Breaking

Saturday, June 25, 2022

June 25, 2022

मूसेवाला के गाने को पंजाब V/s हरियाणा बनाने की कोशिश: सोशल मीडिया पर एक तबका एक्टिव, इंटरनेशनल बॉक्सर विजेंद्र बोले- उन्हीं को जलन जिन्हें किसानों में दिखता है आतंकवाद

मूसेवाला के गाने को पंजाब V/s हरियाणा बनाने की कोशिश: सोशल मीडिया पर एक तबका एक्टिव, इंटरनेशनल बॉक्सर विजेंद्र बोले- उन्हीं को जलन जिन्हें किसानों में दिखता है आतंकवाद

हिसार --पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के नए गीत ने सतलुज-यमुना लिंक (SYL) का विवाद फिर ताजा कर दिया। सिद्धू मूसेवाला की हत्या के 26 दिन बाद रिलीज हुए उनके इस गाने को सोशल मीडिया पर एक तबका पंजाब वर्सेज हरियाणा का रंग दे रहा है। इस तबके का कहना है कि मूसेवाला का ये गाना हरियाणा वालों की भावनाओं के खिलाफ है।

सोशल मीडिया पर कैंपेन चला रहे इस तबके के अनुसार, मूसेवाला ने अपने गाने में हरियाणा को पानी की एक बूंद नहीं देने की बात कही है और एक तरह से धमकी दी है कि यदि SYL नहर बनाने जैसी कोशिश की गई तो फिर बलविंदर जटाणा जैसा कोई आएगा।

गौरतलब है कि एसवाईएल नहर के जरिये दक्षिणी हरियाणा के कई जिलों में भाखड़ा बांध का पानी पहुंचाने की प्लानिंग थी मगर रोपड़ (पंजाब) के बलविंदर जटाणा ने नहर बनाने वाले 2 अधिकारियों की हत्या कर दी थी। उसके बाद अधिकारी इतने डर गए कि नहर का काम ही बंद हो गया। उसके बाद पुलिस ने एनकाउंटर में बलविंदर जटाणा को मार गिराया था। SYl नहर आज तक बन नहीं पाई और दोनों राज्यों के नेता SYL के मुद्दे को चुनाव में भुनाते रहे हैं।
*विजेंद्र सिंह का ट्वीट*

*विवाद की वजह*
सिद्धू मूसेवाला के नए गाने की थीम ये है कि जब तक पंजाब के मसले हल नहीं होते, तब तक पानी तो छोड़ो, उसकी एक बूंद नहीं दी जाएगी। गाने की शुरुआत में बैकग्राउंड में आम आदमी पार्टी (AAP) के हरियाणा प्रभारी सुशील गुप्ता का बयान सुनाई देता है। इसमें सुशील गुप्ता कह रहे हैं कि पंजाब में हमारी सरकार आ गई है और 2024 में हरियाणा में भी पार्टी की सरकार बन जाएगी। वर्ष 2025 तक हरियाणा के हर खेत में पानी आ जाएगा। सिद्धू गाने में एक जगह ‘टोपीवालों’ से बचने की बात भी कह रहे हैं।

इन्हीं दोनों पाइंट्स की वजह से सिद्धू के इस गीत को पंजाब वर्सेज हरियाणा का रंग दिया जा रहा है। सोशल मीडिया पर एक वर्ग का कहना है कि मूसेवाला का यह गाना हरियाणा में रहने वाले लोगों की भावनाओं के खिलाफ है। कपिल कसवां नामक एक यूजर ने तो लिख दिया कि ‘टोपी’ शब्द इंडियन आर्मी के लिए इस्तेमाल किया गया है जो ठीक नहीं है।

गौरतलब है कि इसी साल हुए पंजाब विधानसभा चुनाव में सिद्धू मूसेवाला खुद मानसा सीट से कांग्रेस पार्टी के टिकट पर मैदान में उतरे थे और आम आदमी पार्टी के कैंडिडेट डॉ. विजय सिंगला से हार गए। सोशल मीडिया पर एक तबका कह रहा है कि मूसेवाला ने अपने गाने में ‘टोपीवालों’ के बहाने आम आदमी पार्टी की ओर ही इशारा किया है।
*विजेंद्र आए मूसेवाला के हक में*

इस पूरे विवाद के बीच हरियाणा के कांग्रेसी नेता और इंटरनेशनल बॉक्सर विजेंद्र सिद्धू मूसेवाला के हक में आगे आए हैं। विजेंद्र ने 24 जून की सुबह हिंदी में लगभग 17 लाइन का एक ट्वीट करके इस गाने को पंजाब वर्सेज हरियाणा बनाने की कोशिश करने वालों को जवाब दिया। विजेंद्र ने लिखा कि गाना हरियाणा के खिलाफ नहीं है बल्कि इसमें ‘संयुक्त पंजाब’ की बात कही गई है। विजेंद्र का तर्क है कि गाने में इस्तेमाल ‘टोपीवालों’ शब्द नेताओं के लिए है न कि हरियाणा वालों के लिए।

विजेंद्र ने ट्वीट में लिखा कि मूसेवाला के गाने की लाइन ‘ओना चिर पाणी छड्‌डो, तुपका नहीं देदे’ को लेकर लोगों में कन्फ्यूजन है कि पानी का तुपका किसे न देने की बात कही गई है? हरियाणा को? तो इस लाइन का अर्थ समझने के लिए ‘सानू साड्डा पिछोकड़, अतै साडा लाणा दे देयो, चंडीगढ़, हिमाचल अते हरियाणा दे देयो’ को ध्यान से समझने की जरूरत है।
विजेंद्र के अनुसार, सिद्धू मूसेवाला अपने गाने की शुरुआत में ही परिवार को एक करने की बात कह रहे हैं। इसकी ठीक अगली लाइन में मूसेवाला ने अंग्रेजी शब्द ‘सोवेरिएनिटी’ का इस्तेमाल किया है। यानी मूसेवाला कह रहा है कि हमारा परिवार एक कर दो और संप्रभुता दे दो। हम अपने मसले खुद हल कर लेंगे।

विजेंद्र ने अपने ट्वीट में आगे लिखा कि इसी गाने की एक लाइन और है, ‘क्यों पग्गां नाल खहन्दा फिरदा टोपी वालेया’। विजेंद्र के अनुसार, इस लाइन को भी समझने की जरूरत है। पग्ग को सिर्फ सिखी से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। हरियाणा-राजस्थान में भी पगड़ी को बहुत अहम माना जाता है। टोपीवालों का मतलब यहां नेताओं से है जो लोगों को आपस में लड़वाते हैं।

विजेंद्र ने अपने ट्वीट के आखिर में ‘नोट’ देकर लिखा कि इस गीत में उन्हीं लोगों को जलन हो रही है जिन्हें पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी यूपी के किसानों में आतंकवाद दिखता था।
*गाने के व्यू 17 मिलियन पार, एक भी डिसलाइक नहीं*

सिद्धू मूसेवाला का SYL गाना 23 जून की शाम 6 बजे उनके ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर लॉन्च हुआ। गाना लॉन्च होते ही पहले 6 मिनट में ही उसे पौने पांच लाख लोगों ने देखा। शनिवार दोपहर तक लॉन्चिंग के 22 घंटे पूरे होते-होते मूसेवाला के गाने के व्यू 17 मिलियन के पार पहुंच गए। ढाई मिलियन लोगों ने इसे लाइक किया। इस गाने को एक भी शख्स ने डिसलाइक नहीं किया। गाने को लेकर विवाद खड़ा करने वालों के लिए यह अपने आप में जवाब जैसा है।

