Breaking

Sunday, August 21, 2022

August 21, 2022

पुलिस कर्मी ने किया महिला से दुष्कर्म:जींद में अश्लील वीडियो बनाकर पीड़िता को ब्लैकमेल किया; केस दर्ज, अभी गिरफ्तारी नहीं

पुलिस कर्मी ने किया महिला से दुष्कर्म:जींद में अश्लील वीडियो बनाकर पीड़िता को ब्लैकमेल किया; केस दर्ज, अभी गिरफ्तारी नहीं

जींद : हरियाणा के जींद में पुलिस के एक जवान ने महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर उससे रेप किया। इस दौरान महिला की अश्लील वीडियो बनाई गई। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस कर्मी ने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल कर बार-बार दुष्कर्म किया। महिला थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
*2016 में हुई थी पहचान*

सिविल लाइन थाना क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2016 में उसका संपर्क जुलाना थाना में काम करने वाले सिपाही विजय से हुआ। विजय ने उसे दोस्ती कर ली और एक दिन उसे नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म किया।बाकायदा इस दौरान उसका अश्लील वीडियो भी बनाया गया। इसके बाद वह अश्लील वीडियो को वायरल करने का हवाला देते हुए बार-बार उसे ब्लैकमेल करने लगा और उसके साथ दुष्कर्म करने लगा।
*पिस्तौल दिखाकर धमकाया*

जब उसने मना किया तो उसे पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर सिपाही विजय के खिलाफ घर में घुस कर मारपीट करने, नशीला पदार्थ देने, यौन शोषण करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
*केस दर्ज, अभी गिरफ्तारी नहीं*

महिला थाना की जांच अधिकारी गीता ने बताया कि महिला ने सिपाही पर यौन शोषण करने और अश्लील वीडियो मिला ब्लैकमेल करने की शिकायत दी थी जिस पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया गया है।
August 21, 2022

VIP कल्चर बना बांके बिहारी हादसे की वजह:मंदिर में लोग कुचले जा रहे थे, SSP वीडियो बना रहे थे, DM बगल में खड़े थे

VIP कल्चर बना बांके बिहारी हादसे की वजह:मंदिर में लोग कुचले जा रहे थे, SSP वीडियो बना रहे थे, DM बगल में खड़े थे

वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात मंगला आरती के बाद हुए हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और दम घुटने से 6 लोग बीमार हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जो कुछ हुआ उसके लिए अफसरों की लापरवाही और VIP कल्चर जिम्मेदार है। जिस वक्त मंदिर के आंगन में भीड़ बेकाबू हो रही थी, उस समय अफसर वीडियो बना रहे थे।

घटना के समय मथुरा के DM, SSP और नगर आयुक्त मंदिर में अपने परिवार के साथ मौजूद थे। SSP, नगर आयुक्त वीडियो बना रहे थे, जबकि DM बगल में खड़े थे। इन अफसरों ने भीड़ में दब रहे लोगों की चीखें सुनकर भी व्यवस्था बनाने की जहमत नहीं उठाई, बल्कि वे परिवार के साथ मंदिर की बालकनी में खड़े होकर वीडियो बनाने में व्यस्त थे
*सीएम के वृंदावन से जाते ही अफसर बेफ्रिक हुए*

उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ जन्माष्टमी पर वृंदावन आए थे। वे बांके बिहारी मंदिर तो नहीं गए, लेकिन उन्होंने जन्मभूमि में पूजा की। वृंदावन से योगी के जाते ही अफसर बेफिक्र हो गए। बांके बिहारी मंदिर के सेवायत और श्रद्धालुओं ने बताया कि सीएम के रवाना होने के बाद भीड़ कंट्रोल करने वाला कोई नहीं था।

लोगों ने बताया कि मंदिर के किसी भी एंट्री गेट पर कोई बैरिकेडिंग नहीं थी। एक-दो जगह बैरिकेड लगे थे, तो वहां भी लोगों को रोकने के लिए कोई पुलिसकर्मी तैनात नहीं था। इसका नतीजा यह हुआ कि लोग एंट्री के साथ एग्जिट गेट से भी मंदिर के अंदर आते गए। आरती के समय मंदिर के आंगन में हालात बेकाबू हो गए।
जिस वक्त हादसा हुआ, उस वक्त मंदिर की बालकनी में एसएपी और नगर आयुक्त वीडियो बना रहे थे, जबकि डीएम उनके बगल में खड़े हुए थे। 


इस हादसे में बचकर आए श्रद्धालुओं ने उस भयावह मंजर को बयां किया। हादसे की कहानी, प्रत्यक्षदर्शियों की जुबानी... लेकिन इससे पहले आप इस पोल में शामिल होकर अपनी राय दे सकते हैं...
*दो मिनट और रुकते तो मौत के मुंह में समा जाते*

आगरा के ट्रांस यमुना निवासी राघवेंद्र सिंह भी जन्माष्टमी पर बांके बिहारी मंदिर में फंस गए थे।
हादसे में आगरा के ट्रांस यमुना निवासी राघवेंद्र सिंह भी फंस गए थे। उन्होंने जो कुछ बताया, उसे आसानी से समझने के लिए यहां हम पॉइंट्स में लिख रहे हैं...

