Breaking

Saturday, August 6, 2022

August 06, 2022

जल्द महंगे हो सकते हैं पेट्रोल-डीजल:अप्रैल-जून तिमाही में HPCL को 10,197 करोड़ का नुकसान, भरपाई के लिए कंपनियां बढ़ा सकती हैं दाम

जल्द महंगे हो सकते हैं पेट्रोल-डीजल:अप्रैल-जून तिमाही में HPCL को 10,197 करोड़ का नुकसान, भरपाई के लिए कंपनियां बढ़ा सकती हैं दाम

नई दिल्ली : आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा हो सकता है। इसकी वजह है देश की सरकारी तेल कंपनियां को हो रहा घाटा। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) को वित्त वर्ष 2022-2023 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में 10,196.94 करोड़ का नुकसान हुआ है। ये किसी भी तिमाही में कंपनी को हुआ सबसे ज्यादा घाटा है।

पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को 1,795 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था। वहीं जनवरी-मार्च तिमाही में यह आंकड़ा 1,900.80 करोड़ रुपए पहुंच गया था। इससे पहले इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने भी अप्रैल-जून में 1,992.53 करोड़ रुपए का नेट लॉस दर्ज किया था, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में नेट प्रॉफिट 5,941.37 करोड़ रुपए और जनवरी-मार्च तिमाही में 6,021.9 करोड़ रुपए था।था
*घाटे की भरपाई के लिए बढ़ सकते हैं दाम*

देश की दो दिग्गज सरकारी कंपनियों को सैकड़ों करोड़ के घाटे से उबरने के लिए सख्त कदम उठाने होंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि आने वाले दिनों में कंपनियां पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ा सकती हैं, ताकि इस नुकसान की भरपाई की जा सके।
*महंगा तेल लेकर सस्ता बेचने से हुआ घाटा*

अप्रैल-जून क्वार्टर में भारत में कच्चे तेल का इंपोर्ट औसतन 109 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर था, लेकिन रिटेल पंप की पेट्रोल-डीजल के दाम लगभग 85-86 डॉलर प्रति बैरल के हिसाब से थीं। इससे कंपनियों को नुकसान हुआ। IOCL ने अप्रैल-जून तिमाही के दौरान पेट्रोल और डीजल 10 रुपए और 14 रुपए प्रति लीटर के नुकसान पर बेचा।
*कच्चे तेल का भाव 100 डॉलर प्रति बैरल*

रूस-यूक्रेन जंग के कारण कच्चे तेल के दामों में भारी अस्थिरता बनी हुई है। कच्चा तेल लंबे समय से 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब कारोबार कर रहा है। इस कारण भारतीय कंपनियों को भी महंगा कच्चा तेल इंपोर्ट करना पड़ रहा है। हालांकि भारत ने रूस से डिस्काउंट वाला कच्चा तेल भी खरीदा है। कितना खरीदा और किस रेट में खरीदा है इसका जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

सरकार ने कहा है कि तेल कंपनियां खुदरा कीमतों में संशोधन करने के लिए स्वतंत्र हैं। हालांकि तीनों सरकारी तेल कंपनियों ने दरों को फ्रीज करने के कारणों के बारे में जानकारी नहीं दी है।
*कैसे तय होती हैं पेट्रोल-डीजल की कीमतें?*

जून 2010 तक सरकार पेट्रोल की कीमत निर्धारित करती थी और हर 15 दिन में इसे बदला जाता था। 26 जून 2010 के बाद सरकार ने पेट्रोल की कीमतों का निर्धारण ऑयल कंपनियों के ऊपर छोड़ दिया। इसी तरह अक्टूबर 2014 तक डीजल की कीमत भी सरकार निर्धारित करती थी, लेकिन 19 अक्टूबर 2014 से सरकार ने ये काम भी ऑयल कंपनियों को सौंप दिया।

इसके बाद से ही ऑयल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय मार्केट में कच्चे तेल की कीमत, एक्सचेंज रेट, टैक्स, पेट्रोल-डीजल के ट्रांसपोर्टेशन का खर्च और बाकी कई चीजों को ध्यान में रखते हुए रोजाना पेट्रोल-डीजल की कीमत निर्धारित करती हैं।
*6 अप्रैल से नहीं बढ़े हैं पेट्रोल-डीजल के दाम*

पेट्रोल-डीजल कीमतों में आखिरी बार 6 अप्रैल को बढ़ोतरी की गई थी। यानी की 4 महीनों से पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़े हैं। वहीं मई में सरकार ने आम लोगों को राहत देने के लिए पेट्रोल पर 8 और डीजल पर 6 रुपए एक्साइज ड्यूटी में कटौती की थी। इससे पेट्रोल के दाम 9.5 रुपए और डीजल 7 रुपए सस्ता हो गया था।
August 06, 2022

हरियाणा के पूर्व मंत्री की गाड़ी ने कुचला:मोहाली में स्कूटी सवार महिला को मारी टक्कर; पूर्व MLA-ड्राइवर नशे में थे, गनमैन हथियार छोड़ भागा

हरियाणा के पूर्व मंत्री की गाड़ी ने कुचला:मोहाली में स्कूटी सवार महिला को मारी टक्कर; पूर्व MLA-ड्राइवर नशे में थे, गनमैन हथियार छोड़ भागा

चंडीगढ़ : हरियाणा में अटेली के पूर्व विधायक और कांग्रेसी नेता नरेश यादव की गाड़ी की टक्कर से एक एक्टिवा सवार महिला गंभीर रुप से घायल हो गई। हादसा मोहाली में लांडरा रोड पर हुआ। बताया गया है कि गाड़ी चला रहा ड्राइवर और गाड़ी में सवार पूर्व विधायक नशे में थे। कार में सुरक्षा कर्मी भी था, जो कि हादसे के बाद अपने हथियार गाड़ी में छोड़ फरार हो गया। घायल महिला को पीजीआई रेफर किया गया है। पूर्व विधायक का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे नशे में दिख रहे हैं और एक कार्यक्रम में लेट होने की बात कह रहे हैं। पुलिस जांच कर रही है।
*बच्चों से मिलने PU जा रहे थे*