*सिद्धू लड़ चुके मानसा से चुनाव*

सिद्धू मूसेवाला फरवरी-2022 में हुए पंजाब विधानसभा चुनाव में मानसा सीट से कांग्रेस के टिकट पर मैदान में उतरे और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार से हार गए। चुनावी हार के बाद सिद्धू ने कई बार अपने चुनाव लड़ने के फैसले को सही ठहराया।

Friday, June 24, 2022

June 24, 2022

मूसेवाला का नया सॉन्ग रिलीज:सतलुज-यमुना लिंक नहर विवाद पर गाया गाना; 6 मिनट में पौने 5 लाख व्यू, 3.14 लाख लाइक

मूसेवाला का नया सॉन्ग रिलीज:सतलुज-यमुना लिंक नहर विवाद पर गाया गाना; 6 मिनट में पौने 5 लाख व्यू, 3.14 लाख लाइक
चंडीगढ़  : पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के 26 दिन बाद उनका नया गाना रिलीज हुआ। पंजाब-हरियाणा के बीच विवादित SYL नहर के मुद्दे पर मूसेवाला का यह गाना गुरुवार शाम 6 बजे गाना रिलीज हुआ। 4 मिनट 9 सेकेंड के इस गाने को एक साथ 3 लाख फैंस ने देखा।

पहले 6 मिनट में गाने को 4.77 लाख लोगों ने देखा और 3.14 लाख लोगों ने लाइक किया। गाने पर 1.10 लाख लोगों ने कमेंट भी किए। मूसेवाला की बीती 29 मई को पंजाब के मानसा में गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। उसकी हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर लॉरेंस ने ली।
*किसान आंदोलन और लाल किले का जिक्र*

सिद्धू मूसेवाला के नए गाने में पंजाब के पानी और उससे जुड़े दूसरे मुद्दों का जिक्र है। पंजाब-हरियाणा के बीच बहुचर्चित सतलुज-यमुना लिंक नहर (SYL) को लेकर दशकों से विवाद चल रहा है। सिद्धू के गाने में इस पूरे विवाद को बताया गया।

सिद्धू के इस गाने की शुरुआत के बैकग्राउंड में आम आदमी पार्टी (AAP) के हरियाणा प्रभारी सुशील गुप्ता का बयान चलता है जिसमें वह 2024 में पंजाब की तरह हरियाणा में भी अपनी पार्टी की सरकार बनने पर हरियाणा को SYL का पानी दिलाने की बात कह रहे हैं।
*पहली छह मिनट में हिट हो गया गाना।"

सिद्धू मूसेवाला के इस नए गाने के वीडियो में पंजाब और पंजाबियों की शान का जिक्र किया गया है। इसमें तीन खेती कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन के दौरान दिल्ली कूच के शॉट भी दिखाए गए हैं। इसके अलावा लाल किले पर सिख समाज के प्रतीक निशान साहिब को लहराने की सराहना भी की गई है।

बुधवार रात को ही सिद्धू के वेरिफाइड सोशल मीडिया अकाउंट पर SYL गाने की रिलीज की जानकारी दी गई। मूसेवाला के फैंस ने इस पोस्ट को खूब शेयर किया।
*पिता ने कही थी गाना रिलीज करने की बात*

सिद्धू मूसेवाला की 29 मई 2022 की शाम को पंजाब के मानसा जिले में गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। उनकी मौत के बाद परिवार ने मूसेवाला की आत्मिक शांति के लिए अरदास रखवाई। उसी समय सिद्धू के पिता बलकौर सिंह ने कहा था कि वह वादा करते हैं कि अगले 5-7 साल अपने बेटे को गानों के जरिये सबके बीच जिंदा रखेंगे।

सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर ने बताया था कि उनके बेटे के कई गाने रिलीज होने की स्टेज पर हैं। सिद्धू ने कई और गाने भी लिखे थे। इन सभी गानों को एक-एक करके रिलीज किया जाएगा।
"गूगल पर इस तरह शेयर हो रहा गाने का पोस्टर।*
*SYL गाने के बोल*

ओह कलम नी रुकणी, नित नवा हुण गाणा आऊं... जे ना टले तां मुड़ बलविंदर जटाणा आऊं। फेर पुत्त बेगाने नहरां च डेगा ला ही दिंदे... ओन्हा चिर पाणी छड्‌डो , टुपका नीं देंदे।

(अब कलम नहीं रुकेगी, हर रोज नया गाना आएगा, अगर न हटे तो फिर बलविंदर जटाणा दोबारा आएगा। फिर पंजाब के लोग नहर में डेगा (खंडा) लगा देंगे। उतनी देर पानी तो छोड़ो उसकी एक बूंद नहीं देंगे।)
*बिलबोर्ड-200 लिस्ट में पहुंचने वाले पहले पंजाबी सिंगर*

सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद उनका गाना ‘295’ बिलबोर्ड-200 लिस्ट में पहुंच गया था। इस लिस्ट में उनका गाना 154वें स्थान पर रहा। मूसेवाला पहले पंजाबी सिंगर हैं जिनका गाना बिलबोर्ड-200 में आया है।​​​​​​​ मूसेवाला का ‘295’ गाना जुलाई 2021 में रिलीज हुआ और इसे यूट्यूब पर दो करोड़ से अधिक बार सुना जा चुका है। सिद्धू का यह गाना 100 MUSIC VIDEO की ग्लोबल लिस्ट में भी तीसरे स्थान पर पहुंच गया। सिद्धू मूसेवाला का ‘द लास्ट राइड’ सॉन्ग इस लिस्ट में छठे स्थान पर है। यूट्यूब म्यूजिक पर भी मूसेवाला का गीत ‘295’ ग्लोबल लिस्ट में चौथे स्थान पर है।
*क्या होती है बिलबोर्ड-200*

एमआरसी डेटा और एमआरसी मीडिया एंड इन्फो के अध्यक्ष डीना ब्राउन के अनुसार, इस लिस्ट में इंटरनेशनल लेवल पर असर डालने वाले गाने सिलेक्ट होते हैं। साथ ही किस गाने से नया चलन शुरू होता है, वह भी सिलेक्शन के दौरान देखा जाता है।

एहदा उठेगा जवानी विच जनाजा मिठ्ठिये
इससे पहले सिद्धू का एक और गाना 'ओह चौबर दे चेहरे उत्ते नूर दसदां नी, एहदा उठेगा जवानी विच जनाजा मिठ्ठिये।' भी काफी फेमस हुआ था। इस गाने के रिलीज होने के कुछ हफ्ते बाद ही मूसेवाला की हत्या कर दी गई। यह गीत मूसेवाला ने वाजिर रैपर के साथ मिलकर 15 मई को रिलीज किया था।
*कौन है बलविंदर जटाणा?*:मूसेवाला के नए गीत का चेहरा; SYL कनाल के 2 अफसरों को मारी थी गोली, पुलिस ने किया एनकाउंटर।

पहले 12 घंटे मे आए 12 मिलियन बार देखा गया जो की फ़िलहाल युट्यूब पर नंबर 1 रैंकिंग पर चल रहा है  

