Breaking

Thursday, March 24, 2022

March 24, 2022

सीएम के आश्वासन पर भी पुराने वाहन वैध नहीं

दोहरे आदेशों-निर्देशों का असमंजस:

सीएम के आश्वासन पर भी पुराने वाहन वैध नहीं,

 पुलिस कर रही चालान... क्योंकि सरकार के लिखित आदेश नहीं

जिले में 175 पुराने वाहन जब्त किए जा चुके
रेवाड़ी : राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहन सीएम मनोहर लाल खट्‌टर के आश्वासन के बावजूद वैध नहीं है। रेवाड़ी भी एनसीआर में शामिल हैं। यहां पुलिस द्वारा ऐसे वाहनों को अवैध मानते हुए कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का तर्क है कि राज्य सरकार की ओर से इन वाहनों को छूट दिए जाने को लेकर उनके पास किसी तरह की लिखित निर्देश नहीं है। इसलिए ये वाहन इंपाउंड किए जाते रहेंगे। अभी तक करीब 175 वाहन जब्त किए जा चुके हैं। इधर, सरल केंद्र स्थिति रजिस्ट्रेशन ब्रांच से भी वाहनों के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी की जा रही है।

लोग दूसरे राज्यों में वाहनों के रजिस्ट्रेशन के लिए इस एनओसी की डिमांड कर रहे हैं। तमाम बातों पर गौर करें तो अभी तक वाहन मालिकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। सीएम ने मौखिक बयान तो दिया, मगर इस बारे में परिवहन विभाग की ओर से किसी प्रकार का पत्राचार एनसीआर में शामिल जिलों के साथ नहीं किया गया है।
*कबाड़ हो जाएंगे वाहन, बेचने की सलाह*

नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के आदेशों का हवाला देते हुए परिवहन विभाग ने निर्देश दिए थे कि दिल्ली-एनसीआर में शामिल जिलों में पुराने वाहनों के चलाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। जो 10 व 15 साल की अवधि को पूरा कर चुके हैं उन्हें डी-रजिस्टर्ड (वि-पंजीकृत) कर दिया गया है। अब जिन वाहनों की आयु सीमा नजदीक है उनके लिए निर्देश जारी किए कि वे अपने वाहनों को एनसीआर से बाहर के किसी जिले में बेच दें या वहां रजिस्ट्रेशन करा लें।

यदि वाहनों का बाहर पंजीकरण नहीं कराया जाता है तो वे 10 व 15 साल की अवधि पूरी होते ही ऑटोमेटिक ही डी-रजिस्ट्रेशन की श्रेणी में आ जाएंगे। इसके लिए 3 मार्च 2022 तक का समय दिया गया। इस तिथि के बाद ये सभी वाहन डी-रजिस्टर्ड (वि-पंजीकृत) हो जाएंगे। यानी पुराने वाहन खुद ही कबाड़ हो जाएंगे। फिर इन्हें सड़क पर नहीं उतारा जा सकेगा। यदि पुलिस पकड़ती है इन वाहनों को जब्त कर लेगी।

*सिर्फ गुड़गांव में बैन की बात कही, मगर रेवाड़ी में कार्रवाई*

नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के साथ ही सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के चलते दिल्ली-एनसीआर में शामिल जिलों में 10 साल पुराने डीजल व 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों के चलाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। बढ़ते प्रदूषण के चलते ये आदेश जारी किए गए थे। इन आदेशों से 10-15 वर्ष की तय अवधि पार कर चुके हजारों वाहनों के कंडम होने की नौबत आ गई।

इस पर पिछले दिनों सीएम से पत्रकारों ने सवाल किए तो उन्होंने बयान में कहा कि फिलहाल राज्य में सिर्फ गुड़गांव में ये वाहन प्रतिबंधित होंगे, जबकि एनसीआर में आने वाले बाकी जिलों में फिलहाल छूट रहेगी। इसके बावजूद ट्रैफिक पुलिस द्वारा सख्ती की जा रही है।
*एनजीटी के आदेशानुसार कार्रवाई कर रहे : एसएचओ*

ट्रैफिक एसएचओ रामानंद का कहना है कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेशों के अनुसार एनसीआर में 10 साल पुराने डीजल व 15 साल पुराने पेट्रोल वाहन प्रतिबंधित हैं। आदेशों को मानते हुए हम ऐसे वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई कर रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा इन वाहनों के प्रतिबंधित नहीं होने या कार्रवाई नहीं करने के संबंध कोई लिखित आदेश नहीं है।

*लिखित आदेश नहीं आए हैं : एसडीएम*

रेवाड़ी एसडीएम सिद्धार्थ दहिया का कहना है कि राज्य सरकार से इस बारे में कोई लिखित आदेश नहीं आए हैं। जैसे आदेश आएंगे उनकी पालना की जाएगी। फिलहाल वाहनों के रजिस्ट्रेशन के लिए एनओसी दी जा रही है।
March 24, 2022

रेवाड़ी में टीचर ने बच्चे को बेरहमी से पीटा: बस में छात्र के साथ हुई थी कहासुनी; सुबह स्कूल पहुंचते ही शिक्षक ने बरसाए डंडे

रेवाड़ी में टीचर ने बच्चे को बेरहमी से पीटा:बस में छात्र के साथ हुई थी कहासुनी; सुबह स्कूल पहुंचते ही शिक्षक ने बरसाए डंडे
रेवाड़ी : हरियाणा के रेवाड़ी जिला के एक प्राइवेट स्कूल में टीचर ने बच्चे की बेरहमी से पिटाई कर दी। बच्चे के शरीर पर चोट के काफी निशान है। छुट्‌टी होने के बाद घर पहुंचकर बच्चे ने परिजनों को बताया। उसके बाद बच्चे को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने मेडिकल करने में ही आनाकानी शुरू कर दी। काफी देर बाद बच्चे का इलाज शुरू किया। वहीं छात्रा के चाचा ने पिटाई करने वाले टीचर के खिलाफ रामपुरा थाना और इलाज नहीं करने वाले डॉक्टर के खिलाफ सीएमओ को शिकायत दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, रेवाड़ी शहर के मोहल्ला आदर्श नगर निवासी प्रेम का बेटा अनुज गांव चांदावास स्थित एक प्राइवेट स्कूल में 8वीं कक्षा में पढ़ता है। मंगलवार को स्कूल से घर लौटते वक्त बस में भीड़ ज्यादा होने पर अनुज की किसी साथी छात्र के साथ बहस हो गई थी। बुधवार की सुबह जब वह स्कूल में पेपर देने पहुंचा तो इससे पहले स्कूल में कार्यरत पम्मी नाम के एक टीचर ने अनुज को बुला लिया। आरोप है कि एक कमरे में ले जाकर अनुज पर टीचर ने जमकर डंडे बरसाए, जिससे उसकी कमर, कान और अन्य जगह काफी चोटों के निशान पड़ गए। साथ ही घर नहीं बताने की धमकी भी दी।
दोपहर में स्कूल की छुट्‌टी होने के बाद घर पहुंचे अनुज ने अपने चाचा अशोक कुमार के अलावा परिजनों को पूरी बात बताई। उसके बाद परिजन दोपहर में ही उसे ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, लेकिन उस वक्त वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर कुछ काम में लगे हुए थे। काफी देर बाद भी जब डॉक्टर ने उसका मेडिकल और इलाज शुरू नहीं किया तो वे फिर से डॉक्टर के पास पहुंचे, लेकिन डॉक्टर ने यह कहते हुए मेडिकल करने से मना कर दिया कि वे पहले पुलिस को बुलाए।

इसके बाद डायल-112 पर कॉल कर पुलिस बुलाई, लेकिन इस बार भी इलाज से मना कर दिया। इधर, सूचना के बाद रामपुरा थाना पुलिस ट्रॉमा सेंटर पहुंच गई। काफी देर के बाद डॉक्टर ने अनुज का इलाज शुरू किया। अनुज के चाचा अशोक कुमार ने आरोपी टीचर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर रामपुरा थाना में शिकायत दी है। इसके साथ ही इलाज नहीं करने वाले डॉक्टर के खिलाफ सीएमओ को शिकायत दी है।
March 24, 2022