'मैं अपने ममेरे भाई के साथ बांके बिहारी मंदिर गया था। रात 1.40 बजे गेट नंबर एक पर पहुंचे तो वहां पर बैरिकेडिंग हो रही थी। बताया कि यहां से केवल VIP की एंट्री है। इस पर वहां मौजूद लोगों ने नाराजगी भी जताई थी। इसके बाद मैं गेट नंबर दो पर पहुंचा। वहां पर जैसे ही पट खुले, भीड़ का रैला आया और सब अंदर घुसते चले गए।'
'पांच मिनट में 800 की कैपेसिटी वाले मंदिर परिसर में करीब 20 हजार से ज्यादा लोग भर गए। चंद मिनटों में अंदर घुटन हो गई। सांस फूलने लगी। पीछे से आवाज आने लगी कि कुछ लोग गिर गए हैं। मैं भी भीड़ में दब गया। अचानक तेज धक्का लगा तो मैं मंदिर की सीढ़ियों से नीचे आ गया। मैं बीच में बने छोटे मंदिर से टकराया। मेरे ऊपर लोग गिरते गए। दबने के कारण मेरी आवाज भी नहीं निकल रही थी।'
'इस बीच पर्दा हटा तो लोग दर्शन को पीछे हटे। मैं जैसे-तैसे बाहर निकलकर आया। अगर मैं दो मिनट और अंदर रहता तो शायद बच नहीं पाता। दम घुटने के कारण मैंने मंगला आरती भी नहीं की। बहुत सारे लोग बाहर निकलना चाह रहे थे, लेकिन वहां तक नहीं पहुंच पा रहे थे। 10 कदम की दूरी तय करना मुश्किल लग रहा था।'
'जब लोग बेहोश होने लगे तो वहां मौजूद सेवायत ने उन्हें खींचकर बाहर निकाला। ये हादसा केवल VIP कल्चर की वजह से हुआ है। VIP भीड़ में फंसे बिना सीधे मंदिर तक पहुंचें, इसके लिए अलग इंतजाम किए गए थे। कालीदेह से मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते को VIP के लिए रखा गया था। यहां पर अधिकारियों की गाड़ियां भी खड़ी थीं।'
*हादसे के समय अफसर मंदिर की बालकनी पर खड़े थे*


हादसे के वक्त रामबाग निवासी विकास भी वहीं मौजूद थे। उन्होंने कहा, 'मंगला आरती के चलते मैं अंदर था। बाहर निकलने का एक गेट बंद था। भीड़ बहुत थी। लोग दबकर चीख रहे थे। भीड़ कंट्रोल करने वाला कोई नहीं था। अधिकारी ऊपर बालकनी में खडे़ थे। लोग जान बचाने के लिए बाहर भाग रहे थे। अगर मैं दो मिनट और बाहर नहीं आ पाता, तो मेरे साथ भी अनहोनी हो जाती। VIP के लिए बालकनी की सीढ़ी बंद थी। वहां से आम श्रद्धालुओं को हटा दिया गया था।'
आगरा निवासी विकास भी बांके बिहारी में हुए हादसे के समय मंदिर परिसर में मौजूद थे।

पुलिस VIP की सेवा में व्यस्त रही: सेवायत

बांके बिहारी मंदिर के सेवायत दिनेश गोस्वामी ने हादसे के लिए पुलिस प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। वह कहते हैं, 'जब मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को फोटो खींचना मना है, तब भी अधिकारी वीडियो बना रहे थे। उनका पूरा ध्यान अपने परिवार पर था। इसके अलावा जो पुलिसकर्मी तैनात थे, वो VIP लोगों को मंदिर लाने-ले जाने में व्यस्त थे। व्यवस्था बनाने पर उनका कोई ध्यान नहीं था। पूरे मामले की जांच होनी चाहिए।'

मंदिर के सेवायत दिनेश गोस्वामी ने हादसे के लिए पुलिस-प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है।

*बांके बिहारी हादसे से जुड़े 5 सबसे अहम सवाल...*
हादसे के बाद ADG की सफाई- मामले की जांच होगी

हादसे के पीछे पुलिस-प्रशासन की लापरवाही को लेकर उठ रहे सवालों पर आगरा जोन के ADG राजीव कृष्ण ने सफाई दी है। उनका कहना है कि जन्माष्टमी पर मंगला आरती साल में एक बार होती है, ऐसे में हर श्रद्धालु चाहता है कि वह मंगला आरती के दौरान अंदर रहे। ऐसे में मंदिर परिसर में भीड़ बढ़ती गई।
इसके अलावा एक एग्जिट गेट पर एक महिला की तबीयत खराब होने के चलते उन्हें हटाने में दो-तीन मिनट लगे। इसके चलते गेट नंबर चार ब्लॉक हो गया। अधिकारियों के वीडियो बनाने और VIP को एंट्री देने की बात पर वे जांच की बात कहकर पल्ला झाड़ते नजर आए।
सांस लेने में दिक्कत के चलते 6 श्रद्धालुओं को 3 अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
August 21, 2022

मेगा एम्पायरजॉनसन एंड जॉनसन 136 साल पुरानी कंपनी:8 महिलाओं के साथ शुरू हुई, अब महिलाओं ने कंपनी पर 38 हजार केस किए

मेगा एम्पायरजॉनसन एंड जॉनसन 136 साल पुरानी कंपनी:8 महिलाओं के साथ शुरू हुई, अब महिलाओं ने कंपनी पर 38 हजार केस किए

जॉनसन एंड जॉनसन…फार्मा जगत की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक जिसकी 60 से अधिक देशों में 275 से अधिक ऑपरेटिंग कंपनियां हैं। दुनिया भर में करीब डेढ़ लाख कर्मचारी, वहीं भारत में लगभग 6 हजार लोग इस कंपनी में काम करते हैं। 1886 में जॉनसन एंड जॉनसन की स्थापना हुई थी, तब कंपनी के पहले 14 कर्मचारियों में से 8 महिलाएं थीं। 2013 में "वर्किंग मदर" मैगजीन ने जॉनसन एंड जॉनसन को वर्किंग मदर्स के लिए सर्वश्रेष्ठ कंपनियों में से एक बताया था। आज यही कंपनी महिलाओं द्वारा दायर लगभग 38 हजार से ज्यादा मुकदमों का सामना कर रही है।