Thursday, June 23, 2022

June 23, 2022

सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस : दिल्ली पुलिस ने फतेहाबाद में की छापेमारी, दो युवकों को हिरासत में लिया

सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस : दिल्ली पुलिस ने फतेहाबाद में की छापेमारी, दो युवकों को हिरासत में लिया

फतेहाबाद :  सिद्धू मुसेवाला हत्याकांड मामले में दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की टीम ने बुधवार देर रात फतेहाबाद में छापेमारी कर भट्टू रोड स्थित एक होटल मालिक सहित दो युवकों को हिरासत में लिया है। आरोप है कि मूसेवाला की हत्या के बाद शूटर इसी होटल में आकर रुके थे और उन्होंने हत्या में प्रयुक्त हथियारों को भी इनके हवाले किया गया था। हालांकि फतेहाबाद के एसपी ने दिल्ली पुलिस की फतेहाबाद में किसी प्रकार की कार्रवाई होने की जानकारी न होने की बात कही है। मिली जानकारी के अनुसार सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में दिल्ली पुलिस की टीम ने गत दिवस हिसार जिले के गांव किरमारा में छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इनके पास से वारदात में प्रयुक्त हथियार और हैंड ग्रेनेड आदि बरामद किए थे। इन युवकों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर दिल्ली पुलिस ने फतेहाबाद में छापेमारी कर प्रदीप और पवन नामक दो युवकों को हिरासत में लिया है। इन पर हत्यारों को अपने होटल में पनाह देने का आरोप है। बताया जाता है कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या में शामिल दो गैंगस्टर वारदात के बाद भट्टू रोड स्थित इनके होटल में रुके थे। यह होटल प्रदीप का बताया जा रहा है। गैंगस्टर ने मूसेवाला की हत्या में प्रयुक्त हथियारों वाले बैग को यहां प्रदीप को सौंपा। बाद में ये हथियार हिसार के गांव किरमारा से बरामद हुए। जानकारी मिली है कि किरमारा से पुलिस द्वारा पकड़े गए दोनों युवकों का प्रदीप के साथ कार खरीदने-बेचने का काम था। ऐसे में उनके साथ दोस्ती थी। प्रदीप ही हथियारों वाला बैग किरमारा में छोड़कर आया था। दिल्ली पुलिस ने अब प्रदीप और उसके दोस्त पवन को हिरासत में लिया है। गौरतलब है कि पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड मामले में पंजाब पुलिस फतेहाबाद के गांव भिरड़ाना निवासी दो युवकों पवन व नसीब के अलावा गांव मुसाअहली निवासी देवेन्द्र उर्फ काला को गिरफ्तार कर चुकी है।
June 23, 2022

भाजपा अगर खुशफहमी में है तो ये उसकी राजनैतिक गलतफहमी है – दीपेन्द्र हुड्डा

भाजपा अगर खुशफहमी में है तो ये उसकी राजनैतिक गलतफहमी है – दीपेन्द्र हुड्डा

चंडीगढ़ :  सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा निकाय चुनावों में पड़े कुल 12,71,782 वोटों में से 3,33,873 वोट लेकर यदि भाजपा अगर खुशफहमी में है तो ये उसकी राजनैतिक गलतफहमी है। ये उसके राजनैतिक पतन की शुरुआत है। उन्होंने आगे कहा कि निकाय चुनाव में प्रदेश की करीब 75 प्रतिशत जनता ने भाजपा को नकार दिया है यानी शहरी इलाकों में हर 4 में से 3 वोटर ने भाजपा सरकार को खारिज कर दिया। इससे पहले भाजपा को निकाय चुनावों में इतना कम वोट कभी नहीं मिला था, 26% वोट भाजपा सरकार के घटते जनाधार का प्रतीक है। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि निकाय चुनाव से विधानसभा चुनाव का कोई सरोकार नहीं है। जब 2014 का विधानसभा व लोकसभा चुनाव हुआ तो प्रदेश के नगर निगमों, नगर परिषदों व नगर पालिकाओं पर कांग्रेस का कब्जा था, बावजूद इसके विधानसभा चुनाव में कांग्रेस चुनाव हार गई थी। भाजपा को शहरों में जब 26 प्रतिशत वोट मिला है तो गांवों में इनकी क्या गत बनेगी ये अच्छी तरह से समझा जा सकता है। 
दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा के गाँव से लेकर शहरों तक गठबंधन सरकार से लोगों का मोहभंग हो चुका है। यही कारण है कि मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री समेत सरकार में बैठे कई मंत्री भी अपने हलकों में सारी ताकत झोंकने के बावजूद पार्टी प्रत्याशियों को नहीं जिता पाए। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के जिले करनाल में चार में से तीन नगर पालिकाओं में भाजपा को हार मिली, वहीँ उप-मुख्यमंत्री के हलके उचाना में जजपा प्रत्याशी कहीं मुकाबले में भी नहीं दिखाई दिये। हरियाणा सरकार के कई मंत्री भी अपने-अपने हलकों तक में पार्टी उम्मीदवारों को जीत दिला नहीं पाए।
उन्होंने कहा कि हरियाणा निकाय चुनावों में कुल पड़े 12,71,782 वोटों में से भाजपा को 3,33,873 वोट तब मिले जब सामने कांग्रेस पार्टी चुनावी मैदान में नहीं थी। हालांकि कांग्रेस पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ने की खुली छूट दे रखी थी। आजाद उम्मीदवारों में जिनमें अधिकांश कांग्रेस कार्यकर्ता थे, उनको 6,63,669 वोट मिले और भाजपा को इसके भी करीब आधे यानी 3,33,873 वोट ही मिले।
June 23, 2022

टक्कर के बाद कार में लगी भयंकर आग, जलकर इतने युवकों की मौत, तस्वीर देख रूह कांप जाएगी

टक्कर के बाद कार में लगी भयंकर आग, जलकर इतने युवकों की मौत, तस्वीर देख रूह कांप जाएगी

सोनीपत: हरियाणा में हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। खासकर सोनीपत से तो आयेदिन हादसे सामने आते हैं। जहां अब एक बार फिर यहां एक बेहद ही दर्दनाक हादसा हुआ है। बतादें कि, यह हादसा बीती रात मेरठ झज्जर नेशनल हाईवे पर हुआ। यहां से गुजर रही एक तेज रफ्तार आई-20 कार अचानक कंक्रीट के बेरिकेड्स से जाकर टकरा गई। 

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बेरिकेड्स से टकराने के बाद कार में भयंकर आग लग गई। वहीं जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त कार में 6 युवक सवार थे। जिनमें से तीन की हादसे की चपेट में आकर और जलकर मौत हो गई। जबकि तीन की किसी तरह से जिंदगी बच पाई है। लेकिन इनकी भी हालत काफी गंभीर बताई जाती है। ये तीनो गंभीर रूप से घायल हैं। इन्हें इलाज के लिए रोहतक PGI ले जाया गया है। 
*घूमने निकले थे....*

बताया जाता है कि, ये सभी युवक घूमने के लिए निकले थे लेकिन इन्हें क्या पता था कि इस बीच इनके साथ एक ऐसा हादसा होगा जो सबकुछ तबाह कर देगा। फिलहाल, पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सोनीपत में रखवा दिया है और हादसे में आगे की जांच-पड़ताल के साथ बनती कार्रवाई कर रही है। 

