groups और खुद हैं Admin तो ये 5 गलतियां आपको सीधा पहुंचाएंगी जेल

फिलहाल, कंपनी द्वारा लगभग 24 लाख अकाउंट्स पर बैन लगाना एक बड़ा नंबर है। बतादें कि, इससे पहले मार्च में 18 लाख अकाउंट्स पर, अप्रैल में 16 लाख अकाउंट्स पर और मई में 19 लाख अकाउंट्स पर और जून में 22 लाख अकाउंट्स पर प्रतिबंध लगाया गया था|
*फेसबुक और इंस्टाग्राम की भी कार्रवाई*

इधर, सिर्फ WhatsApp ने ही कार्रवाई नहीं की है| इसकी साझा कम्पनी मेटा ने भी खुलासा किया है कि उसने जुलाई में फेसबुक और इंस्टाग्राम से 2.7 करोड़ से ज्यादा पोस्ट्स हटा दिए हैं। कंपनी ने हिंसक कंटेंट हटाया है| कपंनी ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म सरकार के नियमों का पालन कर रहा है।
September 02, 2022

Supreme Court से संस्कृत को राष्ट्रभाषा घोषित करने की याचिका खारिज, सरकार के पास जाने की दी गई नसीहत

Supreme Court से संस्कृत को राष्ट्रभाषा घोषित करने की याचिका खारिज, सरकार के पास जाने की दी गई नसीहत

नई दिल्ली : संस्कृत को भारत की राष्ट्रीय भाषा बनाने की मांग को बड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को एक याचिका खारिज कर दी जिसमें संस्कृत को भारत की राष्ट्रीय भाषा बनाने की घोषणा की मांग की गई थी। जस्टिस एमआर शाह और जस्टिस कृष्ण मुरारी की पीठ ने यह कहते हुए याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया कि किसी भाषा को 'राष्ट्रीय' का दर्जा देना एक नीतिगत निर्णय है। कोर्ट ने कहा कि इसके लिए संविधान में संशोधन की आवश्यकता है और यह अदालत द्वारा आदेशित नहीं है।
*संसद को रिट जारी नहीं की जा सकती*

पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि यह नीतिगत निर्णय के दायरे में आता है और इसके लिए भारत के संविधान में संशोधन किया जाने की जरूरत है। शीर्ष अदालत ने कहा कि किसी भाषा को राष्ट्रीय भाषा घोषित करने के लिए संसद को कोई रिट जारी नहीं की जा सकती है।
*याचिकाकर्ता से पूछे कई सवाल*

शीर्ष अदालत ने याचिकाकर्ता से सुनवाई के दौरान कई सवाल पूछे। कोर्ट ने कहा कि क्या आपको पता है भारत में कितने शहर संस्कृत बोलते हैं? क्या आप संस्कृत बोलते हैं? क्या आप संस्कृत में एक पंक्ति का पाठ कर सकते हैं या कम से कम अपनी रिट याचिका में की गई अपील का संस्कृत में अनुवाद कर सकते हैं। यह जनहित याचिका सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी और वकील केजी वंजारा ने दायर की थी।
*सरकार के पास जाने को कहा*

याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि संस्कृत एक 'मातृभाषा' है जिससे अन्य भाषाओं ने प्रेरणा ली है। याचिका पर विचार करने से इनकार करते हुए शीर्ष अदालत ने कहा कि याचिकाकर्ता सरकार के समक्ष इस तरह का अभ्यावेदन दायर करने के लिए स्वतंत्र हो सकता है।
बता दें कि याचिका में केंद्र सरकार को यह कहते हुए संस्कृत को राष्ट्रभाषा के रूप में अधिसूचित करने का निर्देश देने की मांग की गई है कि इस तरह के कदम से मौजूदा संवैधानिक प्रावधानों में खलल नहीं पड़ेगा जो अंग्रेजी और हिंदी को देश की आधिकारिक भाषाओं के रूप में प्रदान करते हैं।
September 02, 2022

पायलटों की हड़ताल से लुफ्थांसा की 800 फ्लाइट्स रद्द:दिल्ली एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों का हंगामा, कहा- किराया वापस दो या फिर जाने का इंतजाम करो

