Breaking

Thursday, July 7, 2022

July 07, 2022

भगवंत मान की दुल्हन बनीं गुरप्रीत कौर, अरविंद केजरीवाल ने निभाई पिता की रस्में

भगवंत मान की दुल्हन बनीं गुरप्रीत कौर, अरविंद केजरीवाल ने निभाई पिता की रस्में

चंडीगढ़ : भगवंत मान आज शादी के बंधन में बंध गये। डॉक्टर गुरप्रीत कौर से उनकी शादी हुई है। यह मान की दूसरी शादी है. दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल भी उनको आशीर्वाद देने पहुंचे। 

भगवंत मान और गुरप्रीत कौर की शादी आखिरकार संपन्न हो गई है। दोपहर 12 बजे करीब दोनों शादी के बंधन में बंध गये। दिल्ली के सीएम केजरीवाल परिवार समेत शादी में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने ही शादी में पिता की रस्में अदा कीं। शादी में सीमित मेहमानों को बुलाया गया था, शादी का कार्यक्रम सीएम आवास पर ही रखा गया था। 

बता दें कि 32 साल की गुरप्रीत कौर भगवंत मान (उम्र 48) से 16 साल छोटी हैं। दोनों की मुलाकात करीब चार साल पहले हुई थी। भगवंत मान की यह दूसरी शादी है। पहली पत्नी से उन्होंने 2015 में तलाक लिया था। 
भगवंत मान की शादी हो गई है। शादी की रस्में (आनंद कारज) संपन्न हो चुका है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने यहां पिता की रस्में निभाईं। अब वहां लंच हो रहा है। 

शादी से पहले मान का रास्ता सालियों ने रोक लिया था। फिर रिबन कटाई का नेग वाला पैसा भी लिया गया  बता दें कि पंजाब के इतिहास में पहली बार किसी सीएम की शादी पद पर रहते हुई है। 
सीएम भगवंत मान दूल्हा बनकर तैयार हो गये हैं। उनकी ताजा तस्वीरें सामने आई हैं। 

*दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पूरे परिवार के साथ*

चंडीगढ़ मुख्यमंत्री निवास पहुंच गये हैं। भगवंत मान की शादी में दिल्ली के मुख्यमंत्री पिता की भूमिका निभाएंगे और तमाम रस्में पूरी करेंगे। इस बीच भगवंत मान की यह फोटो राघव चड्ढा ने शेयर की है। 

अरविंद केजरीवाल चंडीगढ़ से होते हुए मोहाली पहुंच चुके हैं। वह यहां भगवंत मान की शादी में शामिल होने के लिए आए हैं। केजरीवाल ने कहा कि मान का आज नया सफर शुरू हो रहा है। उनको बधाई। 
राघव चड्ढा ने बताया है कि भगवंत मान की शादी में अरविंद केजरीवाल पिता की रस्में अदा करेंगे। जानकारी के मुताबिक, केजरीवाल कुछ देर बाद चंडीगढ़ लैंड करेंगे। 3:30 बजे वह चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए वापस रवाना हो जाएंगे। 
*'दिन शगना दा चढेया...', शादी के ठीक पहले भगवंत मान की दुल्हन ने ट्वीट की फोटो*

पंजाब सीएम की शादी में वैसे बेहद कम और खास लोगों को ही बुलाया गया है। लेकिन जिन लोगों को बुलाया गया है कि उनके लिए शाही दावत का इंतजाम है। शादी में क्या-क्या परोसा जाएगा उसका मेन्यू आ गया है। 

*Bhagwant Mann की शादी पर अकाली दल ने साधा निशाना*

अकाली दल के प्रवक्ता और सीनियर नेता दिलजीत चीमा ने कहा कि शादी में अकाली दल को नहीं बुलाया गया है। वह बोले कि दिल्ली मॉडल के बाद अब पंजाब सरकार इमरान खान मॉडल पर आ गई है। यहां चीमा ने मान की दूसरी शादी पर तंज कसा। 
डॉक्टर गुरप्रीत कौर का परिवार फिलहाल भले पंजाब में रहता हो, लेकिन उनका पुश्तैनी निवास हरियाणा के कुरुक्षेत्र में है। गुरप्रीत कौर की बहन की शादी भी राजनीतिक परिवार में हुई है। उनकी शादी पूर्व कैबिनेट मंत्री जसविंदर सिंह संधू के बेटे से हुई थी। वहीं उनके परिवार के बाकी कुछ लोग भी पॉलिटिक्स से जुड़े हैं। 


भगवंत मान आज दूसरी बार शादी के बंधन में बंध जाएंगे। डॉक्टर गुरप्रीत कौर से शादी के साथ ही पंजाब के सीएम मान हरियाणा के दामाद होंगे। क्योंकि गुरप्रीत कौर के परिवार का पुश्तैनी निवास हरियाणा के कुरुक्षेत्र में है. दोनों ही परिवार ने शादी को काफी सीक्रेट रखा। खास रिश्तेदारों को भी टीवी के माध्यम से सिर्फ एक दिन पहले पता चला।
July 07, 2022

नगर परिषद नरवाना का ईओ 40 हजार रिश्वत लेेते काबू

नगर परिषद नरवाना का ईओ 40 हजार रिश्वत लेेते काबू   

*बिल्डिंग निर्माण बिल पास करने की एवज में मांगी थी रिश्वत*

जींद : स्टेट विजिलेंस ने नगर परिषद नरवाना के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) को बिल्डिंग निर्माण बिल पास करने की एवज में 40 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा।
पुलिस ने ईओ के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
बिल्डिंग निर्माण ठेकेदार बलकार ने स्टेट विजिलेंस को दी शिकायत में बताया कि वह बिल्डिंग निर्माण करता है और उसने नगर परिषद नरवाना के तहत निर्माण कार्य का ठेका लिया हुआ है। निर्माण कार्य के बिल पास करवाने की एवज में नगर परिषद नरवाना का ईओ राजेंद्र 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा है। 
डयूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर  तहसीलदार अजय सैनी व डीएसपी मनीष, सब इंस्पेक्टर बलजीत, अनिल को टीम में शामिल किया गया। 
छापामार दल ने शिकायतकर्ता को दो-दो हजार के 20 नोट डयूटी मजिस्ट्रेट द्वारा पाउड़र लगा कर दे दिए। योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता ने नोटों को ईओ राजेंद्र को सौंप दिया। इशारा मिलते ही छापामार दल ने ईओ राजेंद्र को पकड़ लिया। तालाशी लिए जाने पर उसकी जेब से मजिस्ट्रेट द्वारा हस्ताक्षरित तथा पाउडर युक्त नोट बरामद हुए। हाथ धुलाए जाने पर उसके हाथों का रंग लाल हो गया। विजिलेंस विभाग ने ईओ राजेंद्र के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।