हादसे में तीनो मृतक युवकों की पहचान पुलकित निवासी नारनौल, सन्देश निवासी रेवाड़ी व रोहित निवासी गुरुग्राम के रूप में हुई है। वहीं, घायलों की पहचान अंकित, नरवीर व सोमबीर के रूप में हुई है। इन्हें लेकर एक जानकारी यह भी मिल रही है कि ये सभी मेडिकल की पढ़ाई कर रहे थे। 
*हादसा, आग और फिर कार की तस्वीर ....*

Wednesday, June 22, 2022

June 22, 2022

28 नगर पालिकाओं के चुनाव नतीजे LIVE:मतगणना शुरू; काउंटिंग सेंटरों के बाहर कड़ी पुलिस सुरक्षा; प्रत्याशियों के समर्थक भी जुटे

 28 नगर पालिकाओं के चुनाव नतीजे LIVE:मतगणना शुरू; काउंटिंग सेंटरों के बाहर कड़ी पुलिस सुरक्षा; प्रत्याशियों के समर्थक भी जुटे


हरियाणा में 28 नगर पालिकाओं में चुनाव मतगणना शुरू हो गई है। 10 बजे से रुझान आने शुरू हो जाएंगे। मतगणना केंद्रों पर बाहर कड़े सुरक्षा प्रबंध हैं। वहीं प्रत्याशियों के समर्थक भी काउंटिंग सेंटर के बाहर जुटे हुए हैं।

19 जून को वोटिंग हुई थी। सभी नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पद के कुल 221 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला आज होगा। मतगणना के कारण 22 जून को चुनावी क्षेत्रों में ड्राइ-डे रहेगा। शराब के ठेके पूरी तरह बंद रहेंगे और बिक्री भी नहीं होगी।

समालखा नगर पालिका काउंटिंग सेंटर में मतगणना करते पोलिंग अधिकारी।
समालखा नगर पालिका काउंटिंग सेंटर में मतगणना करते पोलिंग अधिकारी।

सभी पालिकाओं में कुल 5 लाख 70 हजार 208 मतदाता हैं। इनमें 3 लाख 1 हजार 677 पुरुष और 2 लाख 68 हजार 517 महिलाएं। वहीं, 14 ट्रांसजेंडर वोटर भी शामिल हैं। नगरपालिका के लिए कुल 671 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, इनमें से 144 संवेदनशील और 92 अतिसंवेदनशील हैं। इन पोलिंग बूथों पर 3355 मतदान कर्मचारी, 69 ड्यूटी मजिस्ट्रेट और 5206 पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को तैनात किया गया था।

28 नगर पालिकाओं में 5 लाख 70 हजार मतदाता

28 नगर पालिकाओं के कुल 432 वार्ड हैं। अध्यक्ष पद के लिए कुल 221 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, इनमें से 128 पुरुष और 93 महिलाएं हैं। वहीं 432 पार्षदों में से 33 को सर्वसम्मति से चुन लिया गया है। बचे 399 वार्डों में 1301 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, इनमें 783 पुरुष और 518 महिलाएं शामिल हैं।

इन नगर पालिकाओं में हुए चुनाव

नारायणगढ़, रतिया, भूना, बरवाला, सफीदों, उचाना,घरौंडा, तरावड़ी, निसिंग, असंध, राजौंद, महेंद्रगढ़, नांगल- चौधरी, फिरोजपुर झिरका, पुन्हाना, इस्मालाबाद, शाहबाद, पिहोवा, लाडवा, समालखा, महम, बावल, गन्नौर, कुंडली, ऐलनाबाद, रानियां, सढौरा।





June 22, 2022

18 नगर परिषदों के चुनाव नतीजे LIVE:मतगणना शुरू हुई; काउंटिंग सेंटरों के बाहर कड़े सुरक्षा प्रबंध; प्रत्याशियों के समर्थक भी जुटे

18 नगर परिषदों के चुनाव नतीजे LIVE:मतगणना शुरू हुई; काउंटिंग सेंटरों के बाहर कड़े सुरक्षा प्रबंध; प्रत्याशियों के समर्थक भी जुटे


 

हरियाणा की 18 नगर परिषदों में चुनाव मतगणना शुरू हो गई है। 10 बजे से रुझान आने लगेंगे। काउंटिंग सेंटरों के बाहर पुलिस बल तैनात है। सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। अध्यक्ष पद के कुल 185 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। मतगणना के दिन चुनावी क्षेत्रों में ड्राई-डे रहेगा। शराब के ठेके पूरी तरह बंद रहेंगे और शराब की बिक्री भी नहीं होगी।

गोहाना नगर परिषद में बड़ौता कॉलेज में काउंटिंग के लिए ईवीएम लेकर आते हुए पोलिंग एजेंट।
गोहाना नगर परिषद में बड़ौता कॉलेज में काउंटिंग के लिए ईवीएम लेकर आते हुए पोलिंग एजेंट।


441 वार्डों में चुनाव

18 नगर परिषदों के कुल 456 वार्ड हैं। अध्यक्ष पद के लिए कुल 185 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें से 100 पुरुष और 85 महिलाएं हैं। वहीं 456 वार्डों में से 15 पार्षद सर्वसम्मति से चुन लिया गया है। बचे 441 वार्डों में 1797 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें से 1076 पुरुष हैं और 721 महिलाएं हैं।18 नगर परिषद में कुल 12 लाख 60 हजार मतदाता हैं, इनमें 6 लाख 63 हजार 870 पुरुष, जबकि 5 लाख 96 हजार 95 महिला और 35 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं।



1290 पोलिंग बूथ

नगर परिषद चुनाव के लिए कुल 1290 पोलिंग बूथ बनाए गए थे, इनमें 289 संवेदनशील और 235 अतिसंवेदनशील पोलिंग बूथ हैं। इन पोलिंग बूथ पर 6450 मतदान कर्मचारी, 82 ड्यूटी मजिस्ट्रेट और 7087 पुलिस से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी नियुक्त किए गए थे।


इन नगर परिषद में हुए चुनाव

भिवानी,चरखी दादरी, झज्जर, बहादुरगढ़,कैथल, नारनौल, नूंह, कालका, फतेहाबाद, टोहाना,सोहना, हांसी, नरवाना, जींद, पलवल, होडल, गोहाना व मंडी डबवाली।

June 22, 2022

जींद निकाय चुनाव की मतगणना LIVE:दोपहर तक होगा 84 प्रधान और 277 पार्षद उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला

 हरियाणा के जींद, उचाना, सफीदों व नरवाना शहरी निकाय चुनाव की मतगणना बुधवार सुबह शुरू हो गई है। इसके लिए सभी काउंटिंग सेंटरों पर पुलिसबल तैनात किया गया है। प्रशासन द्वारा जारी पहचान पत्रों के आधार पर ही बूथ एजेंटों समेत अन्य कर्मियों की मतगणना केंद्र में एंट्री होने दी गई।

जींद नगर परिषद के मतों की गणना का कार्य अर्जुन स्टेडियम, सफीदों का राजकीय माध्यमिक विद्यालय, नरवाना का केएम कॉलेज और उचाना का कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में किया जा रहा है।

इतने राउंड होंगे

जींद निकाय चुनाव की मतगणना LIVE:दोपहर तक होगा 84 प्रधान और 277 पार्षद उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला

जींद में मतगणना केंद्र के बाहर तैनात पुलिसकर्मी।

जींद में मतगणना केंद्र के बाहर तैनात पुलिसकर्मी।

जींद में सर्वाधिक 18 राउंड की मतगणना होनी है, जबकि सफीदों में केवल 4 राउंड की गणना होगी। इसी तरह नरवाना में 8 तथा उचाना में 5 राउंड की गणना होगी। लगभग 11 से 12 बजे तक अंतिम परिणाम घोषित होने की संभावना है। मतगणना को लेकर किसी तरह की परेशानी न हो, इसे लेकर स्क्रीन भी लगाई गई, जिस पर प्रधान पद का राउंड वाइज रिजल्ट डिस्पले किया जा रहा है।

14 मतगणना टेबल लगाई

जींद में सबसे अधिक 31 वार्डों के पार्षद के 122 व प्रधान पद के लिए 13 उम्मीदवार मैदान में हैं। ऐसे में प्रधान पद की मतगणना 21 व पार्षदों के मतों की गणना 16 राउंड में होगी। इसके लिए 14 मतगणना टेबल लगाई गई हैं। जींद नगर परिषद के 125 बूथों पर 120205 मतदाताओं में से 79013 ने मतदान किया, जो 65.7 प्रतिशत रहा है।

उचाना नप के लिए 15 बूथों पर 12506 मतदाताओं में से 10079 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया जोकि 80.6 प्रतिशत रहा। सफीदों नप में बनाए गए 29 बूथों पर 24407 मतदाताओं में से 18729 मतदाताओं ने प्रयोग किया, जो 76.7 प्रतिशत रहा है। नरवाना नप में 47 बूथों पर 44465 में से 33768 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया, जो 75.9 प्रतिशत रहा। जिले में कुल 70.21 प्रतिशत मतदान हुआ है।

84 अध्यक्ष पदों व 277 पार्षदों का फैसला

जींद, नरवाना, उचाना, सफीदों अध्यक्ष पद के लिए कुल 84 उम्मीदवार मैदान में थे, जबकि 277 वार्ड पार्षद बनने के लिए अपना भाग्य आजमाया है। जींद में प्रधान पद के लिए 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है, जबकि 122 पार्षद, नरवाना में अध्यक्ष पद के 10 प्रत्याशी व 81 पार्षद, सफीदों में अध्यक्ष पद के लिए 9 प्रत्याशी, 50 प्रत्याशी पार्षद पद तथा उचाना में 7 प्रधान पद तथा 23 पार्षद पद के लिए मतदान कर चुके हैं। उचाना के वार्ड 4, 7, 11 व 13 में सर्वसम्मति हो चुकी है।

Thursday, June 16, 2022

June 16, 2022

अग्निपथ के विरोध में रोहतक में सुसाइड:पिता बोले- बेटे को सेना में जाने का जुनून था, आखिरी बार बात हुई तो मन नहीं भांप पाया

अग्निपथ के विरोध में रोहतक में सुसाइड:पिता बोले- बेटे को सेना में जाने का जुनून था, आखिरी बार बात हुई तो मन नहीं भांप पाया

जींद/रोहतक : भारतीय सेना में भर्ती की नई स्कीम 'अग्निपथ' के विरोध में सुसाइड करने वाले युवक का परिवार अपने बेटे की मौत के लिए सरकार को जिम्मेदार मानता है। हरियाणा के रोहतक में बतौर पेइंग गेस्ट (PG) रहकर दो साल से सेना भर्ती की तैयारी कर रहे जींद के लिजवाना कलां गांव के सचिन ने सुसाइड से चंद घंटे पहले ही अपने पिता सत्यपाल से बात की थी।

22 साल के बेटे के सुसाइड की खबर मिलने के बाद रोहतक PGI में उसकी बॉडी लेने पहुंचे सत्यपाल को इस बात का मलाल है कि बेटे से बातचीत में वह उसके मन की बात को भांप नहीं पाए। उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि कल शाम को उनकी सचिन से हुई बातचीत आखिरी थी और अब उनका बेटा कभी लौटकर नहीं आएगा।
"पिता ने कहा- आखिरी बार बात हुई तो मायूसी का अहसास नहीं हुआ*

सत्यपाल के अनुसार, कल शाम को जब सचिन से बात हुई तो उन्होंने उससे पूछा कि तूझे किसी चीज की जरूरत तो नहीं है? जवाब में उसने कहा कि सबकुछ है। इसके बाद उन्होंने बेटे से अच्छे से भर्ती की तैयारी करने को कहा। इसके बाद फोन कट गया।

सेना से रिटायर्ड सत्यपाल ने अफसोस भरे लहजे में कहा कि अगर बातचीत में बेटे की परेशानी या मायूसी का जरा सा भी अहसास हो जाता तो मैं 35 किलोमीटर दूर गांव से दौड़कर रोहतक में उसके पास पहुंच जाता। उसके कभी सुसाइड नहीं करने देता।

डबडबाई आंखों से आकाश की तरफ निहारते हुए सत्यपाल ने कहा, 'सचिन छोटा था, इसलिए सबका लाड़ला था। बेटे की तरह उनका भी सपना था कि उनका खून उन्हीं की तरह फौज में भर्ती होकर देश सेवा करे।'

इस बीच सचिन की मौत से आहत लिजवाना कलां ​​​​​​ और उसके आसपास के ​चार गांवों के लोगों ने शनिवार को जींद-रोहतक रोड जाम करने की चेतावनी दी है। इन चारों की गांवों के बच्चे लिजवाना कलां गांव के स्टेडियम में सेना में भर्ती की तैयारी करते हैं।
सचिन की मौत के बाद लिजवाना में उनके घर में उमड़े ग्रामीण।

*परिवार को सचिन से थी बड़ी उम्मीदें*

जींद के ऐतिहासिक गांव लिजवाना कलां के सत्यपाल ने बताया कि वह खुद सेना में रहकर देश की सेवा कर चुके हैं। उनकी चार बेटियां और दो बेटे हैं। सचिन सबसे छोटा था। उसकी चारों बहनों और बड़े भाई मंगत की शादी हो चुकी है। मंगत बेरोजगार है। परिवार में केवल सचिन ही अविवाहित था। वह अपना और अपने परिवार का सपना पूरा करने के लिए दो बरसों से रोहतक में रहकर आर्मी की भर्ती की तैयारी कर रहा था। परिवार को भी सचिन से बड़ी उम्मीदें थीं। देश सेवा के साथ-साथ परिवार का खर्च चलाने के लिए वह सेना में भर्ती होना चाहता था।

*2 साल पहले आर्मी भर्ती में फिजिकल और मेडिकल टेस्ट दिया था*

सचिन 2 साल पहले गोवा में हुई आर्मी की 'रिलेशन भर्ती' में फिजिकल और मेडिकल टेस्ट पूरा कर चुका था। अब केवल लिखित पेपर होना बाकी था। कोरोना और दूसरी वजहों से 2 साल में कई बार पेपर की तारीख आगे खिसकती रही। सेना में जाना उसका जुनून बन चुका था।

लिखित पेपर के लिए सचिन दो साल से रोहतक में रहकर कोचिंग ले रहा था। सचिन की बड़ी बहन पूनम कहती हैं कि उन्होंने कई बार समझाना चाहा लेकिन सचिन के दिमाग पर केवल सेना में जाने का भूत सवार था। वह कोई दूसरी नौकरी या काम करने को तैयार नहीं था।
पीजीआई में पहुंचे डीएसपी पुलिस के जवानों से जानकारी लेते हुए।