पायलटों की हड़ताल से लुफ्थांसा की 800 फ्लाइट्स रद्द:दिल्ली एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों का हंगामा, कहा- किराया वापस दो या फिर जाने का इंतजाम करो

नई दिल्ली : जर्मनी की लुफ्थांसा एयरलाइंस के पायलट वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर शुक्रवार को एक दिन की हड़ताल पर हैं। इसके चलते एयरलाइंस का पूरा सिस्टम हिल गया है। दुनियाभर में आज लुफ्थांसा की 800 उड़ानों को रद्द किया गया है। इससे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भी 700 से ज्यादा यात्री फंसे हैं। फ्लाइट्स रद्द होने से यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा किया, उनका कहना है कि हमारा किराया वापस करो या फिर जाने का इंतजाम करो।
*दिल्ली से उड़ान भरने वाली दो फ्लाइट्स रद्द*

फ्लाइट रद्द होने से गुस्साए यात्री हंगामा कर रहे हैं। इसके चलते एयरपोर्ट के अंदर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। दिल्ली एयरपोर्ट से लुफ्थांसा एयरलाइंस की 2 फ्लाइट्स थीं, जिनमें करीब 400 यात्रियों को म्यूनिख और फ्रैकफर्ट जाना था। पैसेजंर्स का कहना है कि जब वे एयरपोर्ट पर पहुंचे तो उन्हें पता चला कि फ्लाइट्स ही रद्द हो गई है।
*200 यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से भेजा गया*

लुफ्थांसा एयरलाइंस से यात्रा करने वाले यात्रियों में से कुछ छात्र भी हैं, जिन्हें एग्जाम देने के लिए विदेश जाना था। छात्रों का कहना है कि फ्लाइट्स रद्द होने से हमारा भविष्य खतरे में है। वे एयरपोर्ट पर नारेबाजी कर रहे हैं। हंगामा बढ़ने पर एयरलाइन ने करीब 200 यात्रियों को दूसरी एयरलाइन के जरिए उनके डेस्टिनेशन पर भेजा है। अभी 500 यात्री दिल्ली एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं।
*वेतन बढ़ाने और महंगाई भत्ते की मांग कर रहे पायलट*

पायलटों के यूनियन ने इस साल 5,000 से अधिक पायलटों के वेतन में 5.5% की वृद्धि और महंगाई भत्ते की मांग की है। जब उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो पायलटों ने एक दिन की हड़ताल कर दी। इससे पहले लुफ्थांसा को इस साल वेतन बढ़ाने के लिए सिक्योरिटी वर्कर्स और ग्राउंड स्टाफ की ओर से कई बार हड़ताल का सामना करना पड़ा है।
जुलाई में एयरलाइन को जर्मनी की शक्तिशाली वर्डी यूनियन की ओर से बुलाए गए एक दिन के वाकआउट का सामना करना पड़ा था, जिससे फ्रैंकफर्ट और म्यूनिख में घरेलू केंद्रों पर इसकी उड़ानें प्रभावित हुईं थी।
September 02, 2022

हरियाणा के इतिहास में सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री का रिकॉर्ड हुड्डा के नाम

हुड्डा का ‘सोनिया का साथ’ वाला बयान हास्यास्पद-कुलदीप बिश्नोई

-हरियाणा के इतिहास में सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री का रिकॉर्ड हुड्डा के नाम-

चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई ने भूपेन्द्र हुड्डा के उस बयान को हास्यास्पद बताया जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्होंने हमेशा सोनिया गांधी का साथ दिया है। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि 2016 के राज्यसभा चुनाव से पूर्व पार्टी की मीटिंग में सोनिया गांधी ने सबके सामने हुड्डा से पार्टी प्रत्याशी को जिताने का निर्देश दिया था और सभी जानते हैं कि किस प्रकार से स्याही कांड में हुड्डा की मिलीभगत से 14 विधायकों के वोट रद्द हुए थे और कांग्रेस प्रत्याशी को हार मिली थी।  अपने बेटे को जबरदस्ती राज्यसभा भेजा, जबकि सोनिया गांधी किसी और को भेजना चाहती थी। इसी प्रकार 2019 हरियाणा विधानसभा चुनाव से पूर्व रोहतक में रैली करके उन्होंने सरेआम कांग्रेस हाईकमान को ब्लैकमेल किया था। हुड्डा ने हमेशा स्वार्थ की राजनीति की है और अपने बेटे के सिवाय उन्होंने हरियाणा कांग्रेस में कोई और नजर नहीं आता। 8 साल के हुड्डा सरकार के कार्यकाल को सीएलयू और भू माफिया की सरकार के नाम से लोग आज भी याद करते हैं। अपने कार्यकाल में करीब 8 लाख करोड़ रूपए के घोटालों को अंजाम देकर हुड्डा ने हरियाणा को जमकर लूटा था। सीबीआई और ईडी के भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों पर उनके खिलाफ केस चल रहे हैं। स्वच्छ, पारदर्शी और ईमानदार सरकार का क्या होती है यह हुड्डा को मुख्यमंत्री मनोहर लाल से सीखना चाहिए, जिन पर 8 साल के बाद भी भ्रष्टाचार का एक भी दाग नहीं है। मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश जहां औद्योगिक  हब बनता जा रहा है, वहीं उन्होंने सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर लगाम कसकर राज्य की जनता को स्वच्छ एवं जवाबदेह शासन व प्रशासन दिया है। हुड्डा सरकार में जहां नौकरियों की बोली लगती थी, वहीं मनोहर लाल सरकार ने काबिलियत के आधार पर नौकरियों का आवंटन किया और समाज के गरीब तबके तक तक रोजगार उपलब्ध करवाने के दिशा में बेहतरीन कार्य किया है। अगर हुड्डा भी मनोहर लाल सरकार की तरह ईमानदारी से सरकार चलाते तो आज हरियाणा राज्य उन्नति और विकास के पथ पर और ज्यादा तेजी से दौड़ता, मगर हुड्डा ने जहां 8 वर्षों तक अपने मुठ्ठी में सरकार व प्रशासन को रखा, वहीं अब भी वे हरियाणा कांग्रेस को अपनी मर्जी से चलाना चाहते हैं और वरिष्ठ नेताओं का अपमान करके हाईकमान पर दबाव बनाकर अपनी खड़ाउं उन्होंने एचपीसीसी में रख दी हैं, जिसका परिणाम यह हुआ की हरियाणा में कांग्रेस खात्मे की कगार पर पहुंच गई है।
September 02, 2022

प्रमोद सहवाग करेंगे 3750 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा

प्रमोद सहवाग करेंगे 3750 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा

जींद :  कांग्रेस नेता प्रमोद सहवाग ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा 3750 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा के लिए भारत यात्री चयनित करने पर पार्टी के नेता राहुल गांधी और राज्य सभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा का आभार जताया है। सहवाग ने कहा कि देश में नफरत का माहौल खत्म करने के लिए सात सितंबर को कन्याकुमारी से प्रारंभ की जा रही भारत जोड़ो यात्रा में तिरंगा लेकर चलना अपने आप में गौरव की बात होगी। उन्होंने बताया कि पार्टी ने बतौर भारत यात्री 118 कार्यकर्ताओं को चुना है। जो पूरी यात्रा के दौरान मौजूद रहेंगे। उल्लेखनीय है कि प्रमोद सहवाग ने कांग्रेस की छात्र विंग एनएसयूआई और युवा कांग्रेस से राजनीति शुरू की थी और गुजरात, उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्यों में पार्टी की ओर से चुनाव पर्यवेक्षक का दायित्व भी निभा चुके हैं। 
पार्टी ने 2014 में जींद विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़वाया था।
सहवाग ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में बतौर भारत यात्री का चयन होने से  हरियाणा और विशेषकर जींद हलके की भागीदारी होना मेरे लिए ही नहीं पूरे जींद हलके के लिए खुशी के पल है। कांग्रेस ने हमेशा बड़े कार्यो में जींद की भागीदारी की परंपरा को आगे बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि पार्टी के निर्देशानुसार भारत यात्रियों को पांच सितंबर को कन्याकुमारी पहुंचना है। कन्याकुमारी से कश्मीर तक होने वाली  इस भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी समेत सभी चयनित भारत यात्री 3750 किलोमीटर लंबी यात्रा में मौजूद रहेंगे। सहवाग ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा की टैग लाइन एक तेरा कदम, एक मेरा कदम मिल जाए तो जुड़ जाए अपना वतन। आओ मिलकर भारत जोड़ें। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा राहुल गांधी की अगुवाई मेें ऐतिहासिक होगी। यह यात्रा लगभग 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा आएगी। सहवाग ने कहा कि देश में जब भी नफरत का माहौल पैदा हुआ है तब-तब कांग्रेस ने देश को जोड़ने का काम किया है। भारत जोड़ो यात्रा भी देश को जोड़ने का काम करेगी। कांग्रेस नेता प्रमोद सहवाग के भारत यात्री बनने पर पूरे दिन कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का उनको बधाई देने का तांता लगा रहा।
September 02, 2022