465 पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती का रिजल्ट जारी

465 पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती का रिजल्ट जारी:

फाइनल सूची में से 16 उम्मीदवार बाहर, 6 का डाटा मिसमैच और 5 संदेहजनक
चेयरमैन भोपाल सिंह खदरी

चंडीगढ़ : हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन ने 465 पुलिस सब इंस्पेक्टर पुरुष व महिला उम्मीदवारों की भर्ती का रिजल्ट जारी कर दिया है। कमीशन ने पुरुष के 400 पदों की फाइनल सूची में से 16 उम्मीदवारों को बाहर कर दिया। इनमें से 6 उम्मीदवारों का डाटा मिलान नहीं हुआ और 10 उम्मीदवार अनुपस्थित रहे। उनकी जगह पर वेटिंग लिस्ट के उम्मीदवारों को शामिल किया गया। जबकि 5 अन्य उम्मीदवारों संदेहजनक माना है, इसलिए इनकी कंडीशनल नियुक्ति के लिए डीजीपी को लिखा जाएगा। इन उम्मीदवारों की सीएफएसएल रिपोर्ट आने के बाद इन्हें पूर्ण नियुक्ति मिलेगी। ऐसे में कुल 21 उम्मीदवार पुरुष भर्ती प्रकिया में संदिग्ध रहे।

हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन ने विज्ञापन संख्या 3/ 2021 को पुरुष के 400 पदों और महिला पुलिस इंस्पेक्टर के 65 पदों के लिए आवेदन मांगे थे। सफल उम्मीदवरों की 3 मार्च 2020 को प्री जॉइनिंग के समय 16 उम्मीदवार अनुपस्थित रहे और 36 उम्मीदवारों का डाटा मिसमैच हो हुआ। कुल 52 उम्मीदवार हो गए।
इसके बाद 14 मार्च 2022 को मिसमैच 36 उम्मीदवारों का दोबारा वीडियोग्राफी और फोटो चेक किए गए तो 6 मिसमैच हो गए। जबकि पांच उम्मीदवारों के फोटो का मिलान नहीं हुआ। इसके बाद 10 उम्मीदवार फिर से अनुपस्थित रहे। अब कमीशन ने इन 16 उम्मीदवारों को मुख्य सूची से बाहर कर दिया है। जबकि 5 उम्मीदवारों को तभी जॉइनिंग दी जाएगी, जब उनके हस्ताक्षर और अंगूठों की रिपोर्ट सीएफएसएल से आ जाएगी। ऐसे में इन्हें कमीशन डीजीपी से एक बार कंडीशनल जॉइनिंग के लिए लिखेगा।

*महिला सब इंस्पेक्टर में 3 उम्मीदवार अनुपस्थित*

इसी प्रकार से 3 मार्च 2022 को पीएमटी के दौरान 5 महिला उम्मीदवार अनुपस्थित रही और 5 का डाटा मिसमैच हो गया। दोबारा से इन्हें 14 मार्च 2022 को बुलाया गया, तब 7 का डाटा मैच हो गया और 3 अनुपस्थित रही।

*सोशो इकॉनॉमिक अंक लेने की शिकायतें*

भर्ती के दौरान सफल उम्मीदवारों के संबंध में शिकायतें आई कि इन उम्मीदवारों ने सामाजिक आर्थिक आधार पर 10 अंक प्राप्त करने के लिए झूठे शपथ पत्र दिए हैं। इसके बाद आयोग ने इनकी सीआईडी, पुलिस और तहसीलदार से जांच करवाई। जांच के बाद आयोग ने इनकी नियुक्ति के लिए सिफारिश की। हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के चेयरमैन भोपाल सिंह खदरी का कहना है कि अनुपस्थित उम्मीदवारों की जगह पर वेटिंग सूची में शामिल उम्मीदवारों को शामिल किया गया। जबकि जो संदेहजनक उम्मीदवार हैं, उन्हें कंडीशनल जॉइनिंग के लिए डीजीपी को लिखा जाएगा। सीएफएसएल रिपोर्ट के बाद ही पूर्ण नियुक्ति दी जाएगी।
March 24, 2022

फोन का सिम मिलने के बाद 80 जवानों ने छाना कोना-कोना

फोन का सिम मिलने के बाद 80 जवानों ने छाना कोना-कोना;

 महिला बैरक की भी तलाशी, कुछ आपत्तिजनक नहीं मिला
सिरसा : हरियाणा की सिरसा जेल में बुधवार को पुलिस प्रशासन ने बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। डीएसपी आर्यन चौधरी और जेल अधीक्षक शेर सिंह के नेतृत्व में पुलिस-जेल के 80 जवानों ने जेल का कोना कोना छान मारा। हालांकि इस दौरान जेल ये कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई। छापेमारी से जेल में हड़कंप मचा रहा। कयास लगाए जा रहे थे कि यहां से कुछ बंदियों के पास से मोबाइल फोन या नशे का सामान मिल सकता है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं मिला।

*सिम मिलने के बाद सर्च का फैसला*

सिरसा जेल में लगातार मोबाइल व सिम मिलने की घटनाएं सामने आने के बाद बुधवार को जिला पुलिस और जेल स्टाफ द्वारा संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया। सुबह जिला पुलिस के 55 जवान डीएसपी आर्यन चौधरी के नेतृत्व में जिला कारागार पहुंचे। इनमें महिला कर्मी भी मौजूद थी। जेल स्टाफ के 25 सदस्यों को साथ लेकर जेल में चप्पे-चप्पे की जांच की गई है। जेल अधीक्षक शेर सिंह भी मौजूद रहे। सर्च ऑपरेशन के दौरान जेल परिसर से कोई भी आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। इसके बाद पुलिस टीम वापस लौट गई। गौरतलब है कि सोमवार को जिला कारागार से सिम बरामद हुआ था। इस संबंध में हुडा चौकी में मामला भी दर्ज किया गया था।
*महिला बैरक की तलाशी भी हुई*

डीएसपी आर्यन चौधरी ने बताया कि आज दो घंटे तक जिला कारागार में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जिला कारागार के चप्पे-चप्पे की जांच की गई। महिला बैरक की जांच के लिए पुलिसकर्मी भी साथ ही। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस के कुल 55 जवानों व जिला कारागार के 25 जवानों ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। कोई भी आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है।

*छतों को भी खंगाला*

जेल अधीक्षक शेर सिंह ने बताया कि जिला पुलिस टीम के साथ संयुक्त जांच की गई। बैरक व छतों की भी जांच की गई। कोई भी आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। उन्होंने कहा कि उच्चाधिकारियों के निर्देशों पर लगातार जांच कार्य जारी रहता है। कोई भी निषेध वस्तु मिलने पर पुलिस में मामला भी दर्ज करवाया जाता है।
March 24, 2022

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, 26 मार्च तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना, बारिश के आसार नहीं

