Breaking

Wednesday, September 15, 2021

September 15, 2021

कंटीली तारों को फांदकर बाल कलाम आश्रम से दो किशोरी फरार

कंटीली तारों को फांदकर बाल कलाम आश्रम से दो किशोरी फरार
जींद ÷ (संजय कुमार ) = डीसी कालोनी स्थित बाल कलाम आश्रम से सोमवार शाम को स्टाफ सदस्यों को चमका देकर दस फीट ऊंची दीवार व कंटीली तारों को फांदकर दो किशोरी फरार हो गई। इसका पता लगते ही आश्रम में हड़ंकप मच गया। सूचना पाकर महिला एवं बाल विकास व सीडब्ल्यूसी के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आश्रम में लगे सीसीटीवी को खंगाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। गायब हुई एक लड़की बिहार व दूसरी असम की रहने वाली है। दोनों लड़कियों को एक सप्ताह पहले ही लाकर आश्रम में छोड़ा था और विभाग द्वारा दोनों लड़कियों की काउंसलिंग की जा रही थी। इसी बीच में वह मौका पाकर वहां से फरार हो गई। मंगलवार सुबह सीडब्ल्यूसी के पूर्व सदस्य अनिल लाठर को एक किशोरी बस स्टैंड गेट के पास घूमती हुई नजर आई। पूर्व सदस्य ने किशोरी को पहचान 
लिया और नजदीक खड़ी पुलिस पीसीआर को पूरी जानकारी दी। पीसीआर में तैनात कर्मचारियों की सहायता से किशोरी को वापस बाल कलाम आश्रम में लाया गया, जहां उसकी काउंसलिंग की गई। पुलिस ने भी किशोरी से पूछताछ की। दोनों किशोरियों के गायब होने के मामले में आश्रम पर भी सवाल 
उठ रहे हैं। स्टाफ होने के बावजूद किशोरियां चमका देने में कामयाब हो गई। यही नहीं जिला बाल संरक्षण अधिकारी कार्यालय के कर्मचारी भी आधे घंटे पहले ही आश्रम में काउंसलिंग करके गए थे। उनके जाते ही दोनों किशोरी बाहर ग्राउंड में घूमने के लिए निकली थी।
*-एक-दूसरे की सहायता से फांदी दीवार-*
किशोरी ने बताया कि दूसरी किशोरी के साथ मिलकर वह भागी थी। पहले ऊपर एक किशोरी दूसरे की सहायता से चढ़ी और फिर ऊपर चढ़ी किशोरी ने नीचे से दूसरी को खींचकर ऊपर चढ़ाया। कंटीले तारों से निकलने के दौरान एक किशोरी के कपड़े उसमें फंस गए और उसका कुछ हिस्सा तारों में भी उलझ गया था। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि दूसरी युवती उसे लेकर पहले आसपास घूमती रहती और फिर अंधेरा होते ही उसे गोहाना रोड के आसपास बैठाकर कुछ देर में आने की बात कहकर चली गई, लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटी। फिलहाल पुलिस दूसरी किशोरी की तलाश कर रही है।
-पूरी रात सड़कों पर घूमती रही किशोरी-
पूछताछ में किशोरी ने बताया कि उसके जाने के लिए कोई रास्ता नहीं पता था। वह रात भर इधर-उधर घूमती रही, लेकिन दूसरी लड़की वापस नहीं आई। 
सुबह होने पर वह किसी तरह बस स्टैंड के पास पहुंच गई, लेकिन इसी दौरान सीडब्ल्यूसी के पूर्व सदस्य ने उसे देख लिया और वापस ले आए।
सीसीटीवी में कैद हुई दोनों
आश्रम में लगे सीसीटीवी में दोनों किशोरी ग्राउंड में घूमती नजर आती है, लेकिन कुछ देर में सीसीटीवी से ओझल हो जाती है। इसी दौरान पिछली दीवार 
को फांदकर डीसी कालोनी की तरफ उतर जाती है।
*वर्जन*
किशोरियों के गायब होने की सूचना मिली थी। सुबह वह आश्रम का दौरा करके रिपोर्ट लेकर आई है। इसमें से एक लड़की मिल चुकी है। उससे पूछताछ की गई तो बताया कि दूसरी लड़की आने की बात कहकर गई, लेकिन वापस नहीं आई।
सुजाता, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, जींद

Tuesday, September 14, 2021

September 14, 2021

कैरियर काउंसलिंग जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए खोलते हैं नए रास्ते: त्रिपाठी

*कैरियर काउंसलिंग जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए खोलते हैं नए रास्ते: त्रिपाठी*
जींद : ( संजय कुमार ) ÷ सुप्रीम सीनियर सेकेंडरी स्कूल जींद में विद्यार्थियों के कॅरियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में कॅरियर काउंसलर पानीपत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनिरिंग एंड टेक्नोलॉजी के काउंसलिंग व योग एक्सपर्ट आचार्य पवन ने कॅरियर को लेकर चिन्तित विद्यार्थियों की सभी जिज्ञासाओं को शांत किया। काउंसलर पवन ने छात्रों को मोटिवेट करते हुए विभिन्न कोर्स के स्वरूप और महत्व भी बताया कार्यक्रम  ग्याहरवीं व बारहवीं के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यालय के प्राचार्य सतेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि काउंसलिंग से विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं और कमजोरियों का पता चलता है। कॅरियर काउंसलिंग सेमिनार विद्यार्थियों के भविष्य के लिए बेहतर कदम है साथ ही प्रोफेशनल कोर्स की तैयारी कैसे करें इस बारे में भी बताया।  प्रबंधन समिति के अध्यक्ष शरद अत्री ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि सेमिनार विद्यार्थियों के लिए एक अच्छा अवसर साबित होगा। इसमें कॅरियर से जुड़ी तमाम जानकारियां जो पवन जी द्वारा दी गई है विद्यार्थियों को कॅरियर की दिशा में बढऩे के लिए विशेष रूप से मददगार होगी व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को फायदा होगा क्योंकि छात्रों को सही मार्गदर्शन मिलना जरूरी है। विद्यार्थियों की क्षमता के अनुसार काउंसलर को रास्ता बताना चाहिए, जिससे छात्र विषय का चयन कर सके। सही मार्गदर्शन मिलने से छात्र सही विषय का चयन कर सकते है। इस सेमिनार में बच्चों के साथ साथ अध्यापक राजकुमार शर्मा, मोहित बब्बर, अनीता ढांडा, राजेंद्र कुमार, प्रतीक, प्रियंका ने भी भाग लिया।

Sunday, September 12, 2021

September 12, 2021

मानवीय जिंदगी को बचाना ही मानव धर्म - सतेंद्र त्रिपाठी

*मानवीय जिंदगी को बचाना ही मानव धर्म - सतेंद्र त्रिपाठी*
जींद : ( संजय कुमार ) ÷ सुप्रीम सीनियर सेकेंडरी स्कूल जींद में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय प्राथमिक उपचार दिवस मनाया गया जिसमें विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने प्राथमिक उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की। विद्यालय की शिक्षिका अनीता ढांडा व शारीरिक शिक्षक राजेंद्र कुमार ने बच्चों को प्राथमिक उपचार कैसे करें इसके बारे में बारीकी से सिखाया संगीत अध्यापक मोहित बब्बर ने बताया कि विश्व प्राथमिक उपचार दिवस की शुरुआत रेडक्रॉस ने की है यह अंतरराष्ट्रीय संगठन है जिसकी शुरुआत सन 1863 में हुई व इस से जुड़ी अनेकों जानकारियां बच्चों को दी। विद्यालय के प्राचार्य सतेंद्र त्रिपाठी ने बच्चों को अंतरराष्ट्रीय प्राथमिक उपचार दिवस का महत्व बताते हुए कहा कि रेड क्रॉस का मुख्य कार्य मानव सेवा और आपदा स्थिति में माननीय जिंदगी को बचाना है उन्होंने यह भी बताया कि कई बार ऐसा देखा जाता है कि लोग घरों या बाहर किसी कारणवश चोटिल हो जाते हैं ऐसी स्थिति में लोग घबरा कर अस्पताल चले जाते हैं कुछ मामूली चोटों को प्राथमिक उपचार से घर पर ही ठीक किया जा सकता है। इसका महत्व बताने के लिए व इसके प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह दिवस अहम है हमें अपने घरों में फर्स्ट एड किट रखनी चाहिए वह यात्रा के दौरान भी इसे साथ रखना चाहिए। इस मौके पर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष शरद अत्री ने भी बच्चों को संबोधित किया व प्राथमिक उपचार दिवस की महत्वता को बताया साथ ही यह भी बताया कि सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी ऐसी छोटी-छोटी जानकारियां बच्चे को उसकी शिक्षा के दौरान ही देनी चाहिए जिससे उनके अंदर सामाजिक सेवा की भावना उजागर हो व आगे चलकर समाज सेवा में योगदान दे सकें इस अवसर पर राजकुमार शर्मा, करूणा शर्मा व सभी अध्यापकों ने भी भाग लिया।