Tuesday, July 5, 2022

July 05, 2022

जेजेपी ने दो दिवसीय संवाद कार्यक्रम में संगठन मजबूत पर दिया

जेजेपी ने दो दिवसीय संवाद कार्यक्रम में संगठन मजबूत पर दिया 

- वरिष्ठ नेताओं ने फील्ड से लेकर सोशल प्लेटफार्म तक जेजेपी की सक्रियता बढ़ाने के दिए मूल मंत्र

चंडीगढ़ : जननायक जनता पार्टी ने संगठन मजबूती पर बल देते हुए दो दिवसीय संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। दो दिन चली मैराथन बैठकों में  पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह, वरिष्ठ नेता डॉ. केसी बांगड़, राजेंद्र लितानी सहित तमाम वरिष्ठ नेताओं ने पदाधिकारियों को फील्ड से लेकर सोशल प्लेटफार्म तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने के मूल मंत्र दिए। गुरुग्राम में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी द्वारा सभी जिला अध्यक्षों, जेजेपी प्रदेश व जिला प्रवक्ताओं, टीवी पैनलिस्टों, आईटी सेल के पदाधिकारियों तथा युवा जिला अध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया गया और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
 
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने संवाद कार्यक्रम को जरूरी बताते हुए कहा कि पार्टी द्वारा समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में जिला स्तर पर भी पार्टी द्वारा विचार गोष्ठी के कार्यक्रमों का आयोजन होगा। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि वे हर माह पार्टी के सभी जिला अध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे और संगठन बारे अपडेट लेंगे। उन्होंने जिला अध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने जिले के सभी प्रकोष्ठों के जिला अध्यक्षों के साथ बैठक का आयोजन करें और संगठन विस्तार सहित तमाम विषयों पर रिपोर्ट तैयार करके पार्टी प्रदेश कार्यालय भेजें। डिप्टी सीएम ने कहा कि पार्टी पदाधिकारी  प्रचार-प्रसार पर भी पूरा फोकस करें। उन्होंने कहा कि फील्ड पर घर-घर जाकर नए साथियों को पार्टी की नीतियों से अवगत करवा कर उन्हें साथ जोड़ें। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि अब सोशल मीडिया जमाना का है और सोशल प्लेटफॉर्म पर पार्टी की नीतियों, सरकार के कार्यों के प्रचार-प्रसार को बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि आईटी प्रकोष्ठ के लिए एक एप्प तैयार हो चुकी है और जिसे जल्द लॉन्च किया जाएगा। दुष्यंत चौटाला ने पार्टी प्रवक्ताओं, टीवी पैनलिस्टों को डिबेट में आत्मविश्वास, तथ्यों, भाषा के इस्तेमाल में गरिमा- शालीनता के साथ पार्टी का मजबूती से पक्ष रखने को कहा।
कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन सचिव राजेंद्र लितानी ने जननायक चौधरी देवीलाल की नीतियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि चौ. देवीलाल ने जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को जाना और गरीब किसान, कमेरे समेत तमाम वर्गों के हित में विभिन्न जन कल्याणकारी नीतियां लागू की। उन्होंने कहा कि जननायक चौधरी देवीलाल के दिखाए रास्ते पर चलते हुए पार्टी वर्कर्स भी जन सेवा में सदैव समर्पित रहे। महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष शीला भ्याण ने राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को अहम बताया और कहा कि विधायक नैना चौटाला ने हरी चुनरी चौपाल कार्यक्रम के जरिए राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को वादे अनुसार पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत का आरक्षण, राशन डिपो में 33 प्रतिशत का अधिकार मिला है। 
 पार्टी के युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र सांगवान ने कहा कि युवा टीम द्वारा सभी 90 विधानसभाओं में ‘एक बूथ एक यूथ’ कार्यक्रम जारी है। हर बूथ पर पार्टी के युवा साथियों की मजबूत टीमें तैयार हो रही है जो कि आगामी 2024 के चुनावों में अहम भूमिका निभाएगी। इसके अलावा युवा प्रकोष्ठ द्वारा जिला स्तर पर बड़े कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। पार्टी के राष्ट्रीय प्रचार सचिव दलबीर धनखड़ व राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रतीक सोम द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कार्यक्रम के पहले दिन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह, राज्य मंत्री अनूप धानक सहित संगठन के रणनीति से जुड़े तमाम नेताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दोनों दिन पार्टी के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. केसी बांगड़ ने पदाधिकारियों को देश व प्रदेश की राजनीतिक इतिहास से अवगत करवाया।
July 05, 2022

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में तीसरा शार्प शूटर गिरफ्तार:19 साल के अंकित ने सबसे पास जाकर मारी थी गोलियां, यह उसका पहला मर्डर

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में तीसरा शार्प शूटर गिरफ्तार:19 साल के अंकित ने सबसे पास जाकर मारी थी गोलियां, यह उसका पहला मर्डर

चंडीगढ़ : पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या करने वाले तीसरे शार्प शूटर अंकित सेरसा को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह हरियाणा का रहने वाला है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उसे रविवार रात दिल्ली के कश्मीरी गेट से गिरफ्तार किया।

सिर्फ 19 साल के अंकित सेरसा ने हत्या के वक्त दोनों हाथ में गन लेकर मूसेवाला को गोलियां मारी थीं। यह उसका पहला मर्डर था। हत्या के वक्त वही मूसेवाला के सबसे करीब गया था। यही नहीं, उसने एक फोटो भी खिंचवाई, जिसमें बुलेट (कारतूस) से सिद्धू मूसेवाला लिखा है और वह पीछे बैठकर हत्या के संकेत दे रहा है।
पंजाब पुलिस ने सोमवार को सिद्धू मूसेवाला कत्ल कांड के दो सूटरों सहित चार व्यक्तियों का दिल्ली की पटियाला हाऊस कोर्ट से ट्रांजि़ट रिमांड हासिल किया है। पुलिस ने प्रियाबरत उर्फ फौजी (मुख्य शूटर), कशिश उर्फ कुलदीप (शूटर), दीपक उर्फ टीनू (गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई का करीबी सहयोगी) और केशव कुमार (मुख्य शूटरों को वाहन मुहैया करवाने और भगाने में मदद करने वाला) का ट्रांजि़ट रिमांड हासिल किया है।
दिल्ली से गिरफ्तार किए गए शार्प शूटर अंकित सेरसा और संजय भिवानी।