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, 26 मार्च तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना, बारिश के आसार नहीं
महेंद्रगढ़ :  मार्च के महीने में ही संपूर्ण उत्तरी मैदानी राज्यों के साथ-साथ पहाड़ी, पठारी, यहां तक तटीय इलाकों में बढ़े हुए तापमान व भीषण गर्मी से आमजन और समस्त जीव परेशान हैं, लेकिन अगले दो-तीन दिन तक लगभग सम्पूर्ण मैदानी राज्यों हरियाणा, एनसीआर दिल्ली विशेषकर जिला महेंद्रगढ़ आंशिक रूप से गर्मी से राहत मिलने वाली है। राजकीय महाविद्यालय के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डा. चंद्रमोहन ने बताया कि राजस्थान व गुजरात पर बना हुआ प्रति चक्रवातीय सर्कुलेशन वर्तमान में कमजोर होकर दक्षिण में अरब सागर पर पहूंच गया है। जिसकी वजह से उत्तरी मैदानी राज्यों में तापमान में गिरावट दर्ज होगी। सम्पूर्ण इलाके में आंशिक रूप से 26 मार्च तक गर्मी व गर्म हवाओं से राहत मिलने वाली है। डा. चन्द्रमोहन ने बताया कि आज एक कमजोर वैस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने की वजह से पाकिस्तान के भावलपुर व पश्चिमी राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवातीय सरकुलेशन बनने के कारण पछुआ पवनों का मिलन दक्षिणी पूर्वी पवनों से होने की वजह से आधे से ज्यादा हरियाणा के जिले सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, झज्जर, रोहतक, गुड़गांव, फरीदाबाद, पलवल, सोहना, तावडू, एनसीआर दिल्ली में पर आंशिक बादलवाही देखने को मिल रही है, लेकिन कमजोर मौसमी प्रणाली वैस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से सम्पूर्ण इलाके में बारिश होने की संभावनाएं नजर नहीं आ रही है। इसके अलावा प्रति चक्रवात सर्कुलेशन भी कमजोर पड़ रहा है और वर्तमान में इसकी स्थिति बदल कर अरब सागर में हो गई है। जिसकी वजह से इलाके में तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। जिसकी वजह से हरियाणा, एनसीआर दिल्ली विशेषकर जिला महेंद्रगढ़ में प्रचण्ड गर्मी के तेवरों में आमजन को राहत मिल रही है। आने वाले तीन चार दिनों में तापमान में गिरावट दर्ज होगी। इसके साथ ही 27 मार्च को प्रति चक्रवातीय सर्कुलेशन शक्तिशाली सिस्टम में तब्दील होकर राजस्थान पर फिर से वापस होने की प्रबल संभावनाएं बन रही है। जिसकी वजह से सम्पूर्ण मैदानी राज्यों के साथ-साथ हरियाणा, एनसीआर दिल्ली में भीषण गर्मी अपने तीखे तेवरों से आगाज करेगी।
March 24, 2022

चुनाव में देरी से विकास होता प्रभावित : कुमारी सैलजा

चुनाव में देरी से विकास होता प्रभावित : कुमारी सैलजा

- कैग की रिपोर्ट में शहरी निकाय चुनाव में देरी पर सरकार पर उठाए सवाल

- अब फिर शहरी निकायों व पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों से बच रही सरकार
चंडीगढ़ : हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि शहरी निकायों के चुनाव में भाजपा सरकार ने लगातार जानबूझकर देरी की। इससे संबंधित शहरी निकायों में विकास कार्य प्रभावित हुए और इन्हें अलॉट की गई राशि भी पूरी तरह से खर्च नहीं की गई। यह खुलासा नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट से हुआ है। रिपोर्ट बताती है कि जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से वंचित इन शहरी निकायों में कई तरह की दिक्कत खड़ी होती रही।

मीडिया को जारी बयान में कुमारी सैलजा ने कहा कि यह तमाम खुलासे साल 2015-16 से 2019-20 तक की समीक्षा रिपोर्ट में हुए हैं। इस दौरान प्रदेश में भाजपा की ही सरकार थी। जिन शहरी निकायों का जिक्र है, इनमें सात महीने से 20 महीने की देरी से चुनाव कराए गए थे। 
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा-जजपा गठबंधन की मौजूदा सरकार भी उसी परिपाटी पर चल रही है। इलाकों को विकास न करना पड़े और विकास पर खर्च होने वाले धन को अपनी मर्जी के मुताबिक खर्च कर सकें, इसलिए ही शहरी निकायों व पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव नहीं करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब चुनाव में देरी के लिए गठबंधन सरकार हाईकोर्ट में लंबित मामलों की दुहाई देती है, जबकि हाईकोर्ट में ये मामले भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार द्वारा उठाए गए गलत कदमों की वजह से ही गए हैं।
कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं (ग्राम पंचायत, पंचायत समिति, जिला परिषद) का कार्यकाल पिछले साल 23 फरवरी को पूरा हो चुका है। जबकि 53 से ज्यादा शहरी निकाय संस्थाओं (नगर परिषदों व नगर पालिकाओं) का कार्यकाल जून महीने में पूरा हो चुका है। अब जनप्रतिनिधि की बजाए अधिकारी बतौर प्रशासक इन्हें संभाल रहे हैं। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार पंचायती राज संस्थाओं व शहरी निकाय संस्थाओं को कमजोर करना चाहती है। जनता के चुने हुए प्रतिनिधि अपने इलाके की आवाज को किसी भी स्तर पर न उठा सकें, इसलिए प्रदेश की भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार चुनावों को लेकर गंभीर नहीं है। 

कुमारी सैलजा ने कहा कि चुनाव न होने से पंचायती राज संस्थाओं व शहरी निकाय संस्थाओं पर अफसरों के मार्फत प्रदेश सरकार का सीधा नियंत्रण बना हुआ है। अफसर स्थानीय स्तर पर लोगों की मूलभूत जरूरत पर कोई ध्यान नहीं दे रहे और सिर्फ सरकार की वाहवाही के लिए झूठी रिपोर्ट तैयार कर परोसने में लगे हैं।

Wednesday, March 23, 2022

March 23, 2022

अनिल विज अचानक पहुंचे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज, मचा हड़कंप, ये था कारण ?

अनिल विज अचानक पहुंचे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज, मचा हड़कंप, ये था कारण ?
   करनाल(ब्यूरो) : हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज करनाल कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में पहुंचे। उनके आते ही डॉक्टरों में हड़कंप मच गया। मंत्री विज ने अपनी आंख का चैकअप करवाया। परिसर का दौरा भी किया। इसके आद उन्होंने बंगाल हिंसा को लेकर बंगाल सरकार और दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। साथ ही कश्मीर फाइल्स पर कांग्रेस पर शब्दों से निशाना बनाया।
ग्रह मंत्री अनिल विज ने कहा कि लोगों के मन में ये बात घर कर गई है। काम करने वाली सरकारें भाजपा की है। इसीलिए 4 प्रदेशों में भाजपा की सरकार बनी हैं। बंगाल तो लगातार हिंसा का घर बनता जा रहा है। ये प्रजातंत्र का अथ तो नहीं हो सकता। कोई पार्टी हो कोई, सरकार हो उसको लोगों के जीवन की रक्षा करनी है। इस बात को बिलकुल नजरअंदाज करते हुए कौन है, किस क्षेत्र का है, किस पार्टी का है, ये चिंता की बात है।

वहीं केजरीवाल को लेकर कहा कि केजरीवाल जुमले छोड़ते रहते हैं। इन जुमलों के आधार पर ही उनका जन्म हुआ है। झूठ बोल कर ही इस संसार में आए हैं। अन्ना हजारे के आंदोलन में धोखे से अपनी पार्टी बनाई है।
March 23, 2022

सीएम को जान से मारने की धमकी देने वाले मिप्पा ने गिड़गिड़ा कर मांगी माफी

सीएम को जान से मारने की धमकी देने वाले मिप्पा ने गिड़गिड़ा कर मांगी माफी
चण्डीगढ़ :  हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल और हरियाणा पुलिस के अधिकारियों को सोशल मीडिया पर लाइव आकर जान से मारने की धमकी देने वाले मिप्पा नरड़ ने अब इंस्टाग्राम पर लाइव आकर माफी मांग ली है। वह वायरल वीडियो में गिड़गिड़ाता हुआ दिखाई दे रहा है। 

वह कह रहा है कि सीएम पर हुए हमले से भी उसका कोई लेनदेन नहीं है। अगर चाहें तो छानबीन करवा लीजिए, अगर वह इसमें शामिल मिलता है तो चाहे उसे फांसी की सजा दे दी जाए। इसके बाद मिप्पा कहता है कि इसके परिवार को पुलिस द्वारा परेशान किया जा रहा है, जबकि उनकी कोई गलती नहीं है। 
उन्होंने हाथ जोड़ते हुए हरियाणा सरकार से अपील की है कि उनके परिवार को तंग न किया जाए। बता दें कि इससे पहले मिप्पा दलित समाज पर अभद्र टिप्पणी भी कर चुका है। इसके बाद उक्त समाज के लोगों ने जगह जगह विरोध प्रदर्शन किया था और कैथल थाने में इस संबंध में मामला भी दर्ज कराया गया था। 
वहीं कैथल के पुलिस अधीक्षक मकसूद अहमद का कहना है कि मिप्पा को अमेरिका से भारत लाने के लिए उच्चाधिकारियों से बातचीत की जा रही है।
March 23, 2022