*बहन से साझा किया भाई का दर्द*

रोहतक में बतौर पेइंग गेस्ट रहकर सेना भर्ती की तैयारी कर रहा सचिन आर्मी में भर्ती के लिए लाई गई अग्रिपथ योजना से मायूस हो गया था। बुधवार को ही उसने अपने पिता सत्यपाल को फोन किया था कि वह जल्दी ही गांव आएगा। केंद्र सरकार की नई योजना आने के बाद सचिन ने खरकरामजी में ब्याही गई अपनी बड़ी बहन पूनम को भी फोन किया था। बहन से बातचीत में उसने कहा था कि अब वह अपना शायद सपना पूरा नहीं कर पाएगा। पूनम के अनुसार, उन्होंने फोन पर बातचीत में सचिन को हौसला बनाए रखने के लिए कहा था मगर वह सुसाइड कर लेगा, इसका आभास नहीं था।

*रात में दोस्त के जन्मदिन पर की पार्टी*

परिवार ने बताया कि बुधवार को सचिन के दोस्त का जन्मदिन था। वह उसके जन्मदिन की पार्टी में भी गया और देर रात लौटा। पार्टी में भी वह दोस्तों के साथ बहुत ज्यादा घुलमिल नहीं पाया। सचिन के रूम मेट रूपेश ने बताया कि सचिन काफी शालीन स्वभाव का था और सबके साथ घुल मिलकर रहता था। बुधवार शाम को उसने बताया था कि वह बर्थ-डे पार्टी में जा रहा है और वापसी में उसके साथ कुछ साथी होंगे इसलिए आप दूसरे कमरों में सो जाना। देर रात जब सचिन लौटा तो वह लोग सो चुके थे। गुरुवार सुबह उन्होंने आवाज लगाई लेकिन जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने गेट तोड़ दिया। अंदर सचिन की बॉडी फंदे पर झूल रही थी।

*तीन-चार दिन से परेशान था*

पेइंग गेस्ट में सचिन के साथ रहकर कोचिंग लेने वाले युवकों ने उसके परिवार को बताया कि सचिन तीन-चार दिन से परेशान था। हालांकि अपनी परेशानी का पता उसने घरवालों को नहीं लगने दिया। सेना भर्ती की परीक्षा न होने और नई स्कीम के कारण वह परेशान था। उसने अपनी परेशानी का जिक्र दोस्तों के आगे किया तो था मगर खुलकर कुछ नहीं बताया। इसलिए दोस्तों को भी आभास नहीं हुआ कि सचिन आत्महत्या जैसा कदम उठा सकता है।

*पिता ने दिया युवाओं को संदेश*

सचिन के पिता और पूर्व सैनिक सत्यपाल ने कहा कि किसी भी तरह के हालात में युवाओं को धैर्य बनाए रखने की जरूरत है। युवाओं को चाहिए कि वह अपने परिवार के हितों को देखते हुए ऐसा कोई कदम न उठाएं जिससे उनके परिवार को दिक्कत हो। सत्यपाल ने कहा कि शायद उनके बेटे का वक्त आ गया था।

*4 गांवों के युवाओं में मायूसी*

सचिन अपने गांव लिजवाना कलां के स्टेडियम में ही आर्मी भर्ती की तैयारी करता था। इस स्टेडियम में लिजवाना कलां के अलावा आसपास के अकालगढ़, मेहरड़ा और फतेहगढ़ के युवा भी आते हैं। यह सभी युवा सेना और पुलिस में भर्ती के लिए मेहनत करते हैं। सचिन की मौत से मायूस इन युवाओं ने कहा कि सरकार की गलत नीति की वजह से यह घटना घटी है। शनिवार को चारों गांवों के युवा जुलाना पहुंचकर जींद-रोहतक मार्ग को जाम करेंगे।
June 16, 2022

हरियाणवी गायिका अनु कादयान और केडी ने AAP प्रत्यासी के लिए वोटों अपील की

36 बिरादरी से समर्थन मांग कर डॉ रजनीश जैन दे रही हैं परिवर्तन लाने का भरोसा              

*पश्चिमी जोन अध्यक्ष लक्ष्य गर्ग ने भी शिरकत की*                        
*जाने-माने हरियाणवी कलाकार आम आदमी पार्टी के प्रदेश युवा विंग अध्यक्ष व प्रसिद्ध हरियाणवी कलाकार कुलबीर दनोदा के डी का रोड शो चर्चा का विषय बना*                
  *जानी मानी हरियाणवी गायिका अनु कादयान ने भी वोटों की अपील की*                                         

जींद: 15 जून: आम आदमी पार्टी की चेयरमैन प्रत्याशी डॉ रजनीश जैन का चुनाव प्रचार जैसे-जैसे शहर की सरकार के चेयरमैन चुनाव की घड़ी नजदीक आ रही है वैसे- वैसे लोगों का रुझान डॉ रजनीश जैन की जीत के पक्ष में आ रहा है। जाने-माने हरियाणवी कलाकारों के चुनाव प्रचार व इलेक्शन कैंपेन में जॉन अध्यक्ष लक्ष्य गर्ग के शिरकत करने से उन्होंने अन्य प्रत्याशियों पर अपनी बढ़त बना ली है ।               
गौरतलब है कि हरियाणवी कलाकार व आम आदमी पार्टी के प्रदेश वरिष्ठ नेता कुलबीर दनोदा ( केडी ) ने रोड शो की अध्यक्षता करते हुए व प्रदेश महिला अध्यक्ष हरियाणवी गायिका अनु कादयान ने डॉक्टर रजनीश जैन के पक्ष में वोट डालने की अपील करते हुए स्थानीय भिवानी रोड पर  प्रोग्रामों में शिरकत की। उन्होंने कहा कि एक मौका जींद शहर की जनता को आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी को भी देना चाहिए आम आदमी पार्टी की झाडू ही भ्रष्टाचार को पूरे प्रदेश में साफ करने का काम करेगी। उन्होंने भ्रष्टाचार पर  चोट  आपको वोट की पुरजोर अपील की ।  ज्ञात हो कि डॉ रजनीश जैन अनेकों नुक्कड़ सभाएं व जोरदार जनसंपर्क अभियान चलाकर इस चुनावी जंग में खुद को जनता की पहली पसंद बन चुकी समाज सेविका डॉ रजनीश जैन जींद शहर लोगों के बीच 36 बिरादरी के नेता सिद्ध हो चुकी है व जनता के बीच जाकर अपील और आवाहन कर रही है की वे जींद शहर को चमका कर के रख देंगी ।  उन्होंने कहा कि जींद की जनता की समस्याओ एवं तकलीफ तथा भ्रष्टाचार को खत्म करके ही दम लेंगे व राजनीति की दिशा को सकारात्मकता व विकास की ओर ले जाने का काम करेंगे। डॉक्टर रजनीश जैन अपने संबोधन में केवल जींद की हित की ही बात कर रही है। जींद की बदहाली के आलम को संवारने आम आदमी पार्टी की जन हितैषी और जनहितकारी नीतियों के लिए ही लोगों से समर्थन मांग रही हैं। लाग लपेट व विवादों से कोसों दूर डॉ रजनीश जैन का व्यवहार लोगों को बहुत रास आ रहा है । इस लिहाज से डॉ रजनीश जैन जींद की जनता की पहली पसंद बन चुकी हैं, नंबर वन कैंडिडेट बन चुके हैं।
June 16, 2022