Friday, September 10, 2021

September 10, 2021

भाजपा के एक नहीं, दर्जनों नेता पार्टी में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं : सुशील गुप्ता

भाजपा के एक नहीं, दर्जनों नेता पार्टी में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं : सुशील गुप्ता
जींद : राज्यसभा सांसद एवं हरियाणा में आम आदमी पार्टी के प्रभारी डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि भाजपा के एक नहीं, दर्जनों नेता पार्टी में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। किंतु पार्टी ने उन भाजपाईयों को दो टूक शब्दों में कहा है कि अगर किसानों के संघर्ष में साथ देना है तो अभी मोर्चा संभालना होगा। आम आदमी पार्टी के प्रभारी डॉ. सुशील गुप्ता गुरूवार को जींद में किसान-मजदूर खेत बचाओ महायात्रा के स्वागत के दौरान रानी तालाब चौक पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। जींद में पहुंचने पर हरियाणा के पंचायती एवं निकाय चुनाव संयोजक राजेंद्र गुप्ता और पार्टी के कार्यकत्र्ताओं ने गद्दा देकर सम्मानित किया, वहीं पिंडारा से पहुंचे चंद्रानंद स्वामी ने भगवान परशुराम की प्रतिमा भेंट की। महायात्रा का रानी तालाब चौक पर पहुंचने का समय सुबह 11 बजे तय किया हुआ था, किंतु यह यात्रा साढ़े 4 घंटे देरी से पहुंची। राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि आप पार्टी के कार्यकत्र्ताओं में इस कद्र जोश भरा पड़ा है कि चार तो क्या 40 घंटे सड़कों पर खड़े होकर अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में किसानों के हित में आवाज बुलंद कर सकते हैं।
सांसद सुशील गुप्ता ने कहा कि यह महायात्रा किसानों और मजदूरों की आवाज बुलंद करने के लिए पूरे प्रदेश में निकाली जा रही हैं। किसान 9 महीने से ज्यादा समय से बॉर्डर और सड़कों पर धरना दे रहे हैं। इस संघर्ष के दौरान 600 किसान शहीद हो चुके हैं। आम आदमी पार्टी इस महायात्रा के मार्फत आवाज बुलंद कर रही है कि आंदोलन में मरे किसानों को शहीद का दर्जा, आश्रित परिवार में से एक को स्थाई नौकरी और किसानों पर दर्ज मुकद्दमों की वापिसी की जाएं। किंतु सरकार के रूख के लिहाज से यह दिखाई दे रहा है कि उनको अन्नदाताओं की कोई फिक्र नहीं है। इसलिए किसानों के सिर फुड़वाने वाले एसडीएम पर कार्रवाई की बजाय उसे चंडीगढ़ बुलाकर तरक्की दी गई हंै। मुख्यमंत्री मनोहरलाल को किसान पिटवाने में आनन्द आता हैं। इससे बड़ी विडम्बना क्या होगी कि मुख्यमंत्री अपने हल्के तक में नहीं आ सकता। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता बीरेंद्र सिंह की आम आदमी पार्टी में शामिल होने की चर्चाओं को लेकर पूछे गये सवाल पर गुप्ता ने कहा कि भाजपा के अनेकों नेता पार्टी में शामिल होना चाहते हैं। फिलहाल ये भाजपाई मलाई खाने के चक्कर में नहीं आ रहे हैं। इसलिए उनको साफ कह दिया है कि अभी नहीं तो कभी नहीं। उन्होंने कहा कि महायात्रा को प्रदेश में भारी रिस्पॉन्स मिल रहा हैं। इस मौके पर जिला प्रधान लाभ सिंह, वीरेंद्र आर्य, डॉ. रजनीश जैन आदि आप नेता मौजूद थे।

Thursday, September 9, 2021

September 09, 2021

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा:नाममात्र बढ़ोतरी किसानों से मजाक

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा:नाममात्र बढ़ोतरी किसानों से मजाक
चंडीगढ़ : पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने गेहूं, जौ, चने की एमएसपी में मात्र लगभग दो से ढाई प्रतिशत की बढ़ोत्तरी को नाकाफी बताते हुए, किसानों के साथ मजाक करार दिया है। उन्होंने कहा किसान की फसल की लागत बहुत बढ़ गई है, आज पेट्रोल-डीजल की कीमतें आसमान छू रही हैं। लेबर ,खाद, बीज, दवाई और बाकी रोजमर्रा की चीज़ों के दाम भी रिकॉर्ड ऊंचाई के स्तर पर हैं।
एक तरफ सरकार 2022 तक किसानों की आय डबल करने का वादा करती है और दूसरी तरफ उसे पिछले साल सिर्फ ढाई फीसदी और इस साल घटाकर नाममात्र सिर्फ 2 फीसदी की रेट बढ़ोत्तरी का झुनझुना थमा दिया। यूपीए सरकार के दौरान गेहूं के रेट में हर साल औसतन 9-10 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी होती थी।
September 09, 2021

हरियाणा बोर्ड के 53वें स्थापना दिवस पर लिया बड़ा फैसला

हरियाणा बोर्ड के 53वें स्थापना दिवस पर लिया बड़ा फैसला:

प्रदेश में 11 साल बाद इस सत्र से 8वीं के छात्रों की परीक्षाएं बोर्ड लेगा, तैयारी पूरी
भिवानी : 10वीं और 12वीं की तरह अब 8वीं कक्षा के विद्यार्थियों को भी इस सत्र में बोर्ड की परीक्षाएं देनी होगी। बुधवार काे हरियाणा विद्यालय शिक्षा बाेर्ड के 53वें स्थापना दिवस पर बोर्ड चेयरमैन जगबीर सिंह ने यह जानकारी दी। उन्हाेंने कहा, ‘शिक्षा विभाग से प्राप्त पत्र के अनुसार, आरटीई के नियमों में संशोधन कर बोर्ड की ओर से 8वीं की भी परीक्षाएं ली जाएंगी।’
गौरतलब है कि 10वीं का परिणाम अपेक्षाकृत काफी कम बना हुआ है। शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए सरकार 8वीं की बोर्ड परीक्षा शुरू कर रही है। बोर्ड के वाइस चेयरमैन वेदप्रकाश यादव ने कहा, ‘प्राथमिक शिक्षा विभाग ने 2020 में ही पत्र भेज 8वीं की परीक्षा कराने के निर्देश दे दिए थे।
*2009-10 में ली गई थी अंतिम बार बोर्ड परीक्षा*
हरियाणा बोर्ड की अभी 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षा होती है। राइट टू एजुकेशन एक्ट लागू होने के बाद 11 साल पहले 8वीं कक्षा का बोर्ड हटा दिया गया था। 2009-10 में आखिरी बार 8वीं की बोर्ड परीक्षाएं हुई थीं। 8वीं कक्षा तक कोई बच्चा फेल नहीं करने की नीति से विद्यार्थियों की पढ़ाई का स्तर कम हो गया।
September 09, 2021