उचाना में भगत सिंह की 33 फुट ऊंची प्रतिमा की जाएगी स्थापित, दुष्यंत चौटाला ने की घोषणा

उचाना में भगत सिंह की 33 फुट ऊंची प्रतिमा की जाएगी स्थापित, दुष्यंत चौटाला ने की घोषणा
जींद :  हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राज्य की सरकारी नौकरियों की ए तथा बी श्रेणी में खिलाड़ियों के लिए तीन प्रतिशत कोटे को पुनः बहाल करवाया जाएगा और उचाना में शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 33 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। डिप्टी सीएम शहीदी दिवस के उपलक्ष्य पर उचाना में आयोजित मैराथन दौड़ के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने मैराथन दौड़ में उमड़े विशाल जन समूह को संबोधित करते हुए कहा कि गांव नगूरां से बधाना तक बनी सड़क का नामकरण शहीद कैप्टन पवन कुमार के नाम से कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि शहीदों की बदौलत ही आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। राष्ट्र हमेशा इनका ऋणी रहेगी। उन्होंने मैराथन में अव्वल रहने वाले धावकों को सम्मानित करते हुए कहा कि युवाओं को नशाखोरी छोड़कर खेलों की ओर अपना रुझान बढ़ाना चाहिए, क्योंकि खेलों में करियर बनाने की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की खेल नीति की बदौलत ही प्रदेश के अनेक खिलाड़ियों ने प्रदेश का नाम विश्व पटल पर गौरवान्वित करने का काम किया है। इस खेल नीति की बदौलत उत्कृष्ट खिलाड़ियों को अनेक विभागों में सरकारी पदों पर नौकरियां मिली हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी भाग लें। इससे पूर्व, आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में शहीदी दिवस पर उचाना विधानसभा क्षेत्र के गांव खटकड़ स्थित टोल प्लाजा से 12 किलोमीटर लंबी मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उन्होंने खुद भी मैराथन में दौडक़र धावकों का उत्साहवर्धन किया। श्रम एवं रोजगार मंत्री अनूप धानक तथा विधायक अमरजीत ढांडा ने भी मैराथन में युवाओं के साथ दौड़ लगाई। मैराथन में युवाओं के साथ बच्चों, बुजुर्गों व महिलाओं ने भी हिस्सा लिया। धावकों में मैराथन के प्रति अच्छा खासा उत्साह नजर आया। मैराथन का दृश्य उस समय और भी दर्शनीय बन गया जब हेलीकॉप्टर के माध्यम से धावकों पर पुष्प वर्षा लगातार होती रही।
March 23, 2022

बच्ची को जलाकर मारने वाले को अदालत ने सुनाई उम्रकैद की सजा, 50 हजार जुर्माना भी लगाया

बच्ची को जलाकर मारने वाले को अदालत ने सुनाई उम्रकैद की सजा, 50 हजार जुर्माना भी लगाया 
सोनीपत : कुंडली थाना क्षेत्र में 12 साल की बच्ची को जलाकर मारने के आरोपित को अदालत ने दोषी करार दिया हैं। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश शैलेंद्र सिंह की अदालत ने दोषी को उम्रकैद की सजा सुनाई हैं। अदालत ने दोषी पर 50 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया हैं। जुर्माना राशि अदा न करने पर दोषी को अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। दोषी ने बच्ची के चाचा के साथ हुए झगड़े में बच्ची को अपने कमरे के अंदर जबरन उठाकर ले जाने के बाद दरवाजा बंद कर वारदात को अंजाम दिया था। जिसके बाद उपचार के दौरान बच्ची की मौत हो गई थी। यूपी के जिला संभल के गांव कोट पुखी निवासी ओमप्रकाश ने 17 नवंबर, 2018 को कुंडली थाना पुलिस को बताया था कि वह अपनी बेटी तनीषा उर्फ तन्नू (12) व पत्नी के साथ फिलहाल कुंडली की शिवपुरी कॉलोनी में रहने वाले किराए पर रहता है। वह कुंडली की एक फैक्टरी में काम करता है। उसकी कॉलोनी में ही ग्राउंड फ्लोर पर उसका भाई महेश भी अपने परिवार के साथ किराए पर कमरा लेकर रह रहा है। उसने बताया था कि महेश के कमरे के सामने एक अन्य किराएदार अशोक भी रहता है। मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जिला हरदोई के सिमरा चौराहा का अशोक (18) अक्सर शराब पीता था और रोकने पर महेश के साथ झगड़ा करता रहता था। ओमप्रकाश ने पुलिस को बताया था कि अशोक ने 16 नवंबर, 2018 को महेश के साथ झगड़ा किया था। तब उसने बीच बचाव कर दिया था। इस पर अशोक ने उसे व उसके परिवार को भी मारने की धमकी दी थी। उसी दिन देर शाम उसकी बेटी तनीषा अपने चाचा के कमरे पर गई थी। इसी बीच उसे शोर सुनाई दिया था। वह नीचे गया तो उसके भाई महेश ने बताया था कि अशोक तनीषा को अपने कमरे में उठा ले गया है। उसने अपने कमरे के अंदर से दरवाजा बंद कर दिया था। उन्होंने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया था, लेकिन दरवाजा नहीं खोला गया था। उन्होंने खिडकी से देखा था कि अशोक उसकी बेटी की पिटाई कर रहा था। इसी दौरान उसने कोई ज्वलनशील पदार्थ उसकी बेटी पर डाल दिया था और उसकी बेटी को जिंदा जलाने के लिए आग लगा दी थी। उन्होंने आसपास के लोगों की मदद से दरवाजे की कुंडी को तोड़ा और अंदर घुसे थे। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था, लेकिन तब तक बच्ची के हाथ व कमर के नीचे का हिस्सा बुरी तरफ से झुलस गया था। बच्ची करीब 45 फीसदी झुलस गई थी। वह तनीषा को नरेला के सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में लेकर गए थे और भर्ती कराया था। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे एलएनजेपी अस्पताल दिल्ली रेफर कर दिया गया था। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया था। आग लगने से झुलसी तनीषा की 4 जनवरी, 2019 को मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी थी। मामले की सुनवाई करते हुए एएसजे शैलेंद्र सिंह की अदालत ने अशोक को दोषी करार दिया है। अदालत ने दोषी को उम्रकैद की सजा सुनवाई हैं। अदालत ने दोषी पर 50 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया हैं। जुर्माना राशि अदा न करने पर एक साल अतिरिक्त कैद की सजा भुगतनी होगी।
March 23, 2022

प्रदेश के सभी खेल स्टेडियम की कमियों को दूर किया जाएगा : संदीप सिंह

प्रदेश के सभी खेल स्टेडियम की कमियों को दूर किया जाएगा : संदीप सिंह
कुरुक्षेत्र : हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि प्रदेश के सभी खेल स्टेडियम की कमियों को दूर किया जाएगा। इन खेल प्रागंणों में गेम के हिसाब से तमाम सुविधाएं मुहैया करवाई जाएगी। इस सभी खेल प्रांगणों की खामियों का खाका तैयार किया जाएगा। इस योजना के बाद खेल प्रागंणों को चकाचक किया जाएगा। अहम पहलू यह है कि मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री मनोहर लाल ने इस वित्त वर्ष के लिए ऐतिहासिक 540.50 करोड़ रुपए का बजट पारित करने का काम किया है। खेल मंत्री संदीप सिंह ने बुधवार को द्रोणाचार्य स्टेडियम में खेल सुविधाओं को लेकर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। खेलमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि हरियाणा देश का पहला प्रदेश है जहां खेलों के लिए भारी भरकम बजट दिया गया है। इस बजट के एक एक पैसे का सदुपयोग किया जाएगा ताकि सारा बजट खेलों के विकास पर खर्च किया जाएगा। इस प्रदेश के खिलाडिय़ों ने पिछले कई सालों से राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक मुकाम हासिल किया है। इस प्रदेश के खिलाडिय़ों ने टोक्यो ओलंपिक में देश के सभी राज्यों से ज्यादा तीन व्यक्तिगत व दो टीम मैडल हासिल करके एक एतिहास बनाने का काम किया। उन्होंनेे मुख्यमंत्री मनोहर लाल के भी सदैव ऋणी रहेंगे जिन्होंने देश में सबसे ज्यादा बजट 540.50 करोड़ रुपए का खेलों के लिए पारित किया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से गांव में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। इस सरकार ने संकल्प लिया है कि प्रदेश के खिलाडिय़ों को हर प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवा करके राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय स्तर तक ले कर जाना है। इसलिए सरकार ने गांव गांव में खेल नर्सरियां खोलने का निर्णय लिया है। इस साल सरकार की तरफ से 1100 खेल नर्सरियां खोली जाएगी। इसके अलावा खेल आवासीय अकादमी योजना में 10 डे बार्डिग्ंस और 8 आवासीय अकादमियां खोलने का लक्ष्य है।
March 23, 2022