जानकारी के मुताबिक पूर्व विधायक नरेश यादव के बच्चे चंडीगढ़ पंजाब युनिवर्सिटी में पढ़ते हैं। वह उनसे मिलने जा रहे थे। इसी दौरान लांडरा रोड पर गाड़ी एक स्कूटी से टकरा गई। स्कूटी चला रही महिला महिला सड़क पर गिर कर घायल हो गई। उसे तुरंत मोहाली के फेज 6 स्थित अस्पताल में ले जाया गया, जहां से पीजीआई रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि हरियाणा नंबर की गाड़ी में सवार पूर्व विधायक शराब के नशे में घुत बैठे हुए थे। सूत्रों के मुताबिक उनके ड्राइवर ने भी शराब पी रखी थी। उनका गनमैन हादसे के बाद अपने हथियार गाड़ी में छोड़ कर भाग गया था। वह हरियाणा के अटेली से पूर्व विधायक हैं। पूर्व विधायक ने बताया कि एक गांव में फंक्शन में वह लेट हो गए थे।
*यादव का कुर्ता फटा*

हादसे के बाद का पूर्व विधायक का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें वह शराब के नशे में बात करते नजर आ रहे हैं। वहीं उनका कुरता भी पीछे से फटा हुआ था। जानकारी के मुताबिक टक्कर के बाद विधायक के ड्राइवर ने गाड़ी भगाने की कोशिश की मगर पुलिस ने गाड़ी का पीछा कर उसे पकड़ लिया।
*पिछले साल भी गड्‌ढे में गिरी थी गाड़ी*

अगस्त 2021 में मंडी अटेली में हुए एक हादसे में अटेली-कनिका मार्ग पर गांव कारिया के नजदीक पूर्व विधायक नरेश यादव की गाड़ी गड्‌ढे में गिर गई थी। हादसे में वह घायल हो गए थे और अस्पताल भर्ती करवाना पड़ा था। वह गांव राताकला जा रहे थे। इसी दौरान वाहन से साइड लेने के दौरान उनकी गाड़ी अनियंत्रित हो गई थी और गड्‌ढे में जा गिरी थी।
August 06, 2022

गुरुकुल विद्यापीठ ने हर घर तिरंगा अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए निकली रैली

गुरुकुल विद्यापीठ ने हर घर तिरंगा अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए निकली रैली

जींद : मोयाल आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में गोहाना रोड़ स्थित गुरुकुल विद्यापीठ ने हर घर तिरंगा अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शनिवार को पैदल यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में शहर के लोगों को अभियान में साथ जुडने के लिए प्रेरित किया गया। डॉ राजन चिल्लाना (विधायक डॉ कृष्ण मिड्डा के भाई ) ने हरी झंडी दिखा कर यात्रा का शुभारंभ अशोक स्तंभ से किया। इसके बाद यात्रा शिव चौक, पंजाबी बाजार, मेन बाजार, फव्वारा चौक, सिटी थाना से रानी तालाब स्थित बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के सामने यात्रा का समापन किया गया। यात्रा में राकेश वत्स (गुरुकुल विद्यापीठ के निदेशक एवं प्राचार्य ), सुरेंद्र धवन (भाजपा जयंती मंडल अध्यक्ष ), शिव चरण मोयल , संजय सैनी , बलराज पांचाल, राजबीर तंवर, राजेश, मुकेश यादव, नरेंद्र शर्मा, पूनम एवं गुरुकुल विद्यापीठ का स्टाफ एवं 600 बच्चे और अनेक भाजपा के कार्यकर्ता भी को शामिल किया। प्राचार्य एवं निदेशक राकेश वत्स ने बताया कि हम 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहराएगें। मेरा समस्त देशवासियों ने नम्र निवेदन है अपने घर छोटा या बड़ा किसी भी प्रकार झंडा अवश्य फहराए व उसका सम्मान करें।
August 06, 2022

कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय पहलवानों का दबदबा:बजरंग, साक्षी और दीपक ने जीते गोल्ड, रेसलिंग में मिले कुल 6 मेडल

कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय पहलवानों का दबदबा:बजरंग, साक्षी और दीपक ने जीते गोल्ड, रेसलिंग में मिले कुल 6 मेडल

बर्मिंघम : कॉमनवेल्थ गेम्स के 8वें दिन भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। कुश्ती में बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक और दीपक पूनिया ने गोल्ड जीता। वहीं, अंशु मलिक ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। दिव्या काकरान और मोहित ग्रेवाल ने ब्रॉन्ज जीते। रेसलिंग में शुक्रवार को भारत ने कुल 6 मेडल अपने नाम किए। देर रात भारत को झटका भी लगा। भारतीय महिला हॉकी टीम अपना सेमीफाइनल मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से हार गई। अब तक भारत के 9 गोल्ड, 8 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज सहित 26 पदक हो गए हैं। पॉइंट टेबल में भारतीय टीम पांचवें स्थान पर है। आइए आपको बताते हैं कि कॉमनवेल्थ गेम्स के आठवें दिन भारत का प्रदर्शन कैसा रहा...