*35 दिन में 35 ठिकाने बदले*

दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर एचजीएस धालीवाल ने बताया कि मूसेवाला की हत्या के बाद यह एक दिन से ज्यादा कहीं नहीं रुके। यह 5 राज्यों में मूव करते रहे। इस दौरान फतेहाबाद, तोशाम, पिलानी, कच्छ, मध्य प्रदेश, बिलासपुर, यूपी, झारखंड में रुके। इसके अलावा दिल्ली-NCR और हरियाणा में भी इनकी मूवमेंट हुई।
सिद्धू मूसेवाला की 29 मई को मानसा के गांव जवाहरके में गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।

*2 दिन बाद कोई अनजान शख्स ले गया हथियार*

मूसेवाला की हत्या में जो भी हथियार इस्तेमाल हुए, उन्हें 2 दिन बाद यानी एक जून को कोई अनजान शख्स लेकर चला गया। इसकी भी पहले से ही प्लानिंग की गई थी। दिल्ली पुलिस उसकी तलाश कर रही है। वहीं कत्ल में इस्तेमाल AK 47 के बुलंदशहर से खरीदे जाने की पुष्टि नहीं की गई। इतना जरूर कहा गया कि दिल्ली पुलिस को अहम इनपुट मिले हैं।
*वारदात के लिए ली थी वर्दी, बाद में भागने के लिए रख ली*

पंजाब पुलिस की वर्दी को उन्होंने वारदात के लिए लिया था। हालांकि उसकी जरूरत नहीं पड़ी, लेकिन उन्होंने वर्दी को फेंका नहीं। उन्हें लगा कि इतनी मेहनत से वर्दी खरीदी है। वह उन्हें पूरी तरह फिट भी आ रही थी। उन्होंने सोचा कि अगर कहीं फंस गए तो फिर इसे पहनकर फरार हो सकते हैं।
*अंकित सेरसा की एक फोटो सामने आई है। इसमें वह बुलेट (कारतूस) से मूसेवाला लिखे है और पीछे हाथ में गन लेकर बैठा है।*

फौजी की वजह से गुजरात छोड़ा
दिल्ली पुलिस को अंकित सेरसा ने बताया कि वे 2 से 7 जून तक गुजरात के कच्छ में रुके। इसके बाद फौजी बिना मास्क के घूमने लगा। हालांकि उसने हुलिया चेंज करने के लिए पुलिस रिकॉर्ड वाली फोटो के उलट दाढ़ी कटवाकर हल्की कर ली थी। उसके बिना मास्क घूमने की वजह से अंकित सेरसा, दीपक मुंडी और सचिन भिवानी वहां से भाग निकले।
*वारदात से डेढ़ घंटे पहले फोन आया, मूसेवाला निकलने वाला है*

दिल्ली पुलिस के मुताबिक गोल्डी बराड़ ने इन शार्प शूटर्स को 28 मई को भी कॉल किया था। उन्हें 29 मई को वारदात करने को कहा गया था। वारदात से डेढ़ घंटे पहले कॉल आई कि मूसेवाला के घर का बड़ा दरवाजा खुल गया है। कभी भी वह घर से बाहर आ सकता है। जब मूसेवाला घर से निकला तो फिर शूटर्स को बताया गया कि मूसेवाला के साथ कोई गनमैन नहीं है। उसके 2 दोस्त हैं। वारदात के बाद फौजी ने कॉल कर बताया कि काम हो गया है।
*फौजी और कशिश को पंजाब लाएगी पुलिस*

वहीं, पहले पकड़े गए शामिल शार्प शूटर्स के लीडर प्रियवर्त फौजी और कशिश उर्फ कुलदीप को पुलिस पंजाब लेकर आएगी। उनके साथ केशव को भी लाया जाएगा। इसके लिए पंजाब पुलिस दिल्ली पहुंच गई है। तीनों इस वक्त तिहाड़ जेल में बंद हैं। पुलिस उनका प्रोडक्शन वारंट मांग रही है। जिसके बाद ट्रांजिट रिमांड लेकर उन्हें मानसा लाया जाएगा। वहीं मूसेवाला हत्याकांड के बाकी बचे शार्प शूटर मनप्रीत मनु कुस्सा, जगरूप रूपा और दीपक मुंडी के महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में छुपने के इनपुट मिले हैं। दिल्ली और पंजाब पुलिस इन राज्यों की पुलिस को साथ लेकर लगातार रेड कर रही है।
प्रियवर्त फौजी, कशिश और केशव को दिल्ली पुलिस ने गुजरात के मुंद्रा से गिरफ्तार किया था। दिल्ली पुलिस का रिमांड खत्म होने के बाद इन तीनों को तिहाड़ जेल भेजा जा चुका है।

*हत्या के बाद 9 दिन मानसा में रहे शूटर*

दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किए प्रियवर्त फौजी से पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है। मूसेवाला की हत्या के बाद शार्प शूटर 9 दिन तक मानसा में किसी अज्ञात जगह पर छिपे रहे। इसके बाद वह लगातार ठिकाने बदलते रहे। अंत में गुजरात पहुंचे। जहां से फौजी और कशिश पकड़े गए। अंकित सेरसा और दीपक मुंडी भाग निकले। सूत्रों की मानें तो जगरूप रूपा और मनु कुस्सा इनसे अलग चले गए।
*अज्ञात व्यक्ति ने की मदद, हर सामान मुहैया कराया*

सूत्रों के मुताबिक मानसा में छिपने के दौरान शार्प शूटर्स को खाने से लेकर जरूरत का हर सामान मुहैया कराया गया। वह सामान कौन देकर जाता था, इसके बारे में शार्प शूटर्स को भी पता नहीं है। यह संभावना जताई जा रही है कि कनाडा में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के गुर्गे ही उनकी मदद कर रहे थे।
July 05, 2022

इटली में विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में इसराना का साहिल करेगा देश का प्रतिनिधित्व, फ्री स्टाइल के 92 किलोग्राम भार वर्ग में उतरेगा

इटली में विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में इसराना का साहिल करेगा देश का प्रतिनिधित्व, फ्री स्टाइल के 92 किलोग्राम भार वर्ग में उतरेगा