आम आदमी पार्टी ने शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर शहीदों को किया याद : डॉ रजनीश जैन

आम आदमी पार्टी ने शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर शहीदों को किया याद : डॉ रजनीश जैन

 डॉ रजनीश जैन ने शहादत के प्रतीक गुलाब के पौधे वितरित किए
जींद : ( संजय कुमार) -  आम आदमी पार्टी इकाई जींद ने शहीदी दिवस के अवसर पर शहर के शहीदी पार्क में शहीदी स्मारक पर आप पार्टी जिला जींद की और से महिला अध्यक्ष डॉ रजनीश जैन व डॉ गणेश कौशिक जिला प्रेस प्रवक्ता व मीडिया प्रभारी जींद, शीला बंसल उपाध्यक्ष महिला कार्यकर्ताओं सहित अनेक कार्यकर्ताओं  ने शहीदी स्मारक पर पुष्प वर्षा करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की शहीदों के सम्मान में डॉ रजनीश जैन ने पुष्प चक्र शहीदी स्मारक पर अर्पित किया।                                   
इस अवसर पर पर्यावरण शुद्धीकरण व शहीदों के शहादत व प्रेम के प्रतीक गुलाब के फूलों से पुष्प वर्षा की। उक्त जानकारी देते हुए डॉ गणेश कौशिक ने बताया कि इसी कड़ी में अगले प्रोग्राम के रूप में सभी कार्यकर्ताओं ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह की मूर्ति पर माल्यार्पण गांधीनगर स्थित पार्क में किया। डॉ रजनीश जैन ने इस अवसर पर शहीदों को याद करते हुए कहा कि शहीदों की शहादत की वजह से ही आज हम खुले आसमान में सांस ले रहे हैं। हमें दासता से मुक्ति दिलाने वाले शहीदों को देश कभी भूल नहीं सकता। शहीद कभी मरता नहीं है, शहीद हमेशा अजर अमर रहता है। उन्होंने पर्यावरण प्रदूषण बचाने व शहीदों को नमन करते हुए सभी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को प्रेम सद्भावना के प्रतीक गुलाब के पौधे भी भेंट  किए। शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि स्वरूप माल्यार्पण भी किया इस प्रोग्राम में  तरसेम गोयल ,आईडी गोयल , शीला बंसल, सुरेश शर्मा विकास सैनी , ओम सिंह सांगवान, रामफल सैनी ,करुणा सैनी, सुनीता नरवाल, परवीन, धरमवीर, रेनू , सुदेश, सरोज,  शांति, रमेश सैनी आदि ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए पुष्प अर्पित किए।
March 23, 2022

इन श्रेणी के लोगों को अब नहीं मिलेगी फ्री सफर करने की छूट

इन श्रेणी के लोगों को अब नहीं मिलेगी फ्री सफर करने की छूट 

नई दिल्ली : रेलवे ने कई तरह की मिलने वाली छूट को खत्म करने का फैसला लिया है। रेलवे की घटती कमाई को ध्यान में रखते हुए ये फैसला लिया गया है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में बताया कि कोरोना के चलते 2020 में रोकी गई रियायतों को फिलहाल नहीं हटाया जाएगा।

रेलवे पहले बुजुर्गों को ट्रेन टिकट में छूट देता था, जिसे हटा दिया गया है।

 पहले 60 वर्ष से अधिक उम्र के पुरुषों और 58 वर्ष से अधिक की महिलाओं को किराए में 50 फीसदी की रियायत दी जाती थी।

इसे विभाग ने खत्म कर दिया है। हालांकि दिव्यांगों, गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों, छात्रों समेत तीन श्रेणियों को पहले की तरह रियायतें जारी रहेंगी।

कोरोना के पहले राजधानी और शताब्दी समेत सभी ट्रेनों में सीनियर सिटीजन को टिकटों पर 50 फीसदी तक की छूट मिलती थी।

60 से अधिक उम्र के पुरुषों और 58 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को रेलवे में सीनियर सिटीजन की श्रेणी में रखा जाता है। 
रेलवे के मुताबिक अब केवल दिव्यांगजनों, मरीजों और छात्रों की 11 कोटियों को ही रियायत मिलेगी।

बाकी कैटगरी के लोग भी रेल टिकट पर छूट बहाल करने की मांग कर रहे हैं।

लेकिन रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उन्हें फिलहाल राहत देने से इन्कार किया है।
परफॉर्मेंस के लिए जा रहे कलाकारों और फिल्म से जुड़े टेक्नीशियन को 50-75% की छूट मिलती थी।

स्टेट या नेशनल लेवल के टूर्नामेंट में हिस्सा लेने जा रहे खिलाड़ियों को भी 50 से 75% की छूट मिलती थी।
केंद्र या राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मीडिया से जुड़े काम के लिए यात्रा करने पर किराये में 50% की छूट मिलती थी।

पत्रकार साल में दो बार पत्नी और बच्चे के साथ भी रियायत के साथ यात्रा कर सकते थे।
March 23, 2022

घर-घर जाकर शिक्षक करेंगे अभिभावकों को बच्चों के दाखिले के लिए जागरूक

घर-घर जाकर शिक्षक करेंगे अभिभावकों को बच्चों के दाखिले के लिए जागरूक 
भिवानी :  शिक्षा विभाग ने स्कूलों में बच्चों की संख्या बढाए जाने को लेकर कमर कस ली है। अब स्कूलों में प्रवेश उत्सव के माध्यम से स्कूलों में बच्चों की संख्या बढाई जाएगी। ज्यादा से ज्यादा दाखिले के लिए अभिभावकों के समक्ष स्कूलों में दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। ताकि बच्चे निजी स्कूलों की बजाए सरकारी स्कूलों में दाखिल हो सके। दूसरी तरफ शिक्षा विभाग का निर्देश आने के बाद मंगलवार को सूई के स्कूल के शिक्षकों ने गांव में जागरूकता अभियान चलाया और अभिभावकों को स्कूलों मंे दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। शिक्षक दोपहर बाद गांव में घर.घर जाते नजर आए। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शिक्षा विभाग ने इस बार भी सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या बढाए जाने को लेकर प्रवेश उत्सव का आयोजन करने के निर्देश दिए है। साथ ही उक्त कार्यक्रम के तहत सरकारी स्कूलों में दी जाने वाली सुविधाओं का अधिक से अधिक प्रचार व प्रसार करने के लिए कुछ राशि का बजट भी जारी किया है। विभाग द्वारा भेजी गई राशि को पम्पलेट, बैनर व अन्य प्रचार.पसार आदि पर खर्च किया जाएगा। उक्त प्रचार के माध्यम से अभिभावकों को स्कूलों में दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। स्कूल में बच्चों को क्या.क्या सुविधाएं मिल रही है। मसलन डिजीटल बोर्ड के अलावा हवादार कमरे व बेहतरीन पढ़े लिखे शिक्षक के अलावा अन्य सुविधाएं शामिल है। यह अभियान कक्षाओं की परीक्षा खत्म होते ही चलाने के निर्देश दिए है। ताकि सरकारी स्कूलों में ज्यादा से ज्यादा बच्चों का दाखिला करवाया जा सके। इसको लेकर शिक्षा अधिकारियों ने सभी बीईओ के माध्यम से स्कूल मुखियाओं को निर्देश जारी किए है। साथ ही निर्देश दिए है कि इस मामले में किसी शिक्षक ने कोई लापरवाही या कोताही बरती तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। 
 *शिक्षकों ने चलाया अभियान गांव सुई के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के स्टाफ सदस्य प्राचार्य अनिल*