*आज मेगा एम्पायर में जानिए जॉनसन एंड जॉनसन के बारे में…*

एक भाषण से प्रेरित होकर तीन भाइयों ने शुरू की थी जॉनसन एंड जॉनसन
जॉनसन ब्रदर्स: रॉबर्ट वुड, जेम्स वुड और एडवर्ड मीड जॉनसन (बाएं से दाएं)

साल था 1886, जब तीन भाइयों - रॉबर्ट वुड जॉनसन, जेम्स वुड जॉनसन और एडवर्ड मीड जॉनसन ने अमेरिका के न्यू जर्सी में जॉनसन एंड जॉनसन की नींव रखी। कहा जाता है कि 1885 में एंटीसेप्टिक एडवोकेट जोसेफ लिस्टर के एक भाषण को सुनने के बाद जॉनसन भाइयों को यह बिजनेस शुरू करने की प्रेरणा मिली। यह वो वक्त था, जब अमेरिका में बहुत बड़े स्तर पर इंफ्रा का निर्माण हो रहा था। रेल लाइंस बिछाई जा रही थीं। ऐसे में छोटी-छोटी दुर्घटनाएं बहुत होती थीं। इस समय तक रेडी टू यूज सर्जिकल किट के बारे में किसी ने सोचा तक नहीं था। इसी विचार ने तीनों जॉनसन भाइयों को यह कंपनी बनाने का आइडिया दिया।रॉबर्ट वुड जॉनसन कंपनी के पहले प्रेसिडेंट बने और सैनिटेशन प्रैक्टिस में सुधार के लिए काम शुरू किया। जॉनसन एंड जॉनसन ने सबसे पहले एक फर्स्ट एड किट बनाई, जिसे रेलकर्मियों की मदद के लिए डिजाइन किया गया था।
*मैटरनिटी किट और बेबी पाउडर से हर घर तक पहुंचा जॉनसन*

1894 में मैटरनिटी किट के लॉन्च के साथ जॉनसन एंड जॉनसन का हेरिटेज बेबी बिजनेस शुरू हुआ। इन किट का उद्देश्य बच्चे के जन्म के वक्त मां और बच्चे को हर रुप से सुरक्षित रखना था। इसी साल जॉनसन का बेबी पाउडर भी बिक्री के लिए मार्केट में आया। यह बेहद सफल रहा। रॉबर्ट वुड जॉनसन की पोती- मैरी ली की तस्वीर बेबी पाउडर के डिब्बे पर आई। मैरी…पहली वो बच्ची थी, जिसकी तस्वीर को बेबी पाउडर के प्रचार के लिए इस्तेमाल किया गया।

*जॉनसन एंड जॉनसन के फार्मा किंग बनने की कहानी*

1959 में, जॉनसन एंड जॉनसन ने अमेरिका में McNeil Laboratories का अधिग्रहण किया और यूरोप में Cilag Chemie, AG का भी अधिग्रहण किया। इन दो अधिग्रहणों ने कंपनी को पहली बार फार्मा के क्षेत्र में एक एंपायर के रूप में स्थापित किया। इसके बाद जॉनसन एंड जॉनसन ने बच्चों के लिए पहला एस्पिरिन मुक्त पेन रिलीवर लॉन्च किया, जो बेहद हिट रहा।
*एक कर्मचारी की पत्नी को चोट लगी…तब डेवलप हुई बैंड एड*

अर्ले डिक्सन जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी में काम करते थे। उनकी पत्नी जोसेफिन जब भी किचन में काम करतीं तो कई बार उन्हें चोट लग जाती थी। वे चोट पर तुरंत कपड़े की पट्टी लगा लेती थीं, लेकिन बिना प्रॉपर सपोर्ट के कारण पट्टी जल्द ही सरक कर गिर जाती था। इसी से अर्ले डिक्सन को एक आइडिया आया। उन्होंने दवाओं की ढेर सारी रेशमी पट्टियों को स्क्वायर में काटा और उसको टेप के ऊपर चिपका दिया। कंपनी के मालिक जेम्स वुड ने जब अर्ले से इस बैंडेज के बारे में सुना तो वे भी चौंक गए। यह आइडिया कंपनी में सभी को इतना पसंद आया कि उसी तर्ज पर कंपनी ने 1920 के बाद से ‘बैंड-एड’ बनाने शुरू कर दिए। और जल्द ही अर्ले डिक्सन को कंपनी का वाइस प्रेसिडेंट भी बना दिया गया।

*कोविड में कंपनी ने बनाई फ्रीज ना करने वाली सिंगल डोज वैक्सीन*

कोविड से लड़ने के लिए जॉनसन एंड जॉनसन ने जिस सिंगल डोज वैक्सीन का निर्माण किया, उसे अस्पताल भेजे जाने तक फ्रीजर में रखने की जरूरत नहीं थी। इससे पहले कभी भी वैक्सीन टेस्टिंग और उसका निर्माण इतनी तेजी से नहीं हुआ था। जॉनसन एंड जॉनसन ने कोरोना वायरस से जीन लेकर ह्यूमन सेल तक पहुंचाने के लिए एडीनोवायरस का इस्तेमाल किया था। एडीनोवायरस का काम वैक्सीन को ठंडा रखना होता है, लेकिन इसे फ्रीज करने की जरूरत नहीं होती है।
*रेवेन्यू में आज भी जॉनसन सबसे बड़ी फार्मा कंपनियों में से एक*