सोनीपत : इटली में हाेने वाली विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में पानीपत के इसराना गांव का 17 वर्षीय पहलवान साहिल जागलान देश का प्रतिनिधित्व करेगा। वह फ्री स्टाइल कुश्ती के 92 किलो भार वर्ग में खेलेगा। यह प्रतियाेगिता इटली में 25 से 31 जुलाई तक आयाेजित की जाएगी। साहिल जल्द ही इंडिया कैंप से जुड़ेगा। फिर टीम के साथ ही इटली रवाना हाेगा। बता दें कि साेमवार काे बहालगढ़ सोनीपत के साई सेंटर में आयोजित सब जूनियर कुश्ती ट्रायल में साहिल जागलान ने अपनी कैटेगरी में सभी पहलवानाें काे हराकर प्रथम रहा। पहले मैच में राजस्थान के पहलवान 10-0 से और फाइनल में हरियाणा के ही पहलवान को 9-0 से हराया। इसके बाद उनका विश्व कुश्ती चैंपियनशिप का टिकट पक्का हुआ । काेच साेनू ने बताया कि बीती 5 जून काे पंचकुला में आयाेजित खेलाे इंडिया में पानीपत काे पहला गाेल्ड भी साहिल ने दिलाया था। साहिल पहले भी राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में दो गाेल्ड, नेशनल में दाे गाेल्ड और एक कांस्य पदक जीत चुका है।

*पिता का सपना कर रहे पूरा, राेजाना सुबह-शाम 8 घंटे अभ्यास करता*

साहिल ने बताया कि मेरे स्वर्गीय पिता जसमेर जागलान पहलवान थे और खेती किया करते थे। आर्थिक तंगी के कारण पिता बड़े स्तर के पहलवान नहीं बन पाए। जब मैं 6 साल का था ताे पिता गांव के अखाड़े में लेकर जाते थे। वह हमेशा कहा करते थे कि नामचीन पहलवान बनकर परिवार का नाम रोशन करना है। इसके कुछ दिन बाद पिता का देहांत हो गया। इसके बाद मेरे इस मुकाम तक पहुंचाने तक पहुंचने के लिए उसके चाचा मीनू जागलान व मां सरोज देवी का अहम योगदान रहा है। मां व चाचा ने तंगहाली से जूझते हुए उसकी खुराक का पूरा ख्याल रखा है। खुशी है कि पिता के सपने पूरा कर रहा हूं। इसराना हनुमान व्यायामशाला के कुश्ती कोच सोनू ने बताया कि 2016 में उसने यहां अभ्यास शुरू किया। साहिल काे जाे भी कुश्ती की टेक्नीक बताई जाती, वह इस पूरा अमल करता है। कभी भी अभ्यास करने से पीछे नहीं हटता है। राेजाना सुबह-शाम 8 घंटे अभ्यास करता है। उसके खेल में बहुत सुधार आया है। साहिल के अब नेशनल में 2 गाेल्ड सहित 3 मेडल हाे चुके हैं।
July 05, 2022

बेटी के जन्म लेने पर कुआं पूजन कार्यक्रम आयोजित, बेटे को वंश का प्रतीक मानने की सोच गलत : डा. भोला

बेटी के जन्म लेने पर कुआं पूजन कार्यक्रम आयोजित, बेटे को वंश का प्रतीक मानने की सोच गलत : डा. भोला

जींद/सफीदों : सफीदों स्थित राजीव कालोनी निवासी पुरूषोत्तम शर्मा के यहां 17 साल बाद बेटी के जन्म लेने पर कुआं पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला ने शिरकत की। उन्होंने यहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जो अभिभावक रूढ़ीवादी सोच के चलते बेटे को वंश का प्रतीक मानते है वो उनकी सोच गलत है। आज बेटी भी वंश का प्रतीक बन रही है। बदल रहे समय के साथ-साथ लोगों को अपनी सोच भी बदलनी होगी। बेटी आज बेटों से किसी क्षेत्र में पीछे नही है। खेल, शिक्षा, नौकरी, बिजनेस में भी बेटियां आज बेटों को मात दे रही हैं तो क्यों बेटा-बेटी में फर्क लोग रूढ़ीवादी सोच के चलते समझ रहे हैं। इसलिए अभिभावकों को चाहिए कि बेटियों को बोझ नहीं समझना चाहिए क्योंकि बेटी तो  मां दुर्गा, लक्ष्मी का रूप है। जिस समाज, देश में बेटियों का सम्मान नहीं होता है वह समाज कभी तरक्की नहीं कर सकता है। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा बेटियों के लिए चलाई जा रही अनेक योजनाओं की जानकारी दी। मां संतोष ने कहा कि बदल रहे समाज के साथ सोच को बदलना होगा। बेटियों को बेटों की तरह परिवार में अधिकार, सम्मान देने होंगे। इसकी शुरूआत महिलाओं को ही करनी होगी। कन्या भू्रण हत्या का महिलाओं को डट कर विरोध करना होगा। इस मौके पर पर्यावरण बचाने को लेकर भी जागरूक किया गया और प्रत्येक व्यक्ति को एक-एक पौधा लगाने का आह्वान किया गया। पिता पुरूषोत्तम शर्मा ने कहा कि आज प्रतिस्पर्धा का युग है। समय बदल रहा है।बेटी-बेटों से कदम से कदम मिला कर चल रही है। अभिभावकों को चाहिए कि वो बदल रहे समय के साथ अपनी सोच को भी बदलें। आज शिक्षा का जमाना है। अभिभावकों को चाहिए कि वो नारी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बेटियों को अधिक से अधिक शिक्षत करें। शिक्षित होने के बाद रूढ़ीवादी सोच के विचारों में भी बदलाव होगा। इस मौके पर अमन शर्मा, मनजीत शर्मा, गुरमीत सरदार, तरसेम, गोविंद, डा. राजेश, रामेश्वर शर्मा, विमल आदि मौजूद रहे।
July 05, 2022

आमजन 20 रूपये शुल्क देकर करवा सकता है खाद्य पदार्थो की गुणवत्ता का आंकलन: डॉ. भवर सिंह

लोगों की सेहत को सुधारने के लिए फूड एंड ड्रग्ज विभाग ने शुरू की कवायाद

आमजन 20 रूपये शुल्क देकर करवा सकता है खाद्य पदार्थो की गुणवत्ता का आंकलन: डॉ. भवर सिंह