 सांगवान के नेतृत्व में हाथों में पर्चे लेकर घर घर घूमते नजर आए। इन पर्चों पर लिखा था कि वे राजकीय स्कूलों में दाखिला ले जो कि 8वीं तक तो बिल्कुल नि:शुल्क है और 9 से 12 भी मात्र न के बराबर फीस है। इस दौरान उन्होंने अभिभावकों से बात भी की ओर बताया कि राजकीय स्कूल में सारा स्टाफ भी सरकार के नियमों द्वारा टेस्ट लेकर भर्ती किया गया है। उन्होंने अभिभावकों को बताया कि स्कूल की बिल्डिंग भी काफी अच्छी व खेलने का मैदान भी काफी अच्छा है। सरकारी स्कूलों में स्टाफ भी पूरा है। उन्होंने बताया कि उनके स्कूल के बच्चें पिछली बार बोर्ड के रिजल्ट में काफी अच्छे नम्बराें से पास होते रहे हैं। कई छात्र तो ऐसे है जो सरकारी स्कूलों से पढ़ कर अच्छे स्थानों पर आज सेवा दे रहे हैं।
March 23, 2022

घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में भारी उछाल, पेट्रोल-डीजल भी हुआ महंगा

घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में भारी उछाल, पेट्रोल-डीजल भी हुआ महंगा
चंडीगढ़ : अब आपको अपनी रसोई का बजट बढ़ाना पड़ेगा। और करेंगे भी क्या? क्योंकि महंगाई रुकने वाली नहीं। फिलहाल, आपको बतादें कि 14.2 किलोग्राम के घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में भारी उछाल  हुआ है। घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 50 रूपए की बढ़ोत्तरी की गई है। यानि दिल्ली में जो घरेलू LPG सिलेंडर अबतक 899.50 रूपए का मिल रहा था, वो अब 949.50 रुपये का हो गया है। यानि घरेलू LPG सिलेंडर लेने के लिए जेब को अब ज्यादा ढीला करना पड़ेगा। घरेलू LPG सिलेंडर में उछाल आम लोगों के लिए बड़ा झटका है। 

*अक्टूबर 2021 के बाद पहली बार बढ़ी कीमत...*

बता दें कि, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड ने आखिरी बार 6 अक्टूबर 2021 को घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत बढ़ाई थी। तब दिल्ली में 884.50 रूपए में मिलने वाला घरेलू LPG सिलेंडर 899.50 रूपए का हो गया था। लेकिन इसके बाद फिर घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बढ़ोत्तरी नहीं की गई। अक्टूबर वाली कीमत ही अभीतक लागु रही। मगर अब नए साल 2022 में पहली बार इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड ने सीधा 50 रूपए की बढ़ोत्तरी कर डाली। 
*अक्टूबर 2021 के बाद काॅमर्शियल LPG सिलेंडर में हुआ फेरबदल ....*

बतादें कि, अक्टूबर 2021 के बाद घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में भले ही कोई छेड़छाड़ नहीं हुई मगर इस बीच 19 किलोग्राम के काॅमर्शियल LPG सिलेंडर में फेरबदल होता रहा। 19 किलोग्राम के काॅमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत घटी भी और बढ़ी भी|

*पेट्रोल-डीजल भी हुआ महंगा.....*

बतादें कि, घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में तो उछाल आया ही है साथ ही पेट्रोल-डीजल भी महंगा हुआ है। दिल्ली में पेट्रोल और डीजल की कीमत आज 96.21 और 87.47 रुपये प्रति लीटर के करीब पहुंच गई है| जबकि कल यह कीमत 95.41 और 86.67 के करीब थी। वहीं, चंडीगढ़ की बात करें तो यहां 21 मार्च को जहां पेट्रोल की कीमत 94.23 रूपए थी तो अब 95.01 रूपए प्रति लीटर के करीब हो गई है। वहीं, चंडीगढ़ में डीजल की कीमत 80.90 रूपए थी तो अब 81.63 रूपए प्रति लीटर के करीब हो गई है।
March 23, 2022

एक अप्रैल से प्रदेश भर की 410 मंडियों में गेहूं की खरीद होगी शुरू : दुष्यंत चौटाला

एक अप्रैल से प्रदेश भर की 410 मंडियों में गेहूं की खरीद होगी शुरू : दुष्यंत चौटाला
चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने किसानों के हितों का ध्यान रखते हुए इस बार 410 मंडियों में गेहूं की खरीद करने का निर्णय लिया है।एक अप्रैल से प्रदेशभर में गेहूं की खरीद शुरू की जा रही है। किसानों को मंडी में गेहूं की फसल बेचने में किसी प्रकार की कोई परेशानी का सामना न करना पड़े,इसलिये मंडियों की संख्या ज्यादा रखी गई है। इससे किसान अपने नजदीक बने परचेज सेंटर में जाकर आसानी से अपनी फसल को बेच सकेगा। इसके अलावा फसल खरीद के लिए मंडियों में व्यापक व्यवस्था के लिए तैयारियां जोरों पर चल रही है।
यह जानकारी प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने दी। दुष्यंत चौटाला, 'जिनके पास खाद्य एवं आपूर्ति विभाग का प्रभार भी हैं' ने बताया कि रबी खरीद सीजन 2022-23 के दौरान गेहूं की खरीद खाद्य, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, हैफेड, हरियाणा राज्य भंडारण निगम व भारतीय खाद्य निगम द्वारा की जाएगी। प्रदेश सरकार द्वारा गेहूं खरीद के लिए खरीद एजेंसियों के लिए मंडियों व खरीद केंद्रों का आवंटन कर दिया है।  डिप्टी सीएम ने बताया कि सिरसा जिले में गेहूं खरीद के लिए 64 मंडियां बनाई गई है। इसी तरह फतेहाबाद में 51, कैथल में 41, जींद में 35, हिसार में 29, सोनीपत में 24 करनाल- कुरुक्षेत्र में 23-23, अंबाला में 15, पलवल-यमुनानगर में 13-13, पानीपत में 12, भिवानी में 11, झज्जर-रोहतक में 10-10, दादरी में 8, फरीदाबाद व महेंद्रगढ़ में 6-6, गुरुग्राम व नूंह में 5-5, पंचकुला व रेवाड़ी में 3-3 मंडियों में गेहूं की खरीद होगी। उपमुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि क्षेत्रीय कार्यालय/मंडियों को रविवार के दिन भी खोलने का निर्णय लिया गया है। जिस एजेंसी को खरीद के लिए शनिवार का दिन अलॉट किया गया है वही एजेंसी रविवार को भी गेंहू की खरीद करेगी।
March 23, 2022

जेल फार्मासिस्ट को 10 हजार और एक्सईएन को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा

जेल फार्मासिस्ट को 10 हजार और एक्सईएन को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा
 जींद : रोहतक स्टेट विजिलेंस टीम ने जिला कारागार से बंदी को पीजीआई रेफर करवाने की एवज में जेल फार्मासिस्ट को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू किया है। विजिलेंस ने पकड़े गए फार्मासिस्ट के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। गांव अलीपुरा निवासी प्रवेश ने विजिलेंस को दी शिकायत में बताया था कि उसका पिता दलबीर जिला कारागार में विचाराधीन बंदी है और वह बीमार है। जिसकी दवाइयां पीजीआई रोहतक से चल रही हैं। जबकि उसके पिता को दाखिल करवाने की सलाह चिकित्सकों ने दी हुई है। जिला कारागार से रोहतक पीजीआई रेफर करवाने के लिए फार्मासिस्ट जयबीर दस हजार रुपए की डिमांड कर रहा है। शिकायत के आधार पर डीएसपी कमलजीत के नेतृत्व में छापामार टीम का गठन किया गया। जिसमें सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार, एएसआई बलजीत, कमलजीत तथा सिपाही पंकज को शामिल किया गया। डीडीपीओ सत्यवान को डयूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। छापामार टीम ने शिकायतकर्ता को दस हजार रुपये की राशि पाउडर लगा तथा डयूटी मजिस्ट्रेट से हस्ताक्षर करवा थमा दिए। शिकायतकर्ता प्रवेश ने फार्मासिस्ट जयबीर से संपर्क साधा तो उसने रानी तालाब पर बुला लिया। फार्मासिस्ट के रिश्वत राशि पकडते ही छापामार टीम ने उसे धर दबोचा। फार्मासिस्ट के कब्जे से रिश्वत राशि को बरामद कर लिया। उसके हाथ धुलवाए जाने पर हाथों का रंग लाल हो गया। स्टेट विजिलेंस टीम ने फार्मासिस्ट जयबीर के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। वहीं राज्य सतर्कता ब्यूरो ने हॉर्टिकल्चर हिसार के एक्सईएन को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथो गिरफ्तार किया है। आरोेपित के खिलाफ रोहतक में केस दर्ज किया गया है। उसे बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। मामले के अनुसार, हॉर्टिकल्चर विभाग के एक्सईएन विनय कुमार हिसार में तैनात हैं। उसके पास रोहतक का भी कार्यभार है। विजिलेंस की टीम ने शिकायत मिलने पर उसे रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ की जा रही है। विजिलेंस का कहना है कि पार्क व ग्रीनबेल्ट के रखरखाव के लिए ठेकेदारों को ठेका दिया जाता है। उनके बिल हॉर्टिकल्चर ऑफिस से पास होते हैं। बिल पास करने के लिए रिश्वत ली गई है। ‍
March 23, 2022

10 घंटे तक गुरुग्राम की सीमा में नहीं होगी हैवी व्हीकल्स की एंट्री

10 घंटे तक गुरुग्राम की सीमा में नहीं होगी हैवी व्हीकल्स की एंट्री
रेवाड़ी : एनएच-48 से गुरुग्राम की ओर जाने वाले भारी वाहनों को 23 मार्च को 10 घंटे तक गुरुग्राम की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। यह निर्णय गुरुग्राम में अहीर रेजिमेंट को लेकर प्रस्तावित मार्च पास्ट को देखते हुए लिया गया है। गुरुग्राम ट्रैफिक की ओर पड़ोसी जिलों की पुलिस को इस संदर्भ में सूचना दे दी गई है। अहीर रेजिमेंट की मांग को लेकर गुरुग्राम के खेड़की दौला टोल प्लाजा के निकट धरने पर बैठे आंदोलनकारियों ने बुधवार को शहीदी दिवस पर वहां से गुरुग्राम के हीरो होंडा चौक तक मार्च निकालने का कार्यक्रम घोषित किया हुआ है। इस मार्च में अहीरवाल क्षेत्र से भारी भीड़ पहुंचने की उम्मीद है। चूंकि यह मार्च हाईवे से निकाला जाना प्रस्तावित है, इसलिए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली और जयपुर दोनों ओर से आने वाले हैवी व्हीकल्स की एंट्री दूसरे मार्गों से कराने का निर्णय लिया है। गुरुग्राम के एसीपी ट्रैफिक यशवंत यादव ने  बताया कि जयपुर, रेवाड़ी और नारनौल से आने वाले भारी वाहनों का रूट पंचगांव से डायवर्ट कर दिया जाएगा। इसी तरह दिल्ली की ओर से आने वाले हैवी व्हीकल्स को सोहना व दूसरे मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। इसमें आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को अलग रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में गुरूग्राम पुलिस की ओर से पड़ोसी जिलों के एसपी को सूचित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों और ट्रांसपोर्टरों को भी मीटिंग में सूचित कर दिया गया है। हाईवे पर भारी वाहनों को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे गुरुग्राम में सीधे एंट्री नहीं करने दी जाएगी। मार्च में शामिल होकर देंगे आर्थिक सहायता सेना में अहीर रेजिमेंट की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के मार्च में गांव निमोठ से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शामिल होने का ऐलान किया है। मास्टर संदीप, संजय, विकास, बाबूलाल व दयानंद ने बताया कि आंदोलनकारियों की मांग जायज है। वह इस आंदोलन को सिर्फ अपना समर्थन ही नहीं दे रहे, बल्कि गांव की ओर एकत्रित की गई दान राशि भी भेंट करेंगे। उन्होंने कहा कि अहीर रेजिमेंट इस इलाके के लोगों का हक है। इसके लिए चल रहे आंदोलन का वह किसी तरह की राजनीति से अलग हटकर समर्थन कर रहे हैं।
March 23, 2022

उत्तर भारत में लोगों का गर्मी से हाल हुआ बेहाल, IMD ने इन राज्यों में बारिश होने की भविष्यवाणी

उत्तर भारत में लोगों का गर्मी से हाल हुआ बेहाल, IMD ने इन राज्यों में बारिश होने की भविष्यवाणी
नई दिल्ली : कुछ ही दिनों बाद अप्रैल का महीना शुरू होने वाला है, लेकिन इस बार मार्च गर्मी के सारे रिकॉर्ड तोड़ने पर तैयार है। महीने के आखिरी दिनों में गर्मी का कहर और बढ़ने वाला है। इसी कड़ी में राजस्थान, मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में मार्च के महीने में ही मई-जून वाली गर्मी पड़नी शुरू हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत  के कई राज्यों में तापमान बहुत ज्यादा हो गया है और आने वाले दिनों में राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। वहीं IMD ने मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र समेत कुछ राज्यों में हल्की बारिश की भविष्यवाणी की गई है, जिससे इन इलाकों में गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग  के मुताबिक, दिल्ली में आज का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है, जबकि अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहेगा।  दिन में तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा देहरादून में आज आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। यहां का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वही जम्मू की बात करें तो यहां का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहेगा। वही लेह में आज का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहेगा। आसमान में हलके बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा राजस्थान के जयपुर में आज न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहेगा। वही मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के मौसम की बात करें तो यहां का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके साथ ही राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति बनी रहेगी।

Tuesday, March 22, 2022

March 22, 2022

वाहन चालकों से ज्यादती नहीं करेगी पुलिस, सीएम खट‍्टर बोले- बदलना होेगा व्यवहार

वाहन चालकों से ज्यादती नहीं करेगी पुलिस, सीएम खट‍्टर बोले- बदलना होेगा व्यवहार

चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि ट्रकों की ओवरलोडिंग की समस्या को रोकने के लिए समय-समय पर पुलिस व अन्य टीमों द्वारा चैकिंग की जाती है। हालांकि नूहं जिले में यह समस्या ज्यादा है क्योंकि माल ढुलाई व खनन का कार्य यहां अधिक है। उन्होंने कहा कि चालकों और पुलिस के मध्य परस्पर विश्वास होना जरूरी है।मुख्यमंत्री नूहं के विधायक आफताब अहमद द्वारा पिछले एक वर्ष में ट्रक व ट्रैक्टरों की ओवरलोडिंग के चालानों के बारे परिवहन मंत्री से पूछे गए प्रश्न के उत्तर में विधानसभा सदन में स्थिति स्पष्ट कर रहे थे। 

https://twitter.com/DiprHaryana/status/1506188259562749952?t=1bsy0rrSvvZnQ25niWpD5Q&s=19

सीएम ने सदन में उपस्थित नूहं जिले के तीनों विधायकों से आग्रह किया कि वे भी स्थानीय लोगों व ट्रक चालकों को प्रेरित करें कि अगर पुलिस चैकिंग के लिए उन्हें रोकती है तो उन्हें रुकना चाहिए। गाड़ी न रोकने पर चालकों द्वारा भाग जाना कई तरह की शंकाएं पैदा करता है। मुख्यमंत्री ने चालकों से आग्रह किया कि उन्हें पुलिस से घबराने की आवश्यकता नहीं है, यदि पुलिस उन्हें रोकती है तो उन्हें रूकना चाहिए। यदि उनका चालान बनता है तो उनका चालान होगा, यदि उनकी गलती नहीं होगी तो चालान नहीं कटेगा। हालांकि पुलिस को भी ठीक व्यवहार चाहिए और आगे से मानवता के नाते पुलिस भी किसी से कोई ज्यादती नहीं करेगी।