*दीपक ने पाकिस्तानी पहलवान को दी मात*

दीपक पूनिया ने 86 KG फ्रीस्टाइल में पाकिस्तान के मोहम्मद इनाम को 3-0 से हरा कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इससे पहले उन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले में कनाडा के मुरे को 3-1 से हराया था। वहीं, क्वार्टर फाइनल में दीपक ने शेकू कससेगबामा को 10-0 से मात दी थी।
*साक्षी ने कॉमनवेल्थ में पहला गोल्ड अपने नाम किया*

साक्षी मलिक ने 62 KG फ्रीस्टाइल के फाइनल में कनाडा की गोडिनेज गोंजालेज को हराया। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में पहली बार गोल्ड अपने नाम किया। साक्षी ने विपक्षी खिलाड़ी को चित (पिन) कर चार अंक हासिल किए और मुकाबला जीता। वह कॉमनवेल्थ 2014 में सिल्वर और 2018 में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी थीं।
*गोल्ड मेडल के साथ साक्षी मलिक।*

बजरंग ने कनाडा के लचलान मैकनील को दी मात

भारत के स्टार पहलवान बजरंग पूनिया पुरुषों के 65 KG फ्रीस्टाइल के फाइनल में कनाडा के लचलान मैकनील को 9-2 से मात देकर गोल्ड अपने नाम किया। इससे पहले उन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के जॉर्ज रैम को 10-0 से हराया था। 2018 के कॉमनवेल्थ गेम्स में भी बजरंग ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। वहीं, 2014 में उन्होंने सिल्वर मेडल जीता था।
बजरंग ने लगातार दूसरा गोल्ड मेडल अपने नाम किया है।

*अंशु मलिक ने जीता सिल्वर*
शुक्रवार को अंशु मलिक ने महिलाओं के 57 KG की वेट कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीता। गोल्ड मेडल नाइजीरिया की ओडुनायो अदेकुओरोये ने अपने नाम किया। उन्होंने फाइनल में अंशु को 7-3 से हराया। इससे पहले अंशु ने सेमीफाइनल में श्रीलंका की नेथमी पोरुथोटागे को 1 मिनट 4 सेकेंड में 10-0 से हराया था। क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की इरेन सिमोनोडिस को 64 सेंकड में हराकर अंशु सेमीफाइनल में पहुंचीं थी।

*दिव्या काकरान और मोहित ने जीता ब्रॉन्ज*
भारत के दो और पहलावन दिव्या काकरान और मोहित ग्रेवाल ने कुश्ती में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए। दिव्या ने ब्रॉन्ज मेडल मुकाबला सिर्फ 30 सेकेंड में जीत लिया। उन्होंने टोंगा की लिली कॉकर को 2-0 से हराया। मोहित ग्रेवाल ने 125 KG फ्रीस्टाइल में जमैका के एरॉन जॉनसन को 6-0 से मात दे दी।
*गोल्ड मेडल का मुकाबला हारने के बाद अंशु मलिक।*

*हॉकी में मिली हार*
भारतीय महिला हॉकी टीम को ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे सेमीफाइनल में हरा दिया। टीम इंडिया को शूट-आउट में 3-0 से हार मिली। फुल टाइम के बाद स्कोर 1-1 से बराबर रहा था। शूट-आउट में दोनों टीमों को पांच-पांच प्रयास मिले। ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआती तीनों गोल किए। भारतीय टीम की ओर से कोई खिलाड़ी गोल नहीं कर सका। मैच में ऑस्ट्रेलिया के लिए रेबेका ग्रेनर ने गोल किया था, लेकिन भारत के लिए वंदना कटारिया ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबरी पर ला दिया था।
*लॉन बॉल्स में भारत फाइनल में पहुंचा*
लॉन बॉल्स में महिलाओं के गोल्ड जीतने के बाद पुरुषों के पास भी सोना जीतने के मौका है। भारतीय टीम पहली बार कॉमनवेल्थ के इतिहास में लॉन बॉल्स के फाइनल में जगह बनाई है। शुक्रवार को भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड की टीम को 13-12 से हराया।

*टेबल टेनिस: मनिका और साथियान को मिली हार, शरत-श्रीजा सेमीफाइनल में पहुंचे*
टेबल टेनिस के मिक्स्ड डबल्स में मनिका बत्रा और साथियान अपना मैच हार गए। मलेशिया के चूंग जवेन और लिन कारेन की जोड़ी ने भारतीय जोड़ी को 3-2 से मात दी। भारतीय जोड़ी को 10-12, 11-9, 11-8, 7-11, 7-11 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा।
मिक्स्ड डबल्स के एक अन्य मुकाबले में शरत और श्रीजा की जोड़ी ने इंग्लैंड की जोड़ी को 3-2 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। भारतीय जोड़ी ने यह मैच 11-7, 8-11, 11-8, 11-13, 11-9 के अंतर से जीता।

*बैडमिंटन: किदांबी श्रीकांत और पीवी सिंधु ने जीते अपने मैच*
भारत ने बैडमिंटन में भी कमाल किया है। किदांबी श्रीकांत और पीवी सिंधु क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। श्रीकांत ने श्रीलंका के दुमिंदू अबेविक्रमा को 21-9, 21-12 से हराया तो, पीवी सिंधु ने युगांडा की हुसिना कोबुगाबे को 21-10, 21-9 से हराया।

*टेबल टेनिस: शरत कमल क्वार्टर फाइनल में पहुंचे*
टेबल टेनिस में पुरुष एकल के मुकाबले में शरत कमल ने ऑस्ट्रेलिया के फिन लू को 4-0 के से हरा दिया है। इसी के साथ शरत क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं।

*भाविना का मेडल पक्का; भारतीय रिले टीम फाइनल में*

पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल ने विमेंस WS क्लास 3-5 इवेंट के फाइनल में पहुंच गईं। उन्होंने इंग्लैंड की सुई बुले को 11-6, 11-6, 11-6 से हराया। अब वे गोल्ड मेडल मैच खेलने उतरेंगी। वहीं, भारतीय मेंस टीम ने 4x400 मीटर रिले इवेंट के फाइनल में जगह बना ली है। क्वालिफाई राउंड ग्रुप 2 में टीम इंडिया दूसरे नंबर पर रही। इस रेस को मो. अनस, निर्मल, अमोज जैकब और मो. वरियाथड़ी की चौकड़ी ने 3.06.97 मिनट में पूरा किया।

Friday, August 5, 2022

August 05, 2022

कुरुक्षेत्र में मिला RDX, डिफ्यूज किया गया:स्वतंत्रता दिवस से 10 दिन पहले जीटी रोड पर मिला विस्फोटक; पंजाब का आरोपी हिरासत में

कुरुक्षेत्र में मिला RDX, डिफ्यूज किया गया:स्वतंत्रता दिवस से 10 दिन पहले जीटी रोड पर मिला विस्फोटक; पंजाब का आरोपी हिरासत में