जींद ( संजय कुमार ) -राज्य सरकार द्वारा खाद्य पदार्थों में मिलावट को रोकने के लिए जिला स्तर पर फूड टेस्टिंग प्रयोगशाला मोबाईल वैन चलाई गई है। यह वैन जिला के लोगों की सेहत सुधारने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा उपलब्ध करवायी गई। यह जानकारी जिला खाद्य सुरक्षा एवं औषधी अधिकारी डॉ०भवर सिंह ने दी।
फूड सेफ्टी अधिकारी डॉ भवर सिंह ने बताया कि वैन के माध्यम से खाद्य पदार्थो की गुणवत्ता के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए 29 जुलाई तक कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि फूड सेफ्टी वैन के माध्यम से लोगों के घर द्वार पर जांच करवाने को लेकर गत एक जुलाई से जिला में चल रही मोबाईल प्रयोगशालाओं वैन का शैडयूल जारी किया गया है। यह मोबाईल वैन 5 जुलाई को जुलाना क्षेत्र में, 6 जुलाई को पिल्लूखेडा, 7 व 8 जुलाई को सफीदों, 11 व 12 जुलाई को नरवाना, 13 जुलाई को उचाना,14 जुलाई को नगूरां,15 जुलाई को अलेवा, 18 जुलाई को जींद के नए बस अड्डा तथा पुलिस लाईन कैम्पस,19 जुलाई को जिला कोर्ट कैम्पस,20 जुलाई को देवीलाल चौक, 21 को रोहतक रोड तथा 22 जुलाई को भिवानी रोड, 25 जुलाई को जींद की पुरानी अनाजमंडी व घंटाघर , 26 जुलाई को सब्जी मंडी जींद, 27 जुलाई को पटियाला चौक जींद, 28 जुलाई को रेलवे स्टेशन जींद तथा इसी प्रकार 29 जुलाई को पॉलिक्लीनिक जींद में यह वैन पंहुचेगी। इस दौरान कोई भी व्यक्ति 20 रुपये निर्धारित शुल्क देकर खाद्य पदार्थो की गुणवत्ता की जांच करवा सकता है। उन्होंने बताया कि फूड सेफ्टी वैन के माध्यम से दूध, घी,मावा, मसाले, मिठाईयां, तेल पनीर, लाल मिर्च, हल्दी पावडर समेत खाद्य पदार्थो की जांच करवा सकते है। उन्होंने बताया कि मोबाईल वैन प्रयोगशालाओं का मुख्य उद्देश्य सर्विलांस के आधार पर मौके पर ही खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच कर उपभोक्ताओं या विक्रेता को खाद्य पदार्थ के सुरक्षित या असुरक्षित होने की जानकारी देना है। इन पदार्थों की जांच रिपोर्ट ऑन स्पाट 25 से 30 मिनट में उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने बताया कि जांचें सर्विलांस के अधीन होती हैं और उनके अनसेफ, मिस ब्रांड और सब स्टैंडर्ड होने पर एक्ट के अनुसार कार्रवाही की जा सकती है। उन्होंने बताया कि इन मोबाइल वैन प्रयोगशालाओं से खाद्य पदार्थों में मिलावट पर नियंत्रण लगाया जा सकेगा।

Monday, July 4, 2022

July 04, 2022

इंडिगो के कर्मचारी एअर इंडिया की भर्ती में गए:क्रू मेंबर्स के छुट्टी लेने की वजह से 55% फ्लाइट्स डिले, DGCA ने कंपनी से मांगा जवाब

इंडिगो के कर्मचारी एअर इंडिया की भर्ती में गए:क्रू मेंबर्स के छुट्टी लेने की वजह से 55% फ्लाइट्स डिले, DGCA ने कंपनी से मांगा जवाब

नई दिल्ली : इंडिगो एयरलाइंस के कई क्रू मेंबर्स ने शनिवार को मेडिकल लीव ले ली थी। इसकी वजह से देश के कई शहरों में इंडिगो की 55% फ्लाइट देरी से उड़ान भरीं थीं। इस मामले में डॉयरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA ) ने इंडिगो से जवाब मांगा था। हालांकि इंडिगो की तरफ से अभी तक कोई जवाब नहीं दिया गया है। अब सामने आया है कि कर्मचारी एयर इंडिया की भर्ती में शामिल होने गए थे।
*एअर इंडिया की भर्ती में गए थे क्रू मेंबर्स*

शनिवार को एअर इंडिया की भर्ती आयोजित की गई थी। सूत्रों के मुताबिक, इंडिगो से छुट्टी लेकर अधिकतर लोग एअर इंडिया की भर्ती में शामिल हुए थे। इससे लगभग 900 फ्लाइट प्रभावित हुई थीं। बता दें कि भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो है। इसके पास 279 प्लेन हैं। रोजाना लगभग 1600 उड़ानें भरी जाती हैं। इनमें नेशनल और इंटरनेशनल दोनों तरह की उड़ानें होती हैं।
एअर इंडिया ने नए क्रू मेंबर्स के लिए भर्ती अभियान शुरू किया है।

इंडिगो की 45.2% उड़ानें सही समय पर रहीं

मिनिस्ट्री ऑफ सिविल एविएशन की वेबसाइट के मुताबिक, शनिवार को इंडिगो की 45.2% घरेलू उड़ानें ही सही समय पर संचालित हुईं। एअर इंडिया की 77.1%, स्पाइसजेट की 80.4%, विस्तारा की 86.3%, गो फर्स्ट की 88% और एअरएशिया इंडिया की 92.3 उड़ानों का परिचालन समय पर हुआ।
*इंडिगो से कई कर्मचारियों को निकाला गया था*

इंडिगो के सीईओ रोंजॉय दत्ता ने 8 अप्रैल को कर्मचारियों को ईमेल किया था, जिसमें सैलरी बढ़ाने के मुद्दे को कठिन बताया गया था। इसके साथ ही कंपनी ने 4 अप्रैल को कुछ पायलटों को निलंबित कर दिया था। निलंबित किए गए पायलट कोरोना के समय काटी गई सैलरी को लेकर हड़ताल कर रहे थे। इंडिगो ने महामारी के दौरान अपने पायलटों के वेतन में 30% तक की कटौती की थी।

इंडिगो ने आर्थिक संकट का हवाला देते हुए महामारी के दौरान कर्मचारियों के वेतन कटौती की थी।
*टाटा की है एअर इंडिया*

सरकारी कंपनी एअर इंडिया 27 जनवरी 2022 से प्राइवेट हो गई थी। टाटा संस ने आधिकारिक तौर पर एअर इंडिया को टेकओवर कर लिया था। इसके बाद टाटा देश की दूसरी बड़ी एयरलाइन बन गई थी।

एअर इंडिया ने नए क्रू मेंबर्स के लिए भर्ती अभियान शुरू किया है, क्योंकि कंपनी और प्लेन खरीदने की योजना बना रही है। इसके साथ ही सेवाओं में सुधार के लिए कई योजनाएं भी बनाई जा रही हैं।
July 04, 2022

सरकार जन-भावनाओं का संज्ञान ले, प्रभावित लोगों से बात कर माँगो का समाधान करे - दीपेन्द्र हुड्डा