जॉनसन एंड जॉनसन ने कोविड-19 से लड़ने के लिए अमेरिकी सरकार के साथ साझेदारी कर स्वयं के टीके पर काम शुरू किया था। शुरुआत में कंपनी की स्थिति बाकी कंपनियों की तरह कोविड से प्रभावित हुई। लेकिन कंपनी अपने कई प्रमुख प्रतिद्वंद्वियों के डबल डोज वाले दृष्टिकोण के विपरीत, अपनी सिंगल डोज वैक्सीन के साथ आगे बढ़ी। मौजूदा समय में कंपनी कई अहम प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। जिसमें लीजेंड बायोटेक के साथ साझेदारी में विकसित सीएआर-टी थेरेपी शामिल है। रेवेन्यू के मामले में आज भी जॉनसन एंड जॉनसन दुनिया की सबसे बड़ी फार्मा कंपनियों में से एक बनी हुई है। 2021 में कंपनी का रेवेन्यू 93.77 बिलियन डॉलर(करीब 7 करोड़ रुपए) था।
*हर घर में मिलने वाला 128 साल पुराना जॉनसन पाउडर बंद हो रहा है*

जॉनसन बेबी टैल्क पाउडर 1894 से बेचा जा रहा है। फैमिली फ्रेंडली होने की वजह से यह कंपनी का सिंबल प्रोडक्ट बन गया था। जॉनसन एंड जॉनसन का बेबी पाउडर सबसे प्रसिद्ध टैल्कम पाउडर में से एक रहा है। 128 सालों से यह हर घर का हिस्सा बना हुआ है। भारत में 1947 से जॉनसन एंड जॉनसन द्वारा स्थानीय रूप से टैल्कम पाउडर बेचा जाता है। भारत में निर्मित टैल्कम पाउडर को श्रीलंका, नेपाल, मालदीव जैसे पड़ोसी देशों में भी बेचा जाता है। जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी अपना बेबी पाउडर 2023 से बेचना बंद कर देगी। अब कंपनी टैल्क बेस्ड पाउडर की जगह कॉर्न स्टार्च बेस्ड पाउडर लाएगी। कंपनी का पाउडर अमेरिका और कनाडा में सालभर पहले ही बंद हो चुका है। कंपनी ने कहा है कि अमेरिका में चल रहे हजारों कंज्यूमर सेफ्टी केस के चलते इस प्रॉडक्ट की बिक्री बंद कर दी गई है। हालांकि जॉनसन एंड जॉनसन ने लगातार इन दावों से इनकार किया है कि उसके प्रोडक्ट कैंसर का कारण बन सकते हैं।
August 21, 2022

हरियाणा पंचायत चुनाव 2022:पटियों की तैयारियां जारी, लेकिन करवाने में देरी होगी; नहीं हुई गुरुग्राम और हिसार की वार्डबंदी

हरियाणा पंचायत चुनाव 2022:पटियों की तैयारियां जारी, लेकिन करवाने में देरी होगी; नहीं हुई गुरुग्राम और हिसार की वार्डबंदी

हिसार : हरियाणा पंचायती चुनाव की तैयारियां राजनीतिक पार्टियों ने शुरू कर दी हैं, परंतु चुनाव में देरी हो सकती है। पहले चुनाव आयोग 30 सितंबर 2022 तक चुनाव संपन्न करवाने के लिए प्रयासरत था। अब गुरुग्राम के पटौदी को नगर परिषद बनाने, हिसार के बास और सिसाय नगर पालिका का दर्जा खत्म करके उसे ग्राम पंचायत का दर्जा दिया गया है। इनकी वार्डबंदी होनी बाकी है। ऐसे में अब हरियाणा राज्य चुनाव आयोग को सरकार से दोबारा मैंडेटेरी कंसल्टेंशन लेनी होगी। हालांकि सरकार ने पहले राज्य चुनाव आयोग को जुलाई में पत्र लिखकर चुनाव करवाने की अनुमति दे दी थी।
परंतु गुरुग्राम और हिसार के कुछ गांवों को नगर पालिका क्षेत्र से बाहर करने के कारण अब दोबारा वार्ड बंदी होगी। इसके बाद ही चुनाव आयोग घोषणा करेगा। हरियाणा राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह का कहना है कि सरकार से दोबारा कंसल्टेंशन आएगी। अभी तय नहीं हो पाया कि चुनाव दो चरणों में होंगे या एक ही चरण में। एक चरण में चुनाव घोषित होने के बाद कम से कम 25 दिन और दो चरणों में होने पर 28 से 30 दिन की समय अवधि चाहिए। ऐसे में अगर चुनाव आयोग अगस्त महीने के अंतिम सप्ताह में चुनाव करवाने की घोषणा करता है, तब 30 सितंबर तक चुनाव हो सकेंगे।
*इनेलो और आप सिंबल पर लड़ेगी चुनाव*

पंचायती चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने पहले 30 सितंबर तक चुनाव करवाने के संकेत दिए थे। इसके चलते पार्टियों ने तैयारियां शुरू कीं। भाजपा ने बूथ स्तर पर त्रिदेव बनाने का फैसला किया। त्रिदेव में एक बूथ पर तीन कार्यकर्ता होंगे। भाजपा ने 22 जिलों में चुनाव जिला प्रभारी भी नियुक्त कर दिए। प्रदेश स्तर पर शिक्षा मंत्री कंवर पाल को प्रभारी बनाया गया। चुनाव सिंबल पर लड़ा जाए या नहीं, यह फैसला 24 अगस्त को होगा।
वहीं आम आदमी पार्टी ने पंचायती चुनाव में जिला परिषद के चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ने की घोषणा कर दी। 22 जिलों में 30 जुलाई को पंचायती राज प्रकोष्ठ के संयोजक, संयुक्त सचिव, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त कर दिए। वहीं इनेलो ने भी जिला परिषद के चुनाव सिंबल पर लड़ने की घोषणा की है। कांग्रेस पंचायती चुनाव सिंबल पर नहीं लड़ेगी, जबकि जननायक जनता पार्टी ने भी चुनाव लड़ने के संकेत नहीं दिए।
*पटौदी नगर परिषद की घोषणा*