हरियाणा में इस बीजेपी नेता की सरेआम गोली मारकर कर दी हत्या

हरियाणा में इस बीजेपी नेता की सरेआम गोली मारकर कर दी हत्या

गुरुग्राम : गुरुवार को साइबर सिटी गुरुग्राम ताबड़तोड़ फायरिंग से दहल उठा। भाजपा नेता की दिनदिहाड़े सदर बाजार में गोली मारकर हत्या कर दी गई। भाजपा नेता रेमंड के शोरूम पर खरीददारी करने के लिये आये थे, जहां अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घायल नेता को जब तक अस्पताल पहुंचाया जाता उससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक का नाम सुखबीर उर्फ सुखी है, जो सोहना मार्केट कमेटी के पूर्व वाइस चेयरमैन थे।
मृतक सुखबीर गांव रिठौज के रहने वाले थे और सदर बाजार के पास गुरुद्वारा रोड पर रेमंड के शोरूम में कपड़े खरीदने के लिए पहुंचे थे। जब वो खरीददारी कर रहे थे तो पांच अज्ञात हमलावर शोरूम में दाखिल हुए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जिस समय सुखबीर को गोलियां मारी गई उस वक्त शोरूम में बड़ी संख्या में खरीददार और कर्मचारी भी मौजूद थे। लेकिन बेखौफ बदमाश हत्या की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गये।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई और घायल को अस्पताल पहुंचाया। हत्या की ये वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जिसमें हमलावर दिखाई दे रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हत्यारों की पहचान कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस भले ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा करे लेकिन सदर बाजार में हुई इस हत्या की वारदात ने दहशत पैदा कर दी है।
September 02, 2022

जींद में DEEO क्लर्क 2 लाख के साथ गिरफ्तार:स्कूल बंद करने की धमकी दे 5 लाख मांगे थे; अफसर का नाम भी आया

जींद में DEEO क्लर्क 2 लाख के साथ गिरफ्तार:स्कूल बंद करने की धमकी दे 5 लाख मांगे थे; अफसर का नाम भी आया

जींद : हरियाणा के जींद में विजिलेंस ने निजी स्कूल की कमियों को दूर करने की एवज में 2 लाख रुपए रिश्वत लेते शिक्षा विभाग के डाटा असिस्टेंट क्लर्क को गिरफ्तार किया है। इस मामले में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी का नाम भी सामने आया है। फिलहाल पुलिस ने डाटा असिस्टेंट क्लर्क के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बताया गया है कि रोहतक के गांव भालोट के रहने वाले विजय ने विजिलेंस को दी शिकायत में बताया कि उसने जींद के विजय नगर में स्मार्ट किड्स के नाम से स्कूल खोला है। कुछ दिन पहले जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (DEEO) की टीम ने स्कूल पर छापेमारी की थी। जिस पर कुछ कमियां मिलने पर उसे नोटिस जारी किया गया और स्कूल बंद करने की धमकी दी गई थी।
*2000 के 100 नोट दिए*