सरकार जन-भावनाओं का संज्ञान ले, प्रभावित लोगों से बात कर माँगो का समाधान करे - दीपेन्द्र हुड्डा

गुरुग्राम :  सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने आज आईएमटी चौक, मानेसर में जमीन बचाओ किसान बचाओ संघर्ष कमेटी द्वारा कासन, सहरावन, कुकडौला गांव की 1810 एकड़ भूमि के अधिग्रहण को रद्द करने के लिये चल रहे अनिश्चितकालीन धरने पर पहुँच कर उनकी मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सरकार जन-भावनाओं का संज्ञान लेते हुए प्रभावित लोगों से बात कर जायज़ माँगो का समाधान करे।

सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने बातचीत में साढ़ौरा विधायक रेनू बाला को जान से मारने की धमकी देकर 25 लाख की फिरौती माँगने की घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि ये हरियाणा की ध्वस्त कानून-व्यवस्था का प्रतीक है। जब विधायक ही इस सरकार में सुरक्षित नहीं हैं तो आमजन खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेगा। उन्होंने सरकार से तुरंत पूरे मामले की गहराई से जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के साथ ही विधायक रेनू बाला की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। 
उन्होंने हरियाणा में बढ़ते अपराध पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार में बैठे लोगों ने अपनी सुरक्षा को ही कानून-व्यवस्था मान लिया है। जबकि, हत्या, रेप, चोरी, फिरौती, लूट, डकैती आम हरियाणवी की दिनचर्या का हिस्सा बन गए हैं। एनसीआरबी के आंकड़े बताते हैं कि भाजपा-जजपा राज में कानून-व्यवस्था का दिवाला निकल गया है। 

सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि हुड्डा सरकार के समय अपराधियों में क़ानून का खौफ था, आज लोग अपराध और अपराधियों से खौफजदा हैं। मुख्यमंत्री ने खुद ही लट्ठ उठाने और जेल जाने से न डरने की बात कहकर अपराधियों के अन्दर से सलाखों के पीछे जाने का डर निकाल दिया। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि जब जेल जाने का डर ही नहीं रहेगा तो क़ानून-व्यवस्था ठीक कैसे रहेगी।
दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि बढ़़ते अपराध का कारण प्रदेश सरकार का कुशासन और बढ़ती बेरोजगारी है। पिछले कई वर्षों से हरियाणा बेरोजगारी के मामले में लगातार पूरे देश में टॉप पर बना हुआ है। हरियाणा में पिछले महीने के मुकाबले बेरोज़गारी दर 6 प्रतिशत बढ़कर 30.6 प्रतिशत पर पहुँच गई जो राष्ट्रीय औसत का करीब 4 गुना अधिक है। दिल्ली के तीन तरफ़ जो हरियाणा बसता हो, वहाँ देश में में सर्वाधिक ‘रोज़गार दर’ होना चाहिए न कि ‘बेरोज़गारी दर’। सामान्यतः देखा जाता है कि रोजगारशुदा व्यक्ति अपराध करने से डरता है। उसे इस बात का डर रहता है कि ऐसा करने से कहीं उसका रोज़गार न चला जाए।
July 04, 2022

अगर अभय चौटाला के आरोप सत्य तो अभय चौटाला ज्यादा बड़े गुनहगार - दिग्विजय चौटाला

अगर अभय चौटाला के आरोप सत्य तो अभय चौटाला ज्यादा बड़े गुनहगार - दिग्विजय चौटाला

राज्यसभा चुनाव को लेकर अभय चौटाला के बयान पर जेजेपी प्रधान महासचिव ने दी तीखी प्रतिक्रिया और आरोप साबित करने की खुली चुनौती
अभय चौटाला के बयान से खिसकी राजनीतिक जमीन की बौखलाहट - दिग्विजय
चंडीगढ़ - राज्यसभा चुनाव को लेकर अभय चौटाला द्वारा लगाए गए हॉर्स ट्रेडिंग के आरोपों पर जेजेपी प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि अभय चौटाला राज्यसभा चुनाव में जिस प्रत्याशी पर हॉर्स ट्रेडिंग का आरोप लगा रहे हैं, वो खुद उसी को वोट डालकर आए हैं। दिग्विजय ने कहा कि जिनके खुद के घर शीशे के हों वो दूसरों पर पत्थर नहीं उछाला करते और एक बार को अगर अभय चौटाला के आरोपों को सही मान भी लिया जाए तो चुनाव में अभय चौटाला ने हॉर्स ट्रेडिंग करने वाले प्रत्याशी का ही साथ दिया है। दिग्विजय ने कहा कि गलत व्यक्ति जितना ही दोषी वह भी होता है जो गलत व्यक्ति का साथ देता है, ऐसे में अभय चौटाला को अपने गिरेबां में झांक कर देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभय चौटाला की हालत खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे जैसी है और उनके लगाए आरोप उनकी खिसक चुकी राजनीतिक जमीन की बौखलाहट है। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि अभय चौटाला की राजनीतिक अपरिपक्वता से पूरा प्रदेश परिचित है और प्रदेशवासी उनके बयानों को मनोरंजन के उद्देश्य से लेते हैं। उन्होंने कहा कि जेजेपी को अभय चौटाला जैसे व्यक्ति से ईमानदारी के सर्टिफिकेट की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी का प्रदेश में एक विधायक हो, उसके विधायक को चर्चा में बने रहने के लिए इस प्रकार के बयान देना राजनीतिक मजबूरी है। उन्होंने कहा कि अगर अभय चौटाला के आरोप सही होते तो वह लोकतंत्र की हत्या के लिए ज्यादा बड़े गुनहगार हैं क्योंकि उन्होंने यह सब जानते हुए निर्दलीय प्रत्याशी को वोट डाली है। 
               दिग्विजय चौटाला ने कहा कि अभय चौटाला से कार्तिकेय शर्मा की जीत में जेजेपी की अग्रणी भूमिका भी बर्दाश्त नहीं हो रही, इसलिए ऐसी बयानबाजी कर अपनी भूमिका बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं और वह अभय चौटाला को अपने आरोपों को साबित करने की खुली चुनौती देते हैं।
July 04, 2022

जेल में बाहर आया राम रहीम नकली?:हाईकोर्ट पहुंचे श्रद्धालु बोले- हाव-भाव पहले जैसे नहीं; असली राजस्थान से किडनैप हो चुके, आज सुनवाई

जेल में बाहर आया राम रहीम नकली?:हाईकोर्ट पहुंचे श्रद्धालु बोले- हाव-भाव पहले जैसे नहीं; असली राजस्थान से किडनैप हो चुके, आज सुनवाई