चंडीगढ़/कुरुक्षेत्र : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में गुरुवार को अचानक सनसनी फैल गई। यहां अंबाला-नई दिल्ली नेशनल हाईवे पर मिर्ची होटल के पास विस्फोटक RDX मिला। इसका पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। आसपास का पूरा इलाका सील कर दिया गया। विस्फोटक की जांच के लिए टीमें मौके पर बुलाई गई। जिसके बाद अंबाला से आई टीम ने RDX को डिफ्यूज कर दिया।

पुलिस ने इस मामले में अमृतसर के तरनतारन के रहने शमशेर सिंह को गिरफ्तार किया है। जिससे हरियाणा STF पूछताछ कर रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में संदिग्धों की पहचान के लिए CCTV खंगाल रही है। पूरे मामले को स्वतंत्रता दिवस और आतंकी कनेक्शन से जोड़कर देखा जा रहा है।
*हरियाणा STF पूरे मामले की जांच में जुट गई है।*

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में मचा हड़कंप
विस्फोटक मिलने की सूचना से हरियाणा पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मचा हुआ है। कुरूक्षेत्र के शाहाबाद में कई थानों की पुलिस बुलाकर जांच की जा रही है। इसके अलावा अंबाला से बम निरोधक दस्ता बुलाकर जांच कराई जा रही है। पुलिस ने इलाके में ट्रैफिक को भी काफी देर तक रोके रखा। पुलिस का कहना है कि करीब डेढ़ किलो RDX मिला है। डॉग स्क्वायड के जरिए आसपास के इलाकों में संदिग्धों की पड़ताल की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, यह RDX एक संदिग्ध युवक की निशानदेही पर बरामद किया गया। संदिग्ध युवक का नाम शमशेर सिंह है जो पंजाब में तरनतारन का रहने वाला है। हरियाणा STF और दूसरी जांच एजेंसियों के अधिकारी शाहाबाद थाने में संदिग्ध युवक से पूछताछ कर रहे हैंं।
*ASP बोले- विस्फोटक के साथ लगा था टाइमर*

कुरुक्षेत्र पुलिस के ASP कर्ण गोयल ने बताया कि आरोपी युवक की निशानदेही पर बरामद विस्फोटक के साथ डेटोनेटर टाइमर लगा हुआ था। अंबाला से आए बम निरोधक दस्ते ने उसे डिफ्यूज कर दिया। विस्फोटक वाली जगह पॉलिथीन में बंधा हुआ कुछ और सामान भी मिला है। STF की टीमें युवक से पूछताछ कर रही हैं। इस मामले में बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
*करनाल से मिल चुका RDX*

इससे पहले करनाल में बब्बर खालसा के 4 संदिग्ध आतंकियों से RDX बरामद किया गया था। मई 2022 में पुलिस ने यह बरामदगी बसताड़ा टोल प्लाजा से इनोवा गाड़ी से की थी। जांच में पता चला कि बब्बर खालसा के आतंकी यह RDX पंजाब से तेलंगाना डिलीवर करने जा रहे थे। पाकिस्तान बैठे पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर आतंकी हरविंदर रिंदा ने यह विस्फोटक और हथियार ड्रोन के जरिये बॉर्डर पार से भारत में पहुंचाए थे।

इस मामले में जो 4 युवक गिरफ्तार किए गए थे, उनके नाम गुरप्रीत सिंह, अमनदीप, भूपेंद्र और परमिंदर थे जो पंजाब के फिरोजपुर और लुधियाना के रहने वाले थे।
August 05, 2022

महेंद्रगढ़ बस स्टैंड पर महिला का पर्स चोरी, पुलिस को शिकायत देने गई तो चौकी पर लटका मिला ताला

महेंद्रगढ़ बस स्टैंड पर महिला का पर्स चोरी, पुलिस को शिकायत देने गई तो चौकी पर लटका मिला ताला

महेंद्रगढ़ : महेंद्रगढ़ बस स्टैंड स्थित पुलिस चौकी पर लटका ताला।पर्स में आवश्यक दस्तावेज के साथ घर की चाबी व नकदी भी थी अपने बीमार बच्चे को रेवाड़ी के अस्पताल में उपचार दिलवाकर अपने गांव कुराहवटा लौटती महिला के महेंद्रगढ़ बस स्टैंड पर पीठू बैग से शातिर महिला चोर उसका पर्स निकाल भाग निकली। सूचना मिलने पर रोडवेज कर्मी व सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उनको इधर-उधर काफी तलाश किया, परंतु उनके बारे में कोई सुराग नहीं मिल पाया। महिला ने बस स्टैंड स्थित पुलिस चौकी पर अपनी शिकायत देनी चाही तो चौकी पर ताला लटका हुआ था।
गांव कुराहवटा निवासी पीड़ित महिला मंजू ने बताया कि उसका बच्चा बीमार है। शुक्रवार को वह रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल में बच्चे को उपचार दिलवाकर वापस आ रही थी। बस महेंद्रगढ़ बस स्टैंड रूकी तो वह बस से उतने लगी। इस दौरान दो अंजान महिलाओं ने उसके पीठू बैग को खोलकर उसका पर्स निकाल लिया।

उसे बैग खोलने पर कुछ महसूस हुआ परंतु भीड़ अधिक होने तथा बारिश के चलते उसने ध्यान नहीं दिया। परंतु इसी समय जब उसने देखा तो पीठू बैग से उसका पर्स गायब था और उसके पीछे वाली महिलाएं वहां नहीं थी। पर्स में महिला यात्री के जरूरी दस्तावेज, बच्चे के उपचार के कागजात, घर की चाबी व कुछ नकदी थी।

*भीड़ व बरसात का फायदा उठाकर शातिर महिलाएं भागने में रही सफल*

महिला के बैग से पर्स गायब होने की जानकारी मिलने पर रोडवेज कर्मचारी व कुछ सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उन शातिर महिलाओं की तलाश के लिए काफी प्रयास किया परंतु बरसात के चलते वे भागने में सफल रही।
पीड़ित महिला बस स्टैंड स्थित चौकी पर शिकायत करने गई तो चौकी पर ताला लटक रहा था जिस बारे में वहां उपस्थित कर्मचारियों ने भी अनभिज्ञता जाहिर की। अक्सर बीच-बीच में चौकी पर ताला लटकता रहा है और इसी दौरान बस स्टैंड पर चोरी व लड़ाई-झगड़े के मामले भी बढ़ते रहे हैं। बीते दिनों ऐसा देखा गया।