नगर निगम की हाउस मीटिंग की अवमानना करने पर गृह मंत्री ने एसई को किया सस्पेंड

नगर निगम की हाउस मीटिंग की अवमानना करने पर गृह मंत्री ने एसई को किया सस्पेंड
चंडीगढ़ : हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने गुड़गांव नगर निगम में मेयर व अधीक्षण अभियंता के बीच चल रहे विवाद पर संबधित अधीक्षण अभियंता रमेश शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलबिंत करने के आदेश दे दिए हैं। विज ने कहा कि भारत लोकतांत्रिक देश हैए किसानों के साथ वार्ता चल रही है।
बैठक के बाद पत्रकारों द्वारा गुड़गांव नगर निगम में मेयर व अधीक्षण अभियंता के बीच चल रहे विवाद पर पूछे गए सवाल पर कहा कि गुड़गांव नगर निगम की मेयर ने उन्हें बताया है कि संबंधित अधीक्षण अभियंता से उनके कुछ सवाल थे, लेकिन सवालों का जवाब देने की बजाय वे मीटिंग से उठकर चले गए। उन्होंने संबधित एसई रमेश शर्मा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने के आदेश दे दिए हैं।
September 09, 2021

गोली मारकर हत्या करने के मामले में 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

गोली मारकर हत्या करने के मामले में 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
-हत्या के मामले में गवाह गांव अलीपुरा के मास्टर की गोलियां मारकर की थी हत्या
-आरोपी पर रोहतक, झज्जर जिलों में पहले सर दर्ज है हत्या व हत्या के प्रयास के मामले
जींद ÷ ( संजय कुमार ) सीआईए जींद ने जींद व अन्य जिलों में हत्या व हत्या के प्रयास   में 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश को काबू किया है।
थाना उचाना के अंतर्गत अलीपुरा गांव में मास्टर सुरेश शर्मा की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। 
सीआईए इंचार्ज अनूप सिंह ने बताया कि आरोपी नवीन उर्फ भोलू वासी रिठाल जिला रोहतक ने अपने साथियों हर्ष वासी डिघल, संजीत उर्फ सनी वासी सुनारिया, लोकेश उर्फ़ गोगी वासी शीतल नगर कॉलोनी रोहतक के साथ मिलकर विगत 14 जून 2021 को अलीपुरा गांव के रहने वाले सुरेश की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक सुरेश हत्या के मामले में पीजीआई थाना रोहतक में गवाह था। जिसकी रोहतक अदालत में गवाही नहीं हुई थी। उपरोक्त आरोपियों को पकड़ने की जिम्मेवारी सीआईए इंचार्ज निरीक्षक अनूप सिंह के नेतृत्व में सीआईए स्टाफ जींद को सौंपी गई। सीआईए स्टाफ जींद में कार्रवाई करते हुए आरोपी हर्ष वासी डीघल को दिनांक 5 जुलाई 2021को गिरफ्तार किया था व दिनांक 22 जुलाई 2021 को 50 हजार रूपए का इनामी बदमाश संजीत उर्फ सन्नी को पहले ही सीआईए स्टाफ जींद गिरफ्तार कर चुका है। अब गुप्त सूचना के आधार पर 50 हजार के इनामी बदमाश गांव रिठाल निवासी नवीन उर्फ भोलू को गांव पोली, जुलाना से काबू कर लिया गया है। आरोपी नवीन पर रोहतक व झज्जर जिले में हत्या व हत्या के प्रयास के मामले दर्ज है।
आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश करके 8 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है जिस दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी वह वारदात में प्रयोग गाड़ी वह दो पिस्तौल भी बरामद किए जाएंगे।

Monday, September 6, 2021

September 06, 2021

5 जिलों में मोबाइल इंटरनेट और SMS सेवाएँ बंद करने के आदेश


करनाल: सरकार ने कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद और पानीपत में मोबाइल इंटरनेट और SMS सेवाएँ बंद करने के आदेश दिए, आज रात बारह बजे से सात सितंबर की रात बारह बजे तक बंद रहेंगी ये सेवाएँ.
September 06, 2021

सीआरएसयू गेट पर छात्रों ने जड़ा ताला

सीआरएसयू गेट पर छात्रों ने जड़ा ताला
-ऑनलाइन परीक्षाओं में शीशा लगाने का कर रहे विरोध
-परीक्षाओं में गलत ढंग से यूएमसी बनाने का भी है आरोप
जींद ÷ ( ब्यूरो , संजय कुमार ) चौ. रणबीर सिंह विश्वविद्यालय द्वारा आनलाइन परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए परीक्षार्थी के पीछे मिरर लगाने के फैसले और यूएमसी (अनफेयर मीन्स केस) के मामले में छात्र संगठन एबीवीपी, इनसो, एसएफआइ, एवीएस, यूएनएसआइ ने सोमवार को गेट पर ताला जड़ कर प्रदर्शन किया। छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय प्रबंधन पर आनलाइन परीक्षाओं में गलत तरीके से यूएमसी बनाने के आरोप लगाए। छात्र संगठनों के प्रदर्शन के चलते डीएसपी पुष्पा खत्री और सदर थाना प्रभारी मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। गौरतलब है कि इस साल करीब 2300 विद्यार्थियों की यूएमसी बन चुकी हैं। अानलाइन परीक्षाओं में हो रही नकल को रोकने के लिए विश्वविद्यालय ने परीक्षार्थियों को अपने पीछे चार बाय तीन फीट का शीशा लगाने के निर्देश दिए हैं। जिसका छात्र संगठन विरोध कर रहे हैं। हालांकि प्रदर्शन के दौरान छात्र संगठनों में मतभेद दिखे। शीशे वाले विषय पर विद्यार्थियों में आपस में विवाद हो गया। कुछ विद्यार्थी शीशे की मांग का विरोध करते हुए धरने पर बैठे और कुछ ने शीशे की मांग के विरोध में विश्वविद्यालय के दोनों गेट बंद कर दिए। छात्र संगठनों ने एबीवीपी पर प्रदर्शन का विरोध करने और छात्रों को गेट पर ही रोक के रखने तथा धक्का-मुक्की करने के आरोप लगाए। जब विश्वविद्यालय प्रशासन की तरफ से कोई भी बाहर नहीं आया, तब शिव छात्र मोर्चा ने विरोध करते हुए अंदर जाने का प्रयास किया, तो पुलिस ने उनको बाहर निकाला। 
*-प्रैक्टिकल लेने आए प्रोफेसर गेट पर फंसे-*

गेट पर ताला लगा होने की वजह से विश्वविद्यालय में आने-जाने वालों को परेशानी हुई। दूसे विश्वविद्यालयों से प्रैक्टिकल लेने आए हुए प्रोफेसर की गाड़ियां विश्वविद्यालय के साथ चौकी में खड़ी करवाई गई और उन्हें पैदल ही विश्वविद्यालय के अंदर लाया गया। जिसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्र संगठनों से उनकी मांगों के बारे में जानकारी मांगी। छात्र संगठनों की मुख्य मांग विद्यार्थियों की यूएमसी हटाने, उत्तर पुस्तिका की लिखाई की जांच ना करने और शीशे के साइज को कम करने की थी। एबीवीपी, इनसो, एसएफआइ, एवीएस, यूएनएसआइ मांग रखी कि बीएड की परीक्षा में पीछे शीशा लगाने की शर्त को हटा दिया जाए। रजिस्ट्रार डा. राजेश बंसल ने छात्र संगठनों से ज्ञापन लेते हुए उनकी मांगें सुनी। 
*-विश्वविद्यालय रजिस्ट्रार ने बातचीत में दिए ये आश्वासन-*

--जिन विद्यार्थियों की एक मिनट से कम इंटरनेट नेटवर्क बाधित होने पर और अपलोडिंग के समय यूएमसी बनी है। विश्वविद्यालय प्रशासन यूएमसी कमेटी से अनुरोध करेगा कि विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उनके पक्ष में निर्णय ले। 
--ज्यादा समय तक इंटरनेट बाधित रहने से जिन विद्यार्थियों की यूएमसी बनी, उनके बारे में विचार नहीं किया जाएगा। 
--अगर एक उत्तर पुस्तिका में लिखाई में स्वभाविक अंतर नहीं पाया गया, तो उस पर कोई यूएमसी नहीं बनाई जाएगी। उत्तर पुस्तिका में पूरी लिखाई या कुछ पेज विद्यार्थी की लिखाई से मेल नहीं खाते हैं, तो उसकी यूएमसी बनाई जाएगी। इसलिए जिन विद्यार्थियों ने उत्तर पुस्तिका खुद लिखी है, उन्हें घबराने की आवश्यकता नहीं है। 
*-चार बाय तीन के शीशे से रुकेगी नकल-*