मोदी की तानाशाही के सामने ना कांग्रेसी झुकेंगे, ना दबेंगे, ना डरेंगे- सुरेश गुप्ता

मोदी की तानाशाही के सामने ना कांग्रेसी झुकेंगे, ना दबेंगे, ना डरेंगे- सुरेश गुप्ता

चंडीगढ़: मोदी सरकार की तानाशाही के सामने कांग्रेसी ना झुकेंगे, ना दबेंगे और ना ही डरेंगे। यह कहना है हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश गुप्ता का। गुप्ता आज चंडीगढ़ में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने ईडी और अन्य संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग को लेकर भाजपा को आड़े हाथों लिया। 
गुप्ता ने कहा कि राजनीतिक प्रतिशोध के चलते संस्थाओं का दुरुपयोग कर केंद्र सरकार कांग्रेस नेताओं को निशाना बना रही है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर झूठे मुकदमे दर्ज कर उन्हें परेशान किया जा रहा है। पूरे देश में कांग्रेसी इसके खिलाफ रोष प्रदर्शन कर रहे हैं। यह प्रत्येक भारतीय का संवैधानिक अधिकार है। 
लेकिन सांसद दीपेंद्र हुड्डा समेत कई कांग्रेस नेताओं को उनके आवास पर नजरबंद करना, कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों के साथ मारपीट करना और नेताओं को हिरासत में लेना बताता है कि मोदी सरकार का देश के लोकतंत्र को कुचलना चाहती है। उसने तानाशाही की सारी सीमाएं लांग दी है। यह सरकार विपक्ष की आवाज को पूरी तरह बंद करना चाहती है। ऐसे में जिस कांग्रेस पार्टी ने देश को आजाद करवाकर यहां लोकतंत्र स्थापित किया, उसी कांग्रेस ने  लोकतंत्र की सुरक्षा का बीड़ा भी उठाया है। कांग्रेसी हर मंच पर, सड़क से लेकर संसद तक सरकार की इस अलोकतांत्रिक और तानाशाही कार्यवाही के खिलाफ आवाज उठाएंगे।
सुरेश गुप्ता ने बताया कि 18 जून 2022, दिन शनिवार को भाजपा द्वारा अपनाये जा रहे अलोकतांत्रिक रवैये के विरोध में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा भारत के महामहिम राष्ट्रपति के नाम से हरियाणा के माननीय राज्यपाल को एक ज्ञापन भी सौपा जायेगा।
June 16, 2022

सेना भर्ती के लिये अग्निपथ योजना के दूरगामी परिणाम बेहतर नहीं होंगे - भूपेंद्र हुड्डा

अग्निपथ योजना पर पुनर्विचार करे सरकार - भूपेंद्र हुड्डा

इसे तर्कसंगत बनाए और सेना से निकले जवानों को स्थायी जॉब देने की नीति लेकर आए - भूपेंद्र हुड्डा
सेना भर्ती के लिये अग्निपथ योजना के दूरगामी परिणाम बेहतर नहीं होंगे - भूपेंद्र हुड्डा
4 साल बाद सेवा से निकाल दिये गये 75 प्रतिशत नौजवान फिर बेरोजगार हो जायेंगे और नौकरी के लिये दर दर की ठोकर खाने को मजबूर होंगे - भूपेंद्र हुड्डा
पिछले 3 वर्षों में ओवरएज हो चुके युवाओं को आयु सीमा में छूट देने पर भी विचार करे सरकार - भूपेंद्र हुड्डा

चंडीगढ़, 15 जून :  पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सेना भर्ती के लिये बनायी गयी नयी अग्निपथ पॉलिसी को न तो देश हित में न ही नौजवानों के हित में बताया और सरकार से अनुरोध किया कि इस पॉलिसी पर पुनः विचार करे साथ ही इसे तर्कसंगत बनाते हुए 4 साल बाद बाद सेना से निकले जवानों को स्थायी जॉब देने की नीति लेकर आए। उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना को लेकर देश भर के नौजवानों में मायूसी है। इस योजना को तैयार करते समय इसके दूरगामी परिणामों पर पूरी तरह से विचार नहीं किया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय में इस पॉलिसी का असर बेहद बुरा होगा जो देश की सुरक्षा के हित में भी नहीं है। ऐसा लगता है कि सरकार वेतन, पेंशन, ग्रेच्युटी का पैसा बचाने और सैन्य बल की क्षमता को घटाकर आधा करने की नीयत से देश की सुरक्षा के साथ समझौता कर रही है। 

उन्होंने कहा कि कोरोना के नाम पर पिछले 3 वर्षों से सेना में भर्ती बंद होने के चलते बड़ी संख्या में युवा ओवरएज हो चुके हैं। इस नयी पॉलिसी के लागू होने के बाद जो नौजवान पिछले कई वर्षों से सेना भर्ती की आस लगाये बैठे थे न सिर्फ उनको, बल्कि उन नौजवानों जिन्होंने सेना भर्ती के लिये लिखित परीक्षा, फिजिकल टेस्ट दे दिये थे और परिणाम का इंतजार कर रहे थे, की भी उम्मीदों पर भी पानी फिर गया है। पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा ने मांग करी कि सरकार पिछले 3 वर्षों में ओवरएज हो चुके युवाओं को आयु सीमा में छूट देने पर भी विचार करे। 
अग्निपथ योजना की खामियों को गिनाते हुए चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि अग्निवीर के तौर पर जिन्हें सेना में भर्ती किया जायेगा उनमें से 75 प्रतिशत जवानों को 4 साल बाद रिटायर कर दिया जायेगा। उनके भविष्य का क्या होगा, इसका कोई ख्याल नहीं रखा गया है। यह योजना सेना की परंपरा, प्रकृति, नैतिकता और मूल्यों पर खरी नहीं उतरती। योजना के तहत प्रशिक्षण की जो अवधि तय की गई है वह अपर्याप्त है। कामचलाऊ प्रशिक्षण से सेना की क्षमता और प्रभाव पर बुरा असर पड़ सकता है। महज 4 साल की सर्विस होने से सेना को टूरिस्ट संगठन की तरह समझा जाने लगेगा। नई व्यवस्था में रेजिमेंट व्यवस्था खत्म होने से जवानों का नाम, नमक और निशान से लगाव भी खत्म हो जाएगा। सेना से 4 साल बाद निकाले गये अग्निवीरों को सेवा निधि के तौर पर 11.71 लाख एकमुश्त रकम देने की बात सरकार कह रही है, जबकि सच्चाई ये है कि इस निधि में से आधा हिस्सा ही सरकार का है आधा तो सैनिकों की कमाई का पैसा होगा। उन्होंने सीधा सवाल किया कि 4 साल बाद फिर से बेरोजगार होने वाले अग्निवीर क्या 11.71 लाख रुपये में पूरी जिंदगी बिता पायेंगे? उन्हें 4 साल की नौकरी के बाद न पेंशन, न मिलिट्री अस्पताल न कैंटीन की सुविधा ही मिल पायेगी। 
उन्होंने कहा कि साढ़े 21 साल और 25 साल की उम्र में फिर से जो 75 प्रतिशत सैनिक बेरोजगार होंगे उनके स्थायी रोजगार के लिये सरकार ने कोई योजना नहीं बनाई है और उन्हें अधर में छोड़ दिया है। इसके अलावा, सेना की 4 साल की सर्विस पूरी करने वाले इन नौजवानों की फौज नौकरी के लिये दर-दर भटकने को मजबूर हो जायेगी। हथियारों का प्रयोग जानने वाले ऐसे बेरोजगार नौजवानों को आसानी से गुमराह किया जा सकता है जो समाज के लिये गंभीर खतरा साबित हो सकता है। भूपेंद्र हुड्डा ने फिर दोहराया कि सरकार देश और समाज के व्यापक हित को ध्यान में रखकर निर्णय ले और इस योजना पर पुनर्विचार करे।
June 16, 2022