स्कूल बंद ना हो इसकी एवज में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा 5 लाख रुपए की रिश्वत मांगी गई। उसने इसकी शिकायत विजिलेंस को दी। नायाब तहसीलदार अजय को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। टीम ने शिकायतकर्ता को 2000 के 100 नोट दे दिए। शिकायतकर्ता ने जैसे ही यह नोट डाटा असिस्टेंट क्लर्क घनश्याम को एसडी स्कूल के निकट दिए तो विजिलेंस टीम ने उसे काबू कर लिया। क्लर्क घनश्याम के पास से रिश्वत राशि के 2 लाख बरामद हो गए।
विजिलेंस के इंस्पेक्टर मुनीश कुमार ने बताया की रिश्वत राशि के साथ क्लर्क घनश्याम को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस क्लर्क से पूछताछ कर रही है। कोर्ट में पेश कर उसे रिमांड पर लिया जाएगा।
September 02, 2022

नगर प्रशासन ने जारी की टोमैटो फ्लू पर एडवाइजरी

नगर प्रशासन ने जारी की टोमैटो फ्लू पर एडवाइजरी

चंडीगढ़ : टोमैटो फ्लू एक वायरल बीमारी है। टोमैटो फ्लू नाम इस रोग के मुख्य लक्षण से आया है। शरीर के कई हिस्सों पर  लाल रंग के छोटे फफोले के रूप में शुरू होते हैं और बड़े होने पर टमाटर की भांति होते हैं। टोमैटो फ्लू एक स्व-सीमित संक्रामक रोग है क्योंकि लक्षण और लक्षण कुछ दिनों के बाद दूर हो जाते हैं। टोमैटो फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। टोमैटो फ्लू के प्राथमिक लक्षण बच्चों में देखे गए हैं, जोकि वायरल संक्रमणों के समान हैं। इनमें बुखार, चकते पडऩा और जोड़ों में दर्द शामिल है। इस रोग में थकान, मितली, उल्टी, दस्त, बुखार, निर्जलीकरण, जोड़ों की सूजन, शरीर में दर्द और आम इन्फ्लूएंजा जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। बुखार शुरू होने के एक या दो दिनों के बाद छोटे लाल धब्बे दिखाई देते हैं, जो छाले और फिर अल्सर में बदल जाते हैं। शरीर के कई भागों में टमाटर की तरह छाले पड़ जाते हैं।
शिशुओं और छोटे बच्चों को भी नैपिज, अशुद्ध सतहों को छूने और चीजों को सीधे मुंह में डालने से इस संक्रमण का खतरा होता है। यह बीमारी मुख्य रूप से 10 साल से कम उम्र के बच्चों में होती है। यह वयस्कों में भी हो सकती है। बाहरी राज्य से काफी लोगों का आना-जाना रहता है। ऐसे में यह बीमारी उनके साथ आ सकती है। लोगों को स्वयं इसको लेकर जागरूक रहना होगा।  इस रोग से संबंधित अगर किसी को कोई भी लक्षण नजर आते हैं तो तुरंत नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।
इन लक्षणों वाले बच्चों में डेंगू, चिकनगुनिया, जीका के निदान के लिए आणविक और सीरोलॉजिकल परीक्षण किए जाते हैं। अन्य वायरल संक्रमणों के समान है अर्थात किसी भी लक्षण की शुरुआत से 5-7 दिनों के लिए अलगाव अन्य बच्चों या वयस्कों में संक्रमण का प्रसार, आराम, बहुत सारे तरल पदार्थ और जलन से राहत के लिए गर्म पानी का स्पंज और चकत्ते बुखार और शरीर में दर्द के लिए पैरासिटामोल की सहायक चिकित्सा और अन्यरोगसूचक उपचार की आवश्यकता होती है। टोमैटो फ्लू एक स्व-सीमित बीमारी है और इसके इलाज के लिए कोई विशिष्ट दवा मौजूद नहीं है।
*ऐसे करें रोकथाम:*