चंडीगढ़ : जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा का चीफ राम रहीम नकली है। असली का तो राजस्थान के उदयपुर से किडनैप हो चुका है, यह दावा चंडीगढ़ में रहने वाले डेरे के श्रद्धालु अशोक कुमार और कुछ अन्य ने किया है। उन्होंने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में पिटीशन दायर की है। जिसमें जेल से बाहर आकर उत्तर प्रदेश के बागपत आश्रम में रह रहे राम रहीम की जांच की मांग की है।

उनका कहना है कि इस राम रहीम के हाव-भाव पहले की तरह नहीं हैं। पिटीशन दायर करने वाले चंडीगढ़ के अलावा पंचकूला और अंबाला के रहने वाले हैं। उन्होंने हरियाणा सरकार, हनीप्रीत और सिरसा डेरा के एडमिनिस्ट्रेटर पीआर नैन को पार्टी बनाया है।
*यह किया दावा*

डेरे के इन श्रद्धालुओं ने कहा कि उन्हें सूत्रों से पता चला कि असली डेरा चीफ को किडनैप करने के बाद नकली को जेल में बिठा दिया गया। इस नकली को अब असली बनाकर डेरे की गद्दी हड़पने की कोशिश की जा रही है। डेरे की गद्दी के लिए असली डेरा प्रमुख को मारा जा चुका है या फिर मार दिया जाएगा। जेल में बंद नकली राम रहीम की जांच होनी चाहिए।

*नकली राम रहीम होने के गिनाए कारण*

पिटीशन में कहा गया कि उन्होंने जेल से बाहर आए डेरा प्रमुख में काफी बदलाव देखे हैं। उन्होंने हाल ही में कथित डेरा प्रमुख ने वीडियो जारी की, उन्हें गौर से देखा है।
डेरा प्रमुख का कद एक इंच बढ़ गया है।

अंगुलियों की लंबाई और पैरों का साइज भी बढ़ा हुआ है।

वीडियो में दिख रहा कि उसके चेहरे और हाथों में मास्किंग थी, जो बदल गई।
पुराने दोस्तों को नहीं पहचान पाया
पिटीशन दायर करने वालों ने कहा कि कथित डेरा प्रमुख से कुछ दिन पहले उनके कुछ पुराने दोस्त मिले थे। जिन्हें वह पहचान नहीं पाए। इससे साफ है कि वह नकली डेरा प्रमुख है। असली को लेकर उन्होंने गंभीर चिंता जताई है।
*राम रहीम ने जेल से पैरोल पर आने के बाद यूपी के बागपत आश्रम से वीडियो जारी किया था।*

कई दिनों से सोशल मीडिया पर थी बहस

राम रहीम के असली-नकली होने को लेकर काफी समय से सोशल मीडिया पर भी बहस चल रही थी। डेरा सच्चा सौदा के समर्थकों का एक ग्रुप इस बात को लेकर दावा कर रहा है कि जेल में बंद डेरा चीफ नकली है। इसकी जांच होने चाहिए।
*डेरा प्रवक्ता बोले- शरारती तत्व डेरा फॉलोअर नहीं*

डेरे के प्रवक्ता जितेंद्र कुमार ने कहा कि जिन शरारती लोगों ने यह पिटीशन डाली, वह डेरे के फॉलोअर नहीं हो सकते। डेरे के श्रद्धालु तो गुरूजी पर पूरा भरोसा करते हैं। शरारती तत्वों की तरफ से गहरी साजिश की जा रही है। प्रशासन को इसकी जांच करनी चाहिए। वह किसके हाथ की कठपुतली बने हैं, हमें इसका पता नहीं। डेरा सच्चा सौदा के मुखी राम रहीम के नकली होने के आरोप निराधार हैं। वह उत्तर प्रदेश के आश्रम में हैं।

*पंजाब पुलिस SIT का खुलासा*:बेअदबी का मास्टरमाइंड डेरा सच्चा सौदा चीफ राम रहीम; MSG मूवी रिलीज न होने का बदला लिया
July 04, 2022

YouTube ने अपने प्लेटफॉर्म से हटाया रामकेश जीवनपुरिया का SYL सॉन्ग

YouTube ने अपने प्लेटफॉर्म से हटाया रामकेश जीवनपुरिया का SYL सॉन्ग

पत्रकार रुद्रा राजेश कुण्डू की शिकायत पर बैन हुआ SYL गाने का विवादित हरियाणवी वर्जन*

हिसार - दिवंगत सिद्धू मूसे वाला ने हरियाणा और पंजाब के दशकों से विवादित रहे सतलुज यमुना लिंक नहर पर एक गीत रिकॉर्ड किया था लेकिन वो जारी उनकी असमय मौत के बाद हुआ। मात्र कुछ ही घण्टो में यह गीत लाखों से करोड़ो लोगों ने देखा। इस गीत के रिलीज होते ही एक विवाद छिड़ गया कि कुछ विवादित बोल है जो उसमे बोले गए हैं। कुछ लोगों ने हरियाणा के लिए एक बूंद भी पानी ना देने बारे इस गीत में जिक्र करना बताया तो कुछ लोग इस गाने के माध्यम से खालिस्तान की स्थापना करने के जिक्र का भी अंदेशा लगा रहे थे। 

इस गीत के रिलीज के बाद खासकर हरियाणा के एक वर्ग की प्रतिक्रिया में बहुत तेजी आई और पंजाब पर उनके हक को मारने के आरोप बढ़ने लगे। राजनैतिक बयानबाजी भी बहुत तेजी से बढ़ने लगी जिसे मीडिया ने और बढ़ा चढ़ा कर दिखाना शुरू कर दिया। कुल मिलाकर हालात तनावपूर्व होने के आसार बनने लगे थे तभी हरियाणा के कुछ कलाकारों ने उस धधकती हुई आग में घी डालने का काम किया। 
प्रदेश के लोक कलाकारों में एक तरीके की होड़ सी लग गई ताकि सिद्धू मुसेवाला के नाम पर चल रही टीआरपी को भुनाया जा सके। रातों रात SYL के हरियाणवी वर्जन पर गीत लिख कर उन्हें गाते हुए फिल्माया गया और फिर उसकी पब्लिसिटी प्रदेश हित मे बताते हुए की गई। इस सारे प्रकरण में राजनैतिक शह से भी इनकार नहीं किया जा सकता क्योंकि इसके बगैर इतनी जल्दी ऐसा कुछ सम्भव नहीं था। 