*रक्षा बंधन पर्व पर संभल कर यात्रा करें*

वैसे तो बस स्टैंड पर अक्सर भीड़ रहती है परंतु अब रक्षा बंधन पर्व को लेकर भीड़ बढ़ रही है। जिसमें महिला यात्रियों का आवागमन अधिक है। पुरुषों के साथ आजकल महिलाएं भी यात्रा के दौरान पीठू बैग का ही अधिक इस्तेमाल करती है जिस पर कोई लॉक नहीं होता। बैग को पीठ पर लगाकर महिलाएं निश्चिंत हो जाती है जिसका फायदा क्षेत्र में शामिल महिलाएं व शामिल बच्चों मिलता है।

ये बसों में भीड़ का फायदा उठाकर पीठू बैग को खोलकर नकदी व अन्य सामान पर आसानी से हाथ साफ कर वहां से फरार हो जाते हैं। ऐसे में पीठू बैग का इस्तेमाल करने वाले यात्री संभल कर सावधानी से यात्रा करें। शातिरों की आपके पीठू बैग पर भी नजर हो सकती है।

शहर के बस स्टैंड स्थित चौकी पर बार-बार शिकायत करने पर भी पुलिस विभाग यहां स्थाई कर्मचारी नियुक्ति नहीं किए जा रहे हैं। अस्थाई कर्मचारी कभी नजर आते हैं तो कभी चौकी पर ताला लटका रहता है। यहां अक्सर चोरी व लड़ाई-झगड़े होते रहते हैं।
वेदप्रकाश, अड्डा इंचार्ज, महेंद्रगढ़।
August 05, 2022

हटकेश्वर धाम पर 7 अगस्त को लगेगा वार्षिक मेला, जमेगा इनामी कुश्ती दंगल

हटकेश्वर धाम पर 7 अगस्त को लगेगा वार्षिक मेला, जमेगा इनामी कुश्ती दंगल

68 तीर्थों की जलधारा के समागम स्थल पर दूर-दूर से स्नान करने पहुंचेंगे श्रद्धालु- 
शनिवार शाम को धार्मिक भजन कीर्तन और लगातार चलेगा भंडारा

जींद /सफीदों : जींद जिले के हाट गांव में महर्षि दधिचि की तपोभूमि में स्थित हटकेश्वर धाम पर सावन के अंतिम रविवार के दिन 7 अगस्त को वार्षिक मेला लगेगा। दूर दराज से आए श्रद्धालु यहां पवित्र सरोवर में स्नान करेंगे। दादा तीर्थ महाराज पर पूजा होगी। शनिवार शाम को भजन-कीर्तन कार्यक्रम धाम परिसर में होगा। इसमें विभिन्न कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। रविवार सुबह इनामी कुश्ती दंगल भी होगा। इसमें नामी पहलवान अपना दमखम दिखाएंगे । 
देशभर के 68 तीर्थों की जलधारा के संगम स्थल हाट गांव के हटकेश्वर धाम पर सावन माह के अंतिम शनिवार और रविवार को प्रसिद्ध मेला लगता है। देश के 68 तीर्थों में से एक प्रमुख तीर्थ यह है। आज भी मेले में पहुंचने वाले अतिथियों का गांव के लोग घी-बूरा, हलवा के भोज से स्वागत करते हैं। महर्षि दधिचि के रूप में दादा तीर्थ का भव्य मंदिर, बड़ा सरोवर, बाग, गौशाला, ऊंचे टीले पर बना दूधाधारी मंदिर विशेष आस्था का केंद्र।
तीन युद्धों की स्थली पानीपत से 40 किलोमीटर दूरी पर सफीदों क्षेत्र के हाट गांव में हटकेश्वर धाम महर्षि दधिचि की तपोस्थली है। कवंदति है कि महाभारत काल में द्रोणाचार्य के पुत्र अश्वस्थामा की मणि भी यहीं निकालकर उन्हें जिंदा छोड़ दिया था। हटकेश्वर धाम सेवक बलवान सिंह बूरा, कमेटी प्रधान बिल्लू बूरा ने बताया कि महर्षि दधिचि ने वज्र के लिए हडि्डयों का दान देने से पहले यहीं पर 68 तीर्थ की जलधारा मंगवाकर उसमें स्नान किया। माना जाता है कि धाम के सरोवर में स्नान करने से 68 तीर्थों से पुण्य प्राप्त होता है।

Thursday, August 4, 2022

August 04, 2022

कुलदीप बिश्नोई पर दुष्यंत चौटाला का कमेंट:डिप्टी सीएम बोले- उनके BJP में आने से न पहले घबराया और न आगे घबराऊंगा

कुलदीप बिश्नोई पर दुष्यंत चौटाला का कमेंट:डिप्टी सीएम बोले- उनके BJP में आने से न पहले घबराया और न आगे घबराऊंगा

हिसार : हरियाणा के डिप्टी सीएम और जननायक जनता पार्टी (JJP) नेता दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि वह अगले महीने हर बूथ पर एक महिला सखी बनाएंगे। JJP की इस कैंपेन का मकसद बूथ लेवल पर महिलाओं को पार्टी संगठन से जोड़ना है। गुरुवार को हिसार पहुंचे दुष्यंत चौटाला ने इशारों-इशारों में कांग्रेस छोड़कर BJP जॉइन करने वाले कुलदीप बिश्नोई पर भी निशाना साधा।

दुष्यंत चौटाला ने कहा, 'यह तो BJP ही बता सकती है कि वह कुलदीप के आने से कितना मजबूत होगी। मैं तो ये मानता हूं कि अभी तो उन्होंने आदमपुर के विधायक पद से रिजाइन दिया है। उस सीट पर होने वाला उपचुनाव कैसे लड़ा जाएगा? इस पर BJP-JJP गठबंधन चर्चा कर लेगा।'