शीशे वाले मुद्दे पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा की नकल माफिया द्वारा यूट्यूब पर जो वीडियो डाले गए थे, उसमें दो बाय तीन फीट के शीशे के साथ सफलतापूर्वक नकल करने के तरीके बताए गए हैं। जबकि चार बाय तीन फीट के शीशे के साथ नकल करने का कोई तरीका नकल माफिया खोज नहीं पाया है। इसलिए इस बात को मानना सीधे-सीधे नकल माफिया के साथ खड़ा होना है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य नकल रहित परीक्षा करवाना है। उत्तर पुस्तिका में कंप्यूटर और मोबाइल को विद्यार्थी के सिर से ऊपर तथा दाएं बाएं को कैमरे में दिखाता हो, वो शीशा मान्य होगा। 
-डिप्टी सीएम से मिलेंगे छात्र-

इनसो के जिला चेयरमैन दीपक देशवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन फर्जी यूएमसी बनाकर विद्यार्थियों के भविष्य को खराब करने की कोशिश कर रहा है। सीआरएसयू सबसे छोटा विश्वविद्यालय है और यूएमसी सबसे ज्यादा बनी हैं। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला से मिलकर विद्यार्थियों को दी जा रही मानसिक प्रताड़ना से अवगत करवाया जाएगा और उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि शीशे का साइज छोटा किया जाए या बड़ा शीशा विश्वविद्यालय खुद उपलब्ध करवाए। बेवजह विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ ना डाला जाए।
September 06, 2021

राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने ली भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक

पंचायत चुनाव के सिलसिले में राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने ली भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक
जींद ÷( संजय कुमार ) भाजपा जिला कार्यालय में रविवार को आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने पदाधिकारियों के साथ बैठक की। राज्य मंत्री ने पदाधिकारियों से कहा कि आगामी पंचायत चुनाव के लिए तैयारियां करें। पंचायत चुनाव सिंबल पर लड़ने के लिए पदाधिकारियों की राय भी ली। उन्होंने बताया कि हलका स्तर पर पांच-पांच आदमियों की कमेटियां बनाई जाएंगी। जो गांव-गांव जाकर अपना फीडबैक देंगी। उसी के आधार पर पार्टी अपना फैसला लेगी। कमलेश ढांडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर वर्ग के हित के लिए काम कर रही है। कोरोना काल में भी प्रदेश सरकार ने जरूरतमंदों के लिए कल्याणकारी योजनाएं लागू की। जरूरतमंदों को डिपो के माध्यम से सरकार राशन उपलब्ध करा रही है। कार्यकर्ता भी लोगों के बीच में जाकर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताएं। जिलाध्यक्ष राजू मोर ने कहा कि पंचायत चुनाव को लेकर जो भी पार्टी हाईकमान फैसला लेगा, उसके लिए हर कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी निभाने को तैयार है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं ने आगामी पंचायत चुनाव के लिए अभी से तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया। 
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष अमरपाल राणा, ओमप्रकाश पहल बलकार डाहौला, ओमप्रकाश नैन, जगदीश उझाना, धर्मेंद्र शर्मा, तिजेंद्र ढुल, विरेंद्र खोखरी, बबलू गोयल, कविता शर्मा, रामफल शर्मा, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र धवन, हरीश शर्मा, रविंद्र राणा, सुंदर हाडवा, राकेश, ऋषिराज भार्गव, बलबीर सिंह, अमित ढाकल, प्रमोद शर्मा, मनदीप चहल, नरेंद्र पहल, प्रिंस मुदगिल, जयदेव आदि मौजूद रहे।
September 06, 2021

नग्न होकर विवाहिता को किए अश्लील ईशारे, पुलिस ने किया केस दर्ज

नग्न होकर विवाहिता को किए अश्लील ईशारे, पुलिस ने किया केस दर्ज
जींद, ( संजय कुमार ) ÷पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने एक युवक के खिलाफ विवाहिता के सामने नग्न होकर अश्लील इशारे करने के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पिल्लूखेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव की 26 वर्षीय विवाहिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 3 सितम्बर को लगभग साढ़े 4 बजे वह अपने घर पर थी। इस दौरान गांव का ही नरेश नग्न होकर उसके सामने खड़ा हो गया। फिर उसकी तरफ अश्लील इशारे किए। जांच अधिकारी एएसआई ऊषा ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में नरेश को नामजद कर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
September 06, 2021

मकान का ताला तोड़कर 40 हजार की नकदी व जेवरात चोरी

मकान का ताला तोड़कर 40 हजार की नकदी व जेवरात चोरी
जींद, 5 सितंबर ( संजय कुमार ) ÷शहर के सेक्टर-11 में शनिवार दोपहर को एक मकान का ताला तोड़कर 40 हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने के आरोप में सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 
सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-11 के अंकुर ने बताया कि उसका पिता ईक्कस स्कूल में कर्मचारी है। 4 सितम्बर सुबह साढ़े 7 बजे ड्यूटी पर चले गए थे। इसके बाद वह अपनी मां को लेकर शहर के एक निजी अस्पताल में दवाई लेने के लिए चला गया। जब वह दोपहर लगभग एक बजे वापस आया तो उसके मकान के बाहर गेट का ताला टूटा मिला और जब अंदर जाकर देखा तो अंदर सामान बिखरा हुआ था। जब सामान की जांच की तो अलमारी से 40 हजार रुपये की नकदी, सोने की एक चेन, एक जोड़ी चांदी की पाजेब गायब मिली। सिविल लाइन थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि मकान का ताला तोड़कर अंदर से नकदी और सोने चांदी के जेवरात चोरी करने के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
September 06, 2021

हांसी ब्रांच नहर से निकाला महिला का विक्षप्त शव, पहचान नहीं

हांसी ब्रांच नहर से निकाला महिला का विक्षप्त शव, पहचान नहीं
जींद ÷ ( संजय कुमार ) -हांसी ब्रांच नहर में शनिवार देर शाम मीट मार्केट के पास एक महिला का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। घटना की सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाल कर सिविल अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने शव की गली सड़ी हालात को देखते हुए पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भेज दिया। सिटी थाना प्रभारी दिनेश ने बताया कि हांसी ब्रांच नहर में मीट मार्केट के पास एक महिला का शव तैरने की सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम ने शव को नहर से निकाला तो शव पूरी तरह से विक्षिप्त हालात में था। शव के पास ऐसा कोई सबूत नहीं मिला जिससे उसकी पहचान हो सके। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने शव की हालात को देखकर रोहतक पीजीआई में पोस्टमार्टम के लिए रेफर कर दिया। रोहतक में शव का पोस्टमार्टम करवा कर पहचान के लिए रख दिया गया है।
September 06, 2021

सीमेंट गोदाम में खड़े ट्रकों से 5 बैट्री चोरी

सीमेंट गोदाम में खड़े ट्रकों से 5 बैट्री चोरी
जींद ( संजय कुमार ) ÷ सफीदों रोड स्थित अल्ट्राटैक गोदाम में सीमेंट के बैगों से भरे 3 ट्रकों से अज्ञात लोग 5 बैटरी चोरी कर ले गए। चोरी के बारे में अगले दिन सुबह पता चला, जब ड्राइवरों को सामान बिखरा हुआ मिला। सिविल लाइन थाना पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ चोरी करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 
ढांडाखेड़ी गांव के दिलबाग ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके 4 ट्रक 30 अगस्त को अल्ट्राटैक सीमेंट प्लांट इसराना से भर कर सफीदों रोड बाईपास पर बने अल्ट्राटैक सीमेंट के गोदाम पर आई हुई थी। बारिश की वजह से ट्रक से सीमेंट उतर नहीं पाई थी। उसका एक ड्राइवर रोहताश ट्रक में सोया हुआ था। गोदाम में और भी कई ट्रक खड़े हुए थे। 4 सितम्बर को उसके ड्राइवर का करीब 7 बजे उसके पास फोन आया कि जब वह सुबह उठा तो ट्रक के पास चाबी, पाने बिखरे हुए थे। जब उसने ट्रकों को अच्छी तरह से देखा तो पता चला कि 3 ट्रकों से 5 बैटरी गायब मिली। उन्होंने बैटरियों के बारे में पता भी चला, लेकिन कहीं भी सुराग नहीं लगा। उसने आरोप लगाया कि किसी अज्ञात ने ट्रकों से बैटरी चोरी की है। जांच अधिकारी एसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी करने के आरोप में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
September 06, 2021