हरियाणा सरकार ने 14 अगस्त को पटौदी नगर पालिका तथा हेली मंडी नगर पालिका तथा आसपास के 10 गांवों को मिलाकर नगर परिषद पटौदी- मंडी बनाने की घोषणा की है। इसमें नरहेड़ा, जनौला, रमुपर, छावन, मिल्कपुर, मिर्जापुर, मुबारकपुर, देवलावास, हेड़ोहड़ी तथा खानपुर गांव नगर परिषद पटौदी मंडी का हिस्सा होंगे। अब इन गांवों के नगर परिषद में शामिल होने के बाद इसकी वार्डबंदी दोबारा से होगी। वहीं बास और सिसाय नगर पालिका का दर्जा खत्म करके पंचायतों का दर्जा दिया गया है। हिसार की आदमपुर नगर पालिका की बजाए आदमपुर गांव को पंचायत का दर्जा दे दिया गया।
*प्रदेश में इन पदों पर होने चुनाव*

हरियाणा में इस बार 71741 पदों पर चुनाव होने हैं। इनमें 6228 सरपंच, 62022 पंच, ब्लॉक समिति के 30380 पदों पर चुनाव होने हैं। राज्य सरकार ने सभी डीसी को 22 जुलाई तक मतदाता सूचियों का प्रकाशन करने के आदेश दिए थे।

*फरवरी 2021 को खत्म हुआ था पंचायतों का कार्यकाल*

प्रदेश में पंचायतों का कार्यकाल 23 फरवरी 2021 को खत्म हो गया था। इसके बाद पंचायतों की शक्तियां बीडीपीओ के पास चली गई। पंचायती चुनावों में हरियाणा सरकार के आरक्षण के फैसले को 15 अप्रैल 2021 को पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में चुनौती दी गई। हरियाणा सरकार ने पंचायत चुनावों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण और बीसीए को 8 प्रतिशत आरक्षण दिया था। मई 2022 में पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने सरकार को पंचायत चुनाव करवाने की अनुमति दे दी। हालांकि अब सुप्रीम कोर्ट में फिर से फैसले को चुनौती दी गई है। परंतु कोर्ट ने इस पर स्टे नहीं लगाया।
August 21, 2022

लंपी की चपेट में अंबाला के 434 गांव:कैंट एरिया में सबसे अधिक 1057 और बराड़ा में 1008 पशु संक्रमित; विभाग को वैक्सीन का इंतजार

लंपी की चपेट में अंबाला के 434 गांव:कैंट एरिया में सबसे अधिक 1057 और बराड़ा में 1008 पशु संक्रमित; विभाग को वैक्सीन का इंतजार

अंबाला : हरियाणा के अंबाला जिले के 434 गांव लंपी वायरस की चपेट में आ चुके हैं। सबसे ज्यादा अंबाला कैंट और बराड़ा एरिया में हालात बिगड़ रहे हैं। इन दोनों ब्लॉक में दूसरों के मुकाबले सबसे ज्यादा पशु लंपी वायरस की चपेट में आए हैं।
इसका कारण जिला यमुनानगर में बेकाबू हुआ लंपी वायरस बताया जा रहा है। आंकड़ों की बात करें तो कैंट में 1057 तथा बराड़ा एरिया में 1008 पशु संक्रमित मिले हैं। पशुपालन विभाग ने शनिवार को 5 हजार पशुओं को सुरक्षा कवच पहनाया है।
*जानिए किस एरिया में क्या स्थिति*

पशुपालन विभाग ने जिले में अभी तक 3656 पशुओं को लंपी वायरस की पुष्टि की है, इनमें से 1456 रिकवर हो चुके हैं। विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अंबाला सिटी के 119 गांव लंपी वायरस की चपेट में आ चुके हैं। यहां अभी तक 521 पशु लंपी संक्रमित मिले और 320 रिकवर हुए। अंबाला कैंट के 103 गांव में 1057 पशु संक्रमित मिले।
हालांकि इनमें से 308 रिकवर हो चुके हैं। बराड़ा के 93 गांव में 1008 केस सामने आए हैं, इनमें से 390 रिकवर हुए। नारायाणगढ़ के 127 गांव से 561 पशु संक्रमित मिले और 210 रिकवर हुए हैं। नारायाणगढ़ एरिया में एक गाय की लंपी वायरस से मौत हुई है, लेकिन विभाग ने पुष्टि नहीं की है।
*विभाग को 20 हजार डोज का इंतजार*

बढ़ते संक्रमण के बीच पशुपालन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की छुटि्टयां रद्द कर दी हैं। 32 वेटरनरी सर्जन व 60 VLD फिल्ड में उतरे हुए हैं। शनिवार को जिलेभर में 5 हजार पशुओं को वैक्सीनेट किया गया है, लेकिन विभाग ने 20 हजार डोज की डिमांड की है।
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. प्रेम सिंह ने बताया कि लंपी वायरस को कंट्रोल करने के लिए प्रयास कर रहे हैं। जैसे-जैसे वैक्सीन उपलब्ध होगी पशुओं को सुरक्षा कवच पहनाया जा रहा है। बताया कि लंपी वायरस ज्यादा जानलेवा नहीं है। पशु तेजी से रिकवर हो रहे हैं।
August 21, 2022

हरियाणा के खिलाड़ियों के लिए बुरी खबर:दूसरे राज्य में ट्रायल देने के बाद अपने स्टेट में नहीं दे पाएंगे, निदेशालय की अनुमित अनिवार्य