  *विपक्ष के विधायक भी हुए मुख्यमंत्री की कार्यशैली के मुरीद*

 पुन्हाना के विधायक मोहम्मद इलियास का सदन में यह आरोप रहता है कि नूहं जिले के बारे में पूछे गए हर प्रश्न का उत्तर 'नहीं श्रीमान जी' में क्यों दिया जाता है। परंतु आज मोहम्मद इलियास द्वारा प्रश्नकाल के दौरान पुन्हाना में खेल स्टेडियम के निर्माण के बारे सरकार के विचाराधीन कोई प्रस्ताव है या नहीं, का उत्तर खेल एवं युवा कार्यक्रम राज्य मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि हालांकि पुन्हाना से 10-12 किलोमीटर दूर पिनगवां में खेल स्टेडियम है और सभी खेल स्टेडियमों की जियो-मैपिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिर भी यदि पुन्हाना में वहां के खेल की रूचि के अनुरूप आवश्यक हुआ तो खेल स्टेडियम का निर्माण करवाया जाएगा। इस पर मोहम्मद इलियास ने मुख्यमंत्री की कार्यशैली की पंजाबी में प्रशंसा कर सदन को चौंका दिया। उन्होंने कैबिनेट के अन्य मंत्रियों की भी तारीफ की, जिन्होंने नूहं के लिए ना कि बजाय हां में जवाब दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि जिस प्रकार हरियाणा के विकास के लिए आपकी कार्यशैली है, उसी प्रकार आप अपने मंत्रियों को अपने नक्शे कदम पर चलने की सलाह दें।
March 22, 2022

हरियाणा के विधायकों को ट्रेवलिंग अलाउंस के अतिरिक्त ड्राइवर अलाउंस भी मिलेगा : सीएम खट्टर

हरियाणा के विधायकों को ट्रेवलिंग अलाउंस के अतिरिक्त ड्राइवर अलाउंस भी मिलेगा : सीएम खट्टर

चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने घोषणा की कि विधायकों को अब 18 रुपये प्रति किलो मीटर की दर से मिलने वाले ट्रेवलिंग अलाउंस के अतिरिक्त 20,000 रुपये का ड्राइवर अलाउंस भी मिलेगा। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा आज बजट सत्र के दौरान सदन में की।

सीएम ने कहा कि मौजूदा प्रावधान के अनुसार एक विधायक द्वारा ऐसे स्थानों, जो रेल से नहीं जुड़े हैं, के बीच सडक़ मार्ग द्वारा की गई यात्रा के लिए 18 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से ट्रेवलिंग अलाउंस मिलता है। अब हमने इसमें एक और प्रावधान किया है कि अब, विधायकों द्वारा सडक़ मार्ग से ऐसे स्थानों, जो रेल से नहीं जुड़े द्वारा के बीच यात्रा के लिए 18 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से ट्रेवलिंग अलाउंस के अलावा, 20,000 रुपये का ड्राइवर अलाउंस भी मिलेगा।
*नई शिक्षा नीति लागू करने के लिए पहल करने वाला हरियाणा पहला राज्य*

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बताया कि नई शिक्षा नीति लागू करने के लिए पहल करने वाला हरियाणा पहला राज्य है। प्रदेश में आवश्यकता अनुसार महिला विश्वविद्यालय व अन्य शिक्षण संस्थान खोले जा रहे हैं। यह जानकारी उपमुख्यमंत्री ने आज विधानसभा सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में दी।

उन्होंने आगे बताया कि इसी बजट में मेवात जिला में भी नया विश्वविद्यालय खोलने की घोषणा की गई है जिससे उस क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक विस्तार होगा। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में दुष्यंत चौटाला ने बताया कि फतेहाबाद जिला के गांव भाट्टू मंडी के राजकीय माध्यम विद्यालय व गांव सिंथला के राजकीय प्राथमिक विद्यालय का दर्जा बढ़ाने के लिए फिजिब्लिटी चैक करवाई जाएगी, अगर नियमों को पूरा करेंगे तो आगे कार्रवाई की जाएगी।

Monday, March 21, 2022

March 21, 2022

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखा पत्र, भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव को दिया जाए शहीद का दर्जा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखा पत्र, भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव को दिया जाए शहीद का दर्जा
चंडीगढ :  देश की आजादी के लिए युवावस्था में ही अपने जीवन का बलिदान देने वाले भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव को शहीद का दर्जा दिलाने के लिए के लिए हरियाणा प्रदेश वैश्य महासम्मेलन के अध्यक्ष राजीव जैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी है। उन्होंने मांग की है कि इन बलिदानियों को लंबे अरसे से शहीद का दर्जा नहीं दिए जाने से युवा वर्ग असमंजसता का सामना कर रहा है। हरियाणा प्रदेश वैश्य महासम्मेलन के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कहा कि देश आजादी का 75वां अमृत महोत्सव मना रहा है। पूरे देश में स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की गाथाएं गाई जा रही है। नेता जी सुभाष चंद्र बोस को सम्मान देते हुए इंडिया गेट पर शहीद स्मारक स्थापित करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऐतिहासिक एवं प्रशंनीय निर्णय है। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह, राजगुरू व सुखदेव ने स्वतंत्रता क्रांति के आंदोलन को नई धार दी थी और अंगे्रजों ने इन्हें आतंकवादी बताकर फांसी पर लटका दिया था। उन्होंने कहा कि तीनों महान बलिदानियों को शहीद का दर्जा देने की मांग बार-बार उठती रही, लेकिन संसद में मिले आश्वासनों के बावजूद आज तक कोई अधिसूचना जारी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि युवाओं में इस बात को लेकर आक्रोश है कि पूर देश में इन बलिदानियों की फांसी वाले दिन 23 मार्च को शहीदी दिवस के रूप में मनाया जाता है, सार्वजनिक स्थानों पर स्थापित उनकी प्रतिमाओं पर कार्यक्रम किए जाते हैं। इतना सब होने के बावजूद भी उन्हें शहीद का दर्जा देने से परहेज क्यों ?
जैन ने कहा कि शहीद भगत सिंह युवाओं के प्रेरणा स्त्रोत है, इसलिए उन्हें शहीद का दर्जा न देने के कारण पूर्व सरकारों की तुष्टिकरण की नीति है। अब इस नीति को खत्म करते हुए शहीदों के परिवारों को वह सम्मान देना चाहिए, जिसके वह वास्तविकता में हकदार हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निश्चित तौर पर इस मांग पर सहानुभूति पूर्वक एवं गंभीरता से विचार करेंगे तथा करोडों युवाओं के दिल पर राज करने वाले इन बलिदानियों को शहीद का आधिकारिक दर्जा प्रदान करेंगे।
March 21, 2022

नए नियमों से होगी होमगार्ड भर्ती, जल्द शुरू होंगे आवेदन

नए नियमों से होगी होमगार्ड भर्ती, जल्द शुरू होंगे आवेदन 
चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने तथा योग्य नौजवानों को स्वयंसेवक के तौर पर अपनी सेवाएँ देने का अवसर प्रदान करने के लिए भर्ती सम्बंधित नियमों में बदलाव  करने का निर्णय लिया है। होमगार्ड की नई भर्ती प्रक्रिया के अनुसार स्वयंसेवक नामांकित होने के इच्छुक अभ्यार्थियों को पुलिस भर्ती प्रक्रिया की तर्ज़ पर शारीरिक मापदण्ड, शारीरिक दक्षता प्रक्रिया जैसे दौड़ के साथ-साथ लिखित परीक्षा से भी गुजरना होगा। स्वयंसेवकों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने से सम्बंधित जानकारी सभी प्रमुख समाचार पत्रों में प्रमुखता से प्रकाशित की जाएगी। कुछ शरारती तत्व अपने निजी स्वार्थ हेतु अभ्यार्थियों को बरगला कर भर्ती के नाम पर पैसा वसूलने का प्रयास करते हैं। अत: लोगों से अपील है कि वो ऐसे लोगों के बहकावे में ना आए और यदि कोई उन्हें स्वयंसेवक के तौर पर भर्ती कराने के नाम पर पैसे की माँग करता है तो वे तुरंत इसकी सूचना महानिदेशक होमगार्ड के कार्यालय को तथा पुलिस को दे ताकि ऐसे शरारती तत्वों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही की जा सके।

 ‍