CA बनना चाहती है जींद की मुस्कान:12वीं में 496अंक लेकर दूसरे स्थान पर रही; कॉमर्स को दिए हर दिन 5 घंटे

CA बनना चाहती है जींद की मुस्कान:12वीं में 496अंक लेकर दूसरे स्थान पर रही; कॉमर्स को दिए हर दिन 5 घंटे

जींद : हरियाणा के जींद के नरवाना की छात्रा मुस्कान ने बुधवार को घोषित हुए हरियाणा बोर्ड के 12वीं के रिजल्ट में कॉमर्स संकाय में 496 अंक लेकर राज्यभर में दूसरा स्थान हासिल किया है। छात्रा ने हरियाणा बुलेटिन न्यूज़ से अपनी सफलता का राज शेयर करते हुए कहा कि वो हर विषय को पहले समझती, फिर दोहराती है और इसी से सफलता की सीढ़ी चढ़ गई। मुस्कान सीए बनना चाहती है। बेटी के अच्छे रिजल्ट से घर में मिठाई बंट रही है। पिता रमेश सिंगला और माता ममता फूले नहीं समा रही। स्कूल सटाफ के साथ जानकार बधाई दे रहे हैं।
एसडी कन्या महाविद्यालय नरवाना की छात्रा मुस्कान ने कॉमर्स संकाय में 496 अंक प्राप्त किए हैं। नरवाना के अग्रसेन नगर निवासी ममता ने कहा कि वो कॉमर्स की पढ़ाई के लिए दिन में चार से पांच घंटे देती थी। कॉमर्स के हर विषय को वो पूरी तन्मयता से पढ़ती थी। बचपन से ही उसका सीए बनने का सपना था और इसी सपने को साकार करने के लिए वो लगातार मेहनत कर रही थी। बाकायदा उसने इसके लिए कोचिंग भी ली। अब उसकी मेहनत का परिणाम सबके सामने है। पिता रमेश कुमार दुकानदार हैं तो मां ममता देवी ग्रहणी हैं।
मुस्कान अपनी मां ममता ओर पिता रमेश सिंगला के साथ।

*सोशल मीडिया से रही बिल्कुल दूर*

तीन भाई बहनों में सबसे बड़ी ममता ने कहा कि जब वो बारहवीं कक्षा में हुई तो उसने सोशल मीडिया से बिल्कुल पूरी तरह से दूरी बना ली। उसने मोबाइल का बहुत कम प्रयोग किया। अगर कभी जरूरत भी पड़ी तो वो मोबाइल पर बारहवीं कक्षा के कॉमर्स के पुराने प्रश्र पत्र या विषय संबंधित ही जानकारी देखा करती थी।
*हर विषय को पहले समझती, फिर दोहराती,*

ममता ने बताया कि पढ़ाई के दौरान अकाउंट, कॉमर्स विषय सहित अन्य सभी विषयों को पहले वो एक-एक कर समझती थी। इसके लिए वो अध्यापकों से पूछती थी। उसके मन में विषय संबंधित जो भी जिज्ञासा होती थी वो उनका समाधान करवाती। इसके बाद वो उन्हें घर पर पढ़ाई के दौरान दोहराती थी। बाकायदा खुद से विषय को लेकर टैस्ट भी लेती थी। हर विषय को पक्का करने के लिए वो बार-बार वर्क करती। उसने कभी भी विषय को लेकर रट्टा मारी नहीं की बल्कि हर विषय को बारिकी से समझा।

Wednesday, June 15, 2022

June 15, 2022

अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन में डॉक्टर जैन को दिया अपना पूर्ण समर्थन

अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन में डॉक्टर जैन को दिया अपना पूर्ण समर्थन

जींद :14 जून: आम आदमी पार्टी की चेयरमैन प्रत्याशी आयरन लेडी के खिताब से नवाजी गई । डॉक्टर रजनीश जैन ने शहर में अनेकों नुक्कड़ सभाओं व जनसंपर्क अभियान के दौरान कहा है कि यदि उन्हें शहरवासी जीता कर नगर परिषद की बागडोर संभालने का मौका देते हैं तो वे जींद शहर को चमका कर के रख देंगी। विकास कार्यों की झड़ी लगा देंगी। जींद की जनता की आशाओं पर खरा उतरेगी ।  उन्होंने जींद के सभी वार्ड से  भारी जन समर्थन मिलने पर अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि वे जींद शहर  की जनता की समस्याओं व तकलीफों एवं भ्रष्टाचार को खत्म करके  ही दम लेंगी।                      
उन्होंने आगे कहा कि वे जो भी वादा करेगी समूची गारंटी के साथ पूरा करने का वचन देती है।  जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र ,प्रॉपर्टी आईडी ,भवन निर्माण नक्शा व नगर परिषद से संबंधित अन्य दस्तावेजों को ऑनलाइन आवेदन करने की व्यवस्था करवाएंगे ,शहर की सभी सड़कों के सुधार का कार्य किया जाएगा ,खाली प्लॉट पर टैक्स नहीं लगाए जाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा 
साफ-सुथरे सुलभ शौचालय एवं पीने के पानी की संपूर्ण व्यवस्था की जाएगी, पूरे शहर में स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त किया जाएगा  शहर की भीड़ वाली जगहों पर पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध करवाई जाएगी, सीवर व्यवस्था दुरुस्त करवाने एवं नई पाइप लाइन बिछाने का काम जल्द से जल्द किया जाएगा शहर में घूम रही गौ माता के लिए चारे की उचित व्यवस्था की जाएगी आवारा और बेसहारा घूम रहे पशुओं से निजात मिलेगी। शहर के बच्चों भविष्य के लिए वातानुकूलित पुस्तकालय की व्यवस्था होगी।                                      
जींद शहर के सभी वार्ड  की सामूहिक समस्याओं से पूर्णतया परिचित सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से सुधार कार्य करने में पूर्ण रूप से सक्षम है व परिवारवाद जाति धर्म से ऊपर उठकर  सभी के दुख दर्द समस्याओं को समझने वाली सशक्त महिला है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में काफी कार्य किए हैं। डॉ जैन द्वारा घोषित शपथ कि वे महिलाओं की ओपीडी फ्री करेंगे कि पूरे शहर में भूरी भूरी प्रशंसा की जा रही है। 

गौरतलब है कि अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण, प्रदेश प्रवक्ता विपिन एवं जिला अध्यक्ष सुनील कुमार अग्रवाल समाज से पूर्ण समर्थन व सहयोग का वादा किया।