हरियाणा के खिलाड़ियों के लिए बुरी खबर:दूसरे राज्य में ट्रायल देने के बाद अपने स्टेट में नहीं दे पाएंगे, निदेशालय की अनुमित अनिवार्य

करनाल : हरियाणा के खिलाड़ियों कि लिए बुरी खबर है कि अब खिलाड़ी राज्य के बाहर ट्रायल देने के बाद दोबारा अपने राज्य में ट्रायल नहीं दे पाएंगे। खेल निदेशालय की ओर से पत्र जारी करके यह निर्देश दिए गए हैं। पहले जहां खिलाड़ी किसी राज्य में होने वाली नेशनल प्रतियोगिताओं में ट्रायल दे देता था, तब वह अपने राज्य में भी उसी प्रतियोगिता का ट्रायल दे सकता था, फिर जहां खिलाड़ी का चयन हो जाता था, वह वहां पर खेल सकता था।

अब ऐसा नहीं होगा। खेल निदेशालय की ओर से जारी पत्र में साफ-साफ निर्देश दिए गए हैं कि अगर प्रदेश का कोई भी खिलाड़ी एक राज्य में ट्रायल देने के बाद वहां सेलेक्ट हो जाता है और दूसरे राज्य में उसी प्रतियोगिता का ट्रायल देता है और वहां भी उसका सेलेक्शन हो जाता है और पहली जगह सिलेक्शन होने के बाद वहां पर न खेल कर अपने राज्य के लिए खेलता है तो उस खिलाड़ी को विभाग की तरफ से मिलने वाले लाभ नहीं मिलेंगे।
*कई राज्यों में खाली रह जाती थीं खिलाड़ियों की सीटें*

बता दें कि पहले खिलाड़ियों के ऊपर कोई पाबंदी नहीं थी। वह किसी भी राज्य में जाकर नेशनल प्रतियोगिता का ट्रायल दे देता था। वहां उसका सेलेक्शन हो जाता था। उसके बाद जब उसी नेशनल प्रतियोगिता का ट्रायल हरियाणा में होता था तो वह ट्रायल दे देता था। अगर हरियाणा की टीम में उसका सेलेक्शन हो जाता था तो वह दूसरे राज्य से न खेल कर अपने राज्य से खेलता था। खिलाड़ी द्वारा उस राज्य की तरफ से न खेलने पर वहां के खिलाड़ी की सीट खाली रह जाती थी।

इसका खामियाजा राज्य और अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भुगतना पड़ता था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अब एक जगह ट्रायल देने के बाद दूसरी जगह ट्रायल देने से पहले विभाग से परमिशन लेनी होगी। परमिशन न लेने पर विभाग की तरफ से दी जानी वाली सभी सुविधाएं खत्म कर दी जाएंगी। अगर विभाग परमिशन दे देता है तो वह दोबारा ट्रायल दे सकता है।
*लेनी होगी खेल विभाग की अनुमति*

खेल विभाग की तरफ से जारी पत्र में कहा गया है कि हरियाणा के जिन खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में ट्रायल के माध्यम से किया गया है। वे चयनित खिलाड़ी दूसरे राज्य से राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए ट्रायल नहीं देंगे। यदि वे चयनित खिलाड़ी किसी दूसरे राज्य की प्रतियोगिता के लिए चयन ट्रायल देते हैं तो उसे खेल नीति का कदाचार माना जाएगा।

उसे भविष्य में खेल विभाग हरियाणा की ओर से किसी प्रकार का लाभ नहीं दिया जाएगा। अगर किसी खिलाड़ी का चयन हरियाणा राज्य की ओर से राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता के लिए ट्रायल के माध्यम से नहीं हुआ है और वह किसी दूसरे राज्य की ओर से राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता में प्रतिभागिता करना चाहता है तो भी उसके द्वारा खेल विभाग हरियाणा से ट्रायल के लिए अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
*क्या कहते हैं खेल अधिकारी...*

जिला खेल अधिकारी अशोक दुआ ने बताया कि खेल निदेशालय की तरफ से पत्र जारी किया गया है, जिसे स्टेडियम के गेट पर चस्पा दिया गया है। इसमें साफ तौर पर कहा गया है कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अगर हरियाणा का खिलाड़ी दूसरे राज्य की टीम का हिस्सा बनता है तो उसे विभाग से परमिशन लेनी होगी। ऐसा न करने पर उसे सभी सुविधाओं से वांछित रहना पड़ेगा।

Saturday, August 20, 2022

August 20, 2022

रामकली के युवाओं ने सफाई अभियान चलाकर दिया स्वच्छता अपनाने का संदेश

*रामकली के युवाओं ने सफाई अभियान चलाकर दिया स्वच्छता अपनाने का संदेश*

The youth of Ramkali gave the message of adopting cleanliness by running a cleanliness campaign.
*गावँ हरा भरा रहे इसके लिए युवाओं द्वारा लगाए जाएँगे हजारों पेड़*