रामकेश जीवनपुरिया नाम के एक हरियाणवी कलाकार ने भी  SYL गीत का हरियाणवी वर्जन निकाला जिस पर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया। रामकेश ने इस गीत में हरियाणा और पंजाब के किसान आंदोलन में भाईचारे पर कटाक्ष करते हुए उनकी मदद के रूप में सुबह-शाम हरियाणा के किसानों द्वारा पहुंचाई गई दूध और लस्सी तक का हवाला देते हुए उनके उलाहने दिए गए। साथ ही एक टकराव वाली भाषा का प्रयोग करते हुए उत्तेजित और उग्र शब्दो का प्रयोग किया जिसकी सरहाना से ज्यादा हरियाणा प्रदेश के लोगों ने निंदा की.
रामकेश जीवनपुरिया का विवाद यही नहीं थमा बल्कि उन पर कंटेंट चोरी के भी आरोप लगे, साथ ही एक कानूनी नोटिस भी भेजा गया। हरियाणा प्रदेश के जाने-माने पत्रकार रुद्रा राजेश सिंह कुण्डू ने रामकेश जीवनपुरिया पर उनके चैनल The Ink और The Agro द्वारा किसान आंदोलन के दौरान कवर किए गए कंटेंट को चोरी कर अपने गीत में शामिल किए के आरोप लगाए। रुद्रा राजेश सिंह कुण्डू ने रामकेश जीवनपुरिया को अपने वकील विक्रम मित्तल के माध्यम से एक लीगल नोटिस भेजा जिसमे उन पर कंटेंट चोरी के साथ हर्जाने के रूप में एक करोड़ रुपए देने बाबत भी कहा गया। 

रुद्रा राजेश सिंह कुण्डू ने साथ ही इस कंटेंट चोरी को लेकर YouTube को भी लिखा जिस पर कार्यवाही करते हुए यूट्यूब द्वारा दावा सच पाया गया और रामकेश जीवनपुरिया के द्वारा गया गया SYL गाना अपने प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया। 
इस से पूर्व भारत सरकार की शिकायत पर यूट्यूब सिद्धू मुसेवाला का गीत डिलीट कर चुकी है और अब सिद्धू के गीत की काट के रूप में गाए गए इस गाने को पत्रकार राजेश कुण्डू की शिकायत पर डिलीट किया जाना एक बड़ी घटना के रूप में नजर आता है।
July 04, 2022

8 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार:जींद के पटवार भवन में कैरखेड़ी के किसान से लिए पैसे तो विजिलेंस ने रंगे हाथों पकड़ा

8 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार:जींद के पटवार भवन में कैरखेड़ी के किसान से लिए पैसे तो विजिलेंस ने रंगे हाथों पकड़ा

जींद : हरियाणा के जींद में विजिलेंस ने शुक्रवार को विजिलेंस ने एक पटवारी को 8 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पटवार भवन में मौजूद पटवारी ने जमीन का खाता अलग करने के लिए किसान से 10 हजार रुपए रिश्वत मांगी थी। दो हजार रुपए वह पहले ही ले चुका था। विजिलेंस ने भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर राजस्व पटवारी से पूछताछ शुरू कर दी है।

बताया गया है कि जींद जिले के गांव कैरखेड़ी निवासी जयपाल ने विजिलेंस ब्यूरो को शिकायत में बताया कि उसने अपनी जमीन का खाता अलग करवाना है। इसे लेकर उसने पटवारी सुनील दलाल से मुलाकात की। सुनील ने इसके लिए 10 हजार रुपए रिश्वत राशि मांगी। 2 हजार रुपए रिश्वत राशि उसे पहले दे दी गई थी और अब 8 हजार रुपए और मांग रहा था।
*500 के 16 नोट दिए*

किसान की शिकायत के बाद विजिलेंस ने छापामार टीम का गठन किया गया। जिसमें पंचायती राज विभाग के एक्सईएन प्रेम सिंह डयूटी मजिस्ट्रेट रहे। जबकि निरीक्षक मनीष कुमार के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की। टीम ने शिकायतकर्ता जयपाल को 8 हजार रुपए दे दिए। 500-500 के 16 नोटों पर पर डयूटी मजिस्ट्रेट ने हस्ताक्षर किए थे। जयपाल ने रिश्वत राशि को देने के लिए पटवारी सुनील से बात की तो उसने उसे पटवार भवन में बुला लिया।
*पटवारी के कब्जे से नोट बरामद*

जयपाल ने पटवारी को 8 हजार रुपए राशि दी और विजिलेंस को इशारा कर दिया। तो तभी विजिलेंस टीम ने पटवारी सुनील को काबू कर लिया। उसके कब्जे से रिश्वत के तौर पर लिए गए 8 हजार रुपए भी बरामद हो गए। विजिलेंस ब्यूरो ने पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

*विजिलेंस जांच शुरू*

विजिलेंस के इंस्पेक्टर मनीष कुमार ने बताया कि जमीन का खाता अलग करने की एवज में 10 हजार रुपए रिश्वत राशि मांगी गई थी। दो हजार रुपए शिकायतकर्ता ने पहले दे दिए थे। शुक्रवार को जैसे ही बकाया 8 हजार रुपए की राशि शिकायतकर्ता ने पटवारी सुनील को दी तो उसे काबू कर लिया गया। पटवारी से पूछताछ की जा रही है।

Friday, July 1, 2022

July 01, 2022

चोरी:बंद पड़े पोल्ट्री फार्म से इन्वर्टर, बैटरी चोरी

चोरी:बंद पड़े पोल्ट्री फार्म से इन्वर्टर, बैटरी चोरी

जींद : उचाना खुर्द के पास बंद पड़े पोल्ट्री फार्म से अज्ञात लोग इन्वर्टर-बैटरी ओर सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सुरबरा गांव निवासी जयभगवान ने पुलिस में शिकायत दी है कि उनका उचाना खुर्द के पास पोल्ट्री फार्म है, जहां करीब 6 महीने से न मुर्गे हैं और न ही चूजे। 27 जून की रात को अज्ञात लोग उनके पोल्ट्री फार्म से इन्वर्टर-बैटरी और कुछ कंबल चोरी कर ले गए। अगले दिन जब वह अपने फार्म पर पहुंचे तो चोरी की घटना के बारे में पता चला। खेत में बने कोठे का ताला तोड़कर सामान चोरी कालवा के खेत में बने कोठे का ताला तोड़कर स्टार्टर, केबल व सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कालवा निवासी धर्मबीर ने पुलिस में शिकायत दी है कि उसने अपने खेत में सबमर्सिबल लगाया है। 28 जून की शाम तक को उसके खेत में सब कुछ ठीक था। जब अगले दिन वह खेत में पहुंचा तो स्टार्टर और केबल गायब मिली।