रोकथाम के लिए सबसे अच्छा उपाय उचित स्वच्छता है। आसपास की जरूरी वस्तुओं और पर्यावरण को स्वच्छ रखने के साथ संक्रमित बच्चे के खिलौने, कपड़े, भोजन और अन्य सामान को गैर-संक्रमित बच्चों से साझा करने से रोकना चाहिए। इसके अलावा बुखार या दाने के लक्षण वाले बच्चों को गले न लगाएं और न ही उन्हें छुएं।संक्रमित बच्चे निम्नलिखित कुछ निवारक उपाय हैं जिन्हें हमें ध्यान में रखना चाहिए।
संक्रमित व्यक्ति के तुरंत संपर्क में आने से बचें, अपने बच्चे को संकेतों और लक्षणों और इसके दुष्प्रभावों के बारे में शिक्षित करें, अपने बच्चे को बताएं कि बुखार या दाने के लक्षण वाले बच्चों को गले न लगाएं या न छुएं, बच्चों को स्वच्छता बनाए रखने और अंगूठा या उंगली चूसने से रोकें। नाक बहने या खांसने की स्थिति में बच्चे को रूमाल का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि इसके प्रसार से बचा जा सके। छाले को खरोंचें या रगड़ें नहीं और जब भी आप इन छालों को छुएं तो  हाथों को धो लें।
अपने बच्चों को खूब  पानी, दूध, या जूस पीने के लिए प्रेरित करके हाइड्रेटेड रखने की कोशिश करें, चाहे वे कुछ भी करें। यदि आपके बच्चे में टोमैटो बुखार के लक्षण विकसित होते हैं, तो उसे रोकने के लिए तुरंत उन्हें अन्य बच्चों से अलग कर दें ताकि बीमारी न फैल पाए।सभी बर्तन, कपड़े, और अन्य उपयोगी वस्तुओं (जैसे बिस्तर) को अलग किया जाना चाहिए और नियमित रूप से साफ किया जाना चाहिए।त्वचा को साफ करने या बच्चे को नहलाने के लिए हमेशा गर्म पानी का इस्तेमाल करें।
इम्युनिटी बढ़ाने के लिए संतुलित आहार लें। उपचार को बढ़ावा देने के लिए पर्याप्त आराम और नींद लेना आवश्यक है। अभी तक टोमैटो फ्लू के उपचार या रोकथाम के लिए कोई एंटीवायरल दवा या टीका उपलब्ध नहीं है।  चंडीगढ़ में टोमैटो फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है।
September 02, 2022

JJP नेता को ब्लैकमेल करने वाले पकड़े:पुलिस ने महिला और उसके साथी को 2 लाख लेते दबोचा, 6 महीने पहले हुई थी मुलाकात

JJP नेता को ब्लैकमेल करने वाले पकड़े:पुलिस ने महिला और उसके साथी को 2 लाख लेते दबोचा, 6 महीने पहले हुई थी मुलाकात

जींद ; हरियाणा के जींद में जजपा नेता को ब्लैकमेल कर पैसे लेने वाली महिला और उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने महिला को जेल और आरोपी को पुलिस को दो दिन के रिमांड पर सौंप दिया है।
भिवानी हाल आबाद अर्बन एस्टेट निवासी एवं जजपा कार्यालय उचाना के प्रभारी जगदीश सिहाग ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि लगभग छह माह पहले कुरूक्षेत्र निवासी एक महिला मनजीत यूट्यूबर बन उनसे मिली थी। इसके बाद महिला कभी नौकरी तो कभी ट्रांसफर करवाने के सिलसिले में उससे मिली।
अप्रैल 2022 में उसके फोन पर एक महिला का फोन आया और खुद को बेसहारा बताते हुए बेटी के दाखिले के लिए आर्थिक सहायता मांगी। जिस पर उसने दो बार में 30 हजार रुपए दे दिए। इसके बाद से लगातार उसे तंग किया जाने लगा। गत 28 जुलाई को निरंजन नांदल नाम एक व्यक्ति उससे मिला और उसके पास मनजीत के व्हाट्सएप मैसेज होने की बात कहते हुए सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।
12 अगस्त को निरंजन नांदल ने ब्लैकमेल कर पांच लाख रुपए ले लिए। इसके बाद फिर उससे आठ लाख रुपए मांगने लगा। पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर डॉ. सुनील के नेतृत्व में छापामार दल का गठन किया। टीम ने जींद के विश्राम गृह में मनजीत और निरंजन को जगदीश सिहाग से दो लाख रुपए लेते काबू कर लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ ब्लैकमेल कर फिरौती वसूलने, आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजरानिया ने बताया कि ब्लैकमेल करने के मामले में महिला और उसके साथी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है। अदालत ने महिला को जेल और सहयोगी को रिमांड पर पुलिस को सौंपा है।