जींद : ( संजय कुमार ) -रामकली गाँव  के युवाओं ने खेल स्टेडियम व् शमशान प्रांगण में और आसपास के एरिया में  सफाई अभियान चलाया गया । इस दौरान आजाद युवा संगठन के पदाधिकारी व्  सदस्यों ने खेल स्टेडियम व् शमशान प्रांगण के अंदर और  बाहर कस्सी और फावड़े से घास काटी। संगठन प्रधान नरेंद्र मलिक ने कहा कि आज रामकली के युवाओं ने खेल स्टेडियम व् शमशान प्रांगण में और आसपास के एरिया में  सफाई अभियान चलाया और कहा सभी को अपने आसपास सफाई अभियान चलाना चाहिए, ताकि हम अपने आप को स्वच्छ और स्वस्थ रख सकें। आज के समय में जो भी बीमारियां पैदा हो रही हैं वह सिर्फ सफाई न करने के कारण हो रही है। उन्होंने कहा कि बहुत सा पैसा हमारा इन बीमारियों में लग जाता है, लेकिन इसके बावजूद भी लोग समझ नहीं रहे कि सफाई इंसान के जीवन के लिए कितनी जरूरी है जो उनको अनेक बीमारियों से बचा सकती है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि वे सफाई के महत्व को समझें और उसे अपने जीवन में एक आदत की तरह अपनाएं। और कहा सफाई अभियान के साथ साथ पुरे गावं में संगठन द्वारा हजारों पेड़ लगाए जाएँगे जिनका खर्च आज़ाद युवा संघठन व् युवा उठाएंगे । सरपंच सुरेंदर मोर ने कहा युवाओ द्वारा सफाई अभियान चलाना एक सराहनीय कदम है और कहा आज सभी आजाद युवा संगठन सदस्यों ने और युवाओ ने अपने आसपास सफाई करने की शपथ ली । इस अवसर पर सुनील मलिक ,सोनू ,सरपंच सुरेंदर मोर, श्री अहलावत , विक्रम बिसला, जसबीर ,महावीर ,अमित, दीपक, जयवीर मोर आदि मौजूद रहे।
August 20, 2022

खुशखबरी : राजस्थान, हरियाणा और पंजाब को रेलवे ने दी बड़ी सौगात , अब वैष्णो देवी जाने का सफर होगा आसान

खुशखबरी : राजस्थान, हरियाणा और पंजाब को रेलवे ने दी बड़ी सौगात , अब वैष्णो देवी जाने का सफर होगा आसान

नई दिल्ली  : भारतीय रेलवे द्वारा समय समय पर सभी यात्रियों की सुविधा के लिए कई नई ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाता है और वहीं कई बार ट्रेनों का विस्तार भी किया जाता है। साथ ही कुछ समय पहले ही जयपुर प्रयागराज ट्रेन का विस्तार भी किया गया था जिससे यात्रियों को काफी फायदा हुआ। अब राजस्थान सहित हरियाणा और पंजाब के लोगों को रेलवे ने बड़ी सौगात दी है रेलवे ने अब नई ट्रेन शुरू करने का फैसला किया है।
आपको बता दे की ये ट्रेन जयपुर से शुरू होकर जम्मू कश्मीर के बारामुला तक जाने वाली है इस ट्रेन को शेखावाटी एक्सप्रेस का नाम दिया गया है। शेखावाटी से होकर जाने वाली इस ट्रेन से यात्रियों को काफी लाभ मिलने वाला है और राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के लोग अब आसानी से वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जा सकेंगे। जयपुर से शेखावाटी एक्सप्रेस को शुरू किया गया है इस ट्रेन को जयपुर से बारामुला के बीच चलाया जाने वाला है।
इससे इस ट्रेन के सहारे कई शहरों में आना जाना यात्रियों के लिए आसान हो जाएगा। कई अहम स्टेशनों पर रुककर ये ट्रेन चलेगी। यह ट्रेन हफ्ते में सिर्फ दो दिन चलने वाली है जयपुर से बारामुला के लिए ये ट्रेन सिर्फ बुधवार और शनिवार चलेगी जबकि बारामुला से जयपुर के लिए ये ट्रेन गुरुवार और रविवार को चलाई जाएगी। बता दे की ये ट्रेन 1153 किमी का सफर तय करने वाली है इस ट्रेन से आसानी से वैष्णो देवी पहुंचा जा सकेगा।
यह ट्रेन श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन पर रुककर चलने वाली है ये ट्रेन रींगस, सीकर, नवालगढ़, झुंझुनूं, चिढ़ावा, सूरजगढ़, लोहारू, सादुलपुर, हिसार, जाखल, धूरी, लुधियाना और जालंधर, पठानकोट कैंट, जम्मू-तवी, उधमपुर, श्री माता वैष्णों देवी, रियासी, बनिहाल, अनंतनाग और अवंतिपुरा जैसे स्टेशनों से होकर रास्ता तय करेगी। ये एक्सप्रेस ट्रेन जयपुर से बारामुला के लिए बुधवार और शनिवार को दोपहर 12 बजे चलेगी और अगले दिन 11 बजे बारामुला पहुंचेगी इस ट्रेन से कई यात्रियों को काफी लाभ मिलने वाला है।
August 20, 2022

अंबाला से दिल्ली तक बनेगा ग्रीन फील्ड हाईवे - डिप्टी सीएम

अंबाला से दिल्ली तक बनेगा ग्रीन फील्ड हाईवे - डिप्टी सीएम*

*- सोनीपत को उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की सौगात, 16 विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास-उद्घाटन*