JJP नेता ने कहा, 'कुलदीप बिश्नोई के BJP में आने से न तो मैं कभी घबराया और न ही आगे घबराऊंगा। गठबंधन मजबूती से चलेगा। उनका BJP से गठजोड़ आगे सवा दो साल और चलेगा। बाकी समय का नहीं पता कि कब फेरबदल हो जाए।'
*BJP की तरह मजबूत कर रहे संगठन*

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा में उनकी पार्टी अपने संगठन में काम कर रही है। भाजपा अपना संगठन मजबूत कर रही है। हर पार्टी के लिए संगठन का मजबूत होना बहुत जरूरी है। सरकारें अलग चलती है और संगठन अलग काम करता है। कोई बड़ा चेहरा अगर पार्टी से जुड़ता है तो पार्टी मजबूत होती है।

दुष्यंत ने कहा कि पंचायती चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ना है या नहीं? इस पर JJP का संगठन फैसला लेगा। पहले पार्टी नेतृत्व कार्यकर्ताओं की सलाह लेगा और जो फैसला कार्यकर्ता लेंगे, उसे संगठन के सामने रखा जाएगा। इस पर अंतिम फैसला डॉ. अजय चौटाला लेंगे।
*कुलदीप को हरा चुके दुष्यंत*

गौरतलब है कि दुष्यंत चौटाला हिसार लोकसभा सीट पर वर्ष 2014 के आम चुनाव में कुलदीप बिश्नोई को हरा चुके हैं। कुलदीप बिश्नोई ने उस समय हजकां-भाजपा गठबंधन की टिकट पर चुनाव लड़ा था और दुष्यंत अपने दादा ओमप्रकाश चौटाला की पार्टी इनेलो के टिकट पर मैदान में उतरे थे। 2019 के लोकसभा चुनाव में हिसार सीट पर दुष्यंत चौटाला और कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई को BJP उम्मीदवार बृजेंद्र सिंह ने हराया था।
August 04, 2022

पैराडाइज कान्वेंट स्कूल में मनाया गया तीज महोत्सव

पैराडाइज कान्वेंट स्कूल में मनाया गया तीज महोत्सव

जींद ; विजय नगर स्थित किड्स पैराडाइज कमेंट स्कूल में हरियाली तीज महोत्सव बहुत ही हर्षोल्लास के साथ सांस्कृतिक प्रोग्राम का आयोजन करके मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों ने हरियाली तीज सांस्कृतिक लोकगीतों पर आधारित बहुत ही मनोरम सामूहिक परी ग्रुप डांस पेश किया एवं हरियाणवी लोकगीतों पर बच्चे थिरके। 
वहीं प्राचार्या रूबी पुरी ने कहा कि तीज महोत्सव हमारी भारतीय परंपरा में सदियों से मनाया जाता है। इस दिन परिवार के कल्याण एवं मंगल कामनाओं के लिए प्रार्थना की जाती है। बच्चों के संपूर्ण विकास के लिए उत्तम शिक्षा प्रदान करने वालों के साथ-साथ हमारी सभ्यता और संस्कृति की धरोहर त्यौहार उत्सव मनाने सहित अन्य गतिविधियों पर विद्यालय में ध्यान दिया जाता है। चेयरमैन वेद प्रकाश मलिक ने विद्यालय में बच्चों के संपूर्ण विकास के लिए चल रही गतिविधियों की प्रशंसा की विद्यालय निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

Wednesday, August 3, 2022

August 03, 2022

उत्तराखंड के मंत्री सतपाल महाराज ने किया दीपक कौशिक को सम्मानित

उत्तराखंड के मंत्री सतपाल महाराज ने किया दीपक कौशिक को सम्मानित

नई दिल्ली : उत्तराखंड सरकार लगाएगी चित्रों की प्रदर्शनी ललित कला अकादमी नई दिल्ली एवं उत्तराखंड राज्य सरकार के संयुक्त तत्वाधान में देवभूमि उत्तराखंड के सतपुली स्थान पर राष्ट्रीय कला कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें देशभर के 30 चित्रकारों को आमंत्रित किया गया। जिसमें हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, लेह-लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, दिल्ली, महाराष्ट्र समेत अनेक राज्यों के कलाकारों ने भाग लिया और कारगिल विजय गौरव गाथा को अपने रंगों के माध्यम से कैनवस पर उकेरा जींद के युवा चित्रकार एवं गोपाल विद्या मंदिर के कला अध्यापक व संस्कार भारती हरियाणा प्रांत के प्रांत चित्रकला प्रमुख दीपक कौशिक ने इस सात दिवसीय चित्रकला कार्यशाला में कारगिल विजय के साक्षी बने पेड़,पहाड़, नदियों व वीर योद्धाओ के चित्र अंकित करके अपनी कलाकृति बनाई । इस कार्यशाला के समापन अवसर पर उत्तराखंड राज्य के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि कला का उद्देश्य देश व समाज की चिंता और चिंतन करना है। आज हमारे बीच देशभर के चित्रकारों ने अपनी कलाकृतियों में भारत को विजय दिलाने व अपने प्राणों की आहुति डालने वाले वीर योद्धाओं के चित्र बनाकर उन्हें अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए हैं। उन्होंने यह भी कहा  कि इन चित्रों की प्रदर्शनी 15 अगस्त को राजभवन में लगेगी जिसका उद्घाटन उत्तराखंड के राज्यपाल करेंगे। चित्रकार दीपक कौशिक ने अपनी अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस सात दिवसीय कार्यशाला में जूनियर व सीनियर कलाकारों को एक साथ जोड़कर ललित कला अकैडमी दिल्लीव उत्तराखंड राज्य सरकार का सराहनीय प्रयास रहा है। इस तरह के आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिएं, ताकि कलाकार अपनी अभिव्यक्ति समाज के सामने प्रस्तुत कर सके। जींद के गौरव को बढ़ाने के लिए गोपाल विद्या मंदिर प्रबंधन समिति, संस्कार भारती जींद इकाई, सौल एंड स्पिरिट आर्ट सोसायटी, इतिहास संकलन समिति, युवा मित्र मंडल व अनेक सामाजिक संगठनों ने दीपक कौशिक को ढेरों शुभकामनाएं व बधाई दी।
August 03, 2022