छेड़छाड़ का आरोपी सरकारी डॉक्टर गिरफ्तार

छेड़छाड़ का आरोपी सरकारी डॉक्टर गिरफ्तार:सरकारी महिला डॉक्टर बोली- हर दूसरे दिन आकर करता है गलत इशारे, करनाल से 35 किमी दूर तबादले के बावजूद नहीं छोड़ा पीछा
करनाल : हरियाणा के करनाल में पुलिस ने सरकारी महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ करने के आरोपी सरकारी डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी 35 किलोमीटर दूर तबादला किए जाने के बावजूद अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। वह हर दूसरे दिन अस्पताल पहुंच जाता और महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ करता। पीड़िता ने परेशान होकर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, इन्द्री सिविल अस्पताल में तैनात एक महिला डॉक्टर ने शिकायत दी कि डॉक्टर विजय कुमार उसका पीछा करता है और गलत इशारे करता है। वह कई बार उससे छेड़छाड़ कर चुका है। महिला डॉक्टर के अनुसार, आरोपी विजय कुमार ने पहले भी एक बार उससे छेड़छाड़ की थी। तब उसने सिविल सर्जन को शिकायत दी थी जिसके बाद आरोपी डॉक्टर विजय कुमार ने उससे माफी मांगकर मामला खत्म करवा लिया था। अब दोबारा वह पुरानी हरकतें करने लगा जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गई है।
महिला डॉक्टर के अनुसार, उसकी पहली शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने आरोपी डॉक्टर विजय कुमार का तबादला इन्द्री से 35 किलोमीटर दूर निगदू में कर दिया था, लेकिन डॉक्टर ने वहां आकर भी छेड़छाड़ करना जारी रखा। तंग आकर उसे पुलिस को शिकायत देनी पड़ी। इसके बाद पुलिस ने डॉक्टर को पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी डॉक्टर से पूछताछ चल रही है। इस संदर्भ में सिविल सर्जन को सूचित कर दिया गया है।
*डेपुटेशन पर भेजा था दूर*
सिविल सर्जन डॉ योगेश शर्मा ने महिला डॉक्टर की शिकायत के बाद आरोपी डॉक्टर विजय कुमार को सबक सिखाने के लिए डेपुटेशन पर निगदू भेजा था। इसके बावजूद आरोपी ने इन्द्री जाकर महिला डॉक्टर को परेशान करना जारी रखा।
*स्टाफ की खींचतान आती रहती है सामने*
बताया जा रहा है कि करनाल सिविल सर्जन ऑफिस में इस तरह के कई विवाद चल रहे हैं। सिविल सर्जन भी विवादों में है। स्टाफ की खींचतान के चलते एक दूसरे की लापरवाही सामने आ रही है।
*जांच जारी है*

इंद्री थाना प्रभारी सचिन का कहना है कि सरकारी महिला डॉक्टर की शिकायत पर आरोपी डॉक्टर विजय कुमार को छेड़छाड़ समेत अन्य आरोपों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच पड़ताल जारी है।
September 06, 2021

किसान महापंचायत का हरियाणा में कोई असर नहीं':मनोहर लाल खट्टर

'किसान महापंचायत का हरियाणा में कोई असर नहीं':IGU में बोले खट्टर- प्रदेश के किसान कृषि कानूनों से खुश, विपक्ष के इशारे पर माहौल खराब कर रहे कुछ लोग
रेवाड़ी : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर ने रविवार को रेवाड़ी के मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। यहां उन्होंने 47.27 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान सीएम ने मुजफ्फरनगर में आयोजित संयुक्त किसान मोर्चा की महापंचायत पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में इस महापंचायत का कोई असर नहीं होने वाला हैं। लोकतंत्र में हर किसी को अपना कार्यक्रम करने का अधिकार हैं। संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से आयोजित इस महापंचायत का हरियाणा से कोई लेना-देना नहीं हैं। हरियाणा के किसान तीनों कृषि कानून लागू होने के बाद से खुश हैं। विपक्ष के इशारे पर कुछ लोग माहौल खराब करने में जुटे हैं।
मनेठी एम्स के निर्माण को लेकर खट्टर ने कहा कि प्रदेश सरकार की सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। अब मामला केंद्र सरकार के पाले में है। केंद्रीय मंत्री राव इन्द्रजीत सिंह के कार्यक्रम में नहीं पहुंचने के सवाल पर खट्‌टर ने कहा कि किसी कारणवश ही राव इन्द्रजीत सिंह कार्यक्रम में नहीं पहुंचे पाए। उन्होंने ने कहा कि 5 सितंबर से 17 सितंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन शिक्षा पर्व रूप में मनाया जाएगा।
IGU में परियोजनाओं का शिलान्यास करते मुख्यमंत्री

*इन परियोजनाओं का शिलान्यास किया*
मुख्यमंत्री मनोहर लाल आईजीयू मीरपुर में 8 करोड़ रुपए की लागत से 3720.70 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले महिला छात्रावास के फेज-1, 6.81 करोड़ रुपए की लागत से 1569.5 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले इंडोर स्टेडियम, 6.92 करोड़ रुपए की लागत से 20274.04 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले आउटडोर स्टेडियम, 2.5894 करोड़ रुपए की लागत से पुस्तकालय विस्तार, 3.64 करोड़ रुपए की लागत से आवासीय परिसर विस्तार तथा 20.2085 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले सीवी रमन विज्ञान भवन का शिलान्यास किया। इसके अलावा सीएम मनोहर लाल ने आईजीयू परिसर में पौधारोपण, नवनिर्मित राष्ट्ररीय ध्वज, विश्वविद्यालय मास्टर प्लान, पूर्व छात्र संगठन अधिनियम तथा अपशिष्ट जल संशोधन एवं विद्युत उत्पादन मॉडल का लोकार्पण भी किया। इस मौके पर सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारीलाल, कोसली के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, हरको बैंक के चेयरमैन अरविंद यादव आदि मौजूद रहे।
September 06, 2021

गृह मंत्री विज की आपत्ति के बाद भी हरियाणा सरकार ने

गृह मंत्री विज की आपत्ति के बाद भी हरियाणा सरकार ने इस महिला IPS को बनाया राज्य परिवहन विभाग की प्रधान सचिव 
चंडीगढ़ : आखिरकार हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज की आपत्ति के बावजूद हरियाणा सरकार ने महिला आईपीएस अधिकारी कला रामचंद्रन को हरियाणा राज्य परिवहन विभाग में प्रधान सचिव पद पर तैनात कर दिया है। आईएएस कैडर के इस पद पर तैनाती को लेकर हरियाणा की आईएएस लॉबी द्वारा विरोध किया जा रहा है लेकिन अंदर खाने चल रहे इस विरोध के बावजूद रविवार को आईपीएस महिला अधिकारी के आदेश जारी कर दिए गए। गौरतलब है कि हरियाणा बड़ी संख्या में भारतीय पुलिस सेवा आईपीएस को आईएस वाली सीटों पर तैनात किया जा रहा है। कला रामचंद्रन की तैनाती को लेकर एक बार फिर से हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने फाइल पर अपनी आपत्ति जताई थी साथ ही आईएस वाली पोस्टों पर पुलिस वाले अफसरों की तैनाती को लेकर इंकार कर फाइल पर लिख दिया था साथ ही उनका यह भी कहना था कि मुख्यमंत्री सुप्रीम होते हैं। अगर वे तैनाती करना चाहेंगे तो कर सकते हैं। हरियाणा में अभी भी लगभग 9 आईपीएस अधिकारी आईएएस अफसरों के लिए स्वीकृत पदों पर तैनात हैं। आईएएस अधिकारी इस प्रकार की तैनाती को नियम विरुद्ध बता रहे हैं। 

अब से पहले हरियाणा राज्य परिवहन विभाग के प्रधान सचिव पद पर वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सतरूजित कपूर तैनात किए गए थे। उनको फिलहाल हरियाणा विजिलेंस ब्यूरो की जिम्मेवारी सौंपी गई और जिसके बाद अब एक आईपीएस अधिकारी कला रामचंद्रन को नियुक्त करने के आदेश देर शाम को जारी कर दिए गए। हाजी पहला ऐसा मौका है जब हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव विजय वर्धन ने भी इस प्रकार की तैनाती को ठीक नहीं बताया साथ ही इस बारे में पहले केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग से मंजूरी लेना जरूरी है। आईएएस अधिकारी एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय वर्धन के अलावा हरियाणा के गृह मंत्री भी नहीं चाहते कि आईपीएस अफसरों को आईएएस वाली पोस्टों पर तैनात किया जाए। कुल मिलाकर आईएएस और आईपीएस में जहां टकराव की नौबत है वहीं गृहमंत्री की आपत्ति के बावजूद यह तैनाती एक बार फिर चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां पर उल्लेखनीय है कि हरियाणा के अंदर राज्य परिवहन विभाग के अंदर महानिदेशक के तौर पर वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अमिताभ दिलों को लगाया गया है। खेल विभाग में आईपीएस अधिकारी पंकज नयन को तैनात किया गया है इसी प्रकार से आईएसएस अधिकारी एमडीसी ना पर्यटन विभाग में प्रधान सचिव है। बिजली निगमों में आईपीएस अधिकारी शशांक आनंद को लगाया गया है। उतरी हरियाणा बिजली वितरण निगम में और एमडी काम कर रहे हैं जबकि नए खेल विभाग में डायरेक्टर हैं।
September 06, 2021

सीएम विंडो पर मिली थी शिकायत

 सीएम विंडो पर मिली थी शिकायत 
चण्डीगढ़ : सीएम विंडो के माध्यम से जनमानस की शिकायतों पर तत्परता से सुनवाई व सुगमता से समाधान करने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा आरम्भ की गई सूचना प्रौद्योगिकी यह व्यवस्था लोकप्रिय हो रही है क्योंकि शिकायतों की दो तरफा पड़ताल कर मामले की तह तक जाया जाता है। मुख्यमंत्री ने स्वंय एक शिकायत पर नगर निगम आयुक्त, जींद से स्पष्टीकरण मांगा है और जांच के पुन: आदेश दिए हैं। चण्डीगढ़ मुख्यालय पर सीएम विंडो की निगरानी कर रहे मुख्यमंत्री के विशेष कार्यकारी अधिकारी भूपेश्वर दयाल के अनुसार प्राप्त शिकायतों की समीक्षा विशेष टीम द्वारा की जाती है और शिकायत की प्रकृति के अनुसार इसे रेड स्टार मार्क करके गंभीर मामलों की श्रेणी में रखा जाता है। नगर पालिका सफीदों जींद के इस मामले में सीएम विंडो पर इस जांच की प्रक्रिया में लगे एक विशेष सहायक की भूमिका को भी संदिग्ध पाया गया क्योंकि उसने नगर निगम आयुक्त की जांच के आधार पर अपने स्तर पर ही जांच को फाईल कर दिया था। जब शिकायतकर्ता ने दोबारा शिकायत की तो सीएम विंडो ने तत्काल संज्ञान लेते हुए उस विशेष सहायक को तुरंत प्रभाव से ड्यूटी से कार्यभार मुक्त कर दिया है।
उन्होंने बताया कि 1 फरवरी, 2021 को अपलोड शिकायत नम्बर 009188, जिसमें सफीदों नगरपालिका द्वारा रेलवे रोड पर निर्माणाधीन गहरे नाले में मिट्टी भराई व ठेकेदार द्वारा कम गुणवत्ता वाली आरसीसी निर्माण सामग्री बारे शिकायत की गई। सफीदों के उपमण्डल अधिकारी (नागरिक) द्वारा जांच की गई। शिकायतकर्ता द्वारा सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी की प्रति सीएम विंडो पर अपलोड की गई थी और जब सीएम विंडो पर कार्यरत अधिकारियों ने जब शिकायत की दो तरफा पड़ताल की तो मामले में कुछ अनियमितताएं पाई गई। भूपेश्वर दयाल ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि नगर निगम कार्यालय द्वारा की गई जांच के दौरान न तो उसे बुलाया और न ही इस जांच में प्रबुद्ध नागरिकों को शामिल किया गया और न किसी के हस्ताक्षर लिए गए जबकि जांच में ऐसे प्रावधान की पालना करनी होती है और जांच केवल खानापूर्ति के लिए की गई है। शिकायतकर्ता की पुन: शिकायत पर संज्ञान लेते हुए सीएम विंडो द्वारा उक्त कार्यवाही की गई है।
September 06, 2021

CSC संचालक डकार गए युवाओं का बेरोजगारी भत्ता

CSC संचालक डकार गए युवाओं का बेरोजगारी भत्ता
कैथल : कैथल और जिला प्रशासन का घोटालों का नाता बन गया है। नगर परिषद, जिला परिषद में करोड़ों के घोटालों के बाद अब जिले के रोजगार विभाग व कॉमन सर्विस सेंटर का घोटाला सामने आया है। कुछ कॉमन सर्विस सेंटर संचालकों ने बेरोजगार युवाओं के स्थान पर अपना बैंक खाता दिखाते हुए उनका करीब चार लाख का बेरोजगारी भत्ता हड़प लिया। इसमें कॉमन सर्विस सेंटर के जिला प्रबंधक की भूमिका भी पाई गई। यही नहीं जिला प्रबंधक वसीम अहमद स्वयं भी नौकरी के साथ-साथ बेरोजगारी भत्ता ले रहा था। जब मामला उजागर हुआ तो आरोपियों ने विभाग में चार लाख की रिकवरी भी जमा करवा दी तथा जिला प्रबंधक ने सक्षम युवा का भत्ता भी जमा करवा दिया। जब मामले में गाज गिरती नजर आई तो जिला प्रबंधक वसीम अहमद ने स्वयं अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

 
 जब जिला प्रशासन के सामने घोटाला की बात आई तो जिला उपायुक्त प्रदीप दहिया ने मामले में कार्रवाई के लिए संबंधित कंपनी को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा था। इस संबंध में कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर आशीष शर्मा से बातचीत करनी चाही तो उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में वह फोन पर कोई भी अधिकृत जानकारी नहीं दे सकते। गौरतलब है कि जिला रोजगार कार्यालय के माध्यम से दी जाने वाली बेरोजगारी भत्ता व सक्षम योजना में लाखों रुपये का घोटाला उजागर हुआ था। इस बारे बाद विभाग ने उच्चाधिकारियों व उपायुक्त पा्रदीप दहिया को इसके बारे में अवगत करवाया था। इसमें एक कर्मचारी जिला रोजगार कार्यालय का भी शामिल था, जो नौकरी के साथ विभाग से मेहनताना ले चुका है। इसमें कई कामन सर्विस सेंटर के संचालकों ने भी बेरोजगार युवाओं के कागजात का प्रयोग कर धोखाधड़ी की थी। विभाग ने बेरोजगारों को कार्यालय में बुला कर इस धोखाधड़ी में प्रयोग किए गए कागजों की जांच की थी। जांच में उन्होंने बताया था कि उनकी खातों में राशि नहीं आई है। इसके बाद यह पूरा मामला सामने आया था।
चार लाख की रिकवरी हुई जैसे ही मामला उजागर हुआ तो आरोपितों में हड़कप मच गया। उन्होंने आनन-फानन में करीब चार लाख रुपये की राशि विभाग के पास जमा करवा दी। इसमें अटल सेवा केंद्र के जिला प्रबंधक पर भी करीब 40 हजार रुपये का भत्ता राशि हड़पने का आरोप लगा था। 2018 से जिला प्रबंधक नौकरी पर लगे हुए थे। उसके बाद 2021 तक रोजगार कार्यालय से भत्ता ले रहे थे। जांच होने पर विभाग ने रिकवरी के लिए नोटिस जारी किया था, जिसमें उन्होंने रिकवरी जमा करवा दी थी। यूं मिलती है सक्षम युवा योजना के तहत राशि सक्षम युवा योजना के तहत सरकार की ओर से 12वीं पास युवा को काम मिलने पर 6500 रुपये, बीए पास को सात हजार रुपये, एमए पास को नौ हजार रुपये और काम न मिलने पर 12वीं पास को 900 रुपये, बीए पास को 1500 रुपये, एमए पास को तीन हजार रुपये का बेरोजगारी भत्ता दिया जाता है। विभाग इस राशि को लाभार्थियों के खाते में सीधे भेजता है।
 सीएससी सेंटर संचालकों का वेतन भी फंसा इसके साथ ही ग्राम पंचायत घर में सीएससी सेंटर संचालक को भी विभाग द्वारा चार हजार वेतन दिया जाता है। कई सीएससी सेंटर संचालकों का भी कहना है कि उनका वेतन भी पिछले कई माह से बकाया है। नाम न छापने की शर्त पर सीएससी संचालकों ने बताया कि कुछ कर्मचारी मिलकर उनका वेतन भी डकार गए क्योंकि उनको करीब तीन माह से वतन नहीं मिला है। जांच के लिए विभाग को पत्र लिखा : डीसी जिला उपायुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि बेरोजगारी भत्ते की गड़बड़ी से संबंधित जानकारी मिली थी। जांच के लिए विभाग को पत्र लिखा गया है। सीएससी कंपनी का कर्मचारी भी नौकरी छोड़ गया है। कंपनी को मामले में जांच करवाने के आदेश दिए गए हैं।
September 06, 2021

टिकैत ने महापंचायत में अल्लाह-हू-अकबर के लगवाए नारे

किसान महापंचायत:टिकैत ने महापंचायत में हर-हर महादेव और अल्लाह-हू-अकबर के लगवाए नारे
मुजफ्फरनगर : मुजफ्फरनगर में रविवार को हुई किसानों की महापंचायत यूपी चुनाव पर फोकस रही। किसान नेता राकेश टिकैत ने भाजपा को चुनौती देते हुए मंच से हर-हर महादेव और अल्लाह-हू अकबर के नारे लगवाए। टिकैत ने कहा कि पूरे यूपी में आने वाले दिनों में ऐसी 8-10 महापंचायतें की जाएंगी। वहीं, महापंचायत के दौरान उस समय माहौल गरमा गया जब मंच पर भाषण दे रहे बलवीर सिंह राजेवाल को हूटिंग का सामना करना पड़ा। राजेवाल इससे गुस्सा गए और कहा कि पंजाब के नेताओं को यहां बोलने नहीं दिया जा रहा है।
जब राजेवाल भाषण दे रहे थे तो स्टेज के पास कुछ युवक हूटिंग करने लगे। इससे पंडाल में बैठे किसानों में हलचल होने लगी व सबका ध्यान उनकी तरफ हो गया। राजेवाल गुस्सा हो गए और कहा कि 100 के करीब युवा दूसरे राज्यों से आए लोगों के भाषण के समय हूटिंग कर रहे हैं। यह बेहद गलत बात है, यह लोग परेशानी पैदा कर रहे हैं।
इसके बाद टिकैत ने माइक संभाला और कहा कि यह कौन लोग हैं, जो बिना वजह हल्ला कर रहे हैं, क्यों हंगामा किया जा रहा है। उन्होंने वाॅलंटियर्स को कहा कि इन लोगों को यहां से हटा दिया जाए। इसके बाद राजेवाल ने भाषण जारी किया। उल्लेखनीय है कि किसानों ने 25 के बजाय अब 27 सितंबर काे भारत बंद का ऐलान किया है। माना जा रहा है कि 25 को देवीलाल के जन्मदिन पर इनेलो की रैली के चलते यह फैसला लिया गया है। इस रैली में टिकैत आ सकते हैं।
*8 माह पहले टिकैत ने लिया था कदम न रखने का प्रण, कालीन पर ही गाड़ी से उतरे*

राकेश टिकैत ने 8 महीने पहले आंदोलन को टूटते देखकर रोते हुए प्रण किया था कि जब तक तीनों काले कानून वापस नहीं होंगे, तब तक वह मुजफ्फरनगर की जमीन पर कदम नहीं रखेंगे। ऐसे में महापंचायत में पहुंचने का धर्मसंकट पैदा हो गया। मोर्चा ने बीच का रास्ता निकाला और दोपहर करीब 12 बजे वह गाड़ियों के काफिले से जीआईसी ग्राउंड पहुंचे। जमीन पर पांव न पड़ें, इसलिए मंच तक बिछे कालीन पर ही गाड़ी से उतरे।
*योगेंद्र यादव के यूपी सरकार पर 5 निशाने-*

कहा- ‘सौ सुनार की, एक लुहार की’ कहावत आज सही साबित, उनके लिए जवाब- जो कहते थे आंदोलन खत्म
स्वराज इंडिया के संयोजक योगेंद्र यादव ने यूपी सरकार पर 5 निशाने साधे। कहा- ‘सौ सुनार की, एक लुहार की’ कहावत को किसानों ने सही साबित कर दिया है। अंगुली पर गिनवाते हुए कहा- एक- यूपी में कर्जमाफी के नाम पर ढोंग किया गया। कर्ज करोड़ों किसानों का था। सरकार ने 86 लाख का माफ करने का वादा किया। दो- सरकार ने 4 साल से गन्ना रेट नहीं बढ़ाया और पिछला बकाया नहीं दिया। तीन- 7295 करोड़ पिछले सीजन का चीनी मिलों पर बकाया है। 8700 करोड़ का ब्याज सरकार पर उधार है। चार- गेहूं की 18 फीसदी सरकारी खरीद हुई। सरसों की 1 फीसदी, चना, मूंग, मसूर की और मक्का की खरीद ही नहीं हुई। पांच-पीएम फसल बीमा उत्तर प्रदेश में 2017 में 72 लाख किसानों का था। आज 72 से हटकर 47 लाख किसानों का रह गया है। कंपनियों ने ढाई हजार करोड़ का मुनाफा कमाया।
*भाजपा सांसद ने की बातचीत की अपील*

भाजपा सांसद वरुण गांधी ने रविवार को महापंचायत का वीडियो साेशल मीडिया पर साझा कर लिखा, ‘मुजफ्फरनगर में विरोध के लिए लाखों किसान इकट्ठा हुए हैं। वे अपने ही हैं। हमें सम्मानजनक तरीके से फिर बातचीत करनी चाहिए। उनकी पीड़ा समझनी चाहिए। उनके विचार जानने चाहिए।