*सोनीपत/चंडीगढ़* प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि यमुना के साथ दिल्ली से अंबाला तक ग्रीन फील्ड हाईवे बनाया जाएगा और इसके निर्माण से दिल्ली-अंबाला मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। वे शुक्रवार को सोनीपत में लोक निर्माण विभाग की करीब 87 करोड़ रुपए की लागत की 16 विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के उपरांत संबोधित कर रहे थे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों की मजबूती की ओर विशेष ध्यान देना जरूरी है क्योंकि रोड इंफ्रास्ट्रक्चर की मजबूती देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि हरित व सफेद क्रांतियों की भांति अब हरियाणा में रोड इंफ्रास्ट्रक्चर की मजबूती विकास के नए आयाम स्थापित करेगी। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि केंद्रीय सड़क मंत्री नितिन गडकरी ने सड़कों की सभी मांगों को पूरा किया है। उन्होंने बताया कि इस दिशा में दिल्ली से यमुना के साथ अंबाला तक ग्रीन हाईवे का निर्माण किया जाएगा और जिससे प्रमुख हाईवे मार्ग पर ट्रैफिक कम होगा।
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सड़कों का निर्माण इस प्रकार से करवाया जा रहा है कि जिससे गांवों को भी बेहतरीन कनेक्टिविटी मिलेगी। उन्होंने कहा कि निरंतर गांवों का दौरा करने पर अनुभव किया गया कि समयानुसार सड़कों के सुधार व विस्तार की आवश्यकता है जिसके चलते सभी विधानसभाओं की सड़कों के सुधारीकरण के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सरकार ने प्रत्येक विधानसभा की सड़कों के सुधार व मजबूती के लिए 25-25 करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान करने का ऐतिहासिक फैसला लिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश में 6000 तालाबों को साफ करवाकर जल संरक्षण की शुरुआत की गई है।
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अगस्त को खरखौदा में लगने वाले मारुति-सुजुकी प्लांट के निर्माण कार्य का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि 800 एकड़ में मारूति व 100 एकड़ में सुजुकी अपने प्लांट में इलेक्ट्रिक वाहनों का निर्माण करेगी और इससे देश के विकास के साथ एक्सपोर्ट मार्केट को भी बल मिलेगा। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि गन्नौर के बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में रेल कोच फैक्टरी का निर्माण कार्य भी पूर्ण हो चुका है और गन्नौर में अंतर्राष्ट्रीय बागवानी मंडी को भी गति देने की दिशा में कदम बढ़ाए गए है जो कि ग्लोबल मार्केट से जुड़ेगी। उन्होंने कहा कि यह विकास परियोजनाएं बेंचमार्क का काम करेंगी। 
प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा सरकार की ओर से चुनाव आयोग को लिखित में दिया गया है कि आयोग 30 सितंबर से पहले पंचायत चुनाव करवाएं। उन्होंने कहा कि दो नगरपालिकाएं बास और सिसाय अब ग्राम पंचायत में परिवर्तित हुई है और हेलीमंडी के 12 गांव नगरपरिषद में शामिल होंगे इसलिए यहां वार्ड बंदी दोबारा हो रही है जो कि 30 अगस्त से पहले हो जाएगी। उन्होंने कहा कि वार्ड बंदी का कार्य पूरा होते ही तुरंत आयोग चुनाव करवाएगा।  
इससे पहले डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने सोनीपत जिले को सौगात देते हुए करीब 87 करोड़ रुपए की लागत की 16 विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जिनमें 15 सड़कें और एक ब्रिज शामिल हैं। सोनीपत दौरे के दौरान गांव मटिंडू में पर्वतारोही नीतीश दहिया के सम्मान समारोह में पहुंचे उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने नीतीश दहिया को यंगेस्ट माउंटेनर इन द वर्ल्ड का खिताब जीतने के लिए शुभकामनाएं दी। वहीं डिप्टी सीएम ने शौर्य चक्र व सेना मेडल विजेता मेजर अमित दहिया के सम्मान समारोह में भी शिरकत की और उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर सांसद रमेश कौशिक, पूर्व विधायक एवं जजपा के जिलाध्यक्ष पदम सिंह दहिया, चेयरमैन  पवन खरखौदा, अजीत आंतिल, बबीता दहिया, भूपेंद्र मलिक, सुमित राणा सहित अधिकारीगण व गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
August 20, 2022

आमिर की फिल्म लाल सिंह चड्ढा के समर्थन में सपना चौधरी, बोलीं- बिना देखे बॉयकॉट ठीक नहीं है...

आमिर की फिल्म लाल सिंह चड्ढा के समर्थन में सपना चौधरी, बोलीं- बिना देखे  बॉयकॉट ठीक नहीं है...

पानीपत :  हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी ने लाल सिंह चड्ढा के सोशल मीडिया के बॉयकॉट पर कहा कि ये सही नहीं है। वह अपने नए सॉन्ग के प्रमोशन के लिए पानीपत पहुंची थीं। सपना चौधरी ने कहा कि बिना देखे बॉयकॉट करना ठीक नहीं है। कल को कोई मेरे प्रोजेक्ट का बॉयकॉट करेगा तो मुझे गलत लगेगा। पानीपत में पत्रकारों ने सपना चौधरी से कई सवाल किए। इनमें आमिर खान की फिल्म लाल सिंह चड्ढा के विरोध में सोशल मीडिया पर चल रहे कैंपेन पर जब सवाल पूछा तो सपना ने कहा कि इस तरह किसी भी प्रोजेक्ट का विरोध नहीं करना चाहिए। उसे पहले देखा जाना चाहिए। हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी ने लाल सिंह चड्ढा के विरोध पर कहा कि वह अपने नए सॉन्ग के प्रमोशन के लिए पानीपत आई हैं। इससे उन्हें कई उम्मीदें हैं। उन्हें हरियाणा के लोगों ने बहुत सम्मान दिया है। 
*हरियाणा की भाषा में यादगार फिल्म बनाने का है सपना*

सपना चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह अपनी मां बोली भाषा हरियाणवी में एक अच्छे लेवल की फिल्म बनाना चाहती हैं, जो कि यादगार बन जाए। सपना ने कहा कि अब हरियाणा के कलाकारों को शूटिंग करने के लिए कहीं बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इससे स्थानीय कलाकारों को भी काफी लाभ होगा। 
*हर घर तिरंगा अभियान कार्यक्रम पर गर्व है*

हरियाणा सरकार जल्द ही फिल्म सिटी बनाने जा रही है। हर घर तिरंगा अभियान पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि हम अपने घर पर अपने दिल में तिरंगा लगा रहे हैं।