बिजली -पानी की समस्या और बेरोजगारी से आम आदमी पार्टी दिलाएगी निजात: डॉ रजनीश जैन

*बिजली पानी की समस्या और बेरोजगारी से आम आदमी पार्टी दिलाएगी निजात: डॉ रजनीश जैन* 

जींद : आम आदमी पार्टी की महिला विंग की प्रदेश सलाहकार और नगर परिषद जींद से चेयरपर्सन पद की उम्मीदवार रहीं डॉ रजनीश जैन ने गांव संगतपुरा का दौरा किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं और ग्रामीणों ने डॉ रजनीश जैन का स्वागत किया । पत्रकारों को जानकारी देते हुए प्रवक्ता डॉ गणेश कौशिक ने बताया कि महिलाओं और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डा रजनीश जैन ने कहा की आजादी के 75 सालों बाद भी हमारे गांवों में पीने के पानी की समस्या बनी हुई है। संगतपुरा की बहनों को दूर दूर से पीने का पानी लाना पड़ता है जबकि बिजली पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं सरकार को घर घर उपल्ब्ध करवानी चाहिएं। पुरे देश में आम आदमी पार्टी ही एक मात्र ऐसी पार्टी है जो बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं मुफ्त उपलब्ध करवाने का संकल्प लिए हुए है। दिल्ली और पंजाब में सत्ता में आने के बाद आम आदमी पार्टी ने अपनी जनता को घर- घर बिजली- पानी मुफ्त उपलब्ध करवा रही है। इसी वजह से दिल्ली और पंजाब की तरह हरियाणा में भी अब लोगों की पहली पसंद बन चुकी है। डॉ रजनीश जैन ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि आने वाले जिला परिषद और पंचायत चुनाव में आम आदमी पार्टी को विजयी बना कर हरियाणा प्रदेश में ईमानदार और काम करने वाली राजनीति के नए युग की स्थापना करें। आम आदमी पार्टी जिला परिषद चुनाव में जीतते ही घर- घर पीने का पानी उपलब्ध करवाएगी । इस अवसर पर डाॅ रजनीश जैन ने बढ़ती हुईं मंहगाई और बेरोजगारी पर भी चिंता व्यक्त की और ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी का साथ दें ताकि भाजपा, कांग्रेस और अन्य सत्ता के लालची दलों की तानाशाही के युग को समाप्त करके आम आदमी को उनके अधिकार दिलाए जा सकें। इस अवसर पर नरेश,मुकेश,सुरेंद्र,नरेंद्र,रोहतास,धर्मवीर,राजेश, धर्मवीर यादव गणेश कौशिक रामभगत शास्त्री, रघुबीर अहिरका, जितेंद्र ढांडा, शीला बंसल ,बिमला , राजो देवी
सहित बड़ी तादाद में ग्रामीण मौजूद थे।

Tuesday, August 2, 2022

August 02, 2022

महंगाई, बेरोजगारी के खिलाफ 5 अगस्त को कांग्रेस हरियाणा में करेगी सभी जिलों में प्रदर्शन

महंगाई, बेरोजगारी के खिलाफ 5 अगस्त को कांग्रेस हरियाणा में करेगी सभी जिलों में प्रदर्शन

चंडीगढ़ :  हरियाणा प्रदेश कांग्रेस द्वारा महंगाई, बेरोजगारी, अग्रिपथ योजना तथा आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी के खिलाफ शुक्रवार, 5 अगस्त, 2022 को हरियाणा में जिला व प्रदेश स्तर पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जायेंगे।
यह जानकारी देते हुए हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उदय भान ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी तथा कांग्रेस पार्टी के नेता श्री राहुल गांधी द्वारा आसमान छूती महंगाई, बेरोजगारी तथा युवा विरोधी अग्रिपथ जैसी योजना के विरोध में राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन किए जाने के लिए जारी किए गए निर्देशों के तहत हरियाणा में 5 अगस्त को ये विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए पूर्णतया विफल रही है इसलिए आज महंगाई रिकार्ड स्तर पर पहुंच गई है। पेट्रोल, डीजल, एलपीजी से लेकर दालें, कुकिंग ऑयल जैसी आवश्यक वस्तुओं की बढ़ी कीमतों ने आम लोगों का जीना दुभर कर दिया है। प्री पैकेज्ड अनाज, आटा, शहद, दही जैसे आवश्यक वस्तुओं पर अतार्किक ढंग से जीएसटी लगाने के कारण महंगाई और बढ़ी है।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि महंगाई के साथ-साथ बेरोजगारी भी अप्रत्याशित रूप से विकराल रूप धारण कर रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा खराब कल्पना और जल्दबाजी में तैयार की गई अग्रिपथ योजना ने बेरोजगारों के घावों पर नमक छिडक़ने का काम किया है। इस योजना में न केवल कई जोखिम हैं बल्कि इसने सशस्त्र बलों की लंबे समय से चली आ रही परंपराओं और लोकाचार को भी नष्ट कर दिया है। उन्होंने बताया कि जबसे संसद का मॉनसून सत्र शुरू हुआ है कांग्रेस पार्टी सदन के अंदर और बाहर दोनों जगह केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं रिकार्ड तोड़ बेरोजगारी के खिलाफ आवाज बुलंद कर रही है, परंतु सत्ता के नशे में चूर मोदी सरकार न तो विपक्षी दलों और न ही बेरोजगारों की आवाज सुनने को तैयार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी केन्द्र व हरियाणा की भाजपा सरकारों की दमनकारी नीतियों के विरूद्ध अपना संघर्ष जारी रखेगी।
उदय भान ने रोष प्रदर्शनों की जानकारी देते हुए बताया कि 5 अगस्त, 2022 को कांग्रेस पार्टी द्वारा जिला स्तर पर रोष प्रदर्शन आयोजित किए जायेंगे और कांग्रेसजन सामूहिक गिरफ्तारी देंगे। इसी प्रकार 5 अगस्त को ही चंडीगढ़ में राजभवन का घेराव भी किया जायेगा जिसमें सभी विधायक, पूर्व सांसद, अग्रणी संगठनों के राज्य स्तरीय पदाधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं सहित पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला और कुरूक्षेत्र के समस्त कांग्रेसजन भाग लेंगे और सामूहिक गिरफ्तारी देंगे।