Sunday, September 5, 2021

September 05, 2021

9 राज्यों से किसान आज मुजफ्फरनगर पहुंचेंगे

9 राज्यों से किसान आज मुजफ्फरनगर पहुंचेंगे, हरियाणा से भी काफिले रवाना
नई दिल्ली : संयुक्त किसान मोर्चा 9 महीनों से दिल्ली की सीमाओं पर नए कृषि कानूनों के खिलाफ चलाए जा रहे आंदोलन को उत्तर प्रदेश से नई धार देने जा रहा है। 5 सितंबर यानी रविवार को मुजफ्फरनगर में किसानों की पहली महापंचायत होगी। संयुक्त किसान मोर्चा इसे ऐतिहासिक बनाना चाहता है। किसान नेताओं का दावा है कि महापंचायत में देशभर से 5 लाख से ज्यादा किसान पहुंचेंगे। जितने बड़े दावे हैं, आयोजन को लेकर उतने ही बड़े इंतजाम किए गए हैं।
महापंचायत को अब तक के सबसे बड़े किसान आंदोलन के रूप में प्रचारित जा रहा है। खाने से लेकर रहने तक और करीब 3 लाख वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। भाकियू ने 10 हजार वॉलंटियर्स तैनात किए हैं। रैली में शनिवार रात 1 बजे तक काफी भीड़ जुट गई। बता दें कि जीआईसी के मैदान पर महापंचायत होनी है। यहां किसान नेताओं की आवाजाही और पुलिस प्रशासनिक अफसरों की आमद 24 घंटे से जारी है। सब अपनी व्यवस्थाओं के खाके खींच रहे हैं। किसानों की तादाद और यहां लिए जाने वाले फैसले का इंतजार है।
टिकैत के बेटे गौरव टिकैत कहते हैं- ‘महाराष्ट्र, बिहार, बंगाल, हरियाणा, तेलंगाना, राजस्थान, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और गुजरात से किसान यहां पहुंचेंगे। अलग धर्म, भाषा, जाति और राज्यों के किसान इस धरती से भाईचारे का संदेश देंगे।’ याद रहे कि सितंबर के महीने में 8 साल पहले मुजफ्फरनगर का सांप्रदायिक माहौल बिगड़ा था। इन सबके बीच शुगर बाउल कहे जाने वाले पश्चिमी यूपी में इन दिनों गन्ना किसानों के बकाया भुगतान का मुद्दा खूब उछल रहा है। ऊपर से अक्टूबर से चीनी मिलों में नए पेराई सीजन की शुरुआत होनी है।
चुनावी बेला में राज्य सरकार को ऐसी कई चुनौतियों का सामना करना है और आंदोलित किसानों के पास प्रेशर पॉलिटिक्स के लिए यही उचित समय है। इससे निकले संदेश का पश्चिमी यूपी के सियासी समीकरणों पर खासा असर होगा। सियासत के जानकार मान रहे हैं कि 2022 के यूपी चुनाव की फसल के बीज किसान यहीं पर बोएंगे। 2017 के विधानसभा और बीते दो लोकसभा चुनाव में भाजपा से करारी शिकस्त खा चुके विपक्षी दल आंदोलन में ढाल बने हुए हैं। चौधरी अजित सिंह के बाद उनके बेटे जयंत चौधरी अपनी पार्टी राष्ट्रीय लोकदल के लिए इसे स्वर्णिम काल से कम नहीं देख रहे हैं। महापंचायत इस दिशा में निर्णायक साबित होगी।

हरियाणा के किसान 33 साल बाद यूपी जाकर निभाएंगे भाईचारा, ट्रैक्टर लेकर रवाना
नई दिल्ली : /जींद/राई : हरियाणा के किसानों ने मुजफ्फरनगर के लिए कूच कर दिया है। किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से रवाना हो गए हैं। यह संयोग 33 साल बाद बन रहा है, जब हरियाणा के किसान यूपी जाकर भाईचारा निभाएंगे। भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष रतनमान बताते हैं कि 1988 में हरियाणा से चौ. घासीराम नैन की अगुवाई में किसान यूपी गए थे। यूपी के बाद किसानों ने नई दिल्ली कूच किया था।
इसके बाद एमएस टिकैत समेत कई किसान नेताओं ने हरियाणा में हुए किसान आंदोलन में बढ़चढ़कर भाग लिया था। अब फिर से किसान अपनी मांगाें को लेकर हुंकार भर रहे हैं। शनिवार सुबह 8 बजे से केजीपी व मेरठ रोड से हरियाणा-पंजाब के किसान ट्रैक्टर-ट्राॅलियों और कारों के काफिले के साथ मिशन यूपी के लिए रवाना हुए, जबकि रविवार सुबह भी बड़ी संख्या में किसान कूच करेंगे। हरियाणा से करीब 200 खाप/तपों व बारहा के किसान भी यूपी पहुंच रहे हैं।
September 05, 2021

SDO ने सुपारी देकर तुड़वाए बेलदार के हाथ-पैर

SDO ने सुपारी देकर तुड़वाए बेलदार के हाथ-पैर:फतेहाबाद के SDO और सुपरवाइजर गिरफ्तार; बोले- RTI लगा रहा था, 20 लाख का लालच दिया; नहीं माना तो 2 लाख रुपये में पिटवा दिया
हिसार : हरियाणा के फतेहाबाद जिले में डीसी रेट पर जनस्वास्थ्य विभाग में बेलदार विनोद पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में विभाग का एसडीओ आशीष गर्ग व कर्मचारी नेता एवं सुपरवाइजर मदन लाल गुलेरिया शामिल है। एसडीओ आशीष गर्ग ने दो लाख की सुपारी देकर बेलदार विनोद कुमार पर जानलेवा हमला करवाया था।
पुलिस के अनुसार, विनोद कुमार आरटीआई लगाकर लगातार विभाग की गड़बड़ियां उजागर कर रहा था, जिसके कारण आरोपी परेशान हो गए थे। मामले में शामिल रहे हमलावरों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पूरे प्रकरण में कर्मचारी नेता मदन लाल गुलेरिया भी शामिल है। गुलेरिया ने ही विनोद के घर का पता हमलावरों को बताया था।
डीएसपी दलजीत बेनीवाल ने बताया कि शनिवार सुबह जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी के एसडीओ आशीष गर्ग को उनके घर अग्रवाल कालोनी से गिरफ्तार कर लिया गया है। इस तरह जन स्वास्थ्य विभाग में सेवानिवृत्ति के बाद आउटसोर्सिंग पॉलिसी के तहत कार्यरत कर्मचारी मदनलाल को उनके घर नहर कालोनी से गिरफ्तार कर किया गया। आरोपियों को कोर्ट में पेश करके रिमांड लेकर पूरे मामला का खुलासा किया जाएगा।
गिरफ्तार किए गए एसडीओ आशीष गर्ग।

*एसडीओ ने विनोद को 20 लाख का लालच दिया था, नहीं माना तो करवाया हमला*
पुलिस के अनुसार, एसडीओ आशीष गर्ग बेलदार विनोद द्वारा लगातार भ्रष्टाचार उजागर किए जाने से परेशान हो गया था। इसके लिए पहले उसने विनोद को मनाने का प्रयास किया। जब विनोद नहीं माना तो एसडीओ ने दो लाख की सुपारी देकर उस पर जानेलवा हमला करवा दिया। चार हमलावार 20 अगस्त को विनोद पर लाठी-डंडों से हमला करके उसके हाथ-पैर तोड़कर फरार हो गए थे।
बेलदार विनोद कुमार के अनुसार, भ्रष्टाचार का मामला दबाने के लिए 20 लाख रुपए का लालच दिया दिया। इसके बाद ऑफर बढ़ा दिया गया। जब नहीं माना तो उसका तबादला मेवात करवा दिया, लेकिन कुछ समय बाद ही वह वापस फतेहाबाद आ गया था और उसने एक और घोटाला उजागर कर दिया। इसके बाद ही उस पर यह जानलेवा हमला करवाया गया था।
September 05, 2021

पुलिस कर्मचारियों ने ट्रक चालक काे गले से पकड़कर खींचा, मारपीट की; 4 जवान लाइन हाजिर

पुलिस कर्मचारियों ने ट्रक चालक काे गले से पकड़कर खींचा, मारपीट की; 4 जवान लाइन हाजिर
सोनीपत : ट्रक चालक से पुलिस की बर्बरता का वीडियो सामने आया है। घटना शनिवार सुबह 10 बजे जाहरी गोल चक्कर के पास की है। जाहरी निवासी सतबीर ने बताया कि जब वह गांव की तरफ जा रहा था तो गोल चक्कर के पास ही ट्रक को साइड में लगा दिया। तभी कुछ पुलिसकर्मी पहुंचे। एक ट्रक पर चढ़ गया। जबकि, दूसरे ने गला पकड़कर नीचे खींच लिया और मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
इसी भीड़ में से किसी ने घटना को कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। आरोप है कि पुलिसकर्मी उससे रुपए मांग रहा था। रुपए नहीं देने पर पुलिसकर्मी मारपीट करने लगे। एसपी जश्नदीप रंधावा ने बताया कि इस मामले में चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।