Monday, August 1, 2022

August 01, 2022

राष्ट्रीय स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में सूरज रोहिल्ला ने जीता रजत पदक

राष्ट्रीय स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में सूरज रोहिल्ला ने जीता रजत पदक 

जुलाना/ जींद : जिले के जुलाना कस्बे के गांव फतेहगढ़ के बॉक्सिंग खिलाड़ी सूरज रोहिल्ला ने छठी राष्ट्रीय स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में खेल प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सीनियर 46 से 48 भारवर्ग में रजत पदक हासिल किया है।
स्कूल गेम डेवलपमेंट फाउंडेशन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय छठी राष्ट्रीय स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन 29 से 31 जुलाई को गनौर सोनीपत में कराया गया था जिसमें पूरे भारत वर्ष से अलग अलग राज्यों के खिलाड़ियों ने भाग लिया था जिसमें सीनियर भारवर्ग में सूरज रोहिल्ला ने अपने प्रतिद्वंदी के साथ बेहतर प्रदर्शन के साथ रजत पदक पर कब्जा किया।
सूरज ने कहा कि अब मेरा चयन नेपाल अंतराष्ट्रीय स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए हो गया है अब में  दोगुनी मेहनत करूंगा और नेपाल में भारत की तरफ से प्रतिनिधित्व करते हुए बेहतर प्रदर्शन करूंगा।
स्कूल गेम डेवलपमेंट फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राम प्रकाश ने सूरज की सराहना की और इनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि विधायक हल्का राई हरियाणा सरकार मोहन लाल बाडोली रहे।
इस मौके पर महासचिव राम प्रकाश, उपाध्यक्ष सुधीर कुमार, सतबीर, जिला पार्षद हरेंद्र सिंह, राकेश सैनी, राखी, दिनेश कुमार, राकेश कुमार, संदीप कुमार, मोनु, संजय सिंह, जगमोहन सिंह जाबिर, अमित कुमार, परमवीर सिंह, नवीन कुमार, बॉक्सिंग कोच सुबा सिंह सहित राकेश सारसर उपस्थित रहे।
August 01, 2022

सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत:जींद में परिवहन समिति की बस ने बाइक को मारी टक्कर, हादसे के बाद चालक फरार

सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत:जींद में परिवहन समिति की बस ने बाइक को मारी टक्कर, हादसे के बाद चालक फरार

जींद : हरियाणा के जींद में रानी तालाब के पास सोमवार दोपहर को सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। आसपास लोगों के अनुसार, हादसे को परिवहन समिति बस ने अंजाम दिया है। बाइक को टक्कर मारने के बाद बस चालक फरार हो गया है।
वहीं, घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को घटनास्थल से उठा कर नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया। घटना के बाद चालक बस को लेकर फरार हो गया। हादसे का जैसे ही आसपास के दुकानदारों को पता चला तो भारी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।
August 01, 2022

जींद में शराब ठेके का विरोध:महिलाओं ने सफीदों रोड किया जाम, बोलीं- मार्ग से रोज बेटियां गुजरती हैं, शराबी परेशान करेंगे

जींद में शराब ठेके का विरोध:महिलाओं ने सफीदों रोड किया जाम, बोलीं- मार्ग से रोज बेटियां गुजरती हैं, शराबी परेशान करेंगे

जींद : हरियाणा के जींद में सफीदों रोड पर खोले जा रहे शराब ठेके के विरोध में सोमवार को महिलाएं सड़क पर उतरीं। महिलाओं ने जींद-सफीदों रोड जाम कर दिया। उन्होंने कहा कि सफीदों रोड पर शराब ठेका खोला जा रहा है, जिससे उनकी कॉलोनी का माहौल खराब होगा और हर दिन लड़ाई-झगड़े के आसार बने रहेंगे।

जाम लगने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शराब ठेका न खोले जाने को लेकर आबकारी विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर बंद करवाने का आश्वासन दिया। जिस पर महिलाएं जाम खोलने को राजी हो गई। लगभग पौना घंटा लगे जाम के कारण यात्रियों तथा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
*पुलिस अधिकारी लोगों से बात करते हुए।*

महिलाओं ने बताया कि सफीदों रोड पर शराब ठेका खोला जाता है तो आसपास की कॉलोनियों का माहौल खराब होगा और बच्चों पर इसका दुष्प्रभाव भी पड़ेगा। इसी रोड पर कन्या महाविद्यालय भी है और रोजाना हजारों छात्राओं का इसी मार्ग से आवागमन होता है। अगर यहां शराब ठेका खुलता है तो हर दिन छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
शराब ठेके के बाहर शराबियों का जमावड़ा लगा रहेगा। जिन्हें रोकने का प्रयास किया जाएगा तो वो झगड़े पर उतारु होंगे। महिलाओं ने मांग की कि शराब ठेका किसी भी सूरत में न खोला जाए। जाम लगने की सूचना मिलने पर जयति-जयति हिंदू महान संगठन के राष्ट्रीय संयोजक अतुल चौहान, आप नेता डॉ. रजनीश जैन भी मौके पर पहुंची और जाम लगाए महिलाओं की मांग का समर्थन किया।
इसके बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और महिलाओं को आश्वासन दिया कि शराब ठेके के बारे में आबकारी विभाग के अधिकारियों से बातचीत की जाएगी। जिस पर महिलाएं शांत हो गई। लगभग पौना घंटा लगे